मंगलवार, 11 फ़रवरी 2020

मोदी लहर का सच 'संपादकीय'

मोदी लहर का सच      'संपादकीय'


देश की जनता ने नरेंद्र मोदी पर आंख बंद कर विश्वास किया था। जनता के इसी सानिध्य से एनडीए समर्थित भाजपा 2 बार लगातार केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में सफल रही। सरकार के द्वारा लिए गए अधिकतर फैसलों का देश की जनता ने स्वागत भी किया। लेकिन जनता की मूलभूत सुविधाओं का अभाव, रोजगार का अभाव, रोजगार के अवसरों के अभाव में जनता ने सरकार के सभी अच्छे-बुरे कार्यों को दरकिनार कर दिया है। निकटवर्ती होने वाले चुनाव परिणाम भाजपा के अस्तित्व पर प्रश्न-चिन्ह अंकित करने के लिए काफी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम ने मोदी युग के अंत का आगाज किया है। बनावटी बातें-विज्ञापन, झूठे वायदों की हकीकत ने 'मोदी लहर का कड़वा सच' जनता के सामने स्पष्ट जाहिर कर दिया है। धर्म और जातिवाद से नही, इस चुनाव को विकास के मुद्दों से जोड़कर देखा जा रहा है।
 दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री, अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों, और सांसदों की भीड़ की 'कमर तोड़ मेहनत' को एक सिरे से खारिज कर दिया है। भाजपा की इस हार को देश की जनता एक 'बड़ी हार' के रूप में देख रही है। थके-हारे नेताओं की पेशानी पर पानी की चंद बूंदे भाजपा के मनोबल को क्षीण करने का कार्य कर रही है। गफलत और गलतफहमी के शिकार कई लोगों के राजनीतिक जीवन को प्रभावित करने वाले हैं यह परिणाम। राष्ट्रीय राजधानी में लगातार भाजपा को तीन बार शिकस्त देने वाले केजरीवाल के भाषणों में ईर्ष्या कम और आत्मविश्वास अधिक था। अपनी मेहनत और दिल्ली की जनता की सेवा को आधार बनाकर उन्होंने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। भाजपा शिखर के अंतिम छोर से वापसी की राह पर आगे बढ़ चुकी है। शायद यह सबक भी लिया होगा कि बड़-बोलापन नहीं, संघर्ष सहयोग करता है।


राधेश्याम 'निर्भयपुत्र'


ग्रीस में बच्चा पैदा करने पर 'बेबी बोनस'

कविता गर्ग


ग्रीस। घटती आबादी वहां की सरकार के लिए बड़ी समस्या बन गई है। इस समस्या से निपटने के लिए वहां की सरकार ने ‘बेबी बोनस’ नाम की योजना का ऐलान किया है। यानी वहां के लोगों को बच्चे पैदा करने पर अब पैसे दिए जाएंगे। ग्रीस में जनसंख्या करीब 1 करोड़ 4 लाख है।


बेबी बोनसः ग्रीस में बेबी बोनस योजना के तहत एक बच्चा पैदा करने वाले लोगों को 2000 यूरो यानी भारतीय रुपयों में क़रीब डेढ लाख रुपये दिए जाएंगे। इतना ही नहीं इस योजना के लिए वहां क़रीब 1400 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।


तेज़ी से घट रही है जनसंख्याः संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक ग्रीस की जनसंख्या क़रीब एक करोड़ है और ये तेज़ी से घट रही है। रिपोर्ट में बताया गया कि अगर वहां जन्म दर नहीं बढ़ी तो अगले 30 साल में वहां की आबादी 33 प्रतिशत तक घट जाएगी। जबकि साल 2050 तक 36 फीसदी लोगों की उम्र 65 साल हो जाएगी। लिहाजा वहां की सरकार ने जन्म दर बढ़ाने के मक़सद से बेबी बोनस योजना का ऐलान किया है।


इन देशों में भी प्रावधानः ग्रीस के अलावा कई और देशों में भी बेबी बोनस का प्रावधान है। जिसमें ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, चेक रिपब्लिक, फ्रांस, इटली, पॉलैंड जासे कुछ देश हैं। ऑस्ट्रेलिया में बेसी बोनस के तौर पर 5 हज़ार डॉलर यानी करीब 2 लाख 38 हज़ार रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावा अलग-अलग देशों में अलग प्रावधान है।


