रविवार, 25 जून 2023

सबरीना को दक्षिण एशियाई पत्रकार संघ का समर्थन

सबरीना को दक्षिण एशियाई पत्रकार संघ का समर्थन

अकांशु उपाध्याय/अखिलेश पांडेय 

नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी। सोशल मीडिया पर उत्पीड़न का सामना कर रहीं ‘द वाल स्ट्रीट जर्नल’ की पत्रकार सबरीना सिद्दीक़ी का दक्षिण एशियाई पत्रकार संघ ने समर्थन किया है। संघ ने ट्वीट करते हुए लिखा, “हम अपनी सहयोगी सबरीना सिद्दीक़ी के प्रति अपना समर्थन जाहिर करना चाहते हैं जो कई दक्षिण एशियाई और महिला पत्रकारों की तरह, केवल अपना काम करने के लिए उत्पीड़न का सामना कर रही हैं। प्रेस की स्वतंत्रता किसी भी लोकतंत्र की पहचान है और पीएम मोदी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करते हैं।”

पीएम मोदी के अमेरिकी दौरे के दौरान सबरीना ने उनसे भारत में अल्पसंख्यकों के अधिकार, लोकतंत्र और प्रेस पर कथित हमले से जुड़ा सवाल किया था। सवाल करने के बाद से सबरीना को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है। उन्हें पाकिस्तानी बताया जा रहा है। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने भी सबरीना के सवाल को दुर्भावना से प्रेरित सवाल बताया था।

वहीं इंडियन अमेरिकन्स नाम के ट्विटर हैंडल ने सबरीना को पाकिस्तानी इस्लामिस्ट बताया था और कहा था कि उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में घात लगाकर पीएम मोदी पर हमला किया है। उनका आरोप था कि सबरीना ने पाकिस्तान में महिलाओं और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार पर आज तक एक शब्द भी नहीं बोला है। वे सिर्फ भारत हमला करती हैं और नफरत पाकिस्तानियों के डीएनए में है। शनिवार को खुद सबरीना ने ट्रोल करने वालों को जवाब दिया था।

उन्होंने लिखा था, ” कुछ लोग मेरी व्यक्तिगत पृष्ठभूमि को मुद्दा बना रहे हैं, ऐसे में मैं पूरी तस्वीर साफ़ करना सही समझती हूं। कई बार पहचान जैसी दिखती है, उससे कहीं अधिक जटिल होती है।” ‘द वाल स्ट्रीट जर्नल’ के मुताबिक, सबरीना सिद्दीक़ी वाशिंगटन डी0सी0 में उनके लिए व्हाइट हाउस रिपोर्टर हैं, जहां वे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन को कवर करती हैं। 2019 में ‘द वाल स्ट्रीट जर्नल’ में शामिल होने से पहले उन्होंने गार्जियन अखबार के लिए व्हाइट हाउस और 2016 के राष्ट्रपति चुनाव को कवर किया था। सिद्दीक़ी, नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं और फिलहाल अपने पति के साथ अमेरिका के वाशिंगटन में रहती हैं।

बताते चले कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिका के प्रतिष्ठित अख़बार वॉल स्ट्रीट जर्नल की पत्रकार सबरीना सिद्दीक़ी ने पीएम मोदी से सवाल पूछा। सिद्दीक़ी ने पीएम मोदी से पूछा, “आप और आपकी सरकार आपके देश में मुसलमानों समेत दूसरे समुदायों के अधिकारों को बेहतर बनाने और अभिव्यक्ति की आज़ादी को सुनिश्चित करने के लिए कौन से क़दम उठाने के लिए तैयार हैं।”

इस पर पीएम मोदी ने कहा, “मुझे आश्चर्य हो रहा है कि आप कह रहे हैं कि लोग कहते हैं…लोग कहते हैं नहीं, भारत एक लोकतंत्र है। और जैसा राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों के डीएनए में लोकतंत्र है।”

