रविवार, 11 अक्तूबर 2020

जेपी की जयंती, बताया राष्ट्रभक्त जनसेवक

अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उन्हें याद करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव एक जनसेवक के रूप में नि:स्वार्थ भाव से देशहित में काम किया। शाह ने रविवार को ट्वीट कर कहा ‘लोकनायक जयप्रकाश नारायण देशभक्ति, निर्भिकता और स्वाभिमान के प्रतीक है। उन्हें न सत्ता का मोह था न किसी पद की लालसा, उन्होंने सदैव एक जनसेवक के रूप में निस्वार्थ भाव से देशहित में काम किया। आपातकाल के विरुद्ध देश को एक कर अराजकता और अन्याय से डट कर लड़ने वाले ऐसे महान नेता को नमन।’ उल्लेखनीय है कि जयप्रकाश नारायण यानी जेपी का जन्म 11 अक्टूबर 1902 को बिहार में सारन के सिताबदियारा में हुआ था। पटना से शुरुआती पढ़ाई के बाद उन्होंने अमेरिका में पढ़ाई की। 1929 में स्वदेश लौटे और स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय हुए।               


ट्रक की टक्कर लगने से युवक की मौत

बृजेश केसरवानी


प्रयागराज। नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुबरा जगदीशपुर गांव में ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। नवाबगंज के दुबरा जगदीशपुर गांव निवासी नितिन कुमार दुबे (28वर्ष) पुत्र राजेंद्र प्रसाद रविवार सुबह घर से पैदल टहलने के लिए निकला। घर से कुछ दूर ही गया था कि उसे किसी ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही ग्रामीणों ने पुलिस एवं परिजनों को खबर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक गंगा पार धवल जायसवाल ने बताया कि सोमवार की सुबह एक युवक की ट्रक की टक्कर से मौत हुई है। पुलिस शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई कर रही है।                


बांदीपोरा में भीषण आग, 14 घर जलकर राख

जम्मू-कश्मीर: गुरेज में भीषण आग, 14 घर जलकर राख।


श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में बांदीपोरा जिले के गुरेज में भीषण आग लगने से कम से कम 14 घर जलकर राख हो गये। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरेज तुलाई घाटी में स्थित एक घर में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों के आग पर काबू पाने से पहले आस-पास की इमारतें उसकी चपेट में आ चुकी थीं। उन्होंने बताया कि इस घटना में 14 घरों को नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि इस घटना में 28 पशुओं की भी मौत हो गयी है। लेकिन कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।              


यूपीः यमुना नदी में मिला तीसरे साधु का शव

यूपीः यमुना नदी में मिला तीसरे ‘साधु’ का शव।


बागपत। यमुना नदी में एक के बाद एक अब लगातार तीसरी बार एक साधु का शव तैरता हुआ मिला है। नेवादा गांव की यह घटना मेरठ और बागपत जिलों में हुई घटनाओं से मिलती-जुलती है, जहां दो साधुओं के शव ऐसे ही संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए थे। पुलिस द्वारा शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान की कोशिश जारी है। भगवा रंग के पोशाक में बरामद किया गया यह शव मध्यम आयु वर्ग का मालूम पड़ता है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उनकी मौत का कारण पता चलेगा। 24 सितंबर को जिले के टिकरी इलाके में स्थित एक तालाब में एक तपस्वी का शव पाया गया था। पुलिस की तरफ से मेरठ के सरधना क्षेत्र के ऊपरी गंगा नहर से एक और साधु के शव को बरामद किया गया। इन शवों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इन मौतों के लिए योगी आदित्यनाथ की सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने शनिवार को ट्वीट किया, “यमुना से एक साधु का शव मिला है। पिछले एक महीने में तीन ऐसे शव मिले हैं। उत्तरप्रदेश में साधुओं पर अत्याचार खत्म नहीं हो रहे हैं, जंगल राज अपने सबसे बुरे स्तर पर है।”             


रमन ने भूपेश सरकार पर साधा निशाना

रमन सिंह ने बेरोजगार युवाओ को लेकर फिर भूपेश सरकार पर साधा निशाना।


मनोज सिंह ठाकुर
रायपुर। मुख्यमंत्री निवास के सामने एक बेरोजगार युवक के आत्मदाह करने पहुंचे मामले को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. रमन सिंह ने ट्वीट कर भूपेश सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा।
डा. रमन सिंह ने कहा कि शनिवार को एक बेरोजगार युवा बेरोजगारी से तंग आकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास के सामने आत्महत्या करने पहुंचा था। जो सरकार के मुंह पर तमाचा है। डा. सिंह ने कहा कि सरकार की वादाखिलाफी के चलते हम युवा हरदेव सिन्हा को खो चुके हैं। आखिर यह संवेदनहीन सरकार कब जागेगी। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओ से किए वादे निभाए।             


