शनिवार, 1 अगस्त 2020

दिल्लीः 1 हद तक संक्रमण पर नियंत्रण

नई दिल्ली। देश में लगातार कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। कोरोना संक्रमण से अबतक 16 लाख 95 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं। जिसमें से 10 लाख 94 हजार संक्रमित ठीक भी हुए हैं। वहीं दिल्ली में कोरोना संक्रमण पर काफी हद तक नियंत्रण पाने की कोशिश में सफलता मिली है। हाल ही में दिल्ली में किए गए सीरोलॉजिकल सर्वे में मध्य जिले में 28% आबादी कोरोनावायरस से प्रभावित पाई गई थी, जो शहर भर में सबसे अधिक थी।             


यूपी में अनलॉक-3 की गाइडलाइन जारी

लखनऊ। गृह मंत्रालय के बाद अब यूपी सरकार द्वारा भी अनलॉक-3 के लिए गाइडलाइन्स जारी कर दिया है। यह गाइलाइन्स लगभग केंद्र द्वारा जारी किए गए गाइडलाइन्स से मिलती है। राज्य में पहले की तरह अगस्त के पूरे महीने शनिवार और रविवार को लॉकडाउन रहेगा। उत्तर प्रदेश में जिम एक अगस्त की जगह 5 अगस्त से ही खुलेंगे।


अगस्त महीने में लॉकडाउन शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक हर हफ्ते रहेगी। अनलॉक 3 की गाइडलाइन्स के तहत स्कूल, कॉलेज और सभी कोचिंग संस्थान 31 अगस्त  तक बंद रहेंगे। केंद्र और यूपी सरकार के दिशा-निर्देश लगभग मिलते-जुलते हैं। केंद्र गाइलाइन्स में जानकारी दी गई थी कि शैक्षणिक संस्थानों को न खोलने का निर्णय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ व्यापक परामर्श के बाद लिया गया।           


पूछताछ के लिए ले गई पुलिस, अपहरण दर्ज

लखनऊ/ गाजियाबाद। मानसरोवर पार्क इलाके से अंडे की रेहड़ी लगाने वाले युवक को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। लेकिन छानबीन में पता चला कि युवक का अपहरण नहीं हुआ था बल्कि गाजियाबाद की विजय नगर थाना पुलिस उसे पूछताछ के लिए ले गई थी। 


जिला पुलिस उपायुक्त अमित शर्मा ने बताया कि अकसर दिल्ली व यूपी पुलिस एक दूसरे के इलाके में दबिश देती है। जांच में पता चला कि युवक को पुलिस पूछताछ के लिए ले गई थी। उसके बाद अब स्थानीय पुलिस एफआईआर रद्द करने के लिए रिपोर्ट लगाएगी। पीड़ित युवक की पहचान फैजल (25) के रूप में हुई। वह रामनगर में अंडे की रेहड़ी लगाता है। बुधवार शाम स्कार्पियो सवार दो तीन लोग उसकी रेहड़ी के पास आए और उसे जबरदस्ती कार में बिठाकर ले गये। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। छानबीन करने के बाद मानसरोवर पार्क थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।           


स्वदेशी वैक्सीन का इंसानों पर ट्रायल

कानपुर। देश में निर्मित कोरोना वायरस की स्वदेशी वैक्सीन का इंसानों पर पहले चरण का ट्रॉयल शहर में सफल रहा है। आर्य नगर स्थित निजी अस्पताल में 22 वॉलंटियर्स पर वैक्सीन का ट्रॉयल किया गया। टीका लगाने के बाद उन्हें तीन घंटे तक अस्पताल में रोका गया। उनमें किसी तरह के साइड इफेक्ट सामने नहीं आए। अब दो हफ्ते बाद यानी 14 अगस्त को उनकी एंटीबॉडी का सैंपल लेकर वैक्सीन का प्रभाव देखा जाएगा।


आर्य नगर स्थित प्रखर हॉस्पिटल के प्रो. जेएस कुशवाहा जो ट्रॉयल के चीफ गाइड भी हैं ने बताया कि देशभर में 350 वॉलंटियर्स पर वैक्सीन का ह्यूमन ट्रॉयल कर प्रभाव देखा जाएगा। कानपुर को 33 वैक्सीन मिली हैं। शहर से 52 वॉलंटियर्स की स्क्रीनिंग के बाद उनके सैंपल जांच के लिए इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आइसीएमआर) की लैब भेजा था। वहां से की वॉलंटियर्स की स्क्रीङ्क्षनग रिपोर्ट आने पर शुक्रवार को वैक्सीन लगाई गई। डॉ. कुशवाहा ने 12 वॉलंटियर्स को खुद ही वैक्सीन लगाई। उनके अलावा पूर्व महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा प्रो. वीएन त्रिपाठी, डॉ. शरद मित्तल, डॉ. वीएस शर्मा एवं डॉ. अनित सिंह ने भी वॉलंटियर्स को वैक्सीन लगाई।           


