शनिवार, 3 अप्रैल 2021

हत्या का मामला, जेल में बंद कैदी की हुई मौत

आदर्श श्रीवास्तव      

लखीमपुर खीरी। जिला जेल में हत्या के मामले में बंद एक 48 वर्षीय बंदी की शुक्रवार की शाम अचानक तबीयत बिगड़ गयी। जेल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल पहुचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेलर पंकज कुमार सिंह ने बताया कि थाना निघासन के गांव सुरजीपुरवा निवासी जगमोहन पुत्र मूलचंद हत्या के मामले में मई 2018 से बंद था। शुक्रवार की शाम जब बंदियों को भोजन परोसा जा रहा था। उस समय जगमोहन बैरक में लेटा था। अचानक उसके सीने में तेज दर्द उठा और उसकी तबीयत बिगड़ गयी।

बरेली: गेहूं काट रहें किसान को दबंगों ने मारी गोली

संदीप मिश्र     

बरेली। जिलें में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मीरगंज में दबंगों ने दिनदहाड़े एक किसान को गोली मार दी। घायल किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मीरगंज थाना क्षेत्र के समसपुर गांव के रहने वाले राजेश पाल सिंह शनिवार की सुबह अपनी गेहूं की फसल काट रहे थे। इस दौरान वहां पहुंचे गांव के ही तीन दबंगों ने उस पर फायरिंग कर दी। पीठ पर दो गोली लगने से किसान गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया।

 फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ में तापमान गिरकर 36.8 डिग्री पर पहुंचा

रायपुर। राजधानी में पिछले एक हफ्ते के दौरान औसतन 40 डिग्री के आसपास चल रहे दोपहर के तापमान में हल्की नमी की वजह से शुक्रवार को 3 डिग्री से ज्यादा की गिरावट आ गई। यहां दोपहर का तापमान गिरकर 36.8 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि यह भी सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। पूरे प्रदेश में दोपहर की गर्मी में पिछले 24 घंटे के दौरान मामूली कमी दर्ज की गई है। 

मौसम विभाग ने शनिवार को राजधानी में हल्के बादल और प्रदेश में कहीं-कहीं अंधड़-बूंदाबांदी के आसार जताए हैं।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले कुछ दिन से प्रदेश में अचानक गर्मी बढ़ी थी। इस वजह से यहां आसपास से नमी आ रही है। 

कोई बड़ा सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए मौसम में यह बदलाव अस्थायी है तथा अगले 24 घंटे तक ही नजर आएगा। इस दौरान दोपहर का तापमान कम रहेगा, लेकिन हल्के बादलों से रात में गर्मी और उमस भी महसूस होगी। राजधानी में भी इसी शुक्रवार को सुबह साढ़े 5 बजे न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के करीब पहुंच गया। यह भी सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। 

लेकिन नमी की वजह से दुर्ग में पिछली रात कुछ ठंडी हुई और तापमान घटकर 18 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। रात का तापमान अंबिकापुर में लगभग इतना ही रहा, जबकि वह ठंडा इलाका माना जाता है। मौसम विभाग ने शनिवार को राजधानी में दोपहर का तापमान 36 डिग्री और रात का तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना व्यक्त की है।


अवैध शराब बेचते हुए 2 अरेस्ट, 63 पव्वे जब्त किएं

रायपुर। अवैध शराब बेचने की सूचना पर मौके पर पहुंचकर पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 63 पव्वे देशी शराब जब्त की है। मिली जानकारी के अनुसारी राखी थाना पुलिस ने मुखबीर की सुचना पर 1 अप्रैल को दोपहर ग्राम तर्रा नहर पूल के पास अवैध शराब बेचने की सूचना पर मौके पर पहुंच घेराबंदी कर आरोपी के पास से एक थैला में रखा 31 पौव्वा देशी अवैध शराब कीमत 2790 रुपये जब्त की है। 

