बुधवार, 30 सितंबर 2020

जान लीजिए आज से हो रहे हैं यहांं बदलाव

नई दिल्ली। कोरोना काल में सरकार ने कई तरह की रियायतें दीं गई। जिनकी समय सीमा 30 सितंबर को खत्म हो रही है। वहीं, एक अक्तूबर से बैंक, वाहन, ड्राइविंग लाइसेंस और जीएसटी रिटर्न समेत कई नियमों में बदलाव हो रहे हैं, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी। आइए जानते हैं 1 अक्टूबर से किन नियमों के जरिए आपको फायदा होगा और किससे नुकसान उठाना उड़ेगा।
इन नियमों से आम जनता को मिलेगी राहत
कर्ज सस्ते होंगे
एसबीआई (SBI) कर्ज की ब्याज दरों को रेपो रेट से जोड़ने जा रहा है। इससे ग्राहकों को करीब 0.30 फीसदी तक सस्ती दरों पर होम और ऑटो लोन मिल सकेगा। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक, फेडरल बैंक भी यही फैसला लागू करेंगे।
न्यूनतम बैलेंस पर राहत
एसबीआई मेट्रो शहरों में न्यूनतम बैलेंस की सीमा 5000 से घटाकर तीन हजार करने जा रहा। पूर्ण शहरी इलाके में न्यूनतम बैलेंस न रखने पर कम शुल्क देना होगा। 75 फीसदी से कम राशि होने पर पहले जहां 80 रुपए व जीएसटी लगता था वहीं, अब सिर्फ 15 रुपए व जीएसटी देना होगा। 50 से 75 फीसदी राशि कम होने पर 12 रुपए व जीएसटी लगेगा, जो अभी 60 रुपए जीएसटी के साथ है।
डीएल नए कलेवर में
देशभर में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र का रंग, लुक, डिजाइन और सुरक्षा फीचर एक जैसे होंगे। स्मार्ट डीएल और आरसी में माइक्रोचिप व क्यूआर कोड होंगे, जिससे पिछला रिकॉर्ड छुपाया नहीं जा सकेगा। क्यूआर कोड रीड करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को हैंडी ट्रैकिंग डिवाइस दिया जाएगा। अब हर राज्य में डीएल, आरसी का रंग समान होगा व उनकी प्रिंटिंग भी एक जैसी होगी। ड्राइविंग के समय डीएल और आरसी को साथ रखने की आवश्यक नहीं होगा।
नया जीएसटी फार्म
पांच करोड़ से ज्यादा टर्नओवर वाले कारोबारियों के लिए जीएसटी रिटर्न फॉर्म बदल जाएगा। इन्हें अनिवार्य रूप से जीएसटी एएनएक्स-1 फॉर्म भरना होगा, जो जीएसटीआर-1 की जगह लेगा। छोटे कारोबारियों के लिए इस फॉर्म को जनवरी 2020 से अनिवार्य बनाया जाएगा। 
यहां हो सकता है नुकसान
न मिले मुफ्त गैस सिलेंडर
कोरोना काल में अप्रैल से ही गरीबों को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त में रसोई गैस सिलेंडर दिया जा रहा था, जिसकी समय सीमा 30 सितंबर को खत्म हो रही है। यानी हो सकता है कल से मुफ्त गैस सिलेंडर न मिले। 
आयकर रिटर्न
जुर्माने के साथ वित्त वर्ष 2018-19 का आयकर रिटर्न भरने के लिए 30 सितंबर आखिरी तारीख है। कोरोना काल में इसे दो बार बढ़ाया जा चुका है, अगर अब नहीं बढ़ी और आपने आयकर रिटर्न नहीं फाइल की तो परेशानी होगी।
अटल पेंशन योजना
अटल पेंशन योजना लेने वाले लोगों को खाते को नियमित कर लेना जरूरी है। अगर आपने ऐसा नहीं किया तो आगे जुर्माना देना पड़ सकता है। जून 2020 तक ऑटो-डेबिट सुविधा बंद कर दी गई थी। 
राशन कार्ड-आधार लिंक
खाद्य मंत्रालय ने कोरोना काल में राशन कार्ड को आधार से जोड़ने की समय सीमा 30 सितंबर तक बढ़ा दी थी। आप राशन कार्ड और आधार को लिंक सिर्फ बुधवार तक करा सकते हैं।               


