शुक्रवार, 23 जुलाई 2021

सीजी: हथिनी के बच्चे का वन विभाग ने रेस्क्यू किया

दुष्यंत टीकम                 
जशपुर। दलदल भरे कुएं में फंसी हथिनी और उसके बच्चे का वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग ने जेसीबी की सहायता से हथिनी और शावक दोनों को सुरक्षित निकाल लिया। घटना जशपुर के रेंगारघाट स्थित बिलासपुर गांव का है। जहां दुमरडांड बस्ती में बने पुराने कुएं में देर रात करीब 1 बजे हथिनी अपने शावक के साथ गिर गया था।
ग्रामीणों के मुताबिक कुनकुरी वन रेंज के दुमरडांट बस्तर में देर रात हाथियों का दल घूम रहा था, इसी दौरान एक बड़े गड्ढेनुमा कुएं में एक हथिनी और उसका बच्चा गिर गया। हाथी के गिरते ही हाथियों का दल चिघाड़ने लगा। आधी रात को हाथियों के इस चिघाड़ को सुनकर ग्रामीण सहम गये थे।

तनाव के बीच चीनी राष्ट्रपति ने तिब्बत का दौरा किया

बीजिंग/नई दिल्ली। भारत के साथ सीमा पर चल रहे तनाव के बीच चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने तिब्बत का दौरा किया। सत्ता संभालने के एक दशक बाद जिनपिंग का पहला तिब्बत दौरा है। चीन की सरकारी एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक , जिनपिंग ने भारत के अरुणाचल प्रदेश राज्य से सटे चीन के न्यिंगची शहर का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इतना ही नहीं, राष्ट्रपति जिनपिंग ने ब्रह्मपुत्र नदी पर बन रहे बांध का भी निरीक्षण किया। चीन यहां पर दुनिया का सबसे बड़ा बांध बना रहा है। वहीं भारत इसका कड़ा विरोध कर रहा है।

बद्रीनाथ में नमाज पढ़े जाने का वीडियो सामने आया

पंकज कपूर                       
देहरादून। उत्तराखंड के बदरीनाथ मंदिर परिसर में कुछ मुस्लिमों द्वारा नमाज पढ़े जाने का वीडियो सामने आने के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है। कहा जा रहा है कि बकरीद के मौके पर कुछ मुस्लिमों ने मंदिर परिसर में कथित तौर पर नमाज अदा की। इस खबर के बाद सांप्रदायिक तनाव बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस  अधिकारी यशवंत सिंह चौहान ने कहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ मुस्लिम बदरीनाथ मंदिर परिसर में नमाज अदा कर रहे हैं। यह वीडियो वायरल हो रहा है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो को देखते ही स्थानीय पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच के मुताबिक इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने कहा कि 15 मुस्लिम मजदूर हरिंदर नाम के एक मुस्लिम कॉन्ट्रैक्टर के यहां काम करते है। मजदूर मंदिर से एक किमी दूरी पर एक पार्किंग फैसिलिटी प्रोजेक्ट में पर काम कर रहे हैं। साइट पर ही रहने की वजह से बकरीद के दिन सभी ने सुबह तड़के वहीं पर नमाज अदा कर ली। उन्होंने किसी भी सार्वजनिक स्थल पर नमाज नहीं पढ़ी। न ही इसके लिए बाहर से किसी मौलाना को बुलाया गया था।

