सोमवार, 26 जुलाई 2021

जहरीले कीड़े के काटने से 1 परिवार की मौंत हुईं

मनोज सिंह ठाकुर                   
शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में जहरीले कीड़े  के काटने से एक व्यक्ति और उसके नाबालिग बेटे एवं बेटी की मौत हो गई। जैतपुर पुलिस थाने के प्रभारी सुदीप सोनी ने सोमवार को बताया कि यह घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात को कोठी ताल गांव  में उस समय हुई जब लाल पालिया (35) और उसके बच्चे अपने घर में सो रहे थे। उन्होंने बताया कि आधी रात के बाद लाला पालिया ने अचानक शरीर में तेज दर्द की शिकायत की। उसके परिवार के लोग उसे जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। जहां रविवार सुबह उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि लाला पालिया का बेटा संजय (05) और बेटी शशि (03) भी सुबह मृत पाए गए. अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि उनकी मौत किसी जहरीले कीड़े की काटने से हुई है।उन्होंने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
बता दें कि बीते मई महीने में मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सांप काटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मऊगंज थाना क्षेत्र के सुर सुरवही गांव की रहने वाली श्यामवती जायसवाल को सांप ने काट लिया, जिसके बाद उसे मऊगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद जब परिजनों को डेड बॉडी सौंपी गई, तो पति ने शव वाहन की बात की। इस पर अस्पताल की तरफ से कहा गया कि शव वाहन की कमी है। महिला के पति के बार-बार गुहार लगाने के बाद भी शव वाहन नहीं दिया गया। आखिरकार वह मोटरसाइकिल पर लकड़ी की तरह शव को बांधकर श्मशान घाट की ओर चल पड़ा था। वहीं, इस घटना से 2 दिन पहले भी मऊगंज से ऐसी ही तस्वीर सामने आई थी। इसके बाद भी हंगामा हुआ था।

टेस्ट सीरीज़ से पहले टीम में अहम बदलाव किए

नई दिल्ली/ लदंन। इंग्लैंड के बीच 4 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज़ से पहले भारतीय टीम के स्क्वायड में अहम बदलाव किए गए हैं। तीन खिलाड़ियों के चोटिल होने के बाद कुछ नए खिलाड़ियों को जोड़ा गया है।  श्रीलंका में टी-20 सीरीज़ खेल रहे पृथ्वी शॉ और सूर्यकुमार यादव को टेस्ट सीरीज़ के लिए इंग्लैंड बुलाया गया है। बीसीसीआई की ओर से सोमवार को आधिकारिक जानकारी में बताया गया कि ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर, तेज़ गेंदबाज आवेश खान और ओपनर शुभमन गिल चोटिल होने की वजह से इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए हैं। वाशिंगटन सुंदर के सीधे हाथ की उंगली में चोट लगी है, जबकि आवेश खान को बाएं अंगूठे में चोट लगी है।
वहीं, शुभमन गिल के बाएं पैर में चोट लगी है, वह टेस्ट चैम्पियनशिप में चोटिल हुए थे।
इन खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट के तौर पर पृथ्वी शॉ और सूर्यकुमार यादव को इंग्लैंड भेजा जा रहा है, जो अभी श्रीलंका में टी-20 सीरीज़ खेल रहे हैं। बता दें कि भारत को इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैच की सीरीज़ खेलनी है, पहला मैच 4 अगस्त को ट्रेंटब्रिज में खेला जाना है।
इनके अलावा ऋषभ पंत कोरोना को मात देकर ठीक हो गए हैं, ऐसे में वो टेस्ट सीरीज़ के लिए फिट हैं. जबकि बॉलिंग कोच बी. अरुण, विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा और ए. ईश्वरन भी टीम के साथ जुड़ गए हैं।
रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, चेतश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), आर. अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, केएल. राहुल, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), अभिमन्यु ईश्वरन, पृथ्वी शॉ, सूर्यकुमार यादव

