शुक्रवार, 13 अगस्त 2021

सेब की 5 किस्मों का निर्यात बहरीन को किया गया

श्रीराम मौर्य      
शिमला। हिमाचल प्रदेश से कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए सेब की पांच किस्मों का निर्यात बहरीन को किया गया है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां बताया कि नए क्षेत्रों में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के अपने जोर को जारी रखते हुए हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन और प्रसंस्करण निगम लिमिटेड (एचपीएमसी) के सहयोग से सेब की पांच अनूठी किस्मों रॉयल डिलीशियस, डार्क बैरन गाला, स्कारलेट स्पर, रेड वेलॉक्स और गोल्डन डिलीशियस का निर्यात बहरीन को किया गया है।
ये सेब राज्य के किसानों से प्राप्त किये गये हैं। मंत्रालय के अनुसार 15 अगस्त, 2021 से शुरू होने वाले प्रमुख खुदरा कारोबारी-अल जजीरा समूह द्वारा आयोजित सेब प्रचार कार्यक्रम में इनका प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनी का आयोजन भारत की आजादी का अमृत महोत्सव-विषय के अंतर्गत किया जायेगा। भारतीय सेब की किस्मों के बारे में बहरीन में उपभोक्ताओं को परिचित कराने के लिए सेब संवर्धन कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है।

आईबी के 1 अधिकारी को अग्रिम जमानत प्रदान की

कोच्चि। केरल उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) साजिश मामले में तीन पूर्व पुलिस अधिकारियों और आईबी के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को अग्रिम जमानत प्रदान की। न्यायमूर्ति अशोक मेनन ने पूर्व पुलिस अधिकारियों आर बी कुमार, एस विजयन और टी एस दुर्गा दत्त और खुफिया ब्यूरो (आईबी) के पूर्व अधिकारी पी एस जयप्रकाश को अग्रिम जमानत दी।
इन सभी ने साजिश के आरोप में सीबीआई द्वारा दर्ज मामले में अग्रिम जमानत की गुहार लगायी थी। इससे पहले, उच्च न्यायालय ने अलग-अलग तारीखों पर इन सभी को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी थी।
सीबीआई ने 1994 के जासूसी मामले में इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नंबी नारायणन की गिरफ्तारी और हिरासत के संबंध में मामला दर्ज किया था। जिसमें इन चारों के अलावा 14 अन्य आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, अपहरण और साक्ष्य गढ़ने समेत विभिन्न अपराधों के तहत आरोप लगाए गए हैं।
नारायणन के अलावा मालदीव की दो महिलाओं को भी 1994 के जासूसी मामले में गिरफ्तार और हिरासत में रखा गया था। ये महिलाएं रिहा होने से पहले तीन साल से भी अधिक समय तक जेल में रही थीं।

स्वतंत्रता दिवस समारोहों से पहले सुरक्षा बढ़ाईं गई

श्रीनगर। स्वतंत्रता दिवस समारोहों से पहले कश्मीर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सुरक्षा बल स्थिति की निगरानी के लिए ड्रोनों के इस्तेमाल समेत “तकनीकी निगरानी” की मदद ले रहे हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि समारोहों में किसी तरह की बाधा डालने की आतंकवादियों के किसी भी प्रयास को नाकाम करने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों को शहर के कई स्थानों और घाटी में हर जगह पर भारी संख्या में तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि घाटी में कई स्थानों पर वाहनों की औचक जांच और लोगों की तलाशी ली जा रही है, खासकर 15 अगस्त के कार्यक्रमों वाले स्थानों के आसपास। उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यक्रम यहां शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में होगा और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक, विजय कुमार ने कहा कि घाटी में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है और सुरक्षा बल चौकन्ने हैं।
कुमार ने यहां संवाददाताओं को बताया, “लोगों की तलाशी, जांच और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। हम तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल कर रहे हैं। हम श्रीनगर समेत सभी जिलों में किसी अप्रिय घटना से मुक्त कार्यक्रम सुनिश्चित करेंगे।” उन्होंने कहा कि लोगों को डरना नहीं चाहिए और कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए।
आईजीपी ने कहा, “पाकिस्तान आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देकर लोगों को रोकने के लिए आतंकवादियों को हमेशा उकसाता रहता है। डरें नहीं, आपके सुरक्षा बल तैयार हैं और सुरक्षा मुहैया कराएंगे।” कुमार शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में संवाददाताओं से बात कर रहे थे जहां पूरी वर्दी में पूर्वाभ्यास चल रहा था। कार्यक्रम की अध्यक्षता कश्मीर के संभागीय आयुक्त, पांडुरंग के पोले ने की। अधिकारियों ने बताया कि पोले ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली।