बाढ़ से कई इलाकों में हालात बेहद खराब

बाढ़ से कई इलाकों में हालात बेहद खराब 

आदिल अहमद

गुवाहाटी। असम में लगातार हो रही बारिश के कारण आई बाढ़ से कई इलाकों में हालात बेहद ख़राब बने हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के 24 जून की शाम को जारी की गई दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, इस समय राज्य के 15 ज़िलों के 1 हज़ार 118 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल यह प्रथम चरण की बाढ़ है, जिसमें 4 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक बाढ़ के कारण कुल 3 लोगों की मौत हो चुकी है। असम सरकार ने बेघर हुए लोगों के लिए 101 राहत शिविर स्थापित किए हैं, जबकि 119 राहत वितरण केंद्र खोले गए हैं।

आपदा विभाग की एक जानकारी के अनुसार, बाढ़ के कारण अपना घर-बार गंवा चुके 81 हज़ार 352 लोग इन राहत शिविरों में रह रहे हैं। इस साल बाढ़ के कारण सबसे ज़्यादा नुकसान बजाली, बारपेटा, कामरूप, दरंग और नलबाड़ी ज़िले में हुआ है। बजाली में बाढ़ के कारण 2 लाख 21 हज़ार से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए है और 70 हज़ार से अधिक बेघर हुए लोगों को अपने परिवार के साथ राहत शिविरों में रहने के लिए आना पड़ा है।

राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ज़िला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, दवा और अन्य आवश्यक चीज़ें उपलब्ध करवा रहा है। बाढ़ प्रभावित सभी ज़िलों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और एसडीआरएफ की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दरअसल लगातार हो रही बारिश के कारण ब्रह्मपुत्र नदी कई जगहों पर अपने खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

भारी बरसात के कारण धार्मिक यात्रा स्थगित   

भारी बरसात के कारण धार्मिक यात्रा स्थगित   

पंकज कपूर 

देहरादून। मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून सचिवालय स्थित आपदा कन्ट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर प्रदेश में बारिश की स्थिति का लिया जायजा।

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि गौरीकुंड से लेकर केदारनाथ तक तेज बारिश हो रही है। सुबह 10.30  बजे से सोनप्रयाग और गौरीकुंड से यात्रियों को आगे नहीं भेजा जा रहा है।

भारी बारिश के कारण प्रदेशभर से सड़कों के बंद होने सहित नुकसान की तस्वीरें सामने आ रही है। इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम पहुंचे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सचिवालय स्थित राज्य आपदा प्रबंधन कन्ट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर प्रदेश भर में जारी भारी बारिश की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा कंट्रोल रूम से प्रदेश में मौसम की वर्तमान स्थिति, बारिश की स्थिति, बारिश से हुए जलभराव एवं नुकसान के बारे में जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राज्य के अंतर्गत जिन जिलों में अत्यधिक बारिश जारी है एवं आगे भी भारी वर्षा की संभावना है। उन सभी जिलों के साथ परस्पर संवाद एवं समन्वय बनाकर रखें। ताकि आपातकाल की स्थितियों से समय रहते निपटा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को आपदा राहत एवं बचाव कार्यों हेतु हमेशा अलर्ट मोड के रहने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश भर में नदी एवं नालों के इर्द-गिर्द रहने वाले लोगों को सतर्कता बरतने को कहा जाए। लोगों को पुनर्वास करने की स्थिति में प्रत्येक जिले में पर्याप्त मात्रा में रैन बसेरा, राहत सामग्री हो। इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा जलभराव की स्थिति में पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था हो। आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों पर एडवांस में जेसीबी मशीन की भी व्यवस्था हो। उन्होंने कहा स्वास्थ्य, पुलिस, एस.डी.आर.एफ कर्मियों की आपदा की दृष्टि से पर्याप्त व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारों धामों में यात्रियों की संख्या, भारी बारिश के बीच चार धामों की वर्तमान स्थिति का भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने श्री केदारनाथ धाम का ऑनलाइन माध्यम से लाइव अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला अधिकारी हरिद्वार, जिलाधिकारी पिथौरागढ़, जिलाधिकारी चमोली से फोन में वार्ता कर वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार शहर के विभिन्न इलाकों में हो रहे जलभराव की स्थिति से जल्द निपटने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा की दृष्टि से संवेदनशील सीमांत क्षेत्र चमोली एवं पिथौरागढ़ में भी अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए।

