शुक्रवार, 28 अगस्त 2020

24 घंटे में 5 लोगों ने किया सुसाइड

नोएडा में 24 घंटे के भीतर 5 लोगों ने किया सुसाइड।


नोएडा। कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण के बीच गौतम बुद्ध नगर जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले में 24 घंटे के अंदर पांच लोगों ने आत्महत्या की है। पुलिस ने मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या करने वाले सभी लोगों ने मानसिक तनाव के चलते यह कदम उठाया।
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी अभिनेंद्र सिंह ने बताया कि थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर 122 स्थित परथला गांव में रहने वाले प्रशांत वर्मा (25 वर्ष) ने गुरुवार को अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रशांत वर्मा एक कंपनी में काम करते थे और काफी दिनों से डिप्रेशन में थे। वहीं, थाना बादलपुर क्षेत्र के राज एनक्लेव में रहने वाले सुनील ने भी गुरुवार रात को अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आत्महत्या के मामलों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, तीसरा मामला थाना सूरजपुर क्षेत्र के कस्बा सूरजपुर में रहने वाले संजय दीघा (28 वर्ष) का है, जिसने बुधवार को अपने घर पर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। थाना सूरजपुर क्षेत्र के ही एवीजी हाइट के पास कपिल चौधरी नामक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के रहने वाले सत्येंद्र पटेल ने भी गुरुवार रात आत्महत्या कर ली। पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है।
आठ साल के बच्चे की संदिग्ध अवस्था में मौत
उधर, थाना फेस-2 क्षेत्र में आठ साल के बच्चे सुनील सिंह की संदिग्ध अवस्था में मौत होने का मामला भी सामने आया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।           


फर्रुखाबाद में बाढ़ ने मचाई तबाही

बाढ़ की तबाही का खौफनाक मंजर ; देखिए तस्वीरें।


फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद में बाढ़ की विनाशलीला से सैकड़ों परिवार बर्बाद हो गए हैं। न तो उनके पास खाने पीने का ही कुछ बचा है,और न ही रहने को आशियाना। दर दर की ठोकरे खा रहे बाढ़ पीड़ितों की सुनवाई करने वाला भी कोई नहीं दिखाई पड़ रहा है। गंगा और रामगंगा का जलस्तर फिर से बढ़ गया है । गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से सिर्फ 5 सेंटीमीटर दूर रह गया है। इससे लोगों की धुकधुकी तेज हो गई है।रामगंगा का जलस्तर बढ़ते ही कोलासोता व अहलादपुर भटौली गांव में कटान तेज हो गया है। बाढ़ का पानी भरा रहने से फसलें खराब होने लगी हैं।
लगातार बारिश होने से गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर चल रहा है। जिससे गांव में बाढ़ का पानी भरा गया है। घरों में गंगा जी बह रही है। पीड़ित सड़कों पर पॉलिथीन के नीचे परिवार सहित गुजर बसर कर रहे हैं। बाढ प्रभावित गांवों में मवेशियों के लिए चारे की समस्या हो गई है। बाढ़ के पानी में तीसराम की मडैया का स्कूल गंगा मे पूरा तरह से समा गया है। मदद के नाम पर बाढ़ पीड़ितों को जिला प्रशासन की ओर से अभी तक कुछ भी मुहैया नहीं कराया गया है।
गंगा का जलस्तर 136.90 मीटर रजिस्टर है। नरौरा बांध से गंगा में 169170 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। राम गंगा का जलस्तर 10 सेंटीमीटर कम होने से 135.20 मीटर पहुंच गया है। खोहरेली व रामनगर से रामगंगा में 38090 क्वेश्चन पानी छोड़ा गया है। गंगा का जलस्तर स्थिर होने के बाद भी खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर दूर है। जिससे गांव में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। घरों में पानी भरा होने से पीड़ित सड़कों पर पॉलिथीन के नीचे परिवार सहित गुजर कर रहे हैं।
राजेपुर की ब्लॉक भरका पट्टी, बमयारी, माखन नगरा,बुढ़वा के लोग बाढ़ के पानी से निकलने को मजबूर है। बाढ़ प्रभावित गांव के लोगों को मवेशियों के चारे की समस्या हो गई है। बाढ़ प्रभावित गांव जोगराजपुर रामपुर हरसिंहपुर कायस्थ चारों तरफ से पानी से भरे हुए हैं। लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर से ब्लॉक राजेपुर के कई गांव में पानी ही पानी नजर आ रहा है। कुछ पीड़ित सड़क के किनारे तो कुछ लोग घरों की छतों पर रहने को मजबूर है। मदद के नाम पर पीड़ितों को जिला प्रशासन की ओर से अभी तक कुछ भी नहीं मुहैया कराया गया है। गंगा की बाढ़ में तीसराम की मडैया का स्कूल गंगा मे पूरी तरह से समा गई है।           