आगराः कोरोना संक्रमण में आई तेजी

आगरा। जनपद में त्योहार से पहले अचानक कोरोना मरीज तेजी से बढ़ने लगे हैं। शुक्रवार को 39 नए मरीज मिलने से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1804 पर पहुंच गया है। बीते 48 घंटे में 74 नए मरीज बढ़े हैं। इससे एक बार फिर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।  डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 99 मरीजों की मौत हुई है। 262 मरीजों का उपचार चल रहा है। 50,759 लोगों के सैम्पल टेस्ट हो चुके हैं। शुक्रवार को 2,056 टेस्ट हुए। इनके अलावा 20 मरीज और डिस्चार्ज भी हुए। अब तक कुल 1,443 मरीज ठीक हो चुके हैं।


विधायक की पत्नी और दो बेटे संक्रमित


शहर की दक्षिण सीट से भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय की पत्नी और दो बेटे संक्रमित हो गए हैं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएमओ की सलाह पर विधायक ने खुद को लखनऊ के सरकारी आवास में क्वारंटीन कर लिया है। शनिवार को उनका सैंपल लिया जाएगा।             


नियमों के उल्लंघन पर किया बदलाव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वाहन चलाने वालों के लिए यह खबर जरूरी है। प्रदेश सरकार ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर वसूले जाने वाले जुर्माने में बदलाव किया है। मोटर वाहन अधिनियम के नवीनतम संशोधन के साथ ये नियम लागू किए गए हैं। नए नियमों के अनुसार, गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात करते हुए पहली बार पकड़े जाने पर 1,000 रुपए जुर्माना लगेगा। दूसरी बार में यह फाइन 10,000 रुपए हो जाएगा। इसी तरह बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने पर 500 रुपए फाइन लगेगा। पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने पर पहली बार में 500 रुपए और दूसरी बार में 1500 जुर्माना लगेगा।           


देश में 5,25,689 नमूनों की जांच हुई

नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस कोविड-19 के 5,25,689 नमूनों की जांच की गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 31 जुलाई को कोरोना वायरस के संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में 5,25,689 नमूनों की जांच की गयी और इसके साथ ही अब तक जांच किये गये नमूनों की कुल संख्या 1,93,58,659 हो गयी है।


देश में कोरोना परीक्षण लैब की संख्या बढ़कर 1,339 हो गयी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 57,117 नये मामले सामने आये हैं जिससे अब तक संक्रमण का शिकार हुए व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 16,95,988 हो गयी है। देश भर में फिलहाल संक्रमण के 5,65,103 सक्रिय मामले हैं।             

हिमाचल कैबिनेट में विभागों का बंटवारा

पंकज कपूर


शिमला। हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट विस्तार के बाद शुक्रवार देर रात को मंत्रियों के विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। शिक्षा से लेकर वन मंत्री के विभाग बदले गए हैं। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज से यह महकमा लेकर उन्हें अब अर्बन डेवलेपमेंट विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही उनके पास विधि विभाग पहले से ही मौजूद है। ऐसे में यह कह सकते हैं कि यह विभाग छीनकर शिक्षा मंत्री का ‘ट्रांसफर’ कर दिया गया है।


सोशल मीडिया पर चर्चा


वहीं, सोशल मीडिया पर उनके विभाग बदलने पर चर्चा चल पड़ी है कि हाल ही में शिक्षा विभाग में तबादलों के लिए सरकार की ओर से जो सॉफ्वेयर बनाया गया उसका सफल ट्रायल हुआ है, क्योंकि पहला ‘सफल तबादला’ शिक्षा मंत्री का ही हुआ है। बता दें कि अब शिक्षा विभाग का जिम्मा पूर्व वनमंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर को सौंपा गया है।


