असम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
असम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 24 सितंबर 2021

अतिक्रमणकारियों को बाहर निकालने की कोशिश

गुवाहाटी। असम के दरांग जिले के सिपाझार में बृहस्पतिवार को पुलिस ने अतिक्रमणकारियों को बाहर निकालने की कोशिश के दौरान गोलियां चलाईं। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के साथ हुई झड़पों में करीब 20 लोग घायल हो गए। इस घटना का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। जिसमें छाती पर गोली के घाव के निशान वाले एक व्यक्ति को कैमरा लिए व्यक्ति पीटता हुआ दिखाई दे रहा है।
राज्य सरकार ने इस घटना को लेकर जनता के बढ़ते गुस्से के मद्देनजर घटना की परिस्थितियों की न्यायिक जांच की घोषणा की है। गृह एवं राजनीतिक विभाग के सचिव देबप्रसाद मिश्रा की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया है कि सरकार ने फैसला किया है कि इस घटना की जांच गुवाहाटी उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश द्वारा की जाएगी। इस घटना की चौतरफा निंदा की जा रही है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पुलिस की कार्रवाई को राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित गोलीबारी करार दिया। लगभग 800 परिवारों के पुनर्वास की मांग को लेकर जनता का विरोध शुरू हो गया था, इन लोगों का दावा है कि जिस जमीन पर वे दशकों से रह रहे थे उससे उन्हें बेदखल कर दिया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के छोटे भाई एवं दरांग के पुलिस अधीक्षक सुशांत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने धारदार हथियारों से पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों पर हमला कर पथराव भी किया।

मंगलवार, 21 सितंबर 2021

राज्यसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया

गुवाहाटी। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को असम की राज्यसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है। क्योंकि विपक्ष ने उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री ने असम विधानसभा में निर्वाचान अधिकारी दुलाल पेगू के समक्ष अपना पर्चा दाखिल किया।
पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा, अगप और यूपीपीएल वाले राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन के सर्वसम्मत उम्मीदवार हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, अगप नेता एवं कृषि मंत्री अतुल बोरा, यूपीपीएल नेता एवं हथकरघा और कपड़ा मंत्री यू जी ब्रह्मा, बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र के प्रमुख प्रमोद बोडो, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भाबेश कलिता, और कैबिनेट मंत्री और भाजपा के कई अन्य नेता उनके साथ थे। असम विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद बिस्वजीत दैमारी के उच्च सदन से इस्तीफा देने के बाद राज्यसभा की यह सीट खाली हुई है।
वह वर्तमान में राज्य विधानसभा के अध्यक्ष हैं। सोनोवाल इस साल मई में लगातार दूसरी बार माजुली से विधानसभा के लिए चुने गए थे। 59 वर्षीय भाजपा नेता को जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 22 सितंबर है, जबकि 23 सितंबर को पर्चा की जांच की जाएगी और नतीजे चार अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
सोनोवाल की जीत निश्चित लग रही है क्योंकि विपक्षी दलों ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। सोनोवाल ने उन्हें सेवा का अवसर देने के लिए असम के लोगों का आभार व्यक्त किया और सभी का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने प्रधानमंत्री और माजुली के लोगों को भी धन्यवाद दिया।

शनिवार, 14 अगस्त 2021

बांग्लादेश सीमा पर 'बीएसएफ' को अलर्ट पर रखा

दिसपुर। असम स्वतंत्रता दिवस पर पड़ोसी देश के इस्लामी आतंकवादियों और अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राज्यों में सक्रिय भारतीय उग्रवादियों से सुरक्षा को संभावित खतरे की खुफिया जानकारी के मद्देनजर भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को ‘हाई अलर्ट’ पर रखा गया है।
बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। बीएसएफ के उप महानिरीक्षक, क्षेत्रीय मुख्यालय शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने शनिवार को कहा किअसम में भारत-बांग्लादेश की पूरी सीमा पर और पश्चिम बंगाल में कूचबिहार जिले में कड़ी चौकसी रखी जा रही है। आदेश दिए गए हैं कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अप्रिय गतिविधि को अंजाम देने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निबटा जाए।
सिन्हा ने बताया कि बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ‘ऑपरेशन अलर्ट’ शुरू किया है जो 16 अगस्त तक चलेगा। इसमें अर्द्धसैनिक बल की सभी शाखाओं के सभी अधिकारी और जवान हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत मुख्य रूप से बांग्लादेश के इस्लामी आतंकवादियों और पड़ोसी देश से सटे राज्यों में सक्रिय भारतीय विद्रोहियों से उत्पन्न सुरक्षा खतरे के मद्देनजर की गई है।
उन्होंने बताया कि बीएसएफ कर्मी सीमा के निकट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं जिसमें स्थानीय लोगों से कहा जा रहा है कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि के बारे में वे बल को सूचित करें।

बुधवार, 11 अगस्त 2021

असम में 5 वर्षीय बच्ची का शव मिला, तांत्रिक अरेस्ट

चराइदेव। असम के चराइदेव जिला में पांच साल की बच्ची का शव मिला है और आशंका है कि बच्ची की बलि दी गई। मामले में एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बच्ची अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और अज्ञात लोगों ने सोमवार रात को एक चाय बागान में उसके घर से उसे अगवा कर लिया था। घटना के वक्त बच्ची सो रही थी। मामले में उसकी बड़ी बहन ने मंगलवार को सेफराई पुलिस थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने बताया कि बच्ची का शव मंगलवार रात को सिंगलु नदी से बरामद किया गया। नदी के तट पर भस्म एवं तांत्रिक रस्म में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री के साथ लाल कपड़ा बरामद हुआ। जो इस बात का संकेत था कि यह बलि दिए जाने का मामला हो सकता है। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

