बुधवार, 21 अक्तूबर 2020

बोर्ड सदस्य हिमांशु मित्तल ने दी चेतावनी

गाज़ियाबाद। विकास प्राधिकरण अपने नेहरू नगर स्थित गोदाम की जमीन का लैंडयूज़ बदलकर उसे ग्रुप हाउसिंग करने की तैयारी में जुट गया है। इस प्रकरण में आपत्ति दर्ज कराने वाले जीडीए बोर्ड के सदस्य हिमांशु मित्तल ने जीडीए को कोर्ट जाने की चेतावनी दी है। आपको बता दें कि नेहरू नगर में प्राधिकरण की करीब साढ़े नौ हजार वर्ग मीटर जमीन पर गोदाम बना हुआ है। जीडीए इस जमीन का लैंडयूज़ बदलने की कोशिश में है। 29 फरवरी को जीडीए ने इसका नोटिफिकेशन जारी कर लोगों से आपत्ति और सुझाव मांगे हैं। आठ अक्टूबर को इस पर सुनवाई भी हुई है। तीन लोगों ने इस पर आपत्ति व्यक्त की है। इनमें भाजपा के तीनों पार्षद और एक जीडीए बोर्ड के सदस्य हिमांशु मित्तल हैं। बाकी जीडीए बोर्ड सदस्यों में वरिष्ठ पार्षद राजेंद्र त्यागी और अनिल स्वामी शामिल हैं। जीडीए बोर्ड सदस्य हिमांशु मित्तल ने बताया कि अगर इसके बाद भी लैंडयूज़ बदला जाता है तो वह जीडीए के खिलाफ कोर्ट जाएंगे।               


'बौद्ध धर्म' की खबर को प्रमुखता से छापा

अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। 365 टीम ने जनपद के करहेड़ा इलाके में रहने वाले 50 वाल्मीकि परिवारों के सामूहिक धर्म परिवर्तन कर बौद्ध धर्म की खबर को प्रमुखता से छापा था। कुछ देर में ही यह खबर वायरल होकर लखनऊ तक पहुँच गई और आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया। खबर का असर यह हुआ कि डीएम अजय शंकर पाण्डेय और एसएसपी कलानिधि नैथानी करहेड़ा पहुंचे और लोगों से मुलाक़ात कर एक हफ्ते में सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।                     


सड़कों पर धूल की समस्या कर्मियों को सौंपी

अश्वनी उपाध्याय


गाज़ियाबाद। नगर निगम ने शहर की विभिन्न जोन्स से पिछले 4 दिनों में 75,216 किलो धूल एकत्र की है। दरअसल यह नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर की उस मुहिम के तहत किया गया जिसमें उन्होंने निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में बैग बांट कर उनमें सड़कों पर फैली धूल एकत्र कराना शुरू किया था। सफाई कर्मियों को बैग बांटते समय उनसे अनुरोध किया गया था कि वे सफाई के दौरान मिलने वाली धूल को इन बैग्स में इकट्ठा करें। नगर निगम द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चार दिनों के इस अभियान के बाद निगम के निर्माण विभाग को 6-6 किलो के कुल 12,536 बैग प्राप्त हुए हैं।


236 वाल्मीकियों ने अपनाया 'बौद्ध धर्म'

अश्वनी उपाध्याय


गजियाबाद। गाज़ियाबाद में करहेड़ा गाँव के 236 लोगों ने बाबा साहब अंबेडकर के पड़पोते राज रत्न अंबेडकर की उपस्थिति में बौद्ध धर्म की दीक्षा ले ली है। जानकारी के अनुसार 14 अक्तूबर को आयोजित इस समारोह में धर्म परिवर्तन करने वाले सभी लोगों का संबंध वाल्मीकि समाज से था। 50 परिवारों से जुड़े इन लोगों का कहना है कि वे योगी सरकार द्वारा की जा रही दलित समाज की लगातार उपेक्षा और हाथरस कांड से काफी ज्यादा आहत हुए हैं। लोगों का आरोप है कि दलित आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं लेकिन हमारी कहीं सुनवाई नहीं होती है। हर जगह हमारी अनदेखी की जाती है। इन सभी लोगों को राजरत्न आंबेडकर ने बौद्ध धर्म में दीक्षा दी है।           


चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे 'शिवराज'

शिवराज आज चार चुनावी सभाओं को करेंगे संबोधित


भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज चार स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाएं लेंगे। प्रदेश भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार शिवराज चौहान मलेहरा विधानसभा के अधीन आने वाले बड़ा मलेहरा, सुरखी क्षेत्र के सीहोरा, सांची सीट के हरदौट और ब्यावरा विधानसभा सीट के लखनवास में चुनावी सभाएं लेंगे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में शिवपुरी जिले के करैरा और पोहरी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले बराड़ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा भाजपा के अन्य नेता भी अलग अलग क्षेत्रों में चुनावी सभाए लेंगे। भाजपा की ओर से जनसभाएं मुख्य रूप से शिवराज चौहान के अलावा केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और अनेक मंत्री ले रहे हैं। कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मंत्री अजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी और कुछ अन्य नेता चुनावी सभाओं में दिखायी दे रहे हैं। राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार जोर पकड़ रहा है। मतदान तीन नवंबर को होने के कारण चुनाव प्रचार का शोरगुल एक नवंबर की शाम को थम जाएगा। नतीजे 10 नवंबर को आएंगे। इन सीटों पर कुल 355 प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। जिनमें लगभग एक दर्जन मंत्री भी शामिल हैं।           


'पीएम' मोदी ने पुलिस बल की सराहना की

मोदी ने ‘पुलिस स्मृति दिवस’ पर पुलिस बल की सराहना की


अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि पुलिसकर्मी हमेशा बिना किसी हिचक के अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं। ‘पुलिस स्मृति दिवस पर मोदी ने कहा भयावह अपराधों को सुलझाने से लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आपदा प्रबंधन में मदद करने से लेकर कोविड-19 से निपटने तक, पुलिसकर्मियों ने बिना किसी हिचक के अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। उन्होंने कहा में नागरिकों की सहायता के लिए उनके परिश्रम और उनकी तत्परता पर गर्व है।
प्रधानमंत्री ने कहा पुलिस स्मृति दिवस भारत में हमारे पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को आभार व्यक्त करने का दिन है। कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए सभी पुलिस कर्मियों को हम श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके बलिदान और सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा।           


नदी में गिरी कार 2 की मौत, 6 घायल

भवाली। हल्द्वानी अल्मोड़ा राजमार्ग में काकडी घाट के पास अनियंत्रित होकर एक बोलेरो कोसी नदी में गिर गई। इस दुखद हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और वाहन सवार 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना खैरना पुलिस चौकी को मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल 108 सेवा की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गर्म पानी पहुंचाया।              


आतंकियों को प्रशिक्षण देने का कार्य जारी

बीजिंग। चीनी सैनिकों की ओर से पीओके यानि कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों को प्रशिक्षण देने का काम किया जा रहा है। खुफिया सूत्रों से इस बात का खुलासा किया गया है। इस समय पाकिस्तान के लॉन्च पैड पर 250-300 आतंकवादी भारत में घुसपैठ करने के इरादे से बैठे हैं। यह सभी पाकिस्तानी सेना के वर्दी वाले आतंकवादी हैं। सूत्रों की माने तो भारत की लद्दाख में मजबूत पकड़ होने के बाद से बौखलाई चीनी सेना ने अब पाकिस्तान के साथ मिलकर नई साजिश रची है। इसके तहत चीन ने अपनी लाल सेना को ड्रोन, रडार और भारी मात्रा में हथियार के साथ पीओके में भेजा है, जो भारत के खिलाफ पाकिस्तानी आतंकवादियों और सैनिकों की मदद कर रही है। इसके बदले में पाकिस्तान ने अपनी नार्दन लाइट इन्फ्रैंट्री के जवान चीन को दिए हैं, जिन्हें एलएसी पर तैनात किया गया है। चीन और पाकिस्तान की साजिश का खुलासा खुफिया तंत्र की मदद से हुआ है। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक गठजोड़ को अंजाम तक पहुंचाने के लिए इस साजिश की निगरानी उच्च स्तर पर हो रही है। नॉर्थ कश्मीर की किलो फोर्स के जनरल कमांडिंग ऑफिसर के मेजर जनरल एचएस साही का कहना है कि इस समय पाकिस्तान के लॉन्च पैड पर 250-300 आतंवादी भारत में घुसपैठ करने के इरादे से बैठे हैं। मौसम अभी उनके अनुकूल है, इसलिए वो घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें सर्दियां बढऩे का इंतजार है। पाकिस्तानी सेना ने भारत में हमले तेज करने के लिए तालिबान के साथ मिलकर आतंकवादी संगठनों को कमान सौंपी है। जैश-ए-मोहम्मद के मुफ्ती मोहम्मद असगर खान कश्मीरी के नेतृत्व में तालिबान, लश्कर, जैश और हिजबुल की एक बैठक हुई है, जिसमें इस साजिश को अंतिम रूप दिया गया है। इस बैठक में यह भी तय हुआ कि अब कश्मीर में हमले कोई भी संगठन करे लेकिन सभी हमलों की जिम्मेदारी हिजबुल ही लेगा।           


