रविवार, 1 अगस्त 2021

अनुरोध वाली याचिकाओं पर 5 को सुनवाई: एससी

अकांशु उपाध्याय          

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय पेगासस मामले की मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश द्वारा स्वतंत्र जांच कराने के अनुरोध वाली याचिकाओं पर पांच अगस्त को सुनवाई करेगा। इसमें वरिष्ठ पत्रकार एन राम और शशि कुमार की याचिका भी शामिल है। शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर अपलोड की गई वाद सूची के अनुसार प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण और न्यायमूर्ति सूर्यकांत की पीठ पांच अगस्त को तीन अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। जिसमें सरकारी एजेंसियों द्वारा विशिष्ट नागरिकों, नेताओं और पत्रकारों की इजराइली स्पाइवेयर पेगासस के जरिए कथित जासूसी की खबरों के संबंध में जांच कराने के लिए निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। शीर्ष अदालत ने 30 जुलाई को कहा था कि वह इस मामले में राम और कुमार की याचिका पर अगले सप्ताह सुनवाई करेगी।

पत्रकारों की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने पिछले हफ्ते अदालत से कहा था कि याचिका के व्यापक असर को देखते हुए इस पर तत्काल सुनवाई की जरूरत है। याचिका में कहा गया है कि कथित जासूसी भारत में विरोध की स्वतंत्र अभिव्यक्ति को दबाने और हतोत्साहित करने के एजेंसियों एवं संगठनों के प्रयास की बानगी है।

'सीबीआई' की जांच के परिणाम को बरकरार रखा

अकांशु उपाध्याय             

नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच के उस परिणाम को बरकरार रखा है। जिसमें उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता संबंधी 2019 सड़क हादसा मामले में किसी भी तरह की साजिश से इनकार किया गया है। उल्लेखनीय है कि 2019 में दुष्कर्म पीड़िता, उसके परिवार के सदस्य और वकील एक कार में सवार थे। तभी रायबरेली में तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसमें उसके दो रिश्तेदारों की मौत हो गयी और वह तथा उसका वकील गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर और नौ अन्य के खिलाफ हत्या का एक मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता के परिवार ने दुर्घटना के पीछे साजिश का आरोप लगाते हुए एक शिकायत दर्ज करायी थी। सेंगर को नाबालिग से दुष्कर्म के जुर्म में उम्रकैद की सजा भी सुनायी गयी।


टोक्यो: खिलाड़ियों के इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर

टोक्यो। बालों में परिपक्वता की सफेदी और चेहरे पर तजुर्बे की हल्की हल्की झुर्रियां लिये डल्लास उबरहोल्जर ओलंपिक की स्केटबोर्डिंग स्पर्धा में अपने से आधी उम्र के प्रतियोगियों के खिलाफ उतरेंगे, तो उनका लक्ष्य पदक जीतना नहीं बल्कि ओलंपिक के इस अनुभव को जीना होगा। युवा खिलाड़ियों से भरे इस खेल में जहां बड़े-बड़े प्रायोजकों के साथ उतरे खिलाड़ियों के इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका के डल्लास खानाबदोशों की तरह जीते आये हैं।

महिला वर्ग में कुछ दिन पहले ही 13 बरस की दो बच्चियों ने स्वर्ण और रजत पदक जीते थे। वह कन्सर्ट में ड्राइवर के रूप में काम कर चुके हैं। जहां उनका काम नर्तकों को लाना छोड़ना होता था। इसके अलावा वह कनाडा से अर्जेंटीना तक कार से चले गए। खुद को वह अनुभवों का पिटारा बताते हैं। उन्होंने कहा ,” मैं जानता हूं कि मैं यहां पदक नहीं जीतूंगा लेकिन मैं अपनी उम्र के लोगों के लिये मिसाल बनना चाहता हूं।”

