बुधवार, 15 अप्रैल 2020

आगरा के मरीजों की 8 जिलों में तलाश

आगरा। पारस अस्पताल में 22 मार्च से छह अप्रैल तक उपचार कराने वाले लोगों की आठ जिलों में तलाश हो रही है। इन लोगों के संक्रमित होने की आशंका है, क्योंकि अस्पताल से 28 में संक्रमण पहुंचने की पुष्टि हो चुकी है। प्रशासन ने अस्पताल का रिकॉर्ड कब्जे में लेकर मरीजों की सूची बनाई है। इसे अलग अलग जिलों के प्रशासन को भेजा जा रहा है।


आगरा में देहात से बड़ी संख्या में मरीज यहां आते हैं। इसके अलावा फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, मथुरा से मरीज इस अवधि में आए थे। आगरा में डीएम ने लोगों से अपील की थी कि वे स्वयं आकर जांच कराएं। इसी तरह अन्य जिलों में अपील जारी की गई।


मरीजों और उनके संपर्क में रहे लोगों की सूची बनाकर उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है। टूंडला में छह संक्रमित मिल चुके हैं। मथुरा में संक्रमण इसी हॉस्पिटल से पहुंचा। यहां भर्ती रही ढोलीखार की महिला मथुरा के नयति में शिफ्ट हो जाने के बाद ही संक्रमित पाई गई थीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश वत्स ने बताया कि मरीजों की सूची बनाकर संबंधित जिलों को भेज दी गई है।


अस्पताल से क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट किए गए मरीज
पारस अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को मंगलवार को आस पास के क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया। यहां दो दिन में दो महिलाओं की मौत हो गई थी। मरीजों के तीमारदार भी लगातार कह रहे थे कि वे कहीं और जाना चाहते हैं।
इस पर प्रशासन ने यह फैसला लिया। मंगलवार सुबह अपरजिलाधिकारी शहर प्रभाकांत अवस्थी और एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने अस्पताल का जायजा लिया। इसके बाद दोपहर से मरीजों को शिफ्ट किया जाना शुरू हो गया। शाम तक सभी शिफ्ट कर दिए गए।


फिरोजाबाद में सात लोग ट्रेस, मैनपुरी के तीन लोगों की हो चुकी है मौत, भोगांव से 33 के सैंपल भेजे


कोरोना का गढ़ बने पारस अस्पताल से संक्रमित हुए लोगों की आठ जिलों में तलाश जारी है। फिरोजाबाद को दी गई 15 लोगों की सूची में से सात को ट्रेस कर लिया गया है तो वहीं मैनपुरी के भोगांव से 33 लोगों के नमूने भेजे गए हैं। इससे पहले अब तक पारस में भर्ती रहे तीन लोगों की मौत हो चुकी है। हाथरस में भी यहां इलाज कराने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके घरों को सैनिटाइज किया गया है।


फिरोजाबाद : आगरा से मिली 15 लोगों की सूची
फिरोजाबाद में टूंडला के गांव प्रतापपुर में छह लोग पारस अस्पताल के कर्मचारी के सपंर्क में आने से संक्रमित हुए थे। इसके बाद उन लोगों की तलाश की जा रही है जिन्होंने इस अस्पताल में उपचार कराया हो। जिले के 15 लोगों की सूची आगरा प्रशासन ने जिला प्रशासन को सौंपी है।
मंगलवार तक जिला प्रशासन ने इनमें से सात लोगों को ट्रेस कर लिया। इनमें से सिरसागंज से चार लोगों को शिकोहाबाद में और टूंडला के दो लोगों को एफएच मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन किया गया है। 


