मंगलवार, 5 अक्तूबर 2021

चीन की गतिविधि को उकसावे वाला करार दिया

वाशिंगटन डीसी। अमेरिका ने ताइवान के समीप चीन की सैन्य गतिविधि को उकसावे वाला करार दिया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने अपने नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हम ताइवान के समीप चीन की उकसावे वाली सैन्य गतिविधि को लेकर चिंतित हैं। जो क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता को कमतर करती है।
हम बीजिंग से ताइवान के खिलाफ अपना सैन्य, कूटनीतिक और आर्थिक दबाव तथा बलपूर्वक कार्रवाई बंद करने का अनुरोध करते हैं। ताइवान जलडमरूमध्य में शांति एवं स्थिरता में हमारा स्थायी हित है, इसलिए हम आत्म-रक्षा की क्षमता बनाए रखने में ताइवान की सहायता करते रहेंगे। साकी ने कहा कि हम ताइवान के प्रति चीन की दबाव और बलपूर्वक कार्रवाई को लेकर अपनी चिंता के बारे में स्पष्ट रहे हैं और हम स्थिति पर निकटता से नजर रखते रहेंगे।
एक अलग बयान में सांसद मार्को रुबियो ने कहा कि शुक्रवार से लेकर अब तक ताइवान के वायु रक्षा क्षेत्र में चीन के 145 लड़ाकू विमानों ने उड़ान भरी है। ये गतिविधियां ताइवान के राष्ट्रीय दिवस से कुछ दिनों पहले और चीन के राष्ट्रीय दिवस पर शुरू हुईं। रुबियो ने कहा कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का आक्रामक व्यवहार ताइवान को डराने-धमकाने के लिए है और वह बाकी की दुनिया को एक संदेश भेजना चाहता है।

अगर चीन की इन हरकतों की अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने निंदा नहीं की तो राष्ट्रपति शी चिनफिंग सोचेंगे कि उन्हें आगे और आक्रामक गतिविधियों की हरी झंडी मिल गयी है। राष्ट्रपति जो बाइडन को यह सुनिश्चित करने के लिए हमारे सहयोगियों के साथ काम करना चाहिए कि चीन ताइवान और अपने पड़ोसी देशों की यथास्थिति का सम्मान करें। विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने भी पत्रकारों से कहा कि अमेरिका, ताइवान के समीप चीन की उकसावे वाली सैन्य गतिविधि को लेकर बहुत चिंतित है।

कश्मीर मुद्दे को उठाने के लिए पाक पर प्रहार किया

श्रीनगर। संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर मुद्दे को फिर से उठाने के लिए पाकिस्तान पर कड़ा प्रहार करते हुए भारत ने कहा कि ऐसे देश से रचनात्मक योगदान की उम्मीद नहीं की जा सकती। जिसके पास आतंकवादियों की मेजबानी करने की एक स्थापित प्रथा है। जो वैश्विक आतंकवाद का ”केन्द्र” है और दुनिया को अस्थिर करने वाली सबसे बड़ी ताकत है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के सलाहकार, ए. अमरनाथ ने सोमवार को कहा कि भारत को ऐसे देश से सलाह की जरूरत नहीं है, जिसका परमाणु सामग्री एवं प्रौद्योगिकी के अवैध निर्यात का एक सिद्ध इतिहास रहा है। अमरनाथ ने कहा, ” पाकिस्तान की बहुपक्षीय मंचों की शुचिता का हनन करने और झूठ को हवा देने की कोशिशों की हमें मिलकर निंदा करनी चाहिए।
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ कई निरर्थक एवं निराधार आरोप लगाए हैं, जिसमें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख केन्द्र शासित प्रदेशों के संबंध में की गई टिप्पणियां भी शामिल हैं। ये प्रतिक्रिया के योग्य नहीं हैं, क्योंकि ये भारत के आंतरिक मामलों से संबंधित हैं।” संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के दूत मुनीर अकरम द्वारा निरस्त्रीकरण और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों से संबंधित महासभा की समिति की बैठक के दौरान जम्मू-कश्मीर के मुद्दे को उठाने के बाद भारत ने अपने उत्तर के अधिकार का प्रयोग किया।