शनिवार, 7 अगस्त 2021

मरियानी विधानसभा में कार्यकर्ताओं की बैठक ली

दिसपुर। असम के 5 विधानसभा सीटों में होने वाले उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की तैयारियां जोरों पर हैं। आज इन्हीं तैयारियों को लेकर एआईसीसी सचिव एवं असम के प्रभारी विकास उपाध्याय ने अपर असम के जोरहट जिले के मरियानी विधानसभा में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। मरियानी विधानसभा के बॉकसून ब्लॉक के कुकुरिया पंचायत तथा शैलेंग ब्लॉक के मोग्रई पंचायत में विकास उपाध्याय ने आज स्थानीय कार्यकर्ताओं से आगामी उपचुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए विकास उपाध्याय ने कहा कि हमारी तैयारी बूथ स्तर की होनी चाहिए। 
ताकि हम स्थानीय जनता के सीधे सम्पर्क में रहकर कार्य करें और उनकी मांगों एवं आवश्यकताओं को आलाकमान तक पहुंचाकर स्थानीय जनता को लाभ दिला सके। साथ ही प्रभारी महोदय ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मौकापरस्त लोगों के कारण आज यह उपचुनाव की स्थिति निर्मित हुई हैं। जिसके कारण क्षेत्र की जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं। उनके इस विश्ववास और अपनत्व की रक्षा की जिम्मेदारी आप सभी कार्यकर्ताओं की हैं। जिसे आप बखूबी निभा भी रहे हैं। आप सभी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से हम यह उपचुनाव अवश्य ही जीतेंगे, यह मेरा पूर्ण विश्वास हैं। स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा प्रभारी महोदय विकास उपाध्याय की बातों पर एक स्वर में पूर्ण समर्थन दिया गया तथा आगामी उपचुनाव में भारी मतों से विजयी होने का वचन भी दिया गया।

मंगलवार, 27 जुलाई 2021

असम-मिजोरम विवाद से भारी तनाव उत्पन्न हुआ

गुवाहाटी। असम-मिजोरम सीमा विवाद से दोनों राज्यों में भारी तनाव उत्पन्न हो गया है। अभी यह मामला सुलझा भी नहीं कि असम की भूमि पर गुवाहाटी के नजदीक असम-मेघालय सीमावर्ती इलाके में मेघालय के बिजली विभाग द्वारा असम की जमीन पर बिजली के खंभे गाड़े जाने को लेकर जमकर हंगामा हो गया।
राजधानी गुवाहाटी से महज कुछ किमी की दूरी पर स्थित दक्षिण गणेश नगर में मेघालय सरकार के बिजली विभाग द्वारा बिजली के खंभे गाड़े जाने को लेकर इलाके के लोगों ने जमकर हंगामा किया। परिस्थिति को बिगड़ते देख मौके पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। 
दोनों राज्यों के आला पुलिस अधिकारी के बीच हुई बैठक के बाद बिजली के खंभे को उखाड़ लिया गया। फिलहाल सीमावर्ती इलाके में स्थिति सामान्य है लेकिन तनाव अभी बना हुआ है। दोनों राज्यों की पुलिस इलाके में गश्त कर रही है। यह विवाद सोमवार को उत्पन्न हुआ था। मंगलवार को भी इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। दोनों राज्यों के आला पुलिस अधिकारी की सूझबूझ से मामला शांति के साथ निपट गया।
उल्लेखनीय है कि पूर्वोत्तर के सभी राज्य त्रिपुरा और सिक्कम को छोड़कर एक समय असम का ही हिस्सा थे। यही कारण है कि राज्यों के गठन के बाद भी सीमा विवाद एक बड़ा मुद्दा अभी भी बना हुआ है।

परिवारों को 50-50 लाख का मुआवजा देगी सरकार

दिसपुर। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को कछार जिला मुख्यालय शहर सिलचर में मीडिया को संबोधित करते हुए घोषणा की, कि असम-मिजोरम सीमा पर हुई गोलीबारी में अपनी जान गंवाने वाले असम पुलिस के पांच जवानों के परिवारों को राज्य सरकार 50-50 लाख रुपये का मुआवजा देगी। साथ ही मृत पुलिस कर्मियों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने साथ ही कहा कि जिस इलाके में हिंसा हुई है वह आरक्षित वन क्षेत्र है। सैटेलाइट इमेजिंग की मदद से इसको देखा जा सकता है कि अतिक्रमण कैसे हुआ है। असम सरकार ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में मुकदमा करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि जब कल असम-मिजोरम सीमा पर गोलीबारी हो रही थी तो मैंने मिजोरम के मुख्यमंत्री को छह बार फोन किया। उन्होंने 'सॉरी' कहते हुए मुझे आइजोल में बातचीत के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि हमारी जमीन का एक इंच भी हिस्सा कोई नहीं ले सकता। हम अपने क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सीमा पर पुलिस है। यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। यह दो राज्यों के बीच सीमा विवाद है।
असम-मिजोरम सीमा पर हिंसक झड़पों पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि यह लंबे समय से चला आ रहा सीमा विवाद है। उस समय भी विवाद था जब दोनों तरफ कांग्रेस की सरकार थी। यह दो राज्यों के बीच का विवाद है, दो राजनीतिक दलों के बीच का मुद्दा नहीं है। घटना असम की सीमा पर हुई। हमारी पुलिस मामले की जांच करेगी। इसकी जांच की जाएगी कि नागरिकों को हथियार कहां से मिले। पांच पुलिस कर्मियों की जान चली गई। गुवाहाटी से सिलचर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने हिंसा में प्राण गंवाने वाले असम पुलिसकर्मियों को कछार पुलिस अधीक्षक मुख्यालय परिसर में अपनी भाव भीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उल्लेखनीय है कि कछार के पुलिस अधीक्षक वैभव चंद्रकांत निंबालकर को असम मिजोरम सीमा पर संघर्ष के दौरान गंभीर रूप से गोली लगने के बाद मुंबई ले जाया गया है। एसपी को उनके कूल्हों में एक गोली लगने के बाद गंभीर सर्जरी की आवश्यकता है। एसपी को कुल पांच गोली लगी थी। पैल में लगी गोली को सिलचर मेडिकल कालेज अस्पताल के चिकित्सकों ने सर्जरी कर बाहर निकाल दिया है।
उल्लेखनीय है कि मिजोरम पुलिस ने सोमवार को असम के अधिकारियों, पुलिस कर्मियों और नागरिकों पर गोलियां चलाई थीं, जिसमें असम पुलिस के पांच जवानों और एक नागरिक की मौत हो गई थी जबकि 50 से अधिक घायल हो गए थे।

