शुक्रवार, 31 जुलाई 2020

सरकार के लिए अपना ली गलत नीति

जयपुर। राजस्थान में सियासी संग्राम के बीच अब विधायकों को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती बन गया है। 14 अगस्त को विधानसभा सत्र आहुत होगा। इससे पहले सभी विधायकों को एक जगह और सुरक्षित रखने के लिए अब जयपुर से दूसरी जगह शिफ्ट करने का प्लान बनाया गया है। सभी विधायकों से 15 दिन का सामान मंगाया गया है। इसके अलावा विधायकों को अपना आईडी कार्ड साथ रखने को कहा गया है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, विधायकों को जैसलमेर के सूर्यगढ़ में शिफ्ट किया जा सकता है। यहां पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लेकिन ये भी माना जा रहा है कि सरकार इन विधायकों को कहीं दूसरी जगह भी शिफ्ट कर सकती है। गुरुवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई थी और आज (शुक्रवार को) भी विधायक दल की बैठक होनी है। गुरुवार को सीएम ने बैठक के बाद बीजेपी पर षड़यंत्र का आरोप लगाया था। इस बैठक में विधायकों को बताया कि 14 अगस्त को विधानसभा सत्र से पहले होटल से ही रहना है।
आपको बता दे कि सीएम गहलोत ने कहा था कि जब से विधानसभा सत्र का ऐलान हुआ है, तभी से हॉर्स ट्रेडिंग तेज हो गई है। गहलोत ने आरोप लगाया था कि अब विधायकों के दाम बढ़ गए है। इन सबके बीच कल स्पीकर और वैभव गहलोत के बीच बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद सरकार के सामने संकट बढ़ गया है। इससे बीजेपी को एक और मौका मिल गया। इससे साफ है कि गहलोत भी अपने विधायकों पर भरोसा नहीं कर रहे है। सरकार को संदेह है कि अगर विधायक टूटते है तो हल्ला करने के अलावा कुछ नहीं कर सकते इसलिए सभी विधायकों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट करने का प्लान किया जा रहा है।              


'राजा' ने कलाकार की आर्थिक मदद की


राजा भैया ने टीवी कलाकार को भेजी पांच लाख की आर्थिक सहायता


बृजेश केसरवानी




प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के रहने वाले टीवी कलाकार अनुपम श्याम ओझा इन दिनों गंभीर बीमारी के इलाज में आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उनकी मदद के लिए फिल्म स्टार सोनू सूद के अलावा कई लोग आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में कुंडा के बाहुबली विधायक व जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी अनुपम ओझा की मदद को आगे आए हैं। किडनी के संक्रमण से जूझ रहे कलाकार को राजा भैया ने पांच लाख रुपये की मदद की है। इसके अलावा आगे भी हरसंभव मदद करने का आश्वासन उनके परिजनों को दिया है।
बता दें प्रतापगढ़ शहर के स्टेशन के पास रहने वाले अनुपम श्याम ओझा की कुछ दिनों से किडनी में संक्रमण के चलते स्थिति गंभीर बनी हुई है। मुम्बई के लाइफलाइन अस्पताल में उनका गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने भी किडनी ट्रांस्प्लाट की सलाह दी है लेकिन आर्थिक तंगी के चलते उनके इलाज में काफी दिक्कत आ रही थी। इसके बाद मजबूरन टीवी कलाकार ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से मदद करने की गुहार लगाई। इसके बाद कुंडा के बाहुबली विधायक व जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया अपने जिले के टीवी कलाकार की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने फौरन एकाउंट में 3 लाख रुपये की धनराशि भेजी और कहा है कि शेष दो लाख की धनराशि में जल्दी भेज दी जाएगी।
बता दें राजा भैया के अलावा अनुपम श्याम ओझा की फिल्म अभिनेता सोनू सूद, मनोज बाजपेई ने भी मदद की है। राजा भैया के मदद के बाद टीवी कलाकार के भाई कंचन ओझा ने उनका धन्यवाद दिया है। बता दें टीवी और फिल्म कलाकार अनुपम श्याम ओझा ने अपने करियर की शुरुआत फिल्मों से की थी, मगर उन्हें छोटे-मोटे किरदार ही निभाने का अवसर मिला। टीवी धारावाहिक प्रतिज्ञा में ठाकुर सज्जन सिंह के किरदार ने उन्हें प्रसिद्धि दिलाई। कई धारावाहिकों में भी उन्होंने जबरदस्त रोल की अदायगी की। देशभर में उनके लाखों चाहने वाले है।



