मंगलवार, 3 अगस्त 2021

विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेकर आरोप लगाया

अकांशु उपाध्याय              

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में कागज फाड़ने और उसके टुकड़े कर हवा में लहराने तथा विधेयकों के पारित किए जाने के तौर तरीकों के लिए आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के लिए मंगलवार को विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया और आरोप लगाया कि अपने आचरण से वह विधायिका और संविधान का अपमान कर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्षी सदस्यों का आचरण ओर उनका व्यवहार जनता का भी अपमान है। अखिल भारतीय चिकित्सा शिक्षा कोटा योजना में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत और आर्थिक रूप से पिछड़े (ईडब्ल्यूएस) छात्रों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था करने के लिए बैठक में प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया गया।

हादसा: डिवाइडर से टकराकर पलटीं अनियंत्रित बस

हरिओम उपाध्याय                         
बदायूं। बदायूं के थाना सहसवान क्षेत्र में दिल्ली से बदायूं आ रही रोडवेज बस मंगलवार सुबह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कुछ बस यात्रियों को मामूली चोट आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस चालक के शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब पांच बजे बदायूँ के सहसवान में बदायूँ राजमार्ग पर स्थित डीपी महाविद्यालय के पास हुआ। रोडवेज बस दिल्ली से बदायूँ जा रही थी जैसे ही बस बदायूँ मेरठ राजमार्ग पर स्थित डीपी महाविद्यालय के पास पहुँची रोडवेज बस डिवाइडर में घुस कर पलट गई।
हादसे में बस चालक पंकज पाठक (40) की मौत हो गयी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने बस चालक के शव को अपने कब्जे में ले लिया, और घटना की सूचना बस चालक के परिजन को दी। बस में बैठी दो दर्जन से अधिक सवारियों को हल्की फुल्की चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य को भेज दिया गया हैं।

वायरल: सामंथा बडे मुहं वाली के नाम से मशहूर हुईं

अकांशु उपाध्याय                     
नई दिल्ली। टिकटॉक पर लोग अपना मनोंरजन करने के लिये वीडियो अपलोड करते रहते हैं। जिससे कई आम आदमी अपनी काबिलियत के दम पर टिकटॉक स्टार भी बन गये हैं। ऐसे ही अमेरिका की एक स्टार सामंथा ने कई अनोखे वीडियो टिकटॉक पर अपलोड किये। वीडिया वायरल होने पर सामंथा बडे मुहं वाली के नाम से मशहूर हो गई। 
अब सामंथा को सबसे बड़े मुंह गैप वाली महिला के खिताब के चयनित किया गया है।
सामंथा ने अपना मनोरंजन करने के लिये टिकटॉक पर अपने वीडियो बनाने प्रारंभ किये थे। उनकी वीडियों को लाखों लोग देखने और पंसद करने लगे। वीडियो वायरल होने से सामंथा सबसे बड़ा मुंह खोलने वाली महिला के रूप में मशहूर हो गई। सामंथा के टिकटॉक पर 17 लाख से भी अधिक फॉलोअर्स हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसे कई वीडियो अपलोड किये हैं, जिसमें वह अपने बड़ें मुंह का आकार दिखाती हुई नजर आ रही हैं। वह अपने मुंह को अविश्वसनीय रूप से 2.56 इंच तक मुंह आपॅन कर सकती है। अब सामंथा को सबसे बड़े मुंह गैप वाली महिला के खिताब के चयनित किया गया है।

