मंगलवार, 1 नवंबर 2022

जेल में बंद स्वास्थ्य मंत्री को 10 करोड़ का भुगतान

जेल में बंद स्वास्थ्य मंत्री को 10 करोड़ का भुगतान 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर का यह आरोप मोरबी की घटना से ध्यान भटकाने का प्रयास है कि उसने जेल में बंद आम आदमी पार्टी (आप) के मंत्री सत्येंद्र जैन को सुरक्षा राशि के तौर पर 10 करोड़ रुपए दिए। केजरीवाल ने कहा, पंजाब चुनाव से पहले, वह कुमार विश्वास के साथ आए। अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुजरात में अपनी खराब हालत के चलते सुकेश को खड़ा किया है। यह मोरबी की घटना से ध्यान भटकाने की कोशिश है। चंद्रशेखर ने दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लिखे पत्र में दावा किया है कि उन्होंने जेल में बंद, ‘आप’ की सरकार के स्वास्थ्य मंत्री को ‘सुरक्षा राशि’ के तौर पर 10 करोड़ रुपए का भुगतान किया है।

बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि सुकेश चंद्रशेखर एक ठग और जबरन वसूली करने वाला है। आपको जानकर हैरानी होगी कि जेल में बंद AAP मंत्री सत्येंद्र जैन उनके दोस्त हैं, उस पत्र से यही पता चलता है। खबरों से मालूम पड़ा है कि ठग के घर में ठगी हो गई है और ठग का नाम है सुकेश चंद्रशेखर। और ठग के घर में ठगी करने वाले का नाम आम आदमी पार्टी और सत्येंद्र जैन है। केजरीवाल और उनकी पार्टी के लोग सिर्फ ‘भ्रष्टासन’ नाम का एक ही आसन जानते हैं और कोई आसन इन्हें नहीं आता है। जब से सत्ता में आए हैं, तब से एक-एक करके खुलासा हो रहा है।

बता दें कि कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर ने तिहाड़ जेल से दिल्ली के LG को पत्र लिखा जिसमें सत्येंद्र जैन और DG जेल पर धमकी-दबाव का आरोप लगाया है। पत्र में उनके वकील द्वारा पुष्टि की गई है कि उन्होंने दावा किया कि वे जैन को 2015 से जानते हैं और उन्हें जबरदस्ती 10 करोड़ रुपए संरक्षण राशि और 12.50 करोड़ रुपए DG जेल को देने के लिए मजबूर किया गया था।

केजरीवाल ने कहा कि मोरबी में ब्रिज गिरने की घटना कल से एक दिन पहले हुई। सभी टीवी चैनलों ने इस मुद्दे को उठाया लेकिन आज यह गायब हो गया और सुकेश चंद्रशेखर के आरोप सामने आ गए। क्या यह मोरबी से ध्यान हटाने के लिए रची गई पूरी तरह से एक काल्पनिक कहानी नहीं लगती? बीजेपी की गुजरात में हालत इतनी ख़राब हो गयी है कि उसे देश के सबसे बड़े ठग की मदद लेनी पड़ रही है। मीडिया सतर्क रहे – ये सारा नाटक मोरबी से मीडिया का ध्यान हटाने के लिए किया जा रहा है।

एक्ट्रेस हिना ने लेटेस्ट फोटोशूट की झलक दिखाई 

एक्ट्रेस हिना ने लेटेस्ट फोटोशूट की झलक दिखाई 

कविता गर्ग 

मुंबई। टीवी की जानी मानी एक्ट्रेस हिना खान अपने चाहने वालों के साथ जुड़ी रहने के लिए सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं। वह हर दिन अपनी तस्वीरें को शेयर कर फैंस का ध्यान खींच ही लेती हैं। अब एक्ट्रेस ने एक बार फिर से सभी के दिलों की धड़कन तेज कर दी है। हिना ने फिर से अपने लेटेस्ट फोटोशूट की झलक दिखाई है, जिसपर से नजरें हटाना बेहद मुश्किल है।

हिना खान ने लेटेस्ट फोटोशूट की तस्वीरें इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की हैं, जिसमें आप देख सकते हैं कि वो ब्लू बैकलेस ड्रेस में बला की खूबसूरत लग रही हैं। हिना खान का ये कातिल अंदाज फैंस को घायल कर रहा है। आप देख सकते हैं कि हिना खान ने बालों को खुला रखा है जो कि कर्ली नजर आ रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने सिल्वर कलर के इयररिंग्स पहने हैं। इसी के साथ उनका मेकअप भी कमाल का लग रहा है।

इन तस्वीरों में हिना खान करोड़ों दिलों को घायल करती नजर आ रहीं हैं। हिना का ये लुक इंटरनेट पर आते ही छा गया है। तस्वीरों में एक्ट्रेस अलग-अलग किलर पोज देती दिखाई दे रही हैं। हिना खान ने फिंगर में रिंग्स पहनी हैं और दीवार के पास खड़े होकर पोज दे रही हैं। एक्ट्रेस का ये कातिल लुक सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। इस लुक में एक्ट्रेस हमेशा की तरह काफी हॉट दिख रही हैं। इन तस्वीरों फैंस भी जमकर कमेंट्स कर रहे हैं।