फिल्म 'टाइगर 3' में सीन करती नजर आयेंगी कैफ

कविता गर्ग        

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ अपनी आने वाली फिल्म टाइगर 3 में अपने करियर का सबसे बड़ा सोलो एक्शन सीन करती नजर आयेंगी। यश राज बैनर तले बन रही फिल्म ‘टाइगर 3’ में सलमान खान, कैटरीना कैफ और इमरान हाशमी की मुख्य भूमिका है। टाइगर 3 वर्ष 2012 में प्रदर्शित एक था टाइगर संस्करण की तीसरी कड़ी है। ‘एक था टाइगर’ और ‘टाइगर जिंदा है’ के बाद कैटरीना कैफ अब ‘टाइगर 3’ में जबरदस्त एक्शन सीन करती नजर आएंगी।

बताया जा रहा है कि ‘टाइगर 3’ के मेकर्स ने कैटरीना के लिए एक बहुत बड़ा एक्शन सीन प्लान किया है। इसे कैटरीना के करियर का सबसे बड़ा एक्शन सीन बताया जा रहा है और वह ऐसे स्टंट करती नजर आएंगी। जो उन्होंने पहले कभी नहीं किए हैं। कहा जा रहा है कि भारतीय सिनेमा में किसी फीमेल लीड का अब तक का सबसे बड़ा सोलो एक्शन सीन होगा। टाइगर 3 वर्ष 2022 में रिलीज हो सकती है।

तुर्की: बोड्रम के पास जंगल में आग लगने की आशंका

इस्तांबुल। तुर्की के बोड्रम के पास के जंगल में आग लगने की आशंका के मद्देनजर एजियन सी रिजॉर्ट के कुछ होटलों को खाली कराने के निर्देश दिए गए। जिसे सुनकर वहां ठहरे घबराए सैलिनियों को समुद्र तट पर नौका के इंतजार में देखा गया। तुर्की की मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई। तटरक्षक इकाई ने अभियान का नेतृत्व किया और अधिकारियों ने निजी नौकाओं को जंगल की आग के कारण सैलानियों को सुरक्षित जगह पहुंचाने में सहयोग करने को कहा। एक वीडियो में समुद्र तट से सटे पर्वतीय क्षेत्र में धुएं के गुबार और आग की लपटें दिख रही हैं। तुर्की के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि शनिवार को दो वन्यकर्मियों की मौत के बाद भूमध्यसागर से सटे शहर में जंगल की आग से मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।

बुधवार से जंगल में आग फैलने लगी और आग की चपेट में कुछ बस्तियां, पर्यटन केंद्र और गांव भी आग गए। लोगों को सुरक्षित स्थान पहुंचाया गया है। रूसी समाचार एजेंसी स्पुतनिक ने बताया कि बोड्रम से कम से कम 100 रूसी सैलानियों को सुरक्षित निकालकर नए होटलों में पहुंचाया गया।

कृषि और वानिकी मंत्री बेकिर पाकदेमिरली ने शनिवार को बताया कि तेज हवाओं और भीषण गर्मी के बीच 101 जगहों पर लगी आग में से 91 पर काबू पा लिया गया है। पांच प्रांतों में आग से प्रभावित इलाकों को आपदा क्षेत्र घोषित किया गया है। तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने शनिवार को हेलीकॉप्टर से कुछ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। एर्दोआन ने ‘मानवगत’ शहर में घोषणा की कि तुर्की की सरकार आग से प्रभावित लोगों के रहने का खर्च वहन करेगी और उनके घरों का पुनर्निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों के लिए कर, सामाजिक सुरक्षा और ऋण भुगतान स्थगित कर दिया जाएगा और छोटे व्यवसायों को शून्य ब्याज के साथ ऋण की पेशकश की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आग से अपनी जान गंवा चुके लोगों के लिए हम ईश्वर से दया की कामना के अलावा कुछ नहीं कर सकते हैं। लेकिन आग से जो कुछ भी जलकर खत्म हो चुका है उसका पुनर्निर्माण कर सकते हैं। एर्दोआन ने कहा कि यूक्रेन, रूस, अजरबैजान और ईरान के विमानों सहित आग पर काबू पाने में जुटे विमानों की संख्या छह से बढ़ाकर 13 हो गई है और तुर्की के हजारों कर्मियों के साथ अनेक हेलीकॉप्टर और ड्रोन आग बुझाने के प्रयासों में सहायता कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री फहार्तिन कोका ने बताया कि मानवगत में आग से प्रभावित 400 लोगों को अस्पतालों से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि 10 अन्य अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। मारमारिस में 159 लोगों का इलाज किया गया और आग में झुलसे एक व्यक्ति का अब भी इलाज चल रहा है। दक्षिणी हाते प्रांत में आग आबादी वाले क्षेत्रों में फैलने लगी लेकिन बाद में आग को काबू में कर लिया गया। तुर्की के भूमध्यसागरीय और एजियन क्षेत्रों में गर्मी के महीनों के दौरान जंगल की आग की घटनाएं आम हैं।