78 वर्ष के हुए महानायक 'अमिताभ बच्चन'

बर्थडे स्पेशल: 78 के हुए बिग बी, विरासत का बढ़ना अब भी जारी।


नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन रविवार को अपना 78वां जन्मदिन मना रहे हैं। हालांकि इससे कुछ दिन पहले ही उन्होंने एक बहुभाषी परियोजना में काम करने के लिए हामी भरी है। जिसमें तेलुगू सुपरस्टार प्रभास के अलावा अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी हैं।
बिग बी की झोली में इस वक्त कई सारी फिल्में हैं और साथ ही वह मशहूर क्वीज शो कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) की भी मेजबानी कर रहे हैं। बिग बी की प्रतिष्ठा साल दर साल बढ़ती ही जा रही है। उम्र बढ़ने के साथ ही साथ उनमें जोश व उत्साह का संचार भी दोगुना होता जा रहा है। आइए एक नजर डालते हैं। उन फिल्मों की ओर, जिनमें आने वाले समय में हमें बिग बी की जादूगरी देखने को मिलेगी।
ब्रह्मास्त्र
यह एक सुपरहीरो एंडवेचर्स फिल्म हैं। अयान मुखर्जी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के अलावा आलिया भट्ट, रणबीर कपूर, नागार्जुन और मौनी रॉय जैसे कलाकार हैं। यह परियोजना तीन भागों में आएगी और यह इसका पहला भाग होगा। चेहरे।
रूमी जाफरी द्वारा निर्देशित इस रहस्यमयी थ्रिलर में अमिताभ के अलावा इमरान हाशमी रिया चक्रवर्ती क्रिस्टन डिसूजा और अन्नू कपूर भी हैं।
झुंडः निर्देशक नागराज मंजुले द्वारा निर्देशित झुंड कथित तौर पर विजय बारसे के जीवन पर आधारित है, जो स्लम सॉकर के संस्थापक हैं। बिग बी फिल्म में एक प्रोफेसर की भूमिका में हैं। जो फुटबॉल की एक टीम बनाने के लिए सड़क पर रह रहे बच्चों को प्रशिक्षित करते हैं।
उयन्र्ता मणिथन
अमिताभ बच्चन इस फिल्म के साथ तमिल में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। जिसमें अभिनेता-निर्देशक एसजे सूर्या भी हैं। यह एक द्विभाषी फिल्म है। दीपिका पादुकोण और प्रभास के साथ एक शीर्षकहीन फिल्म दीपिका पादुकोण और तेलुगु सुपरस्टार प्रभास के साथ बिग बी बड़े पर्दे के लिए एक बहुभाषी मेगा प्रोडक्शन में काम करने के लिए तैयार हैं। साल 2022 में इस फिल्म के रिलीज होने की उम्मीद जताई जा रही है। आखें 2
साल 2002 में इसी नाम से आई थ्रिलर फिल्म का यह सीक्वेल है। इसका निर्देशन अनीस बज्मी करेंगे।             


इंडियन आर्मी ने फ्लॉप किया आतंकी प्लान

पीओके से नदी रास्ते हथियारों की तस्करी की फिराक में थे आतंकवादी इंडियन आर्मी ने फ्लॉप कर दिया प्लान।