यूके में चुनाव को देखते हुए गतिविधियां तेज हुईं

पंकज कपूर                 
देहरादून। उत्तराखंड में अगले साल चुनाव को देखते हुए यहां पर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश पर अपने विभिन्न पदाधिकारियों की घोषणा की है। कांग्रेस ने अपनी उत्तराखंड इकाई में बड़ा बदलाव करते हुए गुरुवार को गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रीतम सिंह को विधायक दल का नेता भी नियुक्त किया जो इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
पार्टी ने 72 वर्षीय हरीश रावत को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाने के साथ ही उनके करीबी माने जाने वाले गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपी है। कांग्रेस ने गोदियाल को अध्यक्ष बनाने के साथ ही जीत राम, भुवन कापड़ी, तिलक राज बेहड और रंजीत रावत को उत्तराखंड इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
आर्येंद्र शर्मा को उत्तराखंड कांग्रेस का कोषाध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप टम्टा को चुनाव प्रचार समिति का उपाध्यक्ष और दिनेश अग्रवाल को इसका संयोजक बनाया गया है।

रिलीज होने वाली फिल्म पर उत्साह निर्मित हुआ

मनोज सिंह ठाकुर              
छतरपुर। छतरपुर को बसाने वाले महान शासक और बुन्देली योद्धा महाराजा छत्रसाल के जीवन पर आधारित फिल्म को एक वेबसीरीज के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। छत्रसाल नाम से एमएक्स प्लेयर पर 29 जुलाई को रिलीज होने वाली इस फिल्म को लेकर पूरे बुन्देलखण्ड में जबर्दस्त उत्साह निर्मित हो गया है। महाराजा छत्रसाल का जन्म टीकमगढ़ जिले के मोरपहाड़ी में हुआ था। उन्होंने छतरपुर और पन्ना को बसाकर यहीं से एक लंबे क्षेत्र तक साम्राज्य चलाया। महाराजा छत्रसाल को बुन्देलखण्ड में एक नायक की तरह पूजा जाता है। 
जाहिर है, उन पर आ रही फिल्म का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। एमएक्स प्लेयर पर 20 एपिसोड में आने वाली इस फिल्म को अनादि चतुर्वेदी ने निर्देशित किया है। इसके लेखक जयनेश एजारदार और सुश्री रेचल हैं। रेजोनेंस डिजिटल प्रोडक्शन हाउस के द्वारा इस फिल्म को बनाया गया है। फिल्म में आशुतोष राणा ने औरंगजेब तो वहीं जितिन गुलाटी ने महाराजा छत्रसाल का किरदार निभाया है। फिल्म में नीना गुप्ता भी नजर आएंगी।

परीक्षा को लेकर शिक्षा मंडल ने निर्देश जारी किएं

मनोज सिंह ठाकुर                  
भोपाल। मध्यप्रदेश में कक्षा 10वीं के रिजल्ट से असंतुष्ट छात्र-छात्राएं विशेष परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। विशेष परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिसमें एमपी बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि हाईस्कूल की विशेष परीक्षा में नए विद्यार्थी शामिल नहीं हो सकेंगे।माध्यमिक शिक्षा मंडल ने अपने आदेश में स्पष्ट कहा है कि हाईस्कूल की विशेष परीक्षा में नए छात्र-छात्राएं शामिल नहीं हो सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल के पोर्टल पर जिन छात्र-छात्राओं के नाम दर्ज है उन्हें ही इस विशेष परीक्षा के लिए पात्र माना जाएगा और केवल वही छात्र-छात्राएं विशेष परीक्षा के लिए फॉर्म भर सकेंगे। विशेष परीक्षा के लिए एमपी बोर्ड ने 900 रुपये परीक्षा फीस निर्धारित की है।
1 से 10 अगस्त के बीच भरने होंगे परीक्षा फॉर्म
कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं का रिजल्ट 14 जुलाई को घोषित हुआ है। इससे पहले माध्यमिक शिक्षा मंडल ने एक आदेश जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि जो भी छात्र छात्राएं अपने परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट रहते हैं, वो सभी सितंबर के महीने में होने वाली विशेष परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। विशेष परीक्षा 01 से 25 सितंबर के बीच आयोजित की जाएगी। विशेष परीक्षा से पहले परीक्षा फॉर्म 1 से 10 अगस्त के बीच भरे जाएंगे। पात्र छात्रों को विशेष परीक्षा के लिए 10 दिनों के भीतर ही परीक्षा फॉर्म भरना अनिवार्य होगा।