नगर आयुक्त पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा


मेयर ने लगाया नगर आयुक्त पर भ्रष्टाचार का आरोप




पीसीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं आरोपी नगर आयुक्त


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ नगर निगम में हुए भ्रष्टाचार और उसमें नगर आयुक्त की भूमिका पर संदेह जताते हुए महापौर संयुक्ता भाटिया ने आला अधिकारियों की ईओडब्ल्यू और सतर्कता विभाग से जांच की सिफारिश कर दी है। महापौर ने इस संबंध में शासन को गोपनीय पत्र भेजकर नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी और चीफ इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति की जांच की सिफारिश की है। इस संबंध में उन्होंने प्रमुख सचिव, लखनऊ के प्रभारी मंत्री, नगर विकास मंत्री और मुख्यमंत्री तक को पत्र भेजा है।
पत्र के मुताबिक नगर निगम के आला अधिकारियों ने अपने रिश्तेदारों के नाम बड़े पैमाने पर बेनामी संपत्तियां खरीद रखी हैं। इसके अलावा अधिकारी अपने रिश्तेदारों और चहेतों को टेंडर दिलाने का काम करते हैं लेकिन टेंडर न मिलने पर टेंडर तक निरस्त कर देने की शिकायतें हुई हैं। इस मामले में विरोध करने वालों की जांच कराकर फंसाने की कोशिश करने जैसी शिकायतों का हवाला देते हुए सतर्कता जांच की मांग की है। महापौर की ओर से लिखे गोपनीय पत्र के मुताबिक तेलीबाग निवासी शिकायतकर्ता ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए 28 जून को नगर आयुक्त और मुख्य अभियंता पर लूटपाट, भ्रष्टाचार, काले धन को ठिकाने लगाने के लिए बेनामी संपत्ति संग्रह को लेकर शिकायती पत्र लिखा था। शिकायतकर्ता ने पत्र के अलावा कई प्रपत्र और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है, जिसके आधार पर सतर्कता जांच निष्पक्ष कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने अपने पत्र में विभाग में पहले भी हो चुके भ्रष्टाचार मामले में 81 लाख रुपये की रिकवरी का भी हवाला दिया है।


बता दें कि इससे पहले भी महापौर नगर आयुक्त लखनऊ व अध्यक्ष उत्तर प्रदेश पीसीएस एसोसिएशन डॉ इंद्रमणि त्रिपाठी के खिलाफ शासन को पत्र लिख चुकी हैं।
महापौर ने कोविड-19 के दौरान सैनिटाइजेशन के नाम पर हुए भ्रष्टाचार पर भी आपत्ति जताते हुए नगर आयुक्त इन्द्रमणि त्रिपाठी को एक पत्र भी लिखा था। महापौर ने अपने पत्र में आरोप लगाया था कि राजधानी के कोरोना हॉटस्पाट इलाकों में सैनिटाइजेशन के नाम पर भ्रष्टाचार कर लाखों रुपए हजम किए जा रहे हैं। इस पर उन्होंने जांच की अपील करते हुए दोषियों पर सख्त कार्यवही के निर्देश भी दिए थे। हालांकि नगर आयुक्त ने महापौर के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बेबुनियाद बताया।



कमला बन सकती है अमेरिकी उपराष्ट्रपति


कमला हैरिस हो सकती हैं उप राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार




वाशिंगटन। दुनिया भर में हर क्षेत्र में भारतीयों ने अपना लोहा मनवाया है अब भारतीय मूल की एक महिला अमेरिका में उप-राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बन सकती हैं। ऐसी ख़बरें हैं कि अमेरिकी चुनावों के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी भारतीय मूल की कमला हैरिस को उप राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार घोषित कर सकती है।


ख़बरों के मुताबिक मंगलवार को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन के हाथों में संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट देखी गयी थी जिसमें सबसे ऊपर कमला हैरिस का नाम था। फिलहाल अमेरिका में भारवंशियों का रुख ट्रंप की तरफ माना जा रहा है लेकिन कमला हैरिस की उम्मीदवारी पूरा समीकरण बदल सकती है। बता दें कि तीन नवंबर को होने जा रहे अमेरिकी चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वर्तमान उप राष्ट्रपति माइक पेंस को ही इस बार भी उम्मेदवार घोषित किया है। ऐसे में रिपब्लिकन के दोनों उम्मेदवार मैदान में हैं जबकि डेमोक्रेट अभी भी उप-राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी पर कन्फ्यूज नज़र आ रहे हैं। ट्रंप भी इस उलझन को लेकर डेमोक्रेट्स और बिडेन को निशाना बनाते रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी में उम्मीदवारी को लेकर मतभेद हैं लेकिन कमला हैरिस का नाम फिर भी सबसे आगे चल रहा है।



अनलॉक-3 के लिए गाइडलाइन जारी

नई दिल्ली। दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने अनलॉक-3 के लिए गाइडलाइंस जारी कर दी है। राष्ट्रीय राजधानी में अब नाइट कर्फ्यू को खत्म कर दिया गया है। इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने साप्ताहिक बाजारों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ट्रायल पर खोलने का फैसला लिया है। सब सही रहने पर इन्हें नियमित रूप से खोल दिया जाएगा। दिल्ली में अब रेहड़ी-पटरीवालों के लिए तय समयसीमा को हटा दिया गया है। वह किसी भी समय अपनाा काम कर सकते  हैं। सरकार ने पहले ही होटलों को अस्पतालों के साथ डिलिंक करते हुए सामान्य कामकाज की अनुमित दे दी थी।


राजधानी में अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए दिल्ली सरकार ने कई बडे फैसले लिए हैं। केंद्र सरकार की गाइडलाइन के तरह जिम खोले जाएंगे। रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक लगने वाला रात का कर्फ्यू अब नहीं लगेगा। दिल्ली के होटल अब अस्पतालों से जुड़े हुए नहीं हैं, इसलिए दिल्ली सरकार ने होटलों में समान्य कामकाज शुरू करने करने की अनुमति देने का फैसला किया है। पहले से ही हास्पिटलिटी सेवाओं की अनुमति केंद्र सरकार के अनलॉक-3 गाइडलाइंस के अनुसार दी गई है।           


हरियाणा: संक्रमित-630, ठीक हुए 920





चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना से चार और मरीजों की मौत हो गई है। फरीदाबाद में दो व अंबाला और नूंह में 1-1 मरीज ने दम तोड़ दिया है। उधर, हरियाणा में 623 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। जबकि 24 घंटों में 920 मरीज ठीक भी हुए हैं। चार और मौतों के बाद अब हरियाणा में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 417 हो गई हैं। जबकि 131 मरीजों की हालत गंभीर है। संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 34254 पहुंच गया है। जिसमें से 27340 मरीज ठीक हो गए हैं। संक्रमण की दर भी घटकर 5.76 प्रतिशत हो गई है। जबकि रिकवरी रेट 79.82 प्रतिशत है। 5776 संदिग्धों की सैंपल रिपोर्ट आने का भी इंतजार है।
गुरुग्राम में 77, फरीदाबाद में 184, सोनीपत में 36, रोहतक में 43, रेवाड़ी में 32, करनाल में 34, अंबाला में 48, झज्जर में 12, पलवल में 15, महेंद्रगढ़ में 14, हिसार में 28, पानीपत में 16, नूंह में 7, कुरुक्षेत्र में 16, सिरसा में 7, फतेहाबाद में 7, पंचकूला में 34, यमुनानगर में 3, कैथल में कोरोना पॉजिटिव के 10 नए मामले सामने आए हैं। 


