गुरुवार, 14 मार्च 2024

भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली कूच किया

भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली कूच किया

सत्येंद्र पंवार 
मेरठ। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली कूच किया। मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता सुबह साढ़े दस बजे से दिल्ली के लिए अलग-अलग वाहनों से व ट्रेन से रवाना हुए। वहीं मेरठ में काशीपुर टोल प्लाजा पर टोल फ्री करा दिया गया।
भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता एमएसपी समेत विभिन्न मांगों को लेकर आज दिल्ली के लिए कूच कर रहे हैं। इसके लिए निजी वाहनों और ट्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा है। वेस्ट यूपी के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर रामलीला मैदान पर एकत्र होंगे।
किसानों के दिल्ली कूच के बीच भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने अपने एक्स अकाउंट से पोस्ट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के जनपद गौतम बुद्ध नगर में दिल्ली महापंचायत में आ रहे किसानों को पुलिस प्रशासन गांव में जाकर रोकने का काम कर रहा है, जो भी थाना किसानों को रोकेगा हम वहीं पर पंचायत करेंगे। यह देश का किसान और आम नागरिक है, कोई दूसरे देश का नहीं।
भारतीय किसान यूनियन की किसान मजदूर पंचायत दिल्ली में आज आयोजित की जा रही है। मेरठ में काशी टोल प्लाजा पर एकत्र होकर दिल्ली के लिए भाकियू कार्यकर्ता रवाना हुए। कार्यकर्ता एमएसपी पर गारंटी कानून बनाने की मांग और किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं।
जनपद मेरठ के किसान भाकियू जिलाध्यक्ष डॉ. अनुराग चौधरी के नेतृत्व में सैंकड़ों गाड़ियों, महिंद्रा पिकअप, छोटे हाथी में सवार होकर काशी टोल प्लाजा पर पहुंचे।
इस दौरान युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत भी पहुंच गए। कुछ कार्यकर्ताओं और किसानों के इंतजार के लिए भाकियू कार्यकर्ताओं ने मेरठ एक्सप्रेस वे पर बीचो-बीच पल्ला बिछा लिया। इसके बाद किसानों को लेकर गौरव टिकैत भी बैठ गए। इस दौरान किसानों ने हुक्का सुलगा लिया और हाईवे पर ही अपने वाहन खड़े कर दिए।
कुछ कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा की दिल्ली जाने वाली सभी टोल लाइनों पर से बूम हटा दिए और टोल फ्री करा दिया, जिससे ट्रैफिक अव्यवस्थित हो गया। उसके बाद चौधरी गौरव टिकैत के निर्देश पर जिलाध्यक्ष डॉ.अनुराग चौधरी ने सभी को समझाया और फिर अपने साथ लेकर दिल्ली रामलीला ग्राउंड के लिए रवाना हो गए।
रामलीला मैदान पर संयुक्त मोर्चा की पंचायत में शामिल होने के लिए मुजफ्फरनगर जनपद से किसानों ने कूच किया। जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा के नेतृत्व में किसान रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुपर फास्ट ट्रेन में सवार होकर किसान दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उधर, बायवाला और वाया शामली होते हुए भी जिले के किसान दिल्ली रवाना हुए हैं।
सहारनपुर के भाकियू के राष्ट्रीय सचिव चौधरी विनय कुमार ने बताया कि जनपद से एक हजार कार्यकर्ताओं ने दिल्ली कूच करने की तैयारी की। नानौता और रामपुर मनिहारान विकासखंड के कार्यकर्ता ट्रेन से वाया शामली दिल्ली पहुंचेंगे।
नागल, देवबंद आदि क्षेत्रों के कार्यकर्ता ट्रेन से वाया मेरठ दिल्ली जाएंगे जबकि बडी संख्या में किसान अपने वाहनों से भी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि बिजली अधिनियम को वापस लेने, लखीमपुर खीरी घटना के पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने, किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने सहित मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा दिल्ली में किसान महापंचायत का आयोजन कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा  संदीप मिश्र  शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि मौजूदा...