बुधवार, 11 अगस्त 2021

देश में पेट्रोल के दाम लगातार 25वें दिन स्थिर रहे

अकांशु उपाध्याय                    
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में तेजी के बीच बुधवार को देश में पेट्रोल के दाम लगातार 25 वें दिन स्थिर रहे। डीजल के मूल्य में भी लगातार 26 वें दिन कोई बदलाव नहीं किया गया।
तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में पेट्रोल 101.84 रुपये और डीजल 89.87 रुपये प्रति लीटर पर टिका रहा। देश के दूसरे शहरों में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर रही है।
पेट्रोल-डीजल के मूल्यों की रोजाना समीक्षा होती है और उसके आधार पर हर दिन सुबह छह बजे से नयी कीमतें लागू की जाती हैं।कल तेल की कीमतों में करीब डेढ़ फीसदी की तेजी दर्ज़ की गई थी।


सदस्यों पर चल रहे मुकदमें वापस करातीं हैं सरकार

हरिओम उपाध्याय                       
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के सम्पन्न होने के पश्चात जो नेता विधायक बने थे। उनमें से सैंकड़ों विधायको के विरूद्ध मुकदमे चल रहे थे। अक्सर जब किसी दल की सरकार बन जाती है तो वह सत्ता में आते ही अपने सदस्यों पर चल रहे मुकदमें वापस करा लेती है। इसी तरह भाजपा सरकार द्वारा भी अपने सदस्यों के खिलाफ चल रहे मुकदमों को समाप्त करना प्रारंभ कर दिया गया। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 में चुनाव सम्पन्न के पश्चात 143 विधायक आपराधिक छवि के बताये जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव पूर्ण हुए थे। इसी बीच उत्तर प्रदेश के तमाम दलों के 403 विधायकों में 143 विधायक अपराध के मामलों में उलझे हुए थे। जिनके विरूद्ध मुकदमे चल रहे थे। मुकदमे चलने वाले विधायकों में 114 विधायक भाजपा, 14 विधायक सपा, 5 विधायक बसपा, एक विधायक कांग्रेस और बाकी के विधायक निर्दलीय व अन्य दलों से हैं।
अक्सर देखा जाता है कि प्रत्येक दल की सरकार बनते ही अपने सदस्यों पर चल रहे मुकदमों को वापस करा देती है। इसी तरह भाजपा सरकार ने उनके सदस्यों पर चल रहे मुकदमों को वापस कराना प्रारंभ किया। मार्च 2017 के एडीआर की मानें तो जिन 143 विधायकों पर मुकदमे चल रहे थे, उनमें से 105 पर तो संगीन धाराओं में मुकदमे थे, जिनमे हत्या, हत्या के प्रयास, महिलाओं से छेड़खानी, धोखाधड़ी मुकदमे दर्ज थे।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने फैसले में प्रदेश की सरकारों की शक्तियों को खत्म करते हुए कहा है कि सांसदों एवं विधायकों के विरूद्ध हाईकोर्ट की मंजूरी के बिना इजाजत के वापस नहीं लिये जा सकते हैं। प्रमुख न्यायधीश की अध्यक्षता वाली पीठ ने केन्द्र सरकार एवं सीबीआई जैसी एजेंसियों के द्वारा इस मामले में स्थिति रिपोर्ट दाखिल न करने पर नाराजगी जताई। राजनेताओं के विरूद्ध आपराधिक मामलों की निगरानी हेतु स्पेशल पीठ गठित करने के संकेत दिये।

स्क्वायर पर बड़ा 'तिरंगा' फहराएगा प्रवासी संगठन

अकांशु उपाध्याय                  
नई दिल्ली। भारत के स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में अमेरिका में एक प्रमुख भारतीय प्रवासी संगठन 15 अगस्त को यहां टाइम्स स्क्वायर पर अब तक का सबसे बड़ा तिरंगा फहराएगा। फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और कनेक्टिकट, 15 अगस्त को टाइम्स स्क्वायर पर तिरंगा फहराने के साथ शुरू होने वाले दिन भर के समारोहों की मेजबानी करेंगे।
टाइम्स स्क्वायर पर पहला भारत दिवस बिलबोर्ड 24 घंटे के लिए प्रदर्शित किया जाएगा, एम्पायर स्टेट बिल्डिंग को भारतीय तिरंगे के रंगों में रौशन किया जाएगा और दिन का अंत हडसन नदी पर एक शानदार क्रूज के साथ होगा जिसमें शीर्ष सरकारी अधिकारी, विशिष्ट अतिथि और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्य भाग लेंगे। फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन (एफआईए) ने पिछले साल देश के स्वतंत्रता दिवस पर टाइम्स स्क्वायर पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। यह पहली बार था जब न्यूयॉर्क शहर के प्रतिष्ठित गंतव्य पर भारतीय तिरंगा फहराया गया था।
एफआईए के अध्यक्ष अंकुर वैद्य ने कहा कि संगठन का इरादा टाइम्स स्क्वायर पर हर साल तिरंगा फहराने का है क्योंकि इस आयोजन का अपना महत्व है। वैद्य ने बताया, “हम इस परंपरा को जारी रखना चाहते हैं। इस साल हम, टाइम्स स्क्वायर पर जो तिरंगा फहराएंगे वह यहां फहराए गए अब तक के तिरंगों में सबसे बड़ा होगा।” तिरंगा 6 फुट लंबा और 10 फुट चौड़ा होगा। पोल की ऊंचाई 25 फुट है।
न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल तिरंगा फहराएंगे। इस आयोजन में भारतीय मूल के अमेरिकी खिलाड़ी एवं शतरंज के इतिहास में सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर 12 वर्षीय अभिमन्यु मिश्रा और 17 वर्षीय समीर बनर्जी को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने पिछले महीने विंबलडन बॉयज का एकल फाइनल जीतकर इतिहास रच दिया था। कलाकार जोनिता गांधी और मिकी सिंह भी मेहमानों में शुमार होंगे। वैद्य ने कहा कि भारत 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, ऐसे में एफआईए ‘अमेरिका में एकीकृत प्रवासी’ पर केंद्रित एक अभियान शुरू कर रहा है।

दूसरे चरण की शुरुआत करने के बाद दावा किया

अकांशु उपाध्याय                         
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उज्ज्वला योजना के दूसरे चरण की शुरुआत किए जाने के बाद बुधवार को दावा किया कि उज्ज्वला के तहत मिले 90 प्रतिशत सिलेंडर धूल खा रहे हैं और महिलाएं चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं।
उन्होंने ट्वीट किया, ” उज्ज्वला में मिले 90 प्रतिशत सिलेंडर धूल खा रहे हैं और महिलाएं चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। क्योंकि भाजपा सरकार ने सिलेंडर के दाम 7 सालों में दुगने और सब्सिडी न के बराबर कर दी है।” प्रियंका ने यह भी कहा, ”अगर उज्ज्वला को लेकर सरकार जरा भी ईमानदार है तो गरीबों को सब्सिडी दे और महंगाई कम करे।”
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ के दूसरे चरण की शुरुआत की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महोबा जिले में इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने उज्ज्वला योजना-दो के 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस ऑनलाइन कार्यक्रम में मोदी ने उज्ज्वला योजना के पहले चरण के पांच लाभार्थियों से बातचीत भी की थी।

अनुरोध वाली याचिका पर सुनवाई करेगा हाईकोर्ट

अकांशु उपाध्याय                         
नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार को कहा कि वह नौ साल की दलित लड़की की पहचान उजागर करने के आरोप में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के अनुरोध वाली याचिका पर 27 सितंबर को सुनवाई करेगा। दक्षिणपश्चिम दिल्ली में नौ साल की बच्ची से कथित तौर पर बलात्कार हुआ था और फिर उसकी हत्या कर दी गई थी। राहुल गांधी पर आरोप है कि उन्होंने बच्ची की उसके माता-पिता के साथ एक तस्वीर ट्विटर पर प्रकाशित कर उसकी पहचान उजागर की है। मुख्य न्यायाधीश डी एन पटेल और न्यायमूर्ति ज्योति सिंह की पीठ ने मकारंद सुरेश म्हादेलकर द्वारा दायर जनहित याचिका (पीआईएल) पर इस चरण में नोटिस जारी करने से इनकार कर दिया और पक्षों से एक से दो पन्ने की दलीलों को अगली सुनवाई तक तैयार रखने को कहा। ट्विटर का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता साजन पूवाय्या ने अदालत को बताया कि राहुल के जिस ट्वीट के संबंध में बात की जा रही है उसे हटा दिया गया है क्योंकि यह प्लेटफॉर्म की अपनी नीति के खिलाफ है।
पूवाय्या ने कहा, “अकाउंट लॉक कर दिया गया है और ट्वीट उपलब्ध नहीं है।” हालांकि म्हादेलकर के वकील, गौतम झा ने ट्विटर के दावे से असहमति व्यक्त की और अदालत से हलफनामा मांगने का अनुरोध किया। अदालत ने सुनवाई स्थगित करने से पहले कहा, “अगर यह रवैया है, तो हम नोटिस जारी नहीं कर रहे हैं।” वरिष्ठ अधिवक्ता आर एस चीमा राहुल गांधी की तरफ से पेश हुए।
सामाजिक कार्यकर्ता, म्हादलेकर ने अपनी याचिका में कहा कि पीड़िता के माता-पिता के साथ तस्वीर पोस्ट करके गांधी ने किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 का उल्लंघन किया है। जो यौन अपराधों के नाबालिग पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक करने पर रोक लगाता है।

100 अंकों से अधिक की बढ़त, खुला 'सेंसेक्स'

कविता गर्ग                            
मुंबई। एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील और एक्सिस बैंक के शेयरों में मजबूती के रुख से बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 100 अंकों से ज्यादा की बढ़त के साथ खुला। साथ ही वैश्विक बाजारों का रुख सकारात्मक था। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 149.24 अंक या 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 54,703.90 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी शुरुआती कारोबार में 46.95 अंक या 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,327.05 अंक पर था।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर सबसे अधिक दो प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गया। एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और पावरग्रिड के शेयर भी लाभ में थे।
वहीं दूसरी ओर टेक महिंद्रा, डॉ रेड्डीज, सन फार्मा और बजाज फाइनेंस के शेयर नुकसान में कारोबार कर रहे थे। पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 151.81 अंक या 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 54,554.66 अंक पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी 21.85 अंक के लाभ या 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,280.10 अंक पर रहा था।

जनहित के मुद्दों पर चर्चा नहीं चाहती सरकार: सीएम


मनोज सिंह ठाकुर                
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों पर चर्चा नहीं चाहती है। कमलनाथ ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि इसलिए ही राज्य सरकार ने विधानसभा के मानसून सत्र की अवधि चार दिन रखी और फिर उसे दो दिन में ही महज चार घंटे में ही स्थगित कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक बाढ़ आपदा, महंगायी, किसानों के मुद्दों और इस तरह की अन्य समस्याओं पर चर्चा करना चाहते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार को प्रारंभ हुआ था और मंगलवार को संपन्न हो गया। सत्र के दोनों ही दिन सदन में आदिवासियों, महंगायी और ओबीसी आरक्षण के मुद्दों पर जमकर हंगामा हुआ था।

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन   मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला रैली कौशाम्बी। एन डी कान...