शनिवार, 7 सितंबर 2019

खेल मंत्री ने खिलाड़ियों को बधाई दी

नई दिल्ली। युवा मामलों और खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री किरेन रिजिजू ने कल नई दिल्ली में भारतीय निशानेबाजी टीम के सदस्यों से मुलाकात की, जो हाल ही में रियो डी जनेरियो में संपन्न आईएसएसएफ राइफल और पिस्टल विश्व कप में हिस्सा लेकर लौटे हैं। उन्होंने निशानेबाजों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। प्रतियोगिता में भारत ने पांच स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक हासिल करके पदक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।


श्री रिजिजू के साथ मुलाकात के दौरान उपस्थित निशानेबाजों में अपूर्वी चंदेला, अंजुम मौद्गिल, इलावेनिल वलारिवन, मनु भाकर, यशस्विनी देसवाल, संजीव राजपूत, अभिषेक वर्मा और दीपक कुमार शामिल थे। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय राइफल्स संघ के अध्यक्ष श्री रनिंदर सिंह और कोच जसपाल राणा, पावेल स्मिरनोव तथा ओलेग मिखाइलोव भी उपस्थित थे।निशानेबाजी में भारत का यह शानदार वर्ष रहा है। वर्ष 2019 में सभी आईएसएसएफ सीनियर विश्व कप में भारत ने 16 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक जीते हैं। इन 22 पदकों में से 12 व्यक्तिगत स्पर्धाओं में मिले हैं और 10 मिश्रित टीम स्पर्धाओं में। यह प्रतिस्पर्धाएं 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर पिस्टल की हैं। भारत ने अब तक टोक्यो 2020 ओलंपिक के लिए निशानेबाजी में नौ कोटा जीते हैं, जिसमें पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में संजीव राजपूत और महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में यशस्विनी देसवाल के साथ रियो विश्व कप में कोटा अर्जित किया है।


भारतीय निशानेबाजी टीम को बधाई देते हुए श्री रिजिजू ने कहा, 'निशानेबाजी में भारतीय दल ने शानदार प्रदर्शन किया है और हम एक मजबूत टीम टोक्यो ओलम्पिक्स में भेजेंगे। इस खेल से भारत को बहुत उम्मीदें हैं।


राष्ट्रपति के भाषणों पर आधारित किताब

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू ने सामाजिक बुराईयों पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से अश्पृश्यता तथा लैंगिग भेदभाव जैसी सामाजिक बुराईयों को दूर करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि देश में उपलब्ध आसाधारण प्रतिभा, विचारों और नवाचारी क्षमताओं को एक साथ लाने की आवश्यकता है ताकि समावेशी और सतत विकास सुनिश्चित हो सके।


उपराष्ट्रपति नई दिल्ली के प्रवासी भारतीय केन्द्र में राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविन्द के चुनिंदा भाषणों पर दो पुस्तकों 'द रिपब्लिकन एथिक' (खंड-2) तथा 'लोकतंत्र के स्वर'(खंड-2) का विमोचन कर रहे थे। उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत इतिहास के उस मोड़ पर खड़ा है जहां से वह प्रमुख चुनौतियों और बाधाओं का सामना करते हुए समावेशी विकास की दिशा में छलांग लगा सकता है।


उपराष्ट्रपति ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में मूल्यों और नीतियों को बनाए रखना लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस बारे में राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविन्द की और मेरी सोच एक समान है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने अनेक अवसर पर राष्ट्रपति के संबोधनों में राष्ट्र का सार, विज़न, महत्वकांक्षा, आशाओं और स्वभाव को देखा है। उनमें विचारों की स्पष्टता है, विश्लेषण करने की क्षमता है। माननीय राष्ट्रपति के सभी भाषणों में, चाहे वह राष्ट्र के नाम संबोधन हो या विदेश यात्राएं हो या शिक्षा की बात हो, सभी में तालमेल देखने को मिलता है।


श्री नायडू ने कहा कि राष्ट्रपति हमेशा हमें अन्नदाताओं यानी किसानों, वैज्ञानिकों, पेशेवर लोगों और बहादुर जवानों के योगदान की याद दिलाते हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रपति के भाषणों में बार-बार शिक्षा की बात होती है। उनके लिए शिक्षा सशक्तिकरण का माध्यम है। वह चाहते हैं कि हमारे विश्वविद्यालय नए भारत की दिशा में प्रगति का पावर हाउस बनें। वह वैज्ञानिक संस्थानों से आशावान रहते हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि एक वकील के नाते राष्ट्रपति वकालत पेशे की शक्तियों और चुनौतियों के प्रति सचेत हैं। राष्ट्रपति संवैधानिक तौर-तरीकों से सामाजिक परिवर्तन में विश्वास रखते हैं।


