शुक्रवार, 13 सितंबर 2019

मोदी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी

नई दिल्ली। 13,600 करोड़ रुपये के पीएनबी घोटाले का मुख्य अभियुक्त नीरव मोदी के भाई नेहाल मोदी के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है। इससे पहले ईडी ने इंटरपोल से नेहाल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की अपील की थी। 40 साल का नेहाल फिलहाल बेल्जियम की नागरिकता हासिल किए हुए है और अमेरिका में रह रहा है। उस पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। उस पर पीएनबी से पैसे को इधर-उधर करने में नीरव मोदी की मदद करने का आरोप है। इसके साथ ही उसने सभी सबूतों को भी नष्ट कर दिया है।  ईडी ने आरोप लगाया है कि घोटाले का पता लगने के बाद उसने दुबई और हांगकांग में रह रहे सभी छद्म निदेशकों के सेल फोन को समाप्त कर दिया है और उनका काहिरा के लिए टिकट बुक किया था। फिलहाल नीरव मोदी इंग्लैंड की जेल में है। लंदन की वेस्टमिनस्टर कोर्ट में उसके प्रत्यपर्ण की सुनवाई चल रही है।


एमडीएच मसाला के उत्पादों की होगी जांच

नई दिल्ली। देश की प्रसिद्ध सब्जी मसाला कंपनी एमडीएच के सांभर मसाले में बैक्टीरिया की शिकायत पाए जाने के बाद अब ब्रांड के सभी उत्पादों के सैंपलों की जांच की जाएगी। ऑल इंडिया फूड एंड ड्रग लाइसेंस होल्डर फाउंडेशन की ओर से महाराष्ट्र अन्न और औषधि प्रशासन विभाग को चिट्ठी लिखी गई है। इसमें कहा गया है कि अमेरिकी फूड एंड ड्रग अथॉरिटी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार एमडीएच मसाले के एक उत्पाद में साल्मोनेला मिलने की पुष्टि हुई है। चिट्ठी में लिखा है कि एमडीएच के सांभर मसाले में कथित तौर पर साल्मोनेला बैक्टीरिया मिलने के बाद अमेरिका से इन मसालों की कम से कम तीन खेप वापस भेजी गई हैं। अमेरिका की फूड एंड ड्रग रेगुलेटर बॉडी एफडीए की ओर से कराए गए कुछ टेस्ट के परिणाम सामने आने के बाद सैंपल की जांच कराने का कदम उठाया गया है। महाराष्ट्र एफडीए से निवेदन किया गया है कि मामले का संज्ञान लेते हुए एमडीएच के सभी उत्पादों के सैंपल तुरंत जांचे जाएं।


फिर 4 से 15 नवंबर तक आॅड-ईवन

नई दिल्ली। दिल्ली की सड़कों पर एक बार फिर से ऑड-ईवन योजना देखने को मिलेगी। दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने शुक्रवार को ऐलान किया कि दिल्ली में 4 नवंबर से लेकर 15 नवंबर तक ऑड-ईवन नियम लागू होगा। माना जा रहा है कि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए केजरीवाल सरकार ने यह फैसला लिया है। अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान किया कि दिल्ली में प्रदूषण से बचने के लिए मास्क भी मिलेंगे। सरकार ने कहा कि अक्टूबर से दिल्ली सरकार मास्क भी बांटेगी। इतना ही नहीं, दिल्ली में पर्यावरण मार्शल की नियुक्ति होगी।


जैविक हथियारों का प्रयोग बड़ा खतरा

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आतंकवाद के लिए जैविक हथियारों का इस्तेमाल अभी एक बड़ा खतरा है और सेनाओं तथा उसकी चिकित्सा शाखा को इससे निपटने के लिए तैयार रहना होगा। सिंह ने आज यहां शंघाई सहयोग संगठन देशों के पहले मिलिट्री मेडिसिन सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा, मैं जैविक-आतंकवाद की समस्या से निपटने की क्षमता विकसित करने के महत्व को रेखांकित करना चाहता हूं। जैविक-आतंकवाद अभी एक वास्तविक खतरा है। यह संक्रामक महामारी की तरह फैलता है और सशस्त्र सेनाओं तथा मेडिकल सेवाओं को इससे निपटने के लिए आगे बढकर मोर्चा संभालना होगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि रण क्षेत्र से संबंधित प्रौद्योगिकी में निरंतर बदलाव आ रहा है और इससे नयी-नयी चुनौती पैदा हो रही हैं।


