शुक्रवार, 21 अक्तूबर 2022

उसके जो मन में आता है, बोलता रहता है: नीतीश

उसके जो मन में आता है, बोलता रहता है: नीतीश 

अविनाश श्रीवास्तव 

पटना। नीतीश कुमार के अभी भी भाजपा के संपर्क में होने के राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर के दावे को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि ‘‘उसके जो मन में आता है, बोलता रहता है।’’ गौरतलब है कि राजनीतिक रणनीतिकार किशोर ने बृहस्पतिवार को दावा किया था कि कुमार ‘‘अभी भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संपर्क में हैं और अगर परिस्थितियां बनती हैं तो वह फिर पार्टी के साथ गठबंधन कर सकते हैं।’’

किशोर के इस दावे पर पत्रकारों के सवाल के जवाब में नीतीश ने कहा, ‘‘मैं इस पर क्या कहूं। उसके जो मन में आता है, बोलता रहता है। वह सिर्फ पब्लिसिटी (प्रचार) के लिए ऐसे बयान देता है। सभी को पता है कि वह किस पार्टी के लिए काम करता रहता है।’’ गौरतलब है कि किशोर ने बुधवार को कहा था कि जदयू (जनता दल यूनाइटेड) के सांसद और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के माध्यम से नीतीश कुमार अभी भी भाजपा के संपर्क में बने हुए हैं।

वहीं, किशोर ने पश्चिम चंपारण में बुधवार को जनसभा में आरोप लगाया था, ‘‘भाजपा के साथ संबंध तोड़ने के बाद नीतीश कुमार को हरिवंश से पद छोड़ने को कहना चाहिए था। अगर वह पद पर बने रहने की जिद कर रहे थे तो उन्हें जदयू से निकाला जा सकता था। लेकिन नीतीश कुमार भविष्य के लिए यह विकल्प खुला रखे हुए हैं।’’ किशोर तीन सप्ताह लंबी ‘पदयात्रा’ के दौरान पश्चिम चंपारण में थे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वह जो भी बोलना चाहता है, बोलने दीजिए। हमारा उससे कोई मतलब नहीं है। वह मेरे साथ काम करता था। लेकिन मैंने जिन लोगों की इज्जत की है उन्होंने मेरे साथ कितना दुर्व्यवहार किया है, ये तो आपको पता ही है ना।’’

खुद को उच्च न्यायालय का न्यायाधीश बताकर बिहार के पुलिस प्रमुख (पुलिस महानिदेशक) को कॉल करके शराब व्यापार के मामले में आरोपी निलंबित आईपीएस अधिकारी से साथ नरमी बरतने को कहने वाले ठग के संबंध में सवाल करने पर नीतीश कुमार ने कहा, ‘‘पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आईपीएस अधिकारी के अलावा अन्य सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। डीजीपी ने समय रहते मामले का खुलासा कर लिया था।’’

राज्य पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने ठग अभिषेक अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया था जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया। अग्रवाल को धोखाधड़ी, दूसरे का वेश धरने, सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने और साइबर अपराध के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बिहार में अति पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सीटों के साथ निकाय चुनाव होने के संबंध में पटना उच्च न्यायालय के फैसले से जुड़े सवालों पर मुख्यमंत्री कुमार ने कहा, ‘‘बिहार देश का पहला राज्य है जिसने अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए सीटें आरक्षित की हैं। हम पटना उच्च न्यायालय के इस फैसले का स्वागत करते हैं और जल्दी ही (चुनावी) प्रक्रिया शुरू करेंगे।’’

23 को अयोध्या के 'दीपोत्सव' में शामिल होंगे पीएम 

23 को अयोध्या के 'दीपोत्सव' में शामिल होंगे पीएम 

उमर सिंह 

अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दीपावली की पूर्व संध्या यानी नरक चतुर्दशी पर 23 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश में अयोध्या के दीपोत्सव में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री शाम करीब पांच बजे भगवान श्री रामलला विराजमान के दर्शन और पूजा करेंगे तथा इसके बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र स्थल का निरीक्षण करेंगे। पीएम ग्रैंड म्यूजिकल लेजर शो के साथ-साथ सरयू नदी के तट पर राम की पैड़ी में 3-डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो भी देखेंगे।

शाम लगभग 5:45 बजे प्रधानमंत्री प्रतीकात्मक भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक करेंगे और शाम लगभग 6:30 बजे सरयू नदी के न्यू घाट पर आरती देखेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री द्वारा भव्य दीपोत्सव समारोह की शुरुआत की जाएगी। इस वर्ष दीपोत्सव का छठा संस्करण आयोजित किया जा रहा है और यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री इस समारोह में व्यक्तिगत रूप से भाग लेंगे।

