शुक्रवार, 20 अगस्त 2021

डीजीपी सुमेध को ब्यूरो की हिरासत से रिहा किया

अमित शर्मा           

चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक सुमेध सिंह सैनी को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देश पर शुक्रवार को तड़के सतर्कता ब्यूरो की हिरासत से रिहा कर दिया गया। उच्च न्यायालय ने धोखाधड़ी और जालसाजी मामले में उनकी गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया। न्यायमूर्ति अरुण कुमार त्यागी की अदालत ने बृहस्पतिवार रात को सैनी को रिहा करने का आदेश दिया। 

राज्य के सतर्कता ब्यूरो ने धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य अपराधों के लिए सितंबर 2020 में दर्ज एक मामले के संबंध में बुधवार रात को सैनी को गिरफ्तार किया था। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद मोहाली अदालत परिसर में मौजूद सैनी को रिहा कर दिया गया। सैनी देर रात करीब दो बजे मोहाली अदालत परिसर से रवाना हुए।

लॉन्च: इलेक्ट्रिक स्कूटर को शानदार रिस्पॉन्स मिला

अकांशु उपाध्याय          
नई दिल्ली। हाल में लॉन्च सिंपल वन इलेक्ट्रिक स्कूटर को भारतीय बाजार में शानदार रिस्पॉन्स मिला है। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली बेंगलुरु की कंपनी ने घोषणा की है कि उसके इस पहले प्रॉडक्ट्स को 30,000 से ज्यादा प्री-बुकिंग्स मिल गई हैं। कंपनी ने बताया है कि बड़ी संख्या में ग्राहकों ने इलेक्ट्रिक स्कूटर में दिलचस्पी दिखाई है। जिससे कंपनी वेबसाइट पर अच्छा खासा ट्रैफिक देखने को मिला। 
पिछले दिनों ग्राहकों को प्री-बुकिंग करने पर बैक-इंड में कुछ प्रॉब्लम हुईं थीं। कंपनी के मुताबिक, अब इलेक्ट्रिक स्कूटर के प्री-ऑर्डर से जुड़ी सारी दिक्कतों को दूर कर लिया गया है। सिंपल वन इलेक्ट्रिक स्कूटर की प्री-बुकिंग कंपनी की वेबसाइट पर ओपन है। इलेक्ट्रिक स्कूटर की प्री-बुकिंग सिर्फ 1947 रुपये में हो रही है। इलेक्ट्रिक स्कूटर की एक्स-शोरूम कीमत 1.10 लाख रुपये है। यह इलेक्ट्रिक स्कूटर नैमा रेड, ऐशर ब्लू, ग्रेस व्हाइट और ब्राजेन ब्लैक इन 4 कलर ऑप्शंस में आ रहा है।

छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए

दुष्यंत टीकम         
रायपुर। रक्षा मंत्री भूतपूर्व सैनिक कल्याण निधि से छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रायपुर कैप्टन(भा.नौ.) अनुराग तिवारी (से.नि.) ने रायपुर, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार एवं गरियाबंद जिले के भूतपूर्व सैनिकों और विधवाओं को सूचित है कि वे अपने बच्चों को इस छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कराएं। इसके तहत ऐसे बच्चों के छात्रवृति के लिए जो (क) कक्षा पहली से नौवीं एवं 11वीं, (ख) कक्षा 10वीं एवं 12वीं, (ग) स्नातक कक्षाएं (प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष) उतीर्ण किए हैं।
उनका ऑनलाइन आवेदन केंद्रीय सैनिक बोर्ड के वेबसाइट में क्रमश 15 सिंतबर (क), 15 अक्टूबर (ख) और 15 नवंबर (ग) तक किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन सबमिट करने के बाद जिला सैनिक बोर्ड में अपलोड किए गए दस्तावेजों का सत्यापन करवाना है। सभी दस्तवेजों को मूल प्रति के माध्यम से अपलोड करना होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, रायपुर से कार्यालयीन समय मे स्वयं आकर एवं दूरभाष क्रमांक 0771-2237449 एवं मोबाइल नंबर 8556999340 पर संपर्क किया जा सकता है।

