रविवार, 25 अगस्त 2019

देवबंद:दारुल उलूम पुस्तकालय पर संकट

गुरजोत सेठी। 
देवबंद। बजरंग दल के प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने कहा कि दारूल उलूम में विशाल पुस्तकालय असंवैधानिक तरीके से बनाया बनाया गया है, क्योंकि दारूल उलूम द्वारा पुस्तकालय बनाने से पूर्व प्रशासन से कोई स्वीकृति नहीं ली गई। शनिवार को विकास त्यागी ने जारी बयान में कहा कि पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर ने प्रशासन को जो रिपोर्ट सौंपी है उसमें पुस्तकालय के विशाल भवन को मानकों के विपरीत बनाना बताया है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय की छत पर हैलीपैड बनाने की भी योजना है, लेकिन संस्था द्वारा शासन प्रशासन को गुमराह किया जा रहा है। प्रांत संयोजक ने शासन प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस संबंध में नोटिस जारी न किया जाए, क्योंकि नोटिस का जवाब यह गुमराह करने वाला ही देंगे। बल्कि पुस्तकालय को ढहाए जाने के आदेश पारित किए जाएं, क्योंकि जिस स्थान पर पुस्तकालय बनाया जा रहा है वह भूमि दारूल उलूम की नहीं है। वहीं, दारूल उलूम के जिम्मेदारों का कहना है कि पुस्तकालय वाली जगह संस्था की है। उन्होंने प्रशासन से दारूल उलूम की भूमि, भवन व इमारतों की स्वीकृति व मानचित्रों की जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में वह जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराएंगे। डीएम आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग की रिपोर्ट के बाद दारूल उलूम से जवाब मांगा जाएगा।


प्रधानमंत्री को जान से मारने की धमकी

नई दिल्ली। पाकिस्तान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मारने की धमकी मिली है। चांदनी चौक जिले के भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष राजन धीमान के मोबाइल पर किसी ने व्हाट्सएप कॉल व मैसेज कर धमकी दी। मैसेज में लिखा है कि जल्द ही पीएम मोदी पर बड़ा हमला होगा। राजन ने मामले की सूचना सराय रोहिल्ला थाना पुलिस को दे दी। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल समेत तमाम खुफिया एजेंसियां इसकी जांच कर रही है।


पुलिस के मुताबिक, राजन धीमान चांदनी चौक जिले से भाजपा के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। राजन की पत्नी शास्त्री नगर से भाजपा की निगम पार्षद के अलावा सदर-पहाड़गंज जोन की चेयरमैन भी रह चुकी हैं। पुलिस को दी शिकायत में राजन ने बताया कि बुधवार दोपहर वह अपने दफ्तर में थे।इस बीच उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप मैसेज आया। उन्होंने मैसेज नहीं देखा तो वीडियो और ऑडियो कॉल आने लगी। व्यस्त होने के कारण राजन ने उस नंबर पर कुछ देर में बात करने के लिए लिख दिया। इसके बाद लगातार  कॉल आती रही। कुछ देर बाद उन्होंने मोबाइल पर व्हाट्सएप मैसेज देखा तो उनके होश उड़ गए।


मैसेज में प्रधानमंत्री मोदी को मारने और उन पर बड़ा हमला करने की बात लिखी थी। इसके बाद कई मैसेज आए, जिनमें लिखा था कि जम्मू कश्मीर और खालिस्तान को जल्द आजाद कर दो। इसके अलावा भारत के छह टुकड़े होने की बात भी लिखी थी। मैसेज भेजने वाले ने अपने फोन नंबर स्टेट्स पर पाकिस्तान नॉर्दन लाइफ इंफेंट्री आर्मी लिखा हुआ था। स्टेट्स पर एके-47 की फोटो भी अपलोड थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में नंबर को पाकिस्तान का बताया जा रहा है।


अब मुरली मनोहर जोशी की बिगड़ी तबीयत

कानपुर। भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर मुरली मनोहर जोशी की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।दरअसल भाजपा में पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज व पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन से भाजपा में गम का माहौल है। ऐसे में मुरली मनोहर का तबीयत का खराब होना बीजेपी के लिए बुरी खबर है।