इस अवसर पर 15 लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे। दीपोत्सव के दौरान विभिन्न राज्यों के विभिन्न नृत्य रूपों के साथ पांच एनिमेटेड झांकियां और 11 रामलीला झांकियां भी प्रदर्शित की जायेंगी। श्री मोदी भव्य म्यूजिकल लेजर शो के साथ-साथ सरयू नदी के तट पर राम की पैड़ी में 3-डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो भी देखेंगे।

ताजमहल के 22 कमरों को खोलने की मांग, खारिज

ताजमहल के 22 कमरों को खोलने की मांग, खारिज 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने ताजमहल के 22 बंद कमरों को खोलने की मांग वाली याचिका को शुक्रवार को खारिज कर दिया है। बता दें कि इससे पहले इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने इस याचिका को खारिज किया था। साथ ही कहा था कि याचिकाकर्ता को जाकर इतिहास का अध्ययन करना चाहिए। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करते हुए कहा कि हाई कोर्ट ने बिल्कुल सही फैसला किया था। याचिका जनहित की बजाय, प्रचार के लिए दाखिल की गई लगती है।

याचिकाकर्ता ने SC में दी थी चुनौती
मालूम हो कि इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच से याचिका खारिज होने के बाद याचिकाकर्ता के वकील रुद्र विक्रम सिंह ने कहा सुप्रीम कोर्ट में आदेश को चुनौती दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने भी इसे खारिज कर दिया है। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा था कि कमरे को खोलने की मांग के लिए किसी भी ऐतिहासिक शोध की जरूरत है, हम रिट याचिका पर विचार करने में सक्षम नहीं हैं, यह याचिका खारिज की जाती है।

तथ्य खोज समिति के गठन की मांग
जस्टिस एमआर शाह और जस्टिस एमएम सुंदरेश की पीठ ने याचिका को ‘पब्लिसिटी इंटरेस्ट लिटिगेशन’ करार देते हुए खारिज कर दिया। पीठ ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया, जिसने मार्च 2022 में याचिकाकर्ता की याचिका को खारिज कर दिया था। वहीं, याचिकाकर्ता ने ताजमहल के वास्तविक इतिहास की स्टडी करने और विवाद को शांत करने और स्पष्ट करने के लिए एक तथ्य खोज समिति के गठन की मांग की।

दशकों से बंद हैं दरवाजे
गौरतलब है कि दायर याचिका में ताजमहल में मौजूद 22 कमरों को खोलने की मांग की गई है। इससे पता चल सके कि इनके अंदर किसी देवी देवता की मूर्ती या शिलालेख है या नहीं। ताजमहल के ये 22 कई दशकों से बंद हैं। इतिहासविदों के अनुसार कहा जाता है कि मुख्य मकबरे और चमेली फर्श के नीचे 22 कमरे हैं, जो अभी तक बंद है।

छठ पर्व के दौरान यमुना नदी प्रदूषित नहीं हो: सीएम 

छठ पर्व के दौरान यमुना नदी प्रदूषित नहीं हो: सीएम 

अकांशु उपाध्याय 

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है कि छठ पर्व के दौरान यमुना नदी प्रदूषित नहीं हो। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘यमुना के घाटों पर पहले की तरह छठ पर्व मनाया जाएगा। सभी अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि यमुना प्रदूषित ना हो, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रबंध किए जाएं।’

बता दें कि  छठ पर्व 30 और 31 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस पर्व में उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह पर्व दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल के लोगों में काफी लोकप्रिय है।

सीएम योगी ने शहीद पुलिसकर्मियों को नमन किया

सीएम योगी ने शहीद पुलिसकर्मियों को नमन किया

संदीप मिश्र 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर राजधानी में पुलिस लाइन के ग्राउंड पर शहीद पुलिसकर्मियों को नमन किया। पुलिस स्मृतिका पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस को देश का सर्वाेत्तम पुलिस बल बताते हुए उनके लिए कुछ राहत भरी घोषणाओं का पिटारा भी खोल दिया। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक तथा प्रमुख सचिव सचिव गृह भी मुख्यमंत्री के साथ रहे। 

शुक्रवार को पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर पुलिस लाइंस ग्राउंड पर आयोजित किए गए कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक देवेंद्र सिंह चौहान तथा प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद के साथ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद हुए पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस को देश का सर्वाेत्तम पुलिस बल बताते हुए पुलिसकर्मियों के मोटरसाइकिल भत्ते को बढ़ाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को अब प्रति माह 500 रूपये मोटर साइकिल भत्ता दिया जाया करेगा। 

पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के 200 रूपये साइकिल भत्ते को बढ़ाकर 500 रूपये मोटरसाइकिल का भत्ता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते वर्ष 7 बलिदानी पुलिसकर्मियों को नमन करने के साथ ही उनके परिवारजनों से भेंट की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिवारजनों को सम्मानित भी किया।

खुद को मरा दिखाने वाला इनामी बदमाश लंगड़ा हुआ 

खुद को मरा दिखाने वाला इनामी बदमाश लंगड़ा हुआ 

भानु प्रताप उपाध्याय 

मुजफ्फरनगर। शिक्षक की हत्या करने के बाद फरार होते हुए खुद को मरा दिखाने वाला 50000 का इनामी बदमाश पुलिस के साथ हुए एनकाउंटर में लंगड़ा हो गया है। अरेस्ट किए गए बदमाश को फिलहाल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हत्यारोपी के पास बाइक के अलावा एक तमंचा, दो जिंदा तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी जानसठ शकील अहमद एवं प्रभारी निरीक्षक विश्वजीत सिंह की अगुवाई में जानसठ पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई।

चेकिंग के दौरान हुए इस एनकाउंटर में बाइक पर सवार होकर आ रहा बदमाश पुलिस द्वारा रोके जाने पर फायरिंग करते हुए मौके से भाग लिया। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए खतौली-मीरापुर मार्ग पर बदमाश की घेराबंदी कर ली। पुलिस की ओर से मीरापुर दलपत पुलिया के समीप चलाई गई गोली से बदमाश लंगड़ा होकर जमीन पर गिर पड़ा। घायल हुए बदमाश के पास से तलाशी लिये जाने पर पुलिस ने एक बाइक एक तमंचा तथा दो जिंदा एवं दो खोखा कारतूस बरामद किए है। पूछताछ किए जाने पर बदमाश ने अपना नाम अजय उर्फ अजीत पुत्र किरण सिंह निवासी राज नगर एक्सटेंशन थाना बापूधाम गाजियाबाद हाल निवासी वंडर सिटी थाना कंकरखेड़ा मेरठ बताया। छानबीन किए जाने पर पता चला एनकाउंटर में लंगड़ा कर गिरफ्तार किया गया बदमाश एक शिक्षक की हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गया था। बाद में तिकड़म भिडाते हुए बदमाश ने शातिराना तरीके से खुद को मरा हुआ दिखा दिया था। पुलिस ने घायल हुए बदमाश को फिलहाल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

किशोरी का अपहरण कर बलात्कार, 10 साल कैद

किशोरी का अपहरण कर बलात्कार, 10 साल कैद

अतुल त्यागी 

हापुड़। सामान खरीदने के लिए बाजार गई किशोरी का अपहरण करने के बाद उसके साथ बलात्कार करने के आरोपी को दोषी पाते हुए अदालत द्वारा उसे 10 साल कैद की सजा सुनाई गई है। दोषी को अर्थदंड से दंडित करते हुए उसके ऊपर 10,000 का जुर्माना भी लगाया गया है जिला एवं सत्र न्यायालय की विशेष पॉक्सों अदालत की ओर से दिए गए एक बड़े फैसले के अंतर्गत तकरीबन 6 साल पहले हुए किशोरी के अपहरण और उसके साथ बलात्कार करने के मामले में आरोपी युवक को दोषी करार देते हुए अदालत द्वारा दोषी को 10 वर्ष कैद की सजा सुनाई गई है।

दोषी को अर्थदंड से दंडित करते हुए अदालत द्वारा उसे 10000 रूपये के अर्थदंड से भी दंडित किया गया है। अभियोजन की कहानी के अनुसार हापुड कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली 15 वर्षीय लड़की वर्ष 2016 की 7 दिसंबर को बाजार में सामान खरीदने के लिए गई थी। इसी दौरान कॉलोनी में रहने वाले योगेश कश्यप ने किशोरी का अपहरण कर लिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दे दिया।

रात के समय किसी तरह से किशोरी अपने घर पहुंची और परिजनों को अपने साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी दी। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही में जुट गई थी। उसी समय से यह मामला अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विशेष पॉक्सो श्वेता दीक्षित की अदालत में चल रहा था। बृहस्पतिवार की देर रात शाम हुई इस मामले की सुनवाई में दोषी पाए गए योगेश कश्यप को दोषी करार देते हुए उसे 10 वर्ष कैद की सजा सुनाई गई है।

पंजाब किंग्स ने जीता टॉस, गेंदबाजी का फैसला

पंजाब किंग्स ने जीता टॉस, गेंदबाजी का फैसला  इकबाल अंसारी  चेन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और पं...