बिहार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बिहार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 25 जून 2021

बस और ट्रक की टक्कर लगने से 4 लोगों की मौंत

अविनाश श्रीवास्तव           
मुजफ्फरपुर। मीनापुर थाना के पानापुर ओपी क्षेत्र के नरियार में शुक्रवार को अल सुबह एक बस और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। घटना में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, करीब 15 लोग घायल हैं। जिसमें से कई लोगों की हालत गंभीर है। मोतिहारी के ढाका से बारात से लौटन के दौरान हादसा हुआ है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह एक बस में कुछ लोग मोतिहारी के ढाका से लौट रहे थे। वहां वे शादी में बाराती बनकर शामिल होने के लिए गए थे।वहां से लौटने के क्रम में शुक्रवार की अल सुबह मीनापुर थाना के पानापुर ओपी के नरियार में बस पंचर हो गई।

मंगलवार, 22 जून 2021

बिहार: निजी दौरे पर दिल्ली जाएंगें सीएम नीतीश

अविनाश श्रीवास्तव            

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार निजी दौरे पर मंगलवार को दिल्ली जाएंगे। कुमार के मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एसएलबीसी की बैठक के बाद और दोपहर दो बजे मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद दिल्ली के लिए रवाना होने की संभावना है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से हालांकि उनके दिल्ली जाने को लेकर कार्यक्रम के बारे में कोई सूचना साझा नहीं की गई पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह से सोमवार को इस बाबत पूछे जाने पर कहा था कि मुख्यमंत्री होने के नाते और व्यक्तिगत रूप से भी उनका दिल्ली जाने का कार्यक्रम बनता रहा है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार की अटकलों के बीच नीतीश की दिल्ली की यात्रा के बारे में पूछे जाने पर आरसीपी सिंह ने कहा था कि जब भी केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होगा तो राजग का हिस्सा होने के नाते जदयू की इसमें भागीदारी होगी। वहीं लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता और मुंगेर से सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार को लेकर दिल्ली की यात्रा के क्रम में नीतीश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने की चर्चा को अटकलें बताते हुए सोमवार की शाम को कहा था कि मुख्यमंत्री अपनी आंख के इलाज के लिए दिल्ली जा रहे हैं।



रविवार, 20 जून 2021

बारिश व तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट जारी

अविनाश श्रीवास्तव              
पटना। बिहार के उत्तर-पश्चिम जिलों में रविवार सुबह से बारिश हो रही है। इसकी वजह से प्रदेश की राजधानी के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या हो गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक पटना, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा और सहरसा में भारी बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए।
मौसम विभाग से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक झारखंड और उसके सटे भागों पर जो कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था, वह उत्तर पश्चिम दिशा की ओर आगे चलकर दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं उसके आस पास के क्षेत्रों पर सतह से 1.5 किलो मीटर उंचाई पर स्थित है। इस मौसमी सिस्टम के अगले दो दिनों तक इसी प्रकार बने रहने की संभावना है। इसका परिणाम यह हाेगा कि पूरे बिहार में मध्यम एवं एक- दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि समय पूर्व मानसून आने से पहले चरण में अच्छी वर्षा हो रही है। मानसून 12 जून को बिहार में प्रवेश कर गया था। एक जून से 11 जून तक  सामान्य वर्षा  हो रही थी। एक से 11 जून तक 37 मिलीमीटर बारिश हुई थी लेकिन एक जून से लेकर 19 जून तक बारिश सामान्य से 149 प्रतिशत अधिक है। यानी 12 से 19 जून के बीच अब तक 202 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। पटना में शनिवार की शाम तक 9.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को सुबह 8.30 बजे से लेकर शाम 5.30 बजे तक पटना में 9.8 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड किया गया। पटना के अलावा गया में 19 मिलीमीटर, नवादा में 45.5 मिलीमीटर,जमुई में 21.5 तथा मधुबनी में 6.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

गुरुवार, 17 जून 2021

बिहार में कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हुएं

अविनाश श्रीवास्तव            
पटना। बिहार में लगातार हो रही बारिश से कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। बिहार में आज भी बारिश से राहत नहीं मिलेगी और ज्यादातर इलाकों में लगातार बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश के भी कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली में भी बारिश की संभावना व्यक्त की है। हालांकि, दिल्ली को मॉनसून के लिए अभी एक सप्ताह का इंतजार करना पड़ सकता है। दिल्ली-एनसीआर में अगले दो घंटे में बारिश होगी। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, तो चलिए जानते हैं मौसम का हाल।

बिहार में जारी है बारिश...
बिहार में बीते कुछ दिनों से लागातर बारिश हो रही है और अब नदियों का जलस्तर भी बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो आज भी बिहार को बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। 18 जून तक राज्य के 11 जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और अन्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही लोगों को खुले स्थान मैदान, आम और लीची के बगानों में नहीं रहने की अपील जारी की गई है। यहां पर बिजली गिरने की आशंका है। रेड अलर्ट वाले जिलों में उत्तर पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज के अलावा दक्षिण मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय और लखीसराय शामिल है। यहां मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ अत्यधिक बारिश की आशंका है। इस वजह से लोगों से घर से कम निकलने की अपील की गई।

बुधवार, 16 जून 2021

बिहार में 3 दिनों तक भारी बारिश होने के आसार

अविनाश श्रीवास्तव                  
पटना। बिहार में गंडक नदी के तटवर्ती इलाकों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने के आसार हैं। भारी बारिश एवं वज्रपात के मद्देनजर मौसम विज्ञान केंद्र ने पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, सिवान एवं गोपालगंज के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य के शेष जिलों में भी फिलहाल अच्‍छी बारिश के आसार हैं। इन जिलों के लिए आरेंज एवं येलो अलर्ट जारी किया गया है। रेड अलर्ट जारी होने का मतलब काफी अधिक बारिश होना है। इससे बाढ़ जैसे हालात भी पैदा हो सकते हैं। जिन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी हुआ है, वहां पहले ही काफी बारिश होने से स्थिति बिगड़नी शुरू हो गई है। 
सीमावर्ती जिलों के गांवों में बाढ़ का पानी आने लगा है। वहीं, मंगलवार को भी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश रिकार्ड की गई।पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि वर्तमान में राज्य में मानसून मेहरबान है। प्रदेश के उत्तरी भाग से लेकर बंगाल की खाड़ी तक मानसून के अनुकूल वातावरण बना है। राजधानी में पिछले 36 घंटे में 43 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। वहीं, जून में अब तक राजधानी में 111.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सामान्यत: अब तक राजधानी में 57.8 मिमी बारिश होनी चाहिए। राज्य में सर्वाधिक बारिश पश्चिमी चंपारण में हुई है। वहां पर जून में 80 मिमी बारिश सामान्यत: होनी चाहिए, लेकिन अब तक 339 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। इसी तरह सिवान, गोपालगंज, सारण में भी सामान्य से बहुत ज्यादा बारिश हुई। 
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी झारखंड होते हुए उत्तर की ओर बढ़ रही है। नमीयुक्त हवा जब चंपारण के इलाके में आगे बढ़ती है तो हिमालय की तराई में रुकावट पैदा होता है, जिससे भारी बारिश होती है।

शनिवार, 12 जून 2021

जेडीयू को भी मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी मिलनी चाहिए

अविनाश श्रीवास्तव   
पटना। केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार और उसमें जनता दल यूनाइटेड के शामिल होने की अटकलों के बीच जेडीयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। जेडीयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा उन्होंने भी सुनी है। जेडीयू भी गठबंधन में शामिल है और एनडीए गठबंधन में शामिल होने के नाते जेडीयू को भी मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। आपको बता दें कि शुक्रवार से लगातार यह चर्चा तेज हो गई है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है। मोदी कैबिनेट में फेरबदल की खबरों के बीच ही यह खबर भी सामने आई कि जनता दल यूनाइटेड भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने वाला है। जेडीयू के से दो मंत्रियों को बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आरसीपी सिंह का यह ताजा बयान बेहद महत्वपूर्ण है।
गौरतलब हो कि सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि जल्द ही केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है। इसके लिए पीएम मोदी मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा भी कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की अटकलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ विचार-विमर्श किया। वर्ष 2019 में लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में कोई विस्तार नहीं किया है।

कोरोना की दूसरी लहर के दौरान अज्ञातवास पर रहने वाले जेडीयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने वापसी की है। आरसीपी सिंह कोरोना संक्रमण के दौरान राजनीतिक तौर पर सक्रिय नहीं थे। कोरोना की दूसरी लहर जब कमजोर पड़ी और संक्रमण के मामले कम हुए तो यह सवाल उठने लगा कि आखिर आरसीपी सिंह क्यों अज्ञातवास पर हैं। बिहार के राजनीतिक गलियारे में तरह-तरह की चर्चा भी तेज हो गई। लेकिन अब जेडीयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने वापसी कर ली है। वापसी के साथ उन्होंने पार्टी कार्यालय में बैठकों का सिलसिला भी शुरू कर दिया है। आरसीपी सिंह ने आज जनता दल यूनाइटेड कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पार्टी के अलग-अलग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस बैठक में पार्टी के कई पदाधिकारी भी शामिल हुए। इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी मौजूद थे। इसके पहले आरसीपी सिंह ने शुक्रवार को पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ की बैठक की थी और कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर से बचने के लिए टीकाकरण अभियान को रफ्तार देने का टास्क के जेडीयू के नेताओं को दिया था।

आरसीपी सिंह ने कहा था कि कोरोना की तीसरी लहर से केवल वैक्सीन ही बचा सकती है। ऐसे में पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ की तरफ से टास्क फोर्स बनाकर टीकाकरण अभियान को सौ फ़ीसदी कामयाब बनाने की जरूरत है। आपको याद दिला दें कि आरसीपी सिंह जब संक्रमण के दौरान सक्रिय नहीं थे। तब लगातार सोशल मीडिया समेत राजनीतिक गलियारे में यह चर्चा हो रही थी कि क्या उनके अज्ञातवास से जेडीयू में उपेंद्र कुशवाहा का कद बड़ा होता जा रहा है। हालांकि फर्स्ट बिहार ने आपको उस वक्त भी बताया था कि आरसीपी सिंह के नहीं रहने के बावजूद नीतीश कुमार और उनके बीच जो ट्यूनिंग है उस पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। तमाम चर्चाओं के बावजूद आरसीपी सिंह नीतीश कुमार की पसंद है और उनके सबसे ज्यादा करीबी भी हैं। अब आरसीपी सिंह ने दूसरी लहर कमजोर पड़ने के बाद राजनीतिक सक्रियता बढ़ाई है।

पानी भरे गड्ढे में डूबने से 5 बच्चों की दर्दनाक मौत

अविनाश श्रीवास्तव   
सहरसा। इस वक्त एक बड़ी खबर बिहार के सहरसा जिले से सामने आ रही है जहां पानी भरे गड्ढे में डूबने से 5 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई है। सभी बच्चों की उम्र 8 से 12 साल के बीच की है। मरने वाले सभी बच्चे अलग-अलग परिवार से आते हैं। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया है और इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि ईट भट्टा चिमनी के लिए गड्ढा खोदा गया था। सभी बच्चे उसी गड्ढे में नहाने के लिए गए हुए थे। नहाने के दौरान 5 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भारी संख्या में आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की मिली जानकारी के बाद सदर एसडीओ शंभुनाथ झा और सदर एसडीपीओ संतोष कुमार मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। मृतक बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

शुक्रवार, 11 जून 2021

लालू प्रसाद के 74वें जन्मदिन को समर्थकों ने मनाया

अविनाश श्रीवास्तव                  

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के आज 74 वें जन्मदिन को उनके समर्थकों ने सामाजिक न्याय सद्भावना दिवस के रूप में मनाया और रक्तदान शिविर का आयोजन किया। राजद के यहां बीर चंद पटेल पथ स्थित प्रदेश कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन राजद अध्यक्ष के बड़े पुत्र एवं विधायक तेज प्रताप यादव ने किया। इसके बाद बड़ी संख्या में युवा राजद के कार्यकर्ताओं ने कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए रक्तदान किया।

राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने बताया कि लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन को पार्टी सामाजिक न्याय सद्भावना दिवस के रूप में मना रही है। गरीबों की मुखर आवाज के रूप में लालू प्रसाद यादव की पहचान रही है। इसलिए उनके जन्मदिन पर राज्य के सभी जिलों, प्रखंडों, पंचायतों एवं गांव में गरीबों को भोजन कराया गया। उन्होंने कहा कि लालू रसोई के माध्यम से भी बड़ी संख्या में लोगों को भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कई स्थानों पर डिब्बाबंद भोजन की व्यवस्था की गई।

चितरंजन गगन ने बताया कि इसी तरह गरीब बच्चों के बीच कपड़ा, पठन-पाठन की सामग्री के साथ ही बिस्किट और दूध का भी वितरण किया गया। कई जगहों पर गरीब बच्चों के बीच उपहार भी बांटे गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्यसभा सांसद मीसा भारती के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं परिवार के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में लालू प्रसाद यादव यादव ने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। उल्लेखनीय है कि चारा घोटाले के मामले में दिसंबर 2017 में जेल जाने के बाद लगभग सवा 3 वर्ष पर पिछले माह लालू प्रसाद यादव यादव को जमानत मिली है और तभी से वह अपनी बड़ी पुत्री एवं राज्यसभा सांसद मीसा भारती के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

मंगलवार, 8 जून 2021

बिहार: लॉकडाउन को समाप्त करने की घोषणा की

अविनाश श्रीवास्तव                   
पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण के मामले में आई कमी को देखते हुए राज्य सरकार ने लॉकडाउन को समाप्त करने की घोषणा कर दी है। हालांकि शाम 7:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाने के आदेश जारी किए हैं।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके तुरंत बाद खुद सोशल नेटवर्किंग साइट पर ट्वीट कर लॉकडाउन समाप्त किए जाने की जानकारी दी। 
उन्होंने कहा, “लाॅकडाउन से कोरोना संक्रमण में कमी आई है। अतः लाॅकडाउन खत्म करते हुये शाम 7ः00 बजे से सुबह 5ः00 बजे तक रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा। 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ सरकारी एवं निजी कार्यालय 4ः00 बजे अपराह्न तक खुलेंगे। दुकान खुलने की अवधि 5ः00 बजे अपराह्न तक बढेंगी।बिहार के मुख्यमंत्री ने आगे ट्वीट कर कहा कि,”आनलाईन शिक्षण कार्य किये जा सकेंगे। निजी वाहन चलने की अनुमति रहेगी। यह व्यवस्था अगले एक सप्ताह तक रहेगी। उन्होंने कहा कि लोगों को अभी भी भीड़भाड़ से बचने की आवश्यकता है।

सोमवार, 31 मई 2021

लॉकडाउन को 8 जून तक बढ़ाने का निर्णय लिया

अविनाश श्रीवास्तव  
पटना। बिहार सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर राज्य में पहले से लागू लॉकडाउन की अवधि आठ जून तक के लिए बढा दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘‘कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन को एक सप्ताह अर्थात 8 जून, 2021 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। परन्तु व्यापार के लिए अतिरिक्त छूट दी जा रही है। सभी लोग मास्क पहनें और सामाजिक दूरी बनाए रखें।’’
राज्य में संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में चार मई को हुई आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में 05 से 15 मई तक लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 मई और फिर 31 मई तक कर दिया गया था। बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण रविवार को और 52 लोगों की मौत होने के साथ ही राज्य में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 5104 हो गयी है। प्रदेश में वर्तमान में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 18,377 है और अभी तक राज्य में कुल 7,05,648 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

रविवार, 30 मई 2021

जल्ल़ाद: सनकी पति ने पत्नी-बच्चों को जिंदा जलाया

अविनाश श्रीवास्तव                  
पटना। बिहार के बेगूसराय जिले के गढपुरा थाना क्षेत्र के गढहाडा में एक सनकी पति ने पत्नी और बच्चों को जिंदा जला दिया। इसमें दो की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना में 17 वर्षीय पुत्री आसमां खातून और 60 वर्षीय पत्नी सलेखा खातून की मौत हो गई। तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों की पहचान सालेखा खातून की 45 वर्षीय पुत्री सनीमा खातून, सनीमा खातून की 15 वर्षीय पुत्री यासमीन सहित 8 वर्षीय पुत्र मोहम्मद फारुख के रूप में की गई है। मो. मुख्तार ने इस घटना को अंजाम दिया है। घायल पीड़िता ने बताया कि पिछले 4 साल से घर में विवाद चल रहा था। विवाद के बाद पूरे परिवार को लेकर अपने मायके में रहकर गुजर-बसर कर रही थी। शनिवार की शाम भी पिता ने मोबाइल पर जान से मारने की धमकी दी थी। इस धमकी को उसके पिता ने हकीकत में बदल दिया। अपने भाई और भतीजा के साथ उसके पिता घर आए और दरवाजे को बाहर से बंद कर तेल छिडककर आग लगा दी। घर में बंद सभी चीखते-चिल्लाते रहे और इस दौरान मां और बहन की आग में झुलसकर मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। गढहरा थाने के पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है।

सोमवार, 24 मई 2021

1 जून तक लाॅकडाउन जारी रखने का निर्णय लिया

अविनाश श्रीवास्तव  
पटना। बिहार सरकार ने कोरोना वैश्विक महामारी को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को एक जून तक बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप (सीएमजी) की बैठक के तुरंत बाद खुद सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए 5 मई 2021 से तीन सप्ताह के लिए लाॅकडाउन लगाया गया था। आज फिर से सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की गई। नीतीश कुमार ने कहा कि लाॅकडाउन का अच्छा प्रभाव पड़ा है और कोरोना संक्रमण में कमी दिख रही है। इसलिए बिहार में 25 मई के आगे एक सप्ताह के लिए अर्थात 1 जून, 2021 तक लाॅकडाउन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

शुक्रवार, 21 मई 2021

लालू की दूसरी बेटी रोहिणी राजनीति में सक्रिय हुई

अविनाश श्रीवास्तव  

पटना। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती के बाद उनकी एक और पुत्री रोहिणी आचार्य बिहार की राजनीति में काफी सक्रियता दिखा रही हैं। हाल के दिनों में उन्‍होंने ट्विटर पर अपनी सक्रियता काफी बढ़ा दी है। ऐसे तो उनका यह अकाउंट वैसे तो नवंबर 2017 से है। लेकिन इस पर राजनीतिक सक्रियता पिछले कुछ महीनों से अधिक है। पहले पिता लालू प्रसाद की रिहाई के लिए ट्विटर पर रोजा रखने का ऐलान, फिर एक के बाद एक बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी पर ताबड़तोड़ हमले। स्पष्ट है कि रोहिणी के इस ट्वटिर हैंडल से ज्‍यादातर टिप्‍पणियां पूरी तरह राजनीतिक होती हैं। 'सुशील मोदी को थूर देंगे', हाल में ही रोहिणी का ट्विटर पर दिए गए इस बयान ने काफी सुर्खियां बटोरीं।

रोहिणी आचार्य का यह ट्विटर अकाउंट फिलहाल अनवेरिफाइड है। इस अकाउंट पर रोहिणी की जो प्रोफाइल तस्‍वीर लगी है, उसमें खुद के अलावा उन्‍होंने अपने पिता लालू यादव और छोटे भाई तेजस्‍वी यादव की तस्‍वीर लगा रखी है। उनकी प्रोफाइल तस्‍वीर के साथ जो बैज लगा है, उसमें 'युवा संकल्‍प, तेजस्‍वी विकल्‍प' लिखा हुआ है। यानी यह साफ है कि तेजस्वी यादव को आगे रखकर ही उनकी राजनीति आगे बढ़ने वाली है. सवाल यह है कि आखिर तेजस्वी के साथ उनकी पॉलिटिक्स किस रास्ते आगे बढ़ सकती है।
लालू परिवार के छठे सदस्य की राजनीति में होगी एंट्री!
बता दें कि लालू फैमिली में कई सदस्य पहले से राजनीति में बेहद सक्रिय हैं। स्वयं लालू प्रसाद यादव एवं पूर्व सीएम राबड़ी देवी के अलावा बड़ी बेटी मीसा भारती, बड़ा बेटा तेज प्रताप यादव और छोटा बेटा तेजस्वी यादव बिहार की सियासत को साध रहे हैं। अब लालू परिवार की छठी सदस्य भी राजनीति में आने को आतुर हैं। हालांकि, लालू परिवार में भी गाहे-बगाहे सियासी खटपट की बातें सामने आती रहती हैं। तेजप्रताप-तेजस्वी के बीच खींचतान के साथ ही मीसा भारती की महत्वाकांक्षा भी कई बार जाहिर हो चुकी है। अब रोहिणी कि ख्वाहिश के साथ राजनीति में एंट्री कर रही हैं, यह देखना दिलचस्प होगा। 
पहली बार राजनीतिक सुर्खियों में आईं रोहिणी।
रोहिणी के राजनीति में आने की चर्चा इसलिए भी तेज है, क्योंकि सबसे पहले उनका नाम खुलकर तब सामने आया था जब वर्ष 2016 में तेजस्वी यादव बिहार के डिप्टी सीएम थे। उसी दौर में तेजस्वी का नाम बेनामी संपत्ति मामले में सामने आया था। उस वक्त यह खबर भी सामने आई थी कि लालू परिवार तेजस्वी को हटाने पर विचार कर रहा है और उनकी जगह रोहिणी आचार्य को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसकी वजह यह भी थी कि तब मीसा भारती और उनके पति शैलेश कुमार का भी नाम इसी मामले में आया था। जाहिर है ऐसे में मीसा भारती के नाम की चर्चा हो भी नहीं सकती थी। लालू की रिहाई को रोजा रखने का ऐलान कर चर्चा में आईं।
हालांकि तब भी आधिकारिक तौर पर रोहिणी का नाम सामने नहीं आया था। इसके बाद नीतीश कुमार ने राजद का साथ छोड़ा और भाजपा के साथ सरकार बन गई। तब रोहिणी पर हो रही चर्चा भी वहीं थम गई। हाल में चारा घोटाले में जेल जाने के बाद से लालू यादव की बेटी रोहिणी ने अपनी सक्रियता ट्विटर पर दिखाई और अपने पिता लालू प्रसाद यादव की रिहाई के लिए आवाज बुलंद करती रहीं। सबसे अधिक चर्चा तब हुई जब उन्होंने पिता की रिहाई के लिए रोजा रखने का ऐलान किया। इसके बाद तो वह अक्सर बिहार से संबंधित हर मुद्दे पर अपनी राय रखती हैं।
डॉ रोहिणी आचार्य के निशाने पर अक्सर रहते हैं ये नेता
रोहिणी के ट्विटर अकाउंट को देखें तो उनके निशाने पर न सिर्फ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रहते हैं। गृहमंत्री अमित शाह के अलावा उन्होंने सुशील मोदी पर भी बेहद तीखी टिप्पणियां की हैं। बक्‍सर में गंगा में मिलीं लाशों को लेकर एक्‍ट्रेस कंगना रानौत को भी उन्होंने आंख की अंधी और दिमाग के पैदल बताया था। विशेष तौर पर नजर देने की बात यह भी है कि लालू की बड़ी बेटी व राज्‍यसभा सांसद मीसा भारती उतनी सक्रिय नहीं दिख रही हैं और न ही उनका ट्विटर अकाउंट ही ज्यादा एक्टिव है।

गुरुवार, 20 मई 2021

बिहार: ग्राम पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग

अविनाश श्रीवास्तव   
पटना। बिहार में कोरोना महामारी के बीच पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं दिख रहा है। अगले महीने 15 जून को पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। ऐसे में नीतीश सरकार 15 जून के बाद पंचायतों के संचालन की जिम्मेदारी अफसरों को देने की तैयारी कर रही है। लेकिन बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसका विरोध किया है। तेजस्वी ने 15 जून के बाद भी पंचायतों के संचालन की जिम्मेदारी मौजूदा निर्वाचित प्रतिनिधियों को देने की वकालत की है। तेजस्वी ने कहा है कि अगर निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों की जगह प्रशासनिक अधिकारी पंचायतों का जिम्मा सम्भालेंगे तो भ्रष्टाचार और तानाशाही बढ़ेगी। 
गुरूवार को बिहार के नेता प्रतिवाक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा कि "सरकार से माँग है कि कोरोना महामारी के आलोक में पंचायत चुनाव स्थगित होने के कारण आगामी चुनाव तक त्रिस्तरीय पंचायती प्रतिनिधियों का वैकल्पिक तौर पर कार्यकाल विस्तारित किया जाए, जिससे की पंचायत स्तर पर कोरोना प्रबंधन के साथ-साथ विकास कार्यों का बेहतर समन्वय के साथ क्रियान्वयन हो सके।" उन्होंने आगे लिखा कि "पंचायत लोकतंत्र की बुनियादी इकाई है। अगर निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों की जगह प्रशासनिक अधिकारी पंचायतों का जिम्मा सम्भालेंगे तो यह भ्रष्टाचार व तानाशाही बढ़ाएगा। अब गॉंव स्तर पर भी सरकारी अफ़सर फाइल देखने लगेंगे तो गरीब की सुनवाई नहीं होगी। लोकतंत्र के लिए चुने हुए लोग जरुरी हैं। "नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा की "बिहार पहले से ही नीतीश सरकार की तानशाही और लोकतंत्र की हत्या से परेशान है। अब कम से कम पंचायत और वार्ड स्तर पर तो इस अलोकतांत्रिक रवैये, तानाशाही और संगठित भ्रष्टाचार को फैलाने से परहेज़ किजीए।" गौरतलब हो कि मौजूदा जन प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाने को लेकर बिहार के राजनीतिक दलों का अलग-अलग मत है। भाजपा, जेडीयू और हम के बीच भी इस मुद्दे पर आपसी मतभेद है।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को पूूरा पांच साल काम करने का मौका मिला है। उन्होंने अपना काम पूरा कर लिया होगा। अगर कुछ बच गया है तो उसे सरकार अपने स्तर से पूरा कर लेगी। उधर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि हम सबके सामने कोरोना से निबटने की बड़ी चुनौती है। पंचायतों का कार्यकाल 15 जून तक है। समय आने पर राज्य सरकार उचित निर्णय लेगी। जबकि सत्तारूढ़ हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा का रुख थोड़ा अलग है। वह कार्यकाल में विस्तार के पक्ष में है।


पिटाई के बाद मुंडन, काला मुंह कर गांव में घुमाया

अविनाश श्रीवास्तव   
समस्तीपुर। लोगों ने कानून को हाथ में लेकर प्रेमी युगल को सजा दी। ग्रामीणों ने दोनों के पेड़ में बांध दिया फिर शुरू हुआ बेरहम भीड़ इंसाफ। ग्रामीणों ने प्रेमी के चेहरे पर कालिख और चुना लगाने के बाद उसका मुंडन कराया। इस दौरान कई ग्रामीणों ने प्रेमी-युगल की पिटाई भी की।
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक गांव की एक महिला को लेकर फरार हो गया था जिसकी सूचना पर ग्रामीणों ने उसकी काफी खोजबीन की। तब दोनों को दूसरे गांव से पकड़ा गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने उनकी जमकर पिटाई की। दोनों को पेड़ में बांध दिया गया। प्रेमी के चेहरे पर कालिख और चुना लगाया दिया गया। इससे भी नहीं मन भरा तब प्रेमी का सिर मुंडन करा दिया। इस पूरी घटना के दौरान किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना के संबंध में पूछे जाने पर बिथान थाने की पुलिस ने अपनी अनभिज्ञता जाहिर की। पुलिस ने कहा कि यदि पीड़ित युवक के द्वारा लिखित शिकायत की जाती है तो मामले की जांच की जाएगी और दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार, 19 मई 2021

बिहार: कोरोना से 600 से अधिक शिक्षकों की मौत

अविनाश श्रीवास्तव   
पटना। कोरोना संक्रमण से आये दिन किसी ना किसी शिक्षक की मौत हो रही है। पटना जिले की बात करें तो अभी तक 35 शिक्षकों की मौत कोरोना से हो चुकी है। यह स्थिति सूबे के सभी 38 जिलों की है। सभी जिलों में कोरोना से मरने वाले शिक्षकों की संख्या 600  से अधिक है।पटना जिला शिक्षा कार्यालय के अलावा कई जिला शिक्षा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक छह सौ से अधिक शिक्षक कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। 
वहीं, कई शिक्षक अभी भी कोरोना संक्रमित होकर हास्पीटल में गंभीर स्थिति में हैं। ज्यादातर शिक्षकों का परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। शिक्षक तो दुनिया से चले गये, लेकिन इनके परिवार की स्थिति बहुत ही दयनीय है। कई शिक्षक का तो पूरा का पूरा परिवार ही कोरोना की चपेट में अब भी है। इनके पास इलाज के लिए पैसे नहीं हैं। 
जमीन गिरवी रख कर करवाया इलाज 

प्राथमिक विद्यालय चरिहानी गौनाहा पश्चिम चंपारण के शिक्षक मृत्युंजय पांडेय की मृत्यु कोरोना से हो गयी है। उनकी पत्नी पूनम देवी ने बताया कि जमीन गिरवी रख कर इलाज करवा रहे थे। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय बुढ़नीचक बाढ़ में सहायक शिक्षक राजकुमार राय की मृत्यु 21 अप्रैल को कोरोना से हो गई। पत्नी शारदा ने बताया कि 15 दिन हास्पीटल में भरती रखा। 80 हजार खर्च हुआ। शादी का जेवर गिरवी रखा है। फिर भी नहीं बच पाए।

केस-1

संतोष कुमार की उम्र 36 साल है। 2014 में नवसृजित प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर बिंद नालंदा में नियोजन हुआ था। नौ मई को संतोष कुमार की मृत्यु कोरोना संक्रमण से हो गयी। पत्नी की हालत खराब है। चार साल का बेटा और दो साल की बेटी है। पिछले साल संतोष कुमार के पिता और माता दोनों की मृत्यु हो गयी थी। घर में कोई कमाने वाला नहीं है। पत्नी नीरू ने बताया कि नालंदा में किराये के मकान में रहते हैं।

केस-2

कमला सिन्हा 31 साल के थे। मध्य विद्यालय देवमाहा धनरूआ में सहायक शिक्षक के पद पर 2014 में नियोजन हुआ था। 24 अप्रैल को कोरोना संक्रमण से मृत्यु हो गयी। दो छोटे बच्चे हैं। आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। घर में कमाने वाले केवल कमला सिन्हा ही थे। पत्नी ने बताया कि छह महीने से उधार पर राशन पानी खरीद रहे थे।

आपदा राहत के तहत चार लाख का विशेष अनुदान

शिक्षकों की हो रही मौत पर तमाम शिक्षक संघ विशेष अनुदान देने की मांग कर रहे हैं। टीईटी एसटीईटी उत्तीर्ण नियोजित शिक्षक संघ के प्रदेश प्रवक्ता अश्विनी पांडेय ने बताया कि जिन शिक्षकों की जान कोरोना संक्रमण से जा रही है, उनके परिजन को ईपीएफ एवं आपदा राहत के तहत चार लाख की विशेष अनुग्रह राशि दी जाय, जिससे उन परिवार का भरण पोषण हो सके। वहीं, बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष केदारनाथ पांडेय ने भी दिवंगत शिक्षकों को विशेष अनुग्रह राशि देने की मांग की है।

मंगलवार, 18 मई 2021

बिहार: जमुई में एक साथ 22 लोग संक्रमित पाए गएं

अविनाश श्रीवास्तव              

जमुई। ब‍िहार के जमुई के गांवों में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या यह बताती है कि सरकार की गाइडलाइन का उल्लंघन करते हुए विभिन्न तरह का आयोजन संक्रमण फैलने का कारण बन रहा है। इसका ताजा उदाहरण है, जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड इलाके का दिग्घी गांव है। जहां जांच के बाद रविवार को आई रिपोर्ट में एक साथ 22 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जबकि एक संक्रमित शख्स की मौत इलाज के दौरान पटना में हो चुकी है। बताया जा रहा है क‍ि जिस संक्रमित शख्स विद्याभूषण उर्फ ललन मंडल की मौत हुई है। उसके बेटे छोटू की शादी बीते 26 अप्रेल को हुई थी। शादी में उस परिवार के अलावा आसपास के लोग बढ़-चढ़कर शामिल हुए थे। शादी के कुछ ही दिनों के बाद घर के मुखिया की तबीयत बिगड़ने लगी फिर इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। इसकी मौत के बाद जब उस टोले में कोरोना जांच करवाई गई। जहां एक साथ 22 पॉजिटिव मरीज मिले है। इसके बाद इलाके का मेन बाजार दिग्घी की सड़कें सुनसान है और दुकानें भी नहीं खुलती।

रविवार, 16 मई 2021

आक्रोश बढा, तेजस्वी यादव लापता के पोस्टर लगाए

अविनाश श्रीवास्तव   

पटना। बिहार में भी कोरोना वायरस तेज़ी से बढ़ रहा है। इस कोरोना काल के चलते बाकी के राज्यों की ही तरह यहां भी ऑक्सीजन की कमी हो रही है। मरीज़ों को अस्पतालों में बेड नहीं मिल रहे, दवाओं की कालाबाजारी भी हो रही है, ऐसे समय मे लोगों के बीच उनके क्षेत्र के प्रतिनिधि नहीं होने पर लोगों में आक्रोश देखें को मिला। लोगों ने विधायक तेजस्वी यादव के लापता होने के पोस्टर्स लगा दिए।

जानकारी के अनुसार, कोरोना महामारी में अपने क्षेत्र की मुसीबातों का जायज़ा लेने विधायक नहीं पहुंचे जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोश में आकर राघोपुर के विधायक और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के लापता होने के पोस्टर लगाकर विरोध करना शुरू कर दिया है। तेजस्वी यादव के साथ हाजीपुर के सांसद और लोजपा नेता पशुपति पारस के भी संसदीय क्षेत्र में नहीं रहने पर लोगों ने पोस्टर लगाकर विरोध जाहिर किया।

पोस्टर में विधायक के लापता होने की लिखी बात-
पोस्टर में लिखा गया है कि चुनाव जीतने के बाद दोनों माननीय अपने-अपने क्षेत्र से लापता हैं। कोरोनाकाल में भी इन लोगों को क्षेत्र की जनता का हाल-चाल पूछने की चिंता नहीं है। इन लोगों को यहां की जनता खोज रही है, जिन भाइयों को यह दोनों माननीय मिल जाए उन्हें 5100 रुपए इनाम दिया जाएगा। स्थानीय लोगों द्वारा चिपकाये गए पोस्टर के बाद सियासत शुरू हो गई है।

बीजेपी प्रवक्ता राम सागर सिंह ने साधा निशाना-
बीजेपी प्रवक्ता राम सागर सिंह का कहना है कि, जब भी बिहार में समस्या आती है, तेजस्वी यादव का गायब होना नई बात नहीं है। तेजस्वी सिर्फ ट्वीट करना जानते हैं। उन्हें अपने क्षेत्र के लोगों को कोई फिक्र नहीं है। यही कारण है कि ऐसे संवेदनशील मौके पर भी वो जनता से दूर हैं।

आरजेडी नेता ने किया बचाव-
क्षेत्र में तेजस्वी के पोस्टर चिपके होने की बात पर आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी बच्छाव करते दिखे उन्होंने कहा कि, तेजस्वी यादव ने अपने सभी विधायकों को लोगों को मदद करने के लिए कहा है और सभी मदद के लिए जुटे हुए हैं। तेजस्वी अपने क्षेत्र के सभी लोगों का ख्याल रखे हुए हैं। हर कमी को पूरा कर रहे हैं।

पूर्व सांसद-विधायक का कोरोना संक्रमण से निधन

अविनाश श्रीवास्तव  
पटना। पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद विजय सिंह यादव के निधन से राजनितिक गलियारों में शोक की लहर है। पूर्व सांसद विजय सिंह यादव के निधन पर बीजेपी ने शोक जताया है। बीजेपी ने ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी है। बिहार बीजेपी ने ट्वीट कर लिखा कि "पूर्व सांसद विजय सिंह यादव जी को बिहार भाजपा परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि। उनके निधन से सामाजिक और राजनैतिक जगत को गहरा आघात लगा है। भगवान से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं" पूर्व सांसद और दानापुर के नेता विजय सिंह यादव ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। दानापुर के ही एक नर्सिंग होम में उन्हें भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह कोरोना से जंग हार गए। पिछले साल उनके छोटे भाई राजकिशोर यादव की भी कोरोना से मौत हो गई थी। भाजपा नेता विजय सिंह यादव के निधन के बाद दानापुर में कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर है।

पूर्व राज्यसभा सांसद एवं पूर्व विधायक विजय सिंह यादव के निधन पर हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने भी शोक जताया है। उन्होंने कहा कि विजय सिंह यादव जी के निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक रूप से अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनके आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। पूर्व सांसद विजय सिंह यादव साल 1996 में पहली बार भाजपा से दानापुर के विधायक चुने गए। इसके बाद विजय सिंह यादव 2000 में राज्यसभा के लिए बतौर सांसद चुने गए। तब से लगातार राजनीतिक में यह सक्रिय रहे हैं। वे भाजपा के अलावा राजद और कांग्रेस में भी रह चुके थे। पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के भी कभी करीबी माने जाते थे।

गुरुवार, 13 मई 2021

अगले 10 दिनों तक लॉकडाउन बढ़ाया, संक्रमण

पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को अगले 10 दिनों तक के लिए बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ राज्य में जारी लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा के बाद इसे अगले 10 दिनों तक बढ़ाने का फैसला लिया है। नीतीश कुमार ने खुद सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा कि आज सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ बिहार में लागू लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा की गयी। लॉकडाउन का सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। अतः बिहार में अगले 10 दिनों अर्थात 16 से 25 मई, 2021 तक लॉकडाउन को विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है।

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके

इंडोनेशिया में 6.0 तीव्रता का भूकंप, झटके  अखिलेश पांडेय  जकार्ता। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत मालुकु में सोमवार के तेज झटके महसूस किए गए। इ...