गुरुवार, 22 जुलाई 2021

मुस्लिम आबादी को बढ़ाने का संगठित प्रयास किया

गुवाहाटी। असम दौरे पर पहुंचे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, प्रभुत्व स्थापित करने और इस देश को पाकिस्तान बनाने के उद्देश्य से 1930 से मुस्लिम आबादी को बढ़ाने का एक संगठित प्रयास किया गया है। इसकी योजना पंजाब, सिंध, असम और बंगाल के लिए बनाई गई थी और यह कुछ हद तक सफल भी हुई। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने गुवाहाटी  मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा की मौजूदगी में एनआरसी और सीएए पर लिखी एक बुक लॉन्च की। इसी दौरान उन्होंने संशोधित नागरिकता कानून सीएए और एनआरसी पर मुसलमानों की आशंकाओं को दूर करने की भी कोशिश की। भागवत ने कहा, सीएए और एनआरसी का हिंदू-मुसलमान विभाजन से कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग अपने राजनीतिक हित साधने के लिए इसे साम्प्रदायिक रंग दे रहे हैं।

रविवार, 27 जून 2021

गुवाहाटी के तालाब में सैकड़ों मछलियां मृत पाईं गई

गुवाहाटी। गुवाहाटी के दिगलीपुखुरी तालाब में सैकड़ों मछलियां मृत पायी गई और ऐसी आशंका है कि तालाब में ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण इनकी मौत हुई है। मत्स्य विभाग के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। मत्स्य विभाग के एक प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि मृत मछलियां शनिवार को तालाब में बहती नजर आयी और उन्हें निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में जहर देने की आशंका से इनकार कर दिया गया है और पर्यावरणीय परिस्थितियां इसकी वजह हो सकती है। उन्होंने कहा, ”ऑर्गेनिक की मात्रा अत्यधिक होने के कारण पानी में ऑक्सीजन का स्तर कम होना इतनी बड़ी संख्या में मछलियों की मौत के पीछे की वजह लगती है। लेकिन हम जांच पूरी करने के बाद ही पुख्ता तौर पर कुछ कह सकेंगे।”

दिगलीपुखुरी तालाब करीब 500 मीटर लंबा है और यह राज्य के सबसे बड़े शहर के अंबारी इलाके में स्थित है। इस तालाब का निर्माण अहोम वंश के शासकों ने ब्रह्मपुत्र नदी की नहर के तौर पर करवाया था। बाद में ब्रिटिश शासन के दौरान यह नहर भर गयी। दिगलीपुखुरी शहर में एक लोकप्रिय पर्यटक स्थल है।


रविवार, 9 मई 2021

हिमंत बिस्वा को सीएम बनाने के लिए आमंत्रित किया

गुवाहाटी। नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक एलायंस (एनईडीए) के संयोजक हिमंत बिस्वा सरमा रविवार को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल के नेता निर्वाचित हुए और उन्हें राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर सरकार बनाने के लिए जल्द ही आमंत्रित किया जाएगा। केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने रविवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा और भाजपा के प्रदेश पार्टी अध्यक्ष रंजीत कुमार दास और हाफलांग से नव निर्वाचित विधायक नंदिता गार्लोसा ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। चूंकि और किसी के नाम का प्रस्ताव नहीं रखा गया तो ‘‘सरमा को भाजपा विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुन लिया गया है।