नये और गैर परांपरागत युद्धों ने इन चुनौतियों को और जटिल बना दिया है। सशस्त्र सेनाओं की मेडिकल सर्विस को इन चुनौतियो का पता लगाने और इनके कारण स्वास्थ्य पर पडऩे वाले प्रतिकूल प्रभाव को कम करने की रणनीति सुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि परमाणु, रसायनिक और जैविक हथियारों के कारण भी स्थिति निरंतर जटिल हो रही है। सशस्त्र सेनाओंं के चिकित्सा से जुड़े विशेषज्ञ संभवत इन खतरनाक चुनौतियों से निपटने के साजो-सामान से लैस हैं। घायलों की देखभाल और उनका बचाव मिलिट्री मेडिसिन का महत्वपूर्ण पहलू है। लड़ाई के दौरान चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने वाली मेडिकल सेवाओं का यह कर्तव्य है कि उनके पास घायलों को जल्द से जल्द जरूरी सहायता उपलब्‍ध कराइ जाए।


'अतिकेंद्रीकरण' के विरोध की शुरुआत

लखनऊ। गुजरात, कर्नाटक और उत्तराखण्ड के बाद अब भाजपा शासित उत्तर प्रदेश की सरकार भी यातायात नियमों के उल्लंघन पर वसूले जाने वाले जुर्माने की दरों पर 'जनता के हित में' फिर से विचार कर रही है। सपा ने भाजपा शासित राज्यों द्वारा चालान के नए नियमों को 'न मानने' को भाजपा में 'अतिकेन्द्रीकरण' के विरोध की शुरूआत करार दिया है। 


राज्य के परिवहन राज्यमंत्री अशोक कटारिया ने यहां संवाददाताओं से कहा ''उत्तर प्रदेश की जनता के हित में जुर्माना राशि को कितना किया जाए, इसके बारे में सरकार पुनर्विचार कर रही है।'' उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही यातायात नियमों के उल्लंघन के जुर्माने की नयी दरें घोषित करेगी। उल्लेखनीय है कि भाजपा शासित गुजरात, उत्तराखण्ड और कर्नाटक राज्यों की सरकारों ने संशोधित मोटर वाहन अधिनियम में जुर्माने की दरें अपने-अपने यहां आधी कर दी हैं, जबकि महाराष्ट्र और गोवा में इसके क्रियान्वयन को टाल दिया गया है। 


सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पर एक बयान में कहा ''भाजपा शासित राज्यों द्वारा चालान के नए नियमों को न मानना यह दर्शाता है कि ये नियम सच में कितने जनविरोधी एवं दमनकारी है। तभी तो उन राज्यों की इतनी हिम्मत हुई है कि वो 'सख्त फैसले' लेने वाले तथा कथित 'निर्णायक नेतृत्व' को चुनौती दे सके। ये भाजपा में अतिकेन्द्रीकरण के विरोध की शुरूआत है।'' उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इन दिनों ऐसे अव्यावहारिक निर्णय कर रही है, जिनसे जनता को दुःख और पीड़ा मिले। यह सिलसिला केन्द्र से लेकर राज्य तक में चल रहा है।


हटके: दुनिया का सबसे जहरीला पेड़

ये है दुनिया का सबसे जहरीला पेड़, पास गए तो होगी मौत


दुनियाभर में कई ऐसे पेड़-पौधे हैं, जो जहरीले होते हैं। ऐसा ही एक पेड़ मैंशीनील है, जो दुनिया के सबसे खतरनाक पेड़ों में शामिल है। इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में सबसे जहरीला पेड़ के तौर पर दर्ज है। यह पेड़ फ्लोरिड और कैरेबियन तट पर पाया जाता है और इसके तने से निकलने वाला रस इतना जहरीला होता है कि अगर यह आपकी स्किन पर छू भी जाए तो छाले पड़ जाएंगे। सेब जैसा दिखने वाला इस पेड़ के फल को खाने से मौत हो सकती है।