30 लाख कर्मचारियों को सरकार का तोहफा

अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। मोदी सरकार ने दीवाली से पहले 30 लाख सरकारी कर्मचारियों (नॉन गजेटेड) को बोनस देने का फैसला किया है। केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कैबिनेट फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि कर्मचारियों को बोनस देने से सरकार पर 3,737 करोड़ रुपये का बोझ आएगा। आपको बता दें कि इससे पहले केन्द्र सरकार ने हाल ही में  सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को त्यौहारों के मौके पर 10,000 रुपये का ब्याज मुक्त अग्रिम देने का फैसला किया था। उपभोक्ता खर्च बढ़ाकर अर्थव्यवस्था में मांग बढ़ाने की योजना के तहत सरकार ने यह कदम उठाया था।             


रामगोपाल ने नामांकन पत्र किया दाखिल

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) महासचिव प्राे रामगोपाल यादव ने बुधवार को राज्यसभा के लिये नामांकन पत्र दाखिल किया। रामगोपाल यादव ने बुधवार पूर्वान्ह पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पर्चा दाखिल किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।                 


172 हजार साल पुरानी नदी का पता लगाया

नरेश राघानी


जयपुर। शोधकर्ताओं ने 172 हजार साल पुरानी एक नदी का पता लगाया है जो राजस्थान में बीकानेर के पास थार रेगिस्तान में बहती थी। संभव है कि वह नदी आसपास के क्षेत्रों में मानव आबादी के लिए जीवन-रेखा रही हो ताकि लोग वहां निवास कर सकें। ये तथ्य ‘क्वाटर्नेरी साइंस रिव्यूज़’ नामक पत्रिका में प्रकाशित हुए हैं। इसमें थार रेगिस्तान क्षेत्र में नाल गांव के पास नदी के बारे में जानकारी दी गयी है।                           


रेड लाइट पर गाड़ी बंद करने की अपील

अकांशु उपाध्याय


नई दिल्ली। दिल्ली में वाहनों से होने वाले प्रदूषण में 15 से 20 फीसदी तक कमी की जा सकती है अगर यातायात सिग्नल पर लोग अपने वाहन के इंजन बंद करना शुरू कर दें। यह बात बुधवार को दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कही। राष्ट्रीय राजधानी में आईटीओ यातायात सिग्नल से 26 दिनों के लिए ”रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ” अभियान की शुरुआत करते हुए राय ने दिल्ली के लोगों से अपील की कि जिम्मेदारी से काम करें और यातायात सिग्नल पर ईंधन जलाना बंद करें। उन्होंने कहा, ”अभियान का उद्देश्य वाहन प्रदूषण को कम करना है। दिल्ली में करीब एक करोड़ पंजीकृत वाहन हैं। साथ ही वाहनों का ईंधन प्रतिदिन यातायात सिग्नल पर करीब 15 से 20 मिनट तक जलता है। इस अभियान का उद्देश्य सिग्नलों पर ईंधन जलने से बचाना है।”               


दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। दबे पांव पहुंचे भूकंप ने धरती को हिलाते हुए पब्लिक को दहशत में ड...