मंडलों में हुई नियुक्तियों को लेकर विवाद शुरू हुआ

दुष्यंत टीकम                           
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से हाल ही में आयोग, निगम और मंडलों में हुई नियुक्तियों को लेकर विवाद शुरू हो गया है। इन नियुक्तियों को नियम विरुद्ध बताते हुए हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। जनहित याचिका में कहा गया है कि इनके अध्यक्ष पदों पर मनमर्जी से सिर्फ राजनीतिक व्यक्तियों को बैठाया गया है। याचिका पर आने वाले दिनों में जल्द सुनवाई हो सकती है।
अभिषेक चौबे ने एडवोकेट योगेश्वर शर्मा के माध्यम से हाईकोर्ट में जनहित दायर की है। इसमें बताया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन ने विभिन्न संवैधानिक आयोग जैसे बाल अधिकार संरक्षण आयोग, अनुसूचित जनजाति आयोग आदि में अध्यक्ष पद पर पिछले दिनों नियुक्ति की गई थी। नियुक्त लोगों के चयन में कोई पारदर्शिता नहीं बरती गई और न ही विज्ञापन के जरिए भर्ती हुई है।
याचिकाकर्ता ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि बाल अधिकारों के संरक्षण में कार्य किए हुए व्यक्ति और अनुसूचित जनजाति के मामलों की जानकारी रखने वाले व्यक्ति का चयन इन पदों पर करना था। चेयरमैन की नियुक्ति चयन समिति द्वारा होनी थी। उसके विपरीत छत्तीसगढ़ शासन ने ही सारी नियुक्तियों की जानकारी मात्र प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने ऐसे पदों पर नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया को वेबसाइट पर सार्वजनिक करने को कहा था।

खेल: हॉकी के मुकाबले में भारत को 5-2 से हराया

दुष्यंत टीकम                          
रायपुर। भारतीय हॉकी टीम की जीत के लिए देशभर में हवन-पूजन हो रहा था। लेकिन निराशा हाथ लगी है। दरअसल एलेक्सजेंडर हेंडरिक्स 19वें, 49वें, 53वें की शानदार हैट्रिक के दम पर मौजूदा वर्ल्ड चैम्पियन बेल्जियम ने मंगलवार को टोक्यो ओलंपिक में खेले गए पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत को 5-2 से हरा दिया। 
ओई हॉकी स्टेडियम नॉर्थ पिच पर खेले गए इस मैच में एक समय भारत 2-1 से आगे था, लेकिन इसके बाद वह बुरी तरह पिछड़ता चला गया और अंतत: 1980 के बाद पहला फाइनल खेलने से चूक गया।

एमपी में भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की

मनोज सिंह ठाकुर                                 
भोपाल। मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश से हाल बेहाल है। शिवपुरी और श्योपुर जिलों में सोमवार को दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं शिवपुरी जिले के तीन गांवों के कई लोग बाढ़ के पानी में फंस गए हैं। जिन्हें बचाने के लिए बीते शाम को सेना के हेलिकॉप्टर लगाए गए। हालात यह हैं कि शिवपुरी शहर के कई कॉलोनियों में पानी भरा हुआ है। 
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में मध्य प्रदेश के 25 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है। जिसके चलते रेड अलर्ट और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग की माने तो बिहार, उत्तरप्रदेश और उतराखण्ड समेत कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है।

सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की: राहुल

अकांशु उपाध्याय                           
नई दिल्ली। पेगासस जासूसी मामले पर चर्चा की मांग कर रहे विपक्षी दलों के हंगामे के कारण संसद में बने गतिरोध के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने विपक्ष के नेताओं के साथ मिलकर सरकार को घेरने और दबाव बनाने की रणनीति पर मंगलवार को चर्चा की।
राहुल गांधी के न्योते पर कई प्रमुख विपक्षी दलों के नेता नाश्ते पर कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में मिले। बैठक में राहुल गांधी के अलावा राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी, शिवसेना के नेता संजय राउत, राजद के मनोज झा और कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए।
कांग्रेस नेता ने विपक्षी नेताओं के साथ नाश्ते पर ऐसे समय बैठक की है जब पेगासस और कुछ अन्य मुद्दों को लेकर पिछले कई दिनों से संसद के दोनों सदनों में गतिरोध बना हुआ है। 19 जुलाई से मॉनसून सत्र आरंभ हुआ था। लेकिन, अब तक दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित रही है।
विपक्षी दलों का कहना है कि पेगासस जासूसी मुद्दे पर पहले चर्चा कराने के लिए सरकार के तैयार होने के बाद ही संसद में गतिरोध खत्म होगा। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने विपक्ष की मांग को खारिज करते हुए शुक्रवार को लोकसभा में कहा था कि यह कोई मुद्दा ही नहीं है।

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। दबे पांव पहुंचे भूकंप ने धरती को हिलाते हुए पब्लिक को दहशत में ड...