संसद में नायडू ने कराया 'मॉक ड्रिल'

संसद में वेंकैया नायडू ने कराया मॉक ड्रिल, सांसदों की जगह बैठे राज्यसभा सचिवालय के कर्मचारी और अधिकारी।


नई दिल्ली। 14 सितंबर से संसद का सत्र शुरू होना लगभग तय है। कोरोना काल में आहूत इस सत्र की तस्वीर वैसी नजर नहीं आएगी जैसी हम आजतक देखते आए हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर सदन की कार्यवाही चलाने के लिए कई बदलाव किए गए हैं। इन बदलावों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को राज्यसभा में एक मॉक संसद सत्र का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल में हुआ सोशल डिस्टेंशिंग के नियमों का पाल
मॉक सत्र में राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने भी हिस्सा लिया।क़रीब 45 मिनटों तक चले इस मॉक संसद सत्र में राज्यसभा सचिवालय के कर्मचारियों और अधिकारियों को संसद सदस्य के तौर पर अलग अलग सीटों पर बिठाया गया।उनको बिठाते समय सोशल डिस्टेंशिंग के नियमों का पालन किया गया। सांसद में इन कर्मचारियों को राज्यसभा, राज्यसभा की चार गैलरी और लोक सभा में बिठाया गया। संसद सत्र के दौरान राज्य सभा के सदस्यों के लिए इन्हीं तीन जगहों पर बैठने का इंतज़ाम किया गया है।
सांसदों को छह जगहों पर बिठाया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक़, मॉक ड्रिल से वेंकैया नायडू संतुष्ट नज़र आए।रोचक बात ये है कि नायडू को सत्र के दौरान एक साथ छह जगहों पर नज़र रखनी पड़ेगी, क्योंकि सांसदों को छह जगहों पर बिठाया जाएगा।चूंकि राज्यसभा के सदस्य लोकसभा में भी बैठेंगे इसलिए दोनों सदनों के बीच निर्बाध संवाद और संचार बनाए रखने के लिए एक हॉटलाइन भी लगाई गई है।इसके लिए दोनों सदनों के बीच क़रीब आधी किलोमीटर लम्बी ऑप्टिकल फाइबर भी बिछाई गई है।
मॉक ड्रिल के दौरान नायडू ने सत्र में अपनाए जाने वाली संसदीय परंपराओं का निरीक्षण किया।इनमें सदस्यों की ओर से मुद्दे उठाए जाने का तरीका और किसी बिल या प्रस्ताव पर ध्वनिमत या मत विभाजन की प्रक्रिया शामिल हैं।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी किया तैयारियों का मुआयना वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी लोकसभा की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाई जा रही तैयारियों का मुआयना किया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सत्र के दौरान सोशल डिस्टेंशिंग के नियमों का पालन करे की पुख़्ता व्यवस्था की जाए. इसी सिलसिले में आज लोकसभा अध्यक्ष स्वास्थ्य और गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ भी एक बैठक करेंगे।         


लोगों ने पंजाब का किया पुतला दहन

फरीदकोट। करोड़ों रुपये पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप घोटाले में प्रदेश सरकार के मंत्री साधू सिंह धर्मसोत व उनके करीबी डिप्टी डायरेक्टर का नाम सामने आने को देखते हुए, मंत्री की बर्खास्तगी समेत मामले की गंभीरता से जांच करवाए जाने की मांग को लेकर भाजपा सदस्यों की ओर से सड़क पर उतर कर विरोध-प्रदर्शन करने के साथ ही मंत्री व पंजाब सरकार का पुतला दहन किया।


भाजपा जिला अध्यक्ष विजय छावड़ा ने कहा कि मंत्री ने अपने करीबी डिप्टी डायरेक्टर की मिलीभगत से एससी, बीसी विद्यार्थियों के पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप के लगभग 64 करोड़ रुपये हड़प लिए, जबकि इस श्रेणी के विद्यार्थी स्कालरशिप के लिए संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह धनराशि हड़पने के लिए ऐसे कालेजों को धनराशि कागजों में आवंटित की गई, जिनसे उलटे सरकार को पहले ही पैसे लेने थे। यह एक गंभीर घोटाला है, इसके लिए जरूरत है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार से कैप्टन अमरिदर सिंह मंत्री धर्मसोत को बर्खास्त करने के साथ ही इस मामले की गंभीरता से जांच करवाए जिससे कि जिन लोगों के गरीब विद्यार्थियों के हक का पैसा हड़पा है वह बेनकाब हो और सलाखों के पीछे खड़े हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में पूरा प्रदेश विभिन्न प्रकार की समस्याओं से ग्रसित होकर रो रहा है             


