रविवार, 29 अगस्त 2021

एचसी में लंबित मामलों का बोझ 4 लाख से ऊपर

राम कुमार कुशवाहा      

भोपाल। मप्र हाईकोर्ट में लम्बित मामलों का बोझ चार लाख से ऊपर पहुंच गया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जून 2021 की समाप्ति तक हाईकोर्ट के समक्ष 397975 मामले लंबित थे। जुलाई-अगस्त के दौरान दौरान दायर नए मामलों को मिलाकर वर्तमान में लंबित मामलों की संख्या चार लाख पार कर गई है। हाईकोर्ट में कुल स्वीकृत पदों के मुकाबले वर्तमान न्यायाधीशों की संख्या आधी है। इसी वजह से न्याय-दान प्रक्रिया अपेक्षित गति नहीं पकड़ रही है। यही वजह है कि पुराने मामले निराकृत नहीं हो पाते और नए मामले दायर हो जाते हैं।

हाईकोर्ट में इतनी पेंडेंसी की प्रमुख वजह जजों की कमी को माना जा रहा है। बीते महीने ही छह नए जजों की नियुक्तिके बावजूद फिलहाल हाइकोर्ट की तीनों बेंच में स्वीकृत 53 पदों की तुलना में महज 28 जज कार्यरत हैं। दो और जज रिटायर होने हैं। इसके बाद जजों की संख्या महज 26 बचेगी, जो स्वीकृत पदों के आधे से भी कम है।

विधिवेत्ताओं के मुताबिक मार्च, 2020 से कोविड के खतरे के कारण हाईकोर्ट का कामकाज सीमित सुनवाई के जरिए हुआ। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सीमित संख्या में महत्वपूर्ण मामले सुने गए। पुराने मामले बहुत कम सुनवाई में आए। लिहाजा, लम्बित मामलों की संख्या में इजाफा होता चला गया।

हाईकोर्ट की तीनों खंडपीठों में 30 जून 2021 तक कुल 3 लाख 97 हजार 975 मामले लम्बित थे। जून 2021 में कुल 10282 मामले तीनों खंडपीठों में दायर किए गए। इसी दौरान हाईकोर्ट ने 9009 मामलों का निराकरण भी किया। इस लिहाज से देखा जाए, तो एक माह में करीब हजार मामले लम्बित रह गए। ये आंकड़े कोरोनाकाल के हैं, जब हाईकोर्ट में दायर व निराकृत होने वाले मामलों की संख्या अपेक्षाकृत बहुत कम थी। सामान्य दिनों में हर माह करीब पांच हजार मामलों का बोझ हाईकोर्ट पर बढ़ जाता है। आंकड़ों के अध्ययन से पता चलता है कि मप्र हाईकोर्ट में हर साल लम्बित आंकड़ों की संख्या 50 हजार से अधिक की दर से बढ़ रही है।

7-11, 5-11, 6-11 की शिकस्त, पदक से संतोष

अकांशु उपाध्याय       

नई दिल्ली/ टोक्यो। भारत की भाविनाबेन पटेल को टोक्यो पैरालिंपिक की टेबल टेनिस क्लास 4 स्पर्धा के महिला एकल फाइनल में चीन की झाउ यिंग के खिलाफ 7-11, 5-11, 6-11 की शिकस्त के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

मौजूदा पैरालिंपिक खेलों में यह भारत का पहला पदक है। भाविनाबेन ने पहले गेम में झाउ यिंग को अच्छी टक्कर दी लेकिन चीन की दो बार की पूर्व स्वर्ण पदक खिलाड़ी ने एक बार लय हासिल करने के बाद भारतीय खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया और सीधे गेम में आसान जीत दर्ज की।
भारत की भाविनाबेन पटेल ने सेमीफाइनल में चीन की मियाओ झांग को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया था। पटेल ने दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी को 7-11, 11-7, 11-4, 9-11, 11-8 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

उत्पीड़न की मंशा, बच्चे का गाल छूना अपराध नहीं

कविता गर्ग           

मुंबई। बंबई उच्च न्यायालय ने आठ साल की लड़की के यौन शोषण के आरोपी 46 वर्षीय व्यक्ति को जमानत देते हुए कहा कि यौन उत्पीड़न की मंशा के बगैर किसी बच्चे का गाल छूना अपराध नहीं है। न्यायमूर्ति संदीप शिंदे की एकल पीठ ने पड़ोसी ठाणे जिले में रबोडी पुलिस द्वारा जुलाई 2020 में गिरफ्तार किए गए आरोपी मोहम्मद अहमद उल्ला को 27 अगस्त को जमानत दे दी। 

