सोमवार, 11 अक्तूबर 2021

सरकार के खिलाफ जनसमर्थन हासिल का प्रयास

हरिओम उपाध्याय        

लखनऊ। कानून व्यवस्था की बदहाली के आरोप के चलते 2017 में उत्तर प्रदेश की सत्ता गंवाने वाली समाजवादी पार्टी (सपा) लगभग पांच साल के लंबे अंतराल के बाद विजय रथ यात्रा के जरिये इसी मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ जनसमर्थन हासिल करने का प्रयास करेगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की अगुवाई में विजय रथ यात्रा का आगाज औद्योगिक नगरी कानपुर से 12 अक्टूबर को होगा। विधानसभा चुनाव तक चरणबद्ध तरीके से चलने वाली यह यात्रा प्रदेश की हर विधानसभा में तहसील कस्बे का भ्रमण करेगी। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की कई जनसभायें होंगी जिसमें भाजपा सरकार की विफलताओं और कारगुजारियों का खुलासा किया जायेगा।

पार्टी सूत्रा के मुताबिक रथ यात्रा के दौरान किसानों की समस्या के प्रति सरकार के उदासीन रवैये, लखीमपुर,हाथरस और महोबा की आपराधिक घटनाओं का जिक्र होगा वहीं महिला सुरक्षा, बेरोजगारी,महंगाई और भाजपा की वादाखिलाफी पर सपा अध्यक्ष अपने सुर मुखर करेंगे। उन्होने बताया कि किसान, नौजवान, दलित, शोषित, वंचित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक एवं सभी वर्गों को न्याय दिलाने के लिए अत्याचारी और अहंकारी सत्ता के खिलाफ विजय रथ यात्रा के पहले चरण का आगाज कानपुर नगर, कानपुर देहात, हमीरपुर और जालौन से होगा। उन्नाव के रास्ते लखनऊ से चलकर विजय रथ का स्वागत गंगा पुल पर किया जायेगा जिसके बाद विधिवत यात्रा की शुरूआत हो जायेगी। सुबह साढ़े 11 बजे कानपुर के नौबस्ता में श्री यादव जनता के बीच पहुंचेंगे जबकि यहां से चलकर विजय रथ दो बजे घाटमपुर के नेवेली लिग्नाइट, बिजली घर पहुंचेगा।

दुष्कर्म के मामले में 8 आरोपियों को अरेस्ट किया

कविता गर्ग    
मुंबई। महाराष्ट में इगतपुरी और कसारा रेलवे स्टेशनों के बीच लखनऊ-मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन में 20 वर्षीय एक युवती के साथ किए गए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना शुक्रवार रात हुई।
आरोपी मुंबई आ रही ट्रेन में इगतपुरी स्टेशन से चढ़े। यह कथित अपराध तब हुआ जब ट्रेन घाट खंड से गुजर रही थी। पुलिस ने तब इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया था। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस मामले में अब सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपियों की पहचान प्रकाश उर्फ पाक्या दामू पारधी (20), अरशद शेख (19), अर्जुन उर्फ पाव्या सुभाष सिंह परदेशी (20), किशोर नंदू सोनवाने उर्फ कालिया (25), काशीनाथ रामचंद्र तेलम काश्या (23), आकाश शेनोर उर्फ आक्या (20), धनंजय भगत उर्फ गुड्डू (19) और राहुल आडोले उर्फ राहुल्या (22) के रूप में हुई है। सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी के अनुसार, ट्रेन में चढ़ने से पहले आरोपियों ने गांजा का सेवन किया था।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की ट्रेन में लूटपाट की योजना नहीं थी। लेकिन, ट्रेन में चढ़ने के बाद आरोपियों में से एक ने चाकू दिखा कर एक यात्री का सामान लूटने की कोशिश की। भयभीत यात्री ने उन्हें नकदी दे दी। आरोपियों का हौसला बढ़ गया और उन्होंने अन्य यात्रियों को भी चाकू दिखा कर धमकाने का प्रयास किया। उन्हें लगा था कि अंधेरे में उनकी पहचान नहीं हो पाएगी।
पुलिस उपायुक्त (जीआरपी) मनोज पाटिल ने बताया कि इस मामले से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में से चार का आपराधिक रिकॉर्ड है जबकि बाकी के खिलाफ पहले से कोई मामला दर्ज नहीं है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने 16 यात्रियों से नकदी लूटी और नौ मोबाइल फोन छीन लिए। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने 20 वर्षीय महिला से दुष्कर्म किया।

मुंबई: घरेलू विवाद के चलते गला दबाकर हत्या की

कविता गर्ग           
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 35 वर्षीय एक महिला ने अपने पति की घरेलू विवाद के चलते कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। निजामपुर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार रात भिवंडी शहर के कल्हेर इलाके में दम्पति के घर पर हुई।
महिला को सोमवार तड़के गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि महिला का पति एक मजदूर था और उसे शराब पीने की लत थी। दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों पर भी झगड़ा होता रहता था। रविवार को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद महिला ने कथित तौर पर अपने पति की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी।
अधिकारी ने बताया कि पड़ोसियों ने पुलिस को आधी-रात को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद महिला को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूरदराज के क्षेत्रों तक सेवाओं की बढ़ेंगी पहुंच, आदेश

