शुक्रवार, 6 मार्च 2020

चोकर कब और कैसे पहनने ?

उसके चेहरे की चमक के सामने सब सादा लगे, आसमान पे चांद पूरा था मगर आधा लगे। फैशन के इस दौर में महिलाएं अपने आप को सबसे हटकर दिखाने के लिए क्या कुछ नहीं करती। महंगी-महंगी ड्रेस से लेकर हेवी ज्वैलरी तक वो सब ट्राई कर लेती हैं जिसका आज के समय में बोलबाला है। पिछले कुछ समय से महिलाओं की सुंदरता में चार चांद लगाने के लिए बाजारों में भारी-भरकम ज्वैलरी को परे करते हुए उसकी जगह एक स्टाइलिश चोकर ने ले ली है। जो सिनेमाई जगत की सुंदरियों से लेकर आम लड़की तक के फैशन सेंस में स्टाइल की मिठास घोल रहा है। लेकिन इतने सब के बाद भी हम चोकर पहनते वक्त कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं जो बहुत हद तक हमारे लुक को खराब करने के लिए काफी है। 
क्या आप इस तरह तो नहीं पहन रहीं चोकर नेकलेस
वैसे तो वेडिंग सीजन आते ही अचानक से लुक्स और फैशन की चिंता हर महिला को होने लगती हैं। ऐसे में उनके जहन में एक ही सवाल आता है कि वो खुद को कैसे स्टाइलिश बनाएं। लेकिन हमारा यकीन मानिए अगर आप भी इस वेडिंग सीजन कुछ हटकर दिखना चाहती हैं तो ट्रेडिशनल ड्रेस के साथ चोकर पहनना न भूलें। थोड़ा ठहरिए, चोकर एक तरह जहां आपको स्टाइलिश लुक देगा वहीं अगर आपने इसे कवर ब्लाउज के साथ पहन लिया तो ये आपके लुक को बिगाडऩे में भी कोई कसर नहीं छोड़ेगा। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे उन ब्लाउज के प्रकार जिनके साथ चोकर मैच करके आप इस वेडिंग सीजन में पूरी महफि़ल अपने नाम कर सकती हैं। 
वी नेकलाइन
आजकल ब्लाउज में वी नेकलाइन स्टाइल चरम पर है। शादियों के इस सीजन में आप भारी-भरकम लहंगे के साथ वी नेकलाइन ब्लाउस को बनवाना मत भूलें। अगर ऐसा आप करती हैं तो इससे आपके दो फायदे हो जाएंगे पहला तो ये कि ये आपके हेवी दुपट्टे के साथ ये कमाल का लगेगा और दूसरा इससे आपको काफी स्टलिश लुक भी मिलेगा। इसी कड़ी में वी नेकलाइन के साथ आप नेक को राउंड करते हुए चोकर भी पहनिए ये आपके ओवरऑल लुक में फैशन का तड़का लगाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगा। अगर आप भी अपने लुक को अभी तक इमेजिन नहीं कर पा रहीं तो डिज़ाइनर सब्यसांची के इंस्टाग्राम को एक बार जरूर खंगाल लें।
स्वीटहार्ट नेकलाइन
पुराने समय पर एक नजर डालेंगी तो स्वीटहार्ट नेकलाइन का फैशन आपको आराम से देखने को मिल जाएगा। ब्लाउज में ये फैशन रानी-महारानी के समय से चला आ रहा है। इस तरह की ब्लाउज को ट्रेडिशनल लहंगे और साड़ी के साथ पहना जाता है। अगर आप भी अपनी शादी या उसके बाद के किसी फंक्शन में कुछ ऐसा पहनने का मन बन रही हैं तो इस पर साड़ी के कॉन्ट्रास्ट का चोकर पहनना न भूलें। लेकिन इस बात का अच्छे से ध्यान रखें कि ये आपके गले को पूरी तरह से कवर करता हो। 
फुल कवर्ड ब्लाउस
कई दुल्हनें अपने लहंगे के ब्लाउज को एक व्यापक डिज़ाइन के साथ बनवाना पसंद करती हैं। जहां कुछ स्वीटहार्ट और वी नेकलाइन को पहनना पसंद करती हैं तो कुछ तो फुल कवर्ड ब्लाउस के साथ अपने आउटफिट को पूरा करती हैं। अगर आपका लहंगा भी इससे मिलता-जुलता है तो आपके इसके साथ ओवरसाइज़्ड चोकर को पहन सकती हैं। इससे आपको एक साथ दो फायदे हो जाएंगे एक तो आपकी ब्लाउस का डिज़ाइन काफी अट्रैक्टिव हो जाएगा वहीं नेक को कवर करता हुआ ये चोकर कुछ हटकर दिखाई देगा। 
बोट नेकलाइन
बोट नेकलाइन का फैशन इनदिनों जबरदस्त तरीके से छाया हुआ है। बोट नेकलाइन वाली ब्लाउज पर आप लेयर्ड ज्वैलरी के साथ चोकर को मैच करें। इससे आपकी गर्दन की अतिरिक्त जगह छिप जाएगी और आपको एक क्लासी लुक मिलेगा। अगर अभी भी आप अपने लुक को डिसाइड नहीं कर पा रही हैं तो प्रियंका चोपड़ा के इस गाउन से मिलता-जुलता कुछ जरूर ट्राई करें और उस पर चोकर को कैरी करना न भूलें।


