सोमवार, 20 सितंबर 2021

टूर्नामेंट खेल रही अदिति ने 77,72,78 स्कोर किया

वाशिंगटन डीसी। अमेरिका भारत की अदिति अशाोक निराशाजनक प्रदर्शन के साथ छह ओवर 78 स्कोर कर के काम्बिया पोर्टलैंड क्लासिक गोल्फ टूर्नामेंट में 73वें स्थान पर रहीं। ओलंपिक के बाद अमेरिका में पहला टूर्नामेंट खेल रही अदिति ने 77,72,78 स्कोर किया। उन्हें अब लेडीज पीजीए सत्र के आखिरी चरण में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। इस बीच रोलैंक्स रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज यंग को ने तीसरे दौर में बोगीरहित 69 स्कोर किया। बारिश के कारण टूर्नामेंट तीन दौर का ही कर दिया गया और यो ने जियोंगयून ली और सू ओ पर चार स्ट्रोक्स से जीत दर्ज की।

कारोबार: 34 पैसे गिरकर 73.82 पर पहुंचा रुपया

कविता गर्ग       
मुंबई। विदेशी बाजार में अमेरिकी डॉलर में मजबूती के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में उसके मुकाबले 34 पैसे गिरकर 73.82 पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में नरमी की वजह से भी रुपये को नुकसान हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 73.82 पर खुला जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 34 पैसे की गिरावट को दर्शाता है।
रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 73.48 पर बंद हुआ था। इसबीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.16 प्रतिशत चढ़कर 93.34 पर आ गया। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को सकल आधार पर 1,552.59 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर 30 शेयरों वाला सूचकांक 49.39 अंक या 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58,966.50 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह, व्यापक एनएसई निफ्टी 27.35 अंक या 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,557.80 पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.88 प्रतिशत गिरकर 74.68 डॉलर प्रति बैरल पर था।



सेंसेक्स में 350 अंक से अधिक की गिरावट दर्ज की

कविता गर्ग            
मुंबई। वैश्विक बाजारों में कमजोर कारोबार के बीच और टाटा स्टील, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में नुकसान के साथ सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में 350 अंक से अधिक की गिरावट दर्ज की गयी। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 355.27 अंक या 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58,660.62 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह शुरुआती सौदों में निफ्टी 108.50 अंक या 0.62 प्रतिशत गिरकर 17,476.65 पर आ गया।
सेंसेक्स में टाटा स्टील लगभग छह प्रतिशत की गिरावट के साथ शीर्ष पर था, इसके बाद बजाज ऑटो, एमएंडएम, एचडीएफसी, पावरग्रिड और मारुति के शेयर आते हैं। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, एचयूएल, एचसीएल टेक और टीसीएस के शेयरों को लाभ हुआ। पिछले सत्र में 30 शेयरों वाला सूचकांक 125.27 अंक या 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,015.89 पर और निफ्टी 44.35 अंक या 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,585.15 पर बंद हुआ था।
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार थे और अस्थायी विनिमय आंकड़ों के अनुसार उन्होंने शुक्रवार को 1,552.59 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार के अनुसार, बाजार में अब से उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। उन्होंने कहा कि विस्तारित क्षेत्र में मूल्यांकन के साथ, सुधार संभव है। विशेष रूप से व्यापक बाजार में सुधार की संभावना है।
सकारात्मक बात यह है कि एफआईआई बाजारों को मजबूती प्रदान करते हुए खरीदारी करना जारी रखते हैं। लेकिन यह जल्दी बदल सकता है। विजयकुमार ने कहा कि निवेशक स्पष्टता आने तक इंतजार करो और देखो की रणनीति अपना सकते हैं। एशियाई शेयर बाजारों में हेंग सेंग (हांगकांग) भारी नुकसान के साथ कारोबार कर रहा था। वहीं चीन, जापान और टोक्यो में शेयर बाजार बंद रहे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.66 प्रतिशत फिसलकर 74.84 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