देश के 50 शीर्ष यूट्यूबर से की बातचीत   

देश के 50 शीर्ष यूट्यूबर से की बातचीत   

अकाशुं उपाध्याय  

नई दिल्ली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने देश के 50 से अधिक शीर्ष यूट्यूबर से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान हस्तकला को लोकप्रिय बनाने, मोटे अनाज (श्री अन्न) के लाभ और उपभोक्ता जागरूकता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

यह बातचीत 23 जून को हुई। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि इसमें शामिल होने वाले विभिन्न यूट्यूबर्स में विवेक बिंद्रा, गौरव चौधरी (टेक्निकल गुरुजी), विराज सेठ (मोंक एंटरटेनमेंट के सह-संस्थापक), गणेश प्रसाद (थिंक स्कूल), श्लोक श्रीवास्तव (टेक बर्नर), प्रफुल बिल्लोर (एमबीए चाय वाला) और अनुष्का राठोड़ (अनुष्का राठोड़ फाइनेंस) प्रमुख थे। उन्होंने बताया, “केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने विभिन्न क्षेत्रों के शीर्ष यूट्यूबर के साथ सार्थक संवाद किया।

संवाद के दौरान उपभोक्ता जागरूकता, साइबर सुरक्षा, पर्यटन बढ़ाने के तरीकों, हथकरघा और हस्तशिल्प को लोकप्रिय करने और मोटे अनाज के फायदों पर चर्चा हुई और गोयल ने इन विषयों और अधिक कंटेंट तैयार करने को कहा। केंद्रीय मंत्री ने कंटेंट क्रिएटरों को अगले 25 वर्षों में भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने सहित पांच संकल्पों का प्रचार करने के लिए भी आमंत्रित किया।

सेना प्रमुख ने हरमंदिर साहिब में माथा टेका

सेना प्रमुख ने हरमंदिर साहिब में माथा टेका

अकांशु उपाध्याय/अमित शर्मा

नई दिल्ली/अमृतसर। भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने रविवार को हरमंदिर साहिब में माथा टेका। उनके साथ धर्मपत्नी अर्चना पांडे और ब्रिगेडियर सीबीके बनर्जी भी मौजूद थे। जनरल मनोज पांडे ने सचखंड हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के अवसर पर अपनी भावनाओं को यात्रा पुस्तिका में दर्ज किया, हरमंदिर साहिब में माथा टेकने और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।

हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वह भारतीय सेना के सभी रैंकों को अच्छा स्वास्थ्य और खुशी प्रदान करें।'' इस अवसर पर शिरोमणि समिति के उप सचिव शाहबाज सिंह एवं सूचना अधिकारी अमृतपाल सिंह ने सचखंड  हरमंदिर साहिब के शिष्टाचार, सिख परंपराओं और यहां स्थित तीर्थों के इतिहास के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने कुछ देर गुरबानी कीर्तन किया और  अकाल तख्त साहिब पर मत्था टेका। उन्हें सचखंड  हरमंदिर साहिब का मॉडल, शाल और धार्मिक पुस्तकें दे कर सम्मानित किया गया। शिरोमणि कमेटी के सदस्य एडवोकेट भगवंत सिंह सियालका ने सेना प्रमुख का ध्यान कुछ सिख मुद्दों की ओर दिलाया।

