गुरुवार, 15 अक्तूबर 2020

सुरक्षाकर्मी ने की अभद्रता, किया विरोध प्रदर्शन

खटीमा। दुग्ध समिति सचिव वैलफेयर सोसायटी ने उधम सिंह नगर दुग्ध संघ के सुरक्षा कर्मी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। सोसायटी से जुडे़ विभिन्न गांवों के दर्जनों सचिव बुधवार को दुग्ध संघ कार्यालय गेट पर पहुंचे। जहां उन्होंने नारेबाजी कर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रधान प्रबंधक को 10 सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा। जिसमें कहा कि 10 अक्टूबर को होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए सचिव संघ कार्यालय आ रहे थे। इसी दौरान मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों द्वारा उनसे अभद्रता की गई। उक्त सुरक्षा कर्मियों ने सचिवों के विरुद्घ पुलिस से झूठी शिकायत की। उन्होंने अभद्रता करने वाले कर्मियों के विरुद्घ कार्रवाई करने, कम गुणवत्ता वाले बीज का दाम कम करने, गाय-भैंस का दूध अलग-अलग संग्रह करने पर रोक लगाने, प्रोत्साहन धनराशि को आवंटित ना करने, दुग्ध मूल्य में वृद्घि करने, सचिवों को अन्य कार्यो का परिश्रम देने, सचिवों को मानदेय देने आदि समस्याओं के जल्द निस्तारण करने की भी मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं किया जाता है, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। विधायक पुष्कर सिंह धामी ने भी मौके पर सोसाएटी के सदस्यों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इस मौके पर यूसीडीएफ के डायरेक्टर राम पांडे, रीना राना, गोविंद सिंह, चंदू मुडेला, हरीश कोठारी, भैरव सिंह, कुंडल सिंह, राम सिंह धामी, घनश्याम कापड़ी, राजेंद्र रुमाल, बसंती धामी आदि मौजूद थे।                      


2 सहकारी संस्थाओं में संपत्ति का विवाद

रुद्रपुर। संपत्ति के विवाद में दो सहकारी संस्थाएं एक दूसरे पर अतिक्रमण व धोखाधड़ी के आरोप लगा रही हैं। मामला पुलिस के बाद अब विभागीय अधिकारियों तक पहुंच गया है। इसमें सहकारिता विभाग के उप निबंधक कुमाऊं मंडल ने सहायक एआर को जांच के लिए लिखा है। ऐसे में अब एडीसीओ रुद्रपुर एमएल वर्मा ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तराई विकास संघ, टीवीएस का कार्यालय इंदिरा चौक के पास मस्जिद के सामने है। राज्य भंडारण निगम के प्रबंध निदेशक मान सिंह सैनी का कहना है कि संपत्ति बटवारे में उन्हें एक एकड़ जमीन व कुछ दुकानें मिली हैं, जिस पर से टीवीएस कब्जा नहीं छोड़ रहा है। एमडी ने आरोप लगाया है कि टीवीएस सचिव साकेत साही ने बिना किसी सूचना के दुकान का एक हिस्सा तोड़ कर किचन बना लिया है। वहीं, दुकान में स्थित संस्था के कागजात भी खुर्द-बुर्द करने का आरोप लगाया है। टीवीएस के सचिव साकेत साही का कहना है कि राज्य भंडारण निगम बीते कई सालों से तराई विकास संघ का किराएदार है। भंडारण निगम का किराया और मुआवजे के रूप में करीब 60 लाख का बकाया है। दुकान में तोड़फोड़ तराई विकास संघ के बोर्ड सदस्यों की सहमति पर किया गया है। एडीसीओ एमएल वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है।               


फाटक के नवीनीकरण में वर्किंग टीम जुटी

लुधियाना। शहर के ग्यासपुरा रेलवे फाटक का नवीनीकरण होने लगा है। विभाग की वर्किंग टीम काम में जुट गई है। योजना के मुताबिक रेल ट्रैक अपडेट करना, ट्रैक के साथ सड़क व्यवस्था मजबूत करना, रेलवे फाटक व बैरियर का नवीनीकरण करने के साथ इस फाटक की अन्य खामियों को दूर किया जाएगा। टीम इस समय रेल ट्रैक अपडेट करने में जुटी है। इसके तहत ट्रैक के साथ पत्थर डालने, स्लीपर चेंज करने, पुरानी पटरी हटाकर नई लगाने का काम जारी है। दरअसल, ग्यासपुरा फाटक पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे रेलवे अधिकारी भी चितित हैं। फिरोजपुर रेल मंडल की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि यहां दुर्घटना न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था की जाए। ऐसे में लुधियाना का इंजीनियरिग डिपार्टमेंट इस काम में जुट गया है।


