रविवार, 8 सितंबर 2019

चुनाव से पहले ठाकरे का बड़ा ऐलान

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे का बड़ा ऐलान


महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे का बड़ा ऐलान


मुबंई। महाराष्ट्र में जल्द होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बीजेपी-शिवसेना गठबंधन को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उद्धव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में, दोनों दलों का गठबंधन “अटल” है। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि यह गठबंधन एक बार फिर से सत्ता में वापसी करेगा।


कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान ठाकरे ने अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की। शिवेसना प्रमुख ने इसके साथ ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाने और समान नागरिक संहिता लाने की अपील की।


ठाकरे ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नेतृत्व और दिशा प्रदान की है जिसमें प्रगति और विकास करने की अपार क्षमता है। संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को समाप्त करने और चंद्रयान-2 अभियान के लिए मैं मोदी को बधाई देता हूं। अब राष्ट्र अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण और समान नागरिक संहिता का इंतजार कर रहा है।” उन्होंने कहा, “कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा। मोदी ने इसे न केवल शब्दों में बल्कि वास्तविकता में सिद्ध कर दिया है।”


शिवसेना प्रमुख ने कहा कि महत्वाकांक्षी चंद्रमा मिशन की लिए देश को इसरो के वैज्ञानिकों पर भी गर्व है। उन्होंने कहा, “भारत में अपार क्षमता है, और मोदी में, देश को (सही) दिशा देने वाला नेतृत्व मिला है।” ठाकरे ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन जारी रहेगा।बीजेपी के साथ गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा, “गठबंधन अटल है। हम सत्ता चाहते हैं इसमें कोई शंका नहीं है, लेकिन हम ऐसा राज्य के विकास के लिए चाहते हैं। बीजेपी-शिवसेना प्रदेश में चुनावों के बाद एक बार फिर सत्ता में वापस लौटेगी। मुझे इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य की बढ़ती जनसंख्या के लिए सुविधायें मुहैया करा रहे हैं।


आशीर्वाद के लिए 90 विधानसभा का दौरा

रोहतक। हरियाणा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व नुहं जिला सदस्यता प्रमुख चौ0 ज़ाहिद हुसैन चेयरमैन अपने हजारो समर्थको और कार्यकर्ताओं सहित विश्व के लोकप्रिय नेता माननीय  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओजस्वी विचार सुनने के लिए रोहतक पहुँचे। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनता के आशीर्वाद के लिए प्रदेश की 90 विधानसभाओ का दौरा किया, जन आशीर्वाद यात्रा के आखरी दिन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र भाई मोदी भी आशीर्वाद देने रोहतक पहुँचे जहाँ पर प्रधानमंत्री ने प्रदेश के लाखों लोगो को सम्बोधित किया।नरेंद्र मोदी ने जन सभा को सम्बोधित करने से पहले पुलिस परिसर भोंडसी में 576 मकानों, गुरुग्राम में श्री माता शीतला देवी चिकित्सा महाविद्यालय व रोहतक में हैफेड मेगा फ़ूड पार्क का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर ज़ाहिद हुसैन चेयरमैन के नेतृत्व में नुहं हल्के से भी हजारो लोगो ने रोहतक में आयोजित विजय संकल्प रैली में पहुंचकर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र भाई मोदी के औजस्वी विचार सुने। ज़ाहिद हुसैन ने बताया कि देश प्रदेश में भाजपा सरकार ने रिकॉर्डतोड़ विकास कार्य किये है जिनके बारे में पिछली सरकारे कभी सोच भी नहीं सकती थी तथा सबका साथ सबका विकास की नीति पर चलकर भारतीय जनता पार्टी ने लोगो का दिल जीतने का काम किया है और हरियाणा एक हरियाणवी एक, साफ नियत सही विकास जैसी नीतियों से प्रभावित होकर मेवात की जनता ने प्रदेश के ईमानदार मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को आशीर्वाद देकर आगमी विस चुनावो में भाजपा का साथ देने का मन बना लिया है जिसके फलस्वरूप आज मेवात की जनता माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को सुनने के लिए हजारो की संख्या में रोहतक पहुंची। ज़ाहिद हुसैन ने कहा कि इस बार नुहं जिले की तीनों सीटो पर निश्चित तौर पर कमल खिलेगा।ज़ाहिद हुसैन ने रोहतक रैली में पहुंचे मेवात इलाके के सभी लोगो का ह्रदय से स्वागत किया।


