मंगलवार, 17 अगस्त 2021

देश के कई राज्यों में लॉकडाउन जैसी स्थिति जारी

अकांशु उपाध्याय       
नई दिल्ली। देश भर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है। इसके बावजूद अभी देश के कई राज्यों में पूर्ण लाकडाउन तो कई में ढील के साथ आंशिक लॉकडाउन जैसी स्थिति जारी है। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में अभी रविवार को पूर्ण लाकडाउन जारी है। दोनों राज्यों में कुछ प्रतिबंधों में ढील दी गई है और माल, रेस्तरां, जिम, सैलून और स्पा को फिर से खोलने की अनुमति मिल गई है।
देश के आठ राज्यों में अभी भी लॉकडाउन जैसी सख्त पाबंदियां जारी हैं। ये राज्य हैं पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी। 
शेष 23 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन जारी हैं। 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना मामलों में कमी को देखते हुए आंशिक लॉकडाउन लागू है। ये हैं- कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पंजाब, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, सिक्किम, असम, मणिपुर, आंध्र प्रदेश, त्रिपुरा और गुजरात। महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य में धीरे-धीरे प्रतिबंधों को हटाया जा रहा है।

120 भारतीयों को लेकर सी-17 विमान की उड़ान

काबुल। वायुसेना के सी-17 विमान ने काबुल हवाई अड्डे से मंगलवार को सुबह 120 भारतीय अधिकारियों को लेकर उड़ान भरी है। ये सभी लोग अफगानिस्तान में भारतीय दूतावास के अधिकारी हैं। इसके अलावा उनके कर्मचारी भी इनमें शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन सभी लोगों को कल रात की काबुल एयरपोर्ट के सुरक्षित परिसर में ले आया गया था। रात काबुल एयरपोर्ट पर गुजारने के बाद ये सभी लोग वायुसेना के विमान में वतन वापसी के लिए सवार हुए। तालिबान का राज आते ही अफगानिस्तान में भगदड़ की स्थिति है। दुनिया भर के लोग अपने देशों को लौटना चाहते हैं।
बता दें कि विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारतीय राजदूत और उनके कर्मचारी को तुरंत भारत आने का आदेश दिया था।
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे बाद यहां भारी अफरातफरी का माहौल है। लोग देश छोड़ने की पुरजोर कोशिशों में हैं और हवाई अड्डे पर बेतहाशा भीड़ है। तालिबान के दावों और आश्वासन के बावजूद लोगों में खौफ है और इसी कारण वे देश छोड़ना चाहते हैं।

मेजबानी करने के लिए स्टार अमिताभ उत्साहित हैं

कविता गर्ग              
मुंबई। केबीसी के 13वें सीजनकी मेजबानी करने के लिए बॉलीवुड के स्टार अमिताभ बच्चन उत्साहित हैं।जल्दी ही ‘कौन बनेगा करोड़पति 13’ का आगाज हो जाएगा। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रोमो शेयर कर दिया है। अमिताभ बच्चन की लोकप्रियता की वजह सिर्फ उनकी फिल्में ही नहीं हैं। इसमें उनके टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का भी बहुत बड़ा योगदान है। शो का नया सीजन 23 अगस्त से सोनी टीवी पर टेलीकास्ट शुरू हो रहा है।

केबीसी वीक में पांच दिन यानी सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे प्रसारित होगा।शो का नया प्रोमो सामने आ गया है, जो लोगों को बहुत पसंद आ रहा है। प्रोमो का जो पार्ट शेयर किया है, वह शो का तीसरा पार्ट है। इस शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया है कि पार्ट एक और दो पर जबरदस्त प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद। अब हम आपके लिए तीसरा पार्ट का फाइन सीरीज शेयर कर रहे हैं! 23 अगस्त, रात 9 बजे से केवल सोनी।कौन बनेगा करोड़पति ने अपनी यात्रा के 21 साल पूरे कर रहा है। यह शो पहली बार 2000 में स्टार प्लस पर शुरू हुआ था। केबीसी के प्रमोशन के लिए विशेषतौर पर बनाई गई ‘सम्मान’ की शूटिंग मध्‍यप्रदेश में की गई है। इस फिल्‍म में एक्टर ओमकार दास मानिकपुरी प्रमुख भूमिका में हैं। शो मेकर्स ने केबीसी को हर आम इंसान की जिंदगी से करीब लाने के लिए ये प्रोमो तैयार किया है। इस‍ फिल्‍म की खासियत है कि इसमें लोकल टैलेंटेड लोगों को एक्टिंग का मौका दिया गया है।

