रविवार, 23 जुलाई 2023

30 करोड़ से अधिक पौधरोपण का कीर्तिमान: यूपी

30 करोड़ से अधिक पौधरोपण का कीर्तिमान: यूपी

हरिओम उपाध्याय   

लखनऊ। माफिया के प्रति कठोर और बच्चों के लिए नर्म दिल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। दुनियाभर में बढ़ते मरुस्थलीकरण के खतरे, पर्यावरण ह्रास और जैव विविधता को पहुंचाई जा रही क्षति को ध्यान में रखते हुए योगी आदित्यनाथ बीते छह साल से प्रदेश में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान को शीर्ष प्राथमिकता पर रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री की मंशा को ध्यान में रखते हुए शनिवार को प्रदेश में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण महाभियान 2023 चलाया गया।

इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने छाता मथुरा में जबकि, सीएम योगी ने बिजनौर और मुजफ्फरनगर में गंगा किनारे पौधरोपण कर इस महाभियान का शुभारंभ किया। वहीं प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों ने भी विभिन्न जनपदों में पौध लगाए गये। शाम पांच बजे तक प्रदेश में 30,21,51,570 पौधे रोपित किये गये, जबकि सरकार का टारगेट 30 करोड़ 21 लाख से भी ज्यादा है।

मुख्यमंत्री ने बताया पौधरोपण लोकपर्व

वृक्षारोपण महाभियान 2023 को मिली अप्रत्याशित सफलता के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में ‘पौधरोपण’ लोकपर्व बताते हुए कहा कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए उत्तर प्रदेश में आज एक दिन में 30 करोड़ से अधिक पौधरोपण का कीर्तिमान बनाया गया है। “माता भूमिः, पुत्रोऽहं पृथिव्याः” के विचारो से प्रभावित होकर समस्त 18 मंडल सहित 75 जिलो में  उत्साह,उमंग और उल्लास के साथ आम जनता ने भी इस जीवन रक्षक अभियान में अपनी सहभागिता प्रदान किया। देखा जाय तो आज का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को ‘स्वच्छ,समृद्ध और हरित’ परिवेश प्रदान करने में सफल होगा। इस योगदान के लिए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों,स्वयंसेवी संगठनों तथा शासन-प्रशासन सहित प्रदेश के समस्त वासियों को बहुत बहुत धन्यवाद व आभार।

इन मंत्रियों ने यहां किया पौधरोपण

शनिवार को पौधरोपण कार्यक्रम में योगी सरकार के मंत्री अलग-अलग जनपदों में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज व कौशांबी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रायबरेली व बाराबंकी, काबीना मंत्री स्वतंत्र देव सिंह व वन-पर्यावरण मंत्री अरुण सक्सेना बिजनौर व मुजफ्फरनगर, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही अयोध्या व अमेठी, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना लखनऊ व गोरखपुर, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य झांसी व जालौन, वन-पर्यावरण राज्यमंत्री केपी मलिक सहारनपुर में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा अन्य मंत्रियों ने भी विभिन्न जनपदों में पौधरोपण किया।

हरीतिमा अमृत वन ऐप 3.1 पर मिलेगा रियल टाइम अपडेट

शनिवार को हुए वृक्षारोपण महाभियान 2023 के अंतर्गत वन भूमि, रक्षा, रेलवे की भूमि, ग्राम पंचायत एवं सामुदायिक भूमि, एक्सप्रेस वे, सड़क, नहर, रेल पटरी के किनारे। विकास प्रधिकरण, औद्योगिक परिसर, चिकित्सा संस्थान, शिक्षण संस्थान की भूमि, अन्य राजकीय भूमि, कृषकों की निजी भूमि, नागरिकों द्वारा निजी परिसर में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया है। सबसे अहम बात ये कि अभियान को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए योगी सरकार ने एण्ड्रायड आधारित हरीतिमा अमृत वन मोबाइल एप वर्जन 3.1 विकसित किया है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि पिछली सरकारों की तरह पौधरोपण अभियान केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित ना रहे, बल्कि इसको लेकर पूरी पारदर्शिता और पौधों की प्रभावी मॉनीटरिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। यही कारण रहा कि इस साल पौधों की जियो टैगिंग की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। साथ ही वन विभाग ने भी टेक्नोलॉजी का भरपूर उपयोग किया है।

बिहार की उपलब्धियों को बदनाम कर रही भाजपा   

बिहार की उपलब्धियों को बदनाम कर रही भाजपा   

अविनाश श्रीवास्तव  

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल से बिहार जिन उपलब्धियों को पाता है, उसे केंद्र की उपलब्धि बताकर भाजपा अनर्गल प्रलाप करती है। केंद्र की मोदी सरकार और बिहार भाजपा के नेताओं पर यह हमला राज्य के वित्त मंत्री विजय चौधरी ने किया है। उन्होंने रविवार को कहा कि यह बहुत आश्चर्य की बात है पूरे देश में गरीबी रेखा दूर करने में बिहार सबसे अव्वल स्थान पर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता इस पर गर्व महसूस नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि बिहार में गरीबी दूर करने का जो कार्य हुआ है उसमें केंद्र का योगदान है। विजय चौधरी ने पूछा कि भाजपा ने बिहार को कौन सी विशेष योजना दी है जिससे गरीबी दूर हो। बिहार गरीबी दूर करने में सबसे आगे है। बिहार को कौन सा केंद्र ने विशेष योगदान दिया है इसे भाजपा को बताना चाहिए। बिहार को जिन योजनाओं का केंद्र ने आवंटन किया उसे अन्य राज्यों को भी किया गया था। लेकिन नीतीश कुमार के विरोध में अंधे हो चुके हैं भाजपा नेता बिहार सरकार को बदनाम करने में भी परहेज नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नीति आयोग ने जो रिपोर्ट बिहार के विकास की जारी की है उस रिपोर्ट में बिहार सरकार द्वारा किए गए कार्य और उपलब्धि की प्रशंसा है। भाजपा नेताओं का बिहार से परेशानी है। बिहार को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। नीतीश कुमार की सोच के कारण कुशल वित्तीय प्रबंधन के कारण बिहार विकास की ओर बढ़ रहा है। नीतीश कुमार के कुशल वित्तीय प्रबंधन के कारण बिहार से गरीबी दूर हो रही है यह सिर्फ नीतीश कुमार की सोच का नतीजा है।

विजय चौधरी ने कहा, बिहार के लिए गर्व की बात होगी कि भाजपा नेता बिहारी होने के नाते अपनी प्रदेश की प्रशंसा करें। लेकिन, भाजपा नेताओं के ईर्ष्या भाव के कारण बिहार सरकार के प्रशंसा नहीं कर रहे हैं। बिहार के सम्मान के लिए उपलब्धियों की प्रशंसा की जानी चाहिए। बिहार में गरीबी मिटाने का पूरा श्रेय नीतीश कुमार को जाता है। विशेष राज्य का दर्जा बिहार काफी समय से मांग रहा है। बिहार सरकार के पास संसाधन की कमी है, प्राकृतिक संसाधन नहीं है। बिहार सीमित संसाधन के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरफ से विशेष राज्य का दर्जा की मांग हमेशा की जाती रही है। केंद्र हमे हमारा वाजिब हक समय पर नहीं दे रही है। ऐसे में बिहार ने अपने बलबूते राज्य में गरीबी हटाने को लेकर जो उपलब्धि पाई है। उसे केंद्र की पहल बताकर बिहार भाजपा के नेता बिहार को शर्मसार कर रहे हैं।

भूस्खलन में 81 लोग लापता, 27 की मौत 

भूस्खलन में 81 लोग लापता, 27 की मौत 

दुष्यंत टीकम   

रायपुर। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के अधिकारियों ने शनिवार रात कहा कि रविवार सुबह से खोज और बचाव अभियान फिर से शुरू कर दिया गया है। एक अधिकारी के अनुसार, खोज एवं बचाव अभियान फिर से शुरू होने के बाद अब तक कोई शव बरामद नहीं हुआ है।

खराब मौसम ने खोज एवं बचाव अभियान में भूमिका निभाई...

राहत और पुनर्वास विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि नवीनतम आंकड़ों के अनुसार गांव की आबादी 229 थी और वर्तमान में, 98 लोगों को अस्थायी शिविरों में स्थानांतरित कर दिया गया है। NDRF  के डिप्टी कमांडेंट दीपक तिवारी ने कहा कि खराब मौसम के कारण अधिकारियों को बचाव अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

मलबे में दबा शव सड़ने लगा...

जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि मलबे में दबे शव भी सड़ने लगे हैं, अब लोगों के जिंदा निकलने की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस बीच प्रशासन ने भूस्खलन की आशंका वाले 6 गांवों के 147 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।

भूस्खलन में अनाथ हुए बच्चों को गोद लेंगे सीएम शिंदे...

इस घटना में कई बच्चे अनाथ हो गए हैं, उनके सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उन बच्चों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। सीएम एकनाथ शिंदे ने घोषणा की है कि जिन बच्चों ने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया है, उन्हें गोद लिया जाएगा। 2 से 14 साल तक के अनाथ बच्चों की देखभाल श्रीकांत शिंदे फाउंडेशन द्वारा की जाएगी।

बस तालाब में गिरी, 17 की मौत, 35 घायल   

बस तालाब में गिरी, 17 की मौत, 35 घायल   

अखिलेश पांडेय 

ढाका। रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को बांग्लादेश के झालाकाथी सदर उपजिला के छत्रकंडा इलाके में एक बस के तालाब में गिर जाने से तीन बच्चों सहित कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए।

“बशर स्मृति परिबाहन” की बारीशाल जाने वाली बस, जिसमें 52 की क्षमता के मुकाबले 60 से अधिक यात्री सवार थे, सुबह 9:00 बजे के आसपास पिरोजपुर के भंडरिया से निकली और लगभग 10:00 बजे बरिशाल-खुलना राजमार्ग पर छत्रकांडा में सड़क किनारे तालाब में गिर गई। बांग्लादेश में बड़ा हादसा 17 लोगों की मौत, 35 से अधिक लोग घायल।

हादसे में जीवित बचे मोहम्मद मोमिन ने कहा, “मैं भंडरिया से बस में चढ़ा। बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। उनमें से कुछ यात्री खड़े थे। मैंने ड्राइवर को सुपरवाइजर से बात करते देखा। अचानक बस सड़क से उतर गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

मोमिन ने कहा, “सभी यात्री बस के अंदर फंस गए। क्षमता से अधिक यात्री होने के कारण बस तुरंत डूब गई। मैं किसी तरह बस से बाहर निकलने में कामयाब रहा।”

द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, बरिशाल डिविजनल कमिश्नर एमडी शौकत अली ने पुष्टि की कि सभी 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और बाकी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि ज्यादातर पीड़ित पिरोजपुर के भंडरिया उपजिला और झलकाठी के राजापुर इलाके के निवासी हैं।

थाने में नाबालिग को हवस का शिकार बनाया  

थाने में नाबालिग को हवस का शिकार बनाया  

राजेश ओबरॉय   

कुरुक्षेत्र। हरियाणा में खाकी फिर दागदार हुई है। यहां एक पुलिसकर्मी ने थाने के अंदर ही नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बनाया है। मामला कुरूक्षेत्र जिले के बाबैन थाना से है जहां मुख्य सिपाही ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है।

ये हैं पूरा मामला

बता दें कि नाबालिग किशोरी करीब एक माह पहले घर से बिना बताए किसी महिला के साथ चली गई थी लेकिन चार दिन पहले ही वह वापस लौटी थी। इस संबंध में थाना बाबैन में किशोरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी। जिसमें किशोरी के बयान कराने के लिए उसे स्वजन थाने में लेकर गए थे।

थाने में तैनात पुलिस कर्मी श्याम लाल ने स्वजनों को शपथ पत्र बनवाने के लिए भेज दिया और किशोरी के बयान दर्ज करने के लिए कमरे में ले गया। यहां महिला मित्र कक्ष में इस पुलिसकर्मी ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की शर्मनाक करतूत को अंजाम दिया।

नाबालिग लड़की ने घर जाकर परिजनों को आपबीती सुनाई तो परिजन उसे एलएनजेपी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल से पुलिस थाने में दुष्कर्म की सूचना भेजी गई तो शुरुआत में पुलिसकर्मियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। लेकिन सुबह परिजनों द्वारा आरोपी पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा किया गया। तब जाकर आरोपी पुलिसकर्मी श्याम लाल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