ऑनलाइन ट्रांसफर के लिए सॉफ्टवेयर


हिमाचल के सरकारी स्कूल-कॉलेजों में नियुक्त 80 हजार से ज्यादा शिक्षकों के ऑनलाइन तबादले करने के लिए नेशनल इन्फॉरमेटिक सेंटर (एनआईसी) सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है। हाल ही में इसका ट्रायल कैबिनेट मीटिंग में किया गया था। हरियाणा और पंजाब में इसी तरह ट्रांसफर की जाती है और अब हिमाचल में इसी तरह की तबादला नीति पर काम किया गया है। शैक्षणिक सत्र 2020-21 से सरकार शिक्षकों के अब ऑनलाइन तबादले करेगी। सॉफ्टवेयर विभिन्न मानकों के आधार पर नंबर देकर शिक्षकों के तबादले करेगा। बता दें कि शिक्षकों के तबादले को लेकर नई नीति बनाने पर पिछले दो साल से काम चल रहा है।


24 राज्यों में मिलेगी पोर्टेबिलिटी की सुविधा

कविता गर्ग


नई दिल्ली। केंद्र सरकार की वन नेशन वन राशनकार्ड योजना में आज 4 और नए राज्य शामिल हो गए है। केंद्रीय खाद्य मंत्री रालविलास पासवान का कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना वन नेशन वन राशन कार्ड में आज मणिपुर, नागालैंड, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड जुड़ गये हैं और अब कुल 24 राज्यों के बीच राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी की सुविधा उपलब्ध हो गई है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आने वाले इन 24 राज्यों के 65 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को अब वन नेशन वन राशन कार्ड के तहत इन राज्यों में कहीं भी निवास करते हुए वहीं अपने हिस्से का अनाज प्राप्त करने की सुविधा होगी। जिससे दूसरे राज्यों में काम करने वाले लाभान्वित होंगे।


क्या है राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी-जिस तरह मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (MNP) करते हैं, वैसे ही अब राशन कार्ड को भी पोर्ट कराया जा सकेगा। मोबाइल पोर्ट में आपका नंबर नहीं बदलता है और आप देशभर में इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी तरह, राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी में आपका राशन कार्ड नहीं बदलेगा। मतलब ये कि एक राज्य से दूसरे राज्य में जाते हैं तो अपने राशन कार्ड का इस्तेमाल करके दूसरे राज्य से भी सरकारी राशन खरीद सकते हैं।


मान लीजिए कि राम कुमार बिहार के निवासी हैं और उसका राशन कार्ड भी बिहार का है। लेकिन इस योजना के तहत अब अपने राशन कार्ड के जरिए उत्तर प्रदेश, दिल्ली में भी उचित मूल्य पर सरकारी राशन खरीद सकते हैं। मतलब साफ है कि किसी भी तरह की सीमा या नियमों का बंधन नहीं होगा। वह देश के किसी भी राज्य में राशन खरीद सकता है। अहम बात ये है कि इसके लिए किसी नए राशन कार्ड की जरूरत नहीं होगी। मतलब ये कि आपके पुराने राशन कार्ड ही इसके लिए मान्य होंगे।


31 मार्च 2021 तक पूरे देश में 81 करोड़ लाभार्थियों को इसका फायदा मिलेगा- रामविलास पासवान का कहना है कि 31 मार्च 2021 तक देश के सभी राज्यों को वन नेशन वन राशन कार्ड योजना से जोड़ दिया जाएगा. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आने वाले सभी 81 करोड़ लाभार्थियों को इसका लाभ मिल सकेगा।


आक्रोशः लापता अधिवक्ता का शव मिला




















प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘उप्र में जंगलराज फैलता जा रहा है। क्राइम और कोरोना कंट्रोल से बाहर है। बुलंदशहर में श्री धर्मेन्द्र चौधरी जी का 8 दिन पहले अपहरण हुआ था। कल उनकी लाश मिली। कानपुर, गोरखपुर, बुलंदशहर। हर घटना में कानून व्यवस्था की सुस्ती है और जंगलराज के लक्षण हैं। पता नहीं सरकार कब तक सोएगी?’