26 अगस्त को फिर लगाएं जाएंगे वैक्सीनेशन शिविर

मनोज सिंह ठाकुर                
भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई जारी है। वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी बीच सोमवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने ऐलान किया कि प्रदेश में 25 और 26 अगस्त को फिर से वैक्सीनेशन शिविर लगाए जाएंगे। दो दिन महा अभियान चलाया जाएगा।
विश्वास सारंग ने कहा कि सरकार कोरोना के मामलों पर नजर रखे हुए है। रोज करीब 75 हजार सैंपल लिए जा रहे हैं। अब 30 लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग बढ़ा रहे हैं। लोगों से कहना चाहता हूं कि कोरोना प्रोटोकॉल का ध्यान रखें, ताकि खुद और दूसरों को इससे बचाया जा सके। सारंग ने कहा कि संक्रमण रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काम किया है। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को सुचारू किया। आर्थिक स्थिति को फिर से प्लानिंग कर सुदृढ़ किया। तीसरी लहर से बचाव की तैयारियां चल रहीं हैं। कोई कमी नहीं है।
करीब 3 करोड़ 80 लाख को वैक्सीन
प्रदेश में अब तक 3 करोड़ 78 लाख 3 हजार लोगों को कुल डोज लगे हैं। इसमें पहला डोज 3 करोड़ 17 लाख 3 हजार 875 और दूसरा डोज 60 लाख 99 हजार 323 लोग लगवा चुके हैं। इसमें 18 से 44 उम्र के 2 करोड़ 8 लाख 72 हजार 881, 45 से 60 उम्र के 1 करोड़ 4 लाख 21 हजार 742 और 60 वर्ष से अधिक उम्र के 65 लाख 8 लाख 575 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है।
भोपाल में 190 सेंटर पर 34 हजार को टीका
भोपाल जिला टीकाकरण अधिकारी उपेन्द्र दुबे ने बताया, सोमवार को 190 सेंटर पर 34 हजार डोज लगाए जा रहे हैं। इसमें कोवैक्सिन 12 हजार और कोवीशील्ड 22 हजार के आसपास डोज हैं। शहरी इलाकों में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन वालों को प्राथमिकता होगी। इसके बाद वैक्सीन बचने पर ऑनसाइट रजिस्ट्रेशन कर टीका लगाया जाएगा। इस बार वैक्सीनेशन के लिए गांव पर फोकस होगा। इसके लिए गांवों में ज्यादा सेंटर बनाए जा रहे हैं।

मोहला-मानपुर-चौकी को जिला बनाने की घोषणा

दुष्यंत टीकम             
राजनांदगांव। 15 अगस्त को मुख्यमंत्री ने बहुत पुरानी मांग मोहला-मानपुर-चौकी को जिला बनाने की घोषणा की। इसे लेकर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने मुख्यमंत्री व संसदीय सचिव के खिलाफ सार्वजनिक रूप से नारेबाजी की। इस पर प्रदेश कांग्रेस ने गंभीरता से लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष अध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी महासचिव ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जारी नोटिस में लिखा है कि उनके इस कृत्य से कार्यकर्ताओं व जनता के बीच सरकार की छवि धूमिल हुई है। 3 दिन के अंदर यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो उनके खिलाफ एकतरफा अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस का अवसर, प्लेटिनम की शुरुआत

