बुधवार, 3 अगस्त 2022

राष्ट्रपति भवन में मांसाहारी भोज या पेय पर प्रतिबंध 

राष्ट्रपति भवन में मांसाहारी भोज या पेय पर प्रतिबंध 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। सोशल मीडिया की रफ्तार इन दिनों इतनी तेज है कि हम कुछ भी बिना सोचे बातों को सही मानकर उसे आगे फॉरवर्ड कर देते हैं। ऐसा ही एक दावा सोशल मीडिया पर किया जा रहा है, जिसमें ये कहा जा रहा है कि राष्ट्रपति भवन में अब किसी भी प्रकार के मांसाहारी भोज या पेय पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अब सरकार ने उस पोस्ट के दावे का खंडन किया है जिसमें कहा जा रहा है कि राष्ट्रपति भवन में हर प्रकार के मांसाहारी भोज या पेय पदार्थ पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

इसमें यह भी दावा किया गया कि राष्ट्रपति रोजाना ब्रह्म मुहूर्त में आरती करेंगी। पीआईबी फैक्ट चेक ने ट्वीट किया, ऐसा कोई बदलाव नहीं किया गया। बता दें, कि सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुद्ध शाकाहारी हैं, इसलिए राष्ट्रपति भवन में मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध रहेगा। सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सुबह 4 बजे आरती करेंगी।

आरक्षित श्रेणी के खाली पदों को भरेगी, सरकार 

आरक्षित श्रेणी के खाली पदों को भरेगी, सरकार 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को कहा कि सरकार उच्च शिक्षण संस्थानों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़े वर्गों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षित श्रेणी के खाली पदों को विशेष अभियान चलाकर भरेगी। ‘केंद्रीय विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक, 2022’ पर लोकसभा में चर्चा का जवाब देते हुए प्रधान ने यह भी कहा कि इस विषय पर भी बहस होनी चाहिए कि किस सरकार के समय इन श्रेणियों में कितनी भर्तियां हुई हैं। विधेयक पर चर्चा में भाग लेते हुए कुछ सदस्यों ने केंद्रीय विश्वविद्यालयों समेत उच्च शिक्षण संस्थानों में आरक्षित श्रेणी के पद खाली होने का उल्लेख किया था।

प्रधान ने कहा, ‘‘कई विश्वविद्यालयों में एसी, एसटी, ओबीसी, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के आरक्षित श्रेणी के पद खाली होने की बात की गई है…यह विषय 2014 के पहले का विषय है। इस बारे में सोचना होगा। यह बहस होनी चाहिए कि किस सरकार के समय आरक्षण की श्रेणी में कितनी भर्तियां की गईं।’’ उनका कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार में पहली बार यह कानून लाया गया कि उच्च शिक्षण संस्थानों में रोस्टर में जो पद हैं, उन्हें व्यवस्था के अनुसार भरना होगा। प्रधान ने कहा, ‘‘‘मोदी सरकार मिशन मोड पर इन पदों (आरक्षित श्रेणी के) को भरने का काम कर रही है…सांसदों की चिंता वाजिब है।हम विशेष अभियान चलाकर इन पदों को भरने वाले हैं।’’ उन्होंने एक-डेढ़ साल में इस रिक्तियों को भरने की उम्मीद जतायी। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग ऐसा मानते हैं कि बुद्धि किसी एक विशेष वर्ग की होती है।

अगर ऐसा होता तो एपीजे अब्दुल कलाम जी राष्ट्रपति नहीं बनते, नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं होते और द्रौपदी मुर्मू जी देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति नहीं होतीं।’’ मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जिन्होंने गरीबी हटाओ का नारा देकर दशकों तक राज किया, वो आज कहां हैं। उन्होंने आज सदन का बहिष्कार किया है, जनता उनका लंबे समय तक बहिष्कार करने वाली है।’’ बसपा सांसद संगीता आजाद ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रोफेसरों के एससी, एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षित पदों को भरा नहीं जा रहा है। उन्होंने सरकार से इस ओर ध्यान देने की मांग की थी। गौरतलब है कि संसद के मानसून सत्र के दौरान 18 जुलाई 2022 को लोकसभा में राजीव प्रताप रूडी के प्रश्न के लिखित उत्तर में शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार द्वारा रखे गए ब्यौरे के अनुसार, देश में केंद्रीय विश्वविद्यालयों में एक अप्रैल 2022 की स्थिति के अनुसार शिक्षक संकाय के 6,549 पद रिक्त हैं जिनमें से अनुसूचित जाति श्रेणी में 988 पद, अनुसूचित जनजाति श्रेणी में 576 पद और अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी में 1,761 पद रिक्त हैं। शिक्षा राज्य मंत्री ने बताया था कि 4,807 पदों को भरने के लिये विज्ञापन दिया गया है और चयन प्रक्रिया चल रही है।

उप-राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार अल्वा का समर्थन: आप

उप-राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार अल्वा का समर्थन: आप 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) संयुक्त विपक्ष की उप-राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा का समर्थन करेगी। 6 अगस्त को होने वाले उप-राष्ट्रपति चुनाव को लेकर आप ने इसका ऐलान कर दिया है।आम आदमी पार्टी की PAC बैठक हुई। PAC बैठक के लिए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, दुर्गेश पाठक, आतिशी, राघव चड्ढा, एनडी गुप्ता, इमरान हुसैन, रखी, संजय सिंह, गोपाल राय सीएम आवास पहुंचे। बता दें, कि ये बैठक आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में पार्टी ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को समर्थन देने का फैसला किया है।

बैठक के बाद आप सांसद संजय सिंह ने पत्रकारों को बताया कि हम उपराष्ट्रपति के चुनाव में मार्गरेट अल्वा का समर्थन करेंगे जो विपक्ष की उम्मीदवार हैं। बैठक में उनकी उम्मीदवारी पर चर्चा हुई उसके बाद निर्णय लिया कि हमारी पार्टी उन्हीं का समर्थन करेंगी। मार्गरेट अल्वा मूल रूप से बेंगलुरू की रहने वाली हैं। उनका जन्म 14 अप्रैल 1942 को हुआ था। अल्वा 80 साल की हैं। मार्गरेट अल्वा सियासी तौर पर कांग्रेस से ताल्लुक रखने वाली हैं। अल्वा कई राज्यों की राज्यपाल भी रह चुकी हैं। मार्गरेट इससे पहले कैबिनेट मंत्री भी रह चुकी हैं।

गांधी ने दो ट्वीट करते हुए सरकार पर निशाना साधा

गांधी ने दो ट्वीट करते हुए सरकार पर निशाना साधा

अकांशु उपाध्याय/संदीप मिश्र 

नई दिल्ली/पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी ने एक-एक कर दो ट्वीट करते हुए सरकार पर निशाना साधा है। एक ट्वीट रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर आम आदमी की पीड़ा को बयां करता दिखा। वहीं, दूसरे में राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी के एक बयान का पलटवार रहा। वरुण गांधी ने ट्वीट किया कि पिछले पांच सालों में 4.13 करोड़ लोग एलपीजी की सिंगल रीफिल का खर्च नहीं उठा सके। 7.67 करोड़ ने इसे केवल एक बार रीफिल किया। घरेलू गैस की बढ़ती कीमतें और नगण्य सब्सिडी के साथ गरीबों के उज्जवला के चूल्हे बुझ रहे हैं। स्वच्छ ईधन, बेहतर जीवन देने के वादे क्या ऐसे पूरे होंगे।

इसी के कुछ देर बाद एक और ट्वीट किया। लिखा कि श्री सुशील मोदी ने सदन में मुफ्तखोरी की संस्कृति खत्म करने पर चर्चा का प्रस्ताव रखा है। पर जनता को मिलने वाली राहत पर उंगली उठाने से पहले हमें अपने गिरवां में जरूर झांक लेना चाहिए। क्यूं न चर्चा की शुरुआत सांसदों को मिलने वाली पेंशन समेत अन्य सभी सुविधाएं खत्म करने से हो?

नकली प्रोटीन फैक्ट्री का संचालन, 3 आरोपी गिरफ्तार 

नकली प्रोटीन फैक्ट्री का संचालन, 3 आरोपी गिरफ्तार 

सत्येंद्र पंवार 

मेरठ। शरीर सौष्ठव के लिए जिम करने में लगे युवाओं के शौक का फायदा उठाते हुए जान के दुश्मनों ने नकली प्रोटीन बनाने की फैक्ट्री का संचालन कर तैयार किये माल की बाजार में बिक्री शुरू कर दी। क्राइम ब्रांच की दो टीमों ने नकली प्रोटीन फैक्ट्री के संचालन की जानकारी के बाद छापामार कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करते हुए जहां पर माल को बेचा गया है, उसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। बुधवार को एसपी क्राइम अनित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया है कि पुलिस को महानगर के भीतर नकली प्रोटीन फैक्ट्री का संचालन किए जाने की जानकारी मिल रही थी। पुलिस द्वारा क्राइम ब्रांच की दो टीमें बनाकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए भेजी गई। महानगर के शाहपीर और खैर नगर में की गई छापामार कार्यवाही में शोएब पुत्र सईद, बिलाल पुत्र सलीम तथा दाऊद सैफी पुत्र सलीम अहमद निवासी शाह पीर गेट कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए तीनों आरोपी शाहपीर गेट इलाके में नकली प्रोटीन बनाने की फैक्ट्री लगाकर सेहत बनाने के प्रोटीन की नामी-गिरामी कंपनियों के ब्रांड की नकली दवाइयां इंजेक्शन एवं प्रोटीन तैयार करने के बाद खैर नगर में बेच रहे थे। क्राइम ब्रांच की टीम ने फैक्ट्री के भीतर से बरामद हुए माल को कब्जे में लेकर देहली गेट थाने में जमा करा दिया है। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान यह बात उजागर की है कि वह पिछले काफी समय से महानगर के अलावा आसपास के कई जनपदों में फैक्ट्री में तैयार नकली प्रोटीन, दवाइयां एवं इंजेक्शन की आपूर्ति कर रहे थे। नकली दवाइयां और इंजेक्शन मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर पीयूष शर्मा को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने बरामद हुई सभी दवाइयों एवं इंजेक्शन के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

उत्तराखंड: सीएम धामी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया 

उत्तराखंड: सीएम धामी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया 

पंकज कपूर 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सर्वे चौक स्थित आई.आर.डी.टी सभागार में सुशासन, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड के सबंध में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विजिलेंस का दो करोड़ रूपये का रिवॉल्विंग फण्ड बनाया जायेगा। राज्य में विजिलेंस को सशक्त बनाया जायेगा, इसके ढ़ाचे एवं अन्य सुविधाओं को बढ़ाया जायेगा। विजिलेंस में सराहनीय कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 04 विसलब्लोवर को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त देवभूमि का संकल्प लिया है। 2025 तक उत्तराखण्ड को भ्रष्टाचार मुक्त एवं नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड के लिए सभी विभागों को विजिलेंस के साथ समन्वय से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में विजिलेंस को और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि जो ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं, उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड के लिए 1064 एप लॉच होने के बाद से इस एप पर अभी तक 5 हजार से अधिक शिकायतें आ चुकी हैं। जो शिकायतें भ्रष्टाचार से संबंधित हैं, उन पर सतर्कता विभाग द्वारा लगातार कारवाई की जा रही, जो सराहनीय कार्य है। जो शिकायतें भ्रष्टाचार से संबंधित नहीं हैं, लेकिन 1064 पर प्राप्त हो रही हैं, उन्हें सीएम हेल्पलाईन से जोड़ा गया है, ताकि जन समस्याओं का तेजी से समाधान हो सके। इस दिशा में भी सतर्कता विभाग द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के भाव से कार्य कर रही है। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, निदेशक सतर्कता अमित सिन्हा, शासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सीएम ने 700 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनी 

सीएम ने 700 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनी 

संदीप मिश्र 

गोरखपुर। समस्या का निस्तारण तो हो ही, उसे लेकर लोगों की संतुष्टि का भी ख्याल रखा जाए। जिस समस्या निस्तारण से व्यक्ति संतुष्ट नहीं होगा, उसका कोई मतलब नहीं। बुधवार को गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम और यात्री निवास में जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अफसरों को यह नसीहत देते रहे। साथ ही इसे लेकर भी नाराजगी जताते रहे कि जनता दर्शन में आने वाले लोेगों की बड़ी संख्या यह बता रही है कि थाने और तहसील स्तर पर उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो रहा।


एक हजार लोग अपनी समस्या लेकर आए...