आर्बिटर ने भेजी लैंडर विक्रम की तस्वीर

दिल्ली। चंद्रयान-2  को लेकर अभी अभी अच्छी खबर आ रही है। शनिवार की रात लैंडर विक्रम का इसरो  से संपर्क टूट गया था। जिसके बाद ऑर्बिटर ने आज इसरो को लैंडर विक्रम की तस्वीर भेजी है। इसरो की टीम ने एक बार फिर विक्रम से संपर्क साधने में जुट गई है। इसकी जानकारी इसरो ने दी है। इसरो  चीफ का कहना है है हम जल्द ही विक्रम  से संपर्क साध लेंगे। हालांकि, उससे अभी कोई संचार स्थापित नहीं हो पाया है। ये भी खबर है कि विक्रम लैंडर लैंडिंग वाली तय जगह से 500 मीटर दूर पड़ा है ।चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर में लगे ऑप्टिकल हाई रिजोल्यूशन कैमरा ने विक्रम लैंडर की तस्वीर ली है। ज्ञानिक ऑर्बिटर के जरिए विक्रम लैंडर को संदेश भेजने की कोशिश कर रहे हैंडेटा एनालिसिस के बाद पता चलेगा कि विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर कितना काम करेंगे।


अब इसरो वैज्ञानिक ऑर्बिटर के जरिए विक्रम लैंडर को संदेश भेजने की कोशिश कर रहे हैं ताकि, उसका कम्युनिकेशन सिस्टम ऑन किया जा सके। इसरो के विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि बेंगलुरु स्थित इसरो सेंटर से लगातार विक्रम लैंडर और ऑर्बिटर को संदेश भेजा जा रहा है ताकि कम्युनिकेशन शुरू किया जा सके। इसरो प्रमुख के सिवन ने बताया कि हमें विक्रम लैंडर के बारे में पता चला है, वह चांद की सतह पर देखा गया है। ऑर्बिटर ने लैंडर की एक थर्मल पिक्चर ली है। लेकिन अभी तक कोई संचार स्थापित नहीं हो पाया है। हम संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। भविष्य में विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर कितना काम करेंगे, इसका तो डेटा एनालिसिस के बाद ही पता चलेगा।


इसरो वैज्ञानिक अभी यह पता कर रहे हैं कि चांद की सतह से 2.1 किमी ऊंचाई पर विक्रम अपने तय मार्ग से क्यों भटका। इसकी एक वजह ये भी हो सकती है कि विक्रम लैंडर के साइड में लगे छोटे-छोटे 4 स्टीयरिंग इंजनों में से किसी एक ने काम न किया हो। इसकी वजह से विक्रम लैंडर अपने तय मार्ग से डेविएट हो गया। यहीं से सारी समस्या शुरू हुई, इसलिए वैज्ञानिक इसी प्वांइट की स्टडी कर रहे हैं। इसके अलावा चांद के चारों तरफ चक्कर लगा रहे ऑर्बिटर में लगे ऑप्टिकल हाई रिजोल्यूशन कैमरा से विक्रम लैंडर की तस्वीर ली जाएगी। यह कैमरा चांद की सतह पर 0.3 मीटर यानी 1.08 फीट तक की ऊंचाई वाली किसी भी चीज की स्पष्ट तस्वीर ले सकता है।


आकाशीय बिजली की चपेट, दो की मौत

कवर्धा। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो मासूमों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि घर के आंगन में खेलते वक्त वे आकाशीय बिजली के चपेट में आ गए। उसके बाद इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों उन्हें मृत घोषित कर दिया। मासूम का नाम निशांत मेरावी और संध्या बताया जा रहा है। मामला रेंगाखार थाना अंतर्गत सरईपतेरा गांव की है।


जानकारी के अनुसार सरईपतेरा गांव में बारिश के दौरान जोरदार बिजली कड़कने लगी, जिसकी चपेट में दो मासूम आ गये। जिस वक्त बिजली कड़की मासूम  घर के आंगन में खेल रहे थे। दोनों बच्चे स्कूल से लौटने के बाद घर में खेल रहे थे। परिजनों ने जैसे ही उन्हें देखा तुरंत एम्बुलेंस से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहारा ले गए। जब तक डॉक्टरों ने उन्हें देखा तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। 


उधर पिछले कुछ दिनों हो लगातार हो रही मूसलाधर बारिश की वजह से नदी नाले उफान पर है। जिसके चलते जिलों में तो बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन में स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया हुआ है। बारिश की वजह से ग्रामीणों अंचलों काफी बुरी स्थिति बनी हुई है।  वनांचल के महली गांव में खेत से काम करके लौट रही एक बुजूर्ग महिला पांचों बाई पैर फिसलने के ​कारण नाले में बह गई। जिसके बाद नाले में बही बुजूर्ग की लाश झाड़ियों में फंसी मिली।