भारत: संक्रमितों की संख्या-3,34,78,419 हुईं

अकांशु उपाध्याय       
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 के 30,256 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,34,78,419 हो गयी। जबकि उपचाराधीन रोगियों की संख्या घट कर 3,18,181 हो गई। जो 1823 दिनों में सबसे कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार संक्रमण से 295 और लोगों की मौत होने से मृतक संख्या 4,45,133 हो गयी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन रोगियों की संख्या घटकर 3,18,181 हो गयी हे जो कुल संक्रमितों का 0.95 प्रतिशत है और यह मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 97.72 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन रोगियों की संख्या में 13,977 की कमी दर्ज की गयी है।
साथ ही रविवार को 11,77,607 नमूनों की जांच हुई। देश में अब तक 55,36,21,766 नमूनों की जांच हो चुकी है। दैनिक संक्रमण दर 2.57 प्रतिशत दर्ज की गयी जो पिछले 21 दिनों से तीन प्रतिशत से कम है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि साप्ताहिक संक्रमण दर 2.07 प्रतिशत है। जो पिछले 87 दिन से तीन प्रतिशत से कम बनी हुई है।
मंत्रालय के अनुसार रोग से स्वस्थ्य होने वालों की संख्या बढ़कर 3,27,15,105 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.33 प्रतिशत है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत 80.85 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी।वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 से शुरू हुईं

अकांशु उपाध्याय       
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 सितंबर 2021 यानी आज से शुरू हो गई है। सीबीएसई द्वारा सीटेट 2021 का आयोजन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट मोड में देश के विभिन्न केंद्रों पर किया जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार ध्यान दें कि सीटेट 2021 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन-आवेदन करने की आखरी डेट 19 अक्टूबर है। वहीं 20 अक्टूबर तक आवेदन शुल्क जमा कर सकते हैं। 
सीआईटी 2021 आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख- 20 अक्टूबर 2021 दोपहर 3:30 तक
सीआईटी 2021 परीक्षा की तारीख- 16 दिसंबर 2021 से लेकर 13 जनवरी 2022 तक एजुकेशनल क्वालिफिकेशन
सीटेट के प्राइमरी स्टेज (कक्षा 1 से 5) के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 50% अंकों के साथ डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (D.El.Ed), बैचलर इन एलिमेंट्री एजुकेशन (B.El.Ed) या बीएड (B.Ed) का डिप्लोमा/डिग्री होनी चाहिए।
वहीं सीटेट के सेकेंडरी स्टेज (कक्षा 6 से 8) के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 50% अंकों के साथ बीएड (B.Ed) या इसके समकक्ष कोई डिप्लोमा/डिग्री होनी चाहिए।
लॉगिन डिटेल्स दर्ज करें या खुद को रजिस्टर करें।
आवेदन पत्र भरें और जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें।
आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
 अब सबमिट पर क्लिक करें। आपका आवेदन पत्र जमा हो गया है।
कंफर्मेशन पेज डाउनलोड करें और भविष्य की जरूरत लिए उसी की एक हार्ड कॉपी लेकर रख लें।
सीआईटी परीक्षा 2021 के लिए आवेदन शुल्क।
सीटेट परीक्षा 2021 के लिए आवेदन करने वाले जनरल और OBC कैटेगरी के उम्मीदावरों को एक पेपर के लिए 1000 रुपए जमा करने होंगे। वहीं दोनों पेपर के लिए 1200 रुपए आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। एससी / एसटी/ दिव्यांग उम्मीदावरों को एक पेपर के लिए 500 रुपए फीस के तौर पर देने होंगे वहीं दोनो पेपर के लिए 600 रुपए आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। 
देश में शिक्षक बनने के लिए और केंद्रीय स्कूलों में पढ़ाने की योग्यता प्राप्त करने के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली इस परीक्षा में बाकी राज्यों की शिक्षक पात्रता परीक्षा की तुलना में भारी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होते हैं। दरअसल सीआईटीमें सफल होने के बाद अभ्यर्थी देश भर के किसी भी केंद्रीय स्कूल में पढ़ा सकते हैं। सीबीएसई ने एक नोटिस के जरिए जानकारी दी कि सीआईटी का आयोजन ऑनलाइन मोड में दिसंबर में किया जा सकता है। इसे लेकर पूरी जानकारी और स्पष्टीकरण अभी सीबीएसई की ओर से आना बाकी है। सीआईटीके पहले राउंड का आयोजन इस साल 2021 में एक बार हो चुका है और अब दूसरे राउंड का आयोजन दिसंबर में किया जाएगा।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-401 (साल-02)
2. मंगलवार, सितंबर 21, 2021
3. शक-1984,सावन, शुक्ल-पक्ष, तिथि-पड़वा, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:44, सूर्यास्त 07:10।
5. न्‍यूनतम तापमान -25 डी.सै., अधिकतम-35+ डी.सै.। बरसात की संभावना बनी रहेंगी।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित)