शुक्रवार, 7 मई 2021

दिल्ली से दो पर्यवेक्षकों को असम भेजनें का ऐलान

गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव में गठबंधन दलों के साथ पूर्ण बहुमत हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यमंत्री के चयन को लेकर आपसी खींचतान में फंसी हुई है। मतगणना के 6 दिन बाद भी भाजपा अपने मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा नहीं कर पा रही है। समय बीतने के साथ भाजपा दो गुटों में बंटी नजर आ रही है। पार्टी ने  मुख्यमंत्री का नाम तय करने के लिए दिल्ली से दो पर्यवेक्षकों को असम भेजने का ऐलान किया है। लेकिन अभी तक पर्यवेक्षक असम नहीं पहुंचे हैं।
विधानसभा चुनाव के दौरान स्थानीय स्तर पर भाजपा ने मुख्य रूप से अपने वर्तमान मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के चेहरे के साथ ही तेजतर्रार और कद्दावर नेता डॉ हिमंत विश्वशर्मा को सामने रखकर प्रचार किया। चुनाव के आरंभ से ही स्थिति साफ होने लगी थी कि भाजपा एक बार फिर विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बिना ही चुनाव मैदान में उतरेगी। मुख्यमंत्री के नाम को लेकर पार्टी सवालों को पूरे चुनाव टालती रही। मतगणना के बाद भी पार्टी की स्थिति कमोबेश यही कायम है।
ऐसे में कयासों का बाजार गर्म होने लगा है कि भाजपा इस बार असम में अपने मुख्यमंत्री का चेहरा बदल सकती है। पार्टी में साफ तौर पर सोनोवाल और डॉ विश्वशर्मा के दो धड़े दिखाई दे रहे हैं। हालांकि भाजपा का कोई शीर्ष नेता हो या अन्य नेता, कोई भी इस बात को कहने के लिए तैयार नहीं है कि राज्य की कमान किसके हाथों में सौंपी जाएगी। सभी नेता सिर्फ एक ही बात कहते नजर आ रहे हैं पार्टी की केंद्रीय कमेटी जो निर्णय लेगी, उसको सभी स्वीकार करेंगे।
अंदरूनी तौर पर देखा जाए तो चुने हुए विधायक कहीं न कहीं दो खेमों में बंटे नजर आ रहे हैं। भाजपा से जुड़े कुछ संगठनों के वरिष्ठ नेताओं ने इशारों-इशारों में इस बात का संकेत किया है कि संभवतः राज्य की कमान इस बार डॉ. हिमंत विश्वशर्मा को सौंपी जा सकती है। इसके लिए पार्टी के अंदर एकराय बनती नजर आ रही है। जबकि सर्वानंद सोनोवाल को फिर से केंद्रीय कैबिनेट में स्थान दिया जा सकता है। हालांकि खुले तौर पर इस बात को कोई कहने के लिए तैयार नहीं है। वैसे दूसरी ओर सर्वानंद सोनवाल ने भी मुख्यमंत्री की गद्दी की लड़ाई को अभी तक छोड़ा नहीं है। चुनाव नतीजे आने के बाद भी अभी तक पुरानी सरकार भंग नहीं हुई है। अमूमन चुनाव परिणाम आने के दिन या दूसरे दिन पुरानी सरकारी इस्तीफा दे दिया करती है। 
न सिर्फ राज्य की जनता में बल्कि, भाजपा के कार्यकर्ताओं में भी नए मुख्यमंत्री की घोषणा को लेकर काफी उत्सुकता दिखाई दे रही है। इधर, गैर-भाजपा दलों में भी इस बात की उत्सुकता बनी हुई है कि सोनोवाल और डॉ विश्वशर्मा के बीच आखिर मुख्यमंत्री का उम्मीदवार पार्टी द्वारा कौन बनाया जाता है।
कांग्रेस, एआईयूडीएफ, बीपीएफ आदि दलों में भी तोड़फोड़ को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। विपक्षी दलों के बीच ऐसी आशंकाएं देखी जा रही है कि कहीं मुख्यमंत्री बनने के लिए विधायकों की संख्या दिखाने के लिए उनकी पार्टियों में तोड़फोड़ हो सकती है।
अपुष्ट सूत्रों का कहना है कि चुनाव से पूर्व विपक्षी दलों के कई विधायकों को चुनाव में टिकट प्राप्त करने और फिर चुनाव खर्च के लिए भाजपा नेताओं द्वारा सहायता दी गई थी। वहीं, नई बनने वाली सरकार में अच्छे पद का लोभ देकर विपक्षी विधायकों को तोड़े जाने की संभावना से कोई भी इनकार नहीं कर रहा है।

इस संदर्भ में उल्लेखनीय है कि असम की राजनीति में ऊपरी असम और निचले असम को लेकर हमेशा ही प्रतिस्पर्धा बनी रहती है। राज्य के  प्राख्यात कांग्रेस नेता डॉ भूमिधर बर्मन तथा सैयदा अनवरा तैमूर के अलावे आज तक निचले असम का कोई भी नेता मुख्यमंत्री नहीं बन सका। ऊपरी असम की एक लॉबी है जो फिर से सर्वानंद सोनोवाल को मुख्यमंत्री बनाने पर तुली हुई हैं। जबकि, पार्टी के अंदर और विधायकों के बीच डॉ. विश्वशर्मा अधिक लोकप्रिय हैं। राज्य की जनता के बीच भी सोनोवाल हिमंत की तुलना में अधिक लोकप्रिय नहीं हैं। यही वजह है कि उनके मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए भी भाजपा द्वारा बगैर मुख्यमंत्री के चेहरे के चुनाव लड़ा गया। 
चुनाव के लिए आर्थिक प्रबंधन से लेकर टिकटों के बंटवारे तथा अन्य दलों के साथ गठबधन के मुद्दे पर सोनोवाल के मुकाबले भाजपा द्वारा हिमंत को अधिक तरजीह दी गयी। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री के मुद्दे पर डॉ. विश्वशर्मा की राहों में सोनोवाल खेमा द्वारा यह कहकर रोड़ा अटकाया जा रहा है कि पार्टी के प्रति हिमंत की वफादारी पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। जिस कांग्रेस पार्टी ने हिमंत को अपना सर्वेसर्वा बना रखा था, वहीं हिमंत कांग्रेस को दगा दे गए। हिमंत के इस चरित्र से भाजपा को सावधान रहना चाहिए। वहीं, दूसरी ओर हिमंत के पक्ष में पार्टी के लोगों का यह कहना है कि हिमंत ने कांग्रेस को अपना सब कुछ दिया था, बावजूद इसके जब कांग्रेस ने उन्हें अपमानित करना शुरू कर दिया तब उन्होंने कांग्रेस को सबक सिखाए। अन्यथा दोबारा और फिर तीसरी बार कांग्रेस को सत्ता में लाने का श्रेय हिमंत को ही जाता ।
पार्टी से बगावत सोनोवाल ने भी किया था। असम गण परिषद ने सोनोवाल को जमीन से उठा कर सीधे सांसद बना दिया था। पार्टी में उन्हें अपमानित भी नहीं किया। बावजूद इसके जब पार्टी के लिए कुछ करने का समय आया तो सोनोवाल भाजपा में आ गए।
वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में यदि पार्टी के प्रति वफादारी की कसौटी पर कसा जाए तो असम ही नहीं, पूर्वोत्तर में भाजपा के नेताओं की संख्या नगण्य हो जाएगी। आज की राजनीति में वही शामिल होते हैं, जिनकी कुछ राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं होती हैं। ऐसे में यदि राजनीतिक महत्वाकांक्षा की पूर्ति के लिए नेता दल-बदल करते हैं तो देश की जनता उन्हें नकारती नहीं है। यह बात देश में अनेक बार साबित हो चुकी है। ऐसे में इस आधार पर हिमंत को भाजपा दरकिनार नहीं कर सकती है। विभिन्न तरीके से पार्टी के अंदर मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान चल रही है। पार्टी के कार्यकर्ता मानते हैं कि शीघ्र ही पार्टी नए मुख्यमंत्री की घोषणा कर देगी।

