सोमवार, 30 अगस्त 2021

खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इनाम देने की घोषणा

नरेश राघानी         

जयपुर। राजस्थान सरकार ने टोक्यो पैरालंपिक खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले राज्य के खिलाड़ियों को बधाई देते हुये नकद इनाम देने की घोषणा सोमवार को की। जिसके तहत अवनि लेखरा को तीन करोड़ रुपए और देवेंद्र झाझरिया दो करोड़ रुपएतथा सुन्दर सिंह गुर्जर को एक करोड़ रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया,’ तोक्यो पैरालंपिक में राज्य की अवनि लेखरा को स्वर्ण जीतने पर तीन करोड़ रुपए, देवेंद्र झाझरिया को रजत जीतने पर दो करोड़ रुपए तथा सुन्दर सिंह गुर्जर को कांस्य पदक जीतने पर एक करोड़ रूपये की राशि इनाम स्वरुप प्रदान की जाएगी।’

उन्होंने कहा, ‘तीनों खिलाड़ियों को पहले से ही राज्य सरकार के वन विभाग में एसीएफ के पद पर नियुक्ति दी हुई है। राज्य के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश-प्रदेश का नाम रोशन किया है, हमें उन पर बेहद गर्व है।’ उल्लेखनीय है कि 19 वर्षीय लेखरा ने सोमवार को तोक्यो पैरालंपिक खेलों की निशानेबाजी प्रतियोगिता में महिलाओं के आर-2 10 मीटर एयर राइफल के क्लास एसएच1 में स्वर्ण पदक जीतकर यह मुकाम हासिल किया।

इससे पहले गहलोत ने गहलोत ने खिलाडियों को बधाई देते हुए कहा ” जयपुर की अवनि लेखरा को निशानेबाजी प्रतियोगिता में महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक जीत कर भारत के लिये इतिहास रचने के लिये हार्दिक बधाई , पूरे देश को उन पर बहुत गर्व हैं। यह भारतीय खेलों के लिये बहुत अच्छा दिन है।”

उन्होंने कहा कि ” हमें राजस्थान के पैरालंपिक भाला फैंकने वाले देवेन्द्र झाझरिया पर बहुत गर्व है जिन्होंने तोक्या पैरालंपिक खेल में सिल्वर पदक और सुंदरसिंह गुर्जर ने कांस्य पदक जीते। यह एक अद्भुत क्षण है।” गहलोत ने पैरालंपिक प्रतियोगिता में पदक जीतने योगेश कथूनिया को भी बधाई दी।

डीएम द्वारा चलाए जा रहे कार्यो से अवगत कराया

पंकज कपूर        

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पिथौरागढ़ के तहसील धारचूला के ग्राम जुम्मा में भारी वर्षा से हुए नुकसान के बारे में कुमाऊं कमिश्नर सुशील कुमार एवं अपर जिलाधिकारी पिथौरागढ़ फिंचाराम से वर्चुअल माध्यम से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्र में मौजूद जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान से फोन पर राहत व बचाव कार्यों की जानकारी ली। इस सम्बंध में जिलाधिकारी पिथौरागढ़ द्वारा चलाए जा रहे रेस्क्यू कार्यो से अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री ने कुमाऊं कमिश्नर एवं जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र से लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर लाया जाय। प्रभावितों को रहने के साथ ही खाद्य सामग्री, दवाइयों एवं बच्चों को दूध की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। यह सुनिश्चित किया जाय की प्रभावित क्षेत्र में कोई न फंसे।

मुख्यमंत्री ने कुमाऊं कमिश्नर को निर्देश दिए की प्रभावित क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को जल्द शुरू करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाय। सड़क निर्माण विभागों की टीम से जल्द मार्गों से मलवा हटाया जाय। जो भी मार्ग बाधित हो रहे हैं। उनको शीघ्र खुलवाने के लिए जेसीबी एवं अन्य उपकरण की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। मुख्यमंत्री ने कुमाऊं कमिश्नर एवं जिलाधिकारी पिथौरागढ़ से बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली । प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 लोगों के मृत्यु एवं 04 लोगों के लापता होने की सूचना है। प्रशासन एवं एसएसबी की टीम घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। जिलाधिकारी पिथौरागढ़ डॉ आशीष चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सुखबीर सिंह प्रभावित क्षेत्र में हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी फोन से जिलाधिकारी से लगातार अपडेट ले रहे हैं। मौसम साफ होते ही मुख्यमंत्री प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे।

इस मौके पर केबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक श्रीमती चंद्रा पंत, खजान दास, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आपदा प्रबंधन श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. आनन्द श्रीवास्तव, पिथौरागढ़ से वर्चुअल माध्यम से एडीएम फिंचाराम चौहान मौजूद रहें।