4 राज्यों का पूंजीगत व्यय उनके लक्ष्यों से ज्यादा 

4 राज्यों का पूंजीगत व्यय उनके लक्ष्यों से ज्यादा 

इकबाल अंसारी  

नई दिल्ली/मुंबई। बीते वित्त वर्ष 2022-23 में ज्यादातर बड़े राज्य पूंजीगत व्यय के अपने लक्ष्यों से बड़े अंतर से पिछड़ गए। एक विश्लेषण के अनुसार 2022-23 में कुल पूंजीगत व्यय 7.4 लाख करोड़ रुपये आंका गया था, लेकिन वास्तव में इसके मुकाबले सिर्फ 76.2 प्रतिशत या 5.71 लाख करोड़ रुपये ही खर्च हो सके।

बैंक ऑफ बड़ौदा के अर्थशास्त्रियों की ओर से कराए गए विश्लेषण के अनुसार, सिर्फ चार राज्यों- कर्नाटक, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और बिहार का पूंजीगत व्यय उनके लक्ष्यों से ज्यादा रहा। इसके अलावा झारखंड और मध्य प्रदेश का पूंजीगत व्यय लक्ष्य के मुकाबले 98-98 प्रतिशत रहा। देश के 11 राज्यों ने 80 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर बेहतर प्रदर्शन किया। वित्त वर्ष 2020-21 में तय लक्ष्य के मुकाबले पूंजीगत व्यय 72 प्रतिशत था।

इसके बाद 2021-22 में कोविड-19 महामारी के कारण यह बढ़कर 95 प्रतिशत हो गया। पूंजीगत व्यय का लक्ष्य से कम रह जाना इसलिए भी आश्चर्यजनक है क्योंकि केंद्र सरकार ने समीक्षाधीन वित्त वर्ष जरूरी धनराशि जारी कर दी थी। वित्त वर्ष 2022-23 में खराब प्रदर्शन में सबसे आगे आंध्र प्रदेश रहा, जो लक्ष्य के मुकाबले सिर्फ 23.1 प्रतिशत या 6,917 करोड़ रुपये व्यय कर सका।

इसके बाद हरियाणा ने 48.1 प्रतिशत और राजस्थान ने 50.2 प्रतिशत व्यय किया। आंकड़ों के अनुसार त्रिपुरा ने 5,285 करोड़ रुपये के बजट में सिर्फ 2,185 करोड़ रुपये या 41.3 प्रतिशत व्यय किए और नगालैंड ने 16,650 करोड़ रुपये में से 7,936 करोड़ रुपये या 47.7 प्रतिशत व्यय किए। महाराष्ट्र ने तय लक्ष्य का 72.4 प्रतिशत, केरल ने 69.4 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश ने 69 प्रतिशत राशि खर्च की।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण


1. अंक-255,(वर्ष-06) पंजीकरण:- UPHIN/2010/57254

2. सोमवार, जून 26, 2023

3. शक-1944, आषाढ़, शुक्ल-पक्ष, तिथि- अष्टमी, विक्रमी सवंत-2079‌‌।

4. सूर्योदय प्रातः 05:22, सूर्यास्त: 07:17। 

5. न्‍यूनतम तापमान- 21 डी.सै., अधिकतम- 35+ डी.सै.। बरसात की संभावना बनी रहेगी।

6. समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है। 

7.स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम व शिवांशु  (विशेष संपादक) श्रीराम व सरस्वती (सहायक संपादक) संरक्षण-अखिलेश पांडेय, ओमवीर सिंह, वीरसैन पंवार, योगेश चौधरी आदि के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।

8. संपर्क व व्यवसायिक कार्यालय- चैंबर नं. 27, प्रथम तल, रामेश्वर पार्क, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102। 

9. पंजीकृत कार्यालयः 263, सरस्वती विहार लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102

http://www.universalexpress.page/ www.universalexpress.in 

email:universalexpress.editor@gmail.com 

संपर्क सूत्र :- +919350302745--केवल व्हाट्सएप पर संपर्क करें, 9718339011 फोन करें।

(सर्वाधिकार सुरक्षित)

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा  संदीप मिश्र  शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि मौजूदा...