अब तक गुरुग्राम में 8989, फरीदाबाद में 8479, सोनीपत में 2877, रोहतक में 1432, भिवानी में 774, रेवाड़ी में 1635, करनाल में 1029, अंबाला में 1495, झज्जर में 814, पलवल में 880, महेंद्रगढ़ में 803, हिसार में 903, पानीपत में 1009, नूंह में 535, कुरुक्षेत्र में 423, सिरसा में 365, जींद में 273, फतेहाबाद में 318, पंचकूला में 532, यमुनानगर में 265, कैथल में 247 व चरखी दादरी में 142 संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। ठीक होने वालों में अब तक गुरुग्राम में 7877, फरीदाबाद में 6915, सोनीपत में 2471, रोहतक में 1118, भिवानी में 725, रेवाड़ी में 1168, करनाल में 636, अंबाला में 1182, झज्जर में 694, पलवल में 715, महेंद्रगढ़ में 572, हिसार में 611, पानीपत में 621, नूंह में 458, कुरुक्षेत्र में 245, सिरसा में 233, जींद में 191, फतेहाबाद में 197, पंचकूला में 253, यमुनानगर में 152, कैथल में 178 व चरखी दादरी में 93 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।             




तेलंगना में संक्रमितो की संख्या 62,703

हैदराबाद। तेलंगाना में कोरोना वायरस के एक दिन में सर्वाधिक 1,986 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 62,703 पहुंच गई हैं। राज्य सरकार के एक बुलेटिन में शुक्रवार को बताया गया है कि इस महामारी से 14 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 519 हो गई है।


स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आंकड़े 30 जुलाई की रात आठ बजे तक के है। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) से कोरोना वायरस संक्रमण के ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। वहीं रंगारेड्डी, मेडचल-मल्काजगिरि, संगारेड्डी, वारंगल अर्बन और करीमनगर से भी बड़ी संख्या में मामले सामने आ रहे हैं। बुलेटिन में बताया गया है कि सामने आए नए मामलों में से जीएचएमसी से 586 मामले हैं। इसके बाद मेडचल-मल्काजगिरि से 207, रंगारेड्डी जिले से 205 मामले सामने आए हैं। वहीं वारंगल अर्बन से 123, करीमनगर से 116, संगारेड्डी से 108 मामले सामने आए हैं।             


पीयूसी छात्रों के लिए सामान्य प्रवेश परीक्षा

बेंगलुरु। कर्नाटक में कोविड-19 से संक्रमित 60 छात्रों समेत लगभग 1.47 लाख छात्र बृहस्पतिवार से शुरू हुई सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईटी) दे रहे हैं। राज्य के उप मुख्यमंत्री डॉक्टर सी एन अश्वत्थ नारायण ने यह जानकारी दी। जन निर्देश विभाग द्वारा आयोजित एसएसएलसी परीक्षा और विश्वविद्यालय पूर्व परीक्षा की तर्ज पर कर्नाटक सरकार ने ‍‍पीयूसी छात्रों के लिये सामान्य प्रवेश परीक्षा आयोजित कराने फैसला लिया था। कर्नाटक में 497 केंद्रों पर बृहस्पतिवार और शुक्रवार दो दिन के परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री तथा उच्च शिक्षा मंत्री नारायण ने कुछ परीक्षा केंद्रों का दौरा करने के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन परीक्षा के लिये पंजीकृत इन 1.94 लाख छात्रों में 1.47 लाख परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया । इनमें से बेंगलुरु के 83 केंद्रों पर परीक्षाएं दे रहे 40,200 छात्र भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा दे रहे कोरोना वायरस से संक्रमित 60 छात्रों में बेंगलुरु के 12 छात्र शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा, ''परीक्षा देने वाले कोरोना वायरस से संक्रमित छात्रों के लिये पर्याप्त प्रबंध किये गए हैं। उन्हें विभाग की एंबुलेंस से परीक्षा केंद्र लाया गया और परीक्षा के बाद वापस उनके संबंधित स्थानों पर छोड़ दिया गया।'' इन छात्रों के बैठने के लिये अलग से प्रबंध किये गए थे।           