सद्भावना दिवस के रूप में मनाई राजीव की जयंती

दुष्यंत टीकम              

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भी आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारतरत्न और 21वीं सदी के आधुनिक भारत के स्वप्न दृृष्टा स्व. राजीव गांधी की जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री निवास में सद्भावना दिवस पर शपथ ली। मुख्यमंत्री बघेल ने राष्ट्र के नवनिर्माण में राजीव गांधी के अमूल्य योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि समावेशी विकास की दूरदर्शितापूर्ण सोच के साथ त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था, संचार क्रांति एवं युवाओं को मतदान का अधिकार जैसे निर्णयों से उन्होंने 21वीं सदी के भारत की नींव रखी। राजीव गांधी ने भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभाली।

राजीव गांधी के जन्मदिवस को पूरे देश में सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है। मुख्यमंत्री निवास में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्र कुमार, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, सांसद छाया वर्मा, संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, मुख्यमंत्री के सलाहकार द्वय विनोद वर्मा और रुचिर गर्ग ने भी राजीव गांधी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया, लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत और विधायक मोहन मरकाम वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए।

राजीव गांधी द्वारा किये गए कार्यों को याद किया

वीरेंद्र नेगी      

उत्तरकाशी। जिला कांग्रेस मुख्यालय, गांधी वाचनालय, उत्तरकाशी में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 77वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस जनों नें उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें व उनके द्वारा किये गए कार्यों को याद किया। इस मौके पर पंचायती राज, सूचना क्रांति एवं आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव  के योगदान को याद कर उन्हें श्रधांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर हुई विचार गोष्ठी में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष पूर्व गंगोत्री विधायक विजयपाल सजवाण ने प्रधानमंत्री रहते उनके कार्यों को याद कर अनेक पहलुओं पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि राजीव न केवल युवाओं को शक्ति देने के पक्षधर थे। बल्कि उन्होंने उस दिशा में कदम भी उठाए। पंचायतीराज को सशक्त बनाने और 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार जैसे कदम उनके पांच साल के कार्यकाल की महान उपलब्धियों में गिने जाते रहेंगे। यहां उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों ने राजीव गांधी के 5 साल के कार्यकाल में महिलाओं को अधिकार देने से लेकर पंचायतीराज व्यवस्था के तहत लोकतंत्र को मजबूत करने तक भारत ने विकास के पथ पर कदम बढ़ाए इन तमाम बिंदुओं पर चर्चा की।

पालिका अध्यक्ष रमेश सेमवाल ने कहा कि देश की गरीब जनता को गरीबी से निकालने से लेकर अनेकों क्षेत्र में देश ने प्रगति की। देश के लोकतंत्र से लेकर एकता और अखंडता की रक्षा तक अन्य राष्ट्रों के सामने भारत ने विकास की ओर अग्रसर देश के रूप में एक उदाहरण पेश किया। आज भी राजीव गांधी की सोच एवं विचार प्रासंगिक है।

रविवार को चल रही साप्ताहिक बंदी को खत्म किया

हरिओम उपाध्याय           

लखनऊ। कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले तकरीबन नगण्य होने के बाद उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए रविवार को चल रही साप्ताहिक बंदी को भी खत्म कर दिया है। उत्तर प्रदेश को अब पूरी तरह से अनलॉक कर दिए जाने से रविवार को भी अब सारे बाजार, मॉल, उद्योग और कारखाने आदि खोले जा सकेंगे। जल्द ही इसके लिए सरकार की ओर से गाइडलाइन भी जारी कर दी जाएगी।शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने टीम-9 की बैठक के दौरान बड़ा फैसला लेते हुए कोरोना के मामलों में कमी को देखकर अब रविवार को चल रही साप्ताहिक बंदी को भी खत्म कर दिया है। सरकार द्वारा की गई इस घोषणा के बाद अब एक तरह से उत्तर प्रदेश पूरी तरह से अनलॉक कर दिया गया है। साप्ताहिक बंदी खत्म हो जाने से रविवार को भी अब सारे बाजार, मॉल, उद्योग और कारखाने आदि खोले जा सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना की रोकथाम के लिए बनाई गई टीम-9 की बैठक में यह फैसला लिया है। जल्द ही इसके लिए सरकार की ओर से गाइडलाइन भी जारी कर दी जाएगी। 