अलर्ट: नागपुर के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति

कविता गर्ग                           
मुंबई। भारी बारिश की वजह से महाराष्ट्र के कोल्हापुर, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर, ठाणे और नागपुर के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। शुक्रवार को मुंबई से सटे गोवंडी में एक इमारत के गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई है। 7 जख्मी हुए हैं। घायलों को मुंबई के राजवाड़ी और सायन हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है। रायगढ़ के कलई गांव में लैंडस्लाइड की वजह से 30 लोग लापता हैं। इनमें से 5 लोगों की मौत हो गई है, अन्य अभी भी फंसे हुए हैं।
जिला कलेक्टर निधि चौधरी ने बताया कि कलई गांव में लैंडस्लाइड हुई है। एनडीआरएफ की एक टीम मौके पर पहुंच चुकी है। लोगों को रेस्क्यू करने के लिए पानी में डूबी सड़कों पर नाव चलाई जा रही हैं। बरसाती नदियों का पानी शहरों, कस्बों और गांवों में घुस गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए कोंकण, मुंबई और इसके आसपास के जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 
ठाणे और पालघर में भारी बारिश के कारण लो लाइन इलाके 24 घंटे से पानी में डूबे हैं। कोंकण डिवीजन में अभी तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 8 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 700 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। रायगढ़ में 4 जगह लैंडस्लाइड होने से कई लोग फंस गए हैं, 25 लोगों को निकाला गया है और 20 अभी भी फंसे हुए हैं। तलाई गांव को कनेक्ट करने वाली सड़क पानी में बह गई है, इस कारण गांव के अंदर लोग फंसे हुए हैं। कोल्हापुर के चिखली में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ की दो टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

खेलों के लिए इंडियन खिलाड़ियों को शुभकामनाएं

अकांशु उपाध्याय                       
नई दिल्ली। पेगासस जासूसी मामला, तीन नए केंद्रीय कृषि कानूनों सहित विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी सदस्यों के भारी हंगामे के कारण शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद करीब सवा 12 बजे दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। संसद के मॉनसून सत्र के दौरान विपक्षी दलों के सदस्यों के शोर-शराबे के कारण पहले सप्ताह में निचले सदन में कामकाज बाधित रहा। सुबह सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ओलंपिक खेलों के लिए भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और प्रश्नकाल शुरू कराया। इसके बाद कुछ विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष के आसन के निकट पहुंच गए। 
कुछ सदस्यों के हाथों में तख्तियां थी जिन पर पेगासस मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में न्यायिक जांच की मांग के बारे में लिखा हुआ था।सदन में हंगामे के बीच ही स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने मंत्रालयों से संबंधित पूरक प्रश्नों के उत्तर दिए। बिरला ने नारेबाजी कर रहे विपक्षी सदस्यों से अपने स्थान पर जाने और कोविड दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा, ”कोविड संक्रमण और टीकाकरण की स्थिति पर बात हो रही है।आप लोगों ने मास्क नहीं लगा रखे हैं। कोरोना संक्रमण खत्म नहीं हुआ है। आप जन प्रतिनिधि हैं। अगर आप खुद संक्रमण फैलाएंगे तो फिर क्या संदेश जाएगा।” लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ”कोविड दिशानिर्देशों का पालन करिए। आप मास्क निकालकर नारेबाजी कर रहे हैं और तख्तियां दिखा रहे हैं, यह उचित नहीं है।
आप लोग अपनी सीट पर जाइए, आपको चर्चा करने का मौका दूंगा।” हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने करीब 11.15 बजे सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। निचले सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर स्थिति ज्यों की त्यों बनी रही। शोर-शराबे के बीच ही पीठासीन सभापति किरीट सोलंकी ने आवश्यक कागजात सभापटल पर रखवाये।
इस दौरान विपक्षी सदस्य अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे। पीठासीन सभापति सोलंकी ने सदस्यों से अपने स्थान पर लौटने और कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया। हालांकि सदस्यों का शोर-शराबा जारी रहा। व्यवस्था बनती नहीं देख पीठासीन सभापति ने सदन की कार्यवाही करीब सवा 12 बजे दिन भर के लिये स्थगित कर दी। शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण सदन की अगली बैठक अब सोमवार, 26 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगी।

