शनिवार, 8 अगस्त 2020

6 महा में दूसरा वायुयान हादसा, 18 की मौत

तिरूवनंतपुरम।  केरल के कोझिकोड में शुक्रवार रात एयर इंडिया एक्सप्रेस का बोइंग 737-800 विमान जिस प्रकार रनवे पार कर खाई में जा गिरा, यह छह महीने में इस विमान का इस तरह का दूसरा हादसा है। तुर्की के इस्ताम्बुल में 05 फरवरी को पेगासस एयरलाइंस का बोइंग 737-800 विमान भी इसी प्रकार दुर्घटना का शिकार हो गया था। दोनों दुर्घटनाओं में बहुत कुछ समान है और यदि उस हादसे से सीख ली गई होती तो संभवत: कोझिकोड के हादसे को टाला जा सकता था। वहाँ भी खराब मौसम के बीच विमान रनवे पर उतरा और रनवे पार कर 30 मीटर नीचे जा गिरा। उस दुर्घटना में भी विमान के टुकड़े हो गये थे और तीन यात्रियों की मौत हो गई थी। एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान दुबई से भारतीय नागरिकों को लेकर कोझिकोड पहुँचा था और लैंडिंग के वक्त रनवे पार कर 35 मीटर नीचे जा गिरा। विमान में चालक दल के छह सदस्यों समेत 190 यात्री सवार थे जिनमें दोनों पायलट सहित अब तक 18 की मौत हो चुकी है और एक सौ से अधिक लोगों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। यह विमान करीब 14 साल पुराना था। इस्ताम्बुल हवाई अड्डे पर हुए हादसे में विमान 11 साल पुराना था। यह उड़ान तुर्की के ही अजमीर अदन मेंदेरेस हवाई अड्डे से इस्ताम्बुल आई थी। लगातार दिशा बदल रही तेज हवाओं के बीच पायलट ने विमान को रनवे पर उतारा, लेकिन उसकी दिशा हवा के साथ होने के कारण विमान की गति अपेक्षित रूप से कम नहीं हुई। विमान तीन किलोमीटर रनवे पार कर दीवार तोड़ता हुआ 30 मीटर गहरी खाईं में जा गिरा। गिरने के बाद विमान दो टुकड़ों में बँट गया। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई। विमान के अलावा दोनों हादसों में मौसम की परिस्थितियां और रनवे की लंबाई लगभग एक समान थी। दोनों ही मामलों में रनवे के आगे खाईं थी। बहुत हद तक संभव है कि दोनों मामलों में दुर्घटना का कारण एक सा ही रहा हो।         


पीडितो की नहीं सुनती अंधी-बहरी सरकार

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आशा कार्यकर्ताओं की स्थिति को लेकर मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि वह अंधी-बहरी है इसलिए आशा बहिनों की बात नहीं सुनती।
गांधी ने ट्वीट किया, आशा कार्यकर्ता देशभर में घर-घर तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुँचती हैं। वो सही मायने में स्वास्थ्य वॉरियर्स हैं लेकिन आज ख़ुद अपने हक़ के लिए हड़ताल करने पर मजबूर हैं। सरकार गूँगी तो थी ही, अब शायद अंधी-बहरी भी हो गयी है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को कोरोना योद्धा बताते हुए कहा कि छह लाख आशा कार्यकर्ता सरकार की अनदेखी के कारण हड़ताल पर जाने को मजबूर है।           

चीन के खिलाफ खडे होने का विश्वास

बीजिंग। गलवान घाटी में 15 जून को हिंसक झड़प के बाद भारत ने भविष्य में किसी सीमा विवाद के दौरान चीन के खिलाफ अकेले खड़े होने का विश्वास दिखाया है। भले ही अमेरिका ने बीजिंग के खिलाफ 'क्वॉड अलायंस' बनाने का ऑफर दिया है, लेकिन भारत के अकेले तन जाने से ड्रैगन भी हैरान है। एक यूरोपीय थिंक टैंक ने यह बात कही है। पूर्वी लद्दाख में झड़प के बाद से भारत और चीन के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है। इसके कुछ अच्छे परिणाम भी सामने आए हैं और दोनों देशों की सेनाएं कुछ विवादित जगहों से पीछे हटी हैं, लेकिन चीनी सैनिक देपसांग, गोरा,  फिंगर इलाकों में टिकी हुई हैं। 



यूरोपीय फाउंडेशन फॉर साउथ एशियन स्टडीज (EFSAS) ने एक समीक्षा में कहा, ''पैंगोंग त्सो में डिसइंगेजमेंट की शुरुआती प्रक्रिया में चाइनीज फिंगर 2 से फिंगर 5 इलाकों में पीछे हटे, लेकिन रिज लाइन पर तैनाती बनी रही। भारत जोर दे रहा है कि चीनी सैनिक फिंगर 5 से फिंगर 8 तक से हटें। भारत ने चीनी सैनिकों के पूरी तरह पीछे हटने तक अग्रिम इलाकों से हटने पर विचार से इनकार कर दिया है।''


थिंक टैंक ने कहा, ''2017 में डोकलाम की तरह, ड्रैगन की आक्रामकता के खिलाफ भारतीय राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व की ओर से दिखाए गए दृढ़ता और संकल्प ने चीन को हैरान कर दिया है।'' भारतीय रक्षा मंत्रालय की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए EFSAS ने कहा कि जब तक सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर बीतचीत के जरिए सहमति नहीं बन जाती, तनातनी लंबे समय तक रह सकती है। दूसरे शब्दों में, बेहद कठिन मौसम के बावजूद दोनों देश सर्दी में भी टिकने की तैयारी में हैं। EFSAS ने कहा कि भारत ने सियाचिन ग्लेशियर की तरह यहां बड़े पैमाने पर सैन्य सामान और रसद एकत्रित कर लिया है। भारत की ओर से तैयारी से पता चलता है कि भारत सीमा पर किसी गंभीर टकराव का मुकाबला करने के लिए काफी मजबूत है।             


सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में होगें धोनीः मांजरेकर

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज और अब मशहूर कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की सराहना करते हुए कहा है कि वह इस बार आईपीएल में अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में होंगे। धोनी पिछले साल इंग्लैंड में हुए आईसीसी विश्वकप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में भारत की हार के बाद से अब तक मैदान में नहीं उतरे हैं और आईपीएल से वह मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। आईपीएल-13 का आयोजन 19 सितंबर से 10 नवंबर तक संयुक्त राष्ट्र अमीरात (यूएई) में होना है। मांजरेकर ने स्टार स्पोटर्स के शो क्रिकेट कनेक्टेड में कहा, “मुझे लगता है कि धोनी आईपीएल में अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में होंगे और उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ज्यादा आईपीएल में सफल होने का कारण यह है कि उन्हें पता है कि यहां चार-पांच गेंदबाजों से पार पाना है जिसमें से कुछ अच्छे होंगे और कुछ ज्यादा बेहतर नहीं होंगे।” उन्होंने कहा, “अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आपको पांच बेहतरीन गेंदबाजों का सामना करना पड़ता है और धोनी जानते हैं कि किस गेंदबाज को पीटना है और किसे सावधानी से खेलना है। सचिन तेंदुलकर और धोनी जैसे खिलाड़ी चैंपियन क्रिकेटर हैं। आप धोनी का जो रूप क्रिकेट मैदान पर देखते हैं वह आपको कभी सार्वजनिक मंच पर नहीं दिखाई देगा।” मांजरेकर ने कहा, “विराट कोहली की शादी में मुझे धोनी के साथ थोड़ा समय बिताने का मौका मिला था। उन्होंने मुझसे कहा था कि जब तक मैं टीम में शामिल सबसे तेज दौड़ने वाले खिलाड़ी को हराता हूं, मैं खुद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने के लिए फिट समझता रहूंगा।” उन्होंने कहा, “एक बल्लेबाज के तौर पर आईपीएल में धोनी में मुझे कोई खास बदलाव नहीं दिखता। वास्तव में जो स्थिति है वो धोनी के लिए सही है, चाहे वो मानसिकता हो या तेजी से गेंद को मारना।”             


देश में 5,98,778 नमूनों की हुई जांच

नई दिल्ली। देश भर में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण का पता लगाने के लिए 5,98,778 नमूनों की जांच की गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से शनिवार जारी आंकड़ों के मुताबिक 07 अगस्त को देशभर में 5,98,778 नमूनों की जांच की गयी और इसके साथ ही अब तक जांच किये गये नमूनों की कुल संख्या 2,33,87,171 हो गयी है। इस बीच देश में कोरोना परीक्षण लैब की संख्या बढ़कर 1,396 हो गयी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 61,537 नये मामले सामने आने से अब तक संक्रमण के शिकार हुए व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 20,88,611 हो गया है हालांकि सात अगस्त को 48,900 संक्रमितों के रोगमुक्त होने और 933 मरीजों की माैत से संक्रमण के सक्रिय मामलों में 11,704 की तेजी आयी है। देश भर में इस समय संक्रमण के 6,19,088 सक्रिय मामले हैं।         


विधायक के संपर्क में आने वाले को सलाह

रोहित गौतम, विकास कुमार


साहिबाबाद से BJP विधायक सुनील शर्मा को हुआ कोरोना, संपर्क में आए लोगों को दी टेस्ट कराने की सलाह


गाजियाबाद। दिल्ली से लगे गाजियाबाद में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। जिले में अब तक 5500 से अधिक लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। हालांकि, अब तक 4400 से अधिक मरीज बीमारी को मात देकर ठीक भी हो गए हैं। वहीं, अब साहिबाबाद विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक सुनील कुमार शर्मा के भी कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। विधायक के साथ उनकी पत्नी और बेटा भी पॉजिटिव पाए गए हैं। वह आज दोपहर वैशाली के नवीन अस्पताल या कौशाम्बी के यशोदा अस्पताल में भर्ती होंगे। विधायक ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है, लेकिन डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं।             


मरीज से छेड़छाड़ डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज

रोहित गौतम, विकास कुमार


अस्पताल मे मरीज से छेड़छाड़.डॉक्टर पर केस दर्ज


गाजियाबाद। सिहानी गेट क्षेत्र में मेरठ रोड स्थित विनायक अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टर द्वारा महिला मरीज से अश्लीलता करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि डॉ. बिजेंद्र ने मरीज से छेड़छाड़ की और मोबाइल देकर फोन पर बात करने को कहा। पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 
सिहानी गेट क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति का कहना है कि वह अपनी बहन का इलाज कराने के लिए मेरठ रोड स्थित विनायक अस्पताल में गए थे। वहां इलाज के दौरान डॉ. बिजेंद्र ने उसकी बहन द्यह्य अश्लील बातें शुरू कर दीं। आरोप है कि डॉ. बिजेंद्र उसकी बहन का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी डॉक्टर ने कहा कि वह उससे मोबाइल ले ले। इसके बाद वह उसे कॉल किया करेगा। डॉक्टर ने यह भी कहा कि वह जहां बुलाए, वहां पर आ जाना। पीड़ित का कहना है कि अस्पताल से उसकी बहन चुपचाप घर आ गई और दूसरी बहन को आपबीती बताई। मामले की जानकारी लगने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो आरोपी डॉक्टर वहां से फरार हो चुका था। पुलिस का कहना है कि विनायक अस्पताल के डॉ. बिजेंद्र के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।               


इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...