गुरुवार, 22 अप्रैल 2021

जांच से बचने के लिए एयरपोर्ट से भागे 300 यात्री

सिलचर। अनिवार्य कोविड-19 जांच से बचने के लिए बुधवार को असम के सिल्चर हवाई अड्डे पर 300 से अधिक यात्रियों ने हंगामा किया और वहां से भाग गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी और कहा कि इन लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू की जाएगी। कछार जिले के अतिरिक्त उपायुक्त सुमित सत्तवान ने बताया कि छह विमानों से देश के विभिन्न हिस्सों से कुल 690 यात्री सिल्चर हवाईअड्डे पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 जांच के लिए हवाईअड्डे पर तथा पास में स्थित तिकोल मॉडल अस्पताल में इन यात्रियों के नमूने लिए जाने थे। अधिकारी ने कहा, ”जांच शुल्क के लिए 500 रुपये के भुगतान को लेकर लगभग 300 यात्रियों ने इन दोनों स्थानों पर हंगामा किया।”

शनिवार, 10 अप्रैल 2021

गड़बड़: 4 केंद्रो पर दोबारा मतदान का आदेश दिया

गुवाहाटी। निर्वाचन आयोग ने असम के चार मतदान केन्द्रों पर 20 अप्रैल को दोबारा मतदान कराने का शनिवार को आदेश दिया है। आयोग ने असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे पत्र में कहा कि 20 अप्रैल को रताबाड़ी, सोनाई और हाफलोंग क्षेत्रों के चार मतदान केंद्रों पर दोबारा मत डाले जाएंगे। पत्र में कहा गया है कि आयोग ने एक अप्रैल को इन मतदान केन्द्रों पर डाले गए मतों को अमान्य घोषित कर दिया है। 

असम विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में एक अप्रैल को मतदान हुआ था। आयोग के आदेश में कहा गया है कि भाजपा उम्मीदवार की पत्नी से संबंधित कार में इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) मिलने के बाद रताबाड़ी (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र में स्थित इंदिरा एमवी स्कूल में मतदान केन्द्र संख्या 149 पर दोबारा चुनाव कराए जाएं।

बुधवार, 7 अप्रैल 2021

48 वर्षीय लेखिका के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज

दिसपुर। असम में 48 साल की एक महिला लेखिका के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज हुआ है। लेखिका शिखा शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सली हमले में शहीद हुए जवानों को लेकर फेसबुक पर कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट किया है। इस पोस्ट के बाद पुलिस ने उन्हें मंगलवार को गिरफ्तार किया। गत शनिवार को बीजपुर में नक्सलियों के घात लगाकर किए गए हमले में सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो के 22 जवान शहीद हो गए। 
रिपोर्टों के मुताबिक, आरोपी शिखा गुवाहाटी में रहकर लेखन कार्य करती हैं। गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने कहा, ‘शर्मा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 124-ए (देशद्रोह) सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हुआ है। शर्मा को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।‘ लेखिका सोशल मीडिया पर काफी मुखर हैं। उन्होंने सोमवार को फेसबुक पर कथित रूप से लिखा था, ‘कर्तव्य का पालन करते हुए जान गंवाने वाले वेतनभोगी पेशेवरों को शहीद नहीं कहा जा सकता। इस तर्क के आधार पर विद्युत विभाग में काम करने वाले कर्मचारी की बिजली के संपर्क में आने से यदि मौत हो जाती है  तो उसे भी शहीद का दर्जा देना चाहिए। मीडिया को लोगों की भावनाओं से नहीं खेलना चाहिए।

