शुक्रवार, 20 अगस्त 2021

मांगेराम को खतौली सभा का अध्यक्ष नियुक्त किया

हरिओम उपाध्याय         

मुजफ्फरनगर। सपा मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष ने मंसूरपुर निवासी मांगेराम को संगठन के खतौली विधान सभा अध्यक्ष का भार सौंपते हुए उनसे उम्मीद जताई है, कि वह पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों को मजदूरों के बीच पहुंचाकर उनके हितों के मुद्दे को प्रमुखता के साथ उठाएंगे।

शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के शहर के महावीर चौक स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित की गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए सपा मजदूर जिलाध्यक्ष नासिर राणा ने जनपद के मंसूरपुर निवासी मांगेराम को खतौली विधान सभा का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की। बैठक को संबोधित करते हुए सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अंसार आढती व जिला महासचिव जिया चौधरी ने मजदूर सभा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा है कि समाजवादी पार्टी सर्व समाज के लोगों के साथ साथ मजदूरों की समस्याओं को उचित मंचों पर हमेशा से उठाती रही है। सपा सरकार में मजदूरों के हितों की बाबत अनेक कार्य किए गए हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से मजदूर हितों के मुद्दे प्रमुखता के साथ उठाने का आह्वान किया। मजदूर सभा जिलाध्यक्ष नासिर राणा ने सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के मिशन को मजबूत करने का आह्वान किया।

मीटिंग में मुख्य रूप से दुर्गेश कुमार यादव, नवेद रँगरेज, अहसान अंसारी, साबिर हव्वारी, अनुज प्रजापति, संदीप कुमार, दीपक बजाज, दिव्यम सिंह आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

यूके के अधिकांश जिलों में भारी बारिश की संभावना

पंकज कपूर      

देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार को अधिकांश जिलों में भारी बारिश की संभावना है। जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर कई जगह भूस्खलन और चट्टान गिरने से सड़क मार्ग बंद होने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को कुमाऊं क्षेत्र के तकरीबन सभी पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई। शुक्रवार को बारिश का दायरा बढ़कर पूरे राज्य में होने के आसार हैं। इसके चलते सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

21 को उत्तरकाशी, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। 22 को पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ में तीव्र बौछार के साथ भारी बारिश हो सकती है। 23 को भी कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट रहेगा। 24 से बारिश में कमी आ सकती है। देहरादून में पिछले 24 घंटे में 57 एमएम बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 31.1 के साथ सामान्य से दो डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, दून में 25 अगस्त तक बारिश के आसार हैं। आसमान अधिकांश समय बादलों से भरा रहेगा। इससे बारिश न होने की दशा में लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ सकता है।

सीएम ने विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों से आह्वान किया

राणा ओबरॉय           

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों से आह्वान किया है कि वे विश्वविद्यालय की प्रगति में योगदान करें और साथ ही वर्तमान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर उनके कैरियर को आगे बढ़ाने में मदद करें। मुख्यमंत्री आज कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ‘प्रतिस्मृति: पूर्व छात्र पुनर्मिलन 2021’ कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर ऑनलाइन माध्यम से संबोधन कर रहे थे। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व छात्रों के लिए एल्यूमनी पंजीकरण पोर्टल बहु-उद्देशीय खेल हाल के साथ-साथ विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों का लोकार्पण किया।

इस मौके पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा एल्यूमनी पंजीकरण पोर्टल पर सबसे पहला पंजीकरण मुख्यमंत्री का किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जापानी भाषा के कोर्स में प्रथम छात्र के रूप में पंजीकरण हेतु सहमति भी दी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रतिस्मृति एल्यूमनी रि-कनेक्ट स्मारिका के साथ-साथ आजादी का अमृत महोत्सव से सम्बन्धित जिंगल का विमोचन भी किया।

उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षिक संस्थान के पूर्व विद्यार्थी अपनी उपलब्धियों से न केवल संस्थान का नाम रोशन करते हैं बल्कि उसकी प्रगति में भी योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी उपलब्धियों से न केवल आप सब ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशेष पहचान बनाई है बल्कि इस विश्वविद्यालय के साथ-साथ हरियाणा प्रदेश का नाम भी रोशन किया है।

उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय हरियाणा का पहला विश्वविद्यालय है। जो कि हरियाणा बनने से भी 10 साल पहले स्थापित हुआ था। आज के विकसित हरियाणा को बनाने में इस विश्वविद्यालय से निकली प्रतिभाओं का बहुत बड़ा योगदान है। उल्लेखनीय है कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की स्थापना महान स्वतंत्रता सेनानी, विधिवेता, विभिन्न भाषाओं के विद्वान, भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद के कर कमलों से हुई थी। उन्होंने कहा कि डॉ राजेंद्र प्रसाद ने इसकी स्थापना के समय इस शिक्षण संस्थान से जो उम्मीद की थी अपने 65 साल के इतिहास में यह उन पर खरा उतरा है।

महिला ने 24 अंगुलियों वाले बच्चे को जन्म दिया

राणा ओबरॉय        

चंडीगढ़। हरियाणा के करनाल के कुंजपुरा स्वास्थ्य केंद्र में कुदरत का करिश्मा देखने को मिला है। दरअसल यहां एक महिला ने 24 अंगुलियों वाले बच्चे को जन्म दिया है। जो चर्चा का विषय बन गया है। बच्चे के हाथ-पांवों में ये अंगुलियां देख परिजन ही नहीं चिकित्सक भी हैरान रह गए।

जानकारी के अनुसार कुंजपुरा स्वास्थ्य केंद्र में रचना डिलीवरी के लिए भर्ती हुई थी। जिसने नार्मल रूप से बच्चे को जन्म दिया है। लेकिन यहां तैनात चिकित्सक उस समय चौंक गए जब उन्होंने बेबी केयर ले जाकर बच्चे की जांच की और दोनों हाथ व दोनों पांवों में छह-छह अंगुलियां मिली।

अनुराग को राजनेताओं के खेल संघों का अध्यक्ष चुना

अकांशु उपाध्याय         

नई दिल्ली। केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को राजनेताओं के खेल संघों का अध्यक्ष चुना गया है। इस पर उन्होंने कहा है कि कोच के लिये उसी खेल का खिलाड़ी होना आवश्यक नहीं है।

जब अनुराग ठाकुर से पूछा गया कि क्या आप राजनेताओं के खेल निकायों का निर्देशन करने के पक्ष मेें हैं? इसका उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि कोच को एक ही खेल खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे पास ऐसे कई एक्जामपल हैं। जिन्होंने खेल नहीं खेला है, पर वह कामयाब हुए हैं।

एमपी: अधिकारियों के तबादले 31 अगस्त तक होगें

मनोज सिंह ठाकुर       

भोपाल। मध्यप्रदेश में अब सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले 31 अगस्त तक किये जा सकेंगे।इस संबंध में आज सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिए। 

तबादलों की अंतिम तिथि 7 अगस्त थी, लेकिन राज्य में बाढ़ और अतिवृष्टि के कारण यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। इसलिए तबादलों की अंतिम तिथि बढ़ाई गयी है।

पश्चिम अफ्रीका: आतंकियों के हमले में 80 लोग मरें

औगाडौगु। पश्चिम अफ्रीकी देश बुर्किना फासो के उत्तरी हिस्से में आतंकवादियों के हमले में 80 लोग मारे गए है। संचार मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। मंत्रालय ने गुरूवार देर रात कहा, " ताजा जानकारी के अनुसार आतंकवादियों ने 65 नागरिक की हत्या कर दी हैं।" इस हमले में कथित तौर पर 15 सुरक्षाकर्मी भी मारे गए है। एआईबी समाचार एजेंसी ने बुधवार रिपोर्ट दी थी कि उत्तरी प्रांत सौम में हमले में कम से कम 50 लोग मारे गए है। 

बुर्किना फासो का उत्तरी भाग 2016 से अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट आतंकवादी संगठनों से जुड़े इस्लामी समूहों की गतिविधियों से पीड़ित है।

हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया

हैदराबाद ने जीता टॉस, बल्लेबाजी का फैसला किया  इकबाल अंसारी  हैदराबाद। इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2024 सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और...