बाढ़ के हालात में हो रहा है सुधार

दिसपुर। असम में बाढ़ की स्थिति में बृहस्पतिवार (30 जुलाई) को कुछ सुधार हुआ। हालांकि, एक और व्यक्ति की मौत के साथ ही प्रदेश में इस आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 108 हो गई है। सरकारी बुलेटिन में इसकी जानकारी दी गई है। बुलेटिन में कहा गया है कि ब्रह्मपुत्र एवं इसकी सहायक नदियों में आई बाढ़ के कारण प्रदेश के 22 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या अब घटकर 12 लाख रह गई है। बुलेटिन में कहा गया है कि बुधवार (29 जुलाई) को 21 जिलों में यह संख्या 17 लाख थी।


असम के राज्यपाल जगदीश मुखी ने बाढ़ प्रभावित बरपेटा और बक्सा जिलों का दौरा किया, जहां उफनती नदियों ने लाखों लोगों को बेघर कर दिया है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार मोरी गांव जिले में बाढ़ के पानी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे प्रदेश में इससे मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर 108 हो गई है।             


एपी में एमएलसी चुनाव का शेड्यूल जारी

अमरावती। आंध्र प्रदेश में रिक्त एमएलसी चुनाव के लिए शेड्यूल जारी किया गया है। चुनाव आयोग ने गुरुवार को इस्तीफा दे चुके मोपीदेवी वेंकटरमणा के पद की भर्ती के लिए शेड्यूल घोषित किया है।


इस चुनाव संबंधित अधिसूचना 6 अगस्त को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 अगस्त है। 24 अगस्त को चुनाव होंगे। उसी दिन 5 बजे से वोटों की गिनती होगी। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किये जाएंगे। मगर पिल्ली सुभाषचंद्र बोस के इस्तीफा दे चुके पद के लिए शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। अगले साल मार्च में उस स्थान की समयावधि समाप्त हो रही है, इसीलिए एक ही स्थान के लिए शेड्यूल जारी किया गया है।


आपको बता दें कि मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के मंत्रिमंडल में रह चुके मोपीदेवी वेंकटरमणा और पिल्ली सुभाषचंद्र बोस राज्यसभा सदस्य चुने गये हैं। इसके चलते इन दोनों ने मंत्री और एमएलसी पदों से इस्तीफा दिया। हाल ही में इन दोनों ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ भी ली है।           


पंजाब में शराब से 21 लोगों की मौत

अमृतसर, बटाला और तरनतारन में 21 लोगों की मौत


सीएम अमरिंदर सिंह ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश


राणा ओबरॉय


चंडीगढ़। पंजाब के अमृतसर, बटाला और तरनतारन में जहरीली शराब पीने से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने जहरीली शराब बनाने वाले कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है।इसके साथ ही थाना तरसिक्क के एसएचओ को सस्पेंड कर दिया गया है। इस मामले में एसआईटी बनाई गई है, जो सारे मामले की जांच करेगी। मामले की जानकारी देते हुए डीजीपी दिनकर गुप्ता ने कहा कि पहली पांच मौतें 29 जून की रात को अमृतसर ग्रामीण के थाना तरसिक्क में मुच्छल और तंग्रा से हुई थीं। 30 जुलाई की शाम को मुच्छल में संदिग्ध परिस्थितियों में दो और लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।


इसके बाद दो और मौतें गांव मुच्छल में हुईं, जबकि दो लोगों की मौत बटाला शहर में हुई। आज फिर बटाला में पांच लोगों की मौत हुई है। यानी अब तक बटाला में जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा तरनतारन में चार लोगों की मौत हुई है।