सिद्धू ने कांग्रेस के अध्यक्ष पद की कमान संभाली

अमित शर्मा                                 
चंडीगढ़। नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान संभाली ली है। ताजपोशी के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। अमरिंदर सिंह ने मंच से सिद्धू को बधाई दी लेकिन सिद्धू ने एक बार भी कैप्टन का जिक्र नहीं किया। पद संभालते ही सिद्धू ने हुंकार भरी और कहा कि उनका मिशन पंजाब को जिताना है।
किसानों के मुद्दे से लेकर ड्रग्स के मुद्दे पर बात रखी। सिद्धू ने कहा, ‘मैं सबका आशीर्वाद लेकर सभी को साथ लेकर चलूंगा। मुझे सिर्फ एक ही चीज का जुनून है कि पंजाब कैसे ऊपर उठेगा।’
वहीं सुबह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालने के पहले नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को पंजाब भवन में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से मुलाकात की। कांग्रेस के एक नेता के अनुसार, सिद्धू और सिंह के बीच ”सौहार्दपूर्ण” मुलाकात हुई। सिद्धू और सिंह के बीच पिछले कुछ समय से टकराव की खबरें आ रही थीं।
पंजाब भवन के बाहर पत्रकारों से कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि सिद्धू ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत की उपस्थिति में चाय पर बुलाई गई बैठक में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दोनों नेता एक-दूसरे के बगल में बैठे और उनके बीच मुलाकात सौहार्दपूर्ण रही।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी, प्रताप सिंह बाजवा और लाल सिंह भी मौजूद थे। पिछले करीब चार महीनों में पहली बार सिद्धू और सिंह एक-दूसरे से मिले। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार ने दोनों नेताओं के बीच बातचीत के दौरान की तस्वीरें ट्वीट कीं। कांग्रेस नेता उस स्थान पर जाएंगे जहां सिद्धू पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित समारोह में पंजाब कांग्रेस के चार कार्यकारी अध्यक्ष भी कार्यभार संभालेंगे। सिसवां स्थित अपने फार्महाउस से यहां पहुंचे अमरिंदर सिंह ने पार्टी नेताओं को पंजाब भवन में चाय पर आमंत्रित किया था। सिद्धू पटियाला से आए और सिंह के आने से कुछ देर पहले पंजाब भवन गए।
मीडिया को पंजाब भवन के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं थी। पंजाब भवन में मंत्री, कांग्रेस विधायक और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। पार्टी की प्रदेश इकाई के नवनियुक्त चार कार्यकारी अध्यक्षों में से कुलजीत सिंह नागरा और संगत सिंह गिलजियान ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री को पदभार संभालने के कार्यक्रम के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया।
निमंत्रण पत्र पर 55 से ज्यादा विधायकों ने हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री के साथ अपने मतभेदों को दूर करने का प्रयास करते हुए सिद्धू ने भी एक पत्र लिखकर अमरिंदर सिंह से कार्यक्रम में आने का आग्रह किया और कहा कि उनका ”कोई निजी एजेंडा नहीं है।” पिछले कुछ समय से सिद्धू और अमरिंदर का टकराव चलता रहा है।
अमृतसर (पूर्व) के विधायक सिद्धू ने पवित्र ग्रंथ की बेअदबी के मामले के लिए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री ने सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का भी विरोध किया था और कहा था कि जब तक सिद्धू उनके खिलाफ अपमानजनक ट्वीट के लिए माफी नहीं मांगेंगे वह उनसे नहीं मिलेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को सिद्धू को पार्टी की पंजाब इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था। कांग्रेस अध्यक्ष ने अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर सिद्धू की सहायता के लिए संगत सिंह गिलजियान, सुखविंदर सिंह डैनी, पवन गोयल और कुलजीत सिंह नागरा को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। बुधवार को सिद्धू का समर्थन करने वाले कई विधायकों ने कहा था कि उन्हें अमरिंदर सिंह से माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है।