डिवाइडर से भिड़ी कार, 13 लोगों की मौत

तुमकुरू। कर्नाटक के तुमकुरु में कुनिगल के निकट शुक्रवार की तड़के दो कारों के बीच टक्कर में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसे में मारे गये लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि 13 में से 12 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक बच्चे की मौत अस्पताल में हुई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 10 लोग तमिलनाडु और तीन बेंगलुरु के थे। सभी तीर्थयात्री थे जोकि कर्नाटक के धर्मस्थल जा थे।


पुलिस ने बताया कि मृतकों में पांच महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। तुमकुरू पुलिस अधीक्षक (एसपी) के वी कृष्णा ने बताया, '13 लोगों की मौत हो गई. दुर्घटना मध्यरात्रि के बाद हुई। एक कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई और दूसरी कार उससे टकरा गई।' पुलिस को क्षतिग्रस्त वाहनों से शव निकालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।


होली न पड़ जाए फीकी, रखें ख्याल

होली का दिन उत्साह और मौज मस्ती से भरा होता है। इस दिन बड़ों से ज्यादा छोटे बच्चे उत्साहित दिखते हैं। रंग बिरंगी पिचकारियों के साथ जब वह उधम-चौकड़ी मचाते हैं तो मां-बाप का दिल थोड़ा सा बेचैन हो जाता है। मौज मस्ती के चक्कर में कहीं बच्चों के साथ पैरेंट्स की भी होली फीकी न पड़ जाए इसके लिये कुछ बातों का ख्याल जरूर रखें। आपकी जरा सी भी लापरवाही आपके बच्चों पर भारी पड़ सकती है। होली के दौरान माता पिता बच्चों को लेकर किस तरह की सावधानी बरतें जानें यहां… 
अपने बच्चे पर नजर रखें
इस बात का हमेशा ख्याल रखें कि जब भी आपका बच्चा रंग या पानी से होली खेले तो घर का कोई न कोई बड़ा उसके आस पास रहे। खासकर तब जब वहां पर पानी से भरा कोई ड्रम या टब मौजूद हो। बच्चा अपनी पिचकारी में पानी भरने के लिये जब झुकेगा तब टब या ड्रम में गिर सकता है। इसलिए, हमेशा अपने बच्चे के करीब रहें। इससे उन दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी जो अन्यथा प्रबल हो सकती हैं।
इको-फ्रेंडली कलर्स का इस्तेमाल करें
बच्चे के लिये हमेशा प्राकृतिक रंगों का ही चयन करें। आप हल्दी, चंदन, मेंहदी आदि का उपयोग करके घर पर हर्बल रंग बना सकते हैं। कैमिकल रंगों का उपयोग करने से बचें जिनमें हानिकारक रसायन होते हैं। ये बच्चों में स्किन एलर्जी या रैश का कारण बन सकते हैं। ऐसे रंग धोने में भी काफी आसान होते हैं और त्वचा को कोई नुकसान नहीं पहुंचाते। 
पिचकारियों का सेफली यूज करें
अपने बच्चे को इस तरह से पिचकारियों का इस्तेमाल करने की सलाह दें जिससे दूसरों को कोई नुकसान न हो। उसे अन्य बच्चों की आंखों-कानों तथा चेहरे पर पानी डालने से मना करें। 
वाटर बैलून से बचें
माना कि गुब्बारे के साथ खेलने में मजा आता है लेकिन यह उस व्यक्ति को चोट पहुंचा सकता है जिस पर गुब्बारा फेंका जा रहा है। जिस प्रभाव के साथ यह उन पर पड़ता है, वह त्वचा, आंखों या कानों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है 
रंगों को बच्चे के मुंह से रखें दूर
छोटे बच्चे अक्सर चीजों को अपने मुंह में डाल कर टेस्ट करना चाहते हैं। लेकिन बच्चों को अपने मुंह में रंग न डालना सिखाएं। इन रंगों में हानिकारक रसायन होते हैं, जिनका सेवन करने पर उल्टी या फिर मौत भी हो सकती है। 
सही तरह के कपड़े पहनाएं
सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा ऐसे कपड़े पहन कर होली खेलने जाए जिसमें उसके हाथ पैर पूरी तरह से कवर किये हों। यह बात लड़के और लड़कियों दोनों के लिये है। यह मुख्य रूप से त्वचा के साथ सीधे रंगों के संपर्क से बचने के लिए है। 
बच्चों को घर के बाहर न भेजें
होली के मौके पर सड़कों पर काफी हुड़दंग मचा रहता है। अगर बच्चा अपने किसी फ्रेंड के घर पर जा कर होली खेलने की जिद कर रहा है तो आप भी उसके साथ जाएं। मगर उसे अकेले घर के बाहर छोडऩा बिल्कुल भी सही नहीं है। यदि आप घर पर होली खेलने का प्लान बना रहे हैं तो केवल उन्हीं को बुलाएं जिस पर आपको भरोसा हो। क्योंकि रंगों की आड़ में कुछ लोग गलत भी करते हैं।