सोमवार, 5 अप्रैल 2021

मतदाता सूची में 90 नाम शामिल, 171 वोट पड़ें

हाफलौंग। असम के दीमा हसाओ जिले में एक मतदान केंद्र पर बड़ी अनियमितता का खुलासा हुआ है। यहां सिर्फ 90 मतदाता पंजीकृत हैं। लेकिन, कुल 171 वोट पड़े हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह मतदान केंद्र हाफलोंग विधानसभा क्षेत्र में है। इस जगह दूसरे चरण में एक अप्रैल को मतदान हुआ था। हाफलोंग में 74 प्रतिशत मतदान हुआ था। उन्होंने बताया, कि इस घटना के प्रकाश में आने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्र के पांच चुनाव अधिकारियों को निलंबित करके यहां दोबारा मतदान कराने का प्रस्ताव रखा है। यह मतदान केंद्र खोटलिर एलपी स्कूल के 107 (ए) में था। हालांकि, इस मतदान केंद्र पर दोबारा चुनाव कराने के लिए अभी आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।

रविवार, 4 अप्रैल 2021

कांग्रेस के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं: शाह

सरभोग। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को कांग्रेस के पास असम के विकास के लिए कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं होने का आरोप लगाया और कहा, कि राजग की ‘डबल इंजन की सरकार’ राज्य का विकास सुनिश्चित करेगी।

असम में चुनाव के तीसरे और आखिरी चरण के लिए प्रचार के अंतिम दिन बारपेटा जिले में शाह ने यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर लोगों पर शासन करने के लिए उन्हें बांटने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा तो ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र का पालन करती है।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा, ” कांग्रेस किसी भी समस्या का हल नहीं कर सकती है और उसके नेता राहुल गांधी राज्य में पर्यटक की तरह आते हैं। कांग्रेस के पास विकास के लिये कोई दृष्टि नहीं है।” उन्होंने कहा, ” मैं पांच साल पहले आपके पास आया था और आपसे प्रधानमंत्री के प्रति विश्वास जताने की अपील की थी एवं वादा किया था कि हम हिंसा एवं प्रदर्शन पर पूर्ण विराम लगा देंगे। राज्य में भाजपा की सरकार और मोदीजी ने पिछले पांच सालों में यह सुनिश्चित किया और अब राज्य प्रगति एवं विकास के पथ पर चल रहा है।”

शनिवार, 3 अप्रैल 2021

चांदमारी में भाजपा गठबंधन की जीत का दावा किया

गुवाहाटी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को असम के पटाचारकुची, बोको और गुवाहाटी के चांदमारी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा गठबंधन की जीत का दावा किया। नड्डा ने कहा, असम में दो चरणों के हुए मतदान के फीडबैक के आधार पर यह स्पष्ट है कि भाजपा-नीत गठबंधन भारी बहुमत से जीतेगा और फिर सरकार बनाएगा।

नड्डा ने कहा, असम में एक ओर विकास एवं असम की संस्कृति के संरक्षण के प्रति समर्पित भाजपा, एजीपी और यूपीपीएल का गठबंधन है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस-एआईयूडीएफ की जोड़ी है जिसका इरादा असम की जनता की सेवा और विकास नहीं, बस किसी भी तरह सत्ता हथियाना है। 

ऐसे में मानसिक दिवालिएपन की शिकार कांग्रेस देश में अवसरवादी राजनीति की पर्याय बन चुकी है। केरल में कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टियों के खिलाफ चुनाव लड़ रही है तो असम और पश्चिम बंगाल में वह कम्युनिस्टों के गले लग रही है। कांग्रेस अब साम्प्रदायिक पार्टी बन गई है। केरल में कांग्रेस ने मुस्लिम लीग के साथ समझौता किया तो बंगाल में उसने फुरफुरा शरीफ के मौलाना के साथ गठबंधन किया है। 

असम में कांग्रेस यहां की पहचान ‘गामोछा’ का अपमान करने वाले बदरुद्दीन अजमल के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। वर्ष 2006 में कांग्रेस नेता तरुण गोगोई ने कहा था- हू इज बदरुद्दीन अजमल और 2021 में उन्हीं तरुण गोगोई का बेटा; बदरुद्दीन अजमल को गले लगाते हुए कहता है - ही इज बदरुद्दीन अजमल। आखिर ये रिश्ता क्या कहलाता है? राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, कुछ नेता पॉलिटिकल टूरिस्ट होते हैं जो चुनाव के समय ही दिखते हैं- ये कभी मंदिर जाते हैं तो कभी चंडी पाठ करते हैं, कभी जनेऊ धारण करते हैं तो कभी अपना गोत्र बताने लगते हैं।

आखिर ऐसे नेताओं को चुनाव के समय ही ऐसी बातें क्यों याद आती है? उन्होंने कहा, जो असम के गमोछा का अपमान करे, जो धर्म के आधार पर राजनीति करे, जो अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दे, ऐसे बदरुद्दीन अजमल असम की पहचान कभी नहीं हो सकते। लेकिन, राहुल गांधी-प्रियंका वाड्रा अजमल को असम की पहचान बताते हैं, यह असम की जनता का अपमान है। कांग्रेस नेता असम आते हैं और चाय बागान के बैकग्राउंड के साथ सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करते हैं लेकिन चाय बागान की फोटो कभी ताइवान का निकलता है तो कभी श्रीलंका का। नड्डा ने कहा, सच्चाई यह है कि राहुल-प्रियंका सहित कांग्रेस के तमाम नेताओं को असम के विकास से कोई लेना-देना नहीं है, वे तो बस असम की जनता का वोट हड़पना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, अभी हाल ही में कांग्रेस की एक नेत्री आईं और चाय बागान में जाकर मार्च के महीने में पत्ती तोड़ने की एक्टिंग कर फोटो खिंचाने लगीं जबकि, पत्तियां तोड़ने का समय तो अप्रैल में आता है। अब अप्रैल आ गया है, पत्तियां भी टूटेंगी और जनता भाजपा के पक्ष में मतदान भी करेगी। उन्होंने कहा, यह भाजपा है जिसने कभी भी किसी को विकास के लिए धर्म, जाति या क्षेत्र के नाम पर बंटने नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने सबको साथ लेते हुए सबका विकास किया है और सबका विश्वास भी अर्जित किया है। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा, हम असम को विकसित प्रदेश बनाने के लिए 10 संकल्प लेकर आये हैं। अगले पांच वर्षों में हम असम को बाढ़-मुक्त प्रदेश बनायेंगे। 

आठवीं कक्षा से ऊपर की छात्राओं को मुफ्त साइकिल दी जायेगी। अरुणोदय योजना के तहत असम की 30 लाख बहनों को तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी। हमने असम की अस्मिता को भी बचाया और बोडो क्षेत्र की आकांक्षाओं को भी पूरा करने का प्रयास किया है। भूमिहीन लोगों को जमीन का पट्टा देने का हमने संकल्प लिया है। 
हमारी सरकार दो लाख सरकारी नौकरियों और प्राइवेट सेटर में 08 लाख रोजगार का सृजन करेगी। एक लाख सरकारी नौकरियां तो अप्रैल 2022 से पहले ही उपलब्ध करा दी जायेंगी। बोडो शांति समझौते के तहत यहां 1500 करोड़ रुपये का पैकेज दिए गए। पिछले पांच वर्षों में लगभग 2000 उग्रवादियों ने हथियार डाले हैं और 4000 से अधिक असॉल्ट राइफल सरेंडर हुए हैं। हथियार छोड़ कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो रहे लोगों के पुनर्वास के लिए भी कई कार्यक्रम चलाये गए हैं। नड्डा ने कहा, डॉ. मनमोहन सिंह 10 वर्षों तक प्रधानमंत्री रहे और वे असम का ही प्रतिनिधित्व करते थे, लेकिन वे असम को गैस की रॉयल्टी भी नहीं दिला सके। जबकि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गैस रॉयल्टी के रूप में 8000 करोड़ रुपये देकर असम को उसका अधिकार दिया।

शुक्रवार, 2 अप्रैल 2021

वोटिंग मशीन ही शक के दायरे में, बचा क्या: प्रियंका

हरिओम उपाध्याय   

दिसपुर। असम में दूसरे चरण के मतदान के खत्म होते ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर छा गया। जिसमें पथरकंडी से बीजेपी उम्मीदवार की कार में कथित रूप से ईवीएम मशीनें देखी जा रही हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के नेताओं ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाकर वीडियो की जांच कराने की मांग की है। यह वीडियो असम के स्थानीय पत्रकार अतानु भूयन ने अपने ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा पथरकंडी से बीजेपी उम्मीदवार कृष्णेंदु पॉल की कार से ईवीएम मिलने के बाद स्थिति तनावपूर्ण है। देखते ही देखते कई कांग्रेस नेताओं ने इसे शेयर करके बीजेपी पर निशाना साधा। हालांकि अभी बीजेपी या चुनाव आयोग की तरफ से कई पर कोई बयान नहीं आया है।वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?

वीडियो में दिख रहा है कि सफेद रंग की जीप (जिसका नंबर AS 10B 0022 है) के अंगर ईवीएम देखी जा रही है। वीडियो में लोग यह कहते सुने जा रहे हैं कि जीप कृष्णेंदु पॉल की है। इसके बाद कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरोदलई से लेकर गौरव गोगोई ने इस पर ट्वीट किया और बीजेपी ने ईवीएम लूटने का आरोप लगाया।

हर बार सामने आते हैं ऐसे वीडियो: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'हर बार ऐसे वीडियो सामने आते हैं जिनमें प्राइवेट गाड़ियों में ईवीएम ले जाते हुए पकड़े जाते हैं। अप्रत्याशित रूप से उनमें कुछ चीजें कॉमन होती है- गाड़ियां बीजेपी उम्मीदवार या उनके साथियों से जुड़ी होती हैं। वीडियो एक घटना के रूप में सामने आते हैं और फिर झूठ बताकर खारिज कर दिया जाता है।'

वीडियो एक्सपोज करने वालों को ही आरोपी बना देती है बीजेपी'

प्रियंका ने आगे लिखा, 'बीजेपी अपनी मीडिया मशीनरी का इस्तेमाल करके उन्हें ही आरोपी ठहरा देती है जिन्होंने वीडियो एक्सपोज किए। फैक्ट यह है कि ऐसे कई सारी घटनाएं रिपोर्ट की जा रही हैं लेकिन इन पर कुछ नहीं किया जा रहा है। चुनाव आयोग को इन शिकायतों पर निर्णायक रूप से कार्रवाई शुरू करने की आवश्यकता है और सभी राष्ट्रीय दलों को ईवीएम के इस्तेमाल की जरूरतों पर एक गंभीर पुनर्मूल्यांकन करना चाहिए।'

ईवीएम पर ही शक हो जाए तो बचा क्या?'

शशि थरूर ने ट्वीट किया, 'यह काफी चौंकाने वाला है। भारत की लोकतांत्रिक संस्कृति में आलोचकों का भी मानना है कि कम से कम चुनाव मुक्त और निष्पक्ष हों लेकिन हम चुनावी निरंकुश बन चुके हैं। अगर ईवीएम ही संदिग्ध हो जाए तो बचा क्या? चुनाव आयोग को इस पर तुरंत सार्वजनिक जांच करानी चाहिए।'

सिर्फ ईवीएम लूटकर ही जीत सकती है बीजेपी'

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने ट्वीट किया, 'सिर्फ इसी रास्ते से बीजेपी असम जीत सकती है- ईवीएम लूटकर। ईवीएम कैप्चरिंग, जैसे बूथ कैप्चरिंग हुआ करती थी। यह सब चुनाव आयोग की नाक के नीचे हो रहा है। लोकतंत्र के लिए दुखद दिन।'

असम आपको कभी माफ नहीं करेगा'

असम से कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदलोई ने ट्वीट किया, 'बीजेपी अनुशासित रूप से यह स्वीकार क्यों नहीं कर पा रही है कि वे असम चुनाव हार रहे हैं। ईवीएम चोरी करना और रिजल्ट में हेराफेरी आपके लिए अच्छा नहीं है। अगर चुनाव आयोग ने आपको माफ कर भी दिया तो भी असम कभी इसके लिए क्षमा नहीं करेगा।

गुरुवार, 1 अप्रैल 2021

एनडीए ने असम को शांति और सम्मान की सौगात दीं

कोकराझार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कहा, कि उसने अपने लंबे शासन के दौरान असम को बम, बंदूक और ब्लॉकेड में झोंक दिया था। जबकि, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने इस राज्य को शांति और सम्मान की सौगात दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा, “ मुझे संतोष है कि 2016 में बीटीआर में शांति और विकास का जो वादा हमने किया था, उसे लेकर हमने बहुत ईमानदार प्रयास किया है। कांग्रेस के लंबे शासन ने असम को बम, बंदूक और ब्लॉकेड में झोंक दिया था। एनडीए ने असम को शांति और सम्मान की सौगात दी है।

रविवार, 28 मार्च 2021

कांग्रेस असम की रक्षा नहीं कर सकती: गृहमंत्री

गुवाहाटी। केंद्रीय गृह मंत्री व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को असम में चुनावी जनसभा में श्रीमंत शंकरदेव व मां कामाख्या को याद किया। उन्होंने असमिया संस्कृति की रक्षा करने का उल्लेख करते हुए कहा कि असम की रक्षा कांग्रेस पार्टी बदरुद्दीन अजमल के साथ हाथ मिलकर कभी नहीं कर सकती। उन्होंने आहोम सेनानी लाचित बरफूकन को याद करते हुए असम की रक्षा का जिक्र किया। कामरूप (ग्रामीण) जिला के कमलपुर में पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करने के बाद मोरीगांव जिला के जागीरोड विधानसभा क्षेत्र में दूसरी जनसभा को संबोधित किया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनसभा में इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित जनता ने यह साबित कर दिया है कि असम में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। असम में पहले चरण में 27 मार्च को होने वाले मतदान के लिए 47 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार समाप्त हो गया है। 01 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होगा। अमित शाह, असम में कुल चार चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने के लिए पहुंचे हैं। जिसमें कमलपुर, जागीरोड, पथारकांदी और सिलचर की जनसभाएं शामिल हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मातृ भूमि की रक्षा के लिए बरफूकन के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा, राहुल गांधी कहते हैं कि बरदरुद्दीन अजमल असम की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि असम की पहचान श्रीमंत शंकरदेव, लाचित बरफूकन पहचान हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई बरदरुद्दीन अजमल को कभी स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जितना भी जोर लगा लगे हम बदरुद्दीन अजमल को असम की पहचान नहीं बनने देंगे। उन्होंने कहा कि असम में घुसपैठियों को रोकने के लिए हम दृढ़ संकल्पित हैं। असम में अगर बदरुद्दीन अजमल की सरकार बनी तो घुसपैठियों को रोकना मुश्किल होगा। अमित शाह ने कमलपुर में केंद्र सरकार की ओर से बिजली, शौचालय, घर, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, नागरिक प्रशासन, एम्स समेत अन्य विकास कार्यों का जिक्र करते हुए असम सरकार के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने केंद्र के घोषणा पत्र और भाजपा के संकल्प पत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि असम सरकार ने कोरोना महामारी से असम को बचाने के लिए काफी बेहतर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में ढेर सारे काम किया है। यह विकास का सिलसिला आगे भी जारी रहने वाला है। उन्होंने कहा कि आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्राओं को साइकिल देंगे। 12वीं पास करने वाली छात्राओं को स्कूटी देंगे। दो लाख सरकारी व पांच लाख निजी क्षेत्र में नौकरियां देंगे। ब्लाक स्पतालों के बेड को दोगुना करेंगे। इसके अलावा अन्य कई चुनावी घोषणाएं की। प्रधानमंत्री मंत्री किसान सम्मान निधी में दो हजार रुपये और असम सरकार जोड़कर आठ हजार दी जाएगी। चाय जनजातियों के विकास के साथ ही लव जिहाद और लैंड जिहाद के विरूद्ध कड़ा कानून बनाने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि राज्य के सभी नामघरों के विकास के लिए ढ़ाई-ढ़ाई लाख रुपये दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि असम को आतंकवाद मुक्त बनाया है। असम को अब बेरोजगारी मुक्त बनाएंगे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवारों को जिताने का आह्वान किया। अमित शाह ने इलाके के दो भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने असम को बढ़ा मुक्त, घुसपैठ मुक्त, बेरोजगारी मुक्त बनाने का आश्वासन दिया।

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा

'संविधान' का रक्षक इंडिया समूह, भक्षक भाजपा  संदीप मिश्र  शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि मौजूदा...