रविवार, 7 नवंबर 2021

5 रूपये प्रति लीटर की कटौती, घोषणा की

5 रूपये प्रति लीटर की कटौती, घोषणा की
राणा ओबराय      
चंडीगढ़। केंद्र और अन्य पड़ोसी राज्यों का अनुसरण करते हुये पंजाब सरकार ने भी पेट्रोल और डीज़ल पर वैट में क्रमश: दस रूपये और पांच रूपये प्रति लीटर की कटौती करने की आज घोषणा की। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने उनकी अध्यक्षता में यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मीडिया को सम्बोधित करते हुये यह जानकारी दी। ये कीमतें रविवार आधी रात से प्रभावी होंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के फैसले के बाद राज्य सरकार ने जनता को राहत देने का फैसला लिया है। उन्होंने लेकिन साथ ही यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीज़ल से उत्पाद शुल्क में कटौती की है जिसमें 42 प्रतिशत हिस्सा राज्यों का होता है। केंद्र के इस फैसले से राज्यों को राजस्व का ज्यादा नुकसान होगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को उत्पाद शुल्क घटाने के वजाय अधिभार या शुल्क कम करना चाहिये जो उसने समय समय पर बढ़ाया है। उन्होंने दावा किया कि पंजाव में पेट्रोल उत्तर भारत में सबसे सस्ता होगा। इस मौके पर राज्य के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में कमी को सरकार की ओर से राज्य की जनता को दिवाली का तोहफा ही समझा जाना चाहिये।

वानखेड़े के खिलाफ गंभीर आरोप लगाएं
कविता गर्ग     
मुंबई। महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने रविवार को आरोप लगाया कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के मुंबई क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेड़े अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को ”अगवा” करने की साजिश का हिस्सा थे। मलिक ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी के नेता मोहित भारतीय इस साजिश के ”मास्टरमाइंड” थे।
उन्होंने दावा किया कि वानखेड़े ने ओशिवारा में एक कब्रिस्तान में भारतीय से मुलाकात की थी। गौरतलब है कि वानखेड़े द्वारा की गई छापेमारी के बाद आर्यन खान को क्रूज पोत से गिरफ्तार किया गया था और पोत से कथित तौर पर मादक पदार्थ बरामद किया गया था। मलिक ने अनेक बार कहा कि मादक पदार्थ जब्ती का यह मामला ”फर्जी” है और उन्होंने वानखेड़े के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।

कार्यकारिणी की बैठक केसरिया रंग से आच्छादित 
अकांशु उपाध्याय       
नई दिल्ली। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की आज यहां आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक स्थल को केसरिया रंग से आच्छादित किया गया है।
ऐतिहासिक जंतर मंतर के ठीक सामने बने नयी दिल्ली नगर निगम(एनडीएमसी) प्रेक्षागृह के प्रवेश द्वार पर एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दूसरी तरफ पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के पोस्टर आकार के चित्र लगे हैं। इन चित्रों के साथ जनसंघ के संस्थापको श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के चित्र हैं। मुख्य द्वार के ऊपर लिखा है- "राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम।" इसके नीचे लिखा है- "जन सामर्थ्य से देश रच रहा है इतिहास।बैठक स्थल पर कुछ पोस्टर भी लगे हैं जिन पर 100 करोड़ टीकाकरण की उपलब्धि ,प्रधानमंत्री मोदी के स्थानीय सामान खरीदने के आह्वान- 'वोकल पर लोकल' और 'आत्मनिर्भर भारत' के पोस्टर लगे हैं। इन सभी पोस्टरों पर मोदी के चित्र हैं।
कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे को देखते हुए कार्यकारिणी की बैठक में सीमित संख्या में सदस्य आमंत्रित किए गए हैं। बाकी सदस्य बैठक में वर्चुअल शामिल होंगे। बैठक में उपस्थिति पुस्तिका पर हस्ताक्षर की औपचारिकता के लिए डिजिटल हस्ताक्षर की प्रणाली स्थापित की गई है।कोरोना के चलते यह बैठक लंबे अंतराल के बाद हो रही है। बैठक में अन्य प्रस्तावों के अलावा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की तैयारियों को लेकर चर्चा होनी है।

पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर कसा तंज
हरीओम उपाध्याय     
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर तंज कसते हुए कहा है कि सभी राज्य आपके हैं। सभी प्रदेशों में पेट्रोल-डीजल के दाम कम कीजिये।
कांग्रेस ने कहा है कि चुनाव में तमाचा लगने पर जो चीज 50 रूपये बढ़ाई हो, भाजपा उसमें 5 रूपये कम करके कहती है तीन राज्य हमारे हैं। 27 राज्य आपके हैं, सबसे कम कीजिये। हमारे राज्य इस पर बकायदा चर्चा कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि सरकार ढोल पीट रही है कि जीएसटी का रिकॉर्ड कलेक्शन हुआ है, तो हमारी दो मांगे हैं। पहली कोरोना का नाम लेकर बढ़ाई गई तेल वृद्धि को वापस लिया जाये। दूसरा गरीब कल्याण योजना को 31 मार्च 2022 तक चालू रखा जाये।
कृषि कानूनों की वापसी, आक्रोशित किसान
हरिओम उपाध्याय      
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी  सुप्रीमो मायावती ने पेट्रोल डीज़ल की क़ीमतों में कमी को जनता के लिए अधूरी राहत बताते हुए कहा है कि दिवाली का सही तोहफ़ा जनता को तब मिलता अगर केंद्र सरकार किसानों को आंदोलन के लिए मजबूर कर रहे तीनों कृषि क़ानूनों को भी वापस ले लेती।
मायावती ने रविवार को ट्वीट कर कहा, “भाजपा का यह कहना कि 'सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास' आदि को लोग जुमला न मानकर इस पर कैसे विश्वास करें जब देश के किसान 3 कृषि कानूनों की वापसी को लेकर लम्बे समय से तीव्र आन्दोलित एवं आक्रोशित भी हैं।”
उन्होंने इन तीनों क़ानून को वापस लेने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि दिवाली के बाद ही सही, सरकार को इन क़ानूनों को वापस लेना चाहिए। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “केन्द्र सरकार ने तीन साल में पहली बार उत्पाद कर थोड़ा घटाकर लोगों को इस बार दिवाली पर कुछ राहत का तोहफा दिया है। उसी प्रकार दिवाली के बाद ही सही यदि तीनों विवादित कृषि कानूनों को वापस लेकर केन्द्र सरकार देश के किसानों को भी दिवाली का तोहफा दे देती है तो यह बेहतर ही होगा।

आत्महत्या को लेकर भाजपा पर तंज कसा
हरिओम उपाध्याय     
 लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्विटर पर विधान भवन के आगे की आत्महत्या को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए हमला बोला है।
भाजपा सरकार की "डबल इंजन" वाली गाड़ी का किसानों को "कुचलना" है जारी! उन्नाव में भूमि पर कब्जा हो जाने से परेशान किसान को भाजपा सरकार में नहीं मिला न्याय, मजबूरन करना पड़ा लखनऊ में विधानभवन के आगे आत्मदाह का प्रयास, दुखद! उपचार की व्यवस्था कर दोषियों के खिलाफ हो कड़ी कार्रवाई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you, for a message universal express.

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...