मध्यप्रदेश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मध्यप्रदेश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 23 जुलाई 2021

रिलीज होने वाली फिल्म पर उत्साह निर्मित हुआ

मनोज सिंह ठाकुर              
छतरपुर। छतरपुर को बसाने वाले महान शासक और बुन्देली योद्धा महाराजा छत्रसाल के जीवन पर आधारित फिल्म को एक वेबसीरीज के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। छत्रसाल नाम से एमएक्स प्लेयर पर 29 जुलाई को रिलीज होने वाली इस फिल्म को लेकर पूरे बुन्देलखण्ड में जबर्दस्त उत्साह निर्मित हो गया है। महाराजा छत्रसाल का जन्म टीकमगढ़ जिले के मोरपहाड़ी में हुआ था। उन्होंने छतरपुर और पन्ना को बसाकर यहीं से एक लंबे क्षेत्र तक साम्राज्य चलाया। महाराजा छत्रसाल को बुन्देलखण्ड में एक नायक की तरह पूजा जाता है। 
जाहिर है, उन पर आ रही फिल्म का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। एमएक्स प्लेयर पर 20 एपिसोड में आने वाली इस फिल्म को अनादि चतुर्वेदी ने निर्देशित किया है। इसके लेखक जयनेश एजारदार और सुश्री रेचल हैं। रेजोनेंस डिजिटल प्रोडक्शन हाउस के द्वारा इस फिल्म को बनाया गया है। फिल्म में आशुतोष राणा ने औरंगजेब तो वहीं जितिन गुलाटी ने महाराजा छत्रसाल का किरदार निभाया है। फिल्म में नीना गुप्ता भी नजर आएंगी।

परीक्षा को लेकर शिक्षा मंडल ने निर्देश जारी किएं

मनोज सिंह ठाकुर                  
भोपाल। मध्यप्रदेश में कक्षा 10वीं के रिजल्ट से असंतुष्ट छात्र-छात्राएं विशेष परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। विशेष परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिसमें एमपी बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि हाईस्कूल की विशेष परीक्षा में नए विद्यार्थी शामिल नहीं हो सकेंगे।माध्यमिक शिक्षा मंडल ने अपने आदेश में स्पष्ट कहा है कि हाईस्कूल की विशेष परीक्षा में नए छात्र-छात्राएं शामिल नहीं हो सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल के पोर्टल पर जिन छात्र-छात्राओं के नाम दर्ज है उन्हें ही इस विशेष परीक्षा के लिए पात्र माना जाएगा और केवल वही छात्र-छात्राएं विशेष परीक्षा के लिए फॉर्म भर सकेंगे। विशेष परीक्षा के लिए एमपी बोर्ड ने 900 रुपये परीक्षा फीस निर्धारित की है।
1 से 10 अगस्त के बीच भरने होंगे परीक्षा फॉर्म
कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं का रिजल्ट 14 जुलाई को घोषित हुआ है। इससे पहले माध्यमिक शिक्षा मंडल ने एक आदेश जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि जो भी छात्र छात्राएं अपने परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट रहते हैं, वो सभी सितंबर के महीने में होने वाली विशेष परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। विशेष परीक्षा 01 से 25 सितंबर के बीच आयोजित की जाएगी। विशेष परीक्षा से पहले परीक्षा फॉर्म 1 से 10 अगस्त के बीच भरे जाएंगे। पात्र छात्रों को विशेष परीक्षा के लिए 10 दिनों के भीतर ही परीक्षा फॉर्म भरना अनिवार्य होगा।

रविवार, 18 जुलाई 2021

तालिबान निति को लेकर सरकार पर निशाना साधा

मनोज सिंह ठाकुर                   
भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तालिबान के मामले में आज फिर केंद्र की नरेंद्र माेदी सरकार को निशाने पर लिया है।
राज्यसभा सांसद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा है 'आप इस खबर पर चुप क्यों हैं? क्या साहब से संदेश नहीं आया? भाजपा मोदी शाह सरकार तालिबान के साथ चर्चा कर रही है। इमरान खान साहब भी तालिबान पर मेहरबान हैं। लगता है भाजपामोदीशाह व इमरान खान अफगानिस्तान की चुनी सरकार को मदद ना कर, तालिबान का रास्ता साफ कर रहे हैं।
कुछ समय पहले भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तालिबान के मुद्दे को उठाते हुए ट्वीट किए थे।