वास्तुशास्त्र के नियम और महत्व को समझें


नई दिल्ली। ईशान दिशा वास्तु शास्त्र के अनुसार सबसे पवित्र मानी गई है। इस दिशा का विस्तार 22.5 डिग्री से 67.5 डिग्री तक होता है। यह दिशा उत्तर और पूर्व का कोना होता है। इस दिशा के स्वामी भगवान शिव हैं। इस दिशा का आधिपत्य बृहस्पति देव के पास है। यह एक आध्यात्मिक दिशा है। ईशान दिशा में मंदिर का स्थान, स्नान गृह, बच्चों का कमरा,स्टडी रूम और बैठक शुभ रहती है। इस दिशा को सबसे स्वच्छ, खाली और नीचा रखना चाहिए।
घर के द्वार खिड़कियां इस और शुभ मानी गई है। यह दिशा घर में पुत्र संतान एवं धन समृद्धि की है। यदि यह दिशा दूषित है तो घर में धनधान्य की कमी आएगी। पुत्र-संतान से असंतोष मिलेगा। इस दिशा में कभी भी शौचालय, रसोईघर,जीना, गृह स्वामी कक्ष भूलकर भी ना बनाएं, नहीं तो घर का वातावरण खराब हो जाएगा। आपस में कलह, झगड़े एवं मनमुटाव होंगे। संतान को शारीरिक कष्ट, बीमारी हो सकती है। इसलिए वास्तु शास्त्र के अनुसार ईशान को हमेशा खाली रखने का आदेश दिया गया है। इस दिशा में  घर का ढलान बहुत शुभ होता है। 
जिन व्यक्तियों का मूलांक या भाग्यांक तीन होता है, उसके लिए यह दिशा बहुत शुभ होती है। अर्थात जिनका जन्म किसी भी मास की 3, 12,21,30 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 3 होता है। ऐसे व्यक्तियों को यह दिशा बहुत अनुकूल होती है। इस दिशा में कूड़ा, स्टोर, शौचालय आदि न बनवाएं, अन्यथा आपकी प्रतिष्ठा में कमी आ सकती है और संतान सुख का अभाव हो सकता है। यदि इस दिशा में दरवाजा नहीं हो सकता तो कम से कम 1-2 खिड़की अवश्य छोड़ें। वास्तु शास्त्र में ईशान दिशा का बढ़ना बहुत शुभ माना गया है जबकि अन्य दिशाओं का बढ़ना अशुभ होता है। यदि यह दिशा कटी हुई है, छोटी है तो यह सारे मकान का वास्तु खराब कर देती है। इसलिए इस दिशा को समकोण रखें। इससे लक्ष्मी प्रसन्न रहती हैं। धन का आवागमन लगातार बढ़ता है। यदि इस दिशा में कुछ दोष है तो इस दिशा में एक शीशा लगा सकते है ताकि दिशा वृद्धि का भ्रम हो। इस दिशा में भारी समान तो भूलकर भी ना रखें क्योंकि यह दिशा वास्तु पुरुष का मस्तिष्क होता है। मस्तिष्क से ही सारे शरीर का संचालन होता है। 




                 