अकांशु उपाध्याय                   
नई दिल्ली। भारतीय स्टेट बैंक अपने ग्राहकों के लिए प्लेटिनम जमा के तहत अतिरिक्त ब्याज की पेशकश कर रहा है। भारतीय स्टेट बैंक ने देश की स्वतंत्रता के 75वीं सालगिरह पर प्लेटिनम जमा की शुरुआत की है। प्लेटिम जमा पर ग्राहकों को आम ब्याज दर की तुलना में काफी ज्यादा ब्याज की पेशकश की जा रही है। इसमें ग्राहकों को 0.15 फीसदी तक का अतिरिक्त ब्याज मिल सकता है। आइए जानते हैं इस योजना के बारे में।
SBI के ग्राहकों को 0.15 फीसदी तक का अतिरिक्त ब्याज मिल सकता है.।
भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहकों को सावधि जमा पर 75 दिन, 75 सप्ताह और 75 महीने की अवधि के लिए ये अतिरिक्त ब्याज मिलेगा।
SBI का ऑफर 14 सितंबर, 2021 तक वैध है।
“यह प्लेटिनम जमा के साथ भारत की स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष का जश्न मनाने का समय है। एसबीआई के साथ सावधि जमा और विशेष सावधि जमा के लिए विशेष लाभ। 14 सितंबर 2021 तक वैध प्रस्ताव, ”एसबीआई ने ट्वीट किया।
15 अगस्त पर जीरो प्रोसेसिंग लोन की सुविधा
15 अगस्त के मौके पर एसबीआई अपने ग्राहकों को जीरो प्रोसेसिंग फीस पर होम लोन लेने की सुविधा प्रदान कर रहा है। अपने एक ट्वीट के जरिए बैंक ने इस बात की जानकारी उपलब्ध कराई है। एसबीआई ने बताया है कि, “जीरो प्रोसेसिंग होम लोन के जरिए इस आजादी के दिवस पर प्रवेश करें अपने सपनों के घर में”। एसबीआई द्वारा इस ऑफर का लाभ आजादी का अमृत महोत्सव अभियान के तहत दिया जा रहा है। जीरो प्रोसेसिंग फीस के अलावा भी SBI अपने होम लोन के साथ कई सारी अन्य सुविधाओं का लाभ भी दे रहा है।

यूपी: नियंत्रण कानून पर रिपोर्ट सरकार को सौंपीं

हरिओम उपाध्याय                  
लखनऊ। उत्तर प्रदेश लॉ कमीशन ने सोमवार को जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी। इसके साथ ही लॉ कमीशन ने जनसंख्या नियंत्रण से जुड़े कानून का ड्राफ्ट भी तैयार कर योगी सरकार  को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि 17 अगस्त से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में योगी सरकार इस बिल को पेश कर सकती है।
बिल के फाइनल ड्राफ्ट में कमीशन ने दो से ज्यादा बच्चों के माता-पिता को स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने से रोकने समेत कई सुविधाओं से वंचित रखने की सिफारिश की है। साथ ही वन चाइल्ड पॉलिसी को प्रोत्साहन देने पर भी जोर दिया गया है।
लॉ कमीशन ने सिफारिश की है कि प्रदेश में बढ़ती आबादी को नियंत्रित करने और उसे स्थिर करने के लिए कानून बनाया जाना चाहिए। इसके साथ ही जिन दो सरकारी कर्मचारियों के दो बच्चे हैं, उन्हें प्रोत्साहित किया चाहिए। वहीं, जिनका एक ही बच्चा है, उसे और ज्यादा प्रोत्साहित करना चाहिए। आम जनता को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
इसके अलावा जिनके दो से ज्यादा बच्चे हों, उन्हें कई सुविधाओं से वंचित कर दिया जाना चाहिए। ऐेसे लोगों को राज्य की स्वास्थ्य योजना से वंचित किया जा सकता है। साथ ही राशन कार्ड में चार सदस्यों के नाम की लिमिट तय कर दी जानी चाहिए। उसे राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी भी नहीं मिलनी चाहिए।
दो से ज्यादा बच्चे पैदा करने वालों के स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने पर रोक लगा देनी चाहिए। इसके साथ ही जिनके दो से ज्यादा बच्चे होंगे, उनके यूपी में सरकारी नौकरी में अप्लाई करने पर रोक होनी चाहिए और अगर कोई नौकरी में रहते हुए दो से ज्यादा बच्चे पैदा करता है, तो उसका प्रमोशन रोक देना चाहिए।
अगर एक बच्चा होने के बाद अगली बार जुड़वा बच्चे पैदा होते हैं, तो उसे टू चाइल्ड पॉलिसी का उल्लंघन नहीं माना जाना चाहिए।
 साथ ही अगर किसी व्यक्ति का एक या दोनों बच्चे विकलांग है, तो उसे तीसरा बच्चा गोद लेने की इजाजत होनी चाहिए।
अगर किसी व्यक्ति का एक या दोनों बच्चे विकलांग हैं, तो उसे तीसरा बच्चा पैदा करने की इजाजत भी होनी चाहिए।
अगर किसी व्यक्ति के एक या दोनों बच्चों की मौत हो जाती है तो भी उसे तीसरा बच्चा पैदा करने की इजाजत होनी चाहिए।
 इसके अलावा अगर कानून लागू होने से पहले ही किसी के दो बच्चे हों तो वो कानून लागू होने के एक साल के भीतर तक तीसरा बच्चा पैदा कर सकता है।

पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर ट्रांसफर लिस्ट जारी

दुष्यंत टीकम            
कांकेर। पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़े पैमाने पर ट्रांसफर लिस्ट जारी हुआ है। कांकेर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने आदेश जारी किया है। जारी आदेश में 8 निरीक्षक और 12 उपनिरीक्षक का तबादला किया गया है।
कांकेर कोतवाली प्रभारी धनवंत साय देहारी को रक्षित केंद्र भेजा गया है। अब कांकेर कोतवाली के नए निरीक्षक शरद कुमार दुबे होंगे।

तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से 2 युवक की मौंत हुईं

हरिओम उपाध्याय                 
लखनऊ। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि इस हादसे में घायल हुए तीसरे युवक को गंभीर अवस्था के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। बाइक सवार युवक सुरक्षा के लिहाज से अपने सिर पर हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।
जालौन जनपद के उरई निवासी अवध बिहारी, कल्लू और सीताराम बाइक पर सवार होकर कौंच की तरफ से उरई की ओर आ रहे थे। जैसे ही बाइक सवार तीनों युवक गढर गांव के समीप पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार के साथ फर्राटा भरते हुए आ रहे बेलगाम ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर की टक्कर लगते ही बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे और बुरी तरह से लहूलुहान हो गए। दो वाहनों के आपस में टकराने की आवाज को सुनकर आसपास के लोग तुरंत ही मौके पर पहुंचे। दुर्घटना को देखकर राहगीरों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस तीनों युवकों को उठाकर जिला अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने कल्लू व सीताराम को मृत घोषित कर दिया। जबकि अवध बिहारी की हालत को गंभीर देखते हुए उसे झांसी के लिए रेफर किया गया है। हादसे के कारण सड़क मार्ग पर काफी देर के लिए वाहनों का आवागमन अवरुद्ध हो गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया। उधर ट्रैक्टर चालक मौके से अपने वाहन समेत फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस दुर्घटना कर फरार हुए ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश कर रही है। पुलिस ने परिवारजनों को सूचना देते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं।