मोदी सरकार ने अवैध तरीके से फोन टैप नहीं किया

अकांशु उपाध्याय            

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को यदि लगता है कि उनका फोन टैप किया गया है तो उन्हें इसे (फोन) जांच एजेंसी को सौंप देना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए दावा किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अवैध तरीके से किसी का भी फोन टैप नहीं किया है। 

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में जनता के द्वारा लगातार दो बार खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस किसी न किसी बहाने संसद की कार्यवाही को बाधित करना चाहती है। राहुल गांधी ने इजरायली स्पाइवेयर पेगासस का उपयोग करके भारत के कई प्रमुख व्यक्तियों की कथित तौर पर जासूसी किए जाने को ‘राजद्रोह’ करार देते हुए कहा था कि गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में न्यायिक जांच होनी चाहिए।


जासूसी किए जाने को ‘राजद्रोह’ करार दिया: राहुल

अकांशु उपाध्याय           

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इजरायली स्पाइवेयर पेगासस का उपयोग करके भारत के कई प्रमुख व्यक्तियों की कथित तौर पर जासूसी किए जाने को ‘राजद्रोह’ करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में न्यायिक जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह दावा भी किया कि पेगासस का उपयोग ‘भारतीय राज्य और संस्थाओं’ के खिलाफ किया गया तथा यह जनता की आवाज पर आक्रमण है।

राहुल गांधी ने संसद भवन के निकट विजय चौक पर संवाददाताओं से कहा, ”पेगासस एक हथियार है जिसका उपयोग आतंकवादियों और अपराधियों के खिलाफ किया जाता है। हमारे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने भारत के संस्थाओं और लोकतंत्र के खिलाफ इसका उपयोग किया। मेरा फोन टैप किया। यह मेरी निजता का मामला नहीं है। मैं विपक्ष का एक नेता हूं और मैं जनता की आवाज उठाता हूं।

एक दिन में कोरोना के 35,342 नए मामलें मिलें

अकांशु उपाध्याय                
नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 35,342 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,12,93,062 हो गई। वहीं, 483 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,19,470 हो गई।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 4,05,513 हो गई है, जो कुल मामलों का 1.3 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मामलों में कुल 3,881 कमी आई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.36 प्रतिशत है।
आंकड़ों के अनुसार, अभी तक कुल 45,29,39,545 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 16,68,561 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई। देश में नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 2.12 प्रतिशत है। यह पिछले 32 दिनों से लगातार तीन प्रतिशत से कम है।
नमूनों में संक्रमण की पुष्टि की साप्ताहिक दर 2.14 प्रतिशत है। अभी तक कुल 3,04,68,079 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। कोविड-19 से मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है। देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 42.34 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

3 कृषि कानूनों को चालू सत्र में ही रद्द करने की मांग

हरिओम उपाध्याय                  
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने केन्द्र सरकार से तीन कृषि कानूनों को चालू सत्र में ही रद्द करने की मांग की है। मायावती ने शुक्रवार को कहा कि सरकार किसानो के प्रति अड़ियल रवैया अख्तियार कर रही है जो दुःखद है।
कृषि कानूनों को लेकर किसान लंबे समय से आंदोलित है। सरकार को किसानो के हमदर्दी बरतते हुये कृषि कानूनों को वापस लेने का फैसला संसद के मानसून सत्र में ही करना चाहिए। उन्होने ट्वीट किया “ किसानों के प्रति सरकारों को अहंकारी ना होकर बल्कि संवेदनशील व हमदर्द होना चाहिए। किन्तु दुःख यह है कि तीन कृषि कानूनों को रद्द करने को लेकर काफी लंबे समय से किसान यहां आंदोलित है अब ये जंतरमंतर पर किसान संसद लगाए हैं केन्द्र चालू सत्र में ही इनको रद्द करें। बीएसपी की यह मांग।