जम्मूः स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी

जम्मू। कस्बा अखनूर के हाई सेकेंडरी स्कूल में ब्लॉक दिवस पर 23 विभागों ने अपने अपने स्टाल लगा कर लोगो की परेशानियों को सुना। यहां पर इन विभागों के अधिकारी परेशानियों को सुनने के लिए मौजूद रहे। मौके पर एसडीएम अखनूर गोपाल सिंह ने बताया के यह ब्लॉक दिवस हर बुधवार को इसी तरह चलता रहेगा। यह सरकारी आदेश है। तीन सब डिवीजन जिस में अखनूर, खौड और चौकीचोरा शामिल है, में अधिकारी मौजूद रहेंगे। जनता यहां पर आकर अपनी परेशानियों को बता सकती हैं व मौके पर ही हल पा सकती है। इस समय डोमिसाइल तहसीलदार मौके पर ही जांच करके प्रमाणपत्र दे रहे हैं। हर सप्ताह ऐसे ही ब्लॉक दिवस कैंप लगा करेगा। इस मौके पर एसडीएम खौड अनील ठाकुर, एसडीएम चौकीचोरा चंद किशोर, तहसीलदार सरेंद्र सिंह, शिवानी व बाढ़ नियंत्रण विभाग, सिचाई विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।             


1 लाख की अफीम के साथ 5 गिरफ्तार किए

बिलासपुर। अफिम के अंतरराज्यीय सौदागरों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक लाख से अधिक के अफीम के साथ 5 लोगों को खरीदी बिक्री करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा, पंजाब जैसे राज्यों से अफीम लाकर खपाते थे। पुलिस इनके बारे में तफ्तीश कर रही है। सिरगिट्टी पुलिस को सूचना मिली, कि इंडस्ट्रियल एरिया में अफ ीम की बिक्री भी धड़ल्ले से की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने टीम बनाकर चेक डैम के पास छापा मारा। यहां घेराबंदी कर पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान 27 खोली निवासी युवराज सिंह, सरकंडा निवासी अंकित कुमार घोष, नालंदा बिहार निवासी नरेश रविदास, तालापारा निवासी शमशेर अली और तरणताल पंजाब निवासी जगतार सिंह के पास से अलग-अलग मात्रा में अफीम बरामद किया गया। मामले के मुख्य आरोपी जगतार सिंह के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 100 ग्राम अफीम की बरामदगी हुई। पता चला है, कि जगतार सिंह पंजाब और उड़ीसा से अफीम लाकर स्थानीय नशेडिय़ों को उपलब्ध करा रहा था। उसके पास से बिक्री की रकम ?6000 भी पुलिस ने जप्त की है।             


भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 73 लाख

भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 73 लाख पार 1.11 लाख की हो चुकी है मौत


अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार भारत में कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 8,12,390 हो गई है। बीते 24 घंटों में 67,708 नए मरीजों की पहचान हुई है। जबकि इस अवधि में 680 मरीजों की मौत हो गई है।  देश में कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 73,07,098 हो गई है। जिनमें से 63,83,442 मरीजों को या तो अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है या फिर वे स्वस्थ हो चुके हैं। इस माहामारी के कारण अब तक 1,11,266 मरीजों की मौत हो चुकी है।
कोरोना से 26 से 60 साल के 45% मरीजों की मौत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार संक्रमण से कम उम्र के मरीजों की भी मौत तेजी से बढ़ने लगी है। अब तक जान गंवाने वाले 45% मरीज ऐसे थे जिनकी उम्र 26 से 60 साल के बीच थी। मंत्रालय ने युवाओं को आगाह किया है। मंत्रालय ने कहा कि अगर आप ये सोचते हैं। कि कोरोना केवल बुजुर्ग लोगों की जान ले रहा है। तो ये गलत है। आंकड़ों के मुताबिक कोरोना से जान गंवाने वाले सबसे ज्यादा 70% मरीज पुरुष थे। जबकि 30% मरीज महिलाएं थीं। इनमें 53% मरने वाले मरीजों की उम्र 60 साल से अधिक थी।              