एक्ट्रेस हिना खान इंडियन और वेस्टर्न हर लुक में एक दम परफेक्ट लगती हैं और उन्हें देखकर नजरें हटाना मुश्किल हो जाता है। आपको बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं हैं जब एक्ट्रेस की फोटोज इंटरनेट पर आग लगा रही हैं, वो हर लुक में कहर बरपाती हैं।

भारतीय मूल के सैंकड़ों लोगों ने 'छठ' पर्व मनाया

भारतीय मूल के सैंकड़ों लोगों ने 'छठ' पर्व मनाया

अकांशु उपाध्याय/सुनील श्रीवास्तव 

नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी। अमेरिका में भारतीय मूल के सैंकड़ों अमेरिकी लोगों ने कई स्थानों पर छठ पर्व मनाया। न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल और उनकी पत्नी डॉ आभा जायसवाल न्यू जर्सी में लगभग 1,000 भारतीय अमेरिकियों के साथ डोनाल्डसन पार्क, हाइलैंड में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पूजा में शामिल हुए।

‘बिहार एवं झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ और बिहार फाउंडेशन द्वारा आयोजित छठ समारोह में कॉर्पोरेट जगत के दिग्गजों के परिवारों की भागीदारी देखी गई। जायसवाल ने मूल देश से हजारों मील दूर भारतीय त्योहारों को मनाने में प्रवासी समुदाय के महत्व पर प्रकाश डाला।

न्यू जर्सी में समारोह में शामिल होने वालों में ‘ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन’ के ग्लोबल उपाध्यक्ष मनीष वर्मा, ‘विप्रो’ के सीओओ अमित चौधरी और ‘जॉनसन एंड जॉनसन’ के निदेशक विकास वर्मा शामिल थे। बिहार फाउंडेशन के अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा, ”सभी परिवार छठ प्रसाद तैयार करने और घाट पर पूजा करने के लिए एक साथ आए।”

अहमद का गुर्गा कहा जाने वाला तालिब हिरासत में 

अहमद का गुर्गा कहा जाने वाला तालिब हिरासत में 

बृजेश केसरवानी 

प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद का ख़ास गुर्गा कहा जाने वाला तालिब अब पुलिस हिरासत में है। तालिब ने आज कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। सूत्रों के अनुसार तालिब के ऊपर रंगदारी समेत कई मुकदमें दर्ज हैं। जिनमें पुलिस लगातार उसे तलाश कर रही है। बताते चलें कि माफिया अतीक अहमद मौजूदा समय में जेल में है।

उससे जुड़े लोगों पर पुलिस लगातार कुर्की समेत दूसरी कार्रवाई को अंजाम दे रही है। अभी हाल ही में अतीक की पत्नी ने सीएम योगी को पत्र लिखकर मिलने का समय माँगा है। उसका कहना है कि उसके बेटों के खिलाफ पुलिस के बड़े अधिकारी साजिश रच रहे हैं।

पीएम ने विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया

पीएम ने विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया

अकांशु उपाध्याय/इकबाल अंसारी 

नई दिल्ली/जंबूघोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंचमहल के जंबूघोड़ा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने कभी भी जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के बारे में नहीं सोचा। पंचमहल जिले के जंबूघोड़ा में करीब 860 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जब देश के प्रधानमंत्री थे तब उन्होंने जनजातीय कल्याण मंत्रालय का गठन किया था। उन्होंने कहा, भाजपा के सत्ता में आने से पहले ऐसा कोई मंत्रालय नहीं था।

मंत्रालय के गठन के बाद जनजातीय लोगों के विकास पर राशि खर्च की जानी शुरु हुई। उन्होंने कहा, यह हमारी सरकार थी जिसने 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने श्री गोविंद गुरु विश्वविद्यालय के नवनिर्मित गोधरा परिसर का भी उद्घाटन किया। उन्होंने वाडेक गांव में संत जोरिया परमेश्वर प्राथमिक विद्यालय एवं स्मारक और डांडियापुरा गांव में राजा रूप सिंह नायक प्राथमिक विद्यालय एवं स्मारक को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय, गोधरा के भवन का शिलान्यास किया और गोधरा मेडिकल कॉलेज के विकास और कौशल्या-कौशल विश्वविद्यालय के विस्तार की भी आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं पर 680 करोड़ की लागत आएगी।

पीएम मोदी ने कहा कि गोविंद गुरु जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी भारत की परंपराओं और आदर्शों के प्रतिनिधि थे। वह किसी रियासत के राजा नहीं थे लेकिन वह लाखों आदिवासियों के नायक थे। उन्होंने हर आदिवासी, हर कमजोर, गरीब भारतवासी को अपना परिवार बनाया। भारत का अतीत, भारत का वर्तमान और भारत का भविष्य हमारे आदिवासी समाज के बिना अधूरा है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की आजादी की लड़ाई का पग-पग व इतिहास का पन्ना-पन्ना आदिवासी भाइयों वीरता से भरा पड़ा है। आज देश में वन क्षेत्र भी बढ़ रहे हैं, वन संपदा भी सुरक्षित की जा रही है, साथ ही आदिवासी क्षेत्र Digital India से भी जुड़ रहे हैं। पारंपरिक कौशल के साथ-साथ आदिवासी युवाओं को आधुनिक शिक्षा के भी अवसर मिले, इसके लिए एकलव्य विद्यालय भी खोले जा रहे हैं।