मनोज सिंह ठाकुर
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर में शनिवार को भारतीय सेना ने राज्य पुलिस के साथ मिलकर पाकिस्तानी सेना द्वारा समर्थित आतंकवादियों के बड़े मंसूबे को नाकामयाब कर दिया है। आतंकवादी किशनगंगा नदी के रास्ते पीओके से हथियारों की तस्करी का प्रयास कर रहे थे। जानकारी मिलते ही सेना ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया और आतंकवादियों के हथियार बरामद कर जब्त कर लिया। जीओसी चिनार कॉर्प्स के लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सर्विलांस डिवाइसेस का इस्तेमाल करते हुए हमारे मुस्तैद जवानों ने पाकिस्तान द्वारा तस्करी किए जा रहे हथियारों का जखीरा पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह घटना दर्शाती है। कि पाकिस्तान के इरादे अब भी वही हैं। हम आने वाले दिनों में भी पाकिस्तान के ऐसे ही बुरे इरादों से जूझते रहेंगे।
सीमापार आतंकियों के 250-300 लॉन्च पैड्स
लेफ्टिनेंट जनरल ने बताया कि हमारी खुफिया एजेंसी की जानकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर तकरीबन 250-300 आतंकी लॉन्च पैड हैं। आतंकवादियों के नियमित घुसपैठ की कोशिशों के बावजूद हम उन्हें अपने रेगुलर कोशिशों से दूर रखने में सक्षम हैं।
सीमा पार से हथियारों की तस्करीः बता दें कि शनिवार को जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में भारतीय सेना के जवानों ने पाकिस्तानी सेना द्वारा समर्थित आतंकवादियों के मंसूबे विफल कर दिए। आतंकी सीमा पार से हथियारों की तस्करी की कोशिश कर रहे थे। सर्विलांस संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए भारतीय सेना के जवानों ने पाकिस्तानी आतंकवादियों को ऐसी नापाक कोशिश करते पकड़ लिया। सेना ने किशन-गंगा नदी के किनारे आतंकी गतिविधियों का पता लगाया था।
नदी के रास्ते तस्करी की कोशिशः इसके तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन लॉन्च किया गया। बताया गया कि दो-तीन आतंकवादी नदी के दूर किनारे से रस्सी से बंधे ट्यूब में कुछ सामान ट्रांसपोर्ट करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान सेना के जवान वहां पहुंचे और हथियारों को जब्त कर लिया। आतंकवादियों के पास से 4 एके-74 राइफल, 8 मैगजीन और 230 एके राइफल बरामद किए हैं।             


दिल्ली मॉडल को यूपी के घर-घर पहुंचाएंगे

आप कार्यकर्ता दिल्ली मॉडल को उत्तर प्रदेश में घर-घर पहुंचाएंगेः सभाजीत सिंह


अयोध्या। उत्तर प्रदेश में भले ही अभी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा नहीं हुई हो। लेकिन पंचायत चुनाव में ताल ठोकने के लिए दावेदारों ने तैयारी तेज कर दी है। पंचायती व्यवस्था के माध्यम से सत्ता और व्यवस्था में परिवर्तन लाने के लिए बड़ी संख्या में लोग आम आदमी पार्टी के हमराह हो रहे हैं।आदमी पार्टी ने पूरी मजबूती से दमखम के साथ पंचायत चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। आम आदमी पार्टी प्रदेश भर में पंचायत प्रतिनिधियों को पार्टी में शामिल करने का अभियान शुरू कर दिया। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा आम आदमी पार्टी के सांसद प्रदेश प्रभारी संजय सिंह 20 अक्टूबर को अयोध्या आयेगे उनकी मौजूदगी में कई लोग आम आदमी पार्टी में शामिल होगे। सभाजीत सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सरकारी स्कूलों का कायाकल्प कर दिया प्रदेश में प्राइवेट स्कूलों से भी अच्छी और मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था कराई।अमेरिका  की प्रथम महिला मिलेनिया दिल्ली के स्कूलों को देखने के लिए आई। आमजन को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मोहल्ला क्लीनिक का संचालन कराया। जिसको देखने संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान आये। जो यह प्रमाणित करता है। कि दिल्ली के कार्यों की प्रशंसा देश में ही नहीं पूरे विश्व में हो रही है।
कोरोना की महामारी में दिल्ली मॉडल की चर्चा पूरे विश्व में हो रही है। केजरीवाल सरकार ने महिलाओं को अभूतपूर्व सुरक्षा का माहौल दिया। उन्होंने कहा कि अपने कार्यों की बदौलत आज आम आदमी पार्टी का प्रभाव व कारवां पूरे उत्तर प्रदेश में बहुत तेजी से बढ़ रहा है। इस महामारी में जन जन अक्सीजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर लोगों को सहारा दिया। जिसके बदौलत उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता 1 से बढ़कर 18 को पार कर रही है। श्री सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी सभी धर्मों सभी जातियों को साथ लेकर चलती है। उन्होंनें कहा कि बहुत से लोग कहते हैं। कि आम आदमी पार्टी बहुत अच्छा कार्य कर रही है। इस वजह से पार्टी से जुडना चाहते है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि  आम आदमी पार्टी दिल्ली की तरह उत्तर प्रदेश में बदलाव लाने का निर्णय लिया है। इस बदलाव अभियान की शुरुआत पार्टी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से कर रही है। पार्टी पूरी मजबूती से पंचायत चुनाव लडेगी।इसके लिए पार्टी ने उत्तर प्रदेश के हर जिले में महा अभियान चला रखा है। प्रदेश के तमाम जिलों में  बडी स॔ख्या में लोग आम आदमी पार्टी से जुड रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि पार्टी जनहित के मुद्दों को उठा रही है। तथा दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में जो काम हुआ है। उसे यूपी के घर घर तक कार्यकर्ता पहुंचा रहे है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हर गरीब मजलूम,किसान बिजली कर्मचारियों व बच्चों के अभिभावकों के साथ खडी है। आम आदमी पार्टी अपने संघर्ष को जारी रखेगी।           


