छत्तीसगढ़ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
छत्तीसगढ़ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 25 जून 2021

छग: अधिकांश स्थानों पर बरसात की संभावना जताईं

दुष्यंत टीकम                  
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से हो रही बरसात रुक-रुक कर जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर बरसात की संभावना जताई है। हालांकि रायपुर सहित 7 जिलों में मध्यम से भारी बरसात की संभावना जताई गई है। वहीं दो जिलों बीजापुर और नारायणपुर में भारी से अति भारी बरसात का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक जशपुर, रायगढ़, कोरबा, रायपुर, बालोद, दंतेवाड़ा और कांकेर के अधिकांश स्थानों पर मध्यम से भारी बरसात की अति संभावना बनी हुई है। वहीं बीजापुर और नारायणपुर जिलों में अधिकांश स्थानों पर भारी से अति भारी बरसात की संभावना जताई जा रही है।
प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा की अति संभावना जताई जा रही है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, एक द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम बिहार से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक की स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण-पश्चिम बिहार और उससे लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर उत्तर पंजाब से हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। इसकी वजह से प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। 
प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने तथा आकाशीय बिजली गिरने की सम्भावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिले रहने की सम्भावना है।मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे तक रायपुर के आकाश में घने बादल छाए रहेंगे। एक से दो बार बरसात होने की अति संभावना बनी हुई है। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास हो सकता है। उसके बाद सामान्य बादल होंगे। शाम को अथवा रात को बरसात हो सकती है। दिन का तापमान 30 डिग्री हो सकता है। 72 घंटे में आसमान पर सामान्य बादल होंगे। एक-दो बार बरसात हो सकती है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

गुरुवार, 17 जून 2021

बाबा रामदेव के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज की

दुष्यंत टीकम                 
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रामकृष्ण यादव उर्फ बाबा रामदेव के खिलाफ बुधवार रात सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। बाबा रामदेव पर चिकित्सक समुदाय और कोरोना संक्रमण काल के दौरान दवाइयों के बारे में दुष्प्रचार, केंद्रीय महामारी एक्ट का उल्लंघन, विद्वेष की भावना से भ्रम फैलाने का आरोप लगा है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ हॉस्पिटल्‍स बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता और अन्य की शिकायत पर यह एफआईआर दर्ज की गई। 
जानकारी के मुताबिक 26 मई को डॉ. राकेश गुप्ता और अन्य ने राम कृष्ण यादव उर्फ बाबा रामदेव के खिलाफ थाने में एक शिकायत सौंपी थी। इसमें दावा किया गया था कि राम कृष्ण यादव उर्फ बाबा रामदेव द्वारा महामारी एक्ट और एलोपैथी दवाओं के बारे में भ्रमपूर्ण वक्तव्य दिए जा रहे हैं। जिस पर बाबा रामदेव के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई थी। सिविल लाइंस पुलिस के मुताबिक कोरोना महामारी से संबंधित किसी भी तरह की भ्रामक सूचना, अफवाह और दावे प्रतिबंधित है। इसको दंडनीय अपराध माना गया है। बाबा रामदेव का बयान भी इन्हीं के दायरे में आता है। इसलिए उनके खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता की धारा 186, 188, 269,270, 504, 505 (1) और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51, 52, 54 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

स्पेशल ट्रेन को 22 जून से चलाने का फैसला लिया

दुष्यंत टीकम            

रायपुर। रेल यात्रियों की सुविधाओं और मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने नई दिल्ली एवं बिलासपुर के मध्य रद्द की गई। नई दिल्ली-बिलासपुर स्पेशल ट्रेन को 22 जून से फिर से चलाने का फैसला लिया है। यह स्पेशल ट्रेन प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को नई दिल्ली से और प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को बिलासपुर से चलेगी। केवल कंफर्म टिकट यात्रियों को ही इस ट्रेन में यात्रा करने की अनुमति रहेगी। साथ ही यात्रा के दौरान कोविड-19 के सभी नियमों का आवश्यक रूप से पालन करना होगा। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल के कटंगी खुर्द-न्यू कटनी सेक्शन के मध्य रेलवे ट्रेक के दोहरीकरण का कार्य किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना

दुष्यंत टीकम     
रायपुर। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार छत्तीसगढ़ के ज्यादातर इलाकों में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के सभी हिस्सों में सक्रिय मानसून के प्रभाव से राज्यभर में बारिश के हालात बने हुए हैं। प्रदेश में 16 जून तक 126 मिमी बारिश हो चुकी है। लालपुर मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर 3.1 से 5.8 किमी ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा है। निम्न दाब का क्षेत्र पूर्वी उत्तरप्रदेश और उससे लगे हुए बिहार के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवात है।
मध्य समुद्र तल पर दक्षिण पंजाब से उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक हरियाणा, उत्तरप्रदेश, मध्यबिहार, दक्षिण असम, उत्तर गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक एक द्रोणिका है। 17 जून को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो जगह भारी बारिश होने अंधड़ चलने की भी संभावना है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू

दुष्यंत टीकम              
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर कंग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य में चुनाव साल 2023 के नंवबर में होने हैं। लेकिन पार्टी ने अभी से वहां कमर कसना शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, ओवरऑल ऑर्गेनाइजेशन रिव्यू करने के बाद कांग्रेस फिर से संगठन का ब्लॉक से लेकर राज्य इकाई तक पुनर्गठन कर रही है। काग्रेस के हर विधायक की परफॉर्मेंस का रिव्यू किया जा रहा है और संभावित उम्मीदवार का फीडबैक भी लिया जा रहा है और हर स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ट्रेनिंग करवाई जा रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक, पार्टी ने प्रत्येक क्षेत्र में लोगों को किस तरह की समस्याएं है और उनकी क्या जरूरते हैं। 
इसको जाने के लिए डोर-टू-डोर अभियान शुरू किया है। इस अभियान के अंतर्गत पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे और छतीसगढ़ सरकार की नीतियों और निर्णय के बारे में उन्हें को बताएंगे। छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया ने खास बातचीत में बताया, 'मुख्यमंत्री पद को लेकर को ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला तय नहीं किया गया था। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में मनमुटाव की बातें बेबुनियाद हैं। मेरी जानकारी में कोई ढाई साल- ढाई साल का फॉर्मूला नहीं है। ये सिर्फ भ्रम फैलाया जा रहा है। कोई छतीसगढ़ का नेता नाराज नहीं है। मुख्यमंत्री को बदलने के संदर्भ में कोई विधायकों की बैठक नहीं हुई है।

सोमवार, 14 जून 2021

छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदली करवट, बारिश प्रारंभ

दुष्यंत टीकम            
रायपुर। राजधानी रायपुर में मौसम ने करवट बदल ली है। शाम होते ही झमाझम बारिश शुरू हो चुकी है। बता दें कि प्रदेशभर में मानसून पहुंच चुका है। रविवार को हुई बारिश के बाद सोमवार को भी लोगों को बारिश का इंतजार था। रायपुर में सुबह से खिली तेज धूप ने एकबार तो लोगों को चौका दिया था, लेकिन शाम होते-होते बादल मेहरबान हो गए हैं। मौसम विभाग ने देर शाम अलर्ट जारी कर प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश और बिजली गिरने की प्रबल संभावना जताई है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने कहा है कि शाम साढ़े 7 बजे की स्थिति से आगामी 4 घंटों में जशपुर, सरगुजा, पेंड्रा, मुंगेली, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, कवर्धा,बेमेतरा, बलोदाबाजार, जांजगीर, महासमुंद और इससे लगे जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज वर्षा और वज्रपात होने की प्रबल संभावना है। उन्होंने कहा है कि निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण झारखंड के ऊपर स्थित है।
इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। एक द्रोणिका दक्षिण पंजाब से एक निम्न दाब के केंद्र तक स्थित है। इस सिस्टमों के कारण 15 जून को प्रदेश केअनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों में गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: उत्तर छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमानों में बड़ा परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। फिर भी दक्षिण छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।

गुरुवार, 10 जून 2021

आत्महत्या: रफ्तार के आगे कूदीं महिला व 5 बेटियां

दुष्यंत टीकम                 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक महिला और उसकी पांच बेटियों ने तेज रफ्तार रेलगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। महासमुंद जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेंभुरकर ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के महासमुंद और बेलसोंडा रेलवे क्रासिंग के मध्य बीती रात उमा साहू (45 वर्ष), उनकी बेटी अन्नपूर्णा (18 वर्ष), यशोदा (16 वर्ष), भूमिका (14 वर्ष), कुमकुम (12 वर्ष) और तुलसी (10 वर्ष) ने रेलगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

टेंभुरकर ने बताया कि पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह जब घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया तथा शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि साहू परिवार जिले के बेमचा गांव का निवासी है। रात में महिला का पति के साथ विवाद हुआ तब वह अपने बच्चों के साथ वहां से निकल गई थी। बाद में उनके शव रेल पटरियों पर मिले।

सोमवार, 7 जून 2021

गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं लोग

दुष्यंत टीकम               
राजिम। तेज गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हो गए हैं। शहरों के अलावा गांव में भी बिजली काट दी गई है। इससे लोगों को असुविधा हो रही है। बता दें कि नगर में पारा अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस है। इसके कारण तेज गर्मी एवं उमस से हाल बेहाल हो गया है। सबसे बड़ी तकलीफ इस समय यहां हो रही है की बिजली कभी भी काट दी जाती है। बिना सूचना के विद्युत विभाग बिजली काट देती है। इससे लोगों को बहुत असुविधा हो रही है। सोमवार को सुबह 10 बजे से शहरों के अलावा गांव में भी बिजली काट दी गई। तेज धूप से लोग पसीने से तरबतर होते रहे। बगैर पंखा-कूलर के कमरे में रहना मुश्किल हो गया और लोग हवा खोजते रहे। ऐसे समय में बिजली कटौती से लोग बहुत परेशान हो गए हैं।

सीजी: ब्लैक फंगस का आंकड़ा बढ़कर 259 हुआ

दुष्यंत टीकम                  
रायपुर। प्रदेश में ब्लैक फंगस तेजी से पांव पसारता दिख रहा है। 5 मई को जो आंकड़ा 229 था वह 6 मई को बढ़कर 259 पहुंच गया है। बता दें कि एम्स में भर्ती ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या रविवार को 152 पहुंच गई। इनमें से 73 मरीजों का आपरेशन हुआ है। सेक्टर-9 भिलाई में 17 और मेकाहारा में अब तक 25 का आपरेशन हो चुका है। 
सर्वाधिक आंकड़े दुर्ग से  दुर्ग में अब तक 67 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं राजधानी रायपुर में 48, बिलासपुर में 33, रायगढ़ में 21, राजनांदगांव में 16 और जांजगीर-चांपा में 14 मरीजों की पुष्टि हुई है।

रविवार, 6 जून 2021

कुछ हिस्सों तक मानसून सक्रीय होने की संभावना

दुष्यंत टीकम             
रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आगे बढ़कर मध्य अरब सागर, संपूर्ण तटीय कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ हिस्सों और आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के अधिक भागों पहुंच गया है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पूर्व के कुछ हिस्से, बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्से तक मानसून सक्रीय होने की सम्भावना है। प्रदेश में मानसून की अनुकुल स्थिति रही तो एक दो दिनों में प्री मानसून बारिश होने की संभावना है। 
केरल में तीन दिन मानसून के विलंब से पहुंचने के कारण ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में उमस भरी गर्मी के साथ ही वातावरण में आ रही नमी जल्द अच्छी बारिश होने का शुभ संकेत है। प्रदेश में वातावरण के निम्न स्तर पर नमी आ रही है इसलिए प्रदेश के कुछ स्थानों पर आज एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों में गरज चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

सीएम ने वृक्षारोपण योजना का शुभारंभ किया

दुष्यंत टीकम                    

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्चुअल कार्यक्रम में दुर्ग वनमंडल के अंतर्गत दुर्ग जिले के ग्राम फुंडा (पाटन) में जैव विविधता पार्क का भूमिपूजन किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न वनमंडलों के वन प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा किसानों से वर्चुअल संवाद किया। वर्चुअल संवाद में बस्तर, बिलासपुर, बलरामपुर, कांकेर, महासमुंद तथा कवर्धा वनमंडल के अंतर्गत जनप्रतिनिधि तथा वन प्रबंधन समिति के सदस्य और कृषक शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस दौरान ''बटरफ्लाई ट्रेजर ऑफ छत्तीसगढ़'' नामक पुस्तक का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख राकेश चतुर्वेदी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जिन किसानों ने खरीफ वर्ष 2020 में धान की फसल ली हैे, यदि वे धान फसल के बदले अपने खेतों में वृक्षारोपण करते हैं, तो उन्हें आगामी 3 वर्षों तक प्रतिवर्ष 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। 

इसी तरह ग्राम पंचायतों के पास उपलब्ध राशि से यदि वाणिज्यिक वृक्षारोपण किया जाएगा, तो एक वर्ष बाद सफल वृक्षारोपण की दशा में संबंधित ग्राम पंचायतों को शासन की ओर से 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे भविष्य में पंचायतों की आय में वृद्धि हो सकेगी। इसके अलावा संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के पास उपलब्ध राशि से यदि वाणिज्यिक आधार पर राजस्व भूमि पर वृक्षारोपण किया जाता है, तो पंचायत की तरह ही संबंधित समिति को एक वर्ष बाद 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वृक्षों को काटने व विक्रय का अधिकार संबंधित समिति का होगा।

रविवार, 30 मई 2021

बदलते तापमान से बादलों के साथ हल्की बरसात

दुष्यंत टीकम              

रायपुर। मई के आखिर और जून के शुरुआती दिनों में सबसे गर्म 9 दिनों की मान्यता वाले नवतपा में मौसम का कई रंग दिख रहा है। प्रदेश के अधिकतर मैदानी क्षेत्रों में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। इस बीच शाम को स्थानीय सिस्टम से बने बादलों के साथ हल्की बरसात भी हुई। वहीं 12 जिलों में रात 10 बजे तक आंधी आने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र से बताया गया कि प्रदेश के पेंड्रा रोड, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़, बेमेतरा, दुर्ग, रायपुर, बलोदा बाजार, महासमुंद, बालोद, धमतरी, बस्तर तथा इससे लगे जिलों में गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है। अगले चार घंटों के लिए मौसम का यह पूर्वानुमान शाम 6 बजे जारी हुआ। इसका मतलब है कि रात 10 बजे तक इन जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

इससे पहले मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया था, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आस-पास चक्रीय चक्रवाती घेरा 4.5 किमी तक विस्तारित है। वहीं से एक द्रोणिका विदर्भ तक 1.5 किमी से 2.1 किमी के बीच मध्य मध्यप्रदेश होते हुए स्थित है। दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश औरआस-पास 0.9 किमी ऊपर एक और चक्रीय चक्रवाती घेरा है। वहीं से निकली एक द्रोणिका विदर्भ, तेलंगाना और रायलसीमा होते हुए दक्षिण तमिलनाडु तक मौजूद है। इसकी वजह से रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छीटें पडने की सम्भावना है। आज दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। इसे सामान्य ही माना जा रहा है। रायपुर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस आंका गया। यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है।

प्रदेश के सुदूर उत्तर और दक्षिण छोर के शहरों में पारे का मिजाज कुछ ठंडा रहा। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस था। वहीं पेण्ड्रा रोड में यह 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जगदलपुर में दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

युवाओं की बदहाली, 7 साल करार दिया: हुंकार

दुष्यंत टीकम                
रायपुर। केंद्र की मोदी सरकार के सात वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने इन सात सालों को युवाओं की बदहाली के सात साल करार दिया है। देश को गर्त में पहुंचा देने वाला बताया है। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस अध्यक्ष पूर्णचंद (कोको) पाढ़ी ने कहा है कि युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाकर 2014 में सत्तानशी होने वाली मोदी सरकार ने सबसे अधिक छल इस देश के युवाओं से ही किया। गांव-गांव जाकर मोदी सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करने की बात करने वाली भाजपा क्या यह बता सकती है कि 1. 19 अप्रैल को 18 प्लस वैक्सीनेशन की घोषणा के बाद भी सरकार ने कोई तैयारियां क्यों नहीं की ? बजट में वैक्सीन के लिए 35,000 करोड़ रुपयों के प्रावधान के बावजूद हुई इस अव्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है ? छत्तीसगढ़ में 18 प्लस युवाओं के लिए 2 करोड़ 60 लाख वैक्सीनों की आवश्यकता है। लेकिन केंद्र सरकार वैक्सीन उपलब्ध करवाने के बजाए वैक्सीन कंपनियों पर दबाव बना कर राज्य की खरीदी क्यों प्रभावित कर रही है?
2. आज भारत मे बेरोजगारी दर 45 वर्षों में सर्वोच्च क्यों है? प्रतिवर्ष 2 करोड़ योग्यतानुसार रोजगार देने के वादे के उलट देश में लगभग 12 करोड़ से अधिक नौकरीपेशा लोगों की नौकरी क्यों छीन ली गई?
3. भाजपा का घोषणापत्र उच्च शिक्षा को बढ़ावा देते हुए सबके लिए शिक्षा की बात कहता है लेकिन आईआईटी,आईआईएम जैसे संस्थानों की फीस तिगुने से अधिक बढ़ाकर सभी के लिए समान अवसर कैसे उत्पन्न होगा, निम्न और मध्यमवर्गीय परिवार यह आर्थिक भार कैसे वहन करेगा?
4. यूपीए कार्यालय में  जो जीडीपी 7 फीसदी के करीब हुआ करती थी,वह मोदी सरकार में फार्मूला बदलने के बाद भी आज बदहाल स्थिति में क्यों है ?
5. बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार का नारा लेकर सत्ता पर काबिज होने वाली मोदी सरकार का आज महंगाई पर काबू क्यों नहीं है,खाने के तेल से लेकर गाड़ियों का पेट्रोल सब कुछ महंगा होता जा रहा है, इसका जिम्मेदार कौन है ?
6. कोरोना के कारण एमएसएमई सेक्टर पर जमकर मार पड़ी,जिसके लिए मोदी सरकार ने 20,000 करोड़ का राहत पैकेज जारी किया, मोदी सरकार का यह जुमला पैकेज आखिर कहा गया?
7. अपने 7 सालों में मोदी सरकार ने एक भी पीएसयू खड़े नहीं किए ,उल्टे इन्हें बेचने में लगी हुई है, आखिर यह मेक इन इंडिया की पॉलिसी सेलिंग इंडिया में कैसे और किनके दबाव में बदल गई?

गुरुवार, 27 मई 2021

ब्लैक फंगस को सूचनीय रोग घोषित किया: सीजी

दुष्यंत सिंह टीकम              
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकार ब्लैक फंगस को महामारी कहने से बच रही है। विधि विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन के बाद ब्लैक फंगस को सूचनीय रोग घोषित कर दिया गया है। इसकी अधिसूचना शनिवार देर रात जारी हुई। अब सरकारी और निजी अस्पतालाें को ब्लैक फंगस के प्रत्येक पुष्ट अथवा संदिग्ध केस की जानकारी जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को देना अनिवार्य होगा।
स्वास्थ्य विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, अब ब्लैक फंगस को नोटिफिएबल डीजीज अथवा सूचनीय रोग घोषित किया गया है। अब प्रदेश के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को ब्लैक फंगस की स्क्रिनिंग, पहचान, प्रबंधन के संबंध में छत्तीसगढ़ सरकार, आईसीएमआर और केंद्र सरकार की ओर से समय-समय पर जारी दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। प्रदेश के सभी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को ब्लैक फंगस के संदेहास्पद या पुष्ट सभी मामलों की जानकारी संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी देना अनिवार्य होगा। शनिवार रात जारी अधिसूचना एक वर्ष के लिए वैध बनाई गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना ने भी एपिडेमिक डिजीजेज ऐक्ट के तहत इसे सूचनीय रोग ही घोषित किया है। हालांकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, चंडीगढ़, ओडिशा, उत्तराखंड और गोवा जैसे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ब्लैक फंगस को अधिसूचित संक्रामक रोग यानी महामारी घोषित किया जा चुका है।

यास: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताईं

दुष्यंत सिंह टीकम           
रायपुर। चक्रवार्ती यास तूफान के कारण आज छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही  हैं। इसके लिए मौसम विभाग ने राज्य सरकार को अलर्ट भी किया है। हालाँकि ओडिशा और बंगाल के तटीय इलाकों में कहर बरपाने के बाद चक्रवात यास कमजोर पड़ने लगा है। लेकिन अति गंभीर श्रेणी से गंभीर श्रेणी के चक्रवात में परिवर्तित होकर यास झारखंड की तरफ बढ़ गया। बुधवार सुबह करीब सवा नौ बजे ओडिशा के भद्रक जिले के धामरा में चक्रवात यास तट से टकराया। लैंडफॉल करीब साढ़े चार घंटे तक चला और इस दौरान हवा की गति 130-145 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। बालासोर और भद्रक जिले के कई गांवों में समुद्र का पानी भर गया। यही स्थिति बंगाल के तटीय इलाकों की रही, जहां पर्यटन स्थल दीघा में समुद्र का पानी घुस गया। इस दौरान बंगाल में तीन की मौत और कई जख्मी हुए है, वहीं ओडिशा में एक की मौत की खबर है।

बुधवार, 26 मई 2021

वेदांता केयर्स फील्ड, अस्पताल का किया लोकार्पण

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को अपने निवास कार्यालय से नया रायपुर के सेक्टर-36 में बालको मेडिकल सेंटर के समीप अनिल अग्रवाल फाउंडेशन की ओर से नवनिर्मित वेदांता केयर्स फील्ड अस्पताल का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस 100 बिस्तर वाले वातानुकूलित अस्पताल में 90 बिस्तर ऑक्सीजन-युक्त और 10 बिस्तरों में वेंटीलेटर की सुविधा है। वेदांता समूह छत्तीसगढ़ समेत देश के 10 शहरों में अत्याधुनिक कोविड फील्ड अस्पतालों का निर्माण कर रही है। जरुरतमंद मरीजों के उपचार और देखभाल के लिए कोरबा जिले के बालकोनगर में भी 100 बिस्तरों वाले कोविड सेंटर का संचालन पहले से ही किया जा रहा है। इस दौरान वनमंत्री मोहम्मद अकबर, लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी मंत्री गुरु रुद्र कुमार और नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू भी उपस्थित थे। इसके साथ ही वेदांता समूह के चैयरमेन निल अग्रवाल भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।

48 घंटों के लिए सतर्कता बरतने की चेतावनी जारी

दुष्यंत सिंह टीकम                
रायपुर। प्रदेश में मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए सतर्कता बरतने की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञानी आरके वैश्य ने राहत आयुक्त छत्तीसगढ़ शासन को ऑरेंज अलर्ट के संबंध में पत्र भेजा है। उन्होंने गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के बलरामपुर, सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर व महासमुंद जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से उठे अति प्रबल चक्रवात के कारण प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में नमी आ रही है। इस कारण प्रदेश में काफी तेज हवा भी चल रही है। 26 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में हवा की गति अधिक होने के कारण अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। 28 मई से प्रदेश के उत्तरी भाग के तापमान में लगातार गिरावट होने की संभावना है।

मंगलवार, 25 मई 2021

26 मई को काला दिवस मनाएंगे संयुक्त 'किसान'

दुष्यंत सिंह टीकम            

रायपुर। संयुक्त किसान मोर्चा दिल्ली के देशव्यापी आह्वान पर छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के घटक संगठनों की ओर से 26 मई को काला दिवस मनाएंगे। प्रदेश में भी किसान अपने घरों, गाड़ियों में काला झण्डा फहराएंगे तथा निरंकुश शासक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और संवेदनहीन कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर का घर घर पुतला जलाएंगे। इसकी जानकारी देते हुए अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा के उपाध्यक्ष मदन लाल साहू तथा सचिव तेजराम विद्रोही, नदीघाटी मोर्चा के संयोजक गौतम बंध्योपाध्याय, किसान समन्वय समिति सदस्य पारसनाथ साहू, गजेन्द्र कोसले, कृषक बिरादरी के संयोजक डाॅ. संकेत ठाकुर, किसान भुगतान संघर्ष समिति महासमुन्द के संयोजक जागेश्वर जूगनू चन्द्राकर, किसान मोर्चा धमतरी के संयोजक अधिवक्ता शत्रुघन साहू, अखिल भारतीय किसान महासंघ के संयोजक डाॅ. राजाराम त्रिपाठी, आदिवासी भारत महासभा के अध्यक्ष भोजलाल नेताम एवं संयोजक सौरा, राजधानी प्रभावित किसान संगठन नया रायपुर के संयोजक रूपन चंद्राकार, छत्तीसगढ निवेशक एवं अभिकर्ता कल्याण संघ के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण चंद्राकर, किसान संघर्ष समिति रायगढ़ के संयोजक लल्लू सिंह, किसान मजदूर महासंघ बिलासपुर के संयोजक श्याम मूरत कौशिक आदि ने कहा कि साल 2014 में भाजपा ने ’’हर हर मोदी, घर घर मोदी’’ का नारा दिया था।

इसी के साथ साथ बहुत हो गई महंगाई की मार अबकि बार मोदी सरकार, बहुत हो गई भ्रष्टाचार अबकि बार मोदी सरकार जैसे नारे दिए थे, पेट्रोल डीजल की दामों को कम करने जैसे लोक लुभावन वायदे किए थे। लेकिन आज मोदी के सात साल पूरे होने को है और उनके वायदे केवल जुमले बनकर रह गए। इस प्रकार हर साल दो करोड़ बेरोजगारों को रोजगार देने, प्रत्येक भारतीयों के बैंक खातों में 15-15 लाख रुपये देने का वायदा किया था उसी प्रकार किसानों को उनके उपजों का स्वामीनाथान आयोग की सिफारिशो के अनुरुप लागत से डेढ़ गुणा समर्थन मूल्य देने का वायदा किया था जो आज झूठा साबित हो चुका है। उल्टे कृषि को काॅरपोरेटों के हवाले करने और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को बाजार के हवाले करने की नियत से 5 जून 2020 को अध्यादेश लाकर मोदी सरकार ने काॅरपोरेट परस्त व किसान कृषि और आम उपभोक्ता विरोधी कानून को जबरदस्ती थोपा है। जिसके खिलाफ किसानों का आन्दोलन निरंतर जारी है।

मोदी सरकार सभी सार्वजनिक संस्थानों जैसे रेल्वे, बैंक, बीमा, भेल, हवाई आदि को निजी हाथों में बेच रहा है, कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए ही श्रम कानूनों में संशोधन कर मजदूर विरोधी चार कोड बिल बनाया,  कोरोना जैसे महामारी के पहले चरण में नमस्ते ट्रंप किया और दूसरे चरण में पांच राज्यों के विधनसभा चुनाव के बहाने कोरोना संक्रमण की गंभीरता को हल्के में लिया और जब भारत की लाखों जनता कोरोना से अपनी जान गवां चुके हैं। आज भी स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराया हुआ है उसे दुरुस्त न कर अनावश्यक रूप से करोड़ों रुपए खर्च कर सेंट्रल वीष्टा बनाने में लगा हुआ है। आपदा को अवसर में बदलकर आवश्यक वस्तुओं की महंगाई बढ़ाने वाले मुनाफाखोरों, कालाबाजारियों पर मोदी सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। अर्थात् मोदी सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुआ है जो देश के मेहनतकश मजदूर किसानों और आम उपभोक्ताओं के लिए किसी अंधकारमय दिन से कम नहीं है इसलिए ’’घर घर किसान, हर घर मोदी का पूतला दहन ’’ की आशय के साथ किसान 26 मई को काला दिवस मनएंगे।

बुद्ध जयंती पर मांस-मटन का विक्रय रहेंगा प्रतिबंधित

दुष्यंत सिंह टीकम           
रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के संपूर्ण क्षेत्र में 26 मई बुधवार को बुद्ध जयंती पर मांस-मटन का विक्रय पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यावरण एवं नगरीय विकास विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश के पालन में निगम रायपुर के स्वास्थ्य अधिकारी विजय पांडेय ने भी पशुवधगृह व समस्त मांस-मटन विक्रय दुकानों को बंद रखनेआदेश जारी किया है। पांडेय ने बताया कि किसी भी दुकान में मांस विक्रय करते पाए जाने पर मांस जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध यथोचित कार्रवाई भी की जाएगी। निगम रायपुर के समस्त जोन स्वास्थ्य अधिकारी/ जोन स्वच्छता निरीक्षक मांस विक्रय पर प्रतिबंध के आदेश का पालन तय करवाएंगे। अपने क्षेत्रों में लगातार निगरीनी करेंगे।

रविवार, 23 मई 2021

सीएम के आदेश पर तत्काल हटाया डीएम, नियुक्त

दुष्यंत सिंह टीकम           
रायपुर। घर से लॉकडाउन में बीमार पिता के लिए दवा ​लेने निकले युवक का पहले मोबाइल सड़क पर पटका, फिर उसके गाल पर जोरदार चांटा जड़ दिया। इतने में भी मन नही भरा तो पुलिस से कह उसे डंडे भी पड़वाये। यह हरकत छत्तीसगढ़ के कलेकटर रणबीर शर्मा ने की थी। जिसके बाद सोशल मीडिया में मचे बवाल के बाद उन्हें सीएम के आदेश पर तत्काल हटाते हुए नए कलेक्टर की नियुक्त कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि कोरोना के दौरान देश भर से उच्च प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस कर्मियों द्वारा आम जनता के साथ बत्तमीजी व मारपीट करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। जबकि सभी सरकारों ने कोरोना कर्फ्यू लगाने के दौरान यह स्पष्ट कर दिया है कि अति आवश्यकीय कार्य से बाहर आने वालों पर किसी किस्म की कार्रवाई नही की जायेगी। इसके बावजूद विभिन्न राज्यों व जनपदों में डीएम, एसडीएम लेवल के अधिकारियों द्वारा आये दिन आम जनता के साथ बदसलूकी करने अथवा उन पर झूठे मुकदमे दर्ज करके उत्पीड़न करने के मामले लगातार प्रकाश में आ रहे हैं।दरअसल, आज छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कलेक्टर रणबीर शर्मा को हटाने के आदेश जारी कर दिये हैं। उनके स्थान पर गौरव कुमार सिंह को नियुक्त कर दिया गया है।
हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। जिसमें कलेक्टर रणबीर शर्मा एक युवक के साथ बत्तमीजी से पेश आते दिखाई दिये। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक को कलेक्टर रोकते हैं। वह युवक बताता है कि वह अपने ​बीमार पिता के लिए दवा लेने निकला है। दवा की पर्ची भी दिखाने का प्रयास करता है, पर कलेक्टर पहले उसका मोबाइल सड़क पर पटकते हैं, फिर उसे जोरदार थप्पड़ मारते हैं। उसके बाद पुलिस वालों को भी युवक को पीटने का निर्देश देते हैं।

रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 16.37 लाख के पार हुआ

रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 16.37 लाख के पार हुआ  पंकज कपूर  देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2024 को लेकर यात्रियों में गजब का उत्साह देखा जा...