राष्ट्रपति ने वनों की कटाई को कम करने का वादा किया

राष्ट्रपति ने वनों की कटाई को कम करने का वादा किया

डॉक्टर सुभाषचंद्र गहलोत 

ब्रासीलिया। ब्राज़ील के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने एक विजयी भाषण में अमेजोन वर्षावन में वनों की कटाई को कम करने का वादा किया है। वामपंथी विचारक डा सिल्वा ने रविवार को साओ पाउलो में अपने विजयी भाषण में कहा, “हम एक बार फिर से निगरानी करेंगे और अमेज़ोन में हर अवैध गतिविधि से लड़ेंगे।” “साथ ही हम अमेजोन में समुदायों के सतत विकास को बढ़ावा देंगे।”

अपने तीसरे कार्यकाल के दौरान, सिल्वा को इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए, पर्यावरण कानून प्रवर्तन को बढ़ावा देना होगा, कांग्रेस पार्टी का सामना करना होगा और राज्य के गवर्नर से निपटना होगा, जिनके चुनाव में मात खाने वाले राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो के साथ मजबूत संबंध हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, ब्राजील के अमेज़ोन में वनों की कटाई का क्षेत्र अगस्त 2020 से जुलाई 2021 तक 15 साल के अपने उच्च स्तर पर पहुंच गया।

उपग्रह निगरानी से पता चलता है कि 2022 में यह प्रवृत्ति पिछले वर्ष को पार करने की राह पर है। डा सिल्वा ने एक मूल जातीय व्यक्ति की अध्यक्षता में मूल जातीय मामलों का मंत्रालय बनाने का भी वादा किया। अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर, दुनिया के सबसे बड़े वर्षावन को संरक्षित करने के डा सिल्वा के वादों को पहले ही समर्थक मिल चुके हैं।

नॉर्वे सरकार ने संकेत दिया कि वह वनों की कटाई विरोधी नीतियों के वित्तपोषण के लिए अपने ”मिलियन-डॉलर” के दान को फिर से शुरू करेगी। जलवायु और पर्यावरण मंत्री एस्पेन बार्थ एड ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ”नॉर्वे, ब्राजील के साथ हमारी व्यापक जलवायु और वन साझेदारी को पुनर्जीवित करने के लिए तत्पर है।”

गौशाला समिति द्वारा गोवंशों का वैदिक रीति से पूजन 

गौशाला समिति द्वारा गोवंशों का वैदिक रीति से पूजन 

उमर सिंह 

अयोध्या। गोपाष्टमी के अवसर पर कारसेवक पुरम में मंगलवार को श्रीराम गौशाला समिति द्वारा गोवंशों का वैदिक रीति से पूजन किया गया। पंडित इन्द्रदेव मिश्र व वैदिक राघव मिश्र ने पूजन सम्पन्न कराया। समिति अध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय समेत सांसद लल्लू सिंह और महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने भी गोवंशों का पूजन किया।

इस अवसर पर श्रीराम गौशाला के अध्यक्ष श्रीराम  जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चम्पत राय ने बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि गोवंशों को सुरक्षित रखने के लिये सरकारों को दृढइच्छा शक्ति का प्रदर्शन करना होगा। वर्तमान में गौवंश का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने कहा गऊ पालन से परिवारों पर बोझ नही पड़ता बल्कि वह सुखी सम्पन्न होगा।

श्री राम गौशाला के उपाध्यक्ष सांसद लल्लू सिंह ने कहा भाजपा सरकारें गौरक्षण हेतु गौशालाओं को हर तरह से सहयोग कर रही है। नगर निगम के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि गोवंश संरक्षण जनसहभागिता से अधिक प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि गाय विश्व की माता और भारत की आत्मा है। निगम गोवंश संरक्षण के प्रति कृत संकल्प है। प्रबंधक पुरुषोत्तम नारायण सिंह ने बताया श्रीराम गौशाला द्वारा औषधियों का भी निर्माण किया जाता है।

पूजन के दौरान गोवंशों का श्रृंगार कर गुड़, पूड़ी व केले का भोग लगा रक्षा का संकल्प लिया गया। पूजन कार्यक्रम में उपाध्याय राजेंद्र सिंह पंकज, विधायक वेद गुप्ता, कथाव्यास शान्तनु महाराज, ओमप्रकाश सिंह, गिरीश पांडेय डिप्पुल, गोशाला के सह प्रबंधक शरद शर्मा, वीरेन्द्र, लाल जी जायसवाल, शिवदास सिंह, धीरेश्वर वर्मा, आचार्य दुर्गा, आदित्य उपाध्याय, बालचंद वर्मा, राजेन्द्र वर्मा आदि मौजूद रहे।

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...