गलती से कहीं पेड़ का रस आंख के पास चला जाए तो इंसान अंधा हो सकता है। इतना ही नहीं लकड़ी को जलाने के बाद निकलने वाली धुआं से भी इंसान की आंखों की रोशनी जा सकती है। निकोला एच स्ट्रिकलैंड नाम के एक वैज्ञानिक ने इस पेड़ के फल को एक बार चखा था। वे अपने कुछ दोस्तों के साथ टोबैगो के कैरेबियन आइलैंड के बीच पर गए थे, जहां उन्होंने यह फल खा लिया था। स्ट्रिकलैंड ने बताया कि यह बेहद कड़वा था। मैं अगर तुरंत चेकअप नहीं करवाता तो मेरी जान निकल जाती। यही कारण है कि इस पेड़ के आस-पास चेतावनी वाले बोर्ड लगे रहते हैं।


सरकार को नहीं गलती का एहसास:सिंह

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री और अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह ने एक बार देश की बिगड़ रही अर्थव्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था खराब से बेहद खराब होती जा रही है लेकिन दुख की बात है कि मोदी सरकार को अपनी गलती का एहसास नहीं हो रहा है।


मनमोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक मंदी और अपनी गलतियों को स्वीकारने के बजाय, सरकार ने अपनी गलतियों के लिए दूसरों को दोष देने पर ध्यान दिया है। भाजपा को मौजूदा संकट को स्वीकार करना चाहिए और अर्थव्यवस्था को ठीक करने के उपाय करने चाहिए। पूर्व पीएम ने एक बार फिर दोहराते हुए आर्थिक स्थिति के लिए नोटबंदी और जीएसटी जैसे सरकारी कदम को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि आर्थिक हालातों को सुधारने के लिये रणनीति बनानी होगी ताकि बिगड़ते हालातों से लड़ा जा सके।


'तेजस' में मिलेगा कानपुर का खाना

ट्रेन-18 की तरह तेजस में मिलेगा कानपुर का खाना
दिलशाद अहमद 
वंदे भारत एक्सप्रेस में मिलता है फाइव स्टार होटल का खाना


नई दिल्ली। देश की पहली निजी ट्रेन तेजस एक्सप्रेस में यात्रियों को दोपहर का लंच कानपुर का दिया जाएगा। इसके टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। लखनऊ से दिल्ली जाने वली ट्रेन में कानपुर से खाना चढ़ाने की सहमति मिली है। अभी देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में भी कानपुर के फाइव स्टार होटल का खाना मिलता है।
लखनऊ से ट्रेन सुबह 6:10 बजे छूटेगी। इस पर इस ट्रेन में नाश्ता तो लखनऊ से कानपुर के बीच ही दे दिया जाएगा। कानपुर बाद नई दिल्ली जाने में इस ट्रेन का स्टापेज सिर्फ गाजियाबाद में है। लेकिन वहां से दिल्ली का सफर सिर्फ 40 मिनट का है। इसलिए कानपुर सेंट्रल स्टेशन से ही खाना चढे़ेगा। यह ट्रेन सेंट्रल स्टेशन पर सुबह 7:20 बजे पहुंचेगी और 7:25 बजे रवाना होगी।


ट्रेन का स्टाफ अवधी ड्रेस में चलेगा


इस ट्रेन में आईआरसीटीसी का स्टाफ दूसरी ट्रेनों की तरह नहीं होगा। इसमें वेटर से लेकर दूसरा स्टाफ कोट पैंट नहीं बल्कि सदरी पहनकर मौजूद रहेगा। ट्रेन में मौजूद यात्रियों को लखनऊ की तहजीब और अवधी सभ्यता का एहसास होगा। यह पहली बार किसी ट्रेन में किसी शहर और प्रांत की सभ्यता का एहसास दिलाने की कोशिश होगी।


