मंगलवार, 5 नवंबर 2019

चक्रवाती तूफान में लिया भयानक रूप

भुवनेश्वर। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना एक निम्न दाब क्षेत्र गंभीर रूप लेते हुए मंगलवार को बहुत ही गम्भीर रूप में तब्दील हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि बुधवार को इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एचआर बिस्वास ने कहा कि यह विक्षोभ पूर्व-मध्य और उससे लगी बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से और उत्तरी अंडमान सागर पर केंद्रित है। यह विक्षोभ जल्द ही गहरा सकता है और फिर बुधवार को इसके एक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। इस समय बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर से जो संकेत मिल रहे हैं उनके अनुसार यह सिस्टम पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रभावी होगा। उन्होंने बताया कि चक्रवाती तूफान शुरू में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है और फिर बाद में उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर ओडि़शा-पश्चिम बंगाल के तटों की ओर बढ़ सकता है। हम इसकी गति और दिशा पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अभी इसके संभावित प्रभाव को लेकर कोई स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आई है। उधर गुजरात के कुछ हिस्सों में 6 से 8 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान के कारण आंधी के साथ तेज बारिश होगी। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे अगली सूचना तक समुद्र में न जाएं।


ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

कटनी। जबलपुर से रीवा जा रही शटल ट्रेन मंगलवार को बड़े हादसे की शिकार होते होते बच गई। ट्रेन में बैठे यात्रियों को अचानक तेज झटका लगा, जिससे बोगियों में हड़कंप मच गया, लोग ट्रेन के रुकते ही नीचे कूदने लगे। बताया जा रहा है कि शटल पैसेंजर निवार स्टेशन से माधवनगर स्टेशन की ओर जा रही थी। तभी अचानक लोको पायलट की नजर टूटी पटरी पर पड़ी। आनन-फानन में ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। इससे यात्रियों को जोर का झटका लगा, जिससे लोग दहशत में आ गए। ड्राइवर द्वारा ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकने से बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन के रूकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।


वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद रेलवे अमले ने 1 घंटे में सुधार कार्य के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया है। घटना के समय ट्रेन की सभी बोगियों में बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि गाड़ी क्रमांक 51701 रीवा-जबलपुर शटल निवार स्टेशन से रवाना होकर माधव नगर की ओर जा रही थी। जैसे ही शटल गाड़ी 1073/2/3 ट्रेन किलोमीटर के पास आईबीएच सिग्नल के समीप पहुंची वैसे ही लोको पायलट की नहर टूटी हुई पटरी पर पड़ी। आनन-फानन में लोको पायलट ने ट्रेन को बड़ी दुर्घटना से बचाने के लिए इमरजेंसी ब्रेक लगाया।


बुलबुल' तूफान डहा सकता है कहर

रायपुर। बस्तर के लिए अगले तीन दिनों में फिर से मौसम का प्रकोप सामने आ सकता है और संभावना व्यक्त की जा रही है कि 08 और 09 नवंबर के बाद यहां का मौसम तूफानी हो सकता है।


मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार एक तूफान हिंद महासागर क्षेत्र से उठ रहा है और बुलबुल नाम के इस तूफान का निशाना बस्तर बन सकता है। वैसे बस्तर में इसका प्रभाव अधिक रहेगा, लेकिन इस तूफान की गति कितनी होगी इस संबंध में अभी जानकारी जुटाई जा रही है।


उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह तक प्रतिदिन वर्षा का प्रभाव बना रहता था और अभी चंद ही दिन हुए हैं जिससे मौसम थोड़ा सूखा दिख रहा है।लगातार वर्षा के कारण अंचल के किसान धान की कटाई करने के लिए सूखे मौसम की प्रतीक्षा कर रहे थे और पिछले पांच दिनों से तेजी से कटाई का काम खेतों में चल रहा है। इस मानसून सत्र में बस्तर में अत्याधिक वर्षा रिकार्ड की गई है और धान के लिए यह वर्षा अच्छी रही। 


जिसकी वजह से धान की उत्पादन की भी अच्छी संभावना है। अब हिंद महासागर में उठने वाला बुलबुल तूफान की चेतावनी से किसान और अधिक भयभीत हो गये हैं। मौसम विभाग के एचपी चंद्रा ने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस तूफान का असर दक्षिण छत्तीसगढ़ अर्थात बस्तर में अधिक होगा। किसानों को इस इस संबंध में सतर्क रहने की आवश्यकता बताई गई है।