पकड़े गए आरोपी से नाम पता पुछने पर उसने अपना नाम धन्नू धृतलहरे 38 वर्ष पिता बुधारू घृतलहरे निवासी तर्रा नवागांव थाना राखी बताया। इसी तरह ग्राम पौता निवासी धनेश्वर रात्रे द्वारा अवैध रूप से शराब रखकर सतनाम चौक के पास बिक्री करने की सूचना पर राखी पुलिस ने रेड की कार्रवाही कर घेराबंदी के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 32 पौव्वा देशी अवैध शराब कीमत 2880 रुपये एक प्लास्टिक के थैला में रखा मिला। 
आरोपी का नाम पता पुछने पर उसने अपना नाम धनेश्वर रात्रे 23 वर्ष पिता जेठू राम रात्रे निवासी पौता थाना राखी बताया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34-2 के तहत अपराध कायम कर हिरासत में ले लिया है।

प्रशासन ने दुर्ग में 6 से 14 तक लॉकडाउन लगाया

दुर्ग। जिले में कोविड संक्रमण की स्थिति को देखते हुये जिला प्रशासन ने 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक सम्पूर्ण जिले में लॉकडाउन का निर्णय लिया है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में संक्रमण के तेज प्रसार को नियंत्रित करने यह बहुत जरूरी है कि लॉकडाउन के माध्यम से कोरोना की गतिशीलता को नियंत्रित किया जाए। इसके लिए नागरिकों का सहयोग बेहद जरुरी है। 

पूर्व में जिले में लॉक डाउन लगाए गए थे और जन सहयोग से कोरोना की पहली लहर को रोक पाने में सफलता मिली थी। इस बार भी कोविड संकट के दौर में धैर्य की जरूरत है ताकि कोविड संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित किया जा सके। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि घर में रहें, सुरक्षित रहें। पिछली बार की तरह हमने लॉक डाउन में सम्पूर्ण संयम का परिचय दिया तो कोविड की गंभीरता से पूरी तरह से बच सकेंगे।

उन्होंने 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों से नजदीकी टीकाकरण केंद्र पहुंचकर टीका लगवाने का आग्रह किया। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि कोरोना के लक्षण उभरते ही टेस्ट कराएं। साथ ही पॉजिटिव आने पर चिकित्सक की सलाह पर कार्य करें। पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने पर भी टेस्ट कराएं। पॉजिटिव मरीजों के आइसोलेशन का पूरा ध्यान रखें। कलेक्टर ने कहा है कि जिले के समक्ष यह कठिन परिस्थिति है। 
यदि इस समय पूरे संयम और दृढ़ता से इस परिस्थिति का मुकाबला किया तो निश्चय ही हम अपने परिवारजनों और प्रियजनों को इस विपदा से सुरक्षित रख सकेंगे।

बलात्कारी आरोपी डॉक्टर को एचसी ने दी जमानत

अकांशु उपाध्याय          

नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने शादी का वादा करके एक महिला से बलात्कार करने के आरोपी सफदरजंग अस्पताल के एक डॉक्टर को इस आधार पर जमानत दे दी, कि यह जबरन यौन उत्पीड़न का मामला नहीं है और वह पीड़िता को डराने या साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने की स्थिति में नहीं है। 

जस्टिस सुब्रमण्यम प्रसाद ने कहा कि इस बात की ओर संकेत करने वाला कोई तथ्य नहीं है कि व्यक्ति ने महिला से शादी का वादा किया था और महिला के साथ शारीरिक संबंध उसकी सहमति पर आधारित थे या नहीं। इसका फैसला सुनवाई के दौरान ही होगा। हाईकोर्ट ने 22 मार्च के आदेश में कहा कि वादी एक मेकअप आर्टिस्ट है और दिल्ली की रहने वाली है। 

यह नहीं कहा जा सकता कि वह भोली-भाली महिला है। यह जबरन यौन उत्पीड़न का मामला नहीं है। हाईकोर्ट ने कहा कि आरोपी सफदरजंग अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर है और ऐसा नहीं कहा जा सकता कि वह महिला को डराने-धमकाने या साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने की स्थिति में होगा। कोर्ट ने कहा कि सबूत एकत्रित कर लिए गए हैं और शख्स का मोबाइल फोन पुलिस के पास है। कोर्ट ने डॉक्टर को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके और उसके रिश्तेदार द्वारा इतनी ही जमानत राशि जमा करने पर जमानत दे दी।

उत्सव दिवस के रूप में मनाएंगे स्थापना दिवस

राणा ओबराय      

बादशाहपुर। भाजपा के 6 अप्रैल को स्थापना दिवस को उत्सव दिवस के रूप में मनाने के लिए भाजपाई जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं। शुक्रवार को भाजपा की जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में 6 अप्रैल के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।