मैनपुरी: मरीजों के परिजनों को क्वारंटीन किया
पारस अस्पताल से उपचार कराकर लौटे जिले के तीन मरीजों की मौत भी हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने इनके परिजनों की स्क्रीनिंग कराते हुए होम क्वारंटीन किया है। जिला प्रशासन को पारस अस्पताल आगरा से 17 लोगों की सूची मिली है। इनमें औड़ेन्य पड़रिया निवासी वृद्ध की मौत 29 मार्च को आगरा में उपचार के दौरान हुई थी तो वहीं बरनाहल थाना क्षेत्र के गांव कसौली निवासी युवक की मौत सैफई मेडिकल कॉलेज में हुई थी। करहल के नगला जोर निवासी युवक की भी आगरा में उपचार के दौरान मौत हुई थी।


हाथरस : संपर्क में रहे लोगों के घरों को किया सैनिटाइज
पारस अस्पताल में उपचार कराने वाले लोगों को जिला प्रशासन ने चिह्नित कर लिया है। इन लोगों के आसपास के क्षेत्र और घरों को पूरी तरह सैनिटाइज कर दिया गया है। जिले के पांच लोग भी उस अवधि में पारस अस्पताल में उपचार के लिए गए थे। इन सभी को क्वारंटीन कर दिया गया है। जिला प्रशासन इन सभी के संपर्क में आने वाले लोगों का डाटा भी एकत्रित कर रहा है।
जांच रिपोर्ट आने पर ही होगा शव का अंतिम संस्कार
आइसोलेशन वार्ड में भर्ती युवक की मौत के बाद अब परिजनों को उसका शव मिलने का इंतजार है। इसके बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। कोतवाली हाथरस गेट के गांव नयावास अहवरनपुर निवासी युवक आगरा के पारस अस्पताल में भर्ती रहा था। जहां पर सोमवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे उसकी मौत हो गई थी। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर उसके शव को सैनिटाइज करके पोस्टमार्टम हाउस के डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखवाया और कोरोना की जांच के लिए नमूना अलीगढ़ भेजा गया। 


भोगांव : 33 लोगों को क्वारंटीन हाउस में रखा
सोमवार की रात और मंगलवार को दिन में स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों से 33 लोगों को अलग-अलग क्वारंटीन हाउस में रखा है। इन लोगों के नमूने जांच के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई भेजे जा रहे हैं। ये वे लोग हैं जिनके परिजनों ने 22 मार्च से छह अप्रैल तक आगरा के पारस हॉस्पिटल में उपचार लिया है।
आगरा से आए दो कोरोना संक्रमित वापस भेजे
चिकित्साधीक्षक अमित भारती ने बताया कि आगरा से आए दो कोरोना संक्रमित मरीजों को द्वितीय जांच के लिए वापस आगरा भेजा गया है।उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि पारस अस्पताल से आने वालों की लिस्ट उन्हें प्राप्त हो गई है। लिस्ट के अनुसार लोगों की तलाश की जा रही है। 


मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत, यहां झोलाछापों को कमीशन देकर लाए जाते हैं मरीज
पंजाबी सभा महानगर आगरा के अध्यक्ष सर्व प्रकाश कपूर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर पारस अस्पताल की जांच कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि देहात के झोलाछापों को कमीशन देकर यहां मरीज लाए जाते हैं। इसके लिए झोलाछापों को गाड़ियां दे रखी हैं। अस्पताल के बाहर जो दवा की दुकान है, उसकी भी जांच कराकर मालूम किया जाए कि वह सिंचाई विभाग की जमीन पर तो नहीं है। अस्पताल के पास आगरा विकास प्राधिकरण की एनओसी है या नहीं। कपूर ने डीएम और एसएसपी को भी पत्र भेजा है।


बांद्रा मामले नें केजरीवाल की नींद उड़ाई

नई दिल्ली। मुंबई के बांद्रा रेलवे टर्मिनस पर मंगलवार की शाम की घटना के बाद दिल्ली सरकार भी सचेत हो गई। मार्च में लॉकडाउन की घोषणा के बाद से दिल्ली के आनंद विहार इलाके में भी मजदूरों के पलायन की तस्वीर देखी गई थी और अब मुंबई में लोगों की भीड़ को देखते हुए दिल्ली सरकार ने राजधानी में भी सक्रियता तेज कर दी है।


मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि दिल्ली सरकार भी केंद्र के दिशा-निर्देशों का पालन करेगी। मुख्यमंत्री ने वीडियो संदेश में कहा ‘अगर लॉकडाउन का पालन नहीं किए, तो हमारी 21 दिन की तपस्या बेकार चली जाएगी, इसलिए सभी लोग घर में ही रहिए। इतना नहीं अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों से ये भी गुहार लगाई कि ऐसे माहौल में किसी अफवाह पर विश्वास ना करें. केजरीवाल ने कहा, ‘कुछ लोग अफवाह फैलाने की कोशिश करेंगे, उन पर यकीन मत कीजिएगा, दिल्ली सरकार आपकी हर जरूरत पूरी करेगी। लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करिए। दूसरे राज्यों से आकर दिल्ली में बसे लोगों से अपील करते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा, ‘मैं समझ सकता हूं कि आप लोग बहुत तकलीफ से गुजर रहे हैं। मैं समझ सकता हूं कि बहुत सारे लोगों को बहुत सारी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन यह हमारे लिए जरूरी है। हमारे घर के, परिवार के लोगों की जिंदगी की बात है।


गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1561 तक पहुंच चुकी है। 30 लोगों की अब तक इस वायरस की चपेट में आने से मौत हो चुकी है, जबकि 30 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। बता दें कि देश में कोरोना के मरीजों की तादाद 10000 के पार पहुंच चुकी है।


महाराष्ट्रः 178 की मौत, 2684 संक्रमित

मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 2600 को पार कर गई है। राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 350 केस सामने आए, जिसके बाद यहां पर मरीजों की संख्या 2684 हो गई है। बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र में 18 लोगों की मौत कोरोना से हुई। सूबे में अब तक कुल 178 लोगों की जान कोरोना के कारण जा चुकी है। इससे पहले सोमवार को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 352 नए केस सामने आए थे।


महाराष्ट्र में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित शहर मुंबई के लिए भी बीते 24 घंटे कोई राहत लेकर नहीं आए। यहां पर 24 घंटे में कोरोना के 112 केस सामने आए और 11 लोगों की मौत हुई। मुंबई में कोरोना के कुल 1756 केस हैं.वहीं, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10,815 पहुंच गई है। जबकि 353 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।


उधर, महाराष्ट्र में बढ़ते मामलों को लेकर सीएम उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को राज्य को संबोधित किया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि जैसा कि मैंने पहले ही कहा कि महाराष्ट्र कोरोना के खिलाफ लड़ाई में देश को रास्ता दिखाएगा। हमारे यहां 10 जिले हैं जहां कोरोना पॉजिटिव के एक भी केस नहीं हैं। हम इसे बनाए रखेंगे और हम कोशिश करेंगे कि सभी जिले जल्द से जल्द कोरोना मुक्त हों।उन्होंने बताया कि मुंबई और पुणे हॉटस्पॉट हैं और हम इन स्थानों पर अपने परीक्षण केंद्र बढ़ा रहे हैं। हमारा ध्यान टेस्टिंग और सैंपलिंग पर है। महाराष्ट्र शायद सबसे ज्यादा परीक्षण कर रहा है। मुंबई ने 22000 से अधिक सैंपल का टेस्ट किया है। 2334 सकारात्मक मामले आज सुबह तक सामने आए। 230 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।


गुजरात के सीएम को किया क्वॉरेंटाइन

गांधीनगर। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का कोरोना टेस्ट हो गया है। गुजरात सरकार का कहना है कि सीएम रुपाणी की तबीयत सही है और वह पूरी तरह नॉर्मल हैं, लेकिन उन्होंने होम क्वारनटीन होने का फैसला किया है। अब सीएम अपने घर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कामकाज देखेंगे।


