बुधवार, 18 नवंबर 2020

बस्तीः 75,000 वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ खत्म

15 साल पुराने 75 हजार वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ खत्म


बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले मे 75 हजार दो पहिया तथा चार पहिया वाहनो का रजिस्ट्रेशन समाप्त हो गया है। क्योंकि ये वाहन 15 साल का समय पूरा कर चुके है। वाहन स्वामियो को दूसरा री-रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ेगा। आधिकारिक सूत्रो ने बुधवार को यहां कहा कि नये वाहन लेने के बाद उनका री-रजिस्ट्रेशन 15 साल के लिए होता है। वाहन स्वामियो को 15 साल के बाद रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ता है। जिले मे 75 हजार गाडि़यो का रजिस्ट्रेशन समाप्त कर दिया गया है। जो कि वे अपने 15 साल का समय पूरा कर चुके हैं । आरटीओ विभाग ऐसे सभी वाहन स्वामियो को री-रजिस्ट्रेशन के लिए नोटिस जारी करेगा । री-रजिस्ट्रेशन न करवाने वाले वाहन स्वामियो के विरूद्व कार्यवाही भी की जायेगी ।                                


लॉक डाउन की मना, बाजार हो सकते हैं बंद

दिल्ली में लॉकडाउन बिल्कुल नहीं,बाजार किए जा सकते हैं बंद सत्येंद्र जैन


अकाशुं उपाध्याय


नई दिल्ली। में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए लॉकडाउन की अटकलें बढ़ गई थीं। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन बिल्कुल नहीं होगा। यहां इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। कुछ स्थानीय प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।अभी अधिकतम टेस्ट किए जा रहे हैं। जिसकी संख्या और बढ़ पाएगी।
जब उनसे छठ पूजा को लेकर बात की गई तो वह बोले कि छठ पूजा के दौरान भारी भीड़ इकट्ठी होने से कोरोना वायरस बड़ी मात्रा में फैल सकता है। इसलिए घाटों पर पूजा पर रोक लगाई गई है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा दिल्ली सरकार का लॉकडाउन लगाने का कोई इरादा नहीं है। लॉकडाउन कोरोना से लड़ने का उपाय नहीं है। इससे लड़ने का एकमात्र उपाय मेडिकल मैनेजमेंट है। अभी दिल्ली में 26000 लोग होम आइसोलेशन में हैं। हमारे पास 16000 बेड हैं जिनमें से 50/ बेड खाली हैं।                                  


डीके ठाकुर लखनऊ के नए कमिश्नर बने

डी के ठाकुर बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर


संदीप मिश्र


लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार देर रात भारतीय पुलिस सेवा के चार अधिकारियों का तबादला कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि लखनऊ के पुलिस कमिश्नर सुजीत कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक एटीसी के पद पर भेजा गया है। वहीं एटीएस के अपर पुलिस महानिदेशक ध्रुव कुमार ठाकुर का तबादला सुजीत कुमार के स्थान पर लखनऊ के पुलिस कमिश्नर के पद पर किया गया है।
उन्होने बताया कि प्रतीक्षारत आईपीएस अधिकारी जीके गोस्वामी को एटीएस में अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। वहीं एक और प्रतीक्षारत राजकुमार को पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।                                         


प्रत्येक विकलांग को आत्मनिर्भर बनाऐंगेः स्मृति

पालघर। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि प्रत्येक विकलांग व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाना केंद्र सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में से एक है। स्मृति ईरानी ने मंगलवार की शाम को यहां दहानू नगर परिषद की ओर से विकलांगों को फंड वितरण करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार नागरिकों को जमीनी स्तर पर बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा निर्वाचित प्रतिनिधियों को उन तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक प्रयास करना चाहिए।


उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कपड़ा मंत्रालय को पीपीई किट की आवश्यकता थी और तब स्वदेशी पीपीई किट के निर्माण का जोखिम उठाया गया जिसमें हम सफल रहे। उन्होंने कहा कि आज देश पीपीई किट के मामले में आत्मनिर्भर है। केंद्रीय मंत्री ने विकलांग व्यक्तियों के कल्याण के वास्ते अलग से फंड रखने के लिए दहानू नागरिक निकाय की सराहना की। इस मौके पर दहानू नगर परिषद ने करीब 300 विकलांगों को 10,000 रुपये की सहायता राशि वितरित की।                                    