रविवार, 19 सितंबर 2021

डी5एलई परमाणु मिसाइल का परीक्षण: अमेरिका

वाशिंगटन डीसी। अमेरिकी नौसेना ने शुक्रवार को ओहियो क्लास की पनडुब्बी यूएसएस व्योमिंग से दो की संख्या में ट्राइडेंट डी5एलई परमाणु मिसाइल का परीक्षण किया है। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार, परीक्षण के दौरान मिसाइल में लाइव परमाणु वॉरहेड्स नहीं लगे हुए थे। नौसेना ने बताया कि परीक्षण के दौरान ट्राइडेंट डी5एलई मिसाइल ने हर मिशन ऑब्जेक्टिव को पूरा किया है। अमेरिकी नौसेना के इस टेस्ट को चीन के लिए सीधे संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। यूएसएस व्योमिंग से यह मिसाइल टेस्ट फ्लोरिडा के केप कैनावेरल के तट के पास किया गया। यह परीक्षण अमेरिकी नौसेना के शेकडाउन ऑपरेशन और डीएएसओ-31 का हिस्सा था। रिफ्यूलिंग ओवरहॉल के बाद परिचालन तैनाती के लिए भेजे जाने से पहले बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी और उसके चालक दल की फिटनेस का आकलन करने के लिए डीएएसओ का आयोजन किया जाता है।

सीएम ने विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया

पंकज कपूर          

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सर्वे ऑफ इण्डिया परिसर में मसूरी विधानसभा क्षेत्र की लगभग 70 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने बहल चौक से सर्वे ऑफ इण्डिया तक जन आशीर्वाद रैली में भी प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मसूरी विधानसभा के लिए 14 घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वार्ड 05 धोरणखास, वार्ड 07 जाखन, वार्ड 08 सालावाला, वार्ड 09 आर्यनगर, वार्ड 10 डोभालवाला, वार्ड 11 विजय कालोनी सहित बिलासपुर काडली, जैतनवाला एवं मंसदावाला में सड़कों का पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण किया जाऐगा। विजय कालोनी, पथरिया पीर, नीलकण्ठ विहार, इंदिरा कालोनी चुक्खुवाला क्षेत्र में सीवर लाईन निर्माण का कार्य किया जायेगा। सिगली. हल्दूवाला (संतला देवी), भितरली एवं मसंदावाला में झील का निर्माण किया जायेगा। वार्ड 08 सालावाला में न्यू कैंट रोड़ से सालावाला की ओर जाने वाले मार्ग पर पुल निर्माण किया जायेगा। 

ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य किया जाऐगा। सरोना न्याय पंचायत क्षेत्र के अर्न्तगत 05 किमी आन्तरिक सीसी सड़कों एवं पुश्तों का निर्माण किया जायेगा। ग्राम पंचायत चामासारी में पशु सेवा केन्द्र बनाया जायेगा। ग्राम पंचायत चामासारी के तल्यानीगाड गांव हेतु राजपुर टोल से सिमयाना तक 04 किमी सड़क का निर्माण किया जायेगा। ग्राम पंचायत सेरागांव के अर्न्तगत सिलकोटी में पुल निर्माण किया जाएगा। ग्राम पंचायत सरोना के छोटी छमरोली से डोमकोट तक 04 किमी सड़क निर्माण किया जायेगा। ग्राम पंचायत सिल्ला के अर्न्तगत शेरा- सिल्ला- डबराना गढ़-बुरासखण्डा तक 10 किमी सड़क निर्माण किया जायेगा। ग्राम पंचायत सिल्ला के शेरा, भूमिसरो काडद, काणीगाड आदि क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा कार्य किया जायेगा। सहस्त्रधारा नहर के भूमिगत भाग में आरसीसी पाईप बिछाने का कार्य किया जायेगा। जिला पंचायत चन्द्रोटी में 5 किमी आन्तरिक सड़कों एवं पुश्तों का निर्माण किया जायेगा।

यूके: एसएसपी ने 5 उप निरीक्षकों के किए तबादले

पंकज कपूर     

हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल प्रीति प्रियदर्शनी ने पांच उप निरीक्षकों के किए तबादले। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा निम्न उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के स्थानांतरण उनके नामों के सम्मुख अंकित स्थानों पर किए गए है।