अकांशु उपाध्याय      
नई दिल्ली। संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और दूरसंचार के मेल से देश के दूरदराज के क्षेत्रों तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और समावेशी विकास में मदद मिलेगी। वैष्णव ने कहा कि सरकार इस क्षेत्र में सुधार और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
साथ ही मंत्री ने उद्योग जगत से दुनिया भर में इस्तेमाल में लाए जा रहे सबसे अच्छे तरीकों का अध्ययन करने और नीति तैयार करने में योगदान के लिए सुझाव देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “यह बहुत साफ है कि अंतरिक्ष और दूरसंचार मिलकर हमें उन क्षेत्रों तक पहुंचने में मदद कर सकते हैं जहां पहुंचना परंपरागत रूप से आसान नहीं है। जैसे वन क्षेत्र, आदिवासी क्षेत्र जो काफी दूरदराज की जगहों पर बसे हैं।
हमारे देश के पूर्वोत्तर के हिस्सों में, हिमालयी खंड, रेगिस्तानी इलाके.. इनमें से कई खंड जहां पारंपरिक तरीकों से डिजिटल सेवाएं नहीं पहुंच पायी हैं, मुझे उम्मीद है कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकियों के साथ हम उन क्षेत्रों तक पहुंचने में सक्षम होंगे।” मंत्री ने अंतरिक्ष एवं उपग्रह कंपनियों के संगठन इंडियन स्पेस एसोसिएशन की शुरुआत पर एक कार्यक्रम में कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और दूरसंचार की संयुक्त शक्ति भी समावेशी विकास की दिशा में “बड़े पैमाने पर” योगदान देगी।
उन्होंने साथ ही कहा, “हमारी सरकार की सोच काफी खुली हुई हैं। हम इस क्षेत्र में सुधार करना चाहते हैं और सभी को समान अवसर प्रदान करना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि इस क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा हो। इसलिए आप सिफारिशें दें जिनसे इस दिशा में नीति बनाने में हमें मदद मिलेगी।”

कई बड़े देशों ने अंतरिक्ष क्षेत्र में तेजी से प्रगति की

अकांशु उपाध्याय        
नई दिल्ली। भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने सोमवार को कहा कि भारती ग्रुप की अनुषंगी वनवेब इसरो की सुविधाओं के माध्यम से भारतीय जमीन से उपग्रह प्रक्षेपण करने वाली पहली निजी कंपनी होगी। अंतरिक्ष और उपग्रह कंपनियों के संगठन इंडियन स्पेस एसोसिएशन शुरू करने के मौके पर मित्तल ने कहा कि कंपनी की 2022 के मध्य से वनवेब उपग्रह के माध्यम से देश में कनेक्टिविटी प्रदान करने की शुरुआत करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि वनवेब भारतीय अंतरिक्ष बाजार में वाणिज्यिक स्थिति का निर्माण करने वाला पहला ग्राहक होगा। मित्तल ने कहा कि वनवेब भारतीय जमीं से उपग्रहों के प्रक्षेपण के लिए इसरो के जियोसिन्क्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (जीएसएलवी) मार्क 3 रॉकेट का इस्तेमाल करेगी।
वनवेब के फिलहाल अंतरिक्ष में 322 उपग्रह हैं। मित्तल ने कहा कि कई बड़े देशों ने अंतरिक्ष क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है और सरकार की मदद के बिना यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी इस नयी पहल के साथ, मुझे यकीन है कि अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय ग्राहक एशिया में इसरो का रुख करेंगे। एक शानदार भविष्य हमारी ओर देख रहा है। प्रधानमंत्री हमें रास्ता दिखा रहे हैं। यह उद्योग के लिए उस पर काम करने का सही समय है।

अनिल देशमुख के कई परिसरों में छापेमारी शुरू की

अकांशु उपाध्याय               
नई दिल्ली। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के कई परिसरों में सोमवार को छापेमारी शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि देशमुख के नागपुर और मुंबई स्थित परिसरों पर छापेमारी की जा रही है। एजेंसी ने इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी कि छापेमारी किस मामले में की जा रही है।
सीबीआई ने देशमुख और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत ”सार्वजनिक कर्तव्यों के अनुचित एवं बेईमानी पूर्ण निर्वहन के जरिए अनुचित लाभ अर्जित करने की कोशिश” का मामला दर्ज किया है। मुंबई पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह को हटाए जाने के बाद के घटनाक्रम में देशमुख के खिलाफ ये आरोप सामने आए थे।

रेस टू दुबई तालिका में शामिल हुएं खिलाड़ी शुभंकर

मैड्रिड। भारतीय गोल्फर शुभंकर शर्मा अंतिम दौर में पांच अंडर 66 के स्कोर से यहां एसियोना ओपन डि एस्पाना टूर्नामेंट में संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे। जो इस साल का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस प्रदर्शन की बदौलत शुभंकर रेस टू दुबई तालिका में शीर्ष 60 में शामिल हो गए हैं।
शुभंकर ने 67, 64, 70 और 66 के स्कोर से कुल 17 अंडर का स्कोर बनाया। स्पेन के राफा काबरेरा बेलो ने अपने हमवतन एड्रि आर्नास को प्ले आफ में पछाड़कर यूरोपीय टूर खिताब के चार साल के सूखे को खत्म किया। शुभंकर ने मौजूदा सत्र में चौथी बार शीर्ष 10 में जगह बनाई।इससे पहले वह हिमरलैंड में संयुक्त आठवें, काजू क्लासिक में संयुक्त नौवें और बीएमडब्ल्यू पीजीए में भी संयुक्त नौवें स्थान पर रहे थे। इस प्रदर्शन से शुभंकर विश्व रैंकिंग में 255वें स्थान के साथ शीर्ष भारतीय गोल्फर बन गए हैं। अनिर्बान लाहिड़ी 266वें स्थान पर हैं।

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन   मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला रैली कौशाम्बी। एन डी कान...