नौकरियों में भर्ती के लिए साक्षात्कार खत्म

अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि अब तक 23 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों (UT) में सरकारी नौकरियों में भर्ती के लिए साक्षात्कार खत्म कर दिए गए हैं। कार्मिक मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, जितेंद्र सिंह ने कहा कि 2016 के बाद से केंद्र सरकार में ग्रुप-बी (गैर-राजपत्रित) और ग्रुप-सी पदों के लिए साक्षात्कार समाप्त कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 2015 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साक्षात्कार समाप्त करने का सुझाव दिया था और लिखित परीक्षा के आधार पर नौकरी में चयन की बात कही थी। प्रधानमंत्री की सलाह पर कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने एक व्यापक कवायद की और तीन महीने के भीतर एक जनवरी, 2016 से केंद्र सरकार में भर्ती के लिए साक्षात्कार को समाप्त करने की घोषणा करने की प्रक्रिया पूरी कर ली।
देश के 23 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों में साक्षात्कार किए गए बंद। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और गुजरात जैसे कुछ राज्य इस नियम को लागू करने के लिए तत्पर थे। लेकिन कुछ राज्य इसे समाप्त करने के अनिच्छुक थे। जितेंद्र सिंह ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि राज्य सरकारों को काफी समझाने और बार-बार याद दिलाने के बाद आज जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित भारत के सभी आठ केंद्र शासित प्रदेशों और देश के 28 राज्यों में से 23 में साक्षात्कार कराना बंद कर दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अतीत में साक्षात्कार के अंकों को लेकर इस बात की शिकायत और आरोप लगते थे कि कुछ उम्मीदवारों की मदद के लिए उनमें जोड़-तोड़ की जा रही थी। साक्षात्कार खत्म होने और चयन के लिए सिर्फ लिखित परीक्षा के अंकों पर विचार से सभी उम्मीदवारों को समान अवसर उपलब्ध होते हैं। साक्षात्कार खत्म होने से चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता आने के साथ साथ कई राज्यों ने सरकारी खजाने में खासी बचत की बात भी कही है।
इसकी वजह यह है। कि उम्मीदवारों के साक्षात्कार आयोजित कराने में काफी खर्च होता था। क्योंकि अक्सर उम्मीदवारों की संख्या हजारों में होती थी। और साक्षात्कार की प्रक्रिया कई-कई दिनों तक चलती थी।             


सरकार सभी सरकारी मदरसे करेगी बंद

असम सरकार का बड़ा फैसला, सभी सरकारी मदरसे करेगी बंद।


दिसपुर। असम की भाजपा सरकार ने एक ऐसा फैसला लिया है। जिससे पूरे देश में सियासी बवाल खड़ा हो सकता है। सरकार का ये फैसला मदरसों से जुड़ा हुआ है।
असम की भाजपा शासित सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने घोषणा की है कि राज्य के सभी सरकारी मदरसे नवंबर से बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार इसके लिए जल्द अधिसूचना जारी करेगी। अभी सरकार ने इस फैसले के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं किया है लेकिन इसको लेकर राजनीति शुरू हो गई है।
भाजपा शासित सरकार के इस फैसले पर विपक्ष हमलावर हो गया है। अब विपक्ष ने भाजपा को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। उधर मदरसों को बंद करने को लेकर सरकार ने किसी ठोस कारण का खुलासा नहीं किया है। अब असम सरकार इस मुद्दे को लेकर राजनीति के केंद्र में आ गई है।               


योगी ने पूर्व सैनिकों के लिए घोषणा की

योगी ने पूर्व सैनिकों के लिए पांच प्रतिशत आरक्षण की घोषणा की।


लखनऊ। योगी सरकार ने पूर्व सैनिकों के लिए समूह ‘ख’ के पदों पर नौकरियों में पांच प्रतिशत आरक्षण की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि थल सेना, नौसेना, वायु सेना तीनों सेवाओं से सेवानिवृत्त और पूर्व सैन्यकर्मी पांच प्रतिशत आरक्षण के लिए पात्र होंगे। नौकरी के लिए पात्र होने के लिए उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए और प्रत्येक स्तर पर ‘क्षैतिज आधार’ पर आरक्षण प्रदान किया जाएगा।
एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा, “यह कदम पूर्व अधिकारियों और कर्मियों को प्रोत्साहित करेगा और उनके परिवारों की आर्थिक रूप से मदद करेगा।” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भी रक्षा सेवाओं में अधिकांश लोगों को भेजता है और वर्तमान में, राज्य में बड़ी संख्या में पूर्व सैन्यकर्मी रहते हैं। राज्य सरकार ने हाल ही में शहीद हुए सैनिकों के परिवार को दी जाने वाली वित्तीय सहायता को 25 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया है। प्रवक्ता ने आगे कहा, “सरकार शहीद के परिवार के एक सदस्य को नौकरी भी प्रदान कर रही है। यह निर्णय लिया गया कि किसी भी रक्षा सेवाओं और अर्धसैनिक बल से जुड़े 1 अप्रैल 2017 के बाद शहीद हुए सैनिक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इस आशय से संबंधित एक आदेश 19 मार्च, 2018 को जारी किया गया था।” उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकारों के शासन में ऐसा कोई प्रावधान नहीं था।             


भारतीय रेलवे का टिकट नियमों में बदलाव

भारतीय रेलवे के टिकट रिजर्वेशन नियमों में हुआ बदलाव, जानिए क्या हैं। नए नियम


अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को थोड़ी राहत प्रदान करते हुए शनिवार से नियमों में कुछ बदलाव किये हैं। रेलवे ने दूसरा रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने का फैसला लिया है। रेलवे ने स्टेशन से ट्रेन के निर्धारित डिपार्चर समय से 30 मिनट पहले दूसरा रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने का फैसला लिया है।
पिछले कुछ महीनों से कोरोना वायरस महामारी के चलते इसमें दो घंटे पहले ही बदलाव किया जाता था।
भारतीय रेलवे ने एक बयान में कहा कोरोना काल से पूर्व स्थापित निर्देशों के अनुसार पहला रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन के निर्धारित डिपार्चर समय से कम से कम चार घंटे पहले तैयार किया जाता था। इसके बाद पीआरएस ( पीआरएस) सिस्टम या इंटरनेट के जरिए उपलब्ध बुकिंग पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होती थी।
यह बुकिंग दूसरा रिजर्वेशन चार्ट बनने से पहले तक होती थी।
दूसरे रिजर्वेशन चार्ट्स ट्रेन के निर्धारित या पुनर्निर्धारित डिपार्चर समय से 30 से पांच मिनट पहले तक तैयार होते थे। पहले से बुक टिकटों का कैंसिलेशन भी रिफंड नियमों के प्रावधान के अनुसार इस अवधि के दौरान मान्य होता था।
कोरोना वायरस महामारी के चलते दूसरे रिजर्वेशन चार्ट के नियमों में बदलाव करते हुए ट्रेन के निर्धारित या पुनर्निर्धारित डिपार्चर समय से दो घंटे पहले दूसरा रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने के निर्देश जारी हुए थे। अब दोबारा से नियम में बदलाव हुआ है। जिससे दूसरा रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन छूटने के समय से 30 मिनट पहले तैयार होगा।
इस तरह अब ऑनलाइन और पीआरएस पर टिकट बुकिंग सुविधा दूसरे चार्ट के तैयार होने से पहले तक उपलब्ध रहेगी। रेल सूचना प्रणाली केंद्र ( सी आर आई एस) ने इस अनुसार सॉफ्टवेयर में आवश्यक बदलाव कर दिये हैं। इसका मतलब है । कि शनिवार से यात्री स्टेशन से ट्रेन चलने से 30 मिनट पहले तक अपना टिकट बुक करा सकते हैं। और जरूरत पड़ने पर दूसरा चार्ट तैयार होने से पहले बुक्ड टिकट कैंसिल भी करा सकते हैं।                             


शव मिलने पर विस अध्यक्ष ने शोक जताया

सोचने तक का मौका नहीं मिला तहसीलदार सुनैना राणा को, बामुश्किल मिले नहर में शव, विधानसभा अध्यक्ष ने किया शोक व्यक्त।