उच्च न्यायालय ने कहा कि मेरी राय में यौन उत्पीड़न की मंशा के बिना किसी के गाल छूना बाल यौन अपराध संरक्षण कानून की धारा सात के तहत परिभाषित ‘यौन शोषण’ के अपराध के दायरे में नहीं आता है। रिकॉर्ड में उपलब्ध दस्तावेजों के प्राथमिक मूल्यांकन से यह नहीं लगता कि याचिकाकर्ता ने यौन शोषण की मंशा से पीड़ित के गाल छूए।

अयोध्या, लखनऊ व नोएडा में निकलेगी तिरंगा यात्रा

अकांशु उपाध्याय           

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले, आम आदमी पार्टी (आप) भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष को मनाने लिए अयोध्या, लखनऊ और नोएडा में तिरंगा यात्रा निकालेगी। पार्टी के सूत्रों ने बताया कि अयोध्या में यात्रा राम मंदिर में कुछ देर रुकेगी। यात्रा मध्य सितंबर में निकाली जानी है। आप नेता संजय सिंह ने कहा है कि आप रविवार को आगरा में और एक सितंबर को नोएडा में तिरंगा यात्रा निकालेगी।

इन यात्राओं में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शामिल होंगे। पार्टी नेताओं ने कहा कि देश आजादी का 75वां वर्ष मना रहा है और इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को जातिवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति के खिलाफ एकजुट करना है। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। आप ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

मुजफ्फरनगर की कार्यकारिणी का विस्तारण किया

हरिओम उपाध्याय       

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने जिला कांग्रेस कमेटी मुजफ्फरनगर की कार्यकारिणी का विस्तारण किया है। उन्होंने मुजफ्फरनगर कांग्रेस कमेटी का जिला महासचिव अली मतलूब का बनाया है।

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने जिला कांग्रेस कमेटी मुजफ्फरनगर में सुकपाल सिंह बेदी को उपाध्यक्ष, डा. अली मतलूब व राजीव शर्मा को महासचिव व सुधीर गुर्जर, सुलेमार, सतीश सिंह पप्पू को सचिव बनाया गया है। जारी की गई सूची के नीचे लिखा गया है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के क्षेत्राधिकार में आने वाले कांग्रेस के वर्तमान एवं पूर्व सांसद, विधायक, एलएलसी सदस्य, एआईसीसी सदस्य, पीसीसी उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वह पदाधिकारी जो सम्बंधित जिला शहर के निवासी हो, जिला/शहर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष फ्रण्टल संगठनों के जिला/शहर/मुख्य संगठन/ लोकसभा अध्यक्ष कांग्रेस के निर्वाचित जिला पंचायत/नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष, विगत विधानसभा एवं लोकसभा कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे और जिला/शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रत्येक बैठक में इन्हें अवश्य आमंत्रित किया जाये।

हीरामंडी में काम करती नजर आएंगीं 18 अभिनेत्रियां

कविता गर्ग         

मुंबई। बॉलीवुड फिल्मकार संजय लीला भंसाली की फिल्म हीरामंडी में 18 अभिनेत्रियां काम करती नजर आ सकती हैं।

संजय लीला भंसाली इन दिनों अपनी आने वाली वेब सीरीज 'हीरा मंडी' को लेकर काफी चर्चा में हैं। महिलाओं पर केंद्रित इस आठ ऐपिसोड वाली इस सीरीज में बॉलीवुड की 18 अभिनेत्री काम करती नजर आयेंगी। कहा जा रहा है कि हीरामंडी में मनीषा कोइराला, सोनाक्षी सिन्‍हा, संजीदा शेख, निम्रत कौर, जूही चावला, डायना पेंटी कास्‍ट हो गई हैं।

कमाई डकारने के मामले में निदेशक को अरेस्ट किया

अकांशु उपाध्याय       

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने गरीबों को अमीर बनाने का सपने दिखा उनकी खून-पसीने की कमाई डकारने के मामले में एक फर्जी बैंक के निदेशक को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा के अतिरिक्त आयुक्त आर के सिंह ने रविवार को 'यूनीवार्ता' को बताया कि आरोपी मुरारी कुमार श्रीवास्तव बिहार में सीतामढ़ी जिले के हुमायूंपुर से पकड़ा गया। वह करीब तीन वर्षों से फरार था। सहायक पुलिस उपायुक्त विरेंद्र ठाकरान की देखरेख में उपनिरीक्षक सुशील कुमार, हवलदार सतबीर सिंह और सिपाही मनीष के एक विशेष दल ने तकनीकी एवं अन्य स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि ठगी के शिकार 38 लोगों की एक संयुक्त शिकायत पर 14 सितंबर 2018 को आर्थिक अपराध शाखा में मुरारी एवं अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। ये प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता की 406, 409, 420 और 120-बी धाराओं के तहत दर्ज की गई थी। अब तक की जांच में कथित मेसर्स प्रोग्रेस प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के नाम पर 531 भोले-भाले गरीबों से करीब साढ़े तीन करोड़ रूपये की ठगी का खुलासा है। ये कंपनी भारतीय रिजर्व बैंक में रूपये जमा करवाने के लिये पंजीकत्रत नहीं है कंपनी आकर्षक रिटर्न के झांसा देकर लोगों ने रूपये जमा करवाये। इसी बीच जब लोग वर्ष 2018 में ब्याज समेत पूरी रकम लेने गये तोेे उन्हें तरह-तरह से गुमराह किया गया। इसी बीच एक दिन अचानक कंपनी का शटर बंद कर कथित निदेशक फरार हो गये। तब जाकर लोगों को ठगे जाने का एहसास हुआ और उन्होंने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की।