उप निरीक्षक संजीत राठौर थाना हल्द्वानी से प्रभारी चौकी आरटीओ। उप निरीक्षक निर्मल लटवाल प्रभारी चौकी आरटीओ से चौकी प्रभारी लामाचौड़। उपनिरीक्षक महेश जोशी चौकी प्रभारी लामाचौड से चौकी प्रभारी बैलपड़ाव।

गाजियाबाद: घरों में गंदे व बदबूदार पानी की सप्लाई

अश्वनी उपाध्याय         

गाज़ियाबाद। नगर निगम के वार्ड नंबर 12 स्थित जटवाड़ा मोहल्ला के निवासी पिछले कुछ दिनों से शिकायत कर रहे हैं कि उनके घरों में गंदे व बदबूदार पानी की सप्लाई की जा रही है। लोगों ने इस बारे में नगर निगम व पार्षद से कई बार संपर्क किया है। मगर कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। 

इस क्षेत्र के पार्षद सत्य प्रकाश हैं। जो मोबाइल नंबर 9891616823 पर उपलब्ध हैं। जटवाड़ा नगर निगम के सिटी ज़ोन में आता है। जहां के कार्यकारी ज़ोनल अधिकारी सुधीर शर्मा है। जो मोबाइल नंबर 8178016819 पर उपलब्ध हैं। वॉटर वर्क्स के जनरल मैनेजर का मोबाइल नंबर 8178016807 है। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का मोबाइल नंबर 8178018374, और जूनियर इंजीनियर का मोबाइल नंबर 8178016831 है। ये सभी नंबर गाज़ियाबाद नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए सीयूजी नंबर हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार हर कर्मचारी से अपेक्षा की जाती है कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए नंबर हर समय स्विच ऑन मिलेंगे।  

हीरालाल को कौशाम्बी के पद पर नियुक्त किया

कौशाम्बी। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के जिला अध्यक्ष हरि लोचन सिंह यादव के निर्देशानुसार अजय सिंह उर्फ आलोक यादव पुत्र हीरालाल को जिला अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ कौशाम्बी के पद पर नियुक्त किया गया है। 
पार्टी के पदाधिकारियों ने मनोनयन पत्र देकर अजय सिंह से आशा की है कि 15 दिनों के अंदर प्रकोष्ठ पिछड़ा वर्ग के जिला कमेटी एवं तीनों विधानसभा अध्यक्ष का गठन करके जिला कार्यालय में सूचना देंगे और आशा ब्यक्त की है कि आप के मनोनयन से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी और अधिक मजबूत होगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के सिद्धांतों व नीतियों विचारों एवं उपलब्धियों को जन-जन व बूथ स्तर पर पहुंचाने का कार्य करेंगे। जिसमें पार्टी संगठन को मजबूती प्रदान हो सके इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारियों में जिला महासचिव खड़क सिंह यादव जिला सचिव विनय कुमार पार्टी के समर्थक कार्तिकेय, अनुज अभिषेक यादव, नितिन तिवारी, तीरथ यादव, तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विजय कुमार 

हापुड़: कलेक्शन एजेंट से हुई लूट का खुलासा किया

अतुल त्यागी      
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र में दो दिन पूर्व एक फाईनेंस कम्पनी के कलेक्शन एजेंट से हुई लूट का खुलासा किया हैं।
कलेक्शन एजेंट ने कर्जा उतारनें के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी और झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने आरोपी कलेक्शन एजे़ंट को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार 15 सितम्बर की रात को फ्युजन माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड गुलावठी के कलेक्शन एजेन्ट जगवीर सिंह द्वारा सूचना दी गयी थी कि दो बाईक पर सवार बदमाशों द्वारा गाँव भटैल अहमदानगर मार्ग पर उसका कलेक्शन किया 1,41,770/- रूपयो से भरा बैग लूट कर भाग गये। जिसमें जगवीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
एएसपी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि थाना हाफिजपुर पुलिस, एसओजी टीम, सर्विलांस टीम द्वारा घटना का खुलासा किया गया। खुलासे में जगवीर सिंह ने बताया कि मेरे साथ लूट की कोई वारदात नहीं हुई है। मेरे ऊपर गाँव मे कर्जा था उस कर्जे को उतारने के लिए और कलेक्शन का रूपये हडपने के लिए झूठी कहानी रची थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी जगवीर सिंह से उक्त रूपया बरामद कर फ्युजन कम्पनी के शाखा प्रबन्धक की तहरीर के आधार पर जगवीर सिंह के विरुद्ध लूट की झूठी सूचना देने व कम्पनी का रुपया छल कपट कर हडप कर लेने के सम्बन्ध में विधिक कार्यवाही की जा रही है।