 बैठक में जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी मंडल प्रभारी और मंडल अध्यक्ष शामिल रहे। रूपरेखा तैयार करने के लिए बैठक को प्लानिग इन एडवांस का नाम दिया गया।बैठक में हर बूथ पर भाजपा का झंडा लहरा कर पार्टी के स्थापना दिवस को उत्सव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। 

प्रत्येक बूथ का इंचार्ज नियुक्त किया गया है। पार्टी के पूर्व पदाधिकारी और वरिष्ठ नेताओं की देखरेख में स्थापना दिवस के कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों में भाग लेंगी। इसके अलावा सभी विधायक अपने अपने क्षेत्र में किसी न किसी बूथ पर जाकर झंडा फहराएंगे।

डयूटी में बाधा पहुंचाने वालें आरोपी को भेजा जेल

राणा ओबराय       

सोनीपत। जिले के थाना औधोगिक क्षेत्र बड़ी की पुलिस ने सरकारी डयूटी में बाधा पहुंचाने की घटना में संलिप्त आरोपी को गिरफतार किया है। मुख्य सिपाही राजपाल शिकायत मिलने पर गांव दतौली में गया था। वहा पर महाबीर पुत्र रामधारी, अमित पुत्र महाबीर, राकेश पत्नी महाबीर व कविता पत्नी अमित द्वारा सरकारी डयूटी में बाधा पहुंचायी गई। इस घटना का औधोगिक क्षेत्र बड़ी में मामला दर्ज किया गया। अनुसंधान पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी महाबीर को गिरफतार कर जेल भेज दिया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

घर में आग लगने से 4 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत

कोडागु। कर्नाटक के कोडागु जिले में विरापेट तालुका के मुगुतकेरी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक घटना में छह लोगों की जलकर मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि येराव बोजा नाम के बदमाश ने पेट्रोल डालकर घर में आग लगा दी। जिसके कारण चार बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गयी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। मृतकों की पहचान सीते (45), बेबी (40) प्राथना (6), विश्वास (6), प्रकाश (7) तथा विश्व (7) के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि, इस घटना में बुरी तरह से जल तीन लोगों ने मैसूरू के अस्पताल में दम तोड़ा।

दिल्ली कैपिटल्स के स्टार अक्षर पाएं गए पॉजिटिव

अकांशु उपाध्याय       

नई दिल्ली। आईपीएल 2021 के आगाज होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। इस बीच दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छी खबर नहीं है। उसके स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। टीम के लिए यह बड़ा झटका है। दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी सूत्रों ने एएनआई से कहा, कि अक्षर कोविड-19 की जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। 

अब उन्हें इससे जुड़े प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। दिल्ली कैपिटल्स को अपना पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई में 10 अप्रैल को खेलना है। टीम के धाकड़ बल्लेबाज और कप्तान श्रेयस अय्यर चोटिल होने की वजह से पहले ही मौजूदा सीजन से बाहर हैं। 27 साल के अक्षर पटेल ने आईपीएल करियर में अब तक 97 मैचों में अपनी स्पिन गेंदबाजी से 80 विकेट चटकाए हैं और 913 रन भी बनाए हैं।

छत्तीसगढ़: लॉकडाउन से पहले सब्जियों के दाम बढ़ें

रायपुर। प्रदेश में कोरोना का प्रकोप जारी है। सीएम ने सभी कलेक्टरों को अपने जिले में हालात के मुताबिक लॉकडाउन की घोषणा करने की छूट दी है। लेकिन इसी बीच राजधानी रायपुर में लॉकडाउन से पहले ही व्यापारियों ने अनाज और सब्जियों के दाम दोगुने कर दिए हैं। सूत्रों की ​माने तो व्यापारियों ने पहले से ही लॉकडाउन होने की अफवाह उड़ाकर सामान दोगुने दाम में बेचना शुरू कर दिया। 

