शुक्रवार, 15 जनवरी 2021

भंडारा, आश्रम में वृद्ध लोगों को कम्बल वितरण

मेरठ। मानव उत्थान सेवा समिति के प्रणेता सदगुरुदेव श्री सतपाल महाराज की प्रेरणा से  मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में मानव धर्म मंदिर, शाखा मेरठ में प्रभारी महात्मा दर्शनी बाई व धनिष्ठा बाई जी द्वारा दिल्ली रोड स्थित कुष्ठ आश्रम में वृद्ध लोगों की आवश्यकता अनुसार भंडारा एवं कम्बल वितरण किया गया। इस दौरान शाखा प्रधान, आश्रम सदस्य तथा यूथ टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।

कमरकसी, शांति से संपन्न होगें पंचायती 'चुनाव'

श्रीराम मौर्य  

कांगड़ा। जिला कांगड़ा में पंचायतीराज चुनावों को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस व होमगार्ड्स के जवान वीरवार को ड्यूटी स्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस मैदान धर्मशाला में जवानों को ड्यूटी बारे ब्रीफ किया गया। प्रथम चरण के चुनाव 17 जनवरी को होने हैं। वीरवार को पंचायती राज चुनावों के लिए 17, 19 व 21 जनवरी को होने वाले मतदान के लिए पुलिस प्रशासन ने 2000 के लगभग पुलिस व होमगार्ड व विभिन्न बटालियानों के जवानों को 15 ब्लॉकों में संबंधित ड्यूटी स्थल के लिए रवाना कर दिया। प्रथम चरण में 17 जनवरी को होने वाले मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था हेतू पुलिस प्रशासन की ओर से पुलिस व होमगार्ड जवानों को विभिन्न मतदान केंद्रों में तैनात किया गया है। पुलिस जवानों के लिए पुलिस विभाग की बसें उपलब्ध करवाई गई, वहीं होमगार्ड जवानों को भेजने के लिए एचआरटीसी की 15 बसों की व्यवस्था की गई है। वीरवार को भेजे गए जवानों में 1000 के लगभग पुलिस जवान, 450 के लगभग महिला पुलिस और 550 के लगभग होमगार्ड के जवान शामिल हैं। प्रथम चरण के लिए सुरक्षा के लिए पुलिस व होमगार्ड के जवान भेजे गए हैं, वहीं से इन्हें दूसरे व तीसरे चरण के मतदान के लिए तैनाती दी जाएगी। जिला कांगड़ा में सामान्य, अति संवेदनशील व संवेदनशील मतदान केंद्रों के हिसाब से जवानों की तैनाती की गई है। जिला कांगड़ा में प्रथम चरण में पंचायती राज चुनावों के लिए 276 पंचायतों के 1708 बूथों, दूसरे चरण में 274 पंचायतों के 1612 बूथों, जबकि तीसरे चरण में 264 पंचायतों के 1482 मतदान केंद्रों पर मतदान होना है। उधर, ए.एस.पी. कांगड़ा राजेश कुमार ने बताया कि पंचायती राज चुनावों के लिए 2000 के लगभग पुलिस, होमगार्ड व महिला पुलिस की डयूटी लगाई गई है। वीरवार को 15 ब्लाकों के लिए जवानों को पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के लिए भेजा गया है। इसके बाद उन्हें दूसरे व तीसरे चरण के लिए तैनाती दी जाएगी।

पौधारोपण के नाम पर करोड़ों का घोटाला किया

बांदा। बुंदेलखंड के विध्यांचल क्षेत्र में पौधरोपण, वन्यजीव व पर्यावरण संरक्षण के नाम पर करोड़ों खर्च को लेकर जनहति याचिका ने वन विभाग को आफत में डाल रखा है। हालत मैं क्या करू हाय राम हाये की सी हो गई है। पीआइएल पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस गोविद माथुर व जस्टिस सौरभ श्याम की मुख्य पीठ ने बुधवार को खर्च राशि का रिकार्ड तलब किया है। इस मामले में 15 फरवरी को सुनवाई होगी।वरिष्ठ अधिवक्ता धर्मपाल सिंह, सत्यव्रत त्रिपाठी, सिद्धार्थ निरंजन ने पीआइएल पर बहस की । बुंदेलखंड के सात जनपदों में वन विभाग द्वारा पौधरोपण, वन समृद्धिकरण, वन्यजीवों के संरक्षण से जुड़ा यह मामला है। सितंबर 2020 से इस मामले की पैरवी हो रही हैं। वर्ष 2011-12 में सीएजी की आडिट रिपोर्ट का हवाला है।बुंदेलखंड में तत्कालीन बसपा सरकार के समय विशेष पौधरोपण अभियान सात जनपदों में हुआ, जिसमें दस करोड़ पौधरोपण पर 40 करोड़ रुपये का घोटाला खुलासे होने पर सितंबर 2020 को मुख्य वन संरक्षक अनुश्रवण एवं मूल्यांकन इकाई लखनऊ को शिकायत की गई थी। तत्कालीन आइएफएस अधिकारी पवन कुमार ने जांच बुंदेलखंड जोन के मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह झांसी को सौंप दी। वन संरक्षक झांसी ने यह जांच चित्रकूट डीएफओ कैलाश प्रकाश को दी। उन्होंने उप प्रभागीय वन अधिकारी आरके दीक्षित को जांच देकर किनारा कर लिया। जांच आठ माह तक लटकी रही और आरटीआइ से जवाब मांगने पर डीएफओ चित्रकूट ने बरगढ़ ब्लाक की वन रेंज देशाह में सात जनपद की जांच आख्या निपटा दी। जनहित याचिका

शपथपत्र व साक्ष्यों को उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की, जिसे पीआइएल में परिवर्तित कर रिट दाखिल हुई। बुंदेलखंड परिक्षेत्र के अंदर एक दशक के दौरान तीन सौ करोड़ के घोटाले और सीएजी की ऑडिट रिपोर्ट पर कार्यवाही न होने को आधार बनाया गया। बांदा के गिरते वन क्षेत्र 1.21 हे. सहित अन्य जनपदों के आरटीआइ से जुटाए आंकड़े शामिल करके हर साल करोडों के पौधरोपण खेल के लिए वनविभाग को जिम्मेदार ठहराया गया।
इलाहाबाद मुख्य न्यायपीठ ने बुधवार को आदेश देकर प्रदेश सरकार से पौधरोपण पर खर्च धनराशि व उपलब्धि का जिलेवार ब्यौरा मांगा है। आरटीआई कार्यकर्ता आशीष सागर दीक्षित ने बताया की बांदा को रिट आदेश में विशेष तौर पर इंगित किया गया है।

सोनीपत: लड़की ने जहर खाकर की आत्महत्या

सोनीपत। सोनीपत जिले के कुंडली क्षेत्र के प्रेम नगर में रहने वाली युवती को उसके सहकर्मी युवक ने अपने इकतरफा प्यार के चलते इतना परेशान किया कि परेशान होकर लड़की ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। लड़की युवक की हरकतों की वजह से काफी समय से परेशान थी। कल युवक ने लड़की को मुरथल ढाबे पर बुलाया और घर से ही जहर लेकर आरोपी से मिलने ढाबे पर पहुंची। जहां सहकर्मी ने शादी का दबाव बनाया और लड़की ने जहर का सेवन कर लिया। लड़की की सोनीपत के निजी अस्पताल में मौत हो गई। मुरथल थाना पुलिस ने लड़की की मां के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया है। मध्यप्रदेश के छत्तरपुर निवासी महिला ने बताया कि वह कुंडली की प्रेम कॉलोनी में रहती है। उनकी बेटी (21) बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित कपिल इंटर प्राइजेज कंपनी में काम करती थी। उसकी बेटी के साथ उसकी कंपनी में बिहार के जिला छपरा के गांव रसोली का रणधीर उर्फ मुन्ना भी काम करता था। आरोपी कंपनी में रहता है। रणधीर उसकी बेटी रेखा से एकतरफा प्यार करने लगा। उसने रेखा से शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन उसकी बेटी ने मना कर दिया।उसकी बेटी जब 12 जनवरी को घर से ड्यूटी पर जा रही थी तो आरोपी ने उसे जबरन मुरथल स्थित हैप्पी ढाबा पर उतरने को कहा। आरोपी बार-बार जिद कर रहा था जिसके चलते उसकी बेटी ढाबा पर उसे समझाने के लिए चली गई। उसकी बेटी ने आरोपी को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ और धमकी देने लगा। जिस पर उसकी बेटी ने आरोपी के दबाव से परेशान होकर जहर खा लिया। उसकी बेटी की ऑस्कर अस्पताल सोनीपत में मौत हो गई। मृतका की मां का आरोप है कि जब उनकी बेटी ने ढाबे पर जहर का सेवन किया तो उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस पर आरोपी रणधीर ने ही उन्हें बेटी के जहर खाने की सूचना दी और भाग गया। इसके बाद ढाबा संचालकों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस व परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। आरोपी रणधीर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि युवती के पास जहर था। वह उससे मिलने आई तो अपने साथ जहर की गोली लाई थी। जांच अधिकारी श्रीकृष्ण ने कहा कि एकतरफा प्यार से परेशान लड़की ने ढाबे पर जहर खाया था। उसकी अस्पताल में मौत हई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अब जेल में है। आरोपी रणधीर ने कबूल किया कि वह उससे प्यार करता था, लेकिन लड़की उसे नजरअंदाज करती थी। वह पिछले महीने से उसे शादी के लिए प्रपोज कर रहा था। वह इंकार कर रही थी। 12 जनवरी को सुबह उससे बात की थी। उसे फोन पर कसम देकर ढाबे पर बुलाया। उसने फिर उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। लड़की ने कहा कि वह उससे परेशान हो गई है और आज तेरे इस इकतरफा प्यार का अंत कर दूंगी। उसने पर्स से जहर की गोली निकाली और खा ली।

4 पुलिसकर्मियों के घर में हुई चोरी, मचा हड़कंप

जींद। जिले में चोरों का बोलबाला पूरे जोरों पर है। धुंध का प्रकोप बढ़ने के साथ ही चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। कोई भी दिन ऐसा नहीं जाता जिस दिन शहर में किसी के घर के ताले न टूटे हों। कल रात को चोरों ने आम लोगों को तो छोड़िये पुलिस कालोनी में पुलिस कर्मचारियों के क्वार्टरों को भी नहीं बख्शा। जहां पर डीएसपी के रीडर सहित चार पुलिस कर्मियों के क्वार्टरों के ताले तोड़कर वहां से हजारों का सामान चोरी हो गया।पुलिस कालोनी में ही चोरी की वारदात होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। दूसरों को सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस के क्वार्टरों में चोरी होने पर पुलिस अधिकारी इसमें कुछ भी कहने से बचते रहे। सिविल लाइन थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज करके चोरों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि कालोनी में महिलाओं ने बताया कि चोरी की वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति की बजाए कालोनी में रहने वाले किसी व्यक्ति ने अंजाम दिया। सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब सदर थाने में तैनात एएसआइ आत्माराम के क्वार्टर के दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ मिला। एएसआइ आत्माराम ड्यूटी के सिलसिले में बाहर गया हुआ था, जबकि उसके परिवार के लोग शाम को ही गांव में गए थे। सुबह जब उसकी पत्नी क्वार्टर पर आई तो दरवाजा खुला पड़ा था और मकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जब उसने अलमारी को संभाला तो वहां से चार तोले सोने व पांच तोले चांदी के जेवरात व कुछ नकदी गायब थी।  इसके बाद दूसरे बंद पड़े क्वार्टरों की कालोनी के लोगों ने देखा तो एएसआई संजय कुमार के क्वार्टर का भी ताला टूटा हुआ था, लेकिन वहां से कुछ चोरी नहीं मिला। इसके बाद कालोनी के सी ब्लॉक में हवलदार राकेश व रोहताश के क्वार्टर का भी ताला टूटा हुआ था। कालोनी के लोगों ने इन पुलिस कर्मियों के परिवार को भी सूचित किया। जहां पर उनके आने के बाद ही पता चलेगा कि वहां से कितना सामान चोरी हुआ है। पुलिस कालोनी में चोरी की वारदात हो रही है, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं। अब कहा जा सकता है कि शहर का भगवान ही मालिक है। 

छापे में मिली 150 करोड़ रूपये की अघोषित आय

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर के एक कारोबारी समूह पर पड़े आयकर छापे में अब तक डेढ़ सौ करोड़ की अघोषित आय सामने आई है। आयकर विभाग के सूत्रों ने बताया कि बीते चार दिनों से कार्रवाई जारी हैं। कारोबारी के एक दर्जन ठिकानों से मिले वित्तीय लेन-दिन के दस्तावेजों को खंगला जा रहा हैं। इन दस्तावेजों में 250 से ज्यादा लोगों के अघोषित वित्तीय व्यवहार का ब्यौरा सामने आया हैं, जिन्हें समन जारी कर विभाग पूछताछ के लिए तलब कर सकता हैं। समूह के निदेशक और अन्य संबंधियों के 100 से ज्यादा बैंक खाते, 12 बैंक लॉकर, कम्प्यूटर डेटा मिले हैं,जिसमें एक करोड़ से ज्यादा नगदी, 25 लाख के आभूषण, जमीनों में निवेश के दस्तावेज प्रमुख हैं। अब तक आयकर विभाग को डेढ़ करोड़ से ज्यादा की अघोषित आय के प्रमाण मिले हैं। आयकर विभाग ने भारी मात्रा में कर अपवंचन सामने आने के आसार को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को भी मामले की व्यापकता से अवगत करवा दिया हैं। कार्रवाई की जद में आया समूह का मुख्य कारोबार रियल स्टेट का हैं।

दुकान में आग लगने से 3 लोगों की मौत हुई

नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के कीर्तिनगर इलाके में कबाड़ दुकान में भीषण आग लग गयी। जिसमें तीन लोगों की झुलसकर मौत हो गयी है। पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त दीपक पुरोहित ने शुक्रवार को बताया कि कल देर रात कीर्तिनगर के कमला नेहरू कैम्प में एक कबाड़ दुकान में आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस और दमकलकर्मी पहुंचे। आग टोनी महतो (50) की कबाड़ की दुकान में लगी और जल्द ही दुकान के ऊपर बनी झुग्गियों में फैल गयी।

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा  संदीप मिश्र  शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि मौजूदा...