शनिवार, 17 जुलाई 2021

भोपाल का हबीबगंज रेलवे स्टेशन पूरी तरह से तैयार

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का हबीबगंज रेलवे स्टेशन पूरी तरह से तैयार हो गया है। यह देश का एकमात्र ऐसा स्टेशन होगा जहां वर्ल्ड क्लास एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं होंगी। इस स्टेशन का रि-डेवलपमेंट किया गया है।
भोपाल के दूसरे स्टेशन यानी हबीबगंज रेलवे स्टेशन का वर्ष 2017 में पुनर्निर्माण का काम शुरू हुआ था जो चार साल बाद अपने नए रूप में तैयार हो गया है, हालांकि लॉकडाउन की वजह से काम में देरी हुई, फिर भी कंपनी द्वारा तेजगति से कार्य करते हुए इसे तैयार कर दिया है। 400 करोड़ से अधिक की लगात से बने इस रेलवे स्टेशन पर वर्ल्ड क्लास एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यहां पर करीब एक साथ 1100 से अधिक यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। स्टेशन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से हर तरफ हाई रिजोल्यूशन कैमरे भी लगाए गए हैं, जो पल-पल की नजर रखेंगे। हबीबगंज रेलवे स्टेशन परिसर में शॉपिंग मॉल, फाइव स्टार हॉस्पिटल, होटल, शॉपिंग मॉल और सिनेमा हॉल बनाया जा रहा है।

 

कुएं में गिरकर मौत, परिजनों को देगें दो-दो लाख

मनोज सिंह ठाकुर                 
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश में कुएं में कई लोगों के गिरने की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी इस घटना पर दुख जताया है। मध्यप्रदेश में विदिशा जिले में बृहस्पतिवार शाम को कुएं की मुंडेर व छत ढहने से कुएं में गिरे कई लोगों में से 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 19 लोगों को राहत अभियान के बाद जिंदा बाहर निकाल लिया गया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से शुक्रवार देर रात को जारी एक ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से कहा गया, मध्यप्रदेश में विदिशा में हुई त्रासदी से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि उन लोगों के परिजन को दी जाएगी जिनकी इस हादसे में जान गई।
राष्ट्रपति भवन ने शनिवार सुबह कोविंद के हवाले से ट्वीट किया, ” मध्यप्रदेश के विदिशा में हुए हादसे में अनेक लोगों की मृत्यु के हृदय विदारक समाचार से अत्यंत दु:ख हुआ। मैं, दुर्घटना में फंसे लोगों के बचाव के प्रयासों की सफलता की कामना करता हूं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
शुक्रवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की थी कि मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये और मुफ्त चिकित्सा प्रदान की जाएगी। विदिशा जिले के गंजबासौदा के पास लाल पठार गांव में बृहस्पतिवार रात पानी भरते समय एक किशोर कुएं में गिर गया।
किशोर को बचाने और माजरा देखने के लिए कई लोग कुएं की मुंडेर और छत पर जमा हो गए। इसके बाद मुंडेर और छत के ढह जाने से कई लोग मलबे सहित कुएं में गिर गए। हालात और बदतर हो गए जब राहत कार्य में लगा एक ट्रैक्टर चार पुलिसकर्मियों के साथ देर रात को उसी कुएं में गिर गया। हादसे के बाद करीब 24 घंटे तक चले बचाव अभियान में शुक्रवार देर रात तक कुएं से 11 शव बरामद किए गए और 19 लोगों को जिंदा निकाला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुआं करीब 50 फीट गहरा है और उसमें लगभग 20 फीट पानी था।


शुक्रवार, 16 जुलाई 2021

पिकअप वाहन ने 4 दुपहिया को मारी टक्कर, मौंत

मनोज सिंह ठाकुर                
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय में एक पिकअप वाहन ने चार दुपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। जिसमें दुपहिया सवार दो लोगों की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नगर में कलेक्टोरेट बंगले के सामने चौराहे पर कल रात एक मक्का से लदा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर चार मोटर साइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया और पलट गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गए। मृतको की पहचान अनिल चंद्रवंशी (35) और पवन वर्मन (52) के रुप में हुयी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर चालक को अभिरक्षा में लिया है।