पंकज कपूर


नजीबाबाद/देहरादून। नैनीताल से लौट रही रुड़की की तहसीलदार सुनैना राणा, उनके अर्दली ओमपाल सिंह और ड्राइवर सुंदर की सरवनपुर नहर में डूबने से मौत हो गई। देर शाम उनकी कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने हादसे में रुड़की की तहसीलदार सुनैना राणा सहित तीन लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इधर, स्थानीय लोगों की मदद से तीनों के शवों को व क्रेन से बोलेरो को नहर से बाहर निकाला गया। तहसीलदार सुनैना राणा नैनीताल में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रही थी।
इस दौरान उनकी बोलेरो कार अचानक कार अनियंत्रित होकर नहर की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। जिससे तीनों की नहर में डूबने से मौत हो गई। इदर, हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है साथ ही तहसीलदार सुनैना राणा सहित अन्य मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी सांत्वना व्यक्त की है।             


जेपी ने आंदोलन का नेतृत्व कर रक्षा की

जब लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला हुआ, जेपी ने जन आंदोलन का नेतृत्व कर रक्षा की: 'पीएम'


अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोक नायक जयप्रकाश नारायण को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी और कहा कि “जब हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला हुआ था, तो उन्होंने इसकी रक्षा के लिए एक मजबूत जन आंदोलन का नेतृत्व किया।” प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “मैं लोकनायक जेपी को उनकी जयंती पर नमन करता हूं। उन्होंने भारत की आजादी के लिए बहादुरी से लड़ाई लड़ी और जब हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला हुआ, तो उन्होंने इसकी रक्षा के लिए एक मजबूत जन आंदोलन का नेतृत्व किया। उनके लिए, राष्ट्रहित और लोगों के कल्याण से ऊपर कुछ नहीं था।”
उन्होंने आगे कहा, “महान नानाजी देशमुख, लोकनायक जेपी के सबसे सच्चे अनुयायियों में से एक थे। उन्होंने जेपी के विचारों और आदशरें को लोकप्रिय बनाने के लिए अथक परिश्रम किया। ग्रामीण विकास के प्रति उनके स्वयं के कार्य हमें प्रेरित करते हैं। उनकी जयंती पर मैं भारत रत्न नानाजी देशमुख को याद करता हूं।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत को गर्व है कि लोकनायक जेपी और नानाजी देशमुख जैसे दिग्गज इस भूमि में पैदा हुए। आज का दिन हमारे राष्ट्र के लिए उनके दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए खुद को समर्पित करने का।"               


डिस्टेंसिंग भूलें, करा रहे पीसीएस प्री परीक्षा

बरेली: सोशल डिस्टेंसिंग भूल करा रहे पीसीएस प्री की परीक्षा।


बरेली। जिले के 49 केंद्रों पर पीसीएस प्री की परीक्षा शुरू हो गई है। इस परीक्षा में 22400 अभ्यर्थियों को शामिल होना है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे शुरू कर दी गई है। यह पाली 11:30 बजे समाप्त होगी। इसके लिए सुबह 8:30 बजे से ही अभ्यर्थियों को प्रवेश देना शुरू कर दिया गया। मगर अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कराया गया। कई केंद्रों पर सैनिटाइजेशन का काम नहीं हो रहा था। अधिकांश केंद्रों पर बिना थर्मल स्क्रीनिंग के ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दे दिया गया। सभी केंद्रों पर पुलिस का कड़ा पहरा है। इसके बाद दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शुरू होकर 4:30 बजे समाप्त होगी।             


हाथरस कांडः सीबीआई ने किया केस दर्ज

हाथरस कांडः गाजियाबाद की सीबीआई अदालत में केस दर्ज, डिप्टी एसपी सीमा पाहुजा करेंगी जांच


अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। केंद्र सरकार ने हाथरस में एक दलित युवती के साथ तथाकथित गैंगरेप वाले मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। अधिसूचना जारी करने के बाद रविवार को सीबीआई की गाजियाबाद ब्रांच ने अपने यहां हाथरस की घटना के संबंध में एक मामला दर्ज किया। सीबीआई मुख्य आरोपी संदीप व अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। सूत्रों के अनुसार सीबीआई की डिप्टी एसपी सीमा पहुंच कर जांच करेंगी।
आपको बता दें कि योगी सरकार की अनुशंसा पर शनिवार को जांच सीबीआई ने अपने हाथ में ले ली थी। इस मामले में यूपी सरकार ने 3 अक्तूबर को सीबीआई से जांच कराए जाने का फैसला किया था। चार अक्टूबर को सरकार ने इसके लिए डीओपीटी को निर्धारित प्रारूप में सिफारिश भेजी थी। शनिवार को डीओपीटी ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। सीबीआई जिन मुख्य बिन्दुओं पर जांच करेगी उनमें प्रमुख हैं। 14 सितंबर को खेत में लड़की को किसने मारा? लड़की ने पहले दिन वाले बयान में अपने साथ कथित बलात्कार की बात क्यों नहीं की? पीड़िता ने आखिरी बयान में बलात्कार की बात की लेकिन मेडिकल रिपोर्ट इसके विपरीत क्यों है? 29 सितंबर को पीड़िता की मौत के बाद आनन-फानन में रात के अंधेरे में उसकी लाश क्यों जला दी गई? सीबीआई को यूपी सरकार द्वारा गठित एसआईटी की अब तक की पड़ताल से मदद भी मिलेगी। लेकिन एक बड़ा पेच ये भी है कि पीड़िता के परिवार को सीबीआई जांच पर भरोसा ही नहीं है। पीड़ित परिवार बार-बार कह रहा है कि उन्हें सिर्फ न्यायिक जांच पर ही भरोसा है।             


राजस्थान घटना पर माया ने उठाया सवाल

मायावती का सवाल, कांग्रेसी नेता राजस्थान की घटना पर खामोश क्यों


लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने राजस्थान में हो रही घटनाओं पर आज सवाल उठाया और कहा कि उत्तर प्रदेश की घटनाओं पर लोगों से मिलना और घटनास्थल पर जाना नाटकबाजी से ज्यादा कुछ नहीं है।               


नहर में गिरी गाड़ी, तहसीलदार सहित 3 की मौत

बिजनौर में बड़ा सड़क हादसा, नहर में गिरी सरकारी गाड़ी, तहसीलदार समेत तीन की मौत


बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। तहसीलदार की कार नहर में गिर गई। हादसे में तहसीलदार समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों के शव निकाल लिए गए हैं। बिजनौर के नजीबाबाद की सरवनपुर नहर में देर रात रुड़की की तहसीलदार की सरकारी गाड़ी गिर गई। तहसीलदार सुनैना राणा अपने अर्दली ओमपाल और ड्राइवर सुंदर सिंह के साथ नैनीताल से रुड़की वापस हो रही थी।
नजीबाबाद से 4 किलोमीटर पहले नहर पुलिया की रेलिंग को तोड़कर कार नहर में गिर गई। घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय, एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह, एसडीएम बृजेश कुमार सिंह, सीओ प्रवीण कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे।
काफी तलाश के बाद तीनों शवों को निकाला गया। वहीं क्रेन द्वारा कार को नहर से बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।               


सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 1 महिला संक्रमित

सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, महिला निकली कोरोना पॉजिटिव, 03 गिरफ्तार।


कोरबा। चाम्पा के 2 व्यापारी व्यापार के सिलसिले में घर से कोरबा के लिए निकले और आसमान से टपके और खजूर पर अटके की तर्ज पर सलाखों के पीछे पहुंच गए। दरअसल ये दोनों देह व्यापार के एक संचालक के घर पर मजबूर महिला के साथ रंगरलिया मनाते पकड़े गए। यहां तक तो व्यापारियों की हालत खस्ता थी ही, लेकिन जैसे ही पता चला कि महिला को कोरोना हुआ है, तीनों के होश फाख्ता हो गए। इन तीनों ने भगवान का शुक्र मनाया कि इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई।
देह व्यापार के मामले का खुलासा करते हुए कोरबा सीएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत पंपहाउस कालोनी निवासी सुखविन्दर सिंह सरदार पिता हरनाम सिंह 70 वर्ष के द्वारा अपने घर पर देह व्यापार कराने की सूचना मिल रही थी। शनिवार को भी कुछ लोग उसके घर पहुंचे थे। सूचना पर टीआई दुर्गेश शर्मा, चौकी प्रभारी एसआई कृष्णा साहू, आरक्षक देवनारायण कुर्रे, बुद्ध सिंह मधुकर, दीपेश प्रधान, गुनाराम सिन्हा, महिला आरक्षक संध्या राज व रीता क्रिस्टिना तिग्गा की संयुक्त टीम ने दबिश दी। एक आरक्षक को ग्राहक बनाकर हस्ताक्षरयुक्त 500-500 रुपए के दो नोट देकर शारीरिक संबंध के लिए युवती की मांग हेतु सुखविन्दर के पास सौदा के लिए भेजा गया। सौदा तय होते ही आरक्षक का इशारा पाकर टीम ने छापा मारा। भीतर कमरे में सुखविन्दर व एक अन्य व्यक्ति मिले, एक अन्य कमरे का दरवाजा बंद था जिसे खुलवाने पर अर्धनग्न हालत में महिला व पुरुष मिले। इस व्यक्ति ने अपना नाम विजय अग्रवाल पिता राम अवतार बताया। तलाशी में सुखविन्दर के पास से पुलिस द्वारा दिए गए हस्ताक्षरित नोट के अतिरिक्त 500-500 के 4 और नोट मिले जिसे ग्राहक गुलाब पटेल व विजय अग्रवाल द्वारा उक्त महिला के साथ संबंध बनाने हेतु दिया जाना बताया गया। तलाशी में आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद हुई। इस मामले में पीड़िता की ओर से प्रार्थी बनी पुलिस की रिपोर्ट पर संचालक सुखविन्दर सिंह, ग्राहक विजय अग्रवाल पिता राम अवतार 50 वर्ष निवासी ग्राम कोसमंदा एवं गुलाब पटेल पिता रामप्यारे पटेल 50 वर्ष निवासी लक्षनपुर चौक जिला जांजगीर-चांपा के विरुद्ध अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5, 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपी चांपा से विजय अग्रवाल की वैगनार कार क्र. सीजी-11 आर-0634 से कोरबा आए थे जिसे सुखविन्दर के घर के सामने से जब्त किया गया।             