आरोप है कि मेसर्स प्रोग्रेस प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड नाम की फर्जी कंपनी में 18 फीसदी ब्याज के साथ रुपये लौटाने का वादा कर फिक्स डिपोजिट एवं अन्य स्कीमों में लोगों के पैसे जमा कराये गये, लेकिन निर्धारित समय पर उन्हें लौटाया नहीं गया। निवेशकों ने वादे के मुताबिक रकम वापस मांगे तो मुरारी समेत अन्य कथित निदेशक मकान बेचकर दिल्ली से रातों-रात फरार हो गये। यह कथित कंपनी दिल्ली के पहाड़गंज के एक भवन में संचालित की जा रही थी। उन्होंने बताया ठगी के शिकार ज्यादातर लोग निम्न आय वर्ग से आते हैं। वे ठगों के लुभावने झांसे में आ गये और अपनी गाढ़ी कमाई का एक हिस्सा बेहतर भविष्य की उम्मीद में जमा करते रहे। उन्हें कंपनी की ओर से असली बैंक की तरह पास बुक दी हुई थी।

रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने का फैसला किया: सरकार

तिरुवनंतपुरम। केरल में कोविड-19 संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों के मद्देजनर राज्य सरकार ने सोमवार रात 2200 बजे से सुबह 0600 बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शनिवार शाम यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नयी पाबंदियों की जानकारी दी। इससे पहले, सरकार ने ओणम त्योहार और स्वतंत्रता दिवस के बाद कोरोना संक्रमण के मामलों की बढ़ती संख्या और मौतों से कोई राहत नहीं मिलने के बाद हर रविवार को 'ट्रिपल लॉकडाउन' के समान सख्त उपाय करने का फैसला किया था।

कोरोना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा के लिए 24 अगस्त को आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। पिछले दो रविवारों से स्वतंत्रता दिवस और ओणम त्योहार के कारण कोई लॉकडाउन लागू नहीं था। इन दिनों, केरल में प्रतिदिन 30,000 से अधिक सकारात्मक मामले सामने आ रहे हैं।

गौरतलब है कि केरल में पिछले एक सप्ताह में देश में कोराेना के नये मामलों के लगभग 60 प्रतिशत और कुल सक्रिय मामलों के 50 प्रतिशत से अधिक मामले सामने आये हैं। इसके मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केरल सरकार से उच्च सकारात्मकता वाले क्षेत्रों में रात्रि कर्फ्यू लगाने की संभावना तलाशने का आग्रह किया था।

5वें दिन पेट्रोल व डीजल की कीमतें यथावत रहीं

अकांशु उपाध्याय      

नई दिल्ली। अंतर्रष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में बीते सप्ताह तेजी रहने के वावजूद रविवार को लगातार पांचवें दिन पेट्रोल और डीजल की कीमतें यथावत रही। मंगलवार को इन दोनों की कीमतों में 15-15 पैसे प्रति लीटर की कमी की गयी थी। आज दिल्ली में आज इंडियन ऑयल के पंप पर पेट्रोल जहां 101.49 रुपये प्रति लीटर पर औैर डीजल 88.92 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर रहा। तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, आज दिल्ली में पेट्रोल 101.49 रुपये प्रति लीटर पर और डीजल 88.92 रुपये प्रति लीटर पर रहा।मैक्सिको में तेल निकालने के प्लेटफार्म पर हुए हादसे का असर बाजार पर दिखना शुरू हो गया है। वहां हर रोज करीब 4,00,000 बैरल कच्चे तेल का उत्पादन होता था। बाजार में इतनी सप्लाई में कमी आने से इस सप्ताहांत फिर से ब्रेंट क्रूड 73 डॉलर के करीब पहुंच गया।

पेट्रोल-डीजल के मूल्यों की रोजाना समीक्षा होती है और उसके आधार पर हर दिन सुबह छह बजे से नयी कीमतें लागू की जाती हैं।