दिल्ली: वर्षा के कारण यमुना में जलस्तर फिर बढ़ा

अकांशु उपाध्याय            

नई दिल्ली। दिल्ली और यमुना नदी के तटीय इलाकों में लगातार बारिश के कारण यमुना में जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है और रविवार सुबह यह खतरे के निशान 205.33 मीटर से थोड़ा ही नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यमुना के डूब वालो क्षेत्रों से 100 से अधिक परिवारों को कुछ दिनों के लिए ऊंचाई वाले इलाकों में पहुंचाया गया है। नदी के तटीय इलाकों में भारी बारिश के कारण जलस्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर जाने के बाद शुक्रवार को दिल्ली प्रशासन ने बाढ़ की चेतावनी जारी की थी और संवेदनशील जगहों से लोगों को निकालने का काम शुरू किया था। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार सुबह नौ बजे पुराना रेलवे पुल पर जलस्तर 205.30 मीटर दर्ज किया गया।

शुक्रवार को यमुना में जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर चला गया था और रात नौ बजे तक यह 205.59 मीटर के स्तर तक पहुंच गया था। शनिवार शाम को जलस्तर 204.89 मीटर दर्ज किया गया था। हरियाणा द्वारा शुक्रवार को हथिनीकुंड बैराज से और अधिक पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली पुलिस और पूर्वी दिल्ली जिला प्रशासन ने राजधानी में यमुना के डूब क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का काम शुरू किया। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया, ”बाढ़ का खतरा बना हुआ है। हमने विभिन्न क्षेत्रों में नावों को तैनात किया है और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को अस्थायी रूप से दिल्ली सरकार के तंबू और आश्रय गृहों में ले जाया जा रहा है।” यमुना में जलस्तर के ”खतरे के निशान” 204.50 मीटर को पार करने पर बाढ़ की चेतावनी जारी की जाती है। दिल्ली बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने सुबह नौ बजे हरियाणा के यमुनानगर जिले के हथिनीकुंड बैराज से 17,827 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना दी।

आम तौर पर हथिनीकुंड बैराज में प्रवाह दर 352 क्यूसेक होती है, लेकिन डूब वाले क्षेत्रों में भारी वर्षा के बाद पानी का प्रवाह बढ़ गया है। नदी में प्रवाह मंगलवार को 1.60 लाख क्यूसेक पहुंच गया था जो इस साल अब तक का सर्वाधिक है। बैराज से छोड़े गए पानी को राजधानी पहुंचने में आमतौर पर दो से तीन दिन लगते हैं। एक क्यूसेक 28.32 लीटर प्रति सेकेंड के बराबर होता है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले कुछ दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में ”मध्यम से भारी” बारिश का पूर्वानुमान है। जिससे इस क्षेत्र से बहने वाली नदियों में जलस्तर बढ़ने की संभावना है। 2019 में प्रवाह दर 18-19 अगस्त को 8.28 लाख क्यूसेक तक पहुंच गई थी और यमुना का जलस्तर 205.33 मीटर के खतरे के निशान को पार करते हुए 206.60 मीटर के निशान पर पहुंच गया था। 1978 में नदी में जलस्तर अब तक के सर्वाधिक 207.49 मीटर तक पहुंच गया था। 2013 में जलस्तर 207.32 मीटर पहुंच गया था।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-351 (साल-02)
2. सोमवार, जुलाई 2, 2021
3. शक-1984,सावन, कृष्ण-पक्ष, तिथि- अष्टमी, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:44, सूर्यास्त 07:10।
5. न्‍यूनतम तापमान -20 डी.सै., अधिकतम-38+ डी.सै.। बरसात की संभावना बनी रहेंगी।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित)