मुरली मनोहर जोशी 85 साल के हैं। वे किसी काम के सिलसिले में कानपुर गए थे। जहां उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। भाजपा के संस्थापक सदस्यों और अध्यक्ष रह चुके डॉक्टर मुरली मनोहर जोशी पार्टी के सबसे वरिष्ठ और कद्दावर नेता है। 2019 लोकसभा चुनाव में उन्हें पार्टी की ओर से टिकट नहीं दिया गया था। मुरली मनोहर जोशी भाजपा के मार्गदर्शक मंडल में शामिल हैं। उनकी तबीयत किस वजह से बिगड़ी है इसके बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है।


फ्रांस:इवेंट पूर्ण करने वाले पहले भारतीय

फ्रांस की सबसे पुराने साइकिलिंग इवेंट को पूरा करने वाले पहले भारतीय सर्विंग जनरल बने अनिल पुरी


पेरिस। लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी फ्रांस की सबसे पुराने साइकिलिंग इवेंट को पूरा करने वाले भारतीय सेना के पहले जनरल बन गए हैं, जिन्होंने पद पर रहते हुए इस इवेंट में हिस्सा लिया है। इस इवेंट में उन्होंने 1,200 किलोमीटर के पेरिस-ब्रेस्ट-पेरिस सर्किट को पूरा किया। 56 साल के अधिकारी ने बिना नींद लिए लगातार 90 घंटे तक साइकिल चलाकर 23 अगस्त को यह सर्किट पूरा किया।रेस पेरिस के उपनगर रामबॉलेट से शुरूहुई और फ्रांस के ब्रेस्ट मिलेट्री पोर्ट पर समाप्त हुई। साल 1931 में शुरू हुए इस इवेंट में अब तक 31 हजार 125 साइकिल सवार हिस्सा ले चुके हैं। इस इवेंट में 60 देशों के कुल 6,500 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया था। भारत से इस इवेंट में शामिल हुए 367 प्रतिभागियों में से महज 80 ही सफलतापूर्वक इसे पूरा कर सके।


यह सर्किट काफी मुश्किल भरा होता है। इसमें प्रतिभागियों को चार दिनों तक बिना सोए करीब 31 हजार फीट की ऊंचाई पर चढ़ना होता है, जो माउंट एवरेस्ट को फतह करने के बराबर है। लेफ्टिनेंट पुरी ने कहा कि यह बहुत ही रोमांचक अनुभव था। इंसानी दिमाग बहुत ही खूबसूरत मशीन है, जिसे उत्साहित बनाए रखने की जरूरत होती है। यह उत्साह बदलाव से आता है।पुरी ने कहा कि अपने दिमाग को उत्तेजित रखने के लिए हर तीन से पांच साल में हमें अपने शौक को बदलते रहना चाहिए। इस इवेंट का अनुभव विनम्र था क्योंकि यह आपको सिखाता है कि प्रकृति पर कभी विजय प्राप्त नहीं की जा सकती है। प्रतिभागियों को चरम मौसमी परिस्थिति का सामना करना होता है।


वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत काफी मजबूत

नई दिल्ली। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ एंटीगा में चल रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने दूसरी पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 185 रन  बना लिए हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली 51 और अजिंक्य रहाणे 53 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं। टीम इंडिया को इस समय पहली पारी के आधार पर 260 रन की बढ़त मिल गई है। हालांकि दूसरी पारी में भी भारत की शुरुआत काफी निराशजनक रही थी।


टी ब्रेक तक भारत ने 98 रन पर तीन विकेट मयंक अग्रवाल (16), राहुल (38), पुजारा (25) गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद कोहली और रहाणे ने मोर्चा संभालते हुए मजबूत बढ़त हासिल कर ली है। कोहली और रहाणे के बीच 104 रन की साझेदारी हो गई है। वेस्टइंडीज के लिए रोस्टन ने 42 रन देकर दो विकेट चटकाए जबकि 1 विकेट कीमार रोच को मिला। इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने मेजबान कैरेबियाई टीम की पहली पारी को 222 रनों पर समेट दिया और पहली पारी के आधार पर भारत ने 75 रन की बढ़त हासिल कर ली थी।


विमान गिरा समुंद्र में ,बनाई वीडियो

नई दिल्ली। अमेरिका में हुए एक विमान हादसे की अनोखी घटना सामने आई है। दरअसल यहां एक विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर समुद्र में गिर गया। इस विमान के पायलट ने तभी विमान की विंग पर खड़े होकर इसका वीडियो बनाया। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ये घटना अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया की है। यहां तटीय क्षेत्र हॉफ मून बे में एक छोटा एयरक्राफ्ट बीई-36 दुर्घटनाग्रस्त होकर समुद्र में गिर गया था। विमान में पायलट डेविड लेश और उनकी एक दोस्त कायला सवार थीं। हालांकि ये दोनों हादसे में बच गए। जानकारी के मुताबिक विमान के गिरने से पहले दोनों समुद्र में कूद गए थे। इन्हें करीब 30 मिनट बाद कोस्टगार्ड के अधिकारियों ने हेलिकॉप्टर की मदद से बाहर निकाला।


