सोमवार, 21 जून 2021

यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद ने फाॅर्मूला जारी किया

हरिओम उपाध्याय                  
लखनऊ। कोरोना के कारण हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा रद्द करने के बाद रिजल्ट को लेकर माथापच्ची शुरू हो गई है। हाल ही में सीबीएसई ने विद्यार्थियों को पास करने का अपना फाॅर्मूला जारी किया था। अब उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने भी अपना फाॅर्मूला जारी कर दिया है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी है। इसमें उन्होंने बताया है कि अपर मुख्य सचिव आराधना शुक्ला की अध्यक्षता में गठित कमेटी द्वारा तैयार ड्राफ्ट को 20 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने प्रस्तुत किया गया था।
जिसे उनकी मंजूरी के बाद सार्वजनिक कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री ने मूल्यांकन मानदंड जारी करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश बोर्ड के 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षाफल के मूल्यांकन के लिए तय किए गए फॉर्मूला के अनुसार, कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन के लिए 10वीं कक्षा, 11वीं कक्षा और 12वीं के अंक जोड़े जाएंगे। इस योजना के तहत हाईस्कूल परीक्षा में मिले अंको का 50 फीसदी, कक्षा 11 के वार्षिक/अर्धवार्षिक परीक्षा के 40 फीसदी अंक और कक्षा 12वीं में हुई प्री-बोर्ड परीक्षाओं के प्राप्तांकों के 10 फीसदी अंक जोड़े जाएंगे।उप मुख्यमंत्री ने बताया है कि हाईस्कूल परीक्षा का जो परिणाम जारी होगा, उसमें कक्षा नौ का 50 फीसद और 10वीं में हुई प्री बोर्ड परीक्षा के 50 फीसद अंक जोड़े जाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय योग विद्या में चीन ने भारत को पछाड़ा

अकांशु उपाध्याय                  
नई दिल्ली/ बीजिंग। स्वदेशी कार्यकर्ता भले ही चीन के उत्पादों का विरोध कर रहे हो। मगर भारतीय योग विद्या को चीन ने गले लगा कर भारत को पीछे कर दिया है। पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के बाद से वहां अब तक 50 भारत-योग विद्यालय और अमेरिका में पहला योग विश्वविद्यालय भी खुल गया है। 100 से ज्यादा देशों में कई योग केंद्र, सर्टिफिकेट कोर्स भी चला रहे हैं। जबकि भारत में मोरारजी देसाई के नाम पर योग विश्वविद्यालय खुलना था, इस बार के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्वविद्यालय का फीता नहीं काट पाएंगे। 
योग की दयनीय स्थिति तब है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस क्षेत्र को खुली छूट दी हुई है।प्रथम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दौरान चीन के लोगों में भारतीय योग के प्रति काफी झुकाव देखा गया था क्योंकि दुनिया में भारत के बाद सबसे ज्यादा चीनी नागरिकों ने ही योग दिवस में हिस्सा लिया था। सन 2015 में चीन में अपने योग शिक्षक बनाने का फैसला लिया गया और यून्नान शहर में पहला योग कालेज खोला गया जिसका नाम भारत-चीन योग विद्यालय है। 
इसके बाद वहां पर एक-एक करके अब तक 50 विद्यालय खुल चुके हैं जिनमें पोस्ट ग्रेजुएट स्तर की योग विद्या दी जाती है। चीन में 3 वर्ष के लिए पीजी कोर्स की पढ़ाई होती है जिसमें वहां के छात्रों को एक वर्ष के लिए भारत आना पड़ता है जो विभिन्न योग विद्यालयों मेइंटर्नशिप जैसी पढ़ाई करते हैं। इसी तरह अमेरिका में भी लास एंजिल्स शहर में स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय खोला गया है जिसमें वहां की सरकार ने 50 लाख डॉलर खर्च किए थे। यहां भी पोस्ट ग्रेजुएट एवं पीएचडी की डिग्री दी जाती है। भारत में पहला योग विश्वविद्यालय बेंगलुरु में सन 2002 में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के नाम से खोला था। जिसके कुलाधिपति डॉ एच आर नागेंद्र हैं अमेरिकी योग विश्वविद्यालय का चेयरमैन भी डॉ नागेंद्र को बनाया गया है।
इस विश्वविद्यालय का नाम स्वामी विवेकानंद के नाम से अमेरिका ने इसलिए रखा है क्योंकि वन 1893 में स्वामी विवेकानंद ने शिकागो में जो ऐतिहासिक उद्बोधन दिया था उसमें अध्यात्म और योग का भी काफी उल्लेख किया था। सरकारी स्तर पर भारत में योग को पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही बढ़ावा दिया और उन्हीं की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का ऐलान किया था।
मगर यहां योग की हालत यह है कि देश की राजधानी दिल्ली में मोरारजी देसाई के नाम पर एक योग विश्वविद्यालय कई वर्षों से प्रस्तावित है मगर दो-तीन मंत्रालयों के बीच मामला फंसा हुआ है। अभी यह मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के नाम से इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के अधीन चल रहा है। सभी राज्यों के विश्वविद्यालयों से कहा गया था की डिग्री कॉलेजों में योग विज्ञान की पढ़ाई को अनिवार्य किया जाए एवं उनके विभाग खोले जाएं। लेकिन अभी 5 फीसद काम भी नहीं हुआ है। योग आयुष मंत्रालय व उसकी पढ़ाई शिक्षा मंत्रालय के अधीन है।