शनिवार, 31 जुलाई 2021

मौजूदा समझौते के प्रावधानों का विस्तार किया

वाशिंगटन डीसी/ नई दिल्ली। भारत और अमेरिका ने शुक्रवार को एक मौजूदा समझौते के प्रावधानों का विस्तार किया। जिसके तहत सहयोगी देशों को कनेक्टिविटी, व्यापार और निवेश, स्वास्थ्य सेवा तथा कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त रूप से क्षमता निर्माण में मदद दी जाती है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने वैश्विक विकास के लिए त्रिकोणीय सहयोग पर मार्गदर्शक सिद्धांतों के वक्तव्य (एसजीपी) में दूसरे संशोधन पर हस्ताक्षर किए।एसजीपी समझौते पर नवंबर 2014 में हस्ताक्षर किए गए थे और नए संशोधन ने समझौते की वैधता को 2026 तक बढ़ा दिया है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ''भारत और अमेरिका मुख्य रूप से कृषि, क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार और निवेश, पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण, आपदा को लेकर तैयारी, जल, स्वच्छता, शिक्षा और संस्थान निर्माण पर ध्यान केंद्रित करते हुए, कई क्षेत्रों में भागीदार देशों को क्षमता निर्माण सहायता प्रदान करना जारी रखेंगे।

भाजपा-जेजेपी गठबंधन सरकार में विवाद पैदा हुआ

राणा ओबराय             
चंडीगढ़। हरियाणा की भाजपा-जेजेपी गठबंधन सरकार में एक नया विवाद पैदा हो गया है। हरियाणा लोक सेवा आयोग की मात्र एक सीट पर भाजपा ने अपना अपना दावा ठोकते हुए अपनी पार्टी की ओर से आनंद शर्मा को एचपीएससी का मेंबर बना दिया। जिससे नाराज होकर जेजेपी पार्टी के नेता व हरियाणा सरकार में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और उनकी पार्टी के अन्य नेता शपथग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए। इससे साफ हो गया है कि आनंद शर्मा के एचपीएससी मेंबर बनने से जेजेपी पार्टी खुश नहीं है।

निजी जानकारी के अनुसार मई माह में हुई कैबिनेट मीटिंग में जब एचपीएससी के मेंबरों की संख्या घटाई गई थी तो उस समय भी मीटिंग के अंदर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था ? क्या हरियाणा की गठबंधन सरकार में सहयोगी पार्टी के पदासीन उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व जेजेपी पार्टी के विधायकों को मुख्यमंत्री खट्टर अब पहले जैसी अहमियत नही दे रहे हैं। अगर ऐसा है तो यह दावे के साथ कहा जा सकता हैं कि गठबंधन सरकार के दिन थोड़े रह गए हैं ?