घेराबंदी शुरू करते हुए घोषणाओं की झड़ी लगाईं

पंकज कपूर         
हल्द्वानी। उत्तराखंड में आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव के लिये आम आदमी पार्टी ने सियासी घेराबंदी शुरू करते हुए घोषणाओं की झड़ी लगा दी है। दिल्ली के सीएम एवं आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कुमाऊं मंडल के दौरे पर पहुंच गये है। उत्तराखंड में अच्छी नीयत वाली आप की सरकार बनेगी। रविवार को आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने प्रदेश युवाओं को रोजगार देने के लिये छः घोषणायें करते हुए कहा कि जब तक रोजगार नहीं मिलेगा प्रदेश के हर परिवार के एक युवा को पांच हजार रूपये बेरोजगारी भत्ता दिया जायेगा। सरकार बनने के छः महिने के भीतर एक लाख सरकारी नौकरी तैयार की जायेगी। सरकारी और प्राईवेट क्षेत्र में 80 प्रतिशत रोजगार उत्तराखंड के युवाओं को दिया जायेगा। 
उत्तराखंड में 24 घंटे मुफ्रत बिजली दी जायेगी। उत्तराखंड के युवाओं में ऊर्जावान है देश सेवा के लिये जज्बा रखते है। लेकिन पिछले 21 वर्षा में प्रदेश में हजारों युवा रोजगार के लिये पलायन कर गये। इससे पूर्व आज सुबह पंतनगर एयरपोर्ट से हल्द्वानी पहुंचे। यहां आयोजित पत्रकार सम्मेलन में सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि देवभूमि के लोगों की दुदर्शा को 21 महिने में ठीक करने का प्लान बना रहे है। दिल्ली में जब हमारी सरकार बनी थी तब मै कहता था बिजली फ्री दूंगा तब भी सवाल उठाये जाते थे। सरकार के पास पैसे की कमी नहीं है नीयत की कमी है। उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस की सरकार में नदियां और जंगल लूूट लिये गये है। उत्तराखंड में टूरिज्म के क्षेत्र में संभावनायें है। उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लिये आम आदमी पार्टी ने पहल की है। उत्तराखंड में नौजवानों को पलायन करने से रोकने के लिये रोजगार कैसे महैया कराया जायेगा, सड़कें कैसे बनायी जायेगी,स्कूल कैसे बनाये जायेगे,कैसे अस्पताल बनाये जायेंगे और आम आदमी पार्टी की घोषणाओं को कैसे पूरा किया जायेगा इन कार्यों पर पार्टी का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। वहीं सीएम केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने में विफल साबित हुई हैं लेकिन सीएम बदलकर नेताओं को रोजगार दे रही है। इस दौरान आप पार्टी के सीएम उम्मीदवार रि. कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि उत्तराखंड में अपार संभावनायें है। यहां के क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार के लिये प्रेरित करना होगा। युवाओं का भविष्य संवारने के लिये प्रयार करेगी। आज युवाओं को रोजगार के नाम पर छला जा रहा है जिसका उद्हारण वह खुद है। सरकारी विभागों में नौकरी के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सरकार का सिस्टम दुरूस्त नहीं है। उत्तराखंड की राजनीति में उथल पुथल है भाजपा और कांग्रेस के के नेता एक दूसरे की पार्टी में जा रहे है। आप पार्टी में जनता का विश्वास बढ़ रहा है।

वादों को पूरा करने में असफल क्यों रही है सरकार

अकांशु उपाध्याय        
नई दिल्ली। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश के प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने योगी सरकार पर हमला करते हुए कहा है कि वह जनता से जुड़े सवालों को टालती है और लोगों के सवालों का कभी भी जवाब नहीं देती है। उत्तर प्रदेश में अपने कार्यकाल के साढे चार साल पूरा होने पर जश्न मनाने के साथ ही अपनी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए अभियान चला रही योगी सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि उसे बताना चाहिए कि जनता से जुड़े वादों को पूरा करने में वह असफल क्यों रही है।
प्रियंका  गांधी ने ट्वीट किया, “उप्र सरकार को चाहिए था कि 4.5 सालों पर जनता के सवालों का जवाब दे, लेकिन नहीं। फिर झूठ, झूठ और सिर्फ झूठ, लाखों खाली पदों पर नौकरियां देने और लटकी भर्तियां कराने पर, किसान को गन्ना, गेहूं, धान, आलू के दाम देने में, बिजली के दाम कम करने में, महंगाई रोकने में उप्र सरकार फेल रही।”

नियोजन ब्यूरो ने विभिन्न पदों पर निकालीं भर्तियां

पंकज कपूर            
देहरादून। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अंतर्गत आने वाले संस्थान राष्ट्रीय मृदा सर्वेक्षण एवं भूमि उपयोग नियोजन ब्यूरो ने विभिन्न पदों पर भर्तियां निकाली हैं।इसके तहत कंसल्टेंट, रिसर्च एसोसिएट, एसआरएफ और प्रोजेक्ट असिस्टेंट के पदों पर कुल 66 वैकेंसी है।इसके लिए आवेदन 24 सितंबर 2021 तक मेल के जरिए करना है। आवेदन के लिए ईमेल आईडी है।आवेदन फॉर्म का प्रारूप राष्ट्रीय मृदा सर्वेक्षण एवं भूमि उपयोग नियोजन ब्यूरो की वेबसाइट।https://www.nbsslup.in/ से डाउनलोड कर सकते हैं।नोटिफिकेशन में कहा गया है कि आवेदन के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन इंटरव्यू के आधार पर होगा. इसकी डेट अभी तय नहीं है। साथ ही यह भी कहा गया है कि आवेदन के समय सिर्फ निर्धारित प्रारूप में बायोडाटा भेजें. इसके साथ और किसी तरह के डॉक्यूमेंट्स नहीं भेजने हैं. अन्य डॉक्यूमेंट्स की जांच सेलेक्शन के बाद की जाएगी।

धनंजय शर्मा को बरेली का संयोजक मनोनीत किया

सदींप मिश्र        
बरेली। वायु सेना के जांबाज़ पूर्व सैनिक धनंजय शर्मा को पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ महानगर बरेली का संयोजक मनोनीत किया गया। पार्टी कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष डॉ के एम अरोड़ा ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर, मिठाई खिला कर धनंजय शर्मा को नए पद एवम दायित्व हेतु शुभकामनाएं दी और कहा कि सैनिक हमारे देश के गौरव है। धनंजय शर्मा ने देश हित मे अपनी जान दांव पर लगाई और अब समाज सेवा कर रहे है। इस जज्बे को नमन।
साईनाथ मंडल में शहर विधायक डॉ अरुण कुमार की उपस्थिति में मंडल अध्यक्ष ,निवर्तमान पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ संयोजक बिक्रम सिंह ने स्वागत करते हुए कहा कि धनंजय विगत कई वर्षों से पार्टी में बडी मेहनत और लगन से कार्य कर रहे है। सह संयोजक के रूप में कंधे से कंधा मिला कर कार्य किया है,इसलिए आज धनंजय को उनकी निष्ठा और सेवा भाव को देखते हुए संयोजक बनाया जा रहा है। सांईनाथ मंडल अध्यक्ष जे पी पाल और पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ त्रिलोकी सिंह ने भी स्वागत किया।
ज्ञात हो कि धनंजय शर्मा अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद में ब्रज प्रान्त उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर रहे है। इस अवसर पर धनंजय शर्मा ने बताया कि उनका परिवार सदैव देश एवम समाज के लिए कार्य करता रहा है। परदादा श्री पराग दत्त ने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भाग लिया। उन्ही की प्रेरणा से देश सेवा का जज्बा है।
वायु सेना में लड़ाकू विमान के तकनीकी पद पर कार्य करते हुए युद्ध जैसी परिस्थितियों में बुरी तरह घायल हुए। भले ही अब वायु सेना में कार्य नही कर रहे परन्तु समाज और देश हित मे सदैव कार्य करते रहेँगे। प्रधानमंत्री आदरणीय मोदी एवं मुख्यमंत्री आदरणीय योगी महाराज मेरे आदर्श है।
आप दोनों देश और प्रदेश को ऊंचाइयों पर ले जा रहे है,आपसे प्रेरणा लेकर कार्य करता हु। मुझ पर भरोसा करके जो दायित्व संगठन ने दिया है उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। पूर्व सैनिक साथियो का सदैव सहयोग मिलता रहा है और आशा करता हु आगे भी मिलता रहेगा। साथियो से निवेदन है कि आगे बढ़ कर देश की सेवा में योगदान दे।