दुर्गा पूजाः 17 से 25 अक्टूबर तक नवरात्रे

इस वर्ष शारदीय नवरात्र 17 अक्टूबर से आरंभ होकर 25 अक्टूबर दशहरा तक चलेंगे। शनिवार से नवरात्र आरंभ होने कारण मां भगवती घोड़े पर सवार होकर आएंगी। घोड़े पर सवार होने का अर्थ होता है कि आर्थिक रूप से तो अच्छा संकेत है, किन्तु राजनीतिक और सामाजिक स्थितियों में उठापटक रहेगी। अतिवृष्टि,अनावृष्टि, प्राकृतिक आपदाएं और  सांप्रदायिक तनाव के योग बन रहे हैं। देश को युद्ध या युद्ध जैसी विभीषिका से भी गुजरना पड़ सकता है ।
इस दिन से शुरू होंगे नवरात्र
प्रथम नवरात्र 17 अक्टूबर 2020
द्वितीय नवरात्र 18 अक्टूबर 2020
तृतीय नवरात्र 19 अक्टूबर 2020 
चतुर्थ नवरात्र 20 अक्टूबर 2020 
पंचम नवरात्रि 21 अक्टूबर 2020 
षष्ठम नवरात्र 22 अक्टूबर 2020 
दुर्गा सप्तमी एवं अष्टमी 23 अक्टूबर 2020
दुर्गा नवमी 24 अक्टूबर 2020 
दशहरा 25 अक्टूबर 2020
यह होगा घट स्थापना का मुहूर्त
17 अक्टूबर को शारदीय नवरात्रों में घट स्थापना का मुहूर्त प्रातः छह बजकर 29 मिनट से आठ बजकर 49 मिनट तक चर लग्न में श्रेष्ठ है। इसके बाद 11:51 बजे के पश्चात और अभिजीत मुहूर्त 11:36 से 12:24 तक घट स्थापना के लिए विशेष मुहूर्त रहेगा। 14:49 से 16:17 तक कुंभ लग्न भी स्थिर लग्न है जो घट स्थापना के लिए श्रेष्ठ है। चौघड़िया मुहूर्त के अनुसार दोपहर 12:32 बजे से 16:45 बजे तक चर लाभ और अमृत के चौघड़िया में भी घटस्थापना श्रेष्ठ रहती है।
घट स्थापना के समय कलश के नीचे जौ बोए जाते हैं। जौ और कलश का स्थान आपके बाएं हाथ पर होना चाहिए अर्थात के देवी मां के मंदिर के बांयी और तथा दीपक का स्थान आप के दाहिने हाथ की ओर होना चाहिए। जिन घरों में अखंड ज्योत जलाई जाती है उन्हें नौ दिन तक अपना घर नहीं छोड़ना चाहिए। कोई ना कोई सदस्य घर में अवश्य रहे। नवरात्रों के समय नियम, संयम, सादगी और शुद्ध भोजन का विधान है‌। जो व्यक्ति दुर्गा सप्तशती का पाठ करते हैं उन्हें अपने आचरण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। तभी दुर्गा माता के नौ स्वरूपों की ठीक प्रकार से आराधना होगी । इस बार सप्तमी एवं अष्टमी एक ही तिथि यानी एक ही दिन मनाई जाएगी। अर्थात इस बार सप्तमी,अष्टमी 23 अक्टूबर को होगी। महा नवमी के दिन दुर्गा मां का विसर्जन होगा।


