बुधवार, 8 नवंबर 2023

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनें शुभनम

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनें शुभनम 

इकबाल अंसारी 
नई दिल्ली। भारत में खेले जा रहे वनडे विश्व कप- 2023 के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर रहे भारत के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बन गए हैं। 
उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को पीछे धकेल कर आईसीसी की रैंकिंग में पहले स्थान पर कब्जा किया है। बुधवार को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की ओर से जारी की गई रैंकिंग में भारत के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल पहले स्थान पर काबिज होने में कामयाब रहे हैं। आईसीसी द्वारा जारी की गई लेटेस्ट वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल को दुनिया का नंबर एक वनडे बल्लेबाज डिक्लेअर किया गया है। आज जारी हुई रैंकिंग से पहले तक वनडे फॉर्मेट में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम के सिर पर नंबर एक बल्लेबाज का ताज सजा हुआ था। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को पीछे धकेल कर नंबर वन बल्लेबाज बने शुभमन गिल पिछले तकरीबन 1 साल से बेहतरीन फार्म में चल रहे हैं और उन्होंने वनडे ही नहीं बल्कि टेस्ट और t20 तीनों ही फॉर्मेट में कमाल का प्रदर्शन करते हुए शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया है। 
वनडे फॉर्मेट में तो शुभमन गिल ने लगातार इतना भयंकर प्रदर्शन किया है कि भारतीय टीम के प्रबंधन को शिखर धवन जैसे धांसू बल्लेबाज को भी नजर अंदाज करना पड़ा है। मौजूदा समय में भारत में खेले जा रहे वनडे विश्व कप- 2023 के मुकाबले में भी शुभमन गिल का अभी तक शानदार प्रदर्शन रहा है।

'राष्ट्रपति' मुर्मू ने बद्रीनाथ धाम के दर्शन किए

'राष्ट्रपति' मुर्मू ने बद्रीनाथ धाम के दर्शन किए 

पंकज कपूर 
चमोली‌‌। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को उत्तराखंड स्थित भू-बैकुंठ धाम पहुंचकर भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए। 
मंदिर में करीब 25 मिनट तक पूजा करते हुए राष्ट्रपति ने देश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बद्रीनाथ धाम आगमन पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति की अगवानी की।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बीच भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बुधवार को सुबह 10ः20 बजे बद्रीनाथ आर्मी हेलीपैड पहुंची हेलीपैड पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, अन्य जनप्रतिनिधियों सहित जिलाधिकारी हिमांशु खुराना एवं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।
यहां से राष्ट्रपति काफिले के साथ मंदिर पहुंची और मंदिर में बद्री विशाल की वेद पाठ एवं विशेष पूजा की। बद्रीनाथ के मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी एवं तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न की। मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, उपाध्यक्ष किशोर पंवार एवं अन्य पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को बद्री विशाल का प्रसाद एवं अंग वस्त्र भेंट किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर परिसर में राष्ट्रपति को भोजपत्र पर बनी बद्रीनाथ मंदिर की प्रतिकृति, आरती और स्थानीय उत्पादों की टोकरी भेंट की। भू-बैकुंठ धाम की अलौकिक सुंदरता देख राष्ट्रपति अभिभूत दिखीं। मंदिर में पूजा दर्शन के बाद राष्ट्रपति बद्रीनाथ से श्रीनगर के लिए प्रस्थान किया।

प्रियंका ने भाजपा पर निशाना साधा, आरोप लगाया

प्रियंका ने भाजपा पर निशाना साधा, आरोप लगाया 

मनोज सिंह ठाकुर 
इंदौर। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल की नीति सरकारी कंपनियों का नियंत्रण उद्योगपतियों को सौंपने की है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जैसे संस्थानों की स्थापना के पीछे देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का विचार देश को आगे ले जाना था।
चुनावी राज्य मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस एम्स जैसे बड़े अस्पताल और आईआईएम लेकर आई और इसके पीछे जवाहरलाल नेहरू की सोच ऐसे संस्थान स्थापित करने की थी जो देश को आगे ले जाएं।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ''लेकिन सरकार द्वारा संचालित कंपनियों को उद्योगपतियों को सौंपना और लोगों की जेब से पैसा निकालना भाजपा की नीति बन गई है।
'' भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) की स्थिति को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाले केंद्र पर निशाना साधते हुए गांधी ने दावा किया कि सरकार द्वारा संचालित कंपनियां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्योगपति मित्रों को दे दी गई हैं। उन्होंने कहा कि नौकरियों का निजीकरण हो रहा है, सरकारी कर्मचारियों की पेंशन बंद कर दी गई है और कर्मचारियों को डर है कि उनके पैसे का क्या होगा।

आदिवासियों को वनवासी कहने के पीछे साजिश

आदिवासियों को वनवासी कहने के पीछे साजिश

दुष्यंत टीकम 
पत्थलगांव। कांग्रेस नेता एवं वायनाड़ से सांसद राहुल गांधी ने आज कहा कि आदिवासियों को वनवासी कहने के पीछे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बड़ी साजिश है। गांधी ने छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना गांव में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा है कि आदिवासियों को वनवासी कहने के पीछे भाजपा की बड़ी साजिश है।
उन्होंने कहा कि वास्तव में यहां सबसे पहले आदिवासी समुदाय के लोग पहुंचे थे, इसलिये जल जंगल पर पहला आधिकार आदिवासियों का है। लेकिन भाजपा जंगलों में उद्योग लगा कर आदिवासियों को बेदखल करने मे जुट गई है।
गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासियों का सम्मान करती है, जबकि भाजपा आदिवासी को अपमानित कर रही है। उन्होंने मध्यप्रदेश के एक वायरल हुय वीडियों का उल्लेख किया, जिसमें आदिवासी युवक पर एक व्यक्ति पेशाब करते हुए दिखाई दे रहा है। उन्होनें तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेता कभी मवेशियों पर ऐसा कृत्य नहीं करते हैं, लेकिन उनके द्वारा आदिवासी को अपमानित करते हुए स्पष्ट देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़ के आदिवासियों को और अधिक खुशहाल बनाना चाहती है। यहाँ किसानों के लिए धान का समर्थन मूल्य 2600 रुपए से बढ़ा कर अब 3200 रुपए कर दिया है।
इस तरह किसानों को और भी मजबूत बनाया जा रहा है। इसके विपरीत भाजपा केवल कुछ उद्योगपतियों की भलाई पर ही ध्यान दे रही है। इस जनसभा में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव, संसदीय सचिव यूडी मिंज ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया।

मोदी के लिए देश में गरीब ही सबसे बड़ी जाति

मोदी के लिए देश में गरीब ही सबसे बड़ी जाति 

मनोज सिंह ठाकुर 
मुरैना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज केंद्र की पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का विचार देश के साधन-संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों को देने का था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी सरकार के लिए इन पर पहला हक वंचितों का है और मोदी के लिए देश में गरीब ही सबसे बड़ी जाति है।
मोदी मध्यप्रदेश के चंबल अंचल के मुरैना में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। मोदी की राज्य में आज ये तीसरी चुनावी सभा थी। इसके पहले उन्होंने दमोह और गुना में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। मुरैना की सभा के दौरान केंद्रीय मंत्री और मुरैना के दिमनी से पार्टी प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है कि देश के साधन-संसाधन पर पहला अधिकार मुसलमानों का है, जबकि हमारे लिए इन पर पहला हक गरीबों और वंचितों का है। मोदी के लिए देश में गरीब ही सबसे बड़ी जाति है। सेना के जवानों की बहुलता वाले इस क्षेत्र में सभा में मौजूद हजारों लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने वन रैंक वन पेंशन की गारंटी दी थी।
कांग्रेस ने चार दशक तक सैनिकों की इस बात को नहीं सुना। कांग्रेस को भी पता था कि मात्र 500 करोड़ रुपए में ये संभव नहीं हो पाएगा। इसके बाद मौजूदा सरकार ने देश के हर सैनिक को ये लागू करने की गारंटी दी और इसे लागू किया। देश भर के पूर्व सैनिकों को अब तक 70 हजार करोड़ रुपए इसके तहत मिल चुके हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया।
आजादी के बाद कांग्रेस ने घोटालो की शुरुआत सेना से ही की और सेना को विदेशी हथियारों पर निर्भर रखा। सीमा पर तैनात सैनिकों को बेहतर सुविधाओं से वंचित रखा। आतंकी सैनिकाें का सिर काट कर ले जाते थे और कांग्रेस सरकार चुपचाप बैठी रहती थी। आतंकी हमलों की स्थिति में कांग्रेस विदेशों से मदद की गुहार लगाती थी।
वहीं आज का भारत और सेना दोनों आतंकियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देते हैं। आज सीमा पर तैनात सैनिकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ भारत में बने अस्त्र-शस्त्र दिए जा रहे हैं। सरकार ने सैनिक स्कूलों में तीनों सेनाओं में बेटियों की भर्ती के दरवाजे खोल दिए हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले के 10-12 साल में मध्यप्रदेश में भाजपा और दिल्ली में कांग्रेस सरकार थी।
उस समय केंद्र सरकार डगर डगर पर राज्य सरकार के कामों में रुकावट डालती थी। उन्होंने कहा कि वे उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री थे। कोई दिन ऐसा नहीं था, जब केंद्र सरकार भाजपा सरकारों को परेशान ना करती हो। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश में कांग्रेस के बड़े नेताओं के बीच क्या चल रहा है। चुनाव के बीच वे 'कपड़ा फाड़ो प्रतियोगिता' कर रहे हैं।
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि यही दो चेहरे हैं, जिन्होंने लंबे समय तक मध्यप्रदेश में कांग्रेस और पार्टी की सरकार को चलाया है। राज्य को बीमारू बनाने की बदनामी के लिए ऐसे ही नेता जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बस तीन परिवार दिखते हैं। एक दिल्ली वाला और दो यहां के।

मायावती ने भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया

मायावती ने भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया

मनोज सिंह ठाकुर 
सतना। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने जहां कांग्रेस को दलित विरोधी बतलाया, वहीं उन्होने भ्रष्टाचार के लिये मौजूदा भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। मायावती ने आज यहां बीटीआई मैदान में आयोजित आमसभा में सतना जिले की सातों विधानसभा की सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों के लिये समर्थन मांगते हुये कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री व्ही पी सिंह ने मंडल आयोग की सिफारिशें लागू की थी, लेकिन कांग्रेस ने दलित आदिवासियों और शोषित एवं वंचितों के लिये कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि सवर्ण जातियों में भी गरीब है, उन्हे भी आर्थिक आधार पर आरक्षण दिये जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड रही है, बसपा का किसी से कोई समझौता नही है इसलिए दुष्प्रचार से सावधान रहने की जरूरत है। पार्टी सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय के मुद्दे पर चुनाव लड रही है। हम काम करने में विश्वास रखते है, इसलिए घोषणा पत्र जारी नहीं करते हैं।

हाईकोर्ट बेंच की मांग का समर्थन, प्रदर्शन किया

हाईकोर्ट बेंच की मांग का समर्थन, प्रदर्शन किया 

भानु प्रताप उपाध्याय 
मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग के समर्थन में बुधवार को वकीलों ने जिला कचहरी में प्रदर्शन किया ओर सीएम के नाम ज्ञापन दिया।
मुजफ्फरनगर में आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश संघर्ष समिति के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए हाईकोर्ट की अतिरिक्त बेंच स्थापना की मांग की। जिला बार संघ और सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कचहरी में प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अतिरिक्त बेंच की स्थापना की मांग को लेकर वर्षों से आंदोलन चल रहा है। अधिवक्ता प्रत्येक शनिवार को कचहरी में हड़ताल रख बेंच की मांग करते हैं।

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा  संदीप मिश्र  शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि मौजूदा...