राहुल ने हवाला देते हुए सरकार पर कटाक्ष किया

अकांशु उपाध्याय        
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कोरोना रोधी टीकों की ढाई करोड़ से अधिक खुराक दिए जाने और अन्य दिनों में यह संख्या अपेक्षाकृत कम रहने का हवाला देते हुए रविवार को सरकार पर कटाक्ष किया और कहा कि अब ‘इवेंट’ खत्म हो चुका है।
उन्होंने पिछले 10 दिनों के दौरान ‘कोविन’ पर टीकाकरण की उपलब्ध संख्या से जुड़ा एक ग्राफ भी ट्विटर पर साझा किया। जिसमें दर्शाया गया है कि 17 सितंबर को रिकॉर्ड संख्या में टीकों की खुराक दी गई, लेकिन अन्य दिनों यह आंकड़ा अपेक्षाकृत बहुत कम रहा। कांग्रेस नेता ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”इवेंट खत्म हो चुका है।” उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देश में लोगों को टीकों की ढाई करोड़ से अधिक खुराक दी गई थीं।

नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ मोर्चा खोला: सीएम

इकबाल अंशारी         
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके अमरिंदर सिंह की ओर से नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ मोर्चा खोलने की पृष्ठभूमि में रविवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमरिंदर कोई ऐसा कदम नहीं उठाएंगे। जिससे कांग्रेस पार्टी को नुकसान हो।
उन्होंने यह भी कहा कि कई बार आलाकमान को विधायकों एवं आमजन से मिले फीडबैक के आधार पर निर्णय लेने पड़ते हैं और ऐसे क्षणों में लोगों को अपनी अंतरात्मा की आवाज सुननी चाहिए। गहलोत ने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब एक दिन पहले अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि विधायकों की बार-बार बैठक बुलाए जाने से उन्होंने खुद को अपमानित महसूस किया, जिसके बाद यह कदम उठाया।
अमरिंदर सिंह ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धू पर निशाना साधा और दावा किया कि उनके पाकिस्तान से रिश्ते हैं तथा उनको मुख्यमंत्री बनाने से पंजाब का बेड़ा गर्क हो जाएगा। गहलोत ने एक बयान में कहा, ”मुझे उम्मीद है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह जी ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे जिससे कांग्रेस पार्टी को नुकसान हो।
कैप्टन साहब ने स्वयं कहा कि पार्टी ने उन्हें साढे़ नौ साल तक मुख्यमंत्री बनाकर रखा है। उन्होंने अपनी सर्वोच्च क्षमता के अनुरूप कार्य कर पंजाब की जनता की सेवा की है।” उनके मुताबिक, ”आलाकमान को कई बार विधायकों एवं आमजन से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी हित में निर्णय करने पड़ते हैं।
मेरा व्यक्तिगत तौर पर भी मानना है कि कांग्रेस अध्यक्ष कई नेताओं, जो मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में होते हैं, उनकी नाराजगी मोल लेकर ही मुख्यमंत्री का चयन करते हैं। परंतु वही मुख्यमंत्री को बदलते वक्त आलाकमान के फैसले को नाराज होकर गलत ठहराने लग जाते हैं।” उन्होंने कहा कि ऐसे क्षणों में अपनी अंतरात्मा को सुनना चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गहलोत ने कहा, ”मेरा मानना है कि देश फासीवादी ताकतों के कारण किस दिशा में जा रहा है, यह हम सभी देशवासियों के लिए चिंता का विषय होना चाहिए।
इसलिए ऐसे समय हम सभी कांग्रेसजनों की जिम्मेदारी देश हित में बढ़ जाती है। हमें अपने से ऊपर उठकर पार्टी व देश हित में सोचना होगा।” उन्होंने जोर देकर कहा, ”कैप्टन साहब पार्टी के सम्मानित नेता हैं एवं मुझे उम्मीद है कि वह आगे भी पार्टी का हित आगे रखकर ही कार्य करते रहेंगे।”
उधर, गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने शनिवार को अपने एक ट्वीट से विवाद खड़ा होने के बाद इस्तीफा दे दिया। शर्मा ने ट्वीट किया था, ”मजबूत को मजबूर, मामूली को मगरूर किया जाए, बाड़ ही खेत को खाए, उस फसल को कौन बचाए।” उनके इस ट्वीट को पंजाब के घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में कई लोगों ने कांग्रेस आलाकमान पर सवाल खड़े करने के रूप में देखा।