विश्वविद्यालय की लिखित परीक्षाएं 26 को समाप्त

संदीप मिश्र      

बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की लिखित परीक्षाएं 26 अगस्त को समाप्त हो चुकी हैं। 28 अगस्त को प्रयोगात्मक व मौखिक परीक्षाओं के अंक अपलोड करने की तिथि भी समाप्त हो चुकी है। ऐसे में दो दिन में स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष और परास्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट जारी करना बड़ी चुनौती है। शासन ने 31 अगस्त तक रिजल्ट जारी कर सितंबर से कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं। जबकि मुख्य परीक्षाओं का मूल्यांकन 80 फीसदी ही पूरा हो सका है। इसके साथ ही अभी कई महाविद्यालयों के प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक भी अपलोड नहीं हो सके हैं।

शासन ने 4 अगस्त को विश्वविद्यालय परिसर और महाविद्यालयों में परीक्षाएं, रिजल्ट, प्रवेश और कक्षाएं संचालित करने की तिथियां निर्धारित की थीं। इसके तहत 16 अगस्त से स्नातक और परास्नातक द्वितीय वर्ष की कक्षाएं संचालित करने के आदेश दिए गए थे। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के द्वारा भी निर्देश जारी किए गए थे।


धर्मांतरण प्रकरण में गुजरात एटीएस ने छापा मारा

टांडा। धर्मांतरण प्रकरण में गुजरात एटीएस ने शनिवार रात को टांडा में छापा मारा। इस दौरान पुलिस यहां पर आने वाले युवक को अपने साथ ले गई। गांव में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। शनिवार देर रात नगर के मोहल्ला राहूपुरा निवासी युवक मोहम्मद अहमद को एसओजी गुजरात ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मोहम्मद अहमद के घर के चारों तरफ दबिश देकर उठा लिया। उसके बाद पुलिस उसे कोतवाली ले आई। जहां थाना प्रभारी को मामले से अवगत कराकर कागजी कार्रवाई के बाद अपने साथ ले गई।

बताया जा रहा है कि युवक को धर्मांतरण मामले में गुजरात ले जाया गया है। क्योंकि इससे पहले भी युवक मोहम्मद अहमद व उसके दो चचेरे भाइयों को धर्मांतरण मामले में एटीएस द्वारा उठाया गया था। दो भाइयों को पूछताछ करके छोड़ दिया। लेकिन मोहम्मद अहमद को अपने साथ ले जा कर पूछताछ की गई थी। जिसे सप्ताह भर बाद छोड़ा गया था। युवक कई साल से दिल्ली में किराए के रूम पर रहता है और बुर्के की दुकान चलाने के साथ वह बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता है।

परिणीति चोपड़ा ने अपनी एक्टिंग से पहचान बनाई

कविता गर्ग           

मुंबई। परिणीति चोपड़ा ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी शानदार एक्टिंग से खास पहचान बनाई है। परिणीति की टांसफॉर्मेशन जर्नी भी कमाल की रही है। एक्ट्रेस ने अपने ट्रांसफॉर्मेशन से खूब सुर्खियां बटोरी थीं और लोगों को काफी हैरान भी किया था। आज परिणीति बॉलीवुड की ग्लैम डीवास में शुमार हैं।

एक चैट शो में परिणीति ने अपने बढ़े वजन को लेकर कई बातों का खुलासा किया था। परिणीति ने बताया था कि साल 2014 में उनकी फिल्म 'किल दिल' रिलीज होने के बाद वो कुछ समय के लिए स्क्रीन से गायब हो गई थीं, ताकि वो खुद पर काम कर सकें।

उत्तराखंड में बादल फटने से 2 की मौत हुईं, 5 फसें

पंकज कपूर        

देहरादून। उत्तराखंड में फिर एक बार बादल फटने की खबर है। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 5 से ज्यादा मलबे में फंसे हो सकते हैं। बादल फटने के बाद 7 घर टूट गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, ये बादल धारचूला के जुम्मा गांव में फटा है। बादल फटने से धारचूला के एनएचपीसी कॉलोनी, तपोवन में जल भराव भी हो गया है। कई आवासीय परिसर खतरे की जद में आ गए हैं।तपोवन में झील बनने से धारचूला को और खतरा हो गया है।

सीएम धामी का भी इस घटना पर ट्वीट आया है उन्होंने बताया कि फंसे हुए लोगों को जल्द निकालने की कोशिश जारी है।
बता दें कि उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा था। इसको देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़वाल क्षेत्र के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया था।
रविवार सुबह धामी ने हेलीकॉप्टर से गढ़वाल मंडल के देवप्रयाग, तोताघाटी, तीनधारा, कौड़ियाला, ऋषिकेश, रानीपोखरी, नरेंद्रनगर, फकोट एवं चंबा के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया था।