हापुड़: युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में लगाईं फांसी

अतुल त्यागी            
हापुड़। मामला जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव बनखण्डा का है। जहां युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर मौत को लगाया गले। मौके पर सुसाइड नोट भी छोड़ा। 
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट को लिया अपने कब्जे में। भारी पुलिस बल मौके पर जांच पड़ताल में जुटा।
मिली जानकारी के अनुसार फांसी के फंदे पर जैसे ही युवक के लटके होने की खबर परिवार और गांव के लोगों को पता चली तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। इसी दौरान सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है, तो वही लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। चर्चाओं का बाजार गर्म दिखाई दे रहा है।युवक ने फांसी के फंदे पर झूल कर अपनी मौत को गले लगाने के बाद एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। पुलिस ने हालांकि सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया है और गंभीरता से जांच में जुटी है।

भारतीय टीम को जीत, वंदना ने भूमिका निभाई

पंकज कपूर           

देहरादून। उत्तराखंड के हरिद्वार के छोटे से गांव की हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने ओलंपिक में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन गोल दागे और भारतीय टीम को जीत दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई। वंदना ने ओलंपिक में हैट्रिक लगाकर पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी का यह खिताब भी अपने नाम कर लिया है। 1984 के बाद किसी भारतीय ने ओलंपिक में हैट्रिक नहीं लगाई थी। 

वंदना ने इस एेतिहासिक उपलब्धि के जरिए दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि दी है। अपनी तैयारी के चलते वह पिता के निधन पर भी गांव नहीं आ सकी थीं। वंदना की इस उपलब्धि पर परिवारजनों, ग्रामीणों और जिले के खेल अधिकारियों में जश्न का माहौल है। बहादराबाद ब्लॉक क्षेत्र के गांव रोशनाबाद निवासी वंदना कटारिया ने पढ़ाई के साथ हॉकी को अपना कॅरियर बनाने के लिए जी जान से मेहनत की है।

वंदना कटारिया का जन्म 15 अप्रैल 1992 में रोशनाबाद में ही हुआ है। वंदना कटारिया ने पहली बार जूनियर अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में 2006 में प्रतिभाग किया। वर्ष 2013 में देश में सबसे अधिक गोल करने में सफल रहीं। जर्मनी में हुए जूनियर महिला विश्वकप में वंदना कटारिया कांस्य पदक विजेता बनीं। वंदना ने हॉकी में फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान भी रह चुकी हैं। 2021 मई में पिता नाहर सिंह का आकस्मिक निधन हो गया। तब गांव नहीं आ पाई थीं। तब ओलंपिक के लिए बेंगलुरु में चल रहे कैंप में तैयारी कर रही थीं। उसकी हैट्रिक लगाने से गांव में जश्न है।

डीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया

कौशाम्बी। जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मंझनपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में ऑक्सीजन प्लॉण्ट एवं आक्सीजन पाइप लाइन के निर्माण कार्य को देखा। प्लॉट का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। छोटी मोटी कमियों को तत्काल पूर्ण कराते हुए उन्होंने प्लांट को जल्द से जल्द चालू कराये जाने का निर्देश दिया है। 
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में जलभराव वाले स्थान में मिट्टी डलवाने एवं जल निकासी हेतु नाली निर्माण कराये जाने का निर्देश अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मंझनपुर को दिये हैं।उन्होंने वहां पर खड़े निष्प्रयोज्य वाहनों की नीलामी कराये जाने का निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिया है। जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई कराये जाने का भी निर्देश दिया है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विनय कुमार गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केसी राय अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
उज्ज्वल केशरवानी 

आयुर्विज्ञान संस्थान स्थापित के लिए मंजूरी मांगी

बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने राज्य के हुबली-धारवाड़ में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंजूरी मांगी है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक बोम्मई ने प्रधानमंत्री से कलाबुर्गी में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल को क्षेत्रीय एम्स जैसे संस्थान के रूप में उन्नयन करने की भी प्रधानमंत्री से अपील की है। बयान में कहा गया है कि मोदी ने मुख्यमंत्री को राज्य के विकास के लिए पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया और राज्य की प्रगति के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी।