रामलीला मंचन को प्रोटोकॉल के तहत अनुमति

हरिओम उपाध्याय


लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने रामलीला मंचन के लिए कोरोना काल के दौरान शर्तों व कोविड-19 प्रोटोकॉल के साथ अनुमति दे दी है। सालों पुरानी परम्परा का निर्वाहन करने के लिए रामलीला समितियां मंचन कर सकेंगी लेकिन इस दौरान मेला और फूड स्टॉल नहीं लग सकेंगे। इस सम्बंध में बुधवार को जिला प्रशासन ने भी रामलीला मंचन के लिए अनुमति देनी शुरू कर दी है। रामलीला मंचन के लिए एडीएम सिटी कार्यालय में 11 समितियों ने आवेदन किया है। जिसमें विजय नगर, प्रताप विहार और ट्रांस हिंडन क्षेत्र की कुछ समितियां हैं।


पंजाब के लिए आईपीएल में करो या मरो

नई दिल्ली। किंग्स इलेवन पंजाब के लिए आईपीएल में करो या मरो की लड़ाई है। अगर वे आज का मैच जीतते हैं तो प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीदें रहेगी कायम, लेकिन हारे तो आखिरी चार में पहुंचने का सपना टूट जाएगा। ऐसे मुश्किल हालात में टी-20 के सबसे बड़े बल्लेबाज़ क्रिस गेल की आज मैदान पर वापसी हो सकती है। उन्हें मौजूदा सीज़न में एक बार भी खेलने का मौका नहीं मिला है। शुरुआती मैचों में वो टीम मैनेजमेंट की पहली पसंद नहीं थे। लेकिन बाद में जब टीम को उनकी जरूरत पड़ी तो वो बीमार हो गए।               


महाराष्ट्रः नेता संजय की कार में लगी आग

मनोज सिंह ठाकुर


मुंबई। महाराष्ट्र में एक दर्दनाक हादसा में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता संजय शिंदे की कार में हैंड सैनिटाइजर की वजह से आग लग गई। हादसे में वह जिंदा जल गए। बताया जा रहा है कि कार में शॉर्ट सर्किट हुआ था और हैंड सैनिटाइजर की वजह से आग फैल गयी। संजय शिंदे की गाड़ी में जिस समय आग लगी, उस वक्त वह मुंबई-आगरा हाइवे पर पिंपलगांव बसवंत टोल प्लाजा के पास थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।               


आईएएस अधिकारियों के किए गए तबादले

अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। माँ बनने के 14 दिन बाद ही ड्यूटी पर लौटी मोदीनगर की पूर्व एसडीएम का ट्रान्सफर हो गया है। उन्हें कानपुर देहात का मुख्य विकास अधिकारी बना कर भेजा गया है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार बुधवार को दो आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए। कानपुर देहात के निवर्तमान मुख्य विकास अधिकारी जोगिंदर सिंह को बरेली विकास प्रधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। सौम्या पांडेय ज्वांइट मजिस्ट्रेट गाजियाबद का सीडीओ कानपुर देहात बनाया गया है।              


प्रदूषण नियंत्रण के लिए गतिविधियां तेज की

अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। गाज़ियाबाद और एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी गतिविधियां तेज़ कर दी हैं। इसी क्रम में पराली जलाने पर गाज़ियाबाद जिले में पहला मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ दिन पहले मसूरी स्थित कुशलिया गांव के किसान दिलशाद के खेत में शासन प्रशासन के रोक के बावजूद पराली जलाई गई थी। जांच के बाद डीएम गाज़ियाबाद ने दिलशाद पर मुकदमा दर्ज कराया है, साथ ही उस गांव के लेखपाल पीतम सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है।                   


सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल को खोलने की अनुमति

अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। अनलॉक 5 की प्रक्रिया के अंतर्गत आज 15 अक्तूबर से सिनेमा हाल, एंटर्टेंमेंट पार्क और स्विमिंग पूल को भी खोलने की अनुमति मिल गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी किए गए दिशानिर्देशों के अनुसार कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के 7 महीने बाद 10 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में मल्टीप्लेक्स खुल रहे हैं। प्राप्त सूचनाओं के अनुसार शुरुआत में 487 स्क्रीन पर फिल्में दिखनी शुरू हो जाएंगी। हालांकि दिशा निर्देशों के अनुसार सिनेमा हॉल में पहले के दर्शकों की तुलना में आधे दर्शक ही फिल्म देख सकेंगे।


दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। दबे पांव पहुंचे भूकंप ने धरती को हिलाते हुए पब्लिक को दहशत में ड...