अमरनाथ ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर का पूरा केन्द्र शासित प्रदेश भारत का अभिन्न एवं अविभाज्य हिस्सा था .. है..और रहेगा। उन्होंने कहा, ” इसमें वे इलाके भी शामिल हैं, जो पाकिस्तान के अवैध कब्जे में हैं। हम पाकिस्तान से उसके अवैध कब्जे वाले सभी क्षेत्रों को तुरंत खाली करने का आह्वान करते हैं।आतंकवादियों की मेजबानी, सहायता और सक्रिय रूप से समर्थन देने के उसके स्थापित अभ्यास को देखते हुए, कोई भी पाकिस्तान से उस समिति के लिए किसी भी रचनात्मक योगदान की उम्मीद कैसे कर सकता है, जो अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के महत्वपूर्ण मामलों से संबंधित है।”
पाकिस्तानी दूत द्वारा नयी दिल्ली में भारत के रक्षा शस्त्रागार का भी जिक्र करने पर पलटवार करते हुए अमरनाथ ने कहा, ”एक जिम्मेदार देश के रूप में, भारत अंतरराष्ट्रीय संधियों के तहत अपने दायित्वों का सख्ती से पालन करता है और ऐसे किसी देश से किसी भी सलाह की आवश्यकता नहीं है, जिसका अवैध निर्यात का एक सिद्ध इतिहास है।

ओडिशा: 45 वर्षीय 1 व्यक्ति की डूबने से मौंत हुईं

भुवनेश्वर। ओडिशा के संबलपुर में महानदी में 45 वर्षीय एक व्यक्ति तथा उसके बेटे की डूबने से मौत हो गई और उसकी बेटी अब भी लापता है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि घटना नगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुई, जब मोहम्मद अल्ताफ, उनका बेटा मोहम्मद आफताब (15) और बेटी रुखसाना परवीन (13) नदी में नहाने गए थे।
उन्होंने बताया कि यह परिवार पेंशनपारा का रहने वाला था। बच्ची का पता लगाने के लिए अभियान जारी है। रुखसाना पानी के बहाव में बह गई थी, जिसके बाद अल्ताफ अपनी बेटी को बचाने की कोशिश में गहरे पानी में चले गए और बेटा आफताब भी उनके पीछे-पीछे नदी में चला गया।
इसके बाद सभी लापता हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस तथा दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी थी। पुलिस ने बताया कि स्थानीय मछुआरों ने आफताब का शव बरामद किया और दमकल कर्मियों ने अल्ताफ के शव को नदी से बाहर निकाला। रुखसाना की तलाश अब भी जारी है।

अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराईं कार, 3 की मौंत

अविनाश श्रीवास्तव                             
कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के ट्रक और कार के बीच हुयी टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गयी तथा एक अन्य घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि कार पर सवार लोग जा रहे थे तभी फुलवरिया गांव के समीप राष्ट्रीय उच्चपथ 31 पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गयी।
इस दुर्घटना में कार पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान राम प्रसाद, सुनील कुमार और विकास कुमार के रूप में की गयी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

मैच: आउट होने से पहले 27 गेंदों पर 18 रन बनाएं

आबुधाबी। चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने अपनी लय हासिल करने के लिये जूझ रहे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बचाव करते हुए कहा कि दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के विकेट पर किसी भी बल्लेबाज के लिये रन बनाना आसान नहीं था। धोनी को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में डेथ ओवरों में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी निभानी थी लेकिन उन्होंने 20वें ओवर में आउट होने से पहले 27 गेंदों पर 18 रन बनाये।
चेन्नई ने यह मैच तीन विकेट से गंवाया और फ्लेमिंग ने माना कि उनकी टीम ने 10-15 रन कम बनाये। फ्लेमिंग ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह (धोनी) अकेला नहीं था। इस विकेट पर रन बनाना आसान नहीं था। बड़ा स्कोर करने या बड़े शॉट खेलने के लिये यह मुश्किल विकेट था इसलिए 137 रन का स्कोर भी पर्याप्त लग रहा था। उन्होंने कहा कि दोनों टीमें पारी के अंत में रन बनाने के लिये जूझ रही थी।
अगर हमने 10-15 रन और बनाये होते तो परिणाम अलग हो सकता था। फ्लेमिंग ने कहा कि दिल्ली ने आखिरी पांच ओवरों में बहुत अच्छी गेंदबाजी की और ऐसे में रन बनाना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि रन बनाना मुश्किल था और दिल्ली ने इस बीच बहुत अच्छी गेंदबाजी की। उनके आखिरी पांच ओवर बहुत अच्छे थे, जिससे रन बनाना आसान नहीं था।