भारत के निर्माण में हरसंभव योगदान देंः सिंह

अकांंशु उपाध्याय


नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज युवाओं का आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों को आत्मसात करते हुए नये भारत के निर्माण में हरसंभव योगदान दें। राजनाथ सिंह ने छठे संविधान दिवस से एक सप्ताह पहले आज यहां युवा संगठनों द्वारा, ‘कॉन्स्टिट्यूशन डे यूथ क्लब एक्टिविटीज’ के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि युवाओं के इस देश में, युवा शक्ति को मज़बूत करने, और उसे आगे ले जाने के लिए राष्ट्रीय कैडेट कोर, नेहरू युवा केंद्र संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना , हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और ‘रेड क्रॉस सोसाइटी’ जैसी अनेक संस्थाएं काम कर रही हैं।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी समय समय पर सभी युवा संगठनों से एक प्लेटफार्म पर आकर, देश और समाज से जुड़े मुद्दों पर लोगों में जागरूकता फैलाने तथा नये भारत के निर्माण में योगदान का आह्वान किया है। संविधान के मूल्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह किसी न किसी रूप में देश का सबसे अहम मार्गदर्शक है। यह न केवल हमारी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत, बल्कि दुनिया के अनेक संविधानों के श्रेष्ठ विचारों का यह निचोड़ है। राजनाथ सिंह ने कहा कि संविधान निर्माताओं का मानना था कि भारत जैसे विविधता वाले राष्ट्र को, एक सूत्र में बांधकर रखने वाला हमारा संविधान ही है। यह संविधान दुनिया भर में भारत की पहचान है क्योंकि यह भारत के लोगों का, भारत के लोगों द्वारा, और भारत के लोगों के लिए है।


उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर ने अपने पहले ही साक्षात्कार में यह स्पष्ट किया था, कि संविधान का अच्छा या बुरा साबित होना उसके नियमों पर नहीं, बल्कि उसे अमल में लाने वाले लोगों पर निर्भर करेगा। यानी हम और आप पर यह निर्भर करता है, कि हमारा देश, हमारी व्यवस्था, कैसे, और किस दिशा में प्रगति करेगी। संविधान में उल्लिखित कर्तव्यों तथा अधिकारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी कहते थे कि हमारे कर्तव्य में ही हमारा अधिकार भी निहित है।                                 


बिहारः भ्रष्टाचार के आरोपी को बनाया मंत्री

पटना। बिहार सरकार में जदयू कोटे से डॉ. मेवालाल चौधरी को मंत्री बनाये जाने को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। तेजस्वी ने नीतीश कुमार से पूछा कि असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति में भ्रष्टाचार करने के आरोपी को शिक्षामंत्री बनाकर क्या उन्हें लूटने की खुली छूट प्रदान की गयी है? तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा कि भ्रष्टाचार के अनेक मामलों के भगोडे़ आरोपी को शिक्षामंत्री बना दिया। अल्पसंख्यक समुदायों में से किसी को भी मंत्री नहीं बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सत्ता संरक्षित अपराधियों की मौज है और रिकॉर्डतोड़ अपराध की बहार है।


तेजस्वी ने नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि कुर्सी की खातिर अपराध, भ्रष्टाचार और साम्प्रदायिकता पर मुख्यमंत्री जी प्रवचन जारी रखेंगे। राजद नेता ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री ने असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति और भवन निर्माण में भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 420, 467, 468, 471 और 120ब के तहत आरोपी मेवालाल चौधरी को शिक्षामंत्री बनाकर क्या भ्रष्टाचार करने का इनाम एवं लूटने की खुली छूट प्रदान की है? इससे पहले राजद ने आधिकारिक ट्वीट में कहा कि तेजस्वी पर फर्ज़ी केस करवा कर वह इस्तीफा मांग रहे थे और यहां खुद एक भ्रष्टाचारी मेवालाल को मंत्री बना रहे हैं।


गौरतलब है कि जदयू विधायक डॉ. मेवालाल चौधरी राज्य की तारापुर विधानसभा सीट से निर्वाचित हुये हैं। उन्हें नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। राजनीति में प्रवेश से पहले मेवालाल भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति थे।                                 


पत्रकार को पत्नी सहित पीट-पीट कर मार डाला

शशांक तिवारी की रिपोर्ट


लखनऊ । एक हिन्दी दैनिक में संवाददाता रह चुके एक पत्रकार और उसकी पत्नी को सोनभद्र जिले के बरवाडीह गांव में बेरहमी से पीट-पीट कर मार डाला गया। पीड़ित उदय पासवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतला ने मंगलवार को वाराणसी के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना की वजह एक पूर्व ग्राम प्रधान के साथ पुरानी दुश्मनी है। मृतक ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को खतरे में देखकर पुलिस से संपर्क भी किया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब 3 पुलिस कर्मियों को हटाया गया है।