एमपी: मेड़ पर खड़े 30 से अधिक लोग मलबे में दबें

मनोज सिंह ठाकुर                 
विदिशा। मध्य प्रदेश में विदिशा जिले में गुरुवार रात को एक बड़ा हादसा हो गया। गंजबासौदा में रात को कुएं में फिसलकर गिरी एक बच्ची को बचाने के लिए इसकी मेड़ पर खड़े 30 से अधिक लोग अचानक मिट्टी धंसने से कुएं में गिर गए और मलबे में दब गए। इनमें से 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और बचाव कार्य मध्यरात्रि के बाद भी जारी है।
ताजा जानकारी के मुताबिक, चार लोगों की मौत हो चुकी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बचाव में लगीं हैं। घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि कुल कितने लोग इस मलबे में दबे हैं। यह कुआं करीब 50 फुट गहरा है और इसमें करीब 20 फुट तक पानी बताया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यालय ने बताया कि कुएं में गिरे लोगों में से दो लोगों के शव कल देर रात और एक का शव शुक्रवार सुबह को निकाला गया। साथ ही बचाव अभियान अब भी जारी है। चौहान ने मीडिया को दिए एक संदेश में कहा, ” मैं घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों से संपर्क में हूं और बचाव अभियान की निगरानी कर रहा हूं।” उन्होंने मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये तथा मुफ्त इलाज इलाज देने की घोषणा की है।
वहीं, इस हादसे में कुएं में गिरने के बाद बचाए गए दो लोगों ने बताया कि कुएं में गिरी एक बच्ची को बचाते समय यह हादसा हुआ। उसे बचाने के लिए कुछ लोग इस कुएं में उतर गये, जबकि करीब 40-50 लोग उनकी सहायता करने एवं देखने के लिए कुएं की मेड़ और छत पर खड़े हो गए। 
उन्होंने कहा कि इसी बीच, कुएं की छत ढह गई, जिससे करीब 25-30 लोग कुएं में गिर गए। उन्होंने कहा कि उन दोनों सहित करीब 12 लोगों को वहां मौजूद ग्रामीणों ने कुएं से रस्सियों की मदद से बाहर निकाला और बचा लिए। दोनों को मामूली चोट आई है। उन्होंने कहा कि कुएं की छत पर जो लोहे की रॉड लगी थी, वह सड़कर गल चुकी थी। इसलिए वह टूट गई और यह हादसा हुआ।
वहां मौजूग लोगों के अनुसार रात करीब 11 बजे बचाव कार्य में लगा एक ट्रैक्टर भी इस कुएं में गिर गया, जिससे चार पुलिसकर्मियों सहित कुछ लोग भी इस कुएं में गिर गये। इनमें से तीन पुलिसकर्मियों एवं कुछ अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।इससे पहले, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिये। चौहान ने घटनास्थल पर मौजूद कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से बात कर घटना के संबंध में जानकारी ली और बचाव अभियान को तीव्र गति से चलाने के निर्देश दिए।
राहत एवं बचाव कार्य के लिए भोपाल से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम एवं आवश्यक उपकरण पहुंचाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री घटनास्थल पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की स्वयं निगरानी कर रहे हैं। चौहान ने घटना की उच्च स्तरीय जांच और पीड़ितों को हर संभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी बीच, मौके पर पहुंचे विदिशा जिले के पुलिस अधीक्षक विनायक वर्मा ने मैं अभी यही कह सकता हूं कि बचाव अभियान चल रहा है।

बुधवार, 14 जुलाई 2021

कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में किया जाएंगा प्रदर्शन

मनोज सिंह ठाकुर              

उज्जैन। केेंद्र सरकार के द्वारा पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस में की जा रही बेहताशा मूल्य वृद्धि एवं बढ़ती हुई महंगाई के विरोध में शहर महिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में व शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कल 15 जुलाई गुरुवार को दोपहर 12.30 बजे टॉवर चौक पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में काले कपड़े पहनकर महिला कांग्रेस द्वारा अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा। शहर महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अंजु जाटवा ने बताया कि पूरे देश में केंद्र सरकार के द्वारा पेट्रोल, डीजल घरेलू गैस के जो मूल्य लगातार बढ़ाये जा रहे हैं। उससे आम आदमी परेशान है। सभी दूर हाहाकार मचा हुआ है।

इसको लेकर दिए जा रहे धरने में शहर कांग्रेस के अध्यक्षगण, पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, सेवा दल के समस्त पदाधिकारी एवं कांग्रेस के कार्यकर्ता गण एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गण उपस्थित रहेंगे।