हालात: तालिबान ने अफगान में मचाया कोहराम

काबुल। तालिबान ने अफगानिस्तान में कोहराम मचा दिया है। अफगानिस्तान के हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि वहां के लोग अपने देश को छोड़ कर भाग रहे हैं। इसी दौरान एक अजीब सा बयान सामने आया है। यह बयान रूस ने दिया है। तालिबान के राज में काबुल के हालात गनी के राज के मुकाबले बहुत सुरक्षित बन चुके हैं।
रूस के राजदूत दिमित्री जिरनोव द्वारा अफगानिस्तान की तारीफ करते हुए यह कहा गया है कि इस्लामी ग्रुप तालिबान ने 24 घंटों में काबुल को गनी के राज के मुकाबले बहुत सुरक्षित बना दिया है, अब वहां के हालात अच्छे हैं और वहां पर शांति हैं अब वहां किसी भी तरह की कोई हिंसा नहीं हो रही है। दिमित्री जिरनोव ने ये बयान रॉयटर्स न्यूज एजेंसी एको मोस्किवी स्टेशन के माध्यम से दिया।
गनी की सत्ता में विकास बिलकुल भी नई था अव्यवस्था ठप थी लोगों ने इस सत्ता से अपनी उम्मीद छोड़ दी थी गनी की सरकार पत्तों की तरह बिखर गई है। तालिबान के 24 घंटों के कार्यकाल से पता चलता है आने वाले दिनों में सब हालात ठीक हो जाएंगे।
जिरनोव के अनुसार शुरुआत में तालिबान की एक यूनिट ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में दाखिल हुई थी। इसके बाद उन्होंने सरकार और अमेरिकी सेना बलों को सरेंडर करने को बोला था। जब सरकार ने सरेंडर करने को मना किया तो तालिबान की चीफ यूनिट राजधानी में घुस गई । ये देख गनी की सरकार वहां से पीठ दिखा कर भाग निकली, उनके भाग जाने के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया। तालिबान ने पहले ही रुसी दूतावास पर कब्जा किया जिसमे 100 की तादाद में कर्मचारी हैं। मंगलवार को तालिबान से वार्ता होगी।
जानकारी के अनुसार अफगानिस्तान पर तालिबान ने 20 साल बाद फिर कब्ज़ा किया है । राष्ट्रपति भवन में अपनी जड़ जमा ली है। लोग अपना सब कुछ छोड़ छाड़ कर भाग रहे हैं। देश में गंभीर हालत हैं। लोग हवाई जहाज पर जबरदस्ती चढ़ कर यात्रा कर रहे थे जिसके कारण 3 लोगों की गिरने से मौत हो गई थी।

आलिया को पसंद आईं मल्होत्रा की फिल्म 'शेरशाह'

कविता गर्ग                     
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट को सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'शेरशाह' बेहद पसंद आयी है।
आलिया ने सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'शेरशाह' देखी है। आलिया ने फिल्म शेरशाह की जमकर तारीफ की। आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर फिल्म की सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई दी है।
आलिया ने पोस्ट में लिखा, "फिल्म जरूर देखनी चाहिए। इस फिल्म ने मुझे हंसाया और रुलाया और सब कुछ। सिद्धार्थ मल्होत्रा तुम बहुत खास थे। और मेरी खूबसूरत कियारा आडवाणी आप सच में बस चमक रही हैं। इतनी प्यारी फिल्म बनाने के लिए पूरी टीम और पूरी कास्ट को बधाई।
गौरतलब कि फिल्म शेरशाह में सिद्धार्थ मल्होत्रा शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा के किरदार में हैं। वहीं, कियारा आडवाणी उनकी पत्नी की भूमिका में नजर आ रही हैं।

दीपिका ने अपकमिंग फिल्म की शूटिंग पूरी की

कविता गर्ग                 
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने निर्देशक शकुन बत्रा की अपकमिंग फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली है।
दीपिका पादुकोण काफी समय से शकुन बत्रा की आने वाली फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। अभी इस फिल्म का टाइटल तय नहीं किया गया है। इस फिल्म में दीपिका के साथ अनन्या पांडे भी नजर आने वाली हैं। दीपिका और अनन्या ने इस फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली है। फिल्म का निर्माण करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले किया जा रहा है।
दीपिका पादुकोण ने सोशल मीडिया पर फिल्म के सेट से कुछ फोटोज शेयर की हैं। इन फोटोज में फिल्म के निर्देशक शकुन, अनन्या और सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ दीपिका मस्ती के मूड में नजर आ रही हैं। दीपिका ने फोटोज के कैप्शन में लिखा, "प्यार, दोस्ती और यादें जीवन भर के लिए।"
बताया जा रहा है कि शकुन की यह फिल्म रोमांटिक फिक्शन ड्रामा पर आधारित है, जिसमें दीपिका, सिद्धांत, अनन्या और धैर्य कारवा स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि इस फिल्म की कहानी एक सेलेब्रिटी फिटनेस ट्रेनर के इर्दगिर्द घूमती है। यह फिल्म एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर पर आधारित है।

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन   मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला रैली कौशाम्बी। एन डी कान...