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अधिवक्ता का शव जलाकर मार्बल गोदाम में दबाया गया था। बीते आठ दिनों से वकील के घर आने का इंतजार कर रहे परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया है कि अधिवक्ता के शरीर पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली नगर में तनाव को देखते हुए पीएसी के साथ जिले में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।            


















लखनऊ में कोरोना संक्रमण ने तोड़ा रिकॉर्ड

प्रशांत कुमार


लखनऊ। महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण तेजी से इस समय फैल रहा हैं।। सूबे में बढ़ते संक्रमण से सरकार के साथ जनता भी परेशान है। शुक्रवार शाम को जारी आंकड़ा और भी भयभीत करने वाला है। प्रदेश में आज 4453 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। यह अब तक एक दिन में मिले रोगियों की सबसे बड़ी संख्या है। इसी तरह से लखनऊ में भी 562 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। लखनऊ प्रदेश में शीर्ष पर है। सर्वाधिक एक्टिव केस होने साथ रोज संख्या में बढ़ोतरी सभी को भयभीत कर रही है। बीते 24 घंटे में सर्वाधिक 1.15 लाख नमूनों की जांच भी की गई। इससे पहले बीते गुरुवार को ही सबसे ज्यादा 3765 मरीज मिले थे। जुलाई में कोरोना के कुल 63,018 मरीज मिले हैं, जबकि मार्च से जून तक केवल 23,070 रोगी मिले थे। प्रदेश में अब तक कुल 23,25,428 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है।                


पिता की रोड से पीट-पीटकर हत्या की

विकास पाल


कानपुर। कानपुर शहर में प्लास्टिक कोरोबारी की उसके अपने ही बेटे ने लोहे की रॉड से पीट-पीट कर हत्या कर दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कारोबारी नशे में धुत बेटे को डांट रहे थे, इसी दौरान पीछे से आए बेटे ने पिता को लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया, और मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग गया। परिजन बुजुर्ग को हैलट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉटर्म के लिए भेज दिया है।


बता दें कि सीसामऊ थाना क्षेत्र स्थित गांधी नगर में रहने वाले धर्मेश विश्वकर्मा की पनकी फैकटरी एरिया में प्लास्टिक का कारखाना है। परिवार में पत्नी विमला और तीन बेटे ऋषि, रवि और रजत है। धर्मेश विश्वकर्मा का बड़ा बेटा ऋषि अपने परिवार के साथ काकादेव स्थित फ्लैट में रहता है। मंझला बेटा रवि पत्नी मेनका और बच्चो के साथ पिता के साथ ग्राउंड फ्लोर में रहता था। सबसे छोटा बेटा रजत पिता के साथ रहता है। धर्मेश विश्वकर्मा के बड़े बेटे ने बताया कि पिता शुक्रवार शाम को किसी काम से जा रहे थे। जब वो दूसरे मंजिल से नीचे उतरे तो रवि के कमरे में चले गए। उन्होने देखा कि रवि नशे में धुत पड़ा हुआ है। रवि की हालत देखकर वो उसे डांटने लगे, पापा जब मुड़कर चलने लगे तो रवि ने पीछे से लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद रवि मौके से भाग निकला, घर पर मौजूद रवि के बच्चे चीखने चिल्लाने लगे। सभी लोग गंभीर हालत में पापा को अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।  


मामले में परिजनों ने बताया कि रवि की संगत गलत थी, वो दिनभर दोस्तों के साथ घूमता था। पिता के काम में हाथ नहीं बंटाता था, उसकी आर्थिक स्थिति न बिगड़े इसलिए पिता उसकी मदद करते थे। इसके बाद भी रवि की हरकतें सुधरने का नाम नहीं ले रही थीं। नशे की टेबलेट खाकर उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। इस मामले में सीसामऊ सीओ त्रिपुरारी पांडेय के मुताबिक धर्मेश विश्वकर्मा का मंझला बेटा रवि नशे का आदी था। रवि नशे की दवाईयों का सेवन करता था, आए दिन पिता से पैसे मांगता और झगड़ा करता था। इसी क्रम में उसने पिता पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस इस केस में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई कर रही है।             


मां-बेटे ने एक साथ दसवीं कक्षा पास की










पारिवारिक कारणों से अधूरा रह गया था सपना, अब जाकर किया पूरा













मुंबई। इंसान कुछ करने की ठान ले तो कुछ भी मुश्किल नहीं होता। ये बात साबित कर दिखाई हैं महाराष्ट्र की एक महिला ने। बारामती के रहने वाली एक महिला ने अपने बेटे के साथ दसवीं की परीक्षा में पास की। बारामती की रहने वाली बेबी गुरव ने घर का काम और कंपनी में सिलाई का काम करते हुए ये सफलता हासिल की है। बेबी बारामती के टेक्सटाइल पार्क में पायनियर कैलिकोज़ कंपनी में सिलाई का काम करती हैं। पारिवारिक कारणों से 10वीं पास करने का उनका सपना अधूरा रह गया था। तब घर की परिस्थ‍ितियों के कारण वो अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाई थीं। कई बार उन्होंने पढ़ाई पूरी करने की सोची, मगर हालात खराब होने के कारण ये मुमकिन नहीं हो पा रहा था। जब उनका लड़का सदानंद दसवीं कक्षा (10th class) में पढ़ रहा था, तब उनके मन में पढ़ाई की इच्छा एक बार फिर जागी। इसमें उनके पति प्रदीप ने उन्हें काफी प्रोत्साहि‍त किया। पति का प्रोत्साहन और बेटे का साथ पाकर उन्होंने दोबारा किताबें उठाईं और पढ़ाई शुरू कर दी। अपने काम से वक्त निकालकर वो दिन में खाली वक्त पर पढ़ाई करने लगीं।

बेबी गुरव ने मैट्रिक की परीक्षा देने का फैसला किया और सभी जिम्मेदारियों को निभाते हुए पढ़ाई (Study) शुरू की। घर का काम संभालते हुए और कंपनी में सिलाई का काम करते हुए बेबी को जितना भी खाली वक्त मिला, वो तैयारी में लगी रहीं। जब परीक्षा का वक्त आया तो उन्होंने बेटे के साथ अपनी तैयारी और तेज कर दी। इस तरह उन्होंने अपने बेटे के साथ दसवीं की परीक्षा दी। जब दसवीं का रिजल्ट सामने आया तो मां और बेटा दोनों ही अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हुए। बेबी ने बताया कि मेरे बेटे सदानंद ने मुझे कठिन गणित, अंग्रेजी और विज्ञान समझाया। खाना बनाते समय बेटे ने लगातार पढ़ाई में मदद की। बेबी के पति प्रदीप गुरव ने कहा कि वो अपनी पत्नी पर बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं। किस तरह घर में काम करके और कंपनी में समय पर जाने की मजबूरी भी बेबी को नहीं हरा पाई। उन्हें इतने काम के चलते पढ़ाई में दिक्कत होती थी, लेकिन जब भी टाइम मिलता तो बस स्टॉप या लंच ब्रेक में अपनी किताब लेकर बैठ जाती थी।            

 








बदमाशों से मुठभेड़ में पुलिसकर्मी घायल

रिपोर्ट-- रोहित मिश्र

रायबरेली। योगीराज में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बदमाशो व पुलिस की मुठभेड़ की खबरे सामने आ रही है वही रायबरेली जिले में भी देर रात बदमाशो व पुलिस की मुठभेड़ हो गई जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी है वही एसओजी टीम का एक सिपाही भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायलो को सीएचसी से  जिला अस्पताल रेफर कर दिया गयक है जहां उनका इलाज चल रहा है।वही बदमाश के साथी को भी पुलिस ने नाकेबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

कहा की है घटना और क्या है पूरा मामला

दरअसल मुखबिर की सूचना पर रायबरेली जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में  देर रात फतेहपुर रोड पर पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश सोनू यादव के दोनों पैरों में 3 गोलियां लगी जबकि इस मुठभेड़ में एसओजी के सिपाही सुरेश वर्मा भी गोली लगने से घायल हो गए।वही भाग रहे बदमाश के दूसरे साथी को भी पुलिस ने नाकेबंदी कर गिरफतार कर लिया है। जानकारी के अनुसार  घायल बदमाश के दोनों पैरों पर तीन गोलियां लगी हैं। इलाज के लिए लालगंज सीएचसी लाया गयाजहाँ हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। वही इस मुठभेड़ में एसओजी के सिपाही सुरेश वर्मा के दाहिने बांह में गोली छूकर निकल गई है। मुठभेड़ में घायल बदमाश सोनू यादव भदोखर थाना क्षेत्र के  पूरे मेहरबान बेहटा खुर्द गाँव का रहने वाला है और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज है।

एसपी स्वप्निल ममगाई ने क्या कहा?

वही इस पूरे मामले में जिला अस्पताल पहुँचे पुलिस अधीक्षक की माने तो अचानक पुलिस टीम व बदमाशो में मुठभेड़ हो गई जिसमें बाइक सवार बदमाश भागने लगा और पुलिस टीम पर फ़ायरींग शुरू कर दी जिसमे बचाव के लिए पुलिस टीम की तरफ से भी फायरिंग की गई जिसमें एक बदमाश के पैर पर गोली लगी है वही एसओजी टीम का एक सिपाही भी घायल हुआ है जिनका इलाज चल रहा है।               

गाजीपुर से 42 संक्रमित हुए लापता

प्रशांत कुमार


गाजीपुर। जनपद में कोरोना से संक्रमित 42 मरीज लापता हैं। प्रशासन उनकी तलाश में जुटा है। कई टीमों को खोजने में लगाया गया है। इन 42 मरीजों ने कोविड-19 सैंपल जांच के दौरान फार्म पर अपनी गलत जानकारियों को दर्ज किया था। इसके कारण रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन उन तक नहीं पहुंच सका है। उनके द्वारा दिया गया मोबाइल नंबर भी गलत है या स्विच आफ बता रहा है। अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य विवरण के आधार पर इन संक्रमितों की तलाश हो रही है।गाजीपुर में लगातार बढ़ते संक्रमण के बीच मरीजों की संख्या 1100 के पार पहुंच चुकी है। यहां  553 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।एक्टिव केस 554 हैं। अब तक 10 मरीजों की मौत हो चुकी है। प्रशासन की लगातार कोशिशों के बाद भी 42 संक्रमितों का कोई अता पता नहीं चल रहा है। गलत नाम पता और मोबाइल नंबर के चलते उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। उनके हुलिये के आधार पर चिकित्सक, पुलिस, प्रधान और लेखपाल मिलकर तलाश कर रहे हैं।


कोराेना के नोडल डाक्टर और एसीएमओ डॉ. केके वर्मा ने बताया कोविड-19 सैंपलिंग के दौरान फार्म भी भराया जाता है। पहले कम मरीज होने के दौरान जांच के बाद मरीजों को रेलवे जोनल ट्रेनिंग सेंटर के अलग-अलग रूम में क्वारंटीन करते थे। अब मरीज बढ़ने पर जांच के बाद लोगों को रिपोर्ट आने तक होम क्वारंटीन का आप्प्शन दिया जाता है। गंभीर मरीजों को भर्ती कर लेते हैं और ट्रू नाट में जांच के बाद रिपोर्ट के अनुसार इलाज भी शुरू कर देते हैं। जो 42 मरीज नहीं मिल रहे हैं वह उन्होंने जांच के दौरान फार्म में गलत जानकारियां भरी हैं। उनका नाम, पता और मोबाइल नंबर सब गलत है। हम उनकी तलाश में जुटे हैं और जल्द ही सभी को अस्तपाल में भर्ती कराया जाएगा। ऐसे मरीज अगर होम आइसोलेशन चाहते हैं तो उसका फार्म भरकर सुविधाएं ले सकते है।               


पाकिस्तान से प्रधानमंत्री को भेजी राखी

अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। तीन अगस्त को देशभर में रक्षाबंधन का त्यौहार धूमधाम से मनाया जाएगा। इस पवित्र रक्षा बंधन के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी को पाकिस्तान से उनकी बहन कमर मोहसिन शेख ने राखी भेजी है।
पाकिस्तान के कराची की रहने वाली कमर मोहसिन पिछले 25 साल से मोदी को राखी बांधती आ रही हैं लेकिन इस बार कोरोना महामारी के कारण वह ऐसा नहीं कर पाएंगी। जिसके चलते उन्होंने अपने भाई को राखी भेजी है। राखी के साथ कमर मोहसिन शेख ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए एक कवितानुमा पत्र भी भेजा है, जिसमें वो लिखती हैं कि कोरोना के दौरान वो सबसे पहले अपने भाई की सलामती की दुआ मांगती हैं। हमें बुरा नहीं मानना चाहिए। अगर संभव होता तो वह मुझे जरूर बुलाते। मैंने कुरियर से राखी के साथ एक खत भी भेजा है। मैं उनकी लंबी उम्र की दुआ करती हूं।
कमर मोहसिन ने कहा कि मोदी जी इस तरह ही काम करते रहें और मैं अल्लाह से उनके अच्छे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करती हूं। कमर ने बताया कि उनकी दो और बहनें भी पीएम मोदी को राखी बांधना चाहती थी। उन्होंने कहाकि उनका पूरा परिवार प्रधानमंत्री मोदी से बेहद प्यार करता है। कमर मोहसिन शेख की ये राखी पूरे देश मे चर्चा का विषय बनी हुई है।              


2 विमान टकराए , 7 लोगों की मौत

अलास्का। केनाई (Kenai) प्रायद्वीप से गुजरते हुए हवा में दो विमान टकरा गए। भीषण विमान हादसे में एक स्टेट रिपब्लिकन रिप्रेजेन्टेटिव की मौत हो गई। इसके अलावा प्लेन में सवार 7 लोग भी मारे गए। न्यूज़ एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार को सोलडोटना (Soldotna) एयरपोर्ट के पास हुआ। संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) के बयान के अनुसार, एयरपोर्ट से लगभग दो मील उत्तर-पूर्व में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमानों में से एक सिंगल इंजन डी हैविलैंड DHC-2 बीवर था। दूसरे विमान के मॉडल की पहचान नहीं हो पाई थी। विमान में सवार 7 लोग भी मारे गए थे। जिनमें से 6 लोगों की मौत घटना-स्थल पर ही हो गयी, जबकि एक शख्स की मौत अस्पताल ले जाते वक़्त रास्ते में हुई।


एफएए और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) के सदस्य दुर्घटना की जांच कर रहे हैं। एनटीएसबी अलास्का के प्रमुख क्लिंट जॉनसन के अनुसार, ‘मलबा स्टलरिंग हाइवे के पास गिरा है, जिसे सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है। दो विमानों में कितने लोग सवार थे और उन में से कितने घायल हुए, इसकी जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।


हालांकि बाद की जांच में सामने आया कि एक प्लेन में जहां स्टेट रिपब्लिकन रिप्रेजेन्टेटिव गैरी नोप अकेले थे, वहीं दूसरे प्लेन में 4 टूरिस्ट, 1 टूरिस्ट गाइड और पायलट थे। अलास्का हाउस के प्रतिनिधि गैरी नोप की मौत की पुष्टि उनके कई सहयोगी विधायकों ने भी की है। नोप की पत्नी हेलेन ने कहा कि वह शुक्रवार सुबह अपना विमान उड़ा रहे थे। 67 साल के नोप एक प्रमाणित उड़ान प्रशिक्षक और रजिस्टर्ड पायलट थे।


छत्तीसगढ़ में 9192 वायरस से संक्रमित

रायपुर । छत्तीसगढ़ में कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है, रोजाना प्रदेश के अलग-अलग जिलों से नए संक्रमितों की पुष्टि हो रही है। वहीं, मौत के आंकड़ों में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। इसी बीच स्वास्थ्य विभाग ने अपडेटेड मेडिकल बुलेटिन जारी कर प्रदेश में कोरोना की स्थिति को लेकर जानकारी दी है। जारी बुलेटिन के अनुसार छत्तीसगढ़ में आज कुल 336 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीं, आज 309 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है और 3 कोरोना संक्रमित की मौत हो गई।


आज मिले कुल 336 नए मरीजों के साथ प्रदेश में अब प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 9192 हो गई है। इनमें से 6230 संक्रमित इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और 2908 लोगों का डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है। जबकि प्रदेश में 54 लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो चुकी है।


जिलेवार मरीजों की संख्या
रायपुर-184
कोंडागांव-23
दुर्ग-19
राजनांदगांव-31
महासमुंद-9
कोरबा-6
बलरामपुर-4
बस्तर-4
बलौदाबाजार-4
बिलासपुर-7
जांजगीर-2
दंतेवाड़ा-1
जशपुर-1
सूरजपुर-1
सरगुजा-1
गरियाबंद-1
कांकेर-1
बालोद-2              
कोरिया-2


31 अगस्त तक सभी कार्यक्रम रद्द किए


यूपी में लॉकडाउन के साथ-साथ धारा 144 लागू…31 अगस्त तक के सभी प्रोग्राम हुए रद्द




विजय भाटी


गौतम बुद्ध नगर। जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर आपराधिक दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत लागू प्रतिबंधों को 31 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया गया है। जिला पुलिस ने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इस अवधि में राजनीतिक, सामाजिक, खेल संबंधी या धार्मिक सम्मेलन करने और विरोध प्रदर्शन के तहत रैलियां निकालने की मनाही होगी।





अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (कानून एवं व्यवस्था) आशुतोष द्विवेदी ने कहा, ‘गौतम बुद्ध नगर में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत प्रतिबंध 31 अगस्त तक लागू रहेंगे। बता दें कि यूपी में फिलहाल साप्ताहिक लॉकडाउन चल रहा है। 5 दिनों तक दुकानों के खुलने व बंद होने को लेकर सीमाएं तय की गई हैं। वहीं शनिवार और रविवार के दौरान पूरे यूपी में पूर्ण लॉकडाउन लगाई जा रही है।


बता दें कि इस दौरान सिर्फ आवश्यक वस्तुओं को लेने जाने वालों को ही सिर्फ छूट दी जाएगी। इस दौरान मेडिकल सेवाओं के लिए आप इमरजेंसाी के रूप में मेडिकल सेवा का लाभ ले सकते हैं। बता दें कि बीते दिनों दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद की सीमाओं को बंद करने के बाद सीमा पर काफी हलचल दिखाई दी थी।



36,511 की मौत, 16,95,989 संक्रमित

अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। भारत में कोरोना का कहर जारी है। हर दिन के साथ मामले बढ़ते जा रहे हैं। देश में संक्रमितों की संख्या अब साढ़े 16 लाख के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 16 लाख 95 हजार 989 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 36,511 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लाख 94 हजार 374 लोग ठीक भी हुए हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 57 हजार 117 नए मामले सामने आए और 764 मौतें हुईं।


दुनिया में तीसरा सबसे प्रभावित देश
कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है। अमेरिका, ब्राजील के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित भारत है। लेकिन अगर प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमित मामलों और मृत्युदर की बात करें तो अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत बेहतर है। भारत से अधिक मामले अमेरिका (4,705,847), ब्राजील (2,666,298) में हैं। देश में कोरोना मामले बढ़ने की रफ्तार भी दुनिया में तीसरे नंबर पर बनी हुई है।


एक्टिव केस के मामले में टॉप-5 राज्य
आंकड़ों के मुताबिक, देश में इस वक्त 5 लाख 65 हजार 103 कोरोना के एक्टिव केस हैं। सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में 93 हजार से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का चौथा स्थान है। यानी कि भारत ऐसा चौथा देश है, जहां फिलहाल सबसे ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।


दुनिया में कहां कितने केस, कितनी मौतें
अमेरिका अभी भी कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की लिस्ट में सबसे ऊपर है। यहां संक्रमण के मामले 50 लाख की ओर बढ़ रहे हैं। देश में अबतक 47 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण के शिकार हो चुके हैं, जबकि एक लाख 56 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। अमेरिका में पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 70 हजार नए केस आए, जबकि 1,462 लोगों की मौत हुई है। वहीं ब्राजील में भी कोरोना का कहर बरकरार है। ब्राजील में पिछले 24 घंटों में 52 नए मामले और 1,191 लोगों की मौत हुई।


राष्ट्रपति-पीएम ने ईद की शुभकामना दी

अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। देशभर में आज यानी शनिवार को वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संकट के बीच  ईद-उल-अजहा मनाई जा रही है। बकरीद के पर्व पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई दिग्गज हस्तियों ने मुबारकबाद दी है। राष्ट्रपति कोविंद ने जहां अपने संदेश में इस त्यौहार का महत्व समझाते हुए सभी से कोविड-19 की रोकथाम के लिए गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की। वहीं प्रधानमंत्री ने दुआ मांगी कि भाईचारे और दया की भावना और बढ़े। कोरोना वायरस के मद्देनजर दिल्ली की जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की नमाज सोशल डिस्टेंसिंग के साथ पढ़ी गई। कई जगह लोगों से अपील की गई थी कि वे अपने घर पर नमाज पढ़ें।


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर मुबारकबाद दी। राष्ट्रपति ने तीन भाषाओं हिंदी, अंग्रेजी के साथ-साथ उर्दू में भी ट्वीट किया। राष्ट्रपति ने कहा, "ईद मुबारक। ईद-उल-अजहा का त्यौहार आपसी भाईचारे और त्याग की भावना का प्रतीक है तथा लोगों को सभी के हितों के लिए काम करने की प्रेरणा देता है। आइए इस मुबारक मौके पर हम अपनी खुशियों को जरूरतमंद लोगों से साझा करें और कोविड-19 की रोकथाम के लिए सभी दिशानिर्देशों का पालन करें।"वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि ईद मुबारक, ई-उल-अजहा पर बधाई। यह दिन हमें एक न्यायपूर्ण, सामंजस्यपूर्ण और समावेशी समाज बनाने के लिए प्रेरित करता है। इससे प्रेरणा लेकर भाईचारे और करुणा की भावना को आगे बढ़ाया जा सकता है।               


'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन   मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला रैली कौशाम्बी। एन डी कान...