योगी और नड्डा ने किया शिलान्यास

कानपुर। नौबस्ता स्थित पुरानी मौरंग मंडी में भाजपा के नए कार्यालय का शिलान्यास बृहस्पतिवार को हुआ। भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव के साथ कार्यालय के लिए भूमि पूजन किया। यह कार्यालय 1100 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के नौ अन्य जिलों के पार्टी कार्यालयों का भी शिलान्यास यहीं से हुआ। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि देश में अभी 200 और पार्टी कार्यालय खोले जाएंगे।इन कार्यालयों में अत्याधुनिक इलेक्ट्रानिक्स सिस्टम और सभी तरह की सुविधाएं मौजूद रहेंगी। कानपुर का क्षेत्रीय और तीन जिलों का यह कार्यालय कई मंजिला होगा। कांफ्रेंस हॉल, मीटिंग हॉल, मीडिया के लिए खबरें भेजने के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद होंगी।


बाकी जिन जनपदों (कानपुर देहात, गौतमबुद्ध नगर, नोएडा, बागपत, रायबरेली, पीलीभीत, प्रतापगढ़ और जौनपुर) के कार्यालयों का शिलान्यास किया गया, उनके शिलापट वहीं के जिलाध्यक्ष लेकर जाएंगे। इससे पहले पार्टी के महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने भूमि पूजन की प्रक्रिया पूरी की। बारिश की वजह से कार्यक्रम में थोड़ी दिक्कत भी हुई। इस मौके पर सांसद सत्यदेव पचौरी, देवेंद्र सिंह भोले, मानवेंद्र सिंह, नीलिमा कटियार, कमलरानी वरुण, रंजना उपाध्याय, भवानी सिंह, अरुण पाठक, सलिल विश्नोई, सुरेंद्र मैथानी, अनीता गुप्ता, श्याम बिहारी मिश्र, बालंचद्र मिश्र, सुरेश अवस्थी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।


सोशल मीडिया से काम नहीं चलेगा:सोनिया

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अगुवाई आज दिल्ली में पार्टी महासचिवों, प्रदेश अध्यक्षों, पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं कई अन्य वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। सोनिया ने बैठक में कहा कि देश की आर्थिक स्थिति गंभीर है घाटा बढ़ रहा है। लोगों का विश्वास डोल रहा है। आर्थिक नुकसान से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए सरकार केवल बदले की राजनीति मे व्यस्त है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए सोनिया गांधी ने कहा सिर्फ सोशल मीडिया से काम नहीं चलेगा, सड़क पर उतरना होगा। 2 अक्टूबर को राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी पदयात्रा करेंगी. सोनिया गांधी दिल्ली में पदयात्रा करेंगी। कांग्रेस ने सभी बड़े नेताओं को अपने बूथ और मोहल्ले में जाकर सदस्यता अभियान चलाने का निर्देश दिया है। आर्थिक मंदी के मुद्दे पर 15-25 अक्टूबर से देश भर कांग्रेस बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस डिजिटल एप्प से सदस्यता अभियान शुरू करेगी। जल्द ही ये एप्प लांच किया जाएगा। इस बैठक में सोनिया के साथ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी के वरिष्ठ नेता एके एंटनी, अहमद पटेल, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, सीएम अशोक गहलोत और सीएम भूपेश बघेल मौजूद रहे।


दृष्टिबाधित भी पढ़ सकेंगे व्हाट्सएप संदेश

दृष्टिबाधित भी पढ़ सकेंगे व्हाट्सएप संदेश


नई दिल्ली। कोहिनूर मंच पर मेगा कैंप में दृष्टि बाधित दिव्यांगों को एलिम्को कंपनी के स्मार्ट फोन की सौगात भी मिली है। टैक्सट टू स्पीच पद्घति पर आधारित इस फोन को छूते ही फोन खुद बताएगा कि उसका कौन सा फीचर छुआ गया है। मसलन यदि दृष्टिबाधित व्यक्ति के फोन पर व्हाट्स एप संदेश आता है तो वह फीचर छूऐगा और व्हाट्स एप खोल सकेगा। इसमें रिकार्डेड संदेश को सुन सकेगा।