सोनभद्र के एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बुधवार को कहा, “इस संबंध में कोन पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर, एक सब-इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। 6 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार भी कर लिया गया है, मुख्य आरोपी गांव का पूर्व प्रधान केवल पासवान फरार है, उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।”आरोपियों से धमकी मिलने के बाद उदय और उनकी पत्नी शीतला सोमवार सुबह कोन पुलिस स्टेशन गए थे। जब वे शाम को मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, उन पर लाठी और डंडों से हमला किया गया। दंपति मदद के लिए पुकारते रहे लेकिन कोई आगे नहीं आया। उदय की मौके पर ही मौत हो गई और शीतला को गंभीर चोटें आईं और मंगलवार की शाम को उसने भी दम तोड़ दिया। उदय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


श्रीवास्तव ने कहा, “उदय के बेटे विनय पासवान की शिकायत पर पूर्व ग्राम प्रधान केवल पासवान, उनकी पत्नी कौशल्या, बेटे जितेंद्र, गब्बर, सिकंदर और उनके प्रतिनिधि एलाक आलम के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148 और 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है।”केवल और उसके परिवार के साथ उदय के परिवार की दुश्मनी थी। 2016 और 2018 में भी दोनों के खिलाफ मामले दर्ज हुए थे। विनय ने कहा, “मेरे पिता ने लखनऊ में मुख्यमंत्री के जनता दरबार में भी शिकायत की थी। मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश जारी होने के बावजूद सोनभद्र पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया।”                               


मुस्लिम धर्मगुरु कल्बे सादिक की हालत गंभीर

अभिषेक श्रीवास्तव 


लखनऊ। आल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष विख्यात मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना कल्बे सादिक की हालत गम्भीर मगर स्थिर है। मौलाना सादिक के बेटे कल्बे सिब्तैन नूरी ने बुधवार को बताया कि निमोनिया की गम्भीर बीमारी से जूझ रहे उनके 82 वर्षीय पिता की हालत अब भी गम्भीर, मगर स्थिर है।


उन्होंने बताया कि पिता राजधानी लखनऊ स्थित एरा मेडिकल कॉलेज में पिछले करीब डेढ़ महीने से भर्ती हैं। नूरी ने बताया कि उनके पिता को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। हालांकि कोविड-19 जांच रिपोर्ट में उनमें इस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। उनके रक्तचाप और आक्सीजन के स्तर में लगातार गिरावट होने पर उन्हें मंगलवार की शाम आईसीयू में दाखिल किया गया था।


सिब्तैन नूरी ने बताया कि हालांकि पिता (मौलाना कल्बे सादिक) की स्थिति गम्भीर है मगर उसमें और गिरावट नहीं आयी है। गौरतलब है कि आल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना कल्बे सादिक पूरी दुनिया में अपनी उदारवादी छवि के लिये जाने जाते हैं।                                    


एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा की बैठक

अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर एमएलसी चुनाव को लेकर एक बैठक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ की गई। जिसमें मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं  जिला प्रवासी डॉ अनिल अग्रवाल व एमएलसी चुनाव प्रभारी सुनीता दयाल , जिन्होंने मतदाता से बात कर केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की नीतियों व योजनाओं के बारे में जानकारी दी और पार्टी के प्रत्याशी को विजय बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता से चुनाव में लगने के लिए कहा। जिस में उपस्थित जिला अध्यक्ष उमेश राणा जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।                              


अभय हमेशा तोड़ने की बात करते हैंः चौटाला

राणा ओबरॉय


चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला ने इनेलो नेताओं की जेजेपी पर टिप्पणी के खिलाफ सख्त जवाबी हमला बोला है। दिग्विजय चौटाला ने मीडिया में आए इनेलो नेताओं के उस बयान की कड़ी निंदा की जिसमें जेजेपी के टुकड़े टुकड़े होने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि यह सोच देशविरोधी तत्वों की सोच से मेल खाती है और इतिहास गवाह है कि ऐसे लोगों का अंजाम कभी अच्छा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इनेलो नेता अभय चौटाला हमेशा तोड़ने की बात करते हैं जो उनकी पार्टी के हस्र की प्रमुख वजह है।


दिग्विजय चौटाला ने कहा कि दो साल पहले तानाशाही कर डॉ अजय सिंह चौटाला और तत्कालीन सांसद दुष्यंत चौटाला को इनेलो से निकालकर अभय सिंह ने अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारी थी और उनकी इस हरकत को आज इनेलो से जुड़े लोग भुगत रहे हैं। अभय चौटाला की ओर से जेजेपी को टुकड़े टुकड़े गैंग कहे जाने पर दिग्विजय ने कहा कि गैंग और गैंगस्टर जैसे शब्द सुनते ही हरियाणा के लोगों के जहन में किसका चेहरा आता हैयह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉ अजय सिंह चौटाला और जेजेपी की छवि सकारात्मक और विकासवादी राजनीति की है जबकि इनेलो और इनेलो नेताओं को आज अपने अस्तित्व का खतरा हो गया है। दिग्विजय ने हैरानी जताई कि इनेलो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जेजेपी को लेकर मंथन किया गया है। उन्होंने कहा कि खुद के भविष्य में इनेलो को कोई गुंजाइश नजर नहीं आती इसलिए दूसरों के प्रति भड़ास निकाल कर ही दिल को बहलाया जा रहा है। दिग्विजय ने कामना की कि भगवान इनेलो नेताओं को सदबुद्धि दे।                                         


 

 


फर्शे अज़ा सिखाता है जिंदगी का सलीक़ा

फर्शे अज़ा सिखाता है ज़िन्दगी को अच्छी तरबीयत के साथ जीने का सलीक़ा


(मौलाना मो०अली गौहर)


बृजेश केसरवानी


प्रयागराज। इन्सान को वालीदैन की अज़मत और खिदमतगुज़ारी की नाफरमानी नहीं करनी चाहिये।माँ बाप को दूखी रखने और उसकी क़ुरबत न हासिल करने के बाद भी जितनी दौलत और सरमाया जमा कर लिया जाए अल्लाह उससे कभी राज़ी नहीं होता।अगर इनसान चाहता है की अल्लाह को राज़ी रखा जाए तो अपने वालीदैन के साथ हुसने सुलूक से पेश आओ।उक्त बातें मौलाना मो०अली गौहर साहब क़िबला ने दायरा शाह अजमल स्थित इमामबाड़ा नवाब अब्बन मरहुम के अज़ाखाने मे स्व सै०हसन अब्बास सफवी (सग़ीर) की बरसी की मजलिस को सम्बोधित करते हुए इल्म हासिल करने के साथ वालीदैन के साथ बच्चों का कैसा सुलूक होना चाहिये इस पर तफसीली गुफ्तुगु की।मौलाना गौहर ने कहा माले दुनिया हासिल कर लेना ही बेहतरीन तरबीयत का तक़ाज़ा नहीं।अपने को जन्म देने वाले माँ और बाप से हुसने सुलूक से पेश आना ही अल्लाह की रज़ा और क़ुरबत हासिल करने का ज़रीया है। वालीदैन की खुशनूदी हासिल करने का मेयार है की जब भी अपने वालीदैन को कुछ दो तो एक हाँथ से नहीं दोनों हाँथों से दो ताकी उनका हाँथ तुमहारे हाँथों से उपर रहे।और उनहे नीचे झूकना न पड़े।मौलाना ने हराम की ग़ेज़ा से बचने की ताकीद करते हुए करबला वालों से सीखने की नसीहत की कहा हुसैन और खानदाने रिसालत ने भूखा रहना गवारा किया लेकिन माले हराम को ग़ेज़ा नहीं बनाया।मौलाना की तक़रीर से पहले शहनशाह हुसैन सोनवी ने मर्सियाख्वानी से मजलिस का आग़ाज़ किया।शायर डॉ०क़मर आब्दी,अनवार अब्बास और नायाब बलयावी ने ताज़ियती नज़्म के ज़रीये खेराजे अक़ीदत पेश की।नायाब बलयावी ने अपने तास्सुरात का कुछ इस अन्दाज़ मे   तंज़ कसने वालों पर प्रहार किया कहा:- तनज़ीया अश्के ग़में शाह पे हसने वालों!
मुरदा होने से जो बचना है तो रोना होगा!!
ग़ैर होकर भी तरफदार ए अज़ा दिखता है!
हो न हो उसने तबर्रुक़ कभी खाया होगा!!
कोरोना काल में मात्र पाँच लोगों की इजाज़त मिलने पर कहा। पाँच अफराद की मजलिस मे इजाज़त थी मिली!
पंजतन आँएगे तो रौशन अज़ाखाना होगा!!
मजलिस में स्व हसन अब्बास सफवी की मग़फिरत को दुआ भी की गई।इस मौक़े पर मंज़र कर्रार,जलाल हैदर,ज़ाकिरे अहलेबैत रज़ा अब्बास ज़ैदी,सै०मो०अस्करी,क़मर भाई,रज़ा इसमाईल सफवी,अस्करी अब्बास,ज़ेया इसमाईल सफवी,अर्श अब्बास,काज़िम अब्बास,अहमद जावेद,बाक़र मेंहदी,ज़रग़ाम हैदर,जावेद रिज़वी करारवी,तसवीर मुस्तफा,अनवर मुस्तफा,शादाब रज़ा,शादाब मसीहउज़्ज़माँ,शबीह अब्बास जाफरी,कामरान रिज़वी,माजिद अली समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन   मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला रैली कौशाम्बी। एन डी कान...