दरअसल, सीएम विजय रुपाणी और डिप्टी सीएम नितिन पटेल के साथ कांग्रेस के विधायक इमरान खेड़ावाला की बैठक हुई थी। कल ही इमरान खेड़ावाला कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद आज सीएम विजय रुपाणी का कोरोना टेस्ट किया गया। सीएम और डिप्टी सीएम दोनों को एहतियात बरतने के लिए कहा गया है।


अमेरिका में प्रतिदिन 1500 से ज्यादा मौत

वाशिंगटन। दुनियाभर में कोविड-19 महामारी से अब तक 19,34,976 लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि कुल 1,20,013 लोगों की विश्व में मौत हो चुकी है। कई देशों में लॉकडाउन है जबकि अमेरिका में जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 2,228 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई है।
हालांकि इससे पहले अमेरिका में 24 घंटे में 1,535 लोग मारे जाने की खबर आई थी। इसके बावजूद राष्ट्रपति ट्रंप देश के बाजारों को खोलने की योजना के बेहद करीब हैं। फिलहाल यहां सामाजिक दूरी के निर्देश 30 अप्रैल तक लागू हैं।


ट्रंप ने खुद एक बयान जारी कर कहा कि वे देश में अघोषित रूप से लागू लॉकडाउन हटाने की योजना के बहुत करीब हैं। उधर, न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने भी घोषणा की है कि राज्य में कोरोना वायरस महामारी का सबसे बुरा दौर अब खत्म हो गया है। उन्होंने भी कहा कि वह धीरे-धीरे अर्थव्यवस्था को दोबारा खोलने की योजना पर काम कर रहे हैं। अमेरिका में जारी सामाजिक दूरी के दिशा-निर्देशों के तहत लोगों को घरों में ही रहने की हिदायतें हैं। जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी की तालिका के मुताबिक, देश में कोविड-19 से अब तक 23,628 लोगों की मौतें हो चुकी हैं जबकि अकेले न्यूयॉर्क में 10 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। यहां अभी भी 1.95 लाख लोग संक्रमित हैं। लेकिन ट्रंप ने कहा कि वह जल्द ही नए दिशा-निर्देश तैयार कर राज्यों के गवर्नरों को देंगे ताकि सुरक्षित ढंग से लॉकडाउन हटाया जा सके।


टास्क फोर्स के एलान की योजना
अमेरिका की 33 करोड़ की आबादी में से 95 फीसदी से ज्यादा लोग फिलहाल घरों में बंद हैं। इस बीच, ट्रंप ने कहा है कि हम अपने देश को दोबारा खोलकर सामान्य जीवन चाहते हैं। जल्द ही हमारे देश को खोल दिया जाएगा ताकि लोग सामान्य जिंदगी में लौट सकें। ट्रंप की योजना विभिन्न सेक्टरों के प्रख्यात लोगों से मिलकर दूसरे टास्क फोर्स की घोषणा करने की है, जो उन्हें देश की अर्थव्यवस्था को खोलने में मदद देगी। बता दें कि देश में तेजी से बढ़ता पर्यटन और यात्रा उद्योग बंद हो गया है, लाखों लोगों की रिकॉर्ड संख्या ने अपनी नौकरी खो दी है।


धार्मिक आयोजनों पर ना लगे प्रतिबंध

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में 50 से अधिक वरिष्ठ मौलवियों के एक समूह ने कोरोना वायरस प्रकोप के बीच धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध को लेकर सरकार को चेतावनी दी है। मौलवियों का कहना है कि अधिकारियों को भी धार्मिक मानदंडों का पालन करना चाहिए। कोरोना वायरस महामारी के प्रसार को रोकने के लिए पाकिस्तान में धार्मिक आयोजनों पर पाबंदी है।

देश में 5,715 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने के लिए सरकार द्वारा किए गए निवेदन के बावजूद रावलपिंडी व इस्लामाबाद के 50 से अधिक मौलवियों ने सोमवार को जामिया दारुल उलूम जाकरिया में मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा की है। इनका मानना है कि मस्जिदों में अल्लाह से माफी मांगने के लिए लोगों को इजाजत मिलनी चाहिए।