गाजियाबाद में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया

अश्वनी उपाध्याय 
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस ने गाजियाबाद में एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है और 14 महिलाओं सहित 30 उन लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोगों को उनकी बीमा पॉलिसियों पर ऋण देने का वादा कर ठगी करते थे। यह जानकारी रविवार को अधिकारियों ने दी। 
पुलिस ने कहा कि ‘ऑपरेशन 420’ के तहत पुलिस के साइबर अपराध प्रकोष्ठ और कोतवाली पुलिस ने शनिवार को नोएडा से संचालित हो रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया।
पुलिस अधीक्षक अमित पाठक ने बताया, ‘‘आरोपी ऐसे बीमा पॉलिसी धारकों का आंकड़ा जुटाते थे जो पॉलिसी परिपक्व होने वाली होती थी। इसके बाद गिरोह के लोग पॉलिसीधारकों को धन को नकद नहीं कराने के लिए आश्वस्त करते थे और पॉलिसी आगे बढ़ाने के लिए कहते थे जिसके लिए उन्हें ज्यादा प्रोत्साहन राशि और ऋण देने का लोभ दिया जाता था। उन्होंने बताया कि आरोपी धन अपने खातों में अंतरित करवा लेते थे। यह धोखाधड़ी तब प्रकाश में आयी जब मॉडल टाउन निवासी सागर ने इस बारे में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कहा कि आरोपियों से अपराध में इस्तेमाल किए गए 19 मोबाइल फोन, 14 कॉर्डलेस फोन, एक कार आदि बरामद किये गये। पाठक ने बताया कि गिरोह ने एक हजार से अधिक लोगों से ठगी की है।
बता दें कि बीते 13 जुलाई को दिल्‍ली की पुलिस ने अमेरिकी नागरिकों को ठगने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया था। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस (Delhi Police) ने सुल्तानपुर, मंडी रोड, दिल्ली से 26 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया था, जिसमें पांच महिलाएं भी शामिल हैं।  वहीं, पुलिस ने 29 कंप्यूटर भी बरामद किए थे।  दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अतुल ठाकुर के मुताबिक, पुलिस को पता चला कि सुल्तानपुर, मंडी रोड, दिल्ली में एक अवैध कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। इसके बाद इंस्पेक्टर अतुल त्यागी के नेतृत्व में एक टीम ने परिसर में छापा मारा और लोगों को ठगने की कोशिश में कर्मचारी रंगेहाथ पकड़े गए।  इस दौरान कॉल सेंटर से 5 महिलाओं सहित 26 लोगों को अमेजन ग्राहक सेवा देने के नाम पर अमेरिकी नागरिकों को ठगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 

आर्थिक राजधानी मुंबई में फिर बढ़ रहे हैं मामलें

कविता गर्ग              
मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे की बात की जाए तो यहां 362 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 10 मरीजों की मौत भी हुई है। साथ ही इस दौरान 539 मरीजों कोरोना बीमारी से रिकवर भी हुए हैं। वहीं पूरे राज्य महाराष्ट्र की बात की जाए तो रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 6,843 नए मामले सामने आए हैं और अब तक राज्य में कुल 62,64,922 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं पूरे राज्य में बीते 24 घंटे में 123 मरीजों की मौत के साथ ही अब तक महाराष्ट्र में मरने वालों का कुल आंकड़ा 1,31,552 हो चुका है।
महाराष्ट्र में स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक रविवार को 5,212 मरीजों को संक्रमण से उबरने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई, जिसके साथ ही महाराष्ट्र में अब तक 60,35,029 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। महाराष्ट्र में फिलहाल 94,985 कोरोना मरीज अस्पताल में भर्ती है। स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि फिलहाल मुंबई में संक्रमण के मामले ज्यादा निकल रहे हैं और मुंबई में रविवार को संक्रमण के 364 नए मामले सामने आए और 10 मरीजों की मौत हो गई।

जयंती को फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया

बेंगलुरु। मशहूर अदाकारा जयंती का सोमवार को निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
वह 76 वर्ष की थीं। अपने पांच दशक से लंबे करियर में जयंती ने विभिन्न भाषाओं में 500 से अधिक फिल्में की।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उन्हें उम्र संबंधी परेशानियां थीं और कुछ समय से उनका इलाज चल रहा था।
जनवरी 1945 को बल्लारी में अंग्रेजी के प्रोफेसर बालासुब्रमण्यम और संथानलक्ष्मी के घर जन्मी कमला कुमारी यानी जयंती ने ‘जेनु गुडू’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। अभिनेता राजकुमार के साथ उन्होंने 40 से अधिक फिल्में की। जयंती ने तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और हिंदी भाषा की फिल्मों में काम किया।
जयंती को सात बार कन्नड़ फिल्मफेयर पुरस्कार और दो बार फिल्मफेयर पुरस्कार (दक्षिण) से सम्मानित किया गया।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ” मशहूर कलाकार जयंती के निधन की खबर से बहुत दुखी हूं। फिल्म उद्योग में उनका बहुत बड़ा योगदान था और उनके निधन से कन्नड़ फिल्म उद्योग को अपूरणीय क्षति पहुंची है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार तथा प्रशंसकों को यह दुख सहन करने की शक्ति।