विशेष: परीक्षा के जरिए सुधरने का एक मौका दिया

मनोज सिंह ठाकुर                      
भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) द्वारा हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा, हाई स्कूल (अंध, मूक बधिर श्रेणी) परीक्षा 2021 के परिणाम आज ( बुधवार को) शाम 4 बजे घोषित होंगे। बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर यह परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा। विद्यार्थी इन साइटों के अलावा कुछ निजी साइटों पर जाकर भी अपना परीक्षा परिणाम देख सकेंगे।
इसके अलावा विद्यार्थी अपना रिजल्ट मोबाइल एप पर भी देख सकते हैं। इसके लिए अपने मोबाइल के गूगल प्ले स्टोर पर जाकर एमपीबीएसई मोबाइल एप या एमपी मोबाइल एप डाउनलोड करें और Know Your Result का चयन करने के बाद अपना रोल नंबर और आवेदन क्रमांक भरकर सब्मिट करें।
गौरतलब है कि कोरोना के कारण 10वीं की परीक्षा रद्द होने के चलते इस वर्ष विद्यार्थियों का परिणाम प्री बोर्ड परीक्षा, यूनिट टेस्ट और इंटरनल असेसमेंट के आधार जारी किया जा रहा है। इस वर्ष उन सभी परीक्षार्थियों को पास कर दिया जाएगा, जिन्होंने परीक्षा फॉर्म भरा था। हालांकि परीक्षा रद्द होने के कारण इस बार मेरिट लिस्ट जारी नहीं होगी। 
परिणाम से असंतुष्ट छात्र सितम्बर से दे सकेंगे परीक्षा
बोर्ड द्वारा आगामी एक से 25 सितम्बर के बीच 10वीं तथा 12वीं कक्षाओं की विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी। जो छात्र अपने परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट होंगे, वह इन परीक्षाओं में बैठ सकेंगे। इन छात्रों को सितम्बर की विशेष परीक्षा के जरिए अपने नम्बर सुधारने का मौका दिया जाएगा। परीक्षा के लिए 1 अगस्त से 10 अगस्त 2021 तक रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।

सोमवार, 12 जुलाई 2021

एमपी में रेड अलर्ट जारी करने का निर्देश दिया: डीजीपी

मनोज सिंह ठाकुर             

भोपाल। लखनऊ के बाहरी इलाके में अल कायदा समर्थित संगठन के दो आतंकवादियों की गिरफ्तारी को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को कहा कि पुलिस महानिदेशक को राज्य में रेड अलर्ट जारी करने का निर्देश दिया गया है। मिश्रा ने यहां पत्रकारों से कहा, ”हमने उत्तर प्रदेश में गिरफ्तार किए गए दो आतंकवादियों और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की स्थिति को देखते हुए प्रदेश में रेड-अलर्ट जारी करने की घोषणा की है।

मैंने डीजीपी को इस मुद्दे पर तुरंत आदेश जारी करने का निर्देश दिया है।” मंत्री ने राज्य में संदिग्ध या पहचाने गए सिमी या अल कायदा के संदिग्धों पर नजर रखने का भी निर्देश पुलिस को दिया है। उत्तर प्रदेश में अलकायदा समर्थित अंसार गजवत उल हिंद के दो आतंकवादियों को रविवार को लखनऊ के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया गया। ये आतंकवादी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर मानव बन का इस्तेमाल कर विस्फोट करने की साजिश रच रहे थे।

रविवार, 11 जुलाई 2021

करंट लगने से 1 ही परिवार के 6 लोगों की मौंत हुईं

मनोज सिंह ठाकुर               
छतरपुर। जिले में करंट लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है। ये लोग घर में बने पानी के टैंक को साफ कर रहे थे, इसी दौरान वे लोग बिजली के करंट की चपेट में आ गए और छह लोगों की जान चली गई। वहीं, हादसे में एक व्यक्ति घायल है। जिसका इलाज चल रहा है।
यह हादसा छतरपुर जिले के बिजावर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव महुआ झाला का है। 
जहां रहने वाले अहिरवार परिवार के लोगों की करंट लगने से मौत हो गई है। घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है। दरअसल, टैंक खोलने के लिए घर के एक सदस्य टैंक में उतरा। जिसे करंट लगा। उसे बचाने के लिए घर का दूसरा सदस्य उतरा। इसी तरह से एक-दूसरे को बचाने के लिए टैंक में लोग उतरते रहे और छह की मौत हो गई है।
पुलिस अधिकारी सीताराम अवास्य ने बताया जा रहा है कि टैंक में से पानी निकालने के लिए लाइट की व्यवस्था की गई थी। इसकी वजह पानी में करंट आ गया है। मरने वालों में लक्षमण अहिरवार, शंकर अहिरवार, मिलन अहिरवार, नरेंद्र, रामप्रसाद और विजय शामिल है। घटना की जानकारी लगते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डायल 100 की मदद से मृतकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