चयनित टीम में रेलवे के 4 खिलाड़ियों का चयन किया

टोक्यो/ अहमदाबाद। टोक्यो में इस वर्ष 23 जुलाई से आयोजित होने वाले ओलंपिक की हॉकी स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित टीम में पश्चिम रेलवे के चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर द्वारा यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पश्चिम रेलवे के लिए यह गर्व का विषय है। टोक्यो ओलंपिक में खेलने जा रही पुरुष और महिला भारतीय हॉकी टीमों में पश्चिम रेलवे के दो महिला और दो पुरुष हॉकी खिलाड़ी दल का हिस्सा होंगे। महाप्रबंधक आलोक कंसल ने इन खिलाड़ियों को बधाई दी और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। 
उल्लेखनीय है कि दीप ग्रेस एक्का और नवनीत कौर टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही जो भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा हैं, जबकि अमित रोहिदास और नीलकांत शर्मा पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा हैं। चार खिलाड़ियों में से तीन पश्चिम रेलवे के मुंबई डिवीजन के टिकट चेकिंग कैडर से संबंधित हैं, जबकि सुश्री एक्का मुंबई सेंट्रल में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। दीप ग्रेस एक्का और नवनीत कौर ने इससे पहले 2016 में आयोजित रियो ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वे जकार्ता में आयोजित 2018 – एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य भी थीं। 
अमित रोहिदास 2018 – एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य थे। अमित रोहिदास और नीलकांत शर्मा 2019 में भुवनेश्वर में आयोजित आईएचएफ हॉकी विश्व कप में रजत पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के भी सदस्य थे। जहां एक ओर पश्चिम रेलवे ने हमेशा अपने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया है तो वही दूसरी ओर पश्चिम रेलवे के खिलाड़िओं ने हमेशा अपने प्रदर्शन और उपलब्धियों से संबंधित क्षेत्रों में अपना एक अलग स्थान बनाया है।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन
सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि श्रीमती शिक्षा पत्नी तीरथ पाल निवासी विजय विहार, लोनी गाजियाबाद के द्वारा गलत आचरण के कारण अपने पुत्र मोनू एवं पुत्रवधू मंजू से सभी प्रकार के संबंध विच्छेद कर लिए हैं। भविष्य में इनके द्वारा किसी भी कृत्य से कोई संबंध नहीं है। किसी भी प्रकार के कृत्य के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे। इनसे भविष्य में मेरा किसी प्रकार का कोई लेन-देन अथवा संबंध नहीं है।

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण 

1. अंक-310 (साल-02)
2. मंगलवार, जून 22, 2021
3. शक-1984, ज्येठ, शुक्ल-पक्ष, तिथि-द्वादशी, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 05:42, सूर्यास्त 07:16।
5. न्‍यूनतम तापमान -20 डी.सै., अधिकतम-36+ डी.सै.।
बरसात की संभावना
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745  
                     (सर्वाधिकार सुरक्षित) 

रविवार, 20 जून 2021

शराब: डब्ल्यूटीओ में शिकायत दर्ज करेंगा आस्ट्रेलिया

सिडनी/ बीजिंग। ऑस्ट्रेलिया ने कहा है कि वो उनके यहाँ बनी शराब पर चीन के शुल्क बढ़ाने के खिलाफ डब्ल्यूटीओ में शिकायत दर्ज करेगा। चीन ने पिछले साल ऑस्ट्रेलियाई शराब पर 218% तक का टैरिफ़ लागू कर दिया था। उसने ऑस्ट्रेलिया से अपने यहां आने वाले शराब और बीफ़ पर पाबंदी भी लगा दी थी। दरअसल ऑस्ट्रेलिया ने जब से कोरोना वायरस की उत्पत्ति की जाँच की बात उठाई है और चीन की कंपनी ख़्वावे को 5जी नेटवर्क बनाने से रोका है। तब से दोनों देशों के बीच रिश्ते ख़राब होते चले गए हैं। चीन का कहना है कि उसने ऑस्ट्रेलिया की शराब पर शुल्क बढ़ाया। क्योंकि उसे लगा कि इस कारोबार में भ्रष्ट तरीक़े अपनाए जा रहे हैं।

मगर ऑस्ट्रेलिया चीन के इन आरोपों से इनकार करता है। उसका कहना है कि वह इस मुद्दे को सुलझाने के लिए चीन से सीधे तौर पर बातचीत करने के लिए भी तैयार है। ऑस्ट्रेलिया के शराब उद्योग के लिए चीन सबसे बड़ा बाज़ार है और उत्पादकों का कहना है कि टैरिफ़ में बढ़ोत्तरी का उन पर बहुत बुरा असर पड़ा है।

एपी में 3.1 और मणिपुर में 3.6 तीव्रता का भूकंप

ईटानगर/ इंफाल। अरुणाचल प्रदेश में 3.1 और मणिपुर में 3.6 तीव्रता का भूकंप रविवार तड़के 20 मिनट के अंतराल में महसूस किया गया। सिस्मोलॉजी विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार अरुणाचल प्रदेश के पांगिन में रविवार तड़के 1 बजकर 2 मिनट 7 सेकेंड पर 3.1 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के चलते कहीं से किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

भूकंप का झटका अधिकांश लोगों को पता नहीं चल पाया। भूकंप की तीव्रता कम होने और मध्य रात्रि के समय आया, ऐसे समय में लोग गहरी नींद में थे। मिली जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र अरुणाचल प्रदेश के पांगिन से उत्तर उत्तर पश्चिम में 95 किमी दूर जमीन में 17 किमी नीचे बताया गया है। भूकंप का एपी सेंटर 28.89 उत्तरी अक्षांश तथा 94.79 पूर्वी देशांत्तर पर स्थित था। वहीं मणिपुर के शिरुई में रविवार की तड़के 01 बजकर 22 मिनट 50 सेकेंड पर 3.6 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। मिली जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र मणिपुर के शिरुई से उत्तर पश्चिम में 20 किमी दूर जमीन में 30 किमी नीचे बताया गया है। भूकंप का एपी सेंटर 25.28 उत्तरी अक्षांश तथा 94.30 पूर्वी देशांत्तर पर स्थित था।

धीमी पारी से बल्लेबाजी का आगाज किया: न्यूजीलैंड

साउथम्पटन। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल खेला जा रहा है। तीसरे दिन सधी शुरूआत करने के बाद भारत की पूरी टीम 217 रन के स्कोर पर पैवेलियन लौट गई। न्यूजीलैंड ने दस ओवर में 19 रन बना लिए हैं और धीमी पारी से बल्लेबाजी का आगाज किया है। तीसरे दिन रविवार का पहला सेशन न्यूजीलैंड के नाम रहा। भारत ने सुबह तीन विकेट पर 146 रन से आगे खेलना शुरू किया। लेकिन पहले सत्र में कप्तान विराट कोहली (44), ऋषभ पंत (चार), अजिंक्य रहाणे (49) और रविचंद्रन अश्विन (22) के विकेट गंवाये। लंच के समय रविंद्र जडेजा 15 और इशांत शर्मा दो रन पर खेल रहे थे।  न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जैमीसन ने तीन और नील वैगनर ने दो विकेट लिये हैं। लंच तक अपनी पहली पारी में सात विकेट पर 211 रन बनाये। 

भारतीय बल्लेबाजों के पास उनकी सीम, स्विंग और शार्ट पिच गेंदों का कोई जवाब नहीं था। कोहली (142 गेंदों पर 44 रन) अपने कल के स्कोर में एक भी रन नहीं जोड़ पाये। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के उनके साथी जैमीसन ने उन्हें काफी परेशानी में डाला। कोहली ने ऑफ स्टंप से बाहर जाती प्रत्येक गेंद को छोड़ा, लेकिन कीवी टीम ने उनके खिलाफ बहुत अच्छी तरह से जाल बिछाया। बोल्ट और जैमीसन ने ऑफ स्टंप से बाहर गेंद करना जारी रखा और कोहली भी उनकी रणनीति भांपकर इन गेंदों को छोड़ते रहे। ऐसे में जैमीसन की बेहतरीन लेंथ से की गयी गेंद उनके पैड से टकरायी और अंपायर की उंगली उठ गयी। विराट कोहली ने इस पर डीआरएस भी गंवाया। ऋषभ पंत (चार) ने 19 गेंद तक कोई रन नहीं बनाया और फिर मिडविकेट पर चौका जड़ा। 

इसके दो गेंद बाद जैमीसन की कोण लेती गेंद पर उन्होंने ड्राइव करने के प्रयास में तीसरी स्लिप में टॉम लाथम को कैच दे दिया। कोहली के साथ 61 रन की साझेदारी टूटने के बाद रहाणे (119 गेंदों पर 49 रन) को लग गया था कि रन गति तेज करने की जरूरत है। उन्होंने कुछ अच्छे शॉट खेले। उन्होंने नील वैगनर की गेंद पर गलत टाइमिंग से पुल किया लेकिन बच गये। वैगनर ने फिर शार्ट पिच गेंद की और इस बार उन्होंने स्क्वायर लेग पर लाथम को कैच दे दिया। रहाणे पुल शॉट खेलने के जाल में फंसकर अर्धशतक से चूक गये। रविचंद्रन अश्विन (27 गेंदों पर 22 रन) ने कुछ उपयोगी रन बनाये लेकिन लंच से ठीक पहले टिम साउदी (64 रन देकर एक) ने उनका विकेट निकाल दिया। लंच के समय रविंद्र जडेजा 15 और इशांत शर्मा दो रन पर खेल रहे थे।

बारिश व तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट जारी

अविनाश श्रीवास्तव              
पटना। बिहार के उत्तर-पश्चिम जिलों में रविवार सुबह से बारिश हो रही है। इसकी वजह से प्रदेश की राजधानी के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या हो गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक पटना, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा और सहरसा में भारी बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए।
मौसम विभाग से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक झारखंड और उसके सटे भागों पर जो कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था, वह उत्तर पश्चिम दिशा की ओर आगे चलकर दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं उसके आस पास के क्षेत्रों पर सतह से 1.5 किलो मीटर उंचाई पर स्थित है। इस मौसमी सिस्टम के अगले दो दिनों तक इसी प्रकार बने रहने की संभावना है। इसका परिणाम यह हाेगा कि पूरे बिहार में मध्यम एवं एक- दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि समय पूर्व मानसून आने से पहले चरण में अच्छी वर्षा हो रही है। मानसून 12 जून को बिहार में प्रवेश कर गया था। एक जून से 11 जून तक  सामान्य वर्षा  हो रही थी। एक से 11 जून तक 37 मिलीमीटर बारिश हुई थी लेकिन एक जून से लेकर 19 जून तक बारिश सामान्य से 149 प्रतिशत अधिक है। यानी 12 से 19 जून के बीच अब तक 202 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। पटना में शनिवार की शाम तक 9.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को सुबह 8.30 बजे से लेकर शाम 5.30 बजे तक पटना में 9.8 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड किया गया। पटना के अलावा गया में 19 मिलीमीटर, नवादा में 45.5 मिलीमीटर,जमुई में 21.5 तथा मधुबनी में 6.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

सरनाईक ने लिखा पत्र, यद्यपि भाजपा से गठबंधन टूटा

कविता गर्ग                 

मुंबई। धनशोधन के आरोपों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की निगरानी का सामना कर रहे शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर उनसे अपील की है कि ”बहुत देर होने से पहले” भाजपा के साथ मेलमिलाप करना ही ठीक रहेगा। सरनाईक ने 10 जून के अपने पत्र में कहा है कि यद्यपि भाजपा से गठबंधन टूट गया है। लेकिन ‘युति’ (भाजपा-शिवसेना) के नेताओं के बीच व्यक्तिगत और सौहार्दपूर्ण संबंध बने हुए हैं। विधायक ने अपने पत्र में कहा है, ”बहुत देर होने से पहले मेलमिलाप करना बेहतर रहेगा।” उद्धव ठाकरे नीत पार्टी के भाजपा के साथ गठबंधन से अलग होने के बाद शिवसेना ने राकांपा और कांग्रेस के साथ मिलकर 2019 में महा विकास आघाड़ी सरकार बनाई थी। पिछले साल नवंबर में, ईडी ने धनशोधन के मामले में सरनाईक के महाराष्ट्र स्थित परिसरों पर छापेमारी की थी।

यह उल्लेख करते हुए कि मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई शहरों में नगर निकाय चुनाव होने हैं। सरनाईक ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में कहा, ”अभिमन्यु और कर्ण की तरह स्वयं का बलिदान करने की जगह मैं अर्जुन की तरह युद्ध लड़ने में विश्वास करता हूं। यही कारण है कि अपने नेताओं या सरकार से कोई मदद लिए बिना मैं पिछले सात महीने से अपनी कानूनी लड़ाई लड़ रहा हूं।” ठाणे जिले से विधायक सरनाईक ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और राकांपा शिवसेना में दरार डालने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फिर से हाथ मिलाना बेहतर रहेगा क्योंकि शिवसैनिकों को लगता है कि यह मेरे जैसे, अनिल परब और रवींद्र वायकर जैसे शिवसेना नेताओं को समस्याओं से बचाएगा।”

हाइड्रोजन की पहल पर योजनाओं का खाका खींचा

अकांशु उपाध्याय            

नई दिल्ली। भारत को ब्रिक्स देशों का साथ मिल गया है। ब्रिक्स देशों के साथ ग्रीन हाइड्रोजन पहल पर दो दिवसीय शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसमें ग्रीन हाइड्रोजन पहल को लेकर भविष्य की योजनाओं को खाका खींचा जाएगा। जिसमें इस बात पर चर्चा होगी कि इसे अपने देशों में अगले स्तर तक कैसे ले जाया जाए। यह सम्मेलन 22 और 23 जून को ऑनलाइन इवेंट वीडियो कांफ्रेंस के जरिए आयोजित जायेगा। देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी और वैश्विक ऊर्जा कंपनियों में एक राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) लिमिटेड कार्यक्रम का संचालन करेगी। 

वर्चुअल शिखर सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के जाने-माने विशेषज्ञ और नीति निर्माता ग्रीन हाइड्रोजन के भविष्य पर विचार-विमर्श और चर्चा के लिए एक प्लेटफाॅर्म पर एकत्र होंगे। सम्मेलन के पहले दिन प्रत्येक देश के प्रतिनिधि हाइड्रोजन के उपयोग और उनकी भविष्य की योजनाओं पर अपने यहां से की गयी संबंधित पहलों को साझा करेंगे। वक्ता हाइड्रोजन पर विकसित विभिन्न तकनीकों की प्रासंगिकता और अपने देश के लिए इसकी प्राथमिकताओं को भी साझा करेंगे।

कोरोना: गाजियाबाद में 14 मरीजों को डिस्चार्ज किया

अश्वनी उपाध्याय              

गाजियाबाद। जिलें में 4 नए मरीज मिले और 14 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। जिले में एक भी मरीज की मौत दर्ज नहीं की गई और 83 सक्रिय संक्रमित हैं। बुलेटिन के अनुसार जनपद में अब तक 54,956 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। जबकि संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 461 है। गौतमबुद्ध नगर जिले में 10 नए मरीज मिले और 7 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।  जिले में एक भी मरीज की मौत दर्ज नहीं की गई और 137 सक्रिय संक्रमित हैं। 

बुलेटिन के अनुसार जनपद में अब तक 62,382 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। जबकि संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 466 है। मेेेरठ जिले में 10 नए मरीज मिले और 18 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। जिले में एक मरीज की मौत दर्ज की गई और 183 सक्रिय संक्रमित हैं। बुलेटिन के अनुसार जनपद में अब तक 68,190 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। जबकि संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 889 है।

हरियाणा: हुड्डा व खट्टर के बीच पलटवार तेज हुआ

राणा ओबराय           
चंडीगढ। सीएम हरियाणा मनोहरलाल के बयान के बाद तिलमिलाए पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने बताया, उन्हें किस बात की पीड़ा है। आजकल हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और मुख्यमंत्री मनोहरलाल के बीच आजकल वार और पलटवार तेज हो गया है। इसका कारण कोरोना काल से निपटने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा अपनाए गए तरीके पर हुड्डा के सवाल उठाने से शुरू हुआ था। दोनों नेता एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। हुड्डा ने अब सीएम मनाेहरलाल के पीड़ा वाले बयान का जवाब दिया है। हुड्डा ने कहा कि उनकी पीड़ा भाजपा सरकार के शासन में हरियाणा के फिसड्डी राज्‍य बनने के कारण है। हमने हरियाणा को नंबर वन बनाया और इस सरकार ने इसे फिसड्डी बना दिया है। 
हुड्डा ने सीएम मनोहर लाल के दिल में राजनीतिक पीड़ा के बयान पर किया पलटवार।बता दें कि मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल उन्होंने कहा था कि हुड्डा के दिल में राजनीतिक पीड़ा छिपी है। इसलिए वह सरकार के हर काम का विरोध करते हैं। हुड्डा ने मुख्यमंत्री के इस बयान पर कहा कि हमें इस बात की पीड़ा है कि जिस हरियाणा को हमने साढ़े नौ साल की कड़ी मेहनत से देश का नंबर वन राज्य बनाया था। उसे पहले भाजपा और अब भाजपा-जजपा गठबंधन के कुशासन ने देश के फिसड्डी राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है। हुड्डा का कहना है कि कांग्रेस के शासन में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, रोजगार सृजन, किसानों के हित, खिलाड़ियों के मान-सम्मान समेत तमाम पैमानों पर देश का अग्रणी राज्य था। लेकिन, भाजपा व जजपा गठबंधन के कार्यकाल में यह राज्य अपराध, बेरोजगारी, प्रदूषण, कर्ज, घोटाले, किसानों पर अत्याचार और बदहाली के मामले में अग्रणी हो गया है। हुड्डा ने कहा कि आज हरियाणावासी एक-एक दिन गिनकर निकाल रहे हैं। 
सत्ता में बैठे हुए लोगों को प्रदेश के ऐसे हालात देखकर पीड़ा होनी चाहिए। कम से कम हमें तो हरियाणा का यह हाल देखकर पीड़ा हो रही है।हुड्डा ने कहा कि उन्हें प्रदेश के किसानों की हालत देखकर पीड़ा होती है। हमें इस बात की पीड़ा है कि आज हरियाणा के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहे। हमें बढ़ते अपराधों की पीड़ा है। हमें अस्पताल में बेड, आक्सीजन और दवाइयों के अभाव में मरते हुए लोगों को देखकर पीड़ा हुई है। लोगों की कराह और उनका दु:ख देखकर पीड़ा होना एक मानवीय सरोकार है।

परिवार को आश्वासन, आरोपी के खिलाफ मुकदमा

भानु प्रताप उपाध्याय            
शामली। हिंदू युवा वाहिनी जिला शामली ने गांव चूनसा में एक समुदाय के व्यक्ति द्वारा गांव की नाबालिक लड़की हो लेकर फरार हो जाने पर की सूचना पर  संगठन के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को आश्वासन देते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। गांव चूनसा में एक हिंदू की नाबालिक लड़की को गांव का ही विशेष समुदाय का विवाहित आरिफ भगा कर ले गया। 
जिससे गांव में तनाव फैल गया, जैसे उक्त घटना की सूचना हिंदू युवा वाहिनी जिला शामली के पदाधिकारियों को लगी और उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए बिट्टू कुमार जिला प्रभारी चौधरी रविंदर सिंह, कालखंडे जिला संयोजक अरविंद कौशिक, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदि  कार्यकर्ताओं के साथ गांव चुनसा में मौके पर पहुंचे और उक्त घटना का संज्ञान लिया तथा बाबरी थाना अध्यक्ष से मिलकर मुकदमा काम कराया ओर कहा कि ऐसे लव जिहाद वाले मामले को गंभीरता से लिया जायें। 
लव जिहाद वाले मामले को हिंदु युवा वाहिनी शामली परिवार बिलकुल बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए। बाबरी थाना अध्यक्ष ने आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। दूसरी ओर सुधीर राणा अनुज गोयल, अमित गोयल, प्रदीप नीरवाल, वरुण, वशिष्ठ अनुराग गोयल, विक्की कुमार, आशीष निरवाल, लोकेश योगी, उपेंद्र  द्विवेदी, मनोज रूहेला, राजेश गुप्ता, अमरीश शर्मा, भानु प्रताप उपाध्याय, शिवदत्त शर्मा आदि ने भी आरोपी व लड़की को शीघ्र ही बरामद करने की मांग पुलिस प्रशासन से की।

संस्थान के तत्वावधान में इम्युनिटी बुस्टर का वितरण

गोपीचंद        
बागपत। दिन रविवार को गंगा दशहरा व गायत्री जयंती के शुभ अवसर पर कल्याण भारती सेवा संस्थान के तत्वावधान में निःशुल्क होम्योपैथिक इम्युनिटी बुस्टर का वितरण भगवान महावीर मार्ग निकट अजितनाथ मंदिर के पास किया गया। संस्थान के प्रबंधक गोपी चन्द सैनी ने बताया कि संस्थान की ओर से यह कार्यक्रम मानव सेवा में समर्पित एक धर्मार्थ सेवा है। जिसको कल्याण भारती सेवा संस्थान बड़ौत व क्योर फाउंडेशन नई सड़क शास्त्री नगर मेरठ साथ मिलकर चला रहे है। संस्थान द्वारा इस धर्मार्थ कार्यक्रम का उद्देश्य कोरोना संक्रमण काल में आम जन की रोगप्रतिरोधक छमता बढ़ाने में सहयोग करना हैं। 
जिससे बीमारी को ज्यादा फैलने से रोका जा सके और आम जन को सुक्षित किया जा सके। कार्यक्रम में इम्युनिटी बुस्टर वितरण के साथ-साथ संस्थान की और से आम जन को कोरोना वेक्सीन विसवश के साथ लगवाने के लिये प्रेरित किया गया और वैक्सीन को लेकर आम जन की शंकाओं को दूर करने का प्रयास भी किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के सुनील चौहान व संस्थान के सहयोगी सदस्य मनोज जैन ने 120 परिवारों का पंजीकरण कर इम्युनिटी बुस्टर वितरित किये
और मास्क वह कोविड़ 19 प्रोटोकाल के नियमों का पालन कर खुद को सुरक्षित रखने हेतु प्रेरित किया।

ठेकेदार ने ग्रामीणों के निकलने का रास्ता अवरुद्ध किया

कौशाम्बी। रेलवे के नीचे पुलिया बनाने वाले ठेकेदार ने ग्रामीणों के निकलने का रास्ता अवरुद्ध कर दिया है। जिससे इलाके के अशरफ पुर मरधारा वीरपर आदि गांव के ग्रामीणों को बाजार कस्बा अस्पताल जाने में दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। जबकि सरकारी ठेके के नियमानुसार सर्विस रोड का निर्माण किए बगैर किसी भी कार्य का निर्माण शुरू नहीं किया जा सकता है। ठेकेदार ने ग्रामीणों के आने जाने के लिए सर्विस रोड नहीं बनाई है और मुख्य मार्ग पर निर्माण शुरू कर दिया है। जिससे ग्रामीण परेशान हैं। 
बार-बार लोगों ने अधिकारियों से शिकायत किया। लेकिन ठेकेदार पर अंकुश नहीं लग सका। पहली बारिश होते ही निर्माणाधीन क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। इस मुसीबत से ग्रामीणों को कौन निकालेगा ग्रामीण उसके इंतजार में है। चायल तहसील क्षेत्र के मनोहरगंज रेलवे स्टेशन के समीप 10 नंबर रेलवे गेट के पास जीएमआर कंपनी के रेलवे ठेकेदार द्वारा अंडर पास ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। 
जिससे आये दिन बारिश होने के वजह से भारी तादाद में रोड पर पानी भर जाता है। रास्ते में पानी और कीचड़ के चलते रास्ता दलदल बन जाता है। जिससे ग्रामीणों को आने जाने में बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। जब ग्रामीण कंपनी के अधिकारियो को रास्ता सही करने के लिए कहते है तो ठेकेदार हिला हवाली करते नज़र आते है। गांव में अगर कोई घटना घटती है तो रास्ता ख़राब होने की वजह से एम्बुलेंस भी मौके पर नही पहुच पाती। जिससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त है।
समीर अहमद 

हापुड़: भराव करते हुए 2 ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़ा

अतुल त्यागी               
हापुड़। धौलाना एसडीएम अरविंद द्विवेदी ने खबर का  संज्ञान लिया। क्षेत्र में रात को बड़े पैमाने पर चल रहा था।बड़े प्लॉटों में अवैध रूप से भराव का कार्य जंगलों में किया जा रहा था। अवैध मिट्टी खनन जिसको लेकर बड़े ही प्रमुखता से चलाई थी खबर। धौलाना एसडीएम अरविंद द्विवेदी हापुड़ में सबसे ज्यादा कार्यवाही करने वाले अधिकारियों में हैं। रात 12:30 बजे क्षेत्र में निकले दौरे पर तो खबर की सच्चाई आई सामने। दो ट्रैक्टरों को भराव करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। धौलाना इस्पेक्टर को सुपुर्द कर दिया। चार ट्रैक्टर एक जेसीबी मशीन लेकर खनन माफिया मौके से भागने में कामयाब हो गए।अभी उनकी भी तलाश की जा रही है। अवैध रूप से खनन कर रहे खनन माफियाओं को किसी भी सूरत में वख्शने की उम्मीद नहीं है, सभी पर हो सकती है बड़ी कार्रवाई। धौलाना एसडीएम लगातार अवैध रूप से काम करने वाले लोगों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहे हैं।जिसका असर रोज दिखाई दे रहा है।

दिल्ली में रविवार को कोरोना के 124 नए मामलें मिलें

अकांशु उपाध्याय          

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को कोविड-19 के 124 नए मामले सामने आए हैं। जो कि 16 फरवरी से बाद से अब तक सबसे कम हैं। वहीं संक्रमण से सात और लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों से रविवार को यह जानकारी मिली। आंकड़ों के अनुसार यहां संक्रमण दर अब 0.17 फीसदी है।

लगातार यह दूसरा दिन है, जब संक्रमण की वजह से मरने वालों की संख्या 10 से कम है। शनिवार को दिल्ली में सात लोगों की मौत हुई थी। जो कि एक अप्रैल से अब तक सबसे कम है। वहीं 135 नए मामले सामने आए थे और संक्रमण दर 0.18 प्रतिशत थी। राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण की वजह से अब तक 24,914 लोगों की मौत हो चुकी है। एक अप्रैल को शहर में नौ लोगों की मौत हुई थी और 2,790 मामले सामने आए थे।

केंद्रीय निमंत्रण के फैसलें का अधिकार मुफ्ती को दिया

श्रीनगर। पीडीपी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) ने जम्मू कश्मीर के क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को वार्ता के लिए बुलाने के केंद्र के निमंत्रण पर फैसला लेने का अधिकार रविवार को पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को दिया। पीएसी पार्टी की निर्णय लेने वाली सर्वोच्च समिति है। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के यहां शहर के गुपकर इलाके में स्थित फेयरव्यू आवास पर दो घंटे तक चली पीएसी की बैठक के बाद यह फैसला किया गया। बैठक की अध्यक्षता महबूबा ने की। 
पीडीपी के मुख्य प्रवक्ता सैयद सुहैल बुखारी ने बैठक के बाद महबूबा के आवास के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘पीएसी ने सर्वसम्मति से मामले पर अंतिम फैसला लेने का अधिकार पार्टी अध्यक्ष को दिया है।’’ बुखारी ने कहा कि पीपुल्स एलायंस फॉर गुपकर डिक्लेरेशन (पीएजीडी) की बैठक मंगलवार को होगी जहां सदस्य दल मुद्दे पर चर्चा करेंगे और फिर इस पर अंतिम फैसला लेंगे कि प्रधानमंत्री द्वारा बुलाई बैठक में भाग लेना है या नहीं। उन्होंने कहा, ‘‘दो दिनों के बाद पीएजीडी की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। गठबंधन के सदस्य अपने सुझाव देंगे और उसके बाद बैठक में शामिल होने पर फैसला लिया जाएगा।
महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली पीएसी में आर वीरी, मुहम्मद सरताज मदनी, जी एन लोन हंजुरा, महबूब बेग, नईम अख्तर, सुरिंदर चौधरी, यशपाल शर्मा, मास्टर तस्सदुक हुसैन, सोफी अब्दुल गफ्फार, निजाम उद्दीन भट, आसिया नकाश, फिरदौस अहमद टाक, मुहम्मद खुर्शीद आलम और एडवोकेट मुहम्मद युसूफ भट जैसे नेता सदस्य हैं। केंद्र सरकार से जम्मू कश्मीर के क्षेत्रीय दलों के साथ बातचीत का न्योता मिलने के कुछ घंटे बाद पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के रिश्तेदार और पार्टी के वरिष्ठ नेता सरताज मदनी को छह महीने बाद शनिवार को हिरासत से रिहा कर दिया गया।

सऊदी से याची के लिए आयें मुआवजे का भुगतान करें

बृजेश केसरवानी                   
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जिलाधिकारी मऊ को निर्देश दिया है कि वह सऊदी अरब से याची के लिए आये मुआवजे का तत्काल भुगतान करें। सऊदी अरब के बादशाह ने रियाद दूतावास के जरिये जिलाधिकारी को 60 लाख 60 हजार 606 रूपये याची हाफिज नौशाद अहमद व शाहिदा बानो को देने के लिए भेजा है। यह मुआवजा याची के बेटे मोहम्मद फैज की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर दिया गया है। जिसे डीएम इस धनराशि का उत्तराधिकार प्रमाणपत्र न देने के कारण भुगतान नहीं कर रहा है। 
कोर्ट ने याची से कहा है कि वह 9 अगस्त 20 से अब तक के ब्याज के लिए डीएम को अर्जी दें और वह ब्याज की गणना कर भुगतान करें। यह आदेश न्यायमूर्ति एसपी केशरवानी तथा न्यायमूर्ति आर एन तिलहरी की खंडपीठ ने हाफिज नौशाद अहमद व अन्य की याचिका पर दिया है। इससे पहले याची के बेटे की बकाया तनख्वाह दूतावास के जरिए आयी थी। एक मात्र वारिस माता पिता को जिलाधिकारी ने भुगतान कर दिया था। मुआवजे के मामले मे डीएम ने 14 अक्टूबर 20 को याची के उत्तराधिकार की रिपोर्ट रियाद दूतावास को भेजी थी। जिस पर दूतावास ने रूपये डी एम को भेजे, परन्तु वह भुगतान नहीं कर रहे थे। जिसे लेकर याचिका दायर की गयी थी। कोर्ट ने कहा ऋण व प्रतिभूति के मामले में उत्तराधिकार प्रमाणपत्र की जरूरत होती है। मुआवजे के भुगतान पर यह लागू नहीं होता। इसलिए उत्तराधिकार प्रमाणपत्र देने की जरूरत नहीं है।

8 हफ्ते में आ सकतीं हैं 'कोरोना' की तीसरी लहर

अकांशु उपाध्याय                  
नई दिल्ली। कोरोना की तीसरी लहर को लेकर एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने देश को चेताया है। डॉ. गुलेरिया ने कहा है कि अगर कोरोना से बचाव के तरीकों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो अगले छह से आठ हफ्ते में कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है। उन्होंने कहा कि अगर लोगों ने मास्क और सोशल डिस्टेन्सिंग जैसे जरूरी गाइडलाइन को फॉलो नहीं किया तब काफी मुश्किल हालात पैदा हो सकते हैं। 
एम्स के निदेशक ने कहा है कि कोरोना के मामले बढ़ने पर फिर लॉकडाउन लगाने की भी जरूरत पड़ सकती है। 
जरूरत है कि वैक्सीनेशन होने तक हम आक्रामक रूप से अपनी जंग को जारी रखें। एम्स के निदेशक ने कहा है कि अगर किसी क्षेत्र में कोरोना संक्रमण का दर पांच प्रतिशत से ऊपर जाता है तो वहां लॉकडाउन लगाने या उस क्षेत्र को जोखिम क्षेत्र घोषित करने जैसे जरूरी कदम उठाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा है कि आर्थिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए कोरोना की किसी भी लहर से निपटने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन लगाना कोई उपाय नहीं है। 

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...