हादसा: 2 बसों के बीच टक्कर में 2 लोगों की मौंत

राणा ओबराय                           
चंडीगढ़। पंजाब के मोगा जिले में शुक्रवार को दो बसों के बीच टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि एक बस राज्य परिवहन विभाग की थी और एक निजी मिनी बस थी।पंजाब के मोगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
ऐसा बताया जा रहा है कि निजी मिनी बस में सवार जो लोग घायल हुए, वे यहां कांग्रेस पार्टी के एक समारोह में शामिल होने आए थे, जिसमें नवजोत सिंह सिद्धू राज्य कांग्रेस इकाई के प्रमुख के तौर पर कार्यभार संभालेंगे।प्रदेश इकाई के चार कार्यकारी अध्यक्ष भी शुक्रवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

'पश्चिमी उत्तर प्रदेश विकास समिति' के द्वारा जनपद शामली के सभी मौजूद पद-अधिकारियों को पद से निष्कासित कर दिए गए हैं। संस्था की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के द्वारा निर्गत पर पद-अधिकारी एवं कर्मचारियों के निष्कासन से संबंधित प्रेसित आदेश के अनुसार नियुक्ति को ही प्रमाणित माना जाएगा। अश्वनी उपाध्याय को संस्था के मुख्य प्रभार जनसंपर्क अधिकारी के पद से निष्कासित कर शामली प्रभारी बनाया गया हैं।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-342 (साल-02)
2. शनिवार, जुलाई 24, 2021
3. शक-1984,अषाढ़, शुक्ल-पक्ष, तिथि-चतुर्दशी, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:40, सूर्यास्त 07:12।
5. न्‍यूनतम तापमान -25, डी.सै., अधिकतम-39+ डी.सै.। बरसात की संभावना बनी रहेंगी।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित)

गुरुवार, 22 जुलाई 2021

व्यापार करने के लिए चुनौतीपूर्ण जगह बना 'भारत'

वाशिंगटन डीसी/ नई दिल्ली। अमेरिका ने कहा है कि भारत व्यापार करने के लिए चुनौतीपूर्ण जगह बना हुआ है और निवेश के लिए नौकरशाही संबंधी बाधाओं को कम करके एक आकर्षक और विश्वसनीय निवेश माहौल को बढ़ावा देने की जरूरत है। अमेरिकी विदेेेश मंत्रालय ने बुधवार को जारी एक रिपोर्ट ‘2021 इनवेस्टमेंट कलाइमेट इंडिया’ में कहा है कि भारत व्यापार करने के लिए एक चुनौतीपूर्ण जगह बना हुआ है। इसमें जम्मू-कश्मीर से विशेष संवैधानिक स्थिति को हटाने और नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) पारित किए जाने का भी उल्लेख किया गया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि नए संरक्षणवादी उपायों, जिसमें प्रतिस्पर्धी विकल्पों को सीमित करने वाले खरीद नियम, बढ़े हुए शुल्क शामिल हैं। अमेरिका ने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को प्रभावित किया है। इसके साथ ही विशिष्ट भारतीय मानक, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ मेल नहीं खाते हैं। अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार में वृद्धि को बाधित किया है।