केजरीवाल के लिए 14 फरवरी लक्की

नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव हो चुके हैं और आज इसके नतीजे भी शाम तक आ जाएंगे। अगर आम आदमी पार्टी आज चुनाव परिणाम में विजयी होती है तो दिल्ली में आप की यह लगातार तीसरी सरकार होगी। ऐसा होने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक बार फिर 14 फरवरी को शपथ ले सकते हैं। इसे संयोग भी कहा जा सकता है कि 2013 और 2015 दोनों ही बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में 14 फरवरी का दिन किसी न किसी तरह अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़ा हुआ है। ऐसा कहा जा रहा है कि अगर केजरीवाल की जीत हुई तो वे 14 फरवरी को ही शपथ ले सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इस दिन से उनका बेहद खास नाता है। वो चाहते भी हैं कि इसी दिन वो शपथ लें। तो आइए आपको बताते हैं आखिर क्यों केजरीवाल को इस दिन से लगाव है और वो क्यों इस दिन ही शपथ लेना पसंद करते हैं। साल 2013 में पहली बार दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी। बीजेपी को 31, आम आदमी पार्टी ने 28 और कांग्रेस को 8 सीटों पर जीत मिली। आप ने कांग्रेस से हाथ मिलाकर सरकार बनाई। अरविंद केजरीवाल ने 28 दिसंबर को पहली बार दिल्ली के सीएम पद की शपथ ली। लेकिन कांग्रेस और AAP के बीच अनबन हो गई। सिर्फ 49 दिनों में ही सरकार गिर गई। इसके बाद केजरीवाल ने इस्तीफा देने का फैसला किया। खास बात ये है कि केजरीवाल ने 14 फरवरी 2014 के दिन ही इस्तीफा दिया। साल 2015 में चुनाव का ऐलान होते ही आप के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने ऐलान कर दिया था कि केजरीवाल रामलीला मैदान में 14 फरवरी को शपथ लेंगे और हुआ भी वही। आप को धमाकेदार 67 सीटों पर जीत मिली। बीजेपी को सिर्फ 3 सीटों पर जीत से संतोष करना पड़ा। वहीं कांग्रेस का सफाया हो गया। इसके बाद केजरीवाल ने 14 फरवरी 2015 को दूसरी बार सीएम पद की शपथ ली। उन्होंने एक ट्वीट कर लिखा था, दिल्ली को आप के साथ प्यार हो गया है। यह जुड़ाव बहुत गहरा और कभी ना खत्म होने वाला है। सरकार बनने के 3 साल बाद यानी 2018 में केजरीवाल ने एक खास कार्यक्रम किया। खास बात ये है कि इस कार्यक्रम का आयोजन 14 फरवरी के ही दिन किया गया। यानी खुद सीएम अरविंद केजरीवाल इस दिन को बेहद खास मानते हैं।


भीलवाड़ा-कोटा हाईवे पर हादसा, 9 की मौत

जयपुर। राजस्थान के भीलवाड़ा-काेटा हाईवे पर साेमवार रात बस ने जीप को टक्कर मार दी। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हाे गए। यह हादसा भीलवाड़ा जिले के बिगोड इलाके में हुआ। हादसा इतना भीषण था कि जीप का आधा हिस्सा पूरी तरह खत्म हाे गया। बस का भी ड्राइवर की ओर वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हाे गया। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भीलवाड़ा डिपो की रोडवेज बस कोटा से आ रही थी। त्रिवेणी और बीगोद के बीच पावन धाम के पास ये बस सामने से आती जीप से टकरा गई। जीप में सवार लाेग मध्य प्रदेश के मंदसाैर जिले के संधारा गांव के हैं। सभी लोग भीलवाड़ा में शादी में शामिल होकर गांव वापस जा रहे थे। वहीं, इस भीषण सड़क दुर्घटना पर सूबे के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ”मुझे भीषण सड़क दुर्घटना के बारे में जानकारी मिली। इस घटना में कई लोगों की मौत हो गई है।


आरएसएस नेताओं पर आतंकी खतरा

नई दिल्ली। इंटेलिजेंस ब्यूरो की हाल ही में आई रिपोर्ट ने आएसएस को चौकन्ना कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता और उनके कार्यालय आतंकियों के निशाने पर हैं। वैश्विक आतंकवादी संगठन हमले को अंजाम देने के लिए IED या वाहन-जनित तात्कालिक IED (VBIED) का उपयोग कर सकते हैं।


रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि हमला महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, आदि में हो सकता है। इसी महीने इंटेलिजेंस ब्यूरो द्वारा जारी किए गए नवीनतम इनपुट में दावा किया गया है कि वैश्विक आतंकवादी संगठन से जुड़े आतंकी आने वाले दिनों में संभवतः IED या VBIED का उपयोग करके RSS कार्यालयों व नेताओं और पुलिस स्टेशनों को निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं। सूत्रों ने दावा किया है कि सतर्कता ने सभी संबंधित राज्य सरकारों को सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने को कहा। एक शीर्ष अधिकारी ने दावा किया कि महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, यूपी और असम राज्यों में सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। पदाधिकारियों की सुरक्षा की भी समीक्षा की जा रही है।