शुक्रवार, 9 जुलाई 2021

कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की राज्यपाल से मुलाकात

मनोज सिंह ठाकुर                       
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल से मुलाकात के बाद आरोप लगाया कि राज्य में अनुसूचित जाति, जनजाति समेत सभी वर्ग के लोग परेशान हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सुबह राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। इसके बाद राजभवन के बाहर मीडिया से चर्चा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को राज्य की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। 
उन्होंने कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं। इसके अलावा किसान परेशान हैं। युवाओं को रोजगार नहीं हैं। आर्थिक गतिविधियां ठप पड़ी हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बताया कि उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि वे इन सबको मामलों को देखें। खासतौर से अनुसूचित जनजाति के लाेगों पर अत्याचार के मामलों में गौर करने का अनुरोध किया गया है।

अशासकीय विद्यालयों में शिक्षण-शुल्क जमा होगा

मनोज सिंह ठाकुर            
भोपाल। मध्यप्रदेश में गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों या पालकों को केवल शिक्षण-शुल्क ही जमा करना पड़ेगा। निजी स्कूल इसके अतिरिक्त अन्य कोई फीस आगामी आदेश तक नहीं वसूल सकेंगे। इसके साथ ही कोई भी निजी विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2021-22 में आगामी आदेश तक कोई फीस वृद्धि नहीं कर सकेगा। यह जानकारी प्रदेश के स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) और सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने गुरुवार को दी।
स्कूल शिक्षा मंत्री परमार ने बताया कि प्रदेश के समस्त सीबीएसई, आईसीएसई, म.प्र. माध्यमिक शिक्षा मण्डल और अन्य बोर्ड से संबद्ध गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों पर यह निर्देश समान रूप से लागू होंगे। शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए यदि किन्ही अशासकीय विद्यालयों द्वारा फीस वृद्धि की गई है तो ऐसी वृद्धि के द्वारा एकत्र की गई फीस को संबंधित छात्रों की आगामी देय फीस से समायोजित की जायेगी। 
मंत्री परमार ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण की विगत वर्ष की परिस्थितियों से विद्यार्थी और पालक प्रभावित हुए हैं। 
वर्तमान में भी उसी तरह की परिस्थितियां बनी हुई है। इसलिए विगत वर्ष में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा पारित 4 नवंबर 2020 के निर्णय के अनुक्रम में इस वर्ष भी शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए यह निर्देश जारी किए गए हैं। 
स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टर्स, सभी संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए है। शैक्षणिक सत्र 2020-21 के संबंध में एक मार्च 2021 को जारी विभागीय परिपत्र द्वारा जारी निर्देश की कण्डिका 2 की उप-कण्डिका 4 को आगामी आदेश तक निष्प्रभावी किया है। इसके साथ ही अशासकीय विद्यालयों के द्वारा फीस वृद्धि के संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 29 जून 2021 को जारी निर्देश को आगामी आदेश तक निष्प्रभावी किया गया है।

गुरुवार, 8 जुलाई 2021

एमपी में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण किया: शिवराज

मनोज सिंह ठाकुर             
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण मिल गया है, लेकिन हमें अभी लापरवाह नहीं होना है। जागरुकता और सावधानी से ही हम तीसरी लहर को रोक पाएंगे। शिवराज सिंह चौहान ने यह बात ट्वीट के माध्यम से कही।
शिवराज सिंह चौहान मंदसौर में नवनिर्मित आटी पीसीआर लैब का वीसी के जरिये लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मंदसौर ने समाज के साथ मिलकर कोविड-19 के विरुद्ध जिस भाव से लड़ाई लड़ी और इसको नियंत्रित करने में सहयोग दिया, मैं उसके लिए सभी को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कल केवल 26 पॉजिटिव केस आए। जबकि हम 75-76 हजार प्रतिदिन टेस्ट कर रहे हैं। कोविड19 नियंत्रित है, लेकिन हमें अभी लापरवाह नहीं होना है।
जागरुकता और सावधानी से ही हम तीसरी लहर को रोक पायेंगे। शिवराज सिंह चौहान ने अपने सिलसिलेवार ट्वीट के माध्यम से कहा कि बाजार खुले रहें। सब काम धंधे चलते रहें, जीवन सामान्य रहे। लेकिन इसके लिए चेहरे से मास्क न हटने पाये। कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर का पालन करके हम इसको रोकें। उन्होंने कहा कि हमारे कई भाई-बहन कोविड19 के कारण हमें छोड़कर चले गये, मैं उनके चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं।
जिन बच्चों के माता-पिता कोरोना के कारण नहीं रहे, उन बच्चें की चिंता हम करेंगे। उन्होंने कहा कि अद्भुत व अद्वितीय मंदसौर की जनता को प्रणाम और भगवान पशुपतिनाथ से यही प्रार्थना करता हूं कि हे प्रभु अपनी कृपा की हम सब पर वर्षा करना और तीसरी लहर से सबको बचाना। मंदसौर के नागरिकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों ने कोविड-19 के विरुद्ध जिस भाव से लड़ाई लड़ी और इसको नियंत्रित करने में सहयोग दिया, मैं उसके लिए सभी को धन्यवाद देता हूं।