23 अगस्त को कर सकते हैं स्मॉग टावर का उद्घाटन

अकांशु उपाध्याय             
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय राजधानी के पहले स्मॉग टॉवर का उद्घाटन कनॉट प्लेस में 23 अगस्त को कर सकते हैं। दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि स्मॉग टॉवर का निर्माण पूरा हो गया है और उद्घाटन 15 अगस्त के बजाय 23 अगस्त को किया जाएगा। 
क्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे में हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए स्थापित किये जा रहे करीब 20 मीटर ऊंचे टॉवर का निर्माण पहले 15 जून तक होना था। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा था कि कोविड-19 महामारी की
वजह से स्मॉग टॉवर के निर्माण कार्य में देरी हुई।
दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल ने पिछले साल अक्टूबर में इस संबंध में प्रायोगिक परियोजना को हरी झंडी दिखाई थी। राय के अनुसार स्मॉग टॉवर से एक सैकंड में 1,000 घन मीटर हवा शुद्ध हो सकेगी। केंद्र सरकार द्वारा आनंद विहार में बनाये गये एक और 25 मीटर ऊंचे स्मॉग टॉवर को 31 अगस्त तक शुरू किया जा सकता है। यह जानकारी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने दी।

प्रावधानों के तहत ‘नदी प्रबंधन विधेयक’ होगा तैयार

अकांशु उपाध्याय                    
नई दिल्ली। देश में हर साल आने वाली बाढ़ के कारण नुकसान पर चिंताओं के बीच जल शक्ति मंत्रालय ने संसद की एक समिति को बताया कि एकीकृत नदी घाटी प्रबंधन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिये संविधान के मौजूदा प्रावधानों के तहत ‘नदी प्रबंधन विधेयक’ तैयार किया जा रहा है। लोकसभा में पांच अगस्त को पेश जल संसाधन संबंधी स्थायी समिति की रिपोर्ट में यह बात कही गई है।
समिति ने पूछा था कि क्या जल संसाधन, नदी विकास विभाग ने ‘बाढ़ नियंत्रण’ विषय को संविधान की समवर्ती सूची के तहत लाने के लिये कोई प्रस्ताव प्रस्तुत किया है ? इसके जवाब में विभाग ने कहा कि बाढ़ प्रबंधन में केंद्र सरकार द्वारा प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने के लिये ‘जल संसाधन विकास’ विषय को समवर्ती सूची में लाना होगा।

वोटर आईडी कार्ड बनानें की खबर को गंभीर बताया

हरिओम उपाध्याय                         
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी चुनाव आयोग की वेबसाइट में एक नवयुवक द्वारा 'डिजिटल सेंधमारी' करके नक़ली वोटर आईडी कार्ड बनाए जाने की ख़बर को बेहद गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे घपलों की पूरे सूबे में जांच होनी चाहिए।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करते हुए लिखा है कि उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग की वेबसाइट में एक नवयुवक द्वारा 'डिजिटल सेंधमारी' करके नक़ली वोटर आईडी कार्ड बनाए जाने की ख़बर बेहद गंभीर है। ऐसे घपलों के लिए पूरे राज्य में जाँच हो, पता तो चले कहीं इसे राज्याश्रय तो प्राप्त नहीं है। ये चुनाव आयोग की सुरक्षा ही नहीं बल्कि गरिमा का भी सवाल है।

थलसेना द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव मनाया

हरिओम उपाध्याय         
मथुरा। भारतीय थलसेना एवं वायुसेना ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से आगरा के बीओसी मैदान पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया। इसमें सेना की मध्य कमान के प्रमुख अतिविशिष्ट सेवा मेडल प्राप्त लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी तथा मध्य वायु कमान के प्रमुख एयर मार्शल आरके डकवर्थ तथा अनेक वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, उनके परिजनों एवं पूर्व अधिकारियों ने भाग लिया।समारोह की शुरुआत शत्रुजीत ब्रिगेड के पैराकमांडो की उड़ान से हुई। जिसमें चार जवान पैराशूट पर तिरंगा एवं ब्रिगेड का झण्डा लगाए हुए ऊपर से गुजरे। इसके बाद 75 जवानों ने वायुसेना के तीन अलग-अलग परिवहन विमानों से नौ हजार फुट की ऊंचाई से कूद कर अपने साहस और कौशल का प्रदर्शन किया।
तत्पश्चात सैन्य विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने देश के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले शत्रुजीत ब्रिगेड के 724 शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें शत्रुजीत युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और समारोह का समापन किया।
इस मौके पर बीएमपी मैदान पर शत्रुजीत ब्रिगेड द्वारा प्रयोग किए जाने अत्याधुनिक हथियारों एवं तकनीकि उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। आगरा के मण्डल आयुक्त अमित गुप्ता, अपर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण आदि अनेक विशिष्टजन भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे।

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...