सुहागरात पर जेठ ने किया दुष्कर्म

इंदौर। पुराने ख्यालों वाले एक पर‍िवार ने बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (BE) पास बहू के साथ अजीब हरकत कर दी। एक ओर जहां सुहागरात से पहले सास ने बहू की वर्जिनिटी की जांच की। तो वहीं कुछ समय बाद जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म भी क‍िया। शर्मसार कर देने वाली यह घटना मध्य प्रदेश के इंदौर की है।


इंदौर के द्वारकापुरी थाने पर एक चौंकाने वाला मामला पहुंचा है। बीई पास एक बहू का आरोप है कि पौने तीन साल पहले उसकी सुहागरात पर सास ने वर्जिनिटी जांचने के लिए उससे अश्लील हरकत की थी। जबकि कुछ दिन बाद जेठ ने दुष्कर्म किया था। इन घटनाओं से दुखी होकर वह ढाई साल मायके में रही। उसने कुछ समय पहले पति के खिलाफ भरण पोषण-घरेलू हिंसा का भी केस किया था।


महिला की शिकायत पर उसकी सास, ससुर, पति और जेठ के खिलाफ दुष्कर्म और दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। सभी को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया गया है। पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी शादी मई 2017 में हुई थी। सुहागरात वाले दिन सास, ननद, ससुर, पति और जेठ आए। सास उसे बाथरूम में ले जाने लगी और बोली- हमें तो तुम्हारी वर्जिनिटी जांचनी है। महिला ने इसका विरोध किया तो पति डांटते हुए बोला कि मेरे घर वाले पुराने विचार के हैं, इसलिए ऐसा करना होगा।


कुछ दिन बाद महिला पर उसके जेठ ने बुरी नजरें रखना शुरू कर दी। एक दिन मौका पाकर जेठ ने उससे दुष्कर्म किया। महिला ने पति और सास को घटना बताई तो उन्होंने नजरअंदाज कर दिया। कुछ दिन बाद पति ने उसे बस में बैठाकर मायके भेज दिया। ढाई साल महिला मायके में ही रही। अब उसने शिकायत दर्ज कराई है।


आखरी दिन शेयर बाजार में मचा हाहाकार

नई दिल्ली। होली से ठीक पहले कारोबारियों के लिए शेयर बाजार अच्छा नहीं रहा। सप्ताह के आखिरी दिन शेयर बाजार में हाहाकार मच गया। निवेशकों के चार लाख करोड़ इस गिरावट में स्वाहा हो गए।
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1,435.14 अंक यानी 3.73 फीसदी की गिरावट के बाद 37,035.47 के स्तर पर खुला। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 403.15 अंक यानी 3.58 फीसदी की गिरावट के बाद 10,865.85 के स्तर पर खुला।


दरअसल कुछ तो दुनियाभर के बाजारों में कोरोनावायरस का खौफ और कुछ यस बैंक की खस्ता हालत के बीच शेयर मार्केट भारी भरकम गिरावट के साथ खुला। बैंकिंग शेयरों की हालत खस्ता हो गई वहीं यस बैंक के शेयरों में ताबड़तोड़ गिरावट दर्ज की गई। अनुमान के मुताबिक महज कुछ मिनटों में निवेशकों के चार लाख करोड़ रूपये स्वाहा हो गए।


राज्यसभा की 55 सीटों पर चुनाव प्रक्रिया

नई दिल्ली। राज्यसभा की 55 सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत आज 6 मार्च से हो गई है, वहीं 26 मार्च को मतदान होना है। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव होगा। राज्यसभा सदस्य मोतीलाल वोरा और रणविजय सिंह जूदेव का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त होने वाला है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सीट बढ़ने पर उनका पलड़ा भारी है। बता दें कि 6 मार्च को प्रक्रिया की शुरुआत हुई है। नामांकन प्रक्रिया 13 मार्च तक चलेगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। 16 मार्च को नामांकन की जांच होगी। नाम वापसी के लिए 18 मार्च अंतिम तारीख है, वहीं 26 मार्च को मतदान की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।


राज्यसभा की कार्रवाई 11 तक स्थगित

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का शुक्रवार को पांचवां दिन है। दिल्ली हिंसा के मुद्दे को लेकर संसद में हर दिन हंगामा हो रहा है। दिल्ली हिंसा के मुद्दे को विपक्ष किसी भी हाल में छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। इसके कारण लगातार सोमवार से संसद की कार्यवाही ठीक तरह से चल नहीं पा रही है। शुक्रवार को हंगामें के बाद राज्यसभा की कार्यवाही 11 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई है। लोकसभा में कांग्रेस के 7 सांसदों को स्पीकर ओम बिरला ने खराब आचरण के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। कांग्रेस सांसदों के निलंबन को लेकर लोकसभा में काफी हंगामा हुआ।


'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन   मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला रैली कौशाम्बी। एन डी कान...