वहीं कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए शासन-प्रशासन ने शुरुआत में पान मसाला, जर्दा गुटखा, तंबाकू, गुड़ाखू,  सिगरेट को प्रतिबंधित कर रखा है। लेकिन थोक कारोबारी इन सबकी जमकर कालाबाजारी कर रहे हैं। बंद शटर के भीतर से सप्लाई दोगुनी कीमत पर की जा रही है। दुकानदार तीन से पांच गुना कीमत पर ग्राहकों को बेच रहे हैं। दुकानदार यह कहकर दो गुना दाम वसूल रहे हैं कि कंपनियों ने दाम बढ़ा दिया है।
 अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन कालाबाजारी पर अंकुश लगाने में सफल होता है या फिर इस महामारी के दौर में भी आम जनता को कालाबाजारी का शिकार होना पड़ेगा।

वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 3 लोगों की मौत

टीकमगढ़। सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई है। मामला मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के जतारा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार जगदीश साहू (55) अपनी भाभी भगवती (55) और भतीजे धनीराम (37) के साथ एक बाइक में सवार होकर शुक्रवार को खेत काटने जा रहे थे। तभी टीकमगढ़ मार्ग पर तिगेला के समीप जतारा की ओर से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में जगदीश और भगवती की घटना स्थल पर मौत हो गई। जबकि, धनीराम ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दमतोड़ दिया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कंगना की फिल्म 'थलाइवी' का पहला गाना रिलीज

मनोज सिंह ठाकुर       
मुंबई। कंगना रनौत की फिल्म 'थलाइवी' का पहला गाना रिलीज हो गया है। इस गाने का टाइटल 'चली चली' है। इस गाने को सैंधवी प्रकाश ने गाया है। इसका लिरिक्स इरशाद कामिल ने लिखा है। साथ ही इस गाने को जीवी प्रकाश ने कम्पोज किया है। इस फिल्म के डायरेक्टर एएल विजय हैं। बता दें कि यह फिल्म 23 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में कंगना तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के किरदार में उनकी कहानी सुनाती दिखाई देंगी।

'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की एक्ट्रेस कांची संक्रमित

मनोज सिंह ठाकुर   
मुंबई। टीवी सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' फेम एक्ट्रेस कांची सिंह भी कोरोना संक्रमित हो गई हैं। इस बात की जानकारी एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए दी है। कांची ने इंस्टाग्राम में स्टोरी शेयर कर बताया है, “दुर्भाग्य से मैं कोविड पॉजिटिव हूँ। मैंने खुद को अलग कर लिया है और मैं होम क्वारंटाइन में हूं। मैं सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन कर रही हूं। आप सभी ध्यान रखना, सुरक्षित रहना और वास्तव में अगर जरूरी ना हो तो घर से बाहर मत निकलिए। यह समय है कि हम एक साथ आएं और घर के अंदर रहकर इस वायरस से लड़ें।”

अब्दुल्ला ने कोरोना की वैक्सीन की खुराक लीं, भर्ती

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. फारुक अब्दुल्ला को चिकित्सकों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉ. अब्दुल्ला 30 मार्च को कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये थे। नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. अब्दुल्ला ने श्रीनगर में 2 मार्च को कोविड-19 की वैक्सीन की खुराक ली थी।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने बताया, कि चिकित्सकों की सलाह पर उनके पिता डॉ. अब्दुल्ला को श्रीनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उमर अब्दुल्ला ने ट्विटर पर लिखा, “बेहतर निगरानी के लिए चिकित्सकों की सलाह पर मेरे पिता को श्रीनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने वाले सभी लोगों का मेरा परिवार आभारी है।

'कृषि कानूनों' को वापस कराकर ही लेंगे दम: राहुल

अकांशु उपाध्याय         

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसान नेता राकेश टिकैत के वाहन पर कथित तौर पर हुए हमले की पृष्ठभूमि में शनिवार को आरोप लगाया, कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) हमला करना सिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सब मिलकर संघ का सामना करेंगे और तीनों ‘कृषि विरोधी कानूनों’ को वापस कराके दम लेंगे। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ”उनका संघ हमला करना सिखाता है। अहिंसक सत्याग्रह किसान को निडर बनाता है। संघ का सामना संग मिलकर करेंगे। तीनों कृषि व देश विरोधी क़ानून वापस कराकर ही दम लेंगे।

भाजपा गठबंधन लोगों की रक्षा कर सकता है: शाह

चेन्नई। केंद्रीