सोमवार, 17 मई 2021

बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट खोल दिएं: सीएम

पंकज कपूर           

रुद्रप्रयाग। आज वैशाख माह शुक्ल पक्ष की पञ्चमी तिथि के शुभ मुहूर्त मै भगवान केदारनाथ धाम के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए गए। इसके बाद अगले छह महीने तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना केदारनाथ धाम में ही होगी। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के समय पूजा में पुजारी समेत सिर्फ 16 लोग ही शामिल हुए। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा गया। तड़के 3:15 बजे से मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई। मुख्य पुजारी द्वारा बाबा की समाधि पूजा के साथ अन्य सभी धार्मिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद तय समय पर सुबह 5 बजे बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट खोल दिए गए। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने भगवान केदारनाथ के कपाट खोले जाने पर सभी श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए कहा कि बाबा केदार हम सभी पर अपनी कृपा बनाकर रखें। बाबा केदार के आशीर्वाद से हम कोरोना की इस वैश्विक महामारी को हराने में अवश्य कामयाब होंगे। कोरोना के कारण इस बार आम जन दर्शन के लिये नहीं आ सके। हम सभी के मन में बाबा केदार के लिए अपार श्रद्धा है। बाबा केदार, अपने भक्तों पर स्नेह बनाये रखें, यही कामना है। इस अवसर पर रावल भीमाशंकर लिंग, केदार लिंग, मुख्य पुजारी बागेश लिंग, देवस्थानम बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी.डी. सिंह, जिलाधिकारी मनुज गोयल,पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल मनराल बीकेटीसी पूर्व सदस्य शिवसिंह रावत, एसडीएम रवीन्द्र वर्मा,तहसीलदार जयराम बधाड़ी, धर्माधिकारी आचार्य औंकार शुक्ला,मंदिर प्रशासनिकअधिकारी यदुवीर पुष्पवान, प्रबंधक अरविंद शुक्ला एवं प्रदीप सेमवाल, पारेश्वर त्रिवेदी,महावीर तिवारी,मृत्युंजय हीरेमठ, विपिन कुमार आदि मौजूद रहे।


अधिकारियों को लगातार निर्देश दें रहें हैं सीएम योगी

हरिओम उपाध्याय           

लखनऊ। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अपने अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। इस कड़ी में सीएम योगी ने टीम-9 की बैठक में फैसला लिया कि सभी सरकारी अस्पतालों में पोस्ट कोरोना मरीजों का इलाज बिल्कुल मुफ्त किया जाएगा।उन्होंने कहा कि जिस तरह से कोरोना बीमारी का इलाज हो रहा है। उसी तर्ज पर पोस्ट कोरोना के मरीजों को भी इलाज की सुविधा मिलेगी। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद जिन लोगों को अन्य बिमारी हो रही हैं। उनके लिए सरकारी अस्पतालों में भर्ती करने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसके निर्देश दिए। बता दें कि पोस्ट कोविड बीमारियों का मुफ्त इलाज करने का फैसला करने वाला यूपी पहला राज्य है। राज्य सरकार पूर्व से ही कोविड-19 की निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध करा रही है, प्रदेश में निःशुल्क कोरोना वैक्सीनेशन कार्य भी संचालित किया जा रहा है। इससे पहले शनिवार को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने निर्देश में कहा है कि सभी जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि मरीज और उसके परिजनों का किसी भी प्रकार उत्पीड़न न हो। संक्रमण से मुक्त हो चुके मरीजों को भी यदि चिकित्सकीय निगरानी को जरूरत है तो, उनकी मेडिकल कंडीशन के आधार पर एल-1 हॉस्पिटल में ऑक्सीजन युक्त बेड पर भर्ती करा कर सरकार के व्यय पर कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

भागवत की लोगों से सकारात्मकता की अपील की

अकांशु उपाध्याय         

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने लोगों से कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में एकजुट और सकारात्मक बने रहने की अपील करते हुए शनिवार को कहा कि अब जो लोग चले गए। वो एक तरह से मुक्त हो गए और उन्हें अब इस परिस्थिति का सामना नहीं करना है। ‘पॉजिटिविटी अनलिमिटेड’ व्याख्यान श्रृंखला को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा, ‘यह कठिन समय है। अपने लोग चले गए, उनको ऐसे असमय चले जाना नहीं था। परंतु अब तो कुछ नहीं कर सकते। अब जो परिस्थिति है, उसमें हम हैं और जो चले गए वो एक तरह से मुक्ति हो गए, उनको इस परिस्थिति का सामना अब नहीं करना है। हमको करना है, पीछे हम लोग हैं। अपने आपको और अपने सबको सुरक्षित रखना है। इस परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए हमें अपने मन को पॉजिटिव और शरीर को कोरोना निगेटिव रखना है।