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात क्षेत्र में तब्दील हुआ

मनोज सिंह ठाकुर         
भोपाल। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है। मानसून ट्रफ भी ग्वालियर से होकर गुजर रहा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इन दिनों दो सिस्टम के असर से मानसून सक्रिय हो गया है।जिसके चलते सोमवार से पूरे मध्यप्रदेश में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक रीवा में 17, धार में 10, मंडला, गुना, छिंदवाड़ा में एक, भोपाल (शहर) में 0.4, जबलपुर में 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री से. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 22 डिसे. रिकार्ड किया गया। यह सामान्य रहा। मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि सोमवार को जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में दक्षिणी ओडिशा और उत्तर आंध्रप्रदेश तट के बीच कम दबाव का क्षेत्र बना है। इस सिस्टम के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढऩे की संभावना है। मानसून ट्रफ फिरोजपुर, दिल्ली, ग्वालियर, झारसुगड़ा से कम दबाव के क्षेत्र से तब्दील होकर बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। इन दो सिस्टमों के असर से सोमवार से पूरे मप्र में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

हिंसा के केस में ब्यूरो ने 2 आरोपियों को अरेस्ट किया

कोलकता। पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुए बड़े पैमाने पर हिंसा के केस में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस केस में सीबीआई ने अब तक 21 केस दर्ज किए हैं। 15 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी भी की गई। सीबीआई को कलकत्ता हाई कोर्ट ने जांच करने के आदेश दिए हैं। बंगाल में इस साल मई में चुनाव के नतीजे आने के बाद बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी। कहा जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस की जीत के बाद कई महिलाओं ने रेप और हत्या के आरोप लगाए थे। सीबीआई ने नादिया जिले में भाजपा समर्थक धर्म मंडल पर हुए कथित हमले के सिलसिले में सीबीआई ने शनिवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के मुताबिक दो आरोपी- बिजॉय घोष और असीम घोष-को जांच एजेंसी ने गिरफ्तारी से पहले कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था।


2 अगस्त से चल रही हड़ताल के अट्ठाइस दिन पूरे

पंकज कपूर             
हल्द्वानी। 2 अगस्त से चल रही आशा हड़ताल के अट्ठाइस दिन पूरे हो चुके हैं। लेकिन राज्य सरकार और उसके मुखिया अभी भी अनिर्णय के शिकार हैं। आज के धरने से जारी बयान में ऐक्टू से संबद्ध उत्तराखण्ड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन ने कहा कि, "आशा आंदोलन और हड़ताल को चलते हुए एक महीना होने को है लेकिन आशाओं के मासिक वेतन पर सरकार ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। यूनियन द्वारा यह पहले ही घोषणा की गई थी कि यदि सरकार विधानसभा सत्र तक भी कोई निर्णय नहीं लेगी तो महीने के अंत में "मुख्यमंत्री के कैम्प कार्यालय, खटीमा चलो" का कार्यक्रम लिया जायेगा।"
यूनियन ने कहा कि, "राज्य सरकार अभी भी आशाओं की समस्याओं के समाधान में टालमटोल कर रही है। अतः "31 अगस्त को "मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय खटीमा" जाकर मुख्यमंत्री से आशाओं के मासिक वेतन पर जवाब माँगा जायेगा। सभी जिलों से सैकड़ों की संख्या में आशाएँ मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय कूच में शामिल होंगी।
यूनियन महामंत्री डॉ कैलाश पाण्डेय ने कहा कि, "सेवा के नाम पर पिछले पंद्रह साल से शोषण झेल रही आशा वर्कर्स ने अब अपने अधिकार और सम्मान के लिए कमर कस ली है। अब आशाएँ अपना हक लेकर ही आंदोलन खत्म करेंगी। इसलिए राज्य सरकार आशाओं के जज्बे को समझते हुए आशाओं के पक्ष में फैसला ले और मासिक वेतन व पेंशन की घोषणा करे।"
आज हल्द्वानी में महिला अस्पताल परिसर में बने धरना स्थल पर डॉ कैलाश पाण्डेय, रिंकी जोशी, रीना बाला, पुष्पलता, सायमा सिद्दीकी, मुन्नी रौतेला,  रेखा भट्ट, रेशमा, राजेश्वरी जोशी, सरिता साहू, माया शाह, पुष्पा आर्य, गंगा बिष्ट, कमला बिष्ट, दीपा आर्य, हेमा शर्मा, सरस्वती, मालती देवी, कमलेश आदि आशाएँ सम्मिलित रहीं।

हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया

हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया  इकबाल अंसारी  हैदराबाद। इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2024 सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और...