पर्यावरण बचाने के लिए करें पौधरोपण

शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में स्थापना दिवस 'स्वर्ण जयंती वर्ष' के उपलक्ष्य में शुरू किए गए पौधारोपण के समापन पर शुक्रवार को शहरी विकास विकास, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में बुरांश का पौधा रोपा। बुरांश स्वास्थ्य के लिए लाभदायक और पोषक तत्वों से भरा होता है। इसमें एंटी माइक्रोबियल गुण भी पाया जाता है जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करता है। बुरांश में आयरन, कैल्शियम, जिक कॉपर आदि जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं।             


मुख्यमंत्री ने किया योजना का उद्घाटन

जमुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नगर पंचायत के छह वार्डो के एक दर्जन योजनाओं का शुक्रवार को उद्घाटन वर्जुअल के माध्यम से किया। इस मौके पर प्रत्येक जगह वार्ड सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित थे। चिन्हित सभी वार्डों में शिलापट भी लगाया गया।


मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में निर्मित गली-नाली एवं नल जल योजना को मुख्य रूप से हरी झंडी दी गई। गांव के लोग उक्त योजना का लाभ उठाएंगे। सैकड़ों परिवार के घर पर शुद्ध पेयजल मिलना प्रारंभ हो जाएगा। नगर अध्यक्ष पिकी देवी एवं उपाध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि नगर के 22 वार्ड में से दो वार्ड रेलवे परिसर में रहने के कारण वहां पर उक्त योजना का कार्य नहीं हो रहा है। अन्य छह वार्ड में कार्य पूर्ण हो जाने पर उद्घाटन मुख्यमंत्री ने किया। नगर के अन्य वार्ड में जल नल योजना पूर्ण होने पर है। कार्यपालक पदाधिकारी रामाशीष शरण तिवारी ने बताया कि नगर में छह योजना जल नल योजना एवं पांच योजना गली नली योजना का उद्घाटन हुआ है। जल नल योजना में 22 लाख 49 हजार का एक मॉडल प्राक्कलन तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि गली नली योजना में 6,11,18,19 एवं 22 वार्ड एवं जल नल योजना में 11, 18,19,20,21 एवं 22 वार्ड की योजना शामिल है। वार्ड 11 में नगर उपाध्यक्ष संजय यादव एवं वार्ड 19 में वार्ड पार्षद कामाख्या देवी, वार्ड 21 में वार्ड पार्षद सीमा राज ने फीता काट कार्यक्रम की शुरूआत की। जबकि अन्य वार्ड में भी वार्ड पार्षद ने फीता काट कर उद्घाटन किया। मौके पर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष विजय पासवान एवं संजय सिन्हा, मुरारी प्रसाद, सुबोध केशरी, शशिकांत झा, विपिन झा, विशाल राज, राजेश कुमार,  भैयालाल माथुरी आदि कई लोग उपस्थित थे।


परिवार के लिए महिलाओं ने रखा व्रत

नगीना। जैन धर्म में भादो माह के शुक्ल पक्ष दशमी में सुगंध दशमी के व्रत रखने का अपना विशेष महत्व है। इस व्रत को महिलाएं अपने पति, संतान व परिवार की दीर्घायु के लिए व उन्हें संकटों से बचाने के लिए रखती हैं।


समाज सेविका राधिका जैन ने बताया की इस दिन महिलाएं अपने पति, संतान व परिवार के सौभाग्य के लिए व्रत रखती है। दिन में भगवान श्री शीतलनाथ की विशेष पूजा, अर्चना करती हैं, दोपहर को सुगंध दशमी की कथा सुनती हैं, तथा परमपिता परमात्मा से जगत कल्याण की कामना करती हैं। महिलाएं अपने पति, संतानों की दीर्घायु व खुशहाली के साथ-साथ अपने परिवार के सौभाग्य के लिए भी ईश्वर से विशेष कामना करती है ईश्वर भी उनकी प्रार्थना को स्वीकार करते हुए उनके पति, संतान व परिवार को दीर्घायु व खुशहाली का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।               


शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

कटिहार। प्राणपुर थाना क्षेत्र के केवटीया संथाली टोला से 15 लीटर देसी शराब के साथ एक तस्कर को प्राणपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उक्त आशय की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह ने बताया कि समकालीन अभियान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर केवटीया संथाली टोला निवासी गुलशन सोरेन उम्र 19 वर्ष पिता बादल सोरेन को पंद्रह लीटर देसी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार कर मद्यनिषेध निषेध अभियान के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। वहीं थानाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि थाना क्षेत्र में लगातार शराब कारोबारियों व पियक्कड़ों के विरुद्ध छापेमारी अभियान जारी है।                 