छगन भाई पटेल ने एमपी राज्यपाल पद की शपथ ली

मनोज सिंह ठाकुर                   
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नेता और गुजरात के पूर्व मंत्री मंगू भाई छगन भाई पटेल ने बृहस्पतिवार को मध्यप्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ ली। मध्यप्रदेश के मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक ने राजभवन में आयोजित एक समारोह में पटेल को राज्यपाल पद की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहीं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और विपक्ष के नेता कमलनाथ भी मौजूद थे। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने दक्षिण गुजरात के नवसारी के मूल निवासी और भाजपा के जाने-माने आदिवासी नेता मंगू भाई पटेल (77) को मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया है।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पिछले साल जून माह से मध्य प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही थीं। पटेल गुजरात में छह बार विधायक तथा भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। पटेल गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष के तौर पर भी काम कर चुके हैं। वर्ष 1982 में आदिवासी नेता ने नवसारी में नगर पालिका के सदस्य के तौर पर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। पटेल नवसारी से पांच दफा और एक बार गंडेवी विधानसभा सीट से निर्वाचित हो चुके हैं।

बुधवार, 7 जुलाई 2021

किसानों की चेहरे पर चिंता की लकीर दिखने लगीं

मनोज सिंह ठाकुर         
झाबुआ। सूखे की मार झेल रहे जिले के किसानों की मुसीबतें कम नहीं हो पा रही हैं। मध्यप्रदेश के आदिवासी बाहुल्य झाबुआ, आलिराजपुर, धार, बडवानी आदि जिलो में बारिश ने होने से किसानों की चेहरे पर चिंता की लकीर दिखायी देने लगी है।
इन क्षेत्रों में इस साल जून माह से लेकर जुलाई के पहले सप्ताह तक में अवर्षा के चलते किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरे खिंच गई है। जिन किसानों ने बोवनी कर दी थी उन्हे फिर से बोवनी करना पडेगी। वर्षा नहीं होने से इन जिलों में गर्मी व उमस से बुरा हाल है। दोनों तापमानों में बढोत्तरी होती है। जलाशयों में पानी खत्म हो रहा है व हेंडपंम्प सूख गये है। कई जगहों पर लोग पानी के लिये दूर दराज भटक रहे है तो कई जगहों पर टेंकरों से जल सप्लाय किया जा रहा है।बारिश के लिये आदिवासीयों व किसानों ने टोने टोटके भी करना प्रारंभ कर दिया है, जिसके चलते जिंदा आदमी की अर्थी निकाली जा रही है तो वहीं आदमी को गधे पर उल्टा बिठाकर ढोल ढमाकों से उसकी सवारी भी नगर में निकाली जा रही है। ऐसा वाक्या विगत दिनों पेटलावद तहसील के ग्राम झकनावदा में देखने को मिला।

मंगलवार, 6 जुलाई 2021

मंत्रीमंडल बदलाव, कुछ भी कहने से परहेज किया

मनोज सिंह ठाकुर                  
इंदौर। मध्य प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंत्रिपरिषद के शीघ्र विस्तार की अटकलों के बीच भाजपा के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को इस विषय में कुछ भी कहने से परहेज किया। बहरहाल उनके एक करीबी भाजपा नेता ने कहा कि वह मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल का दौरा अधूरा छोड़कर मंगलवार दोपहर दिल्ली रवाना हो सकते हैं। सिंधिया उन प्रमुख दावेदारों में शामिल माने जा रहे हैं। जिन्हें मोदी मंत्रिपरिषद में जगह मिल सकती है।
इंदौर में मंगलवार सुबह सिंधिया से जब संवाददाताओं ने उनके केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल होने के बारे में पूछा तो उन्होंने इस सवाल का कोई भी जवाब नहीं दिया और कहा कि उन्हें अपने अगले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होना है। सिंधिया ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामाप्रसाद मुखर्जी की 120 वीं जयंती पर इंदौर में उनकी प्रतिमा पर अन्य भाजपा नेताओं के साथ माल्यार्पण किया।
सिंधिया ने मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल का तीन दिवसीय दौरा रविवार से शुरू किया था और मूल कार्यक्रम के मुताबिक उन्हें बुधवार सुबह 09:15 बजे इंदौर से दिल्ली रवाना होना था। सिंधिया के नजदीकी एक भाजपा नेता ने कहा कि वह इस दौरे को अधूरा छोड़कर मंगलवार दोपहर 03:30 बजे इंदौर से दिल्ली रवाना हो सकते हैं। सिंधिया के दौरा कार्यक्रम में संभावित परिवर्तन को मोदी मंत्रिपरिषद के विस्तार की अटकलों से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस बीच केंद्रीय मंत्रिपरिषद में सिंधिया के शामिल होने की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा, “अगर उन्हें केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जा रहा है, तो उन्हें बहुत बधाई।
गौरतलब है कि सिंधिया की सरपरस्ती में कांग्रेस के 22 बागी विधायकों के विधानसभा से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल होने के कारण तत्कालीन कमलनाथ सरकार का मार्च 2020 में पतन हो गया था। इसके तत्काल बाद शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सूबे की सत्ता में लौट आई थी।