बुधवार को अपनी समस्या कहने के लिए 1,000 से अधिक लोग गोरखनाथ मंदिर पहुंचे हुए थे। इनमें से 700 से अधिक लोगों की समस्याएं मुख्यमंत्री ने उनके पास जाकर खुद सुनी और निस्तारण का आश्वासन दिया। 300 से अधिक लोगों की समस्या मुख्यमंत्री के निर्देश पर अधिकारियों ने सुनी।

मुख्यमंत्री गोरखपुर में हैं, यह जानकारी मिलने के बाद बुधवार को तड़के से ही अपनी समस्या कहने के लिए दूर-दराज से लोग मंदिर परिसर में पहुंचने लगे। लोगों की संख्या ज्यादा होने के चलते के चलते बैठने का इंतजाम तीन स्थान पर किया गया था। पहले लोग हिदू सेवाश्रम में बैठाए गए और उसके बाद यात्री निवास में। जब यह दोनों स्थान भर गए तो परिसर में लगे टेंट में 200 से अधिक लोगों को बैठाया गया था।

नियमित दिनचर्या के बाद जब मुख्यमंत्री जनता दर्शन करने पहुंचे तो लोेगों के चेहरे पर मुस्कान दौड़ गई। मुख्यमंत्री ने जनता का मान रखा, बारी-बारी से सभी के पास जाकर उनका समस्या-पत्र लिया और साथ ही सबकी बात सुनी। इस दौरान वह समस्या-पत्र अधिकारियों को देते रहे और उसके निस्तारण के लिए उन्हें निर्देशित करते रहे। एक बार फिर जनता दर्शन में महिलाओं की संख्या ज्यादा रही। साथ ही समस्या को लेकर पुलिस और प्रशासन की लापरवाही और अनदेखी के मामले ज्यादा आए।


बच्चों को दुलारा, चाकलेट भी दी...

मुख्यमंत्री का बाल प्रेम जनता दर्शन में एक बार फिर देखने को मिला। समस्या लेकर आई महिलाओं के गोद में जब योगी ने छोटे-छोटे बच्चों को देखा तो उन्हें दुलराने लगे। बच्चों से बातचीत कर उन्होंने आशीर्वाद दिया। बच्चों को जब उन्होंने चाकलेट दी, तो उनके चेहरे खिल उठे। बच्चों से उन्होंने पूछा कि पढ़ने जाते हो न ?

जनता दर्शन के बाद मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री योगी जब मंदिर कार्यालय के बगल वाले लाल कक्ष में पहुंचे तो वहां भी करीब 150 लोग उनसे मिलने का इंतजार कर रहे थे। वहां आए व्यक्तियों को भी उन्होंने निराश नहीं किया। बारी-बारी से सबसे मुलाकात की। कुछ लोग आशीर्वाद लेने तो कुछ अपनी समस्या के निस्तारण को खड़े थे।


इलाज के मामलों पर रहा मुख्यमंत्री का जोर...

जनता दर्शन में कई मामले धन के अभाव में इलाज न हो पाने के भी आए थे। मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों को पूरी गंभीरता से लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह ऐसे सभी मामलों की कागजी औपचारिकता पूरी कराके तत्काल फाइल लखनऊ भेजें, जिससे समय से धन आवंटित कर जरूरतमंदों का इलाज सुनिश्चित हो सके।

बुधवार की सुबह मुख्यमंत्री अपने आवास से निकलने के बाद हमेशा की तरह सबसे पहले बाबा गोरखनाथ के दरबार में दर्शन-पूजन को पहुंचे। बाबा की पूजा के बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर जाकर माथा टेका। मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए वह गोशाला गए और करीब आधे घंटे तक गोसेवा की। नियमित दिनचर्या के क्रम में उन्होंने अपने श्वान कालू और गुल्लू के साथ भी कुछ देर गुजारा।

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...