बारिश के कारण सड़कों पर लग रहे जाम

आरा। जिला मुख्यालय से बाइपास तक शुक्रवार को सड़कों पर महाजाम से लोग परेशान रहें। जाम के कारण बाईपास पर वाहनों की कतार लग गई। महाजाम से छ़ूटकारा की उम्मीद में कई बाइक और छोटी वाहन वालों के बीच बार-बार नोक-झोंक होती रही। जिलाधिकारी द्वारा विगत माह सड़क जाम से निजात के लिए यातायात डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम का असर दूर-दूर तक नहीं दिखाई पड़ा।


गोढ़ना रोड, बिहारी मिल रोड, जीरो माईल समेत कई सड़कों की हालत बुरी तरह खराब है। एक वर्ष से इस जर्जर सड़क पर जलजमाव कायम है। व्यवसायियों और मुहल्लेवासियों के विरोध आंदोलन के बाद डीएम के सख्त आदेश पर कुछ ईंट के बड़े-बड़े टुकड़ों से जर्जर सड़क को पाटने की असफल कोशिश की गई लेकिन इस सड़क की बदहाली कम नहीं हुई। इन सड़कों पर अक्सर वाहनों के पलटने या फसने से जाम की स्थिति बनी रहती है।               


एसडीएम से मिला शिष्टमंडल, चेतावनी

अल्मोड़ा : तूल पकड़ रहा अस्पताल में गर्भवती की मौत का मामला, एडीएम से मिला शिष्टमंडल, 30 से धरने की चेतावनी


अल्मोड़ा। गत दिनों जिला अस्पताल में उपचार के दौरान हुई गर्भवती की मौत पर अब तक किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने से जन सामान्य में रोष बना हुआ है। समाजसेवी मनोज बिष्ट भय्यू के नेतृत्व में तमाम संगठनों से जुड़े लोगों ने आज एडीएम डीएल फिरमाल को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर 30 सितंबर से पुन: आंदोलन की चेतावनी दी।
ज्ञापन में कहा गया है कि गत दिनों एक गर्भवती महिला सांस संबंधी दिक्कत के चलते उपचार हेतु अस्पताल आई थी, लेकिन उसे कोरोना जांच के लिए एक अस्पताल से दूसरे में दौड़ाया जाता रहा। जब तक उसकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई उसकी उपचार के अभाव में मौत हो गई। इस मुद्दे को लेकर गत दिनों चौघानपाटा में धरना—प्रदर्शन भी किया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जाने चाहिए। जिस पर एडीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए दोषियों को सजा दी जायेगी। जिस पर शिष्टमंडल ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को इंसाफ नही मिला तो 30 अगस्त से धरना शुरू कर दिया जायेगा। एडीएम से मुलाकात करने वाले शिष्टमंडल में वरिष्ठ अधिवक्ता केवल सती, उप सचिव बार एसोसिएशन दीप चंद्र जोशी, मनोज सनवाल, आशुतोष पवारं, मोहित मिश्रा, पूर्व व्यापार मंडल सचिव दीप चंद्र जोशी, पूर्व सैनिक शिवराज माहरा आदि शामिल थे।           


अयोध्याः युवतियों ने मंदिर में रचाई शादी

अयोध्या: प्यार में पड़ीं दो युवतियों ने मंदिर में रचाई शादी।


अयोध्या। दो समलैंगिक युवतियों ने मंदिर में शादी रचा ली और अब मामला थाने पहुंचा है। एक युवती अयोध्या की रहने वाली है तो दूसरी कानपुर की। रिश्तेदारी के जरिए दोनों युवतियां एक दूसरे के करीब आईं और दोनों में प्रेम हो गया।
मोहब्बत का अंजाम यह कि दोनों ने परिवार से बगावत करके कानपुर के ही एक मंदिर में शादी रचा ली। यही नहीं अयोध्या की युवती अपने कानपुर की पत्नी को लेकर अयोध्या आवास पहुंच गई। जिसके बाद परिवार में हंगामा हो गया और मामला थाने पहुंच गया। अयोध्या की युवती वर्षा लड़के के वेश में रहती है।
मामला कोतवाली नगर के साहबगंज बालदा का है जहां की युवती वर्षा रिश्तेदारी में कानपुर जाती थी जहां से उसका संपर्क कानपुर की रहने वाली युवती एकता से हो गया। दोनों व्हाट्सएप फेसबुक पर एक दूसरे से बात करने लगे और मोहब्बत कर बैठे। आखिर में एक दिन ऐसा भी आया जब अयोध्या की युवती वर्षा कानपुर पहुंच गई और दोनों ने मंदिर में शादी रचा ली।
यही नहीं अब दोनों युवतियां अयोध्या पहुंच चुकी हैं और मामला कोतवाली नगर में। पुलिस अब दोनों बालिग युवतियों का अदालत में धारा 164 का बयान दर्ज कराएगी। इस अजीबोगरीब रिश्ते को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और समलैंगिक विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है।             


'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा  संदीप मिश्र  शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि मौजूदा...