कृष्ण जन्माष्टमि का त्योहार धूमधाम से मनाते हैं लोग

अकांशु उपाध्याय        

नई दिल्ली। भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान सभी करते हैं और श्रीकृष्ण जन्माष्टमि का त्योहार धूमधाम से मनाते हैं। आइये इस मौके पर जानते हैं। टीवी की दुनिया में कौन-कौन से एक्टर ऐसे हैं। जो श्रीकृष्ण का रोल प्ले कर चुके हैं और उन्हें फैंस से काफी प्रशंसा भी मिली।

सर्वदमन डी बनर्जी- सर्वदमन डी बनर्जी ने दूरदर्शन पर आने वाले रामानंद सागर के सीरियल कृष्णा में लीड रोल प्ले किया था। उस समय ये शो काफी चला था और सर्वदमन सभी के लिए कृष्ण रूप बन गए थे। इस रोल में उन्हें आज भी पसंद किया जाता है और कई सारे लोगों की यादें इस शो के साथ जुड़ी हैं। कई सारे लोग तो कृष्ण के रोल में उन्हें परफेक्ट भी मानते हैं। सर्वदमन ने कई सारी धार्मिक फिल्मों में काम किया है। जिसमें आदि शंकराचार्य और स्वामी विवेकानंद जैसी फिल्में शामिल हैं।

देवेंद्र ने रजत तो सुंदर सिंह ने कांस्य पदक जीता

कोलंबो। टोक्यो पैरालंपिक में देवेंद्र झाझरिया और सुंदर सिंह गर्जुर ने जैवलिन थ्रो (एफ46 वर्ग) में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत के खाते में दो और मेडल डाल दिए हैं। देवेंद्र झाझरिया ने रजत तो सुंदर सिंह ने कांस्य पदक जीता है। इसी के साथ भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में कुल 7 मेडल जीत लिए हैं।

स्वर्ण पदक श्रीलंका के तिल्करत्ने दिलशान ने जीता है। उन्होंने 67.79 मीटर का थ्रो किया। वहीं, देवेंद्र ने 64.35 मीटर और सुंदर सिंह ने 64.01 मीटर दूर भाला फेंका। राजस्थान के चुरु जिले के देवेंद्र झाझरिया ने इससे पहले रियो पैरालंपिक- 2016 में गोल्ड मेडल जीता था। उनके नाम भारत की ओर से पैरालंपिक में दो बार गोल्ड जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है।
देवेंद्र ने रियो डे जेनेरो में जैवलिन थ्रो के एफ 46 इवेंट में 63.97 मीटर जैवलिन फेंककर एथेंस पैरालंपिक में 62.15 मीटर के 2004 के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए गोल्ड मेडल जीता था। देवेंद्र के पास अब कुल 5 पैरालंपिक मेडल हो गए हैं जिसमें से दो गोल्ड, दो सिल्वर और एक कांस्य है।

मायके पहुंची बेटियोेेेें ने पिता की अर्थी को दिया कंधा

हरिओम उपाध्याय            

वाराणसी। रूढिवादिता को दरकिनार करते हुए ससुराल से मायके पहुंची बेटियोेेेें ने मृत पिता की अर्थी को कंधा दिया और मुखाग्नि देकर पिता के प्रति अपना फर्ज निभाया। इससे पहले पिता की शव यात्रा में शामिल हुई बेटियों ने पिता की अर्थी को कंधा देने के साथ ही उनका नेत्रदान भी कराया। बेटियों ने पिता की तेरहवी करने के बजाय वृक्षारोपण करने का निर्णय लिया है।

