गुरुवार, 1 अप्रैल 2021

पर्यटकों की कार दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत, 5 घायल

पकंंज कपूर     
देहरादून। मसूरी मोटरमार्ग में पानी वाला बैंड के समीप पर्यटकों की एक कार डीएल 6 सीआर—8991 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। संतुलन गड़बड़ाने से खाई में जा गिरी। जिसमें दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, 5 अन्य लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी मुताबिक गुरुवार सुबह उक्त कार में पर्यटक मसूरी घूमकर देहरादून लौट रहे थे, मगर यह कार पानी वाला बैंड के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में अभिषेक (27 वर्ष) पुत्र राजीव, निवासी ज्योति नगर दिल्ली व अंकित (26 वर्ष) निवासी खुड़बुड़ा, देहरादून की मौके पर मौत हो गई। बताया गया है कि यह कार को अभिषेक चला रहा था। इनके अलावा कार में सवार प्रतीक (21 वर्ष) पुत्र राजीव, आयुष (19 वर्ष) पुत्र अशोक, राजेश (38 वर्ष) पुत्र स्व. जगदीश प्रसाद, निवासीगण शाहदरा दिल्ली, उदित (21 वर्ष) पुत्र स्व. दीपक व देव (19 वर्ष) पुत्र स्व. दीपक, निवासीगण खुड़बुड़ा, देहरादून घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को करीब के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

योजना का लाभ किसानों को देने की प्रक्रिया शुरू

जयनगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में जैसे ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी वैसे ही। किसान सम्मान निधि योजना का लाभ किसानों को देने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा की ओर से आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के प्रत्येक किसान के बैंक खाते में 18,000 रुपये सीधे ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार की नीतियों का बहुत बड़ा नुकसान हमारे किसान भाई-बहनों को उठाना पड़ा है। दीदी की मनमानी की वजह से बंगाल के लाखों किसान, पीएम किसान सम्मान निधि के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि गंगासागर की महिमा , गंगासागर मेले की भव्यता और दिव्यता को बंगाल की भाजपा सरकार नई ऊंचाई पर ले जाएगी। दीदी की सरकार ने सुंदरबन जैसे पर्यटन समृद्ध क्षेत्र , यहां के द्वीपों का और यहां के तटों का विकास नहीं किया। सोनार बांग्ला के लक्ष्य के साथ भाजपा की डबल इंजन सरकार यहां कनेक्टिविटी को प्राथमिकता देगी।

अप्रैल में 10 दिन बैंक रहेंगे बंद, आदेश जारी किया

अकांशु उपाध्याय      

नई दिल्ली। अप्रैल में 10 दिन बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में अगर अप्रैल में आप कोई बैंक संबंधी कार्य करने जा रहे हों तो बैंकों में छुट्टी की ये लिस्ट देख लें। कहीं ऐसा न हो जिस दिन आपका बैंक जाने का मन हो और उसी दिन बैंक की छुट्टी निकल जाए। ऐसे में हर व्यक्ति को परेशानी तो होती ही है। अप्रैल 2021 में वीकेंड्स और त्यौहार समेत 10 दिन बैंक बंद रहेंगे। इन 10 दिनों के अलावा कुछ राज्यों में क्षेत्रीय स्तर पर भी 5 दिन बैंक बंद रहेंगे। अप्रैल के शुरुआती 4 दिनों में बैंक की शाखाएं केवल एक दिन ही खुलेंगी। 1 अप्रैल यानी कि आज बैंक अकाउंट क्लोजिंग के चलते शाखाएं बंद रहेंगी। फिर 2 अप्रैल को गुड फ्राइडे और फिर 4 अप्रैल को रविवार है। यानी 1 से 4 के बीच केवल 3 अप्रैल को बैंक खुलेंगे।

गजेटेड छुट्टियों पर देश भर के बैंक बंद रहते हैं। वहीं उन छुट्टियों के अलावा केंद्रीय बैंक आरबीआई के मुताबिक गुड फ्राइडे, डॉ बाबासाहेब अंबेडकर जयंती और राम नवमी पर अधिकतर राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत आरबीआई द्वारा अधिसूचित छुट्टियों की सूची जारी की जाती है।

वित्तमंत्री निर्मला सरकार चला रही है या सर्कस: कांग्रेस

अकांशु उपाध्याय         

नई दिल्ली। कांग्रेस ने सरकार की ओर से छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर घटाने और फिर अपने इस फैसले को वापस लिए जाने के बाद बृहस्पतिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर निशाना साधा और सवाल किया कि ‘वह सरकार चला रही हैं या सर्कस।” मुख्य विपक्षी पार्टी ने यह भी कहा कि अब निर्मला को वित्त मंत्री के पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया। ”मैडम वित्त मंत्री, क्या आप सर्कस चला रही हैं या सरकार? कोई भी इस स्थिति में अर्थव्यवस्था के चलने को लेकर कल्पना ही कर सकता है। जब करोड़ों लोगों को प्रभावित करने वाले फैसले को चूकवश जारी कर दिया जाए। यह आदेश किसने जारी किया?” उन्होंने कहा, ”आपको वित्त मंत्री के पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”

देश में संक्रमण के 72,330 नए मामलें सामने आएं

अकांशु उपाध्याय      

नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 72,330 नए मामले सामने आने के बाद देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,22,21,665 हो गई। पिछले 24 घंटे में सामने आए संक्रमण के नए मामले इस साल एक दिन के सर्वाधिक मामले हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार जारी किए गए आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। इससे पहले 11 अक्टूबर 2020 को एक दिन में 74,383 नए मामले सामने आए थे। आंकड़ों के अनुसार, 459 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,62,927 हो गई। करीब 116 दिन बाद एक दिन में वायरस से मौत के इतने अधिक मामले सामने आए हैं। आंकड़ों के अनुसार, पिछले 22 दिनों से लगातार बढ़ते नए मामलों के साथ ही उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 5,84,055 हो गई।ऐयै जो कुल मामलों का 4.78 प्रतिशत है।

पीएम ने की भारी संख्या में मतदान करने की अपील

अकांशु उपाध्याय         

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के तहत हो रहे मतदान में लोगों से भारी संख्या में भाग लेकर लोकतंत्र के इस उत्सव को मजबूत करने की अपील की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के तहत गुरुवार को हो रहे मतदान में लोगों से भारी संख्या में भाग लेकर लोकतंत्र के इस उत्सव को मजबूत करने की अपील की। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ”असम चुनाव में आज दूसरे चरण के तहत मतदान हो रहा है। सभी योग्य मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतंत्र के इस उत्सव को मजबूत बनाएं।” एक अन्य ट्वीट में उन्होंने बंगाल के लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की। जे. पी. नड्डा ने कहा , “बंगाल विधानसभा चुनावों में आज दूसरे चरण का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरी विनती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोकतंत्र के इस पावन पर्व में भागीदार बनें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान भी अवश्य रखें।” उन्होंने कहा, “ असम विधानसभा चुनाव के लिए आज वोटिंग का दूसरा दौर है। सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपना वोट जरूर डालें और लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदार बनें। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ ही मास्क अवश्य पहनें।”

अयोध्या: जहरीली शराब पीने से 2 की मौत, 6 बीमार

अयोध्या। जनपद के गोसाईगंज कोतवाली इलाके में पंचायत चुनाव में वोट बटोरने के चक्कर में निवर्तमान प्रधान द्वारा बांटी गयी जहरीली शराब ने दो लोगो की जान ले ली। वहीं आधा दर्जन लोग अस्पताल में भर्ती हैं। जिसमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है जानकारी के मुताबिक़ कोतवाली इलाके के त्रिलोकपुर दफ्फरपुर गांव में होली के दिन वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए निवर्तमान प्रधान राजनाथ वर्मा ने गांव में पार्टी दी। जिसमें मछली और जमकर शराब भी बांटी गयी थी। गांव के लोगों ने भी जमकर मछली खाई और शराब पी।  शराब पीने के कुछ देर बाद लोगो की तबियत खराब होने लगी और उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। कुछ लोगो को आंखों के सामने अंधेरा भी छाने लगा। यह मंजर देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों को अम्बेडकरनगर तो कुछ लोगों को अयोध्या जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। बुधवार को वीरेंद्र वर्मा पुत्र रामबुझारत वर्मा की मौत हो गयी और देर रात्रि में धर्मेन्द्र पुत्र मोतीलाल की भी मौत हो गयी। वहीं लालबहादुर, राजेश, जयश्री, रामसुभावन वर्मा का इलाज अभी भी चल रहा है। जिनमें से लालबहादुर और राजेश की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

सोने की कीमतों में थमीं गिरावट, तेजी का रुख

मनोज सिंह ठाकुर       
मुंबई। सोने की कीमतों में गिरावट थम गई है और आज शुक्रवार को तेजी का रुख है। गुरुवार को वायदा कारोबार में सोने की कीमत में 13 रुपये की मामूली वृद्धि दर्ज की गई और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अप्रैल गोल्ड वायदा भाव सुबह 44,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इससे पहले के ट्रेड में वायदा कारोबार में सोना 44,637 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। गुरुवार सुबह 11 बजे के आसपास एमसीएक्स पर सोना 44820 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर ट्रेड कर रहा था।सोने के उलट चांदी वायदा में आज भी गिरावट का रुख है। एमसीएक्स पर गुरुवार को मई सिल्वर वायदा भाव 200 रुपये गिरकर 63,614 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। इससे पिछले ट्रेड में शाम को चांदी वायदा का बंद भाव 63,814 रुपये प्रति किलोग्राम था। गुरुवार सुबह 11 बजे के आसपास एमसीएक्स पर चांदी 63614 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने का हाजिर भाव 43,925 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। पिछले सत्र में सोना 43,974 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं दूसरी ओर चांदी की कीमत 331 रुपये गिरी, जिसके बाद चांदी 62,441 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आग गई है। इससे पिछले सत्र में चांदी 62,441 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बंद हुई थी।

अभिनेत्री किरण को हुआ ब्लड कैंसर, इलाज जारी

मनोज सिंह ठाकुर     

मुंबई। सिनेमाजगत की मशहूर एक्ट्रेस किरण खेर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। किरण खेर मल्टीपल माइलोमा, जो कि एक तरह का ब्लड कैंसर माना जाता है से जूझ रही है।बताया जा रहा है कि किरण इसका इलाज मुंबई में ही करवा रही हैं। 

आपको बता दे किरण खेर एक मशहूर अभिनेत्री होने के साथ साथ भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ की सांसद भी है। किरण की इस बीमारी का खुलासा उनके साथी और बीजेपी चंडीगढ़ के मेंबर अरुण सूद ने एक स्पेशल प्रेस कॉन्फरेंस के जरिए साझा की। सूद ने कहा कि किरण खेर पिछले साल से अपना इलाज करवा रही हैं। 


रजनीकांत को पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित

 मनोज सिंह ठाकुर      

मुंबई। साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत को 51वां दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को एलान किया है। कोरोना वायरस की वजह से इस बार सभी पुरस्कारों को घोषणा देरी से हुई है। हाल ही में नेशनल अवॉर्ड की घोषणा भी हुई है।

दादा साहब फाल्के को भारतीय सिनेमा का सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड माना जाता है। रजनीकांत बीते 5 दशक से सिनेमा पर राज कर रहे हैं। इस साल ये सिलेक्शन ज्यूरी ने किया है। इस ज्यूरी में आशा भोंसले,
मोहनलाल, विश्वजीत चटर्जी, शंकर महादेवन और सुभाष घई जैसे कलाकार शामिल रहे हैं।

रामानुजगंज के जंगलों में लगीं भीषण आग, टीम पहुंची

हरिओम उपाध्याय     
बलरामपुर। रामानुजगंज वनपरिक्षेत्र के अंतर्गत शहर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर पलटन घाट के पास जंगलों में आग लग गई।  पूरा जंगल धू-धूकर जल उठा।  देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इलाके में हड़कंप मच गया। जिसके बाद वन विभाग आनन-फानन में मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। रामानुजगंज के जंगलों में कई बार लोगों की लापरवाही से भी आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं।पिछले कुछ सालों से कई हेक्टेयर जंगल आग की चपेट में आने से जल गए।आसपास के जंगलों का जलना कई तरह के संकटों बुलावा देता है। जंगल में आग लगने से उपजाऊ मिट्टी का कटाव तेजी से होता है।  आग लगने से जमीन भी खराब हो जाती है। इससे छोटे पौधों को तो नुकसान पहुंचता ही है। आग की लपटों से जंगली जानवर के अस्तित्व पर भी खतरा बना रहता है। कई जीव-जंतुओं की मौत भी आग से हो जाती है।। गर्मियों के दिन शुरू होते ही रामानुजगंज रेंज के कई जंगल आग की चपेट में आ जाते हैं। जिससे वन संपदा को भारी नुकसान होता है। इस संबंध में रामानुजगंज रेंज के रेंजर संतोष पांडे ने बताया कि शरारती तत्व जानबूझकर आग लगा देते हैं। यह काफी चिंता का विषय है। फिलहाल इस घटना में आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है।  पता लगने पर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

1 ही परिवार के 4 लोगों की मिलीं लाश, मचा हड़कंप

अकांशु उपाध्याय       
नई दिल्ली। एक ही परिवार के चार लोगों की शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार एक शख्स फांसी पर लटका मिला। वहीं उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे एक कमरे में बेड पर मृत मिले। आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले अपनी पत्नी को मारा फिर दोनों बच्चों को मारकर खुद भी जान दे दी।मृतक का घर अंदर से लॉक था। मामले के सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फांसी से लटके मिले शख्स का नाम धीरज यादव है। वह 31 साल का था और डीटीसी में बस ड्राइवर के तौर पर काम करता था. वहीं, उसकी पत्नी का नाम आरती है। वह 28 वर्षीय थी। जबकि मासूम बच्चों में हितेन की उम्र 6 साल और अथर्व की उम्र महज तीन साल थी।

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन   मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला रैली कौशाम्बी। एन डी कान...