सोमवार, 5 जुलाई 2021

ताजा बयानों के परिप्रेक्ष्य में भागवत को सलाह दी

मनोज सिंह ठाकुर                
भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के ताजा बयानों के परिप्रेक्ष्य में आज ट्वीट के जरिए उन्हें सलाह दी हैं। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट के जरिए मोहन भागवत के हिंदू मुस्लिम एकता और भारतीयों के डीएनए के संबंध में आए ताजा बयानों के परिप्रेक्ष्य में लिखा है ‘मोहन भागवत, यह विचार क्या ?आप अपने शिष्यों, प्रचारकों, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल कार्यकर्ताओं को भी देंगे।
क्या यह शिक्षा आप मोदी शाह जी व भाजपा मुख्यमंत्री को भी देंगे ?’ कांग्रेस नेता ने सिलसिलेवार ट्वीट में लिखा है, ‘यदि आप अपने व्यक्त किए गए विचारों के प्रति ईमानदार हैं, तो भाजपा में वे सब नेता जिन्होंने निर्दोष मुसलमानों को प्रताड़ित किया है। उन्हें उनके पदों से तत्काल हटाने का निर्देश दें। शुरूआत नरेंद्र मोदी व योगी आदित्यनाथ से करें।
दिग्विजय सिंह ने साथ में यह भी लिखा है कि उन्हें मालूम है कि मोहन भागवत ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि उनकी कथनी और करनी में अंतर है। दिग्विजय सिंह के मुताबिक मोहन भागवत ने सही कहा है कि पहले हम सब भारतीय हैं। लेकिन पहले यह उन्हें अपने शिष्यों को समझाना होगा। मोहन भागवत का ताजा बयान आया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि हिंदू मुस्लिम अलग नहीं हैं और सभी भारतीयों का डीएनए एक है।