दिल्ली में दिनदहाड़े गैंगवार,एक की मौत

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में दिनदहाड़े गैंगवॉर से दहशत फैल गई। बदमाशों ने वीरेंद्र मान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। वीरेंद्र को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।


सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गैंगवॉर दिल्ली के नरेला में हुई। लामपुर मोड़ पर अज्ञात बदमाशों ने वीरेंद्र मान उर्फ काले पर 25 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिसमें से 10 से 15 गोलियां काले को लगीं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। डीसीपी आउटर नॉर्थ ने बताया कि जो शख्स गैंगवॉर में मारा गया है। वह इलाके का बदमाश था। इस पर करीब 14 मामले दर्ज थे। जानकारी मिली है कि मृतक वीरेंद्र मान उर्फ काले ने नगर निगम का चुनाव भी लड़ चुका था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


सबको डराने वाली पुलिस भूत से डरी

भूत ने उड़ाई पुलिस की नींद


मनोज सिंह ठाकुर 
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पुलिस को भूत ने हलाकान कर रखा है। लोगों का डर दूर भगाने वाली पुलिस खुद भूत-प्रेत से डरी हुई है। यह हम नहीं कह रहे, बल्कि कुछ जवानों का यह दावा है कि पुलिस की एक गाड़ी में भूत-प्रेत का साया है। पुलिसकर्मियों में भूत का खौफ इस कदर समा गया है कि कोई भी जवान इस गाड़ी में बैठने को तैयार नहीं है। पुलिसकर्मी इतने भयभीत हैं कि कोई भी टाइगर-2 (डायल 112) वाहन चलाने के लिए तैयार नहीं है। पुलिसकर्मियों में भूत-प्रेत का ऐसा डर है कि वे अपने साथ नींबू और मिर्च तक लेकर चल रहे हैं।अफसरों के भय से यदि कोई पुलिसकर्मी वाहन चलाता भी है, तो उसकी रात दहशत में कटती है। ऐसे में जवान अपने साथ गाड़ी में नींबू-मिर्च के अलावा पूजा पाठ की सामाग्री भी साथ में रखते हैं।


इस खबर से हमारा मकसद किसी भी प्रकार के अंधविश्वास को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि हम उस हकीकत से आपको रूबरू करा रहे हैं जो इन दिनों रायपुर पुलिस के साथ घटित हो रही है। बता दें कि रायपुर में डायल-112 वाहन द्वारा पुलिस हर किसी को मदद पहुंचाने के लिए तत्पर रहती है, लेकिन आजाद चौक थाना क्षेत्र में चलने वाली डायल-112 गाड़ी में भूत के डर से कोई भी पुलिसवाला बैठने से कतराता है। कुछ जवानों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि इस वाहन में जो भी बैठता है, उसे रात में गाड़ी में किसी अनजान शख्स के होने का आभास होता है।


205 लोगों को सांप ने डसा: बीकानेर

बीकानेर। बारिश के बाद जहां सांप बिलों से बाहर निकल आए हैं वहीं खेतों में किसानों की चहल-पहल भी बढ़ गई। नतीजा आदमी के खलल से नाराज सांपों के गुस्से से पीड़ित लोग हर दिन हॉस्पिटलों में पहुंच रहे हैं। सर्पदंश की चपेट में आ रहे औसतन दो लोगों को हर दिन पीबीएम हॉस्पिटल लाया जा रहा है। गनीमत यह है कि समय रहते हॉस्पिटल पहुंचने या गांवोँ में एंटी स्नैक वीनम की पहली डोज मिल जाने से जान पर खतरा कम हो गया है। सितंबर के पांच दिनों में 11 ऐसे लोगों को पीबीएम हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है जिनकी सर्पदंश के बाद हालत गंभीर हो गई। इससे पहले अगस्त में 32 लोगों को भर्ती कर इलाज करना पड़ा। जनवरी से अब तक की बात करें तो इस वर्ष अब तक 162 सर्पदंश पीड़ितों को भर्ती किया जा चुका है। इनमें से सर्वाधिक पीड़ित जून से अगस्त के बीच ही रिपोर्ट हुए हैं।


पीबीएम हाॅस्पिटल पहुंचे लोगों सहित पूरे बीकानेर जिले के हॉस्पिटल्स में पहुंचे सर्पदंश पीड़ितों की बात की जाए तो अब तक 205 लोग सांप के चपेट में आकर हॉस्पिटल पहुंचे हैं। सर्पदंश पीड़ितों की तादाद देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी ग्रामीण स्वास्थ्य सेंटर्स पर एंटी स्नैक वीनम की उपलबध्ता सुनिश्चित करने को कहा है। खासतौर पर मेला रूट पर सतर्कता बरती जा रही है।


'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा  संदीप मिश्र  शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि मौजूदा...