चटनी के लिए 'लाल चीटियों' की होती है बिक्री

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य बस्तर संभाग के रीति रिवाज एवं खानपान राज्य के अन्य हिस्सों से काफी भिन्न है। इसका एक ताजा उदाहरण लाल चीटियों की चटनी को लिया जा सकता है। बस्तर में इसे चापड़ा चटनी कहा जाता है। वर्षा ऋतु के समाप्त होने के बाद हाट बाजारों में लाल चीटियां बिकने आने लगती है। आदिवासी समाज के लोगों द्वारा चापड़ा चटनी बड़े चाव से खाई जाती है। इन दिनों स्थानीय साप्ताहिक बाजारों में पत्ते के दोनों में लाल चीटियां बिकती हुए देखी जा सकती है। 10 रुपए से लेकर 50 रुपए दोने तक में लाल चीटियां बिकती हैं। इन दोने में लाल चीटियों के अंडे भी होते हैं। आदिवासियों का कहना है कि लाल चीटियों को मिर्च, लहसुन तथा नमक के साथ पीसा जाता है। इसके बाद इसे खाया जाता है। आदिवासियों का दावा है कि संचारी रोगों से बचाव के रूप में भी लाल चीटियों की चटनी खाई जाती है। यदि किसी को बदलते मौसम में बुखार आने लगे तो उसे लाल चीटियों की चटनी यानी चापड़ा चटनी खाने की समझाइश भी दी जाती है। चापड़ा चटनी को बस्तर में घृणा के रूप में नहीं देखा जाता बल्कि बड़े चाव के साथ खाया जाता है।


बाजार में दो-पहिया लाने की आक्रामक रणनीति

नई दिल्ली। दोपहिया वाहन निर्माण की प्रमुख कंपनी होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड भारतीय बाजार में अगले साल प्रीमियम श्रेणी की मोटरसाइकिल और स्कूटर उतारने की आक्रमक रणनीति बना रही है,जिससे भारतीय बाजार की संभावनाओं का पूरा इस्तेमाल किया जा सके। कंपनी के ब्रांड ऑपरेटिंग प्रमुख और उपाध्यक्ष प्रभु नागराज ने बताया कि भारतीय बाजार में प्रीमियम श्रेणी के दुपहिया वाहनों की मांग में भारी इजाफा हो रहा है। देश में युवाओं में प्रीमियम श्रेणी के वाहनों में रूचि बढ़ रही है। परंपरागत तौर पर भारतीय बाजार यात्री वाहनों के लिए जाना चाहता है लेकिन अर्थव्यवस्था का स्वरूप बदलने और व्यक्तिगत आय बढ़ने के कारण प्रीमियम श्रेणी के वाहनों की बिक्री में वृद्धि हो रही है। उन्होंने बताया कि होंडा भारतीय बाजार में उन दुपहिया वाहनों को भी भारतीय युवाओं के लिए पेश करने की तैयारी कर रहा है जो अभी तक यूरोपीय बाजार में ही देखे जा सकते हैं।


भारत आरसीईपी व्यापार समझौते से अलग

नई दिल्ली! भारत ने सोमवार को रीजनल कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप (RCEP) समझौते में शामिल होने से इनकार कर दिया है! भारत ने निर्णय लिया कि वह 16 देशों के आरसीईपी व्यापार समझौते का हिस्सा नहीं बनेगा! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस फैसले का केंद्रीय गृहमंत्री और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने स्वागत किया और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर हमला बोला! वहीं कांग्रेस ने कहा कि उसके दबाव में नरेंद्र मोदी सरकार को यह फैसला लेना पड़ा!


अमित शाह ने आरसीईपी में शामिल न होने के फैसले पर सिलसिलेवार ट्वीट किए! उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'भारत के आरसीईपी में शामिल न होने का फैसला प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व और सभी परिस्थितियों में राष्ट्रीय हित सुनिश्चित करने का संकल्प दिखाता है! इससे किसानों, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग, डेयरी मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर, फार्मास्युटिकल, स्टील और कैमिकल इंडस्ट्रीज को समर्थन मिलेगा'!


उन्होंने अगले ट्वीट में लिखा, 'पिछले कई वर्षों में पीएम मोदी का यह स्टैंड रहा है कि वह ऐसी डील के लिए हामी नहीं भरते, जिसमें राष्ट्रहित न हो! यह अतीत को छोड़कर आगे बढ़ने की तरह है, जहां कमजोर यूपीए सरकार ने व्यापार के लिए जमीन खो दिया और राष्ट्रहित की रक्षा भी नहीं की!' दूसरी ओर कांग्रेस ने कहा कि मोदी सरकार ने उसके दबाव में आकर यह फैसला वापस लिया! कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर लिखा, भाजपा सरकार जबरन आरसीईपी समझौते पर दस्तखत कर देश के किसानों, मछुआरों, लघु व मध्यम उद्योगों के हितों की बली दे रही थी! आज अमित शाह अपनी झूठी पीठ थपथपा रहे हैं तो उन्हें सनद रहे कि कांग्रेस के विरोध के चलते सरकार को यह फैसला वापस लेना पड़ा!