शुक्रवार, 2 जुलाई 2021

'कोरोना' वायरस अभी खत्म नहीं हुआ है: शिवराज

मनोज सिंह ठाकुर                   
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना वायरस अभी खत्म नहीं हुआ है। हम सबको कोरोना के बीच ही जीने की कला सीखनी होगी। विशेषज्ञों के अनुसार कोरोना की तीसरी लहर आने की आंशका है। प्रदेश सरकार इसके लिये पूरी तरह से तैयार है। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ अग्रिम रूप से की जा रही हैं। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए वैक्सीनेशन एक सशक्त उपाय है। इस संजीवनी का उपयोग शहडोल जिले के जमुई ग्रामवासियों की तरह प्रदेश की हर ग्राम पंचायत को करने की जरूरत है। 
मुख्यमंत्री ने यह बातें गुरुवार को शहडोल प्रवास के दौरान ग्राम जमुई में शत-प्रतिशत टीकाकरण की उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में कही। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी आवश्यक सावधानियाँ बरतनी होगी। बिना मास्क लगाए घर से बाहर न निकलें।
दो गज की दूरी बनाकर रखें, भीड़-भाड़ में न जायें, बाजारों में भी भीड़ एकत्रित नहीं होने दें, स्वच्छता का ध्यान रखें और बिना किसी अफवाह में आए टीकाकरण अवश्य कराएँ। अब जरूरत है 'मास्क नहीं तो सामान नहीं' पर अमल करने की। जमुई ग्राम के लोगों ने इंग्लैण्ड और अमेरिका से भी आगे निकलकर जागरूकता का परिचय दिया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कहावत है रामजी चिड़िया राम जी खेत अर्थात् गरीबों के लिए सरकार के खजाने खुले हुए हैं। सरकार ने नवम्बर माह तक 5 किलो निःशुल्क और 5 किलो एक रुपये मूल्य पर उचित मूल्य दुकान के माध्यम से गरीबों को अनाज वितरित करने का निर्णय लिया है। अगस्त माह से 10 किलो के थैले में अनाज का वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में राजस्व सेवा अभियान के तहत नामातंरण, टीकाकरण और आयुष्मान कार्ड के प्रमाण-पत्र वितरित किये गये। मुख्यमंत्री चौहान ने शहडोल संभाग में एक जून से शुरू किए गए राजस्व सेवा एवं ग्राम सेवा अभियान के तहत सौरभ को नामातंरण प्रमाण-पत्र, सुधा पाण्डेय, गंगू और लालमन को टीकाकरण प्रमाण-पत्र और सेजल साहू को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए।मुख्यमंत्री ने ग्राम जमुई में 20 लाख रुपये की लागत से ग्राम पंचायत भवन और 7 लाख 80 हजार रुपये की लागत से बनने वाले आँगनवाड़ी भवन की आधारशिला रखी। भवनों का निर्माण ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा कराया जाएगा। उन्होंने ग्राम जमुई में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा भी की। कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह, जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सांरग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल, विधायक जयसिंह मरावी, शरद कोल, मनीषा सिंह और शहडोल संभाग और जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहडोल जिले के ग्राम जमुई से राजस्व सेवा एवं ग्राम सेवा अभियान का शुभारंभ किया। गौरतलब है कि कमिश्नर शहडोल संभाग  राजीव शर्मा की पहल पर संभाग में एक जुलाई से राजस्व सेवा एवं ग्राम सेवा अभियान चलाया जा रहा है। राजस्व सेवा अभियान में किसानों के राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। वही ग्राम सेवा अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना टीकाकरण, पौध-रोपण, हितग्राहीमूलक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं ग्रामीण विकास संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जाएगा।
 मुख्यमंत्री ने ग्राम जमुई का भ्रमण कर सभी से मुलाकात की और टीकाकरण कार्य में प्रमुख भूमिका निभाने वाले सरपंच भैयालाल बैगा, उप सरपंच मीनू सिंह, बलराम गुप्ता, कमल प्रताप सिंह, पंचायत सचिव अविनाश शुक्ला, एएनएम फूलमती सिंह, सीएचओ सोनम जायसवाल एवं सोनिया पाण्डेय, आँगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रभा सिंह, ललिता सिंह, सरस्वती केवट, आशा कार्यकर्ता गीता कहार, लक्ष्मी मिश्रा, सत्यप्रभा मिश्रा, जन-अभियान परिषद के वॉलेंटियर्स की सराहना की। उन्होंने कहा कि अभी भी कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए अनुकूल व्यवहार अपनायें। मुख्यमंत्री ने सभी को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में शत-प्रतिशत टीकाकरण का संदेश ग्राम जमुई से देश में जाना चाहिये।

रविवार, 27 जून 2021

आषाढ़ माह में मनाई जाती है गुप्त 'नवरात्रि', महत्व

मनोज सिंह ठाकुर              
उज्जैन। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ माह में गुप्त नवरात्रि मनाई जाती है। आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से आषाढ़ नवरात्रि शुरू हो जाती है। इस वर्ष आषाढ़ नवरात्रि 11 जुलाई को शुरू होने वाली है, जो 18 जुलाई को खत्म होगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गुप्त नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार 1 साल में कुल 4 नवरात्रि आती हैं। जिसमें से 2 गुप्त नवरात्रि के को छोड़कर चैत्र व शारदीय नवरात्रि शामिल हैं। पहली गुप्त नवरात्रि माघ के महीने में आती है और दूसरी गुप्त नवरात्रि आषाढ़ माह में आती है। गुप्त नवरात्रि चैत्र व शारदीय नवरात्रि से अलग होती है। इस दौरान तांत्रिक सिद्धियों को प्राप्त करने के लिए देवी मां की आराधना की जाती है।

गुप्त नवरात्रि में की जाती है इन 10 देवियों की पूजा
चैत्र और शारदीय नवरात्रि में दुर्गा मां के 9 स्वरूपों की पूजा की जाती है। वहीं गुप्त नवरात्रि में देवी के 10 रुपों की पूजा अर्चना कर तंत्र साधना की जाती है। जिन 10 देवियों की पूजा अर्चना गुप्त नवरात्रि में की जाती है।उनमें मां काली, मां तारा देवी, मां त्रिपुर सुंदरी, मां भुवनेश्वरी, मां छिन्नमस्ता, मां त्रिपुर भैरवी, मां धूमावती, मां बगलामुखी, मां मातंगी और मां कमला देवी शामिल है।

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...