जम्‍मू-कश्मीर:कई स्थानों पर हालात सामान्य

नई दिल्ली। कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में पाबंदियां हटा ली गईं। हालात नियंत्रण में देख प्रशासन ने पाबंदियां हटा ली हैं। घाटी में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भी दावा किया है कि कश्मीर में हालात सामान्य हो रहे हैं। फोन, मोबाइल और इंटरनेट पर फिलहाल पाबंदियां हैं, जिन्हें सरकार जल्द हटाएगी। जम्मू कश्मीर सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दिन के वक्त घाटी के 69 और जम्मू के 81 थाना क्षेत्रों में कोई प्रतिबंध नहीं है। सरकार का दावा है कि 17 अगस्त से घटनाओं में लगातार गिरावट आई है। जम्मू कश्मीर में जिन इलाकों में सुरक्षा में ढील दी गई है वहां फोन सेवा तेजी से बहाल की जा रही है। इस हफ्ते के अंत तक 8 नए एक्सचेंज के साथ-साथ 5300 फोन कनेक्शन बहाल किए जाने की संभावना है।


राजनाथ के कार्यक्रम निरस्त,पहुंचे दिल्ली

लखनऊ। पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन के बाद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के शनिवार और रविवार को होने वाले सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिये हैं। बीजेपी महानगर महामंत्री पुष्कर शुक्ला ने बताया कि राजनाथ सिंह दिल्ली के लिये रवाना हो गए। राजनाथ सिंह 23 अगस्त से तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ में थे। शनिवार सुबह राजनाथ सिंह लखनऊ पूर्व विधानसभा के सुग्गामऊ गांव में जन समागम कार्यक्रम में शामिल हुए थे। शाम को उन्हें सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई में कार्यकर्ता सम्मेलन में भी शिरकत करना था। 
 
पूर्व वित्त मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता अरुण जेटली का शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे निधन हो गया। अरुण जेटली बीते कई दिनों से नई दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें एम्स में लाइफ सपोर्ट पर कई दिनों तक रखा गया था। कुछ दिन पहले ही अरुण जेटली की तबीयत जानने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली के  मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आदि ने एम्स में पहुंच कर उनका हाल जाना था। बता दें कि अरुण जेटली 9 अगस्त से एम्स में भर्ती थे।
 गौरतलब है कि मई 2018 में जेटली का अमेरिका में किडनी प्रत्यारोपण हुआ था। इसके बाद जेटली के बाएं पैर में सॉफ्ट टिशू कैंसर हो गया था, जिसके इलाज के लिए वह इसी साल अमेरिका भी गए थे। लोकसभा चुनाव में भाग न लेने और मंत्रालय का प्रभार छोड़ने के पीछे तबीयत ही वजह रही।


सरकारो का नहीं संस्कारों का संबंध:मोदी

बहरीन में पीएम मोदी बोले- हमारा संबंध सरकारों का नहीं संस्कारों का


बहरीन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपनी तीन देशों की यात्रा के तहत यूएई से बहरीन पहुंचे। यहां पर पीएम मोदी का भव्‍य स्‍वागत किया गया। मोदी-मोदी के नारे लगे। बहरीन के नेशनल स्टेडियम में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें लग रहा है कि वे भारत के ही किसी हिस्‍से में हैं। यहां आने में किसी भारतीय प्रधानमंत्री को ज्यादा ही समय लगा है। हालांकि उन्होंने कहा कि पहली बार बहरीन की यात्रा करने का सौभाग्य मुझे मिला है।पीएम मोदी ने कहा कि भले ही उनकी यात्रा प्रधानमंत्री के तौर पर है, लेकिन उनका उद्देशय वहां बसे भारतीयों से मिलना है। उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास पांच हजार साल पुराने रिश्तों को 21वीं सदी की ताजगी और आधुनिकता की तरफ ले जाना है। भारत के विकास में आपका योगदान प्रशंसनीय है। आपकी मेहनत भारत में रह रहे अपनों के भी काम आ रही है। बहरीन से हमारे संबेध व्यापार और कारोबार के तो रहे हैं। इससे बढ़कर मानवीयता, संवेदनाओं, संस्कृति और मूल्यों के रहे हैं।


उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि बहरीन में भी शीघ्र ही रूपे कार्ड से आप लेनदेन कर पाएंगे। आज यहां पर रूपे कार्ड के इस्तेमल के लिए एमओयू साइन किया गया है। हमारा इरादा है कि रूपे कार्ड के जरिये आपको भारत में अपने घर पैसे भेजने की सुविधा मिले। अब आप बहरीन कह सकेंगे कि - पे विद रूपे ।"पीएम मोदी ने बहरीन में बसे भारतीयों को कहा कि वे बहरीन वासियों को भारत आने का न्यौता दें।


पीएम मोदी ने पूर्व वित्त मंत्री के निधन पर भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह एक गहरा दुख दिल में दबाकर बोल रहे हैं। पीएम मोदी ने अरुण जेटली को श्रद्धांजलि दी। मोदी ने रूंधे गले से कहा कि एक तरफ मैं कर्तव्य से बंधा हुआ हूं और दूसरी तरफ भावना से।


लापरवाही का खामियाजा भुगत रही जनता

लखनादौन। जबलपुर से सिवनी होकर नागपुर जाने वाले मार्ग में अनेक स्थानों पर सड़क चलने योग्य भी नहीं रह गई है। आलम यह है कि सड़क के कई टुकड़ों में वाहन रेंगते हुए चल रहे हैं। लखनादौन और जबलपुर के बीच बन रही फोरलेन सड़क पर ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा वाहन चालकों को भोगने पर मजबूर होना पड़ रहा है।लखनादौन से जबलपुर तक फोरलेन सड़क बना रही एलएंडटी कंपनी की लापरवाही का खामियाजा यात्रियों व वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। तेज बारिश के कारण बंजारी घाटी के नजदीक हाइवे में निर्माणाधीन सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। हाइवे से निकलने वाले वाहन इस कीचड़ युक्त सड़क में फस रहे हैं जिससे हाइवे में कई घंटों जाम लग रहा है। ब्रहस्पतिवा की रात 10 बजे जबलपुर जिले की सीमा में बंजारी घाटी के नजदीक एक ट्रक के फंसने से यातायात थम गया। वनवे से कुछ वाहन मशक्कत के बाद निकल सके। दोनो ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर रात धूमा व बरगी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हाइवे में फसे ट्रक को हटाने की कोशिश शुरू की। इसके बाद शुक्रवार सुबह तक वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।


एनएचएआई की देखरेख में लखनादौन से जबलपुर तक 80 किलो मीटर फोरलेन सड़क निर्माण का ठेका एलएंडटी कंपनी को 742 करोड़ में दिया गया है। लखनादौन से धूमा तक सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। हालांकि अभी भी कई हिस्सों में सड़क अधूरी है जबकि धूमा से जबलपुर तक घाटी व उसके आसपास के हिस्से में सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है।सड़क निर्माण के लिए कंपनी ने बंजारी के नजदीक घाटी हिस्से में पहाड़ों के बड़े हिस्से को काट दिया है। इसे सुरक्षित नहीं किया गया है। बारिश के साथ पहाड़ी हिस्से से मलबा हाइवे में गिर रहा है। वही घाटी में कई पेड़ भी सड़क किनारे झूल रहे हैं जो कभी भी हाइवे में गिरकर दुुर्घटना का कारण बन सकते हैं। जाम के कारण धूमा से बरगी के बीच बंजारी घाटी के आगे हाइवे में जाम होने के कारण वाहनों को करीब 150 किलो मीटर का चक्कर लगाकर सिवनी पहुंचने के लिए मजबूर होना पड़ा। वहीं सिवनी से जबलपुर जा रहे वाहन भी 100 किलो मीटर का चक्कर लगाकर जबलपुर पहुंच सके। यात्री बसों, एंबुलेंस, दूध, अखबार सहित अन्य वाहनों को चरगवां से नागनदेवरी होते हुए वाहन धूमा और सिवनी पहुंचे।


