शुक्रवार, 11 मार्च 2022

पेट्रोल-डीजल के भाव बढ़ा सकती है कंपनियां

पेट्रोल-डीजल के भाव बढ़ा सकती है कंपनियां

अकांशु उपाध्याय     

नई दिल्ली। बीते कई दिनों से यह सुगबुगाहट चल रही थी कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद देश की तेल कंपनियां जल्द ही पेट्रोल-डीजल के भाव बढ़ा सकती है। लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार से कुछ अच्छे संकेत मिलने के बाद शायद यह भी संभव है कि आने वाले दिनों में आशंकाओं के विपरीत देश में पेट्रोल-डीजल के दाम और सस्ते हो जाए। रूसऔर यूक्रेन के बीच जारी घमासान युद्ध के बीच बीते कुछ दिनों में ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव आसमान छू रहा था और रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था। भयावह युद्ध के बीच यह भी आशंकाएं जताई जा रही थी कि क्रूड ऑयल का भाव 300 डॉलर के पार जा सकता है। 

लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने जैसे ही झुकने के संकेत दिए तो रूस ने भी हमले कम कर दिए। इसका असर क्रूड ऑयल मार्केट पर भी दिखा और दो दिन में ही क्रूड ऑयल $139 प्रति बैरल से फिसलकर रिकॉर्ड गिरावट के साथ $108.7 पर आ पहुंचा है। अब यदि आने वाले कुछ दिनों में क्रूड ऑयल की कीमत 100 डॉलर के नीचे आ जाती है तो देश में पेट्रोल-डीजल का भाव कुछ कम हो सकता है। देश की सबसे बड़ी रिफाइनरी चलाने वाली कंपनी बीपीसीएल के चेयरमैन और एमडी अरुण कुमार सिंह का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के ट्रेंड को देखा जाए तो पेट्रोल और डीजल का रेट अब बढ़ने की जगह घटने वाला है। दो दिन से कच्चे तेल का भाव बहुत तेजी से गिरा है। सिर्फ एक दिन में तेल कीमतों में रिकॉर्ड गिरावट देखने को मिली है। अरुण कुमार सिंह का कहना है कि आने वाले दिनों में यदि कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर के भी नीचे आ जाती है तो पेट्रोल डीजल की कीमत 2 से 3 रुपए कम हो सकती है।

वश्विक स्तर पर बढ़ते क्रूड आयल रेट के चलते UAE ने अब कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाने का तैयार हो गया है। बाजार में जैसे ही यह खबर आई तो ब्रेंट क्रूड फ्यूचर का रेट एक दिन में ही करीब 16.84 डॉलर (13.2 फीसदी) फिसलकर $111.14 प्रति बैरल पर आकर बंद हो गया। 21 अप्रैल 2020 के बाद ये एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली है। US क्रूड फ्यूचर भी 15.44 डॉलर (12.5 फीसदी) गिरावट के बाद 108.70 डॉलर के स्तर पर बंद हुआ। ये नवंबर 2021 के बाद से सबसे बड़ी एक दिन की गिरावट रही आपको बता दे कि संयुक्त अरब अमीरात तेल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक का प्रमुख सदस्य है। यूएई ने कहा है कि वैश्विक तेल संकट की स्थिति से बचने के लिए हम कच्चे तेल के उत्पादन बढ़ाने के पक्ष में हैं। आओपीईएसई को कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाने के लिए दूसरे देशों से भी कहना होगा। युद्ध के हालत में रूस पर कई प्रतिबंध लगाए गए हैं और ऐसे में यदि तेल उत्पादन बढ़ता है तो रूस के प्रतिबंधों का असर दुनिया पर बहुत कम होगा।