बस-ट्रेन की टक्कर 17 की मौत, 30 घायल

थाईलैंड में बस-ट्रेन की टक्कर में 17 की मौत, 30 घायल।


बैंकॉक। थाईलैंड में एक मालवाहक ट्रेन और बस की टक्कर में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए हैं। एक सरकारी अधिकारी की तरफ से इस हादसे की सूचना मिली है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने मुख्य जिला अधिकारी प्रथुआंग युकासेम के हवाले से बताया, दुर्घटना के वक्त बस में 65 यात्री सवार थे। चैचोंग्सौ प्रांत के बैंग टॉय इलाके में रेलवे क्रॉसिंग पार करते वक्त यह बस दुर्घटना का शिकार हुई। बचाव कर्मियों द्वारा घायल यात्रियों को पास के अस्पतालों में पहुंचाया गया।
सामुत प्रकान प्रांत के चाचोन्गासाओ में एक मंदिर की ओर जा रही यह बस टक्कर लगने के चलते पलट गई। चोनबुरी प्रांत के लीम चबैंग बंदरगाह से यह ट्रेन बैंकॉक के लाट क्रैबंग के अपने रास्ते पर थी। दुर्घटना के कारणों की जांच चल रही है।                 


मार्केट में लगी आग से 9 दुकानें जलकर राख

यूपी: कानपुर की बाकरगंज मार्केट में लगी आग से नौ दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान


बाबूपुरवा। बाकरगंज बाजार की दुकानों में शनिवार देर रात आग लग गई। आग की लपटों को देख लोगों ने सूचना कंट्रोल रूम को दी। मौके पर दमकल की चार गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया। आग से नौ दुकानें जलकर खाक हुई हैं।
बाकरगंज बाजार में कच्ची टट्टरनुमा करीब ढाई सौ दुकाने हैं। शनिवार रात करीब दो बजे बगाही निवासी विजय साहू की परचून की दुकान में आग लग गई। जब तक लोग पहुंचे आग की लपटों ने आसपास की नौ दुकानों को चपेट में ले लिया और दुकानें धू-धूकर जलने लगीं। जिसे देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हल्ला गुहार मचाते हुए लोगों ने सूचना पुलिस और फायर कंट्रोल रूम पर दी। मौके पर मीरपुर कैंट से चार दमकल की गाड़ी पहुंची। जिसमें तीन गाड़ियों की मदद से आग पर डेढ़ घंटे बाद काबू पाया गया। आग से विजय साहू की दुकान के साथ अजीत गंज निवासी सोहनलाल अग्रहरि, भरत अग्रहरि, मनोज कुशवाहा, रामकरन साहू, राजेंद्र साहू, सुनील साहू, राजू साहू और बउवा साहू की दुकानें जलकर खाक हो गईं। वहीं दो-तीन दुकानें के बाहर पड़ा सामान भी जला है। व्यापारियों ने अराजकतत्वों पर आग लगाने की आशंका जताई है।               


हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया

हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया  इकबाल अंसारी  हैदराबाद। इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2024 सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और...