भारत गौरव, 123 देशों में अंशिका का चयन

भारत गौरव, 123 देशों में अंशिका का चयन

सुनील श्रीवास्तव   

सिंगापुर। बलिया शहर के गोपाल बिहार कालोनी निवासी कक्षा नौवीं की छात्रा अंशिका पाठक ने सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में "युवाओं के लिए भविष्य की शिक्षा" विषय पर व्याख्यान व शोध पत्र प्रस्तुत कर न सिर्फ बलिया, बल्कि भारत का मान बढ़ाया  है। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में व्याख्यान के साथ शोध पत्र प्रस्तुत करने वालीं अंशिका गाजियाबाद स्थित उत्तम स्कूल फॉर गर्ल्स में कक्षा 9 की छात्रा है।

नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर की ओर से सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में 123 देशों के कक्षा 9 से 12वीं तक के बच्चों ने व्याख्यान व शोध पत्र प्रस्तुत किया। व्याख्यान के लिए पूरे देश से ऑनलाइन इंटरव्यू के बाद अंशिका का चयन हुआ। चयनित होने से खुश कुशाग्र बुद्धि की छात्रा अंशिका ने शिक्षकों के निर्देशन में दिन-रात मेहनत कर सिंगापुर में अपनी प्रतिभा को व्याख्यान के रूप में प्रस्तुत किया। अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में अंशिका के व्याख्यान की खूब सराहना मिली। 

भविष्य की योजना के बारे में पूछने पर बताया कि वह अपने शोध को आगे बढ़ाएंगी। राजस्थान के चुरू स्थित ओपीजेएस यूनिवर्सिटी (OPJS UNIVERSITY) के कुलपति डा. राजेश पाठक की पुत्री अंशिका की मां श्वेता पाठक गृहणी हैं। शुरू से ही मेधावी छात्रा अंशिका ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के साथ ही स्कूल को दिया। बोली, सभी ने भरपूर सहयोग और सपोर्ट दिया। नन्हीं अंशिका की उड़ान पर डा. कृपाशंकर तिवारी, जवाहर पाण्डेय, डब्लू पाठक, रमारंजन उपाध्याय, आंनद  तिवारी, शंशाक तिवारी, नीरज, दीपक आदि ने बधाई दी है।

अक्षय पात्र प्रतिष्ठान की 67वीं रसोई का उद्घाटन

अक्षय पात्र प्रतिष्ठान की 67वीं रसोई का उद्घाटन

सत्येंद्र पवार  

बरसाना। सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अक्षय पात्र प्रतिष्ठान की 67वीं रसोई का रविवार को यहां उद्घाटन किया, जिसके माध्यम से क्षेत्र के 96 विद्यालयों में 7500 से ज्यादा बच्चों को दिन का पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मथुरा से लोकसभा सांसद ने बरसाना के आजनोख में इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अक्षय पात्र भारत में 67 से ज्यादा रसोई का संचालन कर रहा है।

उन्होंने अक्षय पात्र को महाभारत काल की द्रोपदी की कथा से जोड़ते हुए कहा कि भगवान कृष्ण ने जिस तरह द्रोपदी के अक्षय पात्र में सबके लिए भोजन उपलब्ध कराया था उसी अवधारणा पर श्रीकृष्ण और राधा रानी की लीला भूमि में इस अक्षय पात्र से हज़ारों बच्चों को हर दिन भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अच्छा भोजन और पौष्टिक भोजन बच्चों को उपलब्ध हो, अक्षय पात्र यह सुनिश्चित करता है और इसी सोच के साथ अक्षय पात्र मथुरा जिले 2100 स्कूलों में भोजन उपलब्ध करा रहा है। अक्षय पात्र फाउंडेशन के वॉइस चेयरमैन चंचलापति दास ने कहा कि इस रसोई के माध्यम से आसपास के 48 गांव के साढ़े सात हज़ार बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

उनका कहना था यह रसोई पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित की जा रही सामूहिक रसोई है। महिलाओं को इसका संचालन देने की अवधारणा बताते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह एक मां प्यार से अपने बच्चों के लिए भोजन बनाती हैं उसी प्रेम भाव से इस रसोई में काम करने वाली महिलाओं का स्नेह सभी बच्चों को हर दिन मिले।

स्थानीय संचालक अनंत वीर्यदास ने कहा की रसोई में स्थानीय जैविक सब्जियों का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने आसपास के लोगों से बच्चों के लिए गाय का शुद्ध दूध उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया है।

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा  संदीप मिश्र  शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि मौजूदा...