कमजोर हड्डियों का दिल पर भी बुरा प्रभाव

कमजोर हड्डियां सिर्फ शरीर को ही कमजोर नहीं बनाती बल्कि हृदय के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर डालती हैं। अगर आप अपने हृदय को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो अपने हड्डियों को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है।
लंदन की क्वीन मेरी यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ हैंपटन के मेडिकल रिसर्च काउंसिल लाइफकोर्स इपिडेमियोलॉजी यूनिट के एक हालिया शोध में हड्डियों में मिनरल की कम मात्रा और खराब हृदय स्वास्थ्य के बीच संबंध पाया गया है। शोध में पाया गया है कि महिलाओं और पुरुषों दोनों में ही हड्डियों के कमजोर होने से हृदयरोग पनपते हैं। 
जर्नल ऑफ बोन में प्रकाशित इस शोध में यूके बायोबैंक के डाटा का इस्तेमाल किया गया है। शोधकर्ताओं ने इमेजिंग और रक्त बायोमार्कर डाटा के कई प्रारूपों का संयुक्त तरीके से इस्तेमाल कर हड्डियों और हृदय के स्वास्थ्य के बीच संबंधों का आकलन किया। 
इन कारणों से कमजोर हो सकती है हड्डी-
इनदिनों गठिया और हृदय की बीमारियों सबसे बड़े स्वास्थ्य समस्याओं के रूप में उभर रहे हैं। दोनों तरह की बीमारियों की वजह बढ़ती उम्र, धूम्रपान और असक्रिय जीवनशैली है। शोध से पता चलता है कि जोखिम कारकों के समान होने के अलावा भी दोनों के बीच संबंध हो सकते हैं। इस शोध से यह भी पता चलता है कि दोनों तरह की समस्याओं का जैविक पाथवे भी समान हो सकता है। इस शोध से दोनों बीमारियों के लिए दवा की खोज आसान हो सकेगी। 
सख्त हो जाती हैं धमनियां-
शोधकर्ताओं ने पाया कि हड्डी का घनत्व कम होने का संबंध धमनियों के सख्त होने से था। जिन महिलाओं और पुरुषों की हड्डी कमजोर थीं उनके हृदय की धमनियां ज्यादा सख्त थीं। शोध में पाया गया कि हड्डी में कमजोरी से जूझ रहे मरीजों में हृदयघात से मौत होने का खतरा ज्यादा था। शोधकर्ताओं ने यह भी पाया कि हड्डी और हृदय के स्वास्थ्य की प्रणालियां पुरुषों और महिलाओं में अलग थी। 
शोधकर्ता डॉक्टर जहरा राइशी  ने कहा, हमारे शोध में कमजोर हड्डियो और दिल की बीमारियों के बीच सीधा संबंध पाया गया है। प्रोफेसर निक हार्वे ने कहा यूके बायोबैंक में मौजूद डाटा का बड़े पैमाने पर विश्लेषण करने पर पाया कि मस्क्यूलोस्केलेटल और कार्डियोवस्कुलर स्वास्थ्य का जैविक पाथवे एक जैसा है और इस खोज से इन दोनों के लिए दवा बनाने में मदद मिल सकती है। प्रोफेसर स्टीफन पीटरसन ने कहा, हृदयरोगों के जोखिम कारकों के बारे में जानकारी बढ़ने से उससे बचाव और उसके इलाज के बेहतर तरीकों के बारे में जाना जा सकेगा। 
इन चीजों के सेवन से मजबूत होंगी हड्डियां-
कैल्शियम के स्रोत : 
कैल्शियम के लिए आप दूध और दूध से बनी चीजों का सेवन कर सकते हैं। इसके साथ ही हरी पत्तेदार सब्जियां आपको कैल्शियम और आयरन दोनों ही देने में मदद करती है। मछली भी अच्छा विकल्प है। साबुत अनाज, केले, सार्डिनेस, सालमन, बादाम, ब्रेड, टोफू और पनीर कैल्शियम के अच्छे स्रोत हैं।
विटामिन डी के स्रोत : 
आप विटामिन डी के लिए फैटी फिश जैसे टूना, मेकरेल, सेलमॉन, अंडे का सफेद भाग, सोया मिल्क, डेयरी प्रोडक्ट जैसे दूध, दही वगैरह मशरूम, अनाज, चीज, संतरे का जूस, कोका को आहार में शामिल कर सकते हैं। 
पोटैशियम के स्रोत : पोटैशियम के लिए आप अपने आहार में जड़ यानी कंद-मूल शामिल करें। इनमें शकरकंद, आलू छिलके के साथ सहित अच्छा विकल्प है। इसके अलावा दूध या दूध से बनी चीजें भी आप आहार में शामिल कर सकते हैं।
मैग्नीशियम के स्रोत : 
मैग्नीशियम के लिए आप हरी पत्तेदार सब्जियों को शामिल कर सकते हैं। पालक मैग्नीशियम का अच्छा स्रोत होता है। इसे अलावा टमाटर, आलू, शकरकंद भी ले सकते हैं।
नंबर गेम-
हड्डियों का एक सामान्य वयस्क में +1 से -1 एसडी घनत्व होना चाहिए 
हड्डियों का घनत्व गठिया की बीमारी होने पर -2.5 एसडी हो जाता है।             