दिल्ली में शनिवार को कोरोना के 58 नए मामलें मिलें

अकांशु उपाध्याय              

ई दिल्ली। दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 के 58 नए मामले सामने आए तथा एक संक्रमित की मौत हुई। वहीं, संक्रमण दर घटकर 0.08 फीसदी हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। स्वास्थ्य बुलेटिन में बताया गया कि एक संक्रमित की मौत होने से यहां मरने वालों की संख्या 25,053 पर पहुंच गई है। शुक्रवार को यहां संक्रमण के 63 नए मामले आए थे तथा तीन व्यक्तियों की मौत हुई थी और संक्रमण दर 0.09 फीसदी थी।

दिल्ली में बृहस्पतिवार को संक्रमण के कारण किसी की मौत नहीं हुई थी और दूसरी लहर के बाद से यह तीसरी बार था, जब महामारी के कारण एक दिन में किसी की मौत नहीं हुई थी। इससे पहले 18 जुलाई और 24 जुलाई को संक्रमण के कारण किसी की जान नहीं गई थी। इससे पहले इस वर्ष दो मार्च को भी राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के कारण किसी की मौत का मामला सामने नहीं आया था। तब संक्रमण दर 0.33 फीसदी थी।


कृषि कानूनों की मांग से जुड़ा प्रस्ताव पारित किया

अकांशु उपाध्याय                 
नई दिल्ली। दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने संसद में पारित तीन कृषि कानूनों को वापस करने की मांग से जुड़ा प्रस्ताव संख्या बल के आधार पर दिल्ली विधानसभा में पारित किया है। तीनों कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमा पर डटे किसानों की मांगों के समर्थन में दिल्ली सरकार का यह एक और प्रयास है।
दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को सदन में आम आदमी पार्टी के सदस्य की ओर से चर्चा के लिए लगाए गए विषय पर पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट किया है।  
आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह की ओर से विधानसभा में इस संबंध में लगाए गए प्रस्ताव पर चर्चा भी की गई। चर्चा में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों की ओर से सदस्यों हिस्सा लिया।
चर्चा के दौरान दिल्ली के शहरी विकास मंत्री सत्येंद्र जैन दिल्ली सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार इन तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ शुरुआत से ही विरोध कर रही है। वह किसानों की मांगों का पुरजोर तरीके से समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों के द्वारा करीब 1 साल से विरोध प्रदर्शन करने के बाद अब इन कानूनों को तुरंत वापस लेना चाहिए।



सीएम योगी ने 'मिशन शक्ति अभियान' में निर्देश दिए

हरिओम उपाध्याय                 
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित 'मिशन शक्ति अभियान' में विभागों की संख्या कम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभियान का नोडल गृह विभाग को ही बनाने को कहा है। उन्होंने थानों में तैनात महिलाओं को बीट इंचार्ज बनाने और महिला सिपाहियों की संख्या भी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वे शुक्रवार को अपने आवास पर मिशन शक्ति के तीसरे चरण की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा है कि इस अभियान का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। 
इसलिए इसे और प्रभावशाली तरीके संचालित किया जाएगा। महिलाओं की सहायता के लिए थानों में स्थापित हेल्पडेस्क को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश देते हुए सीएम ने '1090 वीमेन पावर लाइन' पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण पीड़ितों की संतुष्टि के मुताबिक करने और उनसे नियमित समय पर फीडबैक लेने को भी कहा। इस मौके पर प्रमुख सचिव महिला कल्याण वी हेकाली झिमोमी ने मिशन शक्ति के तीसरे चरण को लागू करने के संबंध में प्रजेंटेशन दिया। प्रजेंटेशन देखने के बाद सीएम ने अभियान से संबंधित विभागों की संख्या घटाकर अधिकतम 5 या 6 तक सीमित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें मुख्य रूप से गृह, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर विकास, महिला कल्याण और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को ही जोड़ने को कहा है।
सड़कों पर समुचित प्रकाश की व्यवस्था हो
सीएम ने महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए लगाए गए सीसीटीवी को आपस में लिंक करने और निजी संस्थाओं, मॉल व कार्यालयों में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी इनसे जोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़कों पर समुचित मार्ग प्रकाश की व्यवस्था करने और गृह विभाग को अभियान की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए हैं।
एडीजी नीरा रावत ने वीमेन पावर लाइन से संचालित कार्यक्रमों का प्रजेंटेशन दिया।
वहीं, आईजी लखनऊ रेंज लक्ष्मी सिंह ने मिशन शक्ति के तीसरे चरण के अभियान का प्रजेंटेशन देते हुए महिला अपराधियों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई का ब्योरा व महिला बीट पुलिस अधिकारियों की तैनाती समेत अन्य सुझाव दिए। अभियान से संबंधित एसीएस स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद, एसीएस ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज मनोज कुमार सिंह, एसीएस उच्च शिक्षा मोनिका गर्ग और एसीएस माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला ने भी अपने-अपने विभागों के क्रियाकलापों की जानकारी दी।

आशुतोष ने बच्चे के संक्रमित पाए जाने की पुष्टि की

पंकज कपूर               
देहरादून। कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए सरकार और स्वास्थ्य विभाग विभिन्न तरह से जागरूकता फैलाने के साथ ही हर संभव प्रयास कर रहा है। बावजूद इसके इन दिनों स्कूलों को खोलने की सरकार तैयारियां कर रही है। वहीं दून अस्पताल के पीआईसीयू में तीन दिन से भर्ती एक 12 साल का बच्चा कोरोना संक्रमित पाया गया है। जिससे विभाग के अफसर एवं अस्पताल के डाक्टर सकते में हैं। क्योंकि अस्पताल में एक माह बाद कोई बच्चा संक्रमित पाया गया है।
अस्पताल में रोजाना चार से पांच बच्चे विभिन्न बीमारियों को लेकर भर्ती हो रहे हैं। कोरोना जांच सभी की कराई जाती है। एक माह बाद कोई बच्चा संक्रमित मिला है। दून मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बच्चे के संक्रमित पाए जाने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि, विभाग के एचओडी डॉ. अशोक कुमार के अंडर में बच्चा भर्ती है। बच्चे को ऑक्सीजन की जरूरत नहीं है और अब हालत सामान्य है। शुक्रवार को सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। विशेष निगरानी में बच्चे को रखा गया है। बच्चे के माता-पिता यूपी के एक जिले से है। जो चार माह पूर्व बच्चे को यहां लाए थे। पहले बच्चा ओपीडी में भी अस्पताल आया था। बुधवार को इमरजेंसी में आया तो उसे भर्ती किया गया। उसे सात दिन से बुखार था। अब हालत सामान्य है, चिंता जैसी कोई बात नहीं है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल कौशिक, डॉ. आयशा इमरान का कहना है कि, इस मौसम में बच्चों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। बरसात के मौसम में बच्चों को गंदे पानी से बचाना है। ताजा एवं तरल खाना बच्चों को दिया जाना है। उन्हें साफ, हो सके तो उबला पानी पिलाएं, गंदगी से बचाएं।
कुछ दिक्कत जैसे बुखार, नजला, खांसी एवं बच्चा गुमसुम नजर आएं तो तुरंत डाक्टर को दिखाएं। तीसरी लहर की आशंकाओं को लेकर पैनिक न फैलाएं। कोरोना से बचाव को एहतियात बरतें। घर से निकलने से पहले मास्क एवं सेनेटाइजर का प्रयोग करें। घर में वापस आने पर नहा धोकर ही बच्चों से मिलें।

100 से अधिक लोगों को स्वीकृति-पत्र वितरित किएं

पंकज कपूर              
देहरादून। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत चिन्हित लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र सौंपे। सीएम कैम्प कार्यालय परिसर स्थित जनता दर्शन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लाभार्थियों को प्रथम किश्त की राशि डीबीटी द्वारा ऑनलाईन जारी की। उन्होंने कार्यक्रम में 100 से अधिक लोगों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में प्रदेश के लाभार्थियों को आवास बन जाने के बाद सामान आदि के लिए पांच-पांच हजार रूपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार सबका साथ- सबका विकास- सबका विश्वास के ध्येय वाक्य के साथ सरकार नहीं बल्कि साझेदार के तौर पर काम कर रही सरकार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाएं समाज में अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सीधे लाभ पहुंचा रही है। पहले योजनाएं बनती थीं, पर उसका लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंचता था। परंतु प्रधानमंत्री जी ने दूरदर्शिता के साथ पहले सभी के जनधन योजना में खाते खुलवाए और अब उन खातों में डीबीटी द्वारा योजना की राशि सीधे लाभार्थी को दी जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि आदि योजनाओं से करोड़ों भारतीयों को लाभ मिला है।

छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने हाईअलर्ट जारी किया

दुष्यंत टीकम       

रायपुर। अगले 4 घंटे प्रदेश में मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक प्रदेश के इन जिलों में बाढ़ जैसे हालात भी बन सकते है। मौसम विभाग ने कहा कि सरगुजा संभाग में पूर्व में ही अच्छी बारिश हो चुकी है। आज भारी बारिश की वजह से बलरामपुर, जशपुर, कोरिया में बाढ जैसे हालात बनने की सम्भावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र झारखण्ड और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवात घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिणी मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित है। इसके साथ चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। मानसून द्रोणिका गंगानगर, नरनौल, उत्तर प्रदेश में स्थित निम्न दाब के केंद्र, गया, चिन्हित निम्न दाब के केंद्र और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर बंगाल की खाड़ी तक स्थित हैं।

वाइस एडमिरल ने प्रमुख के तौर पर प्रभार संभाला

अकांशु उपाध्याय                
नई दिल्ली। नौवहन एवं दिशा विशेषज्ञ, वाइस एडमिरल एस एम घोरमडे ने भारतीय नौसेना के उपप्रमुख के तौर पर शनिवार को प्रभार संभाला। एडमिरल घोरमडे का भारतीय नौसेना के अग्रिम मोर्चे के युद्धपोतों पर व्यापक परिचालन अनुभव रहा है। जिसमें निर्देशित मिसाइल पोत आईएनएस ब्रह्मपुत्र, पनडुब्बी बचाव पोत आईएनएस निरीक्षक और सुरंग भेदी पोत आईएनएस एलेप्पी की कमान संभालना शामिल है।
उन्होंने वाइस एडमिरल जी अशोक कुमार की जगह ली है जो 39 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी नौसेना के उपप्रमुख का पद संभालने से पहले एकीकृत रक्षा स्टाफ के मुख्यालयों में तीनों सेवा के उपप्रमुखों की नियुक्ति (अभियान एवं प्रशिक्षण) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वाइस एडमिरल घोरमडे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला, रोड आइलैंड में अमेरिकी नेवल वॉर कॉलेज में नेवल स्टाफ कॉलेज और मुंबई के नेवल वॉर कॉलेज के विद्यार्थी रहे हैं।
उन्होंने एक जनवरी, 1984 में भारतीय नौसेना में कमिशन प्राप्त कियाथा और उन्हें नौवहन एवं दिशा विशेषज्ञ के तौर पर जाना जाता है। तट पर उनकी महत्वपूर्ण स्टाफ नियुक्तियों में सहायक प्रमुख (मानव संसाधन विकास), कर्मियों के प्रधान निदेशक और नौसेना मुख्यालय में नौसेना योजनाओं का निदेशक पद शामिल है।
वाइस एडमिरल के पद पर उन्होंने नौसैन्य अभियानों के महानिदेशक, पूर्वी नौसैन्य कमान के प्रमुख और कार्मिक सेवाओं के नियंत्रक जैसे चुनौतीपूर्ण और प्रतिष्ठित पदों को संभाला है। फ्लैग ऑफिसर (वरिष्ठ नौसैन्य अधिकारी) को भारत के राष्ट्रपति द्वारा 2017 में अतिविशिष्ट सेवा पदक और 2007 में नौसेना पदक से सम्मानित किया गया है।

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...