पार्टी के प्रदेश दफ्तर में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे सीएम

हरिओम उपाध्याय         
लखनऊ। किसानों से हुये समझौते के बाद हिंसा प्रभावित लखीमपुर में हालात तेजी से सामान्य हो रहे है।वहीं लखीमपुर खीरी मे प्रभावित किसान परिवारों से मिलने जाने के लिये अड़ी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह को पुलिस निगरानी में सीतापुर में रखा गया है।
इस बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को लखनऊ पहुंचे जहां वह पार्टी के प्रदेश दफ्तर में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इसके बाद उनका सीतापुर स्थित पीएसी परिसर जाने का कार्यक्रम है जहां पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पुलिस निगरानी में है। उधर, पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल भी लखीमपुर जाने की तैयारी में है। हालांकि इससे पहले वह लखनऊ मे साढे 11 बजे एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया मैनेजर नसीमुद्दीन सिद्दिकी ने कहा कि सीतापुर की पीएसी लाइन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की हिरासत को लेकर कांग्रेसी आक्रोशित हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा की हिरासत के 28 घंटे से ज्यादा हो चुके है। 24 घंटे से ज्यादा की पुलिस हिरासत ग़ैर क़ानूनी होती है। उन्हे अब तक अपने वकीलों से मिलने नहीं दिया गया। प्रशासन ने उन्हें हिरासत में लेने की कोई क़ानूनी वजह भी नहीं बतायी है। सीतापुर के पीएसी द्वितीय वाहिनी परिसर में हिरासत में रखीं गयीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि वे हिरासत से छूटते ही लखीमपुर खीरी जाकर शहीद किसानों के परिजनों से मिलेंगी। प्रियंका गाँधी के साथ सांसद दीपेंद्र हुड्डा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.वी.श्रीनिवास, एमएलसी दीपक सिंह भी हिरासत में हैं। बाहर हज़ारों कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता डटे हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रियंका गांधी की ग़ैर क़ानूनी हिरासत को लेकर बेहद आक्रोश है। उनका कहना है कि प्रियंका गांधी वाड्रा की निगरानी के लिये सरकार ने एक ड्रोन कैमरा भी तैनात किया है जिसका वीडियो कांग्रेसियों ने शेयर किया है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लखनऊ पहुंचे है। वह सीतापुर में प्रियंका गाँधी से मिलते हुए लखीमपुर खीरी जा सकते हैं। सोमवार को भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लखीमपुर जाने का प्रयास किया था हालांकि सरकार ने निषेधाज्ञा का हवाला देकर प्रभावित जिले में जाने की अनुमति नहीं दी थी।
इस बीच लखीमपुर खीरी कांड में प्रभावित किसानों के परिवार से मिलने आज आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय प्रवक्ता राघव चड्डा, पंजाब विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा, विधायक बलजिंदर कौर और राहुल तहिलानी लखनऊ पहुंचे। ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक होटल में रूके आप नेताओं की भी लखीमपुर खीरी जाने की योजना है।

निश्चित रूप से देश का संविधान खतरे में है: राहुल

अकांशु उपाध्याय      
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लखीमपुर खीरी की घटना पर कहा है कि अगर किसी महिला को बगैर प्राथमिकी की हिरासत में रखा जाता है और किसी मंत्री का बेटा सत्याग्रहियों को अपनी गाड़ी से कुचलता है तो निश्चित रूप से देश का संविधान खतरे में है।
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार लगातार गलत कदम उठा रही है और उसके हर कदम से देश का संविधान खतरे में आ रहा है। उन्होंने कहा कि एक मिनिस्टर का बेटा अगर अपनी गाड़ी के नीचे सत्याग्रही किसानों को कुचल दे, तो देश का संविधान ख़तरे में है। अगर वीडियो के सामने आने के बाद भी उसे हिरासत में ना लिया जाए तो देश का संविधान ख़तरे में है। उन्होंने कहा कि अगर एक महिला नेता को 30 घंटे तक बिना एफआरआई के हिरासत में रखा जाए तो देश का संविधान ख़तरे में है। अगर क़त्ल हुए पीड़ितों के परिवार से किसी को ना मिलने दिया जाए तो देश का संविधान ख़तरे में है। अगर ये वीडियो किसी को दुखी नहीं करता तो मानवता भी ख़तरे में है।

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...