एसपी से मिला व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल

बढ़ती वारदातों के बीच एसपी सिटी से मिला व्यापारियों का प्रतिनिधि मण्डल।


अश्वनी उपाध्याय


गाजियाबाद। व्यापारियों के साथ हो रही आपराधिक वारदातों को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी सिटी अभिषेक वर्मा से मिला और कारोबारियों के साथ आए दिन हो रही लूटपाट की बढ़ती वारदातों पर चिंता जताते हुए सुझाव दिए।
जिलाध्यक्ष संदीप बंसल के नेतृत्व में मिले व्यापारियों ने एसपी सिटी को बताया कि व्यापारियों के साथ आए दिन लूटपाट हो रही है। वह घरों में भी सुरक्षित नहीं है। एक तो कोरोना की मार के चलते कारोबार पहले से ही चौपट है, वहीं दूसरी तरफ बदमाशों का आतंक उन पर लगातार जारी है। मांग की गई कि व्यापारियों के हुई वारदातों का जल्द खुलासा किया जाए और बदमाशों का एनकाउंटर किया जाए। इस दौरान एसपी सिटी को कई सुझाव भी दिए गए। जिसमें बताया गया कि मुख्य बाजारों में पीआरवी की व्यवस्था होनी चाहिए। बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए। हर महीने व्यापारियों के साथ एक बैठक कोतवाली में बड़े अधिकारियों के साथ बैठक होनी चाहिए। इससे आपस में बातचीत कर अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
एसपी सिटी ने आश्वासन दिया कि कारोबारियों के साथ हुई आपराधिक वारदातों का जल्द खुलासा कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दौरान अनिल गर्ग, दीपक गर्ग, प्रेमप्रकाश चीनी, अमन सिसोदिया, महेंद्र कुमार, सोनू सैनी, संजय गुप्ता, हेमंत सिंघल, जगमोहन और मनीष आदि व्यापारी मौजूद रहे।               


पुलिस छापे में तीसरी मंजिल से कूदे कर्मचारी

फर्जी ओएलएक्स सेंटर पर पुलिस छापे के दौरान तीसरी मंजिल से कूदे कर्मचारी।


अश्वनी उपाध्याय


गाज़ियाबाद। सिहानी गेट इलाके में मंगलवार पुलिस ने एक कॉल सेंटर पर छापा मारा। कॉल सेंटर के संचालकों पर आरोप है कि ये कॉल सेंटर ओएलएक्स सामान बेचने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहा था। पीड़ित की शिकायत पर जब पुलिस तीसरी मंजिल पर बने कॉल सेंटर में पहुंची, तो छत के रास्ते यहां के कर्मचारी भागते हुए नजर आए। पुलिस पूरे मामले में जांच-पड़ताल की बात कह रही है। मामले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। एडवांस में पेमेंट कर फंसा पीड़ितः पीड़ित ने बताया कि उसने ओएलएक्स माध्यम से एक मोबाइल फोन खरीदा था, जिसके लिए करीब 76 हजार की पेमेंट की गई थी। यह पेमेंट एडवांस में की गई थी। जबकि पुलिस इस तरह की एडवांस पेमेंट देने को मना करती है। खासकर तब, जब आप ओएलएक्स या इससे मिलते-जुलते किसी सेकंड हैंड सामान खरीदने वाली वेबसाइट या ऐप से सामान खरीदते हैं। पीड़ित को उसके घर मोबाइल की होम डिलीवरी नहीं हुई। इसके बाद वह पुलिस के पास गया और फिर पुलिस ने आईपी एड्रेस ट्रेस कर छापेमारी की कार्यवाही शुरू की।  वहाँ पहुँचने पर पुलिस को पता चला कि वहां पर तो कॉल सेंटर चल रहा है। इस कॉल सेंटर के फर्जी होने की बात भी कही जा रही है। लेकिन पुलिस अभी मामले की जांच करने की बात भी कह रही है।             


प्रेम-प्रसंग दो लड़कियों ने आपस में शादी रचाई

प्रेम-प्रसंग में जकड़ीं दो लड़कियों ने आपस में रचाई शादी।


लखनऊ/कानपुर। कानपुर के बर्रा में घर से लापता दो लड़कियों ने मंदिर में शादी रचा ली। पुलिस के बुलाने पर दोनों माला पहनकर चौकी पहुंचीं। युवतियों का कहना है कि अगर उन्हे अलग किया गया तो वह जान दे देंगी। जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन थाने पहुंचे और हंगामा किया। बर्रा निवासी बीएससी की छात्रा ने बताया कि उसकी मां अक्सर मारती-पीटती थी। परेशान होकर वह करीब एक साल पहले पड़ोस की युवती के नजदीक आई। दोनों में प्रेम-प्रसंग हो गया, जिसके बाद उन्होंने शादी करने का निर्णय ले लिया। युवतियों ने बताया कि बीते 25 अगस्त को उन्होने बिठूर स्थित मंदिर में भगवान के सामने एक दूसरे को माला पहनाकर शादी की थी।
इसकी जानकारी जब घर वालों को दी तो उन्होने विरोध कर ताने मारे। दोनों परिवार ने घर से निकलने नहीं दिया, लेकिन दोनों जिद पर अड़ी रहीं। बीते 22 सितंबर को एक युवती की मां ने बेटी से संबंध विच्छेद कर लिया। इसके बाद दोनों युवतियां घर से निकल गईं। उन्होने बिठूर स्थित मंदिर में दोबारा शादी की और 25 सितंबर तक वह घंटाघर स्थित एक होटल में रहीं, लेकिन घरवालों के लगातार धमकी भरी कॉल आने पर वो कानपुर देहात नवीपुर पहुंचीं, जहां एक किराए का मकान ले लिया। युवती ने बताया कि सोमवार सुबह बर्रा चौकी से फोन आया था। पुलिस के बुलाने पर दोनों माला पहनकर चौकी पहुंचीं। जहां दोनों के परिवार ने एक दूसरे पर आरोप लगा जमकर हंगामा किया।
कहा लड़कों से है नफरत, मां पर लगाए आरोप।
बर्रा चौकी इंचार्ज सत्यपाल सिंह के अनुसार दोनों परिवार को समझाया गया है। एक युवती के घर दोनों रहेंगी। अगर समस्या हुई तो वो अलग कहीं कमरा लेकर भी रह सकती हैं। एक युवती का आरोप है कि उसकी मां उस पर गलत काम करने का दबाव बनाती है। विरोध पर हमेशा मारती-पीटती है, जिसकी वजह से वह अब हर लड़के से नफरत करती है। इसीलिए उसने युवती से ही शादी रचाई है और उसी के साथ रहेगी। वहीं, युवती की मां ने उसकी 17 साल उम्र बताई। उनका आरोप है कि दूसरी युवती ने बहलाया-फुसलाया है।             


सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया

सीएम ने जनसभा कर, मतदाताओं से संवाद किया  संदीप मिश्र  बरेली। बरेली के आंवला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सुभाष इंटर कॉलेज ग्...