स्क्रीनिंग में स्मार्ट हेलमेट का उपयोग

दुबई। दुबई पुलिस कोरोना वायरस की स्क्रीनिंग के लिए स्मार्ट हेलमेट का उपयोग कर रही है। सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने वाले लोगों की इससे जांच की जा रही है। यह हेलमेट इन्फ्रा-कैमरा और अन्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीकों से लैस है।

खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, टेम्परेचर डिटेक्टर से लैस हेलमेट लोगों के तापमान को स्कैन करने में कुछ सेकंड का समय लेते हैं। हेलमेट को फेस रिकग्निशन तकनीक और कार नंबर रीडिंग तकनीक से भी लैस किया गया है। यूएई में कोरोना वायरस से अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 4521 लोग पॉजीटिव पाए गए हैं।


बांद्रा में मजदूर इकट्ठे करने वाला अरेस्ट

मुंबई। लॉकडाउन के बीच बांद्रा रेलवे स्टेशन पर प्रवासी मजदूरों की भारी भीड़ इकट्ठा होने के मामले में पुलिस ने विनय दुबे नाम के शख्स को हिरासत में ले लिया है। विनय दुबे को नवी मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया और उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया। विनय दुबे पर लॉकडाउन के बीच भीड़ को गुमराह करने का आरोप है। विनय दुबे ‘चलो घर की ओर’ कैंपेन चला रहा था। अपने फेसबुक पर शेयर किए गए पोस्ट में उसने टीम के बांद्रा में होने की बात कही थी। इस मामले में पुलिस ने एक हजार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दुबे के खिलाफ आईपीसी की धारा 117, 153 ए, 188, 269, 270, 505(2) और एपिडेमिक एक्ट की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


गौर हो कि मंगलवार को मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर प्रवासी मजदूरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई थी। ये सभी मजदूर घर जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। मजदूरों को उम्मीद थी कि लॉकडाउन खत्म हो जाएगा। उन्हें हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था।


कौशल विकास कार्यक्रम की लेंगे मदद

नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने कौशल विकास कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित किए गए स्वास्थ्य पेशेवरों की मदद लेने का निर्णय लिया है। इसके लिए केंद्रीय कौशल विकास व उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) ने करीब 1.75 लाख प्रशिक्षित स्वास्थ्य पेशेवरों का ब्योरा सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को उपलब्ध कराया है। एमएसडीई के तहत काम करने वाले राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) ने इसके लिए हर राज्य के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। राज्य प्रशासन की तरफ से मांग आने पर इस नोडल अधिकारी को ही आवश्यकता के हिसाब से इन स्वास्थ्य पेशेवरों को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभानी होगी।


मंत्रालय के मुताबिक, इन पेशेवरों को स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन, सामान्य ड्यूटी असिस्टेंट, फ्लबॉटमी तकनीशियन, घरेलू स्वास्थ्य सहायक तकनीशियन आदि का प्रशिक्षण दिया गया है और इनका उपयोग राज्य आइसोलेशन सेंटरों से लेकर क्वारंटीन सेंटरों तक पर कर सकते हैं। मंत्रालय के मुताबिक, उनके 17 राज्यों के 99 जिलों में मौजूद 101 जन शिक्षण संस्थानों ने लॉकडाउन के दौरान अभी तक 5 लाख से ज्यादा मास्क बनाकर स्थानीय प्रशासन को उपलब्ध कराए हैं।


राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों में बनेंगे क्वारंटीन सेंटर
एमएसडीई ने सभी राज्यों को अपने 33 राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) का उपयोग क्वारंटीन सेंटर या आइसोलेश्न वार्ड के तौर पर करने की भी अनुमति दी है। हरियाण के पानीपत, पंजाब के लुधियाना, उत्तराखंड के देहरादून, केरल के तिरुवनंतपुरम व कालीकट (कोझिकोड) में एनएसटीआई को आइसोलेशन वार्ड में बदल भी दिया गया है। चेन्नई में भी एनएसडीसी के एक हॉस्टल में आइसोलेशन वार्ड बनाया गया


पुलिस कार्रवाई पर संदेह, जांच की मांग

कार्तिकेय राणा की गिरफ्तारी गलत, मनन करे पुलिस अधिकारी


विधायक संजय गर्ग और पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर गरजे


सीओ से जांच कराने की मांग का भी अधिकारी लें संज्ञान


सहारनपुर। नगर विधायक संजय गर्ग एवं पूर्व विधायक श्रीमती शशिबाला पुंडीर ने कहा कार्तिकेय राणा की गिरफ्तारी गलत है उनके घर के सामने कोई सोशल डिस्टेंसिंग को नहीं तोड़ा गया था पुलिस किसी से दुर्व्यवहार कर रही थी यह अपनी बालकनी में खड़े थे जिस से ऊपर से उन्होंने पुलिस को कहा था कि क्यों इस से बदतमीजी कर रहे हैं मत करिए ,इन्हें बुरा भला कहना शुरू कर दिया तभी वे नीचे गए थे।अगर किसी भी जनप्रतिनिधि के घर के सामने पुलिस किसी से दुर्व्यवहार करेगी ,स्वाभाविक रूप से वह नीचे उतर कर जाएगा।जब इन से ही कहा- सुनी पुलिस करने लगी तब अड़ोस-पड़ोस के लोग आ गए थे,आवाज सुनकर और फैसला हो गया था।यह अपने घर चले ऊपर चले गए थे।पुलिस चली गई थी,लेकिन कुछ भाजपाइयों के कहने से बदले की भावना से कार्रवाई की गई है हम एसएसपी व डीआईजी साहब  को स्पष्ट तौर से कह देना चाहते हैं पुलिस की वर्किंग का भी मनन करें। यह सच्चाई है इस आपदा के समय पुलिस बहुत व्यस्त है। लेकिन व्यस्तता के साथ-साथ होश नहीं खोना चाहिए इस समय में सरकार को खुश करने के लिए अति उत्साह में अधिकारी लोग समाजवादी पार्टी के लोगों को निशाना बना रहे हैं। विधायक संजय गर्ग ने वरिष्ठ अधिकारियों से मांग किया इस प्रकरण की जांच किसी सीओ से कराई जाए और जो मनगढ़ंत धाराएं लगाई गई है उन्हें हटाया जाए।


अरविन्द नैब पत्रकार


दारू पार्टी करने वाले पर मामला दर्ज

हैदराबाद। तेलंगाना पुलिस ने कोविड-19 लॉकडाउन मानदंडों का उल्लंघन करते हुए कथित रूप से शराब पार्टी करने के आरोप में चार सरकारी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। खम्मम जिले के मढ़ीरा कस्बे में ब्लॉक स्तर के अधिकारियों ने सोमवार रात एक गेस्ट हाउस में पार्टी का आयोजन किया था। पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उस जगह पर छापा मारा, जहां एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एक डॉक्टर श्रीनिवास एक कमरे में छिपे हुए मिले, जबकि तीन अन्य भागने में सफल रहे। पुलिस ने गेस्ट हाउस से शराब की आधी बोतल और खाद्य सामग्री जब्त की।


पुलिस ने जांच शुरू की और मंगलवार को चार अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। तहसीलदार सैदुलू, उप-जेलर प्रभाकर रेड्डी और पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास अधिकारी राजा राव के अलावा डॉक्टर श्रीनिवास पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि इस पार्टी में अगर और अधिकारी भी शामिल रहे होंगे तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। तेलंगाना में 24 मार्च को लॉकडाउन शुरू होने के बाद से ही सभी शराब की दुकानें, पब और बार बंद हैं।


हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया

हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया  इकबाल अंसारी  हैदराबाद। इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2024 सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और...