चीन में भारी बाढ़ के कारण मची तबाही, 13 की मौंत

बीजिंग। चीन में भारी बाढ़ के कारण तबाही मची हुई है। चीन के दक्षिण ग्वांगदोंग प्रांत में पिछले हफ्ते से एक निर्माणाधीन स्थल की बाढ़ग्रस्त सुरंग में फंसे 13 मजदूरों की मौत हो गई है। सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। झुहाई शहर में शिन्गे एक्सप्रेसवे की शिजिंगशान सुरंग के निर्माणाधीन हिस्से में कुल 14 मजदूर उस समय फंस गए थे। जब इस स्थान पर 15 जुलाई को बाढ़ आयी थी। ‘शिन्हुआ' समाचार एजेंसी ने बृहस्पतिवार को बचाव मुख्यालय के हवाले से बताया कि बचे हुए मजदूर को निकालने के लिए राहत प्रयास चल रहे हैं। घटनास्थल पर 2,400 से अधिक बचाव कर्मचारियों और 200 से अधिक बचाव वाहनों को भेजा गया है। खबर में बताया गया है कि सुरंग के तंग होने और जल-विज्ञान, भू विज्ञान और मौसम संबंधी परिस्थितियों के जटिल होने से बचाव कार्य मुश्किल हो गया है।

चीन के मध्य हेनान प्रांत में 1,000 वर्षों में सबसे भारी बारिश के मद्देनजर राष्ट्रपति शी चिनफिंग को बुधवार को ‘सबवे', होटलों तथा सार्वजनिक स्थानों पर फंसे लोगों को निकालने के लिए सेना को तैनात करना पड़ा। बारिश और बाढ़ संबंधी घटनाओं में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई है और एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। भारी बारिश के कारण उत्पन्न हुई स्थिति से 1.26 करोड़ की आबादी वाली प्रांतीय राजधानी झेंगझोऊ में सार्वजनिक स्थानों और ‘सबवे टनल' में पानी भर गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश का ऐसा कहर दुर्लभ ही देखने को मिलता है।

47 हजार से अधिक लोगों ने रिट्वीट किया: हैशटैग

हरिओम उपाध्याय               

लखनऊ। कोरोना से निराश्रित हुए बच्चों के भरण पोषण, शिक्षा और सुरक्षा के लिये सोशल मीडिया पर किये गये ट्वीट 'हैश टैग मोदीयोगीहैं ना' पांच घंटे से अधिक समय तक टॉप पर बना रहा और इसको 47 हजार से अधिक लोगों ने रिट्वीट किया है। खास बात यह है कि इतने कम समय में यह ट्वीट 14.8 मिलियन लोगों तक पहुंचा और 255 मिलियन लोगों ने इसपर अपने मैसेज लिखे और ट्वीट को पसंद किया है।मुख्यमंत्री ने गुरुवार को लोकभवन से बाल सेवा योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। जिसके बाद से सोशल मीडिया पर '#मोदीयोगीहैं_ना' किया गया। ट्वीट छाने लगा। सरकार की इस योजना के तहत यूपी के 4050 निराश्रित बच्चों को 12-12 हजार रूपये का तिमाही भत्ता दिया जाएगा।

आधिकारिक सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि योजना के तहत सरकार अनाथ बालिकाओं की शादी के लिए 1,01,000 रूपये की राशि भी दे रही है। विश्वविद्यालयों में निशुल्क पढ़ाई के साथ-साथ परिवार के सदस्यों का ख्याल रखने वाली योजना से निराश्रित बच्चों को बड़ा सहारा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान सरकार ने निराश्रित बच्चों के भरण-पोषण के लिये 4,86,000,00 रूपये की सहायता राशि दी है जो आज तक के इतिहास में पहले किसी सरकार की ओर से नहीं दी गई।