'पूर्वानुमान सेवाओं के उन्नयन’ एक योजना बनाई

अकांशु उपाध्याय               
नई दिल्ली। सरकार ने आने वाले वर्षों में मौसम पूर्वानुमान को और अधिक सटीक बनाने एवं समय पर इससे संबंधित जानकारी के प्रसार के लिए ‘पूर्वानुमान सेवाओं के उन्नयन’ नामक एक उप-योजना बनाई है।जिससे मौसम खराब होने संबंधी भविष्यवाणी में तीन से छह घंटे तक का सुधार हो सकता है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि आने वाले वर्षों में मौसम पूर्वानुमान को सटीक एवं प्रभावी बनाने तथा समय पर इसकी जानकारी के प्रसारण के लिए योजना पर काम किया जा रहा है।
वायुमंडलीय एवं जलवायु अनुसंधान प्रेक्षण प्रणालियों और सेवाओं का प्रतिरूपण (एक्रॉस) योजना के तहत ‘पूर्वानुमान सेवाओं के उन्नयन’ नामक एक उप-योजना बनाई गई है।” उन्होंने कहा कि इससे नेटवर्क में सुधार और संख्यात्मक मॉडलिंग क्षमता में सुधार होगा तथा मौसम पूर्वानुमान को अधिक सटीक बनाया जा सकेगा। अधिकारी ने कहा कि मौसम पूर्वानुमान को सटीक बनाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) का उपयोग करने पर भी काम चल रहा है।
इन प्रयासों से मौसम खराब होने संबंधी पूर्वानुमान में तीन से छह घंटे तक का सुधार हो सकता है।” पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘पूर्वानुमान सेवाओं के उन्नयन’ की उप-योजना के तहत आधुनिक प्रचालन पूर्वानुमान प्रणाली, बहुआयामी जोखिम पूर्व चेतावनी प्रणाली, गरज तूफान मूल्यांकन, शहरी मौसम विज्ञान सेवा तथा खगोल सेवाओं को विकसित करने एवं उन्नत बनाया जाएगा। इसके अलावा जल मौसम विज्ञान सेवा एवं पर्यटन पूर्वानुमान सेवाओं को उन्नत बनाने पर काम किया जाएगा।
मंत्रालय के मुताबिक, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अपनी उच्च निष्पादन कम्प्यूटिंग प्रणाली (एचपीसी) को 6.8 पेटाफ्लाप्स तक उन्नत बनाया है और इसके साथ ही साल 2022 तक उच्च निष्पादन कम्प्यूटिंग प्रणाली को 10 पेटाफ्लाप्स से बढ़ाकर 40 पेटाफ्लाप्स करने तथा साल 2024 तक 100 पेटाफ्लाप्स करने की योजना बनाई गई है। इसके अनुसार, डॉप्लर मौसम रडार और उपग्रह डाटा का उपयोग करते हुए भारी वर्षा के संदर्भ में फिलहाल ‘नाउकास्ट’ प्रारूप में अर्थात 2-3 घंटे पहले बादल फटने संबंधी पूर्वानुमान व्यक्त किया जा रहा है।

प्रयागराज में भूकंप के तेज झटके महसूस किये गए

पंकज कपूर        
रुद्रप्रयाग। प्रयागराज जनपद में आज रविवार को भूकंप के झटके महसूस किये गये हैं। दोपहर 12 बजकर 21 मिनट पर इनको महसूस किया गया है। इसकी तीव्रता 3.3 रिक्टर नापी गई है। हालांकि कहीं से भी किसी प्रकार के कोई नुकसान की सूचना नहीं है। ज्ञात रहे कि उत्तराखंड के विभिन्न जनपद भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील हैं, जिनमें रूद्रप्रयाग भी शामिल है।
उत्तराखंड भूकंप के लिहाज से जोन चार और पांच में विभक्त है। बताया जा रहा है कि रूद्रप्रयाग में भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आये और कुछ देर के लिए भय का माहौल कायम हो गया।  ज्ञात रहे कि गत 11 सितंबर को भी सुबह करीब 5 बजकर 58 मिनट पर चमोली, पौड़ी, अल्‍मोड़ा आदि जिलों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, जोशीमठ के निकट रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.6 थी। बार—बार प्रदेश के अलग—अलग जनपदों में भूकंप के झटके महसूस किये जाना खतरे का संकेत भी हो सकता है।

हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया

हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया  इकबाल अंसारी  हैदराबाद। इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2024 सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और...