तूफान: मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में अलर्ट जारी किया

कविता गर्ग          
मुंबई। मौसम विभाग ने मुंबई, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पालघर और ठाणे में अलर्ट जारी किया है। चक्रवाती तूफान ताऊ ते मुंबई को टच करता हुआ 185 किमी/घंटे की रफ्तार से गुजरात की ओर बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान अपने सबसे उग्र रूम में मुंबई के समानांतर से गुजरा है। इस दौरान 150 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। भारी बारिश अभी भी दक्षिण मुंबई के कई इलाकों में जारी है। मुंबई में कोरोना वैक्सीनेशन रोका गया है और कोरोना मरीजों को दूसरी जगहों पर शिफ्ट किया गया है। एयरपोर्ट भी 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगा। मुंबई का वर्ली सी लिंक भी बंद किया गया है। समुद्र में हाईटाइड के दौरान 10 से 13 फीट ऊंची लहरें देखने को मिली हैं। मुंबई के अलावा रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पालघर और ठाणे में भी वैक्सीनेशन नहीं होगा। यहां भी कोरोना मरीज शिफ्ट किए गए हैं। मौसम विभाग ने मुंबई, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पालघर और ठाणे में अलर्ट जारी किया है। मुंबई में एनडीआरएफ की तीन टीमों को तैनात किया गया है और 5 टीमें अलर्ट पर हैं। 5 जगह अस्थाई शेल्टर होम बनाए गए हैं। शहर के दादर, वर्ली, लोअर परेल, माटुंगा और माहिम सहित मुंबई के पश्चिमी उपनगरीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई में वर्ली सी फेस, शिवाजी पार्क, मरीन ड्राइव पर समुद्र तट पर ऊंची लहरें उठ रही हैं।

नारदा केस में 1 बार फिर सीबीआई ने जांच तेज की

मीनाक्षी लोदी              
कोलकाता। बंगाल के नारदा केस में एक बार फिर सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। जांच एजेंसी ने सोमवार को कई जगह छापे मारे। इसके बाद ममता सरकार में मंत्री फिरहाद हाकिम, सुब्रत मुखर्जी, विधायक मदन मित्रा और पूर्व मेयर शोवन चटर्जी से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के बाद सभी को अरेस्ट कर लिया गया। अब इन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीबीआई कोर्ट से इन चारों नेताओं की कस्टडी मांगेगी। इस कार्रवाई के दौरान एक बार फिर केंद्रीय मंत्री और बंगाल सरकार के बीच तनातनी दिखी। अपने मंत्रियों से पूछताछ के दौरान ही बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सीबीआई के दफ्तर पहुंचीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने एजेंसी से कहा कि आप मुझे भी गिरफ्तार करिए। सिर्फ टीएमसी नेताओं पर ही कार्रवाई क्यों हो रही है? भाजपा में गए मुकुल रॉय और शुभेंदु अधिकारी पर कोई एक्शन क्यों नहीं लिया जा रहा? उनके वकील ने भी कहा कि बिना नोटिस के मंत्रियों और विधायक को अरेस्ट नहीं किया जा सकता है।

सलाहकार मंडल चीफ का पद से इस्तीफा: कोरोना

अकांशु उपाध्याय                      
नई दिल्ली। भारत के सार्स-कोविड जीनोम कंसोर्शियम के वैज्ञानिक सलाहकार मंडल के चीफ डॉ. शाहिद जमील ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को इस बारे में जानकारी दी है। सीनियर वायरोलॉजिस्ट डॉ. जमील ने कुछ दिन पहले एजेंसी से कहा था कि भारत में अधिकारी सेट पॉलिसी के तहत सबूतों की ओर ज्यादा ध्यान नहीं दे रहे है।

न्यूयॉर्क टाइम्स में लिखे एक आर्टिकल में डॉ. जमील ने कहा था कि भारत में वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पॉलिसी बनाने को लेकर अड़ियल रवैये का सामना कर रहे हैं। भारत के कोविड मैनेजमेंट में कई समस्याए हैं। इनमें कम टेस्टिंग, धीमी रफ्तार से वैक्सीनेशन और वैक्सीन की कमी शामिल है। इसके अलावा हेल्थकेयर वर्क फोर्स भी काफी ज्यादा चाहिए। उन्होंने कहा था कि इन सभी उपायों को लेकर भारत में मेरे साथी वैज्ञानिकों का काफी समर्थन मिल रहा है, लेकिन उन्हें तथ्यों के आधार पर पॉलिसी बनाने को लेकर अड़ियल रवैये का सामना करना पड़ रहा है। 30 अप्रैल को 800 से ज्यादा भारतीय वैज्ञानिकों ने प्रधानमंत्री से अपील की थी कि उन्हें डाटा मुहैया कराया जाए, ताकि वो वायरस के बारे में अंदाजा लगाने और उसे रोकने के लिए स्टडी कर सकें। डाटा के आधार पर फैसला न लेना एक और आपदा है। क्योंकि भारत में महामारी नियंत्रण से बाहर हो गई है। हम जो जानें गंवा रहे हैं, वो कभी न मिटने वाला जख्म का निशान दे जाएगी।

पोरबंदर व महुवा के बीच से गुजरेगा चक्रवात तूफान

अकांशु उपाध्याय              
नई दिल्ली। अरब सागर से उठे चक्रवात ‘ताऊ ते’ का खतरा गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित 7 राज्यों पर बना हुआ है। तूफान आज दोपहर 3 बजे तक गुजरात के पोरबंदर तट से टकरा सकता है। इसके बाद दोपहर 3 से शाम 6 बजे के बीच तूफान पोरबंदर और महुवा (भावनगर) के बीच से गुजरेगा। इस दौरान उसकी गति 175 किलोमीटर प्रतिघंटे तक हो सकती है।
गुजरात में 23 साल बाद इतना भयानक तूफान आ रहा है। इससे पहले 9 जून 1998 में कच्छ जिले के कांडला में इतना भयानक तूफान आया था। इसमें 1173 लोगों की मौत हुई थी और 1774 लोग लापता हो गए थे। गुजरात के तटीय जिलों के 655 गांवों से करीब 1.5 लाख लोगों को शिफ्ट किया जा रहा है। पश्चिमी तट से हजारों मकान खाली कराए गए हैं।

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन   मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला रैली कौशाम्बी। एन डी कान...