लद्दाख का दौरा खराब मौसम के कारण रद्द हुआ

श्रीनगर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का सोमवार को करगिल विजय दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए लद्दाख के करगिल का दौरा खराब मौसम के कारण रद्द हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रपति कोविंद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के चार दिवसीय दौरे के लिये रविवार को श्रीनगर पहुंचे हैं। राष्ट्रपति 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान शहीद होने वाले भारतीय जवानों की याद में बनाये गये करगिल युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिये आज करगिल जाने वाले थे। करगिल विजय दिवस 1999 की करगिल लड़ाई में शहीद हुए देश के रणबांकुरो के सम्मान में हर वर्ष 26 जुलाई को मनाया जाता है।
यह दिन हर भारतीय के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। भारत के जांबाज रणबांकुरों ने इस दिन करगिल की चोटियों पर डेरा जमाए बैठे घुसपैठियों और पाकिस्तानी सैनिकों को खदेड़ा था। करीब दो महीने तक चले संघर्ष में भारतीय सेनाओं ने शानदार जीत हासिल की थी।
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कारगिल विजय दिवस के मौके पर यहां राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जाकर मातृभूमि की रक्षा में प्राण न्यौच्छावर करने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को करगिल विजय दिवस की 22वी वर्षगांठ पर पाकिस्तान के साथ हुए इस युद्ध के शहीदों को याद किया और कहा कि उनकी बहादुरी हर दिन देशवासियों को प्रेरित करती है।
रक्षा मंत्री ने टि्वट कर कहा, “ कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मैं भारतीय सेना के अदम्य शौर्य, पराक्रम और बलिदान को नमन करता हूँ।” इस मौके पर अपने संदेश में उन्होंने कहा, “ कारगिल युद्ध के महान शूरवीरों ने भारत की रक्षा का स्वर्णिम अध्याय अपने शौर्य, पराक्रम और बलिदान से लिखा है।
कठिन और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भारतीय सेना ने कारगिल में जो विजय प्राप्त की वह अपने आप में अतुलनीय है। मैं कारगिल युद्ध में वीरगति प्राप्त करने वाले सभी वीर सैनिकों के परिवारों को फिर से यह भरोसा देना चाहता हूं कि यह देश उनके बलिदान , उनकी स्मृति को कभी नहीं भूल सकता। दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक हमारी इस प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
अमर चक्र पर जल रही अमर ज्योति भारतीय सेना के पराक्रम और बलिदान की अग्नि साक्षी है। ” रक्षा मंत्री से पहले सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आर के एस भदौरिया और नौसेना उप प्रमुख वाइस एडमिरल जी अशोक कुमार तथा अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने युद्ध स्मारक जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

चीन ने खतरनाक नीति को बदलने की अपील की

बीजिंग/ वाशिंगटन डीसी। चीनी शहर तियानजिन में अमेरिका और चीन के बीच सोमवार को आमने-सामने की उच्च स्तरीय वार्ता शुरू होने के बीच चीन ने अमेरिका पर द्विपक्षीय संबंधों में ”गतिरोध” पैदा करने का आरोप लगाया। आधिकारिक संवाद समिति ‘शिंहुआ’ ने बताया कि चीन के उप विदेश मंत्री शेई फेंग ने अमेरिका से ”अपनी अत्यधिक पथभ्रष्ट मानसिकता और खतरनाक नीति को बदलने” की अपील की।
शिंहुआ ने बताया कि शी ने अमेरिका की उप विदेश मंत्री वेंडी शेरमन से कहा कि चीन और अमेरिका के संबंधों में गतिरोध इसलिए है, क्योंकि कुछ अमेरिकी चीन को ”काल्पनिक शत्रु” के रूप में चित्रित करते हैं। शेरमन अमेरिका एवं चीन के संबंधों के प्रभारी फेंग और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ तियानजिन शहर के रिजॉर्ट में बंद कमरे में अलग-अलग बैठकों में दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों पर चर्चा कर रही हैं।छह महीने पहले जो बाइडन के अमेरिका में राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने के बाद वह चीन की यात्रा करने वाली सबसे ऊंचे रैंक की अमेरिकी अधिकारी हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में दोनों देशों के बीच संबंध बहुत खराब हो गए थे और प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा, मानवाधिकार तथा अन्य मामलों पर दोनों के बीच तनाव की स्थिति है।वांग ने शनिवार को एक साक्षात्कार में अमेरिका पर आरोप लगाया था कि वह स्वयं को सर्वश्रेष्ठ समझता है और अन्य देशों पर दबाव बनाने के लिए अपनी ताकत का इस्तेमाल करता है। बाइडन प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि इन वार्ताओं का मकसद किसी विशेष मामले पर चर्चा करना नहीं है, बल्कि उच्च स्तरीय संवाद के माध्यम खुले रखना है। बाइडन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच भी अक्टूबर के अंत में रोम में जी-20 शिखर सम्मेलन के इतर बैठक हो सकती है।

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। दबे पांव पहुंचे भूकंप ने धरती को हिलाते हुए पब्लिक को दहशत में ड...