गौरतलब है कि आरसीईपी में शामिल नहीं होने के फैसले पर भारत ने कहा कि वह सभी क्षेत्रों में वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दरवाजे खोलने से भाग नहीं रहा है, लेकिन उसने एक परिणाम के लिए एक जोरदार तर्क पेश किया, जो सभी देशों और सभी सेक्टरों के अनुकूल है! सूत्रों के अनुसार, आरसीईपी शिखर सम्मेलन में अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'इस समझौते का मौजूदा स्वरूप RCEP की बुनियादी भावना और मान्य मार्गदर्शक सिद्धांतों को पूरी तरह जाहिर नहीं करता है! यह मौजूदा परिस्थिति में भारत के दीर्घकालिक मुद्दों और चिंताओं का संतोषजनक रूप से समाधान भी पेश नहीं करता!


जल्दबाजी में निर्णय न ले: मकर

राशिफल


मेष-योजना फलीभूत होगी। तत्काल लाभ नहीं मिलेगा। उत्साह व प्रसन्नता में वृद्धि होगी। नौकरी में अमन-चैन रहेगा। ऐश्वर्य के साधनों पर बड़ा खर्च हो सकता है। नए व्यापारिक अनुबंध होंगे। निवेश शुभ रहेगा। कारोबार में वृद्धि होगी। परिवार में खुशी का वातावरण रहेगा।


वृष-किसी प्रभावशाली व्यक्ति से संपर्क बनेगा। कानूनी अड़चन दूर होगी। किसी बड़ी समस्या से निजात मिल सकती है। तंत्र-मंत्र में रुचि रहेगी। पराक्रम व प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। कारोबार मनोनुकूल चलेगा। नौकरी में प्रभाव क्षेत्र बढ़ेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी।


मिथुन-स्वास्थ्य पर खर्च होगा। लापरवाही न करें। कार्य करते समय चोट लग सकती है। गृहिणियां विशेष ध्यान रखें। जल्दबाजी से बचें। अकारण विवाद हो सकता है। क्रोध व उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। धनहानि की आशंका है। व्यापार व्यवसाय ठीक चलेगा।


कर्क-कानूनी अड़चन दूर होगी। जीवनसाथी के इच्छुक लोगों को जीवनसाथी मिलने के योग हैं। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। निवेशादि सोच-समझकर करें। बाहर लंबी यात्रा की योजना बन सकती है। जीवन सुखमय गुजरेगा। उत्साह व प्रसन्नता रहेंगे। प्रमाद न करें।


सिंह-संपत्ति के बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। रोजगार में वृद्धि होगी। पार्टनरों का सहयोग प्राप्त होगा। परीक्षा व साक्षात्कार आदि में सफलता प्राप्त होगी। धन प्राप्ति सुगम होगी। घर-बाहर प्रसन्नता का वातावरण निर्मित होगा। प्रमाद से बचें।


कन्या-शैक्षणिक व शोध इत्यादि रचनात्मक कार्य के परिणाम सुखद मिलेंगे। किसी मांगलिक व आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद मिलेगा। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल चलेगा। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। यात्रा मनोरंजक रहेगी।


तुला-स्वास्थ्य का ध्यान रखें। विवाद को बढ़ावा न दें। वाणी में हंसी-मजाक समय व स्थिति को देखकर करें।  मेहनत अधिक होगी। लाभ में कमी रह सकती है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। फालतू बातों पर ध्यान न दें। व्यापार ठीक चलेगा।


वृश्चिक-काम पर पूरा ध्यान दे पाएंगे। थोड़े प्रयास से ही कार्यसिद्धि होगी। सामाजिक मान-सम्मान प्राप्त होगा। कारोबार में मनोनुकूल लाभ होगा। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड इत्यादि से लाभ होगा। लंबी व्यावसायिक यात्रा की योजना बन सकती है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें।


धनु-दूर से अच्छे समाचार प्राप्त होंगे। घर में मेहमानों का आगमन होगा। विवाद से बचें। क्रोध न करें। कोई बड़ा काम तथा लंबी यात्रा की योजना बनेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। पुराने विवादों का समापन होगा। उत्साह व प्रसन्नता की वृद्धि होगी। व्यापार निवेश व नौकरी मनोनुकूल रहेंगे।


मकर-नवीन वस्त्राभूषण पर व्यय होगा। बेरोजगारी दूर होगी। परीक्षा व साक्षात्कार आदि में सफलता मिलेगी। व्यापार निवेश व नौकरी मनोनुकूल लाभ देंगे। लंबी यात्रा हो सकती है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें। पारिवारिक सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता बनी रहेगी।


कुंभ-कुसंगति से हानि होगी। व्ययवृद्धि होगी। आर्थिक परेशानी रहेगी। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। लापरवाही न करें। किसी व्यक्ति के व्यवहार से आत्मसम्मान कम हो सकता है। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। जोखिम न लें।


मीन-डूबी हुई रकम प्राप्ति की संभावना बनती है। यात्रा लाभदायक रहेगी। नौकरी में उच्चाधिकारी प्रसन्न रहेंगे। निवेश शुभ रहेगा। कारोबार में वृद्धि संभव है। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। बुद्धि के कार्य करें। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। रुके काम पूरे होंगे। प्रमाद न करें।


दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। दबे पांव पहुंचे भूकंप ने धरती को हिलाते हुए पब्लिक को दहशत में ड...