राष्ट्रपति कोविन्द गरीब से गरीब लोगो को न्याय प्रदान करने में कानूनी पेशे की क्षमता पर बल देते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति अधिकारियों से उच्च स्तर के संकल्प की आशा रखते हैं, क्योंकि अधिकारी लोगों को लोकतांत्रिक संविधान के फल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि श्री कोविन्द ने विभिन्न सेवाओं के सैकड़ों युवा अधिकारियों को सामाजिक न्याय प्रदान करने के लिए प्रेरित किया है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रपति के चुने हुए भाषणों की पुस्तकें उनकी ज्ञानधारा का संकलन हैं।देश की संप्रभुता की रक्षा के प्रति भारत के संकल्प पर पुस्तक से उद्धरण पेश करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने हमेशा शांति और सहयोग के मूल्यों का पालन किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि भारत पर आक्रमण करने वालों को माकूल जवाब दिया जाएगा। उपराष्ट्रपति ने राष्ट्रपति के भाषणों के संकलन को प्रकाशित करने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर और उनकी टीम को बधाई दी।


इस अवसर पर पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन और सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री श्री थावरचंद गहलोत, सूचना और प्रसारण सचिव श्री अमित खरे तथा प्रकाशन विभाग की प्रधान महानिदेशक श्रीमती साधना राउत तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।


मोदी दिव्यांग बच्चों के साथ मनाएंगे जन्मदिन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर सादगी का संदेश देने की कोशिश करते हैं और हर जन्मदिन पर कुछ खास करते हैं। अब एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खास तरीेके से जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री अपना 69वां जन्मदिन संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दिव्यांग बच्चों के साथ मनाएंगे।प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए वाराणसी प्रशासन पूरे शहर को चमकाने और सजाने में जुट गया है। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री के 69वें जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी के 69 मंदिरों में भजन संध्या होगी, तो 69 स्थानों पर ही दीपदान किया जाएगा।पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे शहर में शंखनाद का भी इंतजाम किया गया है। हालांकि अभी पीएमओ की तरफ से प्रधानमंत्री का पूरा प्रोटोकॉल नहीं आया है। लेकिन प्रशासन के साथ-साथ पार्टी स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं।


चंद्र मिशन अभियान में 40 फीसदी नाकाम

कैलिफोर्निया। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के तथ्यों के मुताबिक पिछले छह दशक में शुरू किए गए चंद्र मिशन में सफलता का अनुपात 60 प्रतिशत रहा है। नासा के मुताबिक इस दौरान 109 चंद्र मिशन शुरू किए गए, जिसमें 61 सफल हुए और 48 असफल रहे। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो द्वारा चंद्रमा की तहत पर चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर को उतराने का अभियान शनिवार को अपनी तय योजना के मुताबिक पूरा नहीं हो सका। लैंडर का अंतिम छणों में जमीनी स्टेशन से संपर्क टूट गया। इसरो के अधिकारियों के मुताबिक चंद्रयान-2 का ऑर्बिटर पूरी तरह सुरक्षित और सही है।


इस साल इजराइल ने भी फरवरी 2018 में चंद्र मिशन शुरू किया था, लेकिन यह अप्रैल में नष्ट हो गया। वर्ष 1958 से 2019 तक भारत के साथ ही अमेरिका, यूएसएसआर (रूस), जापान, यूरोपीय संघ, चीन और इजराइल ने विभिन्न चंद्र अभियानों को शुरू किया। पहले चंद्र अभियान की योजना अमेरिका ने 17 अगस्त, 1958 में बनाई, लेकिनपाइनियर 0 का लॉन्च असफल रहा। पहला सफल चंद्र अभियान चार जनवरी 1959 में यूएसएसआर का लूना 1 था। यह स‍फलता छठे चंद्र मिशन में मिली। एक साल से थोड़े अधिक समय के भीतर अगस्त 1958 से नवंबर 1959 के दौरान अमेरिका और यूएसएसआर ने 14 अभियान शुरू किए। इनमें से सिर्फ 3- लूना 1, लूना 2 और लूना 3 सफल हुए। ये सभी यूएसएसआर ने शुरू किए थे।


इसके बाद जुलाई 1964 में अमेरिका ने रेंजर 7 मिशन शुरू किया, जिसने पहली बार चंद्रमा की नजदीक से फोटो ली। रूस द्वारा जनवरी 1966 में शुरू किए गए लूना 9 मिशन ने पहली बार चंद्रमा की सतह को छुआ और इसके साथ ही पहली बार चंद्रमा की सतह से तस्वीर मिलीं। पांच महीने बाद मई 1966 में अमेरिका ने सफलतापूर्वक ऐसे ही एक मिशन सर्वेयर-1 को अंजाम दिया। अपोलो 11 अभियान एक लैंडमार्क मिशन था, जिसके जरिए इंसान के पहले कदम चांद पर पड़े। तीन सदस्यों वाले इस अभियान दल की अगुवाई नील आर्मस्ट्रांग ने की। वर्ष 1958 से 1979 तक केवल अमेरिका और यूएसएसआर ने ही चंद्र मिशन शुरू किए। इन 21 वर्षों में दोनों देशों ने 90 अभियान शुरू किए। इसके बाद जपान, यूरोपीय संघ, चीन, भारत और इस्राइल ने भी इस क्षेत्र में कदम रखा।


डीएम को अपशब्द, धमकी भरे मैसेज

शिवाकांत अवस्थी
रायबरेली। एक मामले को लेकर निस्तारण न होने के कारण से एक युवक लगातार जिलाधिकारी नेहा शर्मा के सीयूजी नंबर पर अपशब्द भरे मैसेज व फोन पर धमकी भरी बातें करने वाले युवक को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच बाद पता चला कि, युवक मानसिक रूप से बीमार चल रहा है जिसका इलाज भी चल रहा है।
आपको बता दें कि, जानकारी के मुताबिक पूरा मामला इस प्रकार है। मनोज कुमार निवासी केसरुवा थाना गुरबक्शगंज कई दिनों से जिलाधकारी नेहा शर्मा के सरकारी नंबर पर बार-बार फोन कर गलत तरीके से बात व मैसेज भेज कर धमकाने जैसी बात कर रहा था। जिसे जिलाधिकारी नेहा शर्मा द्वारा दफ्तर बुलाया गया था। दफ्तर पहुंचने पर उस युवक द्वारा अपनी बात कुछ अलग अंदाज में करने लगा। यही नहीं उसने अधिकारियों को भी रौब में लेने की कोशिश किया। जिसके चलते जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर आनन-फानन पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस की जांच में युवक मानसिक रूप से बीमार निकला। जिला अधिकारी नेहा शर्मा द्वारा तत्काल युवक को उचित उपचार के लिए कड़े निर्देश दिए गए है।


नकली नोट छापने वाले पांच गिरफ्तार

नई दिल्ली। आगरा में एसटीएफ ने शहीद नगर एकता पार्क से स्कैनर और प्रिंटर की मदद से स्टांप पेपर पर 100-100 के जाली नोट छापने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार किया है। ये लोग जाली करेंसी को शराब के ठेकों पर चलाते थे। पिछले डेढ़ साल से यह गोरखधंधा चल रहा था। गिरोह के पास से 100-100 के नकली नोट की 3.5 गड्डी (35000 रुपये), लैपटॉप, स्कैनर, प्रिंटर, मोबाइल बरामद किए गए हैं। नकली नोटों का यह कारखाना सदर बाजार के शहीद नगर की एकता कॉलोनी में चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी कृष्णापुरी, कहरई मोड़, शमसाबाद रोड के शिवम तोमर और ओमकार झा, नया बांस रोड, शमसाबाद का अवधेश सविता, धिमश्री शमसाबाद का सुनील, मियांपुर ताजगंज का लाखन हैं। इन्होंने एकता कॉलोनी में मकान किराए पर ले रखा था।  ये शातिर 10 रुपये के स्टांप पेपर की कटिंग करके तीन नोट बनाते थे। इन पर बड़ी सफाई से सिल्वर थ्रेड लगाते थे।


मोईन के शतक ने सेमीफाइनल में पहुंचाया

होव। इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली ने वाइटलिटी ब्लास्ट टी-20 टूर्नामेंट के तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बल्ले से धमाका कर अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। शुक्रवार को ससेक्स और वार्सेस्टरशर के बीच खेले गए मुकाबले में उन्होंने 60 गेंद पर नाबाद 121 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने  8 चौके और 11 गगनचुंबी छक्के जड़ दिए। मैच में वार्सेस्टरशर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। फिलिफ साल्ट (72) और ल्युक राइट(28) ने ससेक्स के लिए शानदार अंदाज में पारी की शुरुआत करते हुए  8.5 ओवर में 84 रन जोड़ दिए। इसके बाद ल्युक राइट 28 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। राइट के आउट होने के बाद लौरी इवांस ने साल्ट के साथ मिलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। लेकिन इसके बाद साल्ट 40 गेंद में 72 रन बनाकर आउट हो गए। 10.3 ओवर में 108 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद इवान्स एक छोर थामे रहे और दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। ऐसे में ससेक्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 184 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इवांस 31 गेंद में 43 रन बनाकर नाबाद रहे।


इसके बाद जीत के लिए 185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वार्सेस्टरशर पहले ओवर की तीसरी गेंद पर जो लीच का विकेट गंवा दिया। वो केवल 1 रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने मोईन अली उतरे। उन्होंने रिकी वेसल्स के साथ मोर्चा संभालकर मैदान में चौकों छक्कों की बारिश कर दी। दूसरे विकेट के लिए वेसल्स और मोईन अली के बीच 177 रन की साझेदारी हुई। जीत से ठीक पहले वो आउट हो गए और मोईन अली ने एक गेंद बाद ही जीत की औपचारिकता पूरी कर दी। अली ने विरोधी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और 14 गेंद और 8 विकेट शेष रहते अपनी टीम को सेमीफाइनल में जगह दिला दी। अपनी 121 रन की पारी में से 98 रन उन्होंने चौकों और छक्कों की मदद से बनाए।


इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...