युविका, विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

युविका, विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया



इकबाल अंसारी 

बेंगलुरू। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) स्कूली बच्चों के लिए एक विशेष कार्यक्रम ‘युवा विज्ञान कार्यक्रम’ (युविका) का आयोजन कर रहा है। इस कार्यक्रम में युवा छात्रों, खासकर ग्रामीण क्षेत्र से नाता रखने वालों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष विज्ञान तथा अंतरिक्ष अनुप्रयोगों पर बुनियादी ज्ञान प्रदान किया जाएगा। अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के बीच विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उभरते रुझानों के बारे में जागरूकता पैदा करना है, जो हमारे देश के भविष्य का अभिन्न हिस्सा हैं।

इसरो ने कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य देश भर में 150 छात्रों का चयन करना है, जो एक मार्च, 2022 को कक्षा 12वीं में पढ़ रहे हों। इसरो ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिक छात्रों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) आधारित करियर तथा शोध कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने की भी उम्मीद है। ‘युविका-2022’ आवासीय कार्यक्रम 16 मई से 28 मई तक दो सप्ताह तक चलेगा।

यूक्रेन में मिग लड़ाकू विमान भेजने की अनुमति, मांग

यूक्रेन में मिग लड़ाकू विमान भेजने की अनुमति, मांग   

अखिलेश पांडेय   

वाशिंगटन डीसी। अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी के कई सांसदों ने बाइडन प्रशासन पर अपना रुख बदलने का दबाव बनाते हुए उससे यूक्रेन में रूसी हमलों से निपटने के लिए पोलैंड के मिग लड़ाकू विमान भेजने की अनुमति देने की मांग की है। रिपब्लिकन पार्टी के 40 सांसदों ने अयोवा से सांसद जोनी अर्न्स्ट और ऊटा से सांसद मिट रोमनी द्वारा तैयार एक पत्र पर दस्तखत किए हैं। इस पत्र में राष्ट्रपति जो बाइडेन से यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की उस अपील का जवाब देने की मांग की गई है, जिसमें उन्होंने बीते सप्ताहांत अमेरिकी सांसदों से कहा था कि अगर अमेरिका देश के हवाई क्षेत्र को ‘उड़ान निषेध क्षेत्र’ घोषित नहीं कर सकता है तो कम से कम वह रूसी हमलों से निपटने के लिए कीव को अतिरिक्त लड़ाकू विमान तो भेज ही सकता है। संसद भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में रोमनी ने कहा, “बातचीत बहुत हो चुकी। लोग मर रहे हैं।उन्हें जरूरी लड़ाकू विमान भेजें।” मेन से रिपब्लिकन सांसद सुजैन कॉलिंस ने कहा, “विनाश देखना दर्दनाक है, खासतौर पर प्रसूती अस्पताल पर रूसी हमले जैसी घटनाओं को। 

यूक्रेन को जरूरी लड़ाकू विमान उपलब्ध न कराना अस्वीकार्य है।” बाइडन प्रशासन से जुड़े सूत्रों के अनुसार अमेरिकी ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ मार्क मिले रिपब्लिकन सांसदों की मांग पर ध्यान देने की कवायद में जुट गए हैं। बाइडन प्रशासन ने शुरुआत में संकेत दिए थे कि नाटो सहयोगी पोलैंड में मौजूद सोवियत युग के लड़ाकू विमानों को रूसी आक्रमण से निपटने में हवाई मदद मुहैया कराने के लिए यूक्रेन स्थानांतरित किया जा सकता है,लेकिन बुधवार को पेंटागन ने पोलैंड की इससे जुड़ी पेशकश को नामंजूर का दिया था।

केरल: वित्तमंत्री ने 2022-23 के लिए बजट पेश किया

केरल: वित्तमंत्री ने 2022-23 के लिए बजट पेश किया 

इकबाल अंसारी        

तिरुवनंतपुरम। केरल के वित्तमंत्री के एन बालगोपाल ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए शुक्रवार को विधानसभा में बजट पेश किया और इसमें एक नया आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) पार्क, चार आईटी कॉरिडोर और 20 सैटेलाइट आईटी केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। वित्त मंत्री ने कहा कि नया आईटी पार्क कन्नूर जिले में बनाया जाएगा और वहां अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा होने से उम्मीद है इस क्षेत्र की वृद्धि में मदद मिलेगी। बालगोपाल ने बताया कि प्रस्तावित आईटी कॉरिडोर राष्ट्रीय राजमार्ग-66 के समांतर बनाए जाएंगे। 

उन्होंने कहा कि आईटी पार्कों के विस्तार के लिए केरल अवसंरचना निवेश बोर्ड के जरिए कुल 100 करोड़ रुपये अलग रखे गए हैं वहीं भूमि अधिग्रहण की खातिर 1,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कोविड-19 महामारी और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण पेट्रोलियम उत्पादों के दाम बढ़ने और उससे अन्य वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के नियमन के लिए पिनराई विजयन की सरकार ने बजट में 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

पीएम ने अहमदाबाद हवाई अड्डे से रोड शो शुरू किया

पीएम ने अहमदाबाद हवाई अड्डे से रोड शो शुरू किया 

अकांशु उपाध्याय     

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, मणिपुर, उत्तराखंड और गोवा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के एक दिन बाद शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में अहमदाबाद हवाई अड्डे से रोड शो शुरू किया। फूलों की मालाओं से सजी खुली जीप में सवार मोदी ने रोड शो के दौरान सड़क किनारे जमा हुए सैकड़ों समर्थकों और प्रशंसकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। 

यह काफिला हवाई अड्डे से शुरू हुआ है और गांधीनगर में भाजपा के राज्य मुख्यालय ‘कमलम’ तक जाएगा। राज्य में भाजपा के एक नेता ने बताया कि प्रधानमंत्री आज दिन में पंचायत निकायों के एक लाख से अधिक निर्वाचित प्रतिनिधियों की एक रैली को भी संबोधित करने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के एक दिन बाद मोदी अपने गृह राज्य का दौरा कर रहे हैं। गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होंगे।

केजरीवाल से मुलाकात के लिए दिल्ली जाएंगे भगवंत

केजरीवाल से मुलाकात के लिए दिल्ली जाएंगे भगवंत 

अमित शर्मा      

चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार रहे भगवंत मान शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करने के लिए दिल्ली जाएंगे। पंजाब में कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) – बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन को पछाड़ते हुए पार्टी के शीर्ष में आने के बाद मान और केजरीवाल की मुलाकात होने वाली है। राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होने से पहले संगरूर में मान ने पत्रकारों से कहा कि वह केजरीवाल से मिलने जा रहे हैं और पंजाब चुनाव में पार्टी की शानदार जीत पर उन्हें बधाई देंगे। सरकार गठन के सवाल पर मान ने कहा, ”मैं कल (पंजाब) राज्यपाल से मिलूंगा। हम आज उनसे समय मांगेंगे।” मान ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह नवांशहर जिले के महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में होगा।

पार्टी की शानदार चुनावी जीत पर मान ने कहा कि लोगों ने अभिमानी लोगों को हराया और उन्होंने आम लोगों को विजयी बनाया।” मान ने धूरी सीट से 58,206 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की। आम आदमी पार्टी ने 117 सीटों में से 92 पर जीत हासिल की। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, प्रकाश सिंह बादल और अमरिंदर सिंह सहित कई दिग्गज आप उम्मीदवारों से हार गए।

भारत: 24 घंटे में कोरोना के 4,194 नए मामलें

भारत: 24 घंटे में कोरोना के 4,194 नए मामलें 

अकांशु उपाध्याय      

नई दिल्ली। देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,194 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,29,84,261 हो गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 42,219 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, महामारी से 255 और मरीजों के जान गंवाने के बाद मृतकों की कुल संख्या 5,15,714 हो गई गयी है। उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.10 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर सुधरकर 98.70 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2,269 मामलों की कमी दर्ज की गयी है। संक्रमण की दैनिक दर 0.52 प्रतिशत दर्ज की गयी जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.55 प्रतिशत दर्ज की गयी। इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,24,26,328 हो गयी है और मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत दर्ज की गयी। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 179.72 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी है।

उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे।

देश में जीवित लौटना, किसी चमत्कार जैसा: छात्र

देश में जीवित लौटना, किसी चमत्कार जैसा: छात्र   

अकांशु उपाध्याय      
नई दिल्ली। उत्तरपूर्वी यूक्रेन में संकटग्रस्त सूमी शहर में फंसे भारतीय छात्रों ने कहा कि युद्ध से बच निकलना उनके लिए एक ‘चमत्कार’ की तरह है और शुक्रवार की सुबह आखिरकार वे दिल्ली पहुंचे। जिसके बाद उन्हें राहत महसूस हुई। सूमी स्टेट यूनिवर्सिटी में छठे वर्ष के मेडिकल छात्र धीरज कुमार ने कहा कि वह यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर अपने माता-पिता को देखकर खुश हैं।
कुमार ने कहा कि हम सूमी में अप्रत्याशित चुनौतियों से गुजरे हैं। 13 दिनों तक युद्ध की विभीषिका को देखना और उससे बचे रहना एक भयानक अनुभव था। मेरे लिए, अपने देश में जीवित लौटना किसी चमत्कार जैसा लगता है। आईजीआई हवाई अड्डे पर पहुंचने पर कुमार ने अपने माता-पिता के पैर छुए, जो अपने बेटे को लेने के लिए हिमाचल प्रदेश के चंबा से आए थे। कुमार ने भारत सरकार और यूक्रेन और पोलैंड में दूतावासों को उनकी निकासी और भारत में सुरक्षित वापसी में मदद करने के लिए सबका आभार जताया।
कुमार ने कहा कि हमारी सरकार ने हमारा बहुत सहयोग किया। उन्होंने हमें वापस लाने के लिए सब कुछ किया। मुझे यहां वापस आकर राहत मिली है। पूर्वी यूरोपीय देश के सूमी शहर में युद्ध के माहौल में दो सप्ताह तक रहने के बाद परिवहन के कई साधनों का उपयोग कर यूक्रेन में सैकड़ों मील की दूरी तय करते हुए छात्र युद्धग्रस्त क्षेत्र से बाहर निकाले। युद्ध प्रभावित क्षेत्र से बचने के लिए कठिन यात्रा से गुजरने के बाद छात्रों को सूमी से दूसरे प्रयास में निकाला गया।
पिछले महीने यूक्रेन पर रूसी आक्रमण शुरू होने के बाद से सूमी में भारी गोलाबारी देखी जा रही है। सूमी से लौटी मेडिकल की छात्रा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की मूल निवासी महिमा राठी ने कहा कि हर बार सायरन बजने पर उन्हें बंकरों में भागना पड़ता था। राठी ने कहा, ”जब भी सायरन बजता था, हमें बंकरों में शरण लेनी पड़ती थी। हम सभी बहुत डरे हुए थे। हम नहीं जानते थे कि क्या हम जीवित बच पाएंगे और सुरक्षित लौट पाएंगे। 
भारत लौटने के बाद अब हमने राहत की सांस ली है।” पोलैंड के रेजजो से एअर इंडिया की एक उड़ान सूमी से निकाले गए 240 छात्रों को लेकर शुक्रवार सुबह दिल्ली में उतरी। अधिकारियों ने बताया कि विमान ने बृहस्पतिवार को रात करीब साढ़े 11 बजे (भारतीय समयानुसार) रेजजो से उड़ान भरी और शुक्रवार सुबह पौने छह बजे बजे दिल्ली में उतरा। सूमी से निकाले गए 600 छात्रों के एक बड़े अंतिम समूह को वापस लाने के लिए भारत ने पोलैंड के लिए तीन उड़ानें भेजी हैं।
अधिकारियों ने कहा कि एक और विमान के दिल्ली में सुबह करीब आठ बजकर 40 मिनट पर उतरने की उम्मीद है। भारत सरकार फंसे हुए भारतीयों को यूक्रेन से निकलने में मदद करने के लिए ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत एक चुनौतीपूर्ण निकासी अभियान चला रही है। सूमी से 600 छात्रों को निकालने का अभियान मंगलवार को सुबह शुरू हुआ।

कमजोर: शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी खुले

कमजोर: शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी खुले

कविता गर्ग    

मुंबई। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के कारण शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी भी कमजोर खुले। हालांकि कुछ ही मिनट के बाद ये लाभ में कारोबार करने लगे। इस दौरान 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 414.44 अंक की गिरावट के साथ 55,049.95 पर था। हालांकि कुछ ही मिनट बाद यह घाटे से उबरा और 268.39 अंक चढ़कर 55,732.78 पर आ गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी शुरुआती कारोबार में 124 गिरकर 16,470.90 पर आ गया। लेकिन जल्द लिवाली शुरू हो गई और यह 70.70 अंक की बढ़त के साथ 16,665.60 पर आ गया। सेंसेक्स में टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा और बजाज फिनसर्व के शेयर लाभ में थे जबकि मारुति सुजुकी इंडिया, नेस्ले, इंफोसिस और विप्रो के शेयर नुकसान में थे। पिछले सत्र में तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स कारोबार के अंत में 817.06 अंक यानी 1.50 प्रतिशत बढ़कर 55,464.39 अंक पर बंद हुआ था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 249.55 अंक यानी 1.53 प्रतिशत की उछाल के साथ 16,594.90 अंक के स्तर पर जाकर बंद हुआ था।

इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.36 प्रतिशत गिरकर 108.90 डॉलर प्रति बैरल हो गया। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को सकल आधार पर 1,981.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सिक्किम के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे उपराष्ट्रपति

सिक्किम के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे उपराष्ट्रपति 

इकबाल अंसारी  
गंगटोक। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू शुक्रवार को सिक्किम के दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे। राज्यपाल गंगा प्रसाद, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने लिबिंग हेलीपैड पर उनकी अगवानी की। 
मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर कहा कि मैंने राज्यपाल,  गंगा प्रसाद, कैबिनेट सहयोगियों, विधायकों और अधिकारियों के साथ उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू जी की गंगटोक के लिबिंग हेलीपैड पर अगवानी की। नायडू दिन में यहां दक्षिण सिक्किम जिले में 300 करोड़ रुपये की लागत वाले खांगचेंदजोंगा सिक्किम विश्वविद्यालय की ऑनलाइन तरीके से आधारशिला रखेंगे।

'आईसीबीएम' के 2 सफलतापूर्वक परीक्षणों को अंजाम

'आईसीबीएम' के 2 सफलतापूर्वक परीक्षणों को अंजाम 

अखिलेश पांडेय  

वाशिंगटन डीसी/ प्रीटोरिया। उत्तर कोरिया ने हाल ही में एक नए इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) के दो सफलतापूर्वक परीक्षणों को अंजाम दिया। अमेरिका ने न केवल इसकी निंदा की है, बल्कि बार-बार उत्तर कोरिया द्वारा किए जा रहे मिसाइलों के परीक्षण की बात पर भी गहरी चिंता व्यक्त की है।

अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'काफी गहरी सोच समझ के बाद अमेरिकी सरकार ने निष्कर्ष निकाला है कि उत्तर कोरिया ने इस साल 26 फरवरी और 4 मार्च को दो बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया है, जिनमें एक अपेक्षाकृत नई अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम भी शामिल है। उत्तर कोरिया ऐसा बार-बार कर रहा है, जो एक गंभीर मुद्दा है।'

अधिकारी ने कहा कि अमेरिका उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षणों की निंदा करता है और यह भी मानता है कि उनके द्वारा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन तरह के परीक्षणों से न केवल अनावश्यक रूप से तनाव बढ़ता है बल्कि शांति भंग होने का भी जोखिम बना रहता है।

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। दबे पांव पहुंचे भूकंप ने धरती को हिलाते हुए पब्लिक को दहशत में ड...