दरअसल वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गांव बरियासनपुर निवासी 80 वर्षीय हरिचरण पटेल का निधन हो गया। उनके इकलौते पुत्र भागीरथी पटेल ने इसकी सूचना अपनी विवाहिता बहन प्रेमा देवी व हीरामणि देवी को दी। दोनों बहने पिता की मौत का पता चलते ही ससुराल से अपने मायके में आई और उन्होंने पिता के नेत्रदान करने के संकल्प की जानकारी अपने परिवारजनों को दी। वाराणसी स्थित आई बैंक सोसाइटी को इस बाबत सूचना दी गई। घंटे भर में ही आई बैंक सोसाइटी के डॉक्टर अजय मौर्या गांव में पहुंचे और उन्होंने कुशलतापूर्वक हरिचरण पटेल के दोनों नेत्र निकाल लिये। इसके बाद दोनों बेटियों ने पिता की अर्थी को श्मशान पहुंचाने और उन्हें स्वयं मुखाग्नि देने का प्रस्ताव रखा। इस पर भाई ने अपने समाज के लोगों से अनुमति मांगी। मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष बालकिशन पटेल व पूर्व प्रधान देवराज पटेल ने इसके लिए लोगों के बीच हामी भर दी। इस दौरान तय किया गया कि परिवार के लोग कफन के स्थान पर मदद के तौर पर पैसा देंगे। जिससे क्रियाकर्म के लिए लकड़ी खरीदने में सहायता मिले। इसके बाद दोनों बेटियों ने परिवार की सुधा, मनसा, मेहंदी और रेखा आदि की मदद से पिता के पार्थिव शरीर को अपने कंधे पर उठाया और तकरीबन 5 किलोमीटर की लंबी दूरी पैदल ही तय करते हुए सभी लोग सराय मोहना में गंगा किनारे स्थित श्मशान घाट पर पहुंचे। इसके बाद दोनों बहनों ने पिता की चिता सजाई और मुखाग्नि दी। अंत्येष्टि के बाद निर्णय लिया गया कि रस्म तेरहवी पर मृत्यु भोज करने के बजाय केवल शोक सभा होगी। उस दिन पिता की स्मृति में फलदार वृक्ष लगाया जाएगा।

तबादला चलाते हुए 4 आईपीएसों के ट्रांसफर किए

हरिओम उपाध्याय         

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को तबादला एक्सप्रेस चलाते हुए 4 आईपीएस अफसरों के ट्रांसफर किए हैं। जिसके चलते उन्नाव पीटीएस के पुलिस अधीक्षक रहे अजय पाल शर्मा को यूपी 112 लखनऊ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सोमवार को शासन की ओर से चलाई गई तबादला एक्सप्रेस में 4 आईपीएस अफसरों को बैठाकर उनके ट्रांसफर किए गए हैं। अभी तक उन्नाव पीटीएस के पुलिस अधीक्षक रहे अजय पाल शर्मा को यूपी 112 लखनऊ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। अजय पाल शर्मा वर्ष 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। 

उनकी पहली पोस्टिंग जनपद सहारनपुर और उसके बाद मथुरा में हुई थी। वर्ष 2020 के मार्च माह में आईपीएस अजय पाल शर्मा के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। गाजियाबाद के साहिबाबाद की रहने वाली एक महिला ने खुद के आईपीएस अजय पाल शर्मा की पत्नी होने का दावा करते हुए उनके ऊपर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। उधर पुलिस ट्रेनिंग मुख्यालय लखनऊ के पुलिस अधीक्षक कैलाश सिंह को आगरा भेजा गया है। जहां उन्हें पुलिस अधीक्षक क्षेत्रीय अभिसूचना बनाया गया है। अभी तक डायल यूपी 112 के बृजेश सिंह एसपी अभिसूचना बनाए गए हैं। अभी तक अभिसूचना इकाई के एसपी नागेश्वर सिंह को पीटीएस उन्नाव का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

ट्रक की चपेट में आने से हिण्डाल्को कर्मचारी की मौंत

हरिओम उपाध्याय          

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के पीपरी क्षेत्र में सोमवार को रेणुकूट शहर में ड्यूटी करके बाइक पर घर जा रहे एक हिण्डाल्को कर्मचारी की ट्रक की चपेट में आने से मृत्यु हो गई।

पुलिस सुत्रों ने बताया की रेणुकूट निवासी 42 वर्षीय अखिलेश सिंह आज सुबह करीब सात बजे रात्रि ड्यूटी करने के बाद बाइक पर अपने घर जा रहा था। सब्जी मंडी के पास एकाएक कुत्ते को बचाने के चक्कर में बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिर गया। इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। जिससे श्री सिंह की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।

मराठवाड़ा क्षेत्र में संक्रमण के 176 नए मामलें मिलें

कविता गर्ग        

औरंगाबाद। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 176 नये मामले सामने आए और तीन लोगों की मौत हो गई।स्वास्थ्य अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सभी जिला मुख्यालयों से यूनीवार्ता द्वारा एकत्र किये गये विवरण के अनुसार क्षेत्र के आठ जिलों में से बीड़ सबसे अधिक प्रभावित रहा जहां 95 नये मामले सामने आए और दो लोगों की मौत हो गई। इसके बाद लातूर में 20 मामले दर्ज किये गये और एक व्यक्ति की मौत हो गई। औरंगाबाद में 28 मामले, उस्मानाबाद में 21 मामले, नांदेड़ में छह मामले, परभणी में चार मामले, जालना और हिंगोली में एक-एक नये मामले दर्ज किए गये।

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...