अवलोकन करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया

पंकज कपूर           

देहरादून। हाइकोर्ट ने कोर्ट के पूर्व का आदेश का पालन नहीं करने और तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने के खिलाफ दायर अवमानना याचिका पर सुनवाई करते हुए चीफ एजुकेशन ऑफिसर पौड़ी गढ़वाल मदन सिंह रावत के खिलाफ अवमानना के चार्ज फ्रेम करते हुए उनको कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ में उन्हें 11 अगस्त तक अपना जवाब पेश करने को कहा है। मामले की सुनवाई न्यायमुर्ति मनोज कुमार तिवारी की एकलपीठ में हुई। मामले के अनुसार जनता इंटर कॉलेज जांगीधार पौड़ी गढ़वाल के प्रबंधक उत्तम सिंह नेगी ने हाइकोर्ट में अवमानना याचिका दायर कर कहा है कि, पूर्व में कोर्ट ने चीफ एजुकेशन ऑफिसर पौड़ी गढ़वाल को आदेश दिए थे कि, उनके प्रत्यावेदन को विधि अनुसार निस्तारित करें।

लेकिन चीफ एजुकेशन ऑफिसर ने उनका प्रत्यावेदन को यह कह कर निरस्त कर दिया कि, प्रबन्ध समिति के सदस्यों के चुनाव हेतु विज्ञप्ति शाह टाइम्स में निकाली गई थी जो उनकी लिस्ट में नहीं है। जबकि उनकी लिस्ट में दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और राष्ट्रीय सहारा थे। पूर्व में उनके द्वारा याचिका में कहा गया था कि, कॉलेज के प्रबंध समिति का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है, जो अब समाप्त होने वाला है। समय समाप्त होने से पहले नई समिति का गठन किया जाए। इस सम्बंध में उनके द्वारा चीफ एजुकेशन ऑफिसर को पत्र दिया गया था। जिस पर चीफ एजुकेशन ऑफिसर ने समिति के गठन हेतु शाह टाइम्स में विज्ञप्ति निकाली। जबकि यह समाचार पत्र कालेज की लिस्ट में शामिल नही था।

जब प्रबंधक द्वारा नई समिति का चुनाव कराने को कहा तो अधिकारी ने यह कह कर उनके प्रत्यावेदन को निरस्त कर दिया था कि, शाह टाइम्स समाचार पत्र कालेज की लिस्ट में त्रुटि पूर्वक शामील हो गया था। अवमानना की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने चीफ एजुकेशन ऑफिसर से कहा कि, यह तथ्य आपको याचिका की सुनवाई के दौरान रखना चाहिए था, आपने इस तथ्य को छुपाकर कोर्ट के आदेश की अवहेलना की है। इसलिए आपके खिलाफ अवमानना के चार्ज फ्रेम किये जाते है।

इस अवसर पर जमुना प्रसाद रवानी, सरजीत भंडारी, मनदीप भंडारी, अनिल बिष्ट, संगीता मेहता, सरिता मेहता, बबीता मेहता, पिंकी नैनवाल, सुषमा भट्ट, बीना चौहान, बीना मेहता, लक्ष्मी मेहता, भूमेश पंवार, राकेश चौहान, बाबू लाल शाह, कल्याण सिंह भंडारी, जगमोहन भंडारी आदि लोग उपस्थित थे।

यूपी: 24 घंटों में कोरोना से 1 व्यक्ति की मौंत हुईं

हरिओम उपाध्याय           

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से एक व्यक्ति की मौत हुई है। जबकि संक्रमण के 53 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुरूवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से मथुरा में एक मरीज की मौत हुई है। राज्य में अभी तक महामारी से कुल 22,743 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में 53 नए मरीजों में कोविड-19 की पुष्टि हुई है। वहीं, इसी अवधि में 56 मरीज ठीक भी हुए हैं। राज्य में इस वक्त 1,028 लोगों का कोविड-19 का इलाज चल रहा है।प्रदेश में अब तक 17,08,057 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। 

जिनमें से 16,84,286 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। राज्य में रिकवरी दर 98.6 प्रतिशत है। प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में अब तक छह करोड़ 33 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की जा चुकी है। पिछले 24 घंटों में राज्य में 2,34,000 नमूनों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोविड-19 टीके की अब तक चार करोड़ 20 लाख खुराक लोगों को दी जा चुकी है।

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...