एलिम्को कंपनी के कनिष्ठ प्रबंधक पंकज द्विवेदी ने बताया कि यह फोन दृष्टिबाधितों के लिए वरदान साबित होगा। इससे न केवल वह तमाम महत्वपूर्ण जानकारियां डाउनलोड कर अपने शिक्षा के स्तर को सुधार सकेंगे। बल्कि गूगल के माध्यम से नई नई जानकारी भी ले सकेंगे। इस फोन में एनसीईआरटी की किताबें भी डाउनलोड हो सकती हैं। बस इसके फीचरों को छूकर बताना होगा। यही नहीं गूगल से जानकारियां भी ली जा सकती हैं। फोन खुद बोलकर उन जानकारियों के बारे में बताएगा।


13 टोल प्‍लाजा कैशलेस, उलंघन पर सजा

दिल्ली। रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान (आरएफआईडी) टैग वाले वाणिज्यिक वाहनों को आज से अनिवार्य रूप से कैशलेस भुगतान के लिए तैयार रहना होगा। ऐसा नहीं होने की स्थिति में उन्हें दंड स्वरूप दोगुनी कर राशि का भुगतान करना पड़ेगा। दक्षिण दिल्ली नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। आरएफआईडी प्रणाली वाणिज्यिक वाहनों से एमसीडी टैक्स और पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क (ईसीसी) का स्वत: संग्रह करने की अनुमति देती है। इस प्रणाली को 24 अगस्त को शहर के 13 व्यस्ततम टोल प्लाजा पर लागू किया गया था। इसका उद्देश्य सड़कों पर लगने वाले जाम और प्रदूषण को कम करना है। इस प्रणाली से जहां राजस्व में चोरी बचेगी वहीं पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। दक्षिण दिल्ली नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रणधीर सहाय ने बताया कि बड़ी संख्या में वाणिज्यिक वाहनों के मालिकों ने उनके आरएफआईडी खाते को रिचार्ज नहीं कराया है। परिणामस्वरूप नई शुरू की गई प्रणाली पूरी तरह से कैशलेस नहीं हो पायी है। उन्होंने बताया, ”आरएफआईडी परियोजना का एक मुख्य उद्देश्य प्रक्रिया को पूरी तरह कैशलेश बना कर टोल प्लाजाओं पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करना है। इसे सफल बनाने के लिए यह जरूरी है कि वाहन मालिक अपने आरएफआईडी खातों को रिचार्ज करायें।


सहाय ने बताया कि 24 अगस्त को इस प्रणाली के लागू होने के बाद केवल गैर आरफआईडी वाणिज्यिक वाहनों को ही जुर्माना देना पड़ता था और आरएफआईडी टैग वाले वाहनों का वालेट अगर रिचार्ज नहीं है तो उनके पास नकद भुगतान का विकल्प मौजूद रहेगा। सहाय ने कहा, ”शुक्रवार से प्रणाली पूरी तरह कैशलेस हो गयी है। 13 टोल प्लाजाओं पर कोई नकद राशि स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन लोगों ने अपने खाते रिचार्ज नहीं कराये हैं उन्हें टैक्स की दोगुनी राशि का भुगतान करना होगा और उनके वाहनों को ब्लैक लिस्ट में डाल दिया जाएगा। रणधीर सहाय ने बताया कि अब तक तीन लाख 60 हजार आरएफआईडी टैग बिक चुका है लेकिन बहुत कम संख्या में व्यवसायिक वाहनों ने इसके माध्यम से एमसीडी टैक्स और ईसीसी का भुगतान किया है। वाहन मालिक अपने आरएफआईडी खातों को बेवसाइट ईसीसीटीएजीएसडीएमसी डॉट काम पर या मोबाइल एप 'एमसीडी टोल' के माध्यम से रिचार्ज करा सकते हैं। इसके अलावा वे 28 कियोस्क पर भी अपने खातों को रिचार्ज करा सकते हैं। दिल्ली आने वाले वाहनों में से 85 फीसदी इन्हीं 13 टोल प्लाजा से होकर गुजरते हैं।


दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ

दिल्ली में 2.0 तीव्रता का भूकंप, महसूस नहीं हुआ अकांशु उपाध्याय  नई दिल्ली। दबे पांव पहुंचे भूकंप ने धरती को हिलाते हुए पब्लिक को दहशत में ड...