प्रदेश के 15 जनपदों को कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त घोषित कर दिया गया है। इनमें अलीगढ़, अमेठी, बदायूं, बस्ती, देवरिया, फर्रुखाबाद, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, कासगंज, महोबा, मिर्जापुर, संतकबीर नगर, श्रावस्ती और शामली शामिल है। इन जनपदों में अब कोई भी कोरोना मरीज नहीं है। इन जनपदों में औसतन हर दिन ढाई लाख से अधिक टेस्ट हो रहे हैं। टीम-9 की बैठक में शनिवार को केवल कोरोना की सैकिंड डोज लगाए जाने का निर्णय लिया गया है।

घाटी में सुरक्षाबलों व आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुईं

श्रीनगर। घाटी में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जानकारी दी है कि सुरक्षाबलों ने फिलहाल पूरे इलाके की घेरा बंदी कर ली है और मुठभेड़ अभी भी जारी है। दरअसल अवंतीपोरा के पंपोर इलाके में मुठभेड़ में मारा गया आतंकी कौन है और किस आतंकी ग्रुप से जुड़ा हुआ था। फिलहाल उसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमें पंपोर इलाके में कुछ आतंकियों के छुपे होने की खबर मिली थी। इसके बाद जब हमारे जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन करने गए तो आतंकियों ने उन पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में जब सुरक्षबलों ने गोली चलाई तो एक आतंकी मारा गया।

भारतीय कर्मचारियों पर तालिबान की फायरिंग हुईं

काबुल। काबुल के कसाबा इलाके में फंसे 200 भारतीय कर्मचारियों पर तालिबान की ओर से फायरिंग हुई है। गारदा नामक सुरक्षा कंपनी में काम करने वाले इन 200 भारतीय नागरिकों पर फायरिंग की घटना उस समय हुई जब वे बसों और अन्य वाहनों में बैठकर एयरपोर्ट की तरफ रवाना हो रहे थे। तभी तालिबान लड़ाकों ने गोलीबारी कर उनका रास्ता रोक लिया। इस घटना के बाद भारतीय नागरिक डरे हुए हैं। उन्होंने विदेश मंत्रालय से मदद की गुहार लगाई है। दो दिन पहले हथियार सौंपने के बाद भारतीय कर्मचारियों को उम्मीद थी कि अब उन्हें वहां से निकलने दिया जाएगा। रात के समय जब भारतीय नागरिक एयरपोर्ट पर जाने के लिए बसों में सवार हो रहे थे तभी अचानक से तालिबान ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें वापस कंपनी में जाना पड़ा। फायरिंग के बाद नागरिकों को निकालने की कवायद रोक दी गई है। काबुल में फंसे इन भारतीयों को निकालना सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती है।

सुरक्षा कंपनी में काम करने वाले ये भारतीय नागरिक पिछले कुछ दिनों से अपनी कंपनी में ही कैद हैं। तालिबान इन्हें कंपनी से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दे रहा है। कंपनी के सभी गेट पर तालिबान लड़ाके मौजूद हैं। भारतीयों को डराने के लिए वे समय-समय पर फायरिंग भी करते आए हैं। दरअसल, सुरक्षा कंपनी में काम करने वाले भारतीयों के पास हथियार थे। तालिबान ने इनसे अपने हथियार सौंपने के लिए कहा था। हैरान करने वाली बात है कि भारतीय नागरिकों की ओर से हथियार जमा कर देने के बाद उन पर गोलीबारी की गई।