वहीं इसी मार्ग से जबलपुर जाने वाले वाहनों को निकाला गया। धूमा थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया सहित पुलिस बल ने हाइवे में फसे ट्रक को कई घंटों की मशक्कत के बाद देर रात सड़क से हटाया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। हालांकि तेज बारिश के कारण दलदल व कीचड़ में तब्दील हो चुकी सड़क से वाहनों को निकालने मे मुश्किलें हुई। बंजारी घाटी के आगे ट्रक वाहन के हाइवे में फसने के कारण गुरुवार रात लखनादौन जबलपुर हाइवे में जाम लगा था। हालांकि एक तरफ से वाहनों की आवाजाही होती रही। देर रात हाइवे में फंसे ट्रक सड़क से हटाकर जाम खोल दिया गया है। निर्माणाधीन सड़क में दलदल व कीचड़ होने के कारण वाहनों को आवाजाही में मुश्किल हो रही है।


देवकरण डेहरिया


रेलवे में रखे पार्सलो की हर महीने नीलामी

बिलासपुर। रेलवे प्रशासन द्वारा पार्सल आफिस में रखे हुए ऐसे पार्सल सामान जिन्हें नियत समय तक संबंधितों द्वारा आहरित नहीं की गई। ऐसे उपयोगी सामानों की खुली नीलामी प्रत्येक माह की जा रही है। इसी संदर्भ में सामानों की अगली खुली नीलामी दिनांक 26 अगस्त 2019 सोमवार को प्रातः 10 बजे से बिलासपुर स्टेशन के पार्सल आफिस में किया जाएगा। नीलामी की जाने वाली सामानों में पुरानी सायकल, जूते, ड्रेस मटेरियल, मोबाइल एडाप्टर व कवर, कूकर, लेडिस चप्पल, सुटकेस व बैग, ट्राली बैग, वायर के साथ वेल्डिंग मशीन जैसे 26 प्रकार के उपयोगी सामान शामिल है। इच्छुक कोई भी व्यक्ति इस खुली नीलामी में भाग ले सकते हैं। रेलवे प्रशासन इच्छुक व्यक्तियों से आग्रह करता है कि वे इस खुली नीलामी में भाग लेने हेतु निश्चित परिचय-पत्र (आईडी) के साथ दिनांक 26 अगस्त 2019 सोमवार को प्रातः 09.30 बजे तक बिलासपुर स्टेशन के पार्सल आफिस में उपस्थित होवें।


पूर्व बिहार मुख्यमंत्री को श्रद्धा सुमन अर्पित

गाजियाबाद-साहिबाबाद।समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री-मंडल कमिशन के अध्यक्ष स्वर्गीय विन्देश्वरि प्रसाद मंडल जी की 101वी जयंती पूर्व जिलाध्यक्ष पं सुरेन्द्र कुमार मुन्नी जी,पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी जी के नेतृत्व मे उनके तैल चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर मनाया गया।
वक्ताओ ने उनकी जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सपा साहिबाबाद मनमोहन झा गामा ने कहा की बिहार की पावन भूमि धन्य है मधेपुरा की धरती पर इनका जन्म हुआ और अपने छात्र जीवन से ही कमजोर लोगो की आवाज बन कर संघर्ष करते रहे।उनका जीवन समाज के पिछड़े,दलित ,व आर्थिक रुप से कमजोर लोगो को समर्पित रहा। आज वही भाजपा की सरकार प्रदेश और देश मे है जिन्होने पूर्व प्रधानमंत्री वी पी सिंह जी द्वारा जब 1990मे मंडल कमिशन लागू किया तो ,आडवाणी जी ने समर्थन वापस लेने का बहाना ढुनडा रथ यात्रा निकाला और जब बिहार के समस्तीपुर मे लालू प्रसाद यादव जी ने आडवाणी जी को माहौल खराब करने के कारण शान्ति भंग की धारा मे गिरफ्तार करना पडा और भाजपा ने सरकार गिरा दी।
हम भारत के नौजवानो को भाजपा के विचारो को समझना होगा,भाजपा समाज मे एकता का विरोधी,दलित पिछड़ो का सदैव विरोधी रही है।
श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालो मे मुख्य रुप से रमेश प्रजापति,मनमोहन झा,गामा,जब्बार मलिक,शिवचरण चौहान,साबीर चौधरी,अजय कुमार,मोनू सैफी,संतोष यादव, उम्मेद पहलवान,जीतू शर्मा,राजदेवी चौधरी, रश्मि चौधरी,मनोज पंडित,पुष्पैन्द्र चौधरी,चेतन यादव,रमेश यादव आशू अब्बासी,रोहिल युवा,राहुल रावत,आदेश शर्मा आदि लोग उपस्थिति थे।


जब्बार मलिक


'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन   मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला रैली कौशाम्बी। एन डी कान...