पहले भी हो चुके हैं हमले-
बेंगलुरू पुलिस ने दिसंबर में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के समर्थन में एक रैली में भाग लेने गए आरएसएस कार्यकर्ता वरुण बोपला पर हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दावा किया था कि मोहम्मद इरफान, सैयद अकबर, सैयद सिद्दीक अकबर, अकबर बाशा, सनाउल्ला शरीफ और सादिक उल-अमीन ने एक बड़ी साजिश रची थी।


विधानसभा चुनाव 2022 अकेले लड़ेगी सपा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव सपा अकेले दम पर लड़ेगी। वह किसी से गठबंधन नहीं करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को अपरान्ह पयागपुर के राजा सर्वेंद्र विक्रम सिंह के आवास पर आयोजित आशीर्वाद समारोह कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में हिंदुस्तान की ओर से पूछे गए सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रही है, जबकि किसानों की आय दुगनी की जगह आधी हो गई है। छुट्टा जानवरों की समस्या बहुत बड़ी है। जिसके कारण किसानों की फसल नष्ट की जा रही है। आए दिन एक्सीडेंट हो रहे हैं, किंतु प्रदेश के मुख्यमंत्री पशुओं को बचाने में लगे हुए हैं। इसमें भी वह पूरी तरह सफल नहीं हो पाए हैं। केंद्र की सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह स्वच्छता अभियान को चला रहे हैं, इसके बावजूद भी कहीं स्वच्छ भारत, नमामि गंगे जैसा कार्यक्रम नजर नहीं आ रहा है। सीएए, एनपीआर के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया, और कहा कि यह सब समस्याएं कांग्रेस की ही देन है। कांग्रेस ने ही पहले एनपीआर को लाने की शुरुआत की। हालांकि इस दौरान उन्होंने बसपा के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की।


उन्होंने कानून व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में कोई मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि तमाम लोग मिलकर सरकार चला रहे हैं। दिल्ली प्रदेश के चुनाव में एक्जिट पोल के नतीजों को लेकर उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा के जातिवादी राजनीति को नकार दिया है और विकास की राजनीति को तरजीह दी है। देश एक नई विचारधारा की ओर चल पड़ा है। उन्होंने भाजपा को बहुत झूठी पार्टी करार दिया। इसके अलावा उन्होंने शाहीन बाग प्रकरण एवं सीएए के मुद्दे पर कहा कि वे सीएए, एनपीआर एवं एनआरसी के पूरी तरह खिलाफ हैं। उनकी पार्टी का स्टैंड कायम है। कहा कि जब भी कभी सपा को मौका मिलेगा, तो वह इन कानूनों को लागू नहीं करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि देश की जनता को मूलभूत समस्या बेरोजगारी एवं विकास से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा कोई न कोई षड्यंत्र करती रहती है। जिसके तहत कभी से सीएए लाया जाता है, तो कभी कुछ और बहाना बनाया जाता है, ताकि जनता का ध्यान मूल मुद्दों से हट सके। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में उनकी सरकार बनी तो 4 लाख लोहिया आवास गरीबों को मुफ्त दिया जाएगा। उसके साथ ही उनको फ्री बिजली की व्यवस्था भी की जाएगी। भाजपा ने समाज को जातिवाद एवं उप जातिवाद के नाम पर बांटने की कोशिश की, किंतु सपा ने अपने कार्यकाल के दौरान लोगों को विकास के रास्ते से जोड़ने के लिए लैपटॉप बांटे थे।


शिवाजी की मूर्ति से छेड़छाड, आक्रोश

अक्षय नीनवे


नगापुर। मध्यप्रदेश के सौंसर में एक बार फिर शिवाजी महाराज की मूर्ति से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मूर्ति से छेड़छाड़ किए जाने को लेकर सैकड़ों समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं और उन्होंने छिंदवाड़ा नागपुर हाइवे पर चक्का जाम कर दिया है। चक्का जाम के बाद हाइवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। बता दें कि इससे पहले नागपुर में भी ऐसी घटना सामने आई थी, जिसको लेकर जमकर बवाल हुआ था।


दरसअल मध्य प्रदेश के सौंसर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शिवाजी की मूर्ति से छड़छाड़ किया गया है, जबकि वे देश के महान योद्धाओं में से एक है। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं की मांग है कि शिवाजी महाराज की मूर्ति से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।


इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...