2 मिलीलीटर पसीने से स्मार्टवॉच हो सकती है चार्ज

अकांशु उपाध्याय           

नई दिल्ली। लगातार निकलकर सामने आ रही तकनीक ने इंसानी जीवन को पूरी तरह से बदलकर रख दिया है। मोबाइल के साथ आजकल स्मार्ट वॉच भी इंसानी जरूरत बन गई है। वैश्विक महामारी कोरोना ने लोगों का ध्यान अब स्वास्थ्य पर केंद्रित कर दिया है। इंसान की कलाई में बंधी घड़ी को इस बात का पता है कि आप 1 दिन में कितने कदम चलते हैं या कितनी कसरत करते हैं। आपके दिल की धड़कन कितनी और कैसी है। यहां तक कि ऑक्सीजन लेवल भी हाथ की कलाई पर घड़ी बंधी घड़ी बता देती है। लेकिन इसे चार्ज करना भी उतना ही जरूरी होता है। इत्तेफाक से यदि किसी दिन इंसान कलाई पर बांधने वाली स्मार्ट वॉच को चार्ज करना भूल जाता है तो वह टेंशन में चला जाता है। ऐसे हालातों से इंसान को बचाने के लिए वैज्ञानिकों ने स्मार्ट वॉच के लिए एक ऐसी खास बैटरी बनाई है जो कि बिजली के बजाए पसीने से भी चार्ज हो सकती है। यह एक तरह की पोर्टेबल बैटरी है। जोकि स्पेशल वायरलेस डिवाइस के लिए बनाई गई है। 

इस बैटरी की खासियत यह है कि केवल 2 मिलीलीटर पसीने से 20 घंटे के लिए स्मार्ट वॉच को चार्ज कर सकती है। सिंगापुर में नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी ने 0.8 स्क्वायर इंच की प्लेन बैंडेज वाली एक पोर्टेबल बैटरी इजाद की है। यह बैटरी एक स्ट्रेचेबल और पसीना सोखने वाले कपड़े से अटैच होती है। इसे कलाई में स्मार्ट वॉच के साथ अटैच कर पहना जा सकता है।

मांगेराम को खतौली सभा का अध्यक्ष नियुक्त किया

हरिओम उपाध्याय         

मुजफ्फरनगर। सपा मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष ने मंसूरपुर निवासी मांगेराम को संगठन के खतौली विधान सभा अध्यक्ष का भार सौंपते हुए उनसे उम्मीद जताई है, कि वह पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों को मजदूरों के बीच पहुंचाकर उनके हितों के मुद्दे को प्रमुखता के साथ उठाएंगे।

शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के शहर के महावीर चौक स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित की गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए सपा मजदूर जिलाध्यक्ष नासिर राणा ने जनपद के मंसूरपुर निवासी मांगेराम को खतौली विधान सभा का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की। बैठक को संबोधित करते हुए सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अंसार आढती व जिला महासचिव जिया चौधरी ने मजदूर सभा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा है कि समाजवादी पार्टी सर्व समाज के लोगों के साथ साथ मजदूरों की समस्याओं को उचित मंचों पर हमेशा से उठाती रही है। सपा सरकार में मजदूरों के हितों की बाबत अनेक कार्य किए गए हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से मजदूर हितों के मुद्दे प्रमुखता के साथ उठाने का आह्वान किया। मजदूर सभा जिलाध्यक्ष नासिर राणा ने सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के मिशन को मजबूत करने का आह्वान किया।

मीटिंग में मुख्य रूप से दुर्गेश कुमार यादव, नवेद रँगरेज, अहसान अंसारी, साबिर हव्वारी, अनुज प्रजापति, संदीप कुमार, दीपक बजाज, दिव्यम सिंह आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

यूके के अधिकांश जिलों में भारी बारिश की संभावना

पंकज कपूर      

देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार को अधिकांश जिलों में भारी बारिश की संभावना है। जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर कई जगह भूस्खलन और चट्टान गिरने से सड़क मार्ग बंद होने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को कुमाऊं क्षेत्र के तकरीबन सभी पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई। शुक्रवार को बारिश का दायरा बढ़कर पूरे राज्य में होने के आसार हैं। इसके चलते सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

21 को उत्तरकाशी, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। 22 को पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ में तीव्र बौछार के साथ भारी बारिश हो सकती है। 23 को भी कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट रहेगा। 24 से बारिश में कमी आ सकती है। देहरादून में पिछले 24 घंटे में 57 एमएम बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 31.1 के साथ सामान्य से दो डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, दून में 25 अगस्त तक बारिश के आसार हैं। आसमान अधिकांश समय बादलों से भरा रहेगा। इससे बारिश न होने की दशा में लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ सकता है।

रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 16.37 लाख के पार हुआ

रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 16.37 लाख के पार हुआ  पंकज कपूर  देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2024 को लेकर यात्रियों में गजब का उत्साह देखा जा...