इस मामले में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इसकी जांच जालंधर के डिविजनल कमिश्नर को सौंपी गई है। मुख्यमंत्री ने डिविजनल कमिश्नर को छूट दी है कि वह किसी पुलिस अफसर या विशेषज्ञ की जांच में मदद ले सकते हैं। सीएम अमरिंदर ने कहा कि जांच में दोषी मिले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।                          


झारखंड में 31 अगस्त तक लॉकडाउन

कोरोना से जंग की तैयारी:झारखंड में 31 अगस्त तक बढ़ा लाॅकडाउन...बाहर से आने वालों को लगेगी पक्की स्याही


धार्मिक स्थल, शिक्षण संस्थानों और सामूहिक कार्यक्रमों पर रोक जारी


कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने लाॅकडाउन अब 31 अगस्त तक बढ़ा दिया है। जिन मामलों में छूट मिली हुई है, वह जारी रहेगी। अलग से कोई राहत देने की संभावना नहीं है। धार्मिक स्थल, शिक्षण संस्थाएं, समूह में धार्मिक कार्यक्रम या अन्य कार्यक्रमों पर रोक जारी रहेगी। मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने गुरुवार रात लॉकडाउन बढ़ाने संबंधी आदेश जारी करते हुए लोगों के लिए एसओपी भी रिलीज किया है। तय गाइडलाइन का कड़ाई से पालन के लिए सभी डीसी को दिशा-निर्देश दिया गया है। आदेश में दूसरे राज्यों से आने वालों के होम क्वारेंटाइन पर विशेष जोर है। नए दिशा-निर्देश में कहा गया है कि बाहर से आने वाले लोगों को अंतरराज्यीय सीमा पर, रेलवे स्टेशन पर और एयरपोर्ट पर दाहिने हाथ के अंगूठे को छोड़कर सभी अंगुलियों के नाखून पर पक्की स्याही लगाई जाएगी। साथ ही क्वारेंटाइन अवधि में क्या करना है और क्या नहीं, इससे संबंधित आदेश की कॉपी दी जाएगी। अंतरराज्यीय सीमा पर बनेगा हेल्प डेस्कः सभी रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और अंतरराज्यीय सीमा पर हेल्प डेस्क बनेगा, जहां दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों के रजिस्ट्रेशन की जांच होगी। जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं है, उनका रजिस्ट्रेशन भी किया जाएगा।


होम क्वारेंटाइन वालों के घर के बाहर स्टिकर लगेगाः होम क्वारेंटाइन में रह रहे लोगों के घर के बाहर स्टिकर चिपकाया जाएगा, जिसमें नाम और क्वारेंटाइन अवधि लिखा रहेगा। मोबाइल ट्रैकिंग के साथ नियमित मॉनिटरिंग भी होगी। निगरानी के लिए प्रशासनिक टीम बनेगी, जो क्वारेंटाइन व्यक्ति के घर जाएगी।


नियम नहीं मानने पर पेड क्वारेंटाइन सेंटर भेजे जाएंगेः प्रशासन को लगता है कि होम क्वारेंटाइन व्यक्ति यदि नियमों का पालन नहीं कर रहा है तो उसे पेड क्वारेंटाइन सेंटर भेजा जा सकता है। यानी प्रशासन जहां क्वारेंटाइन करेगा, संबंधित व्यक्ति को राशि का भुगतान करना होगा।


2-3 दिन में 3 लाख टेस्ट का लक्ष्य : सीएम


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि 31 अगस्त तक लॉकडाउन में कोई बदलाव नहीं होगा। संक्रमण को लेकर सरकार की पैनी नजर है। अगले दो-तीन दिनों में से दो से तीन लाख लोगों के टेस्ट का लक्ष्य रखा गया है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद सरकार परिस्थिति के अनुरूप बीच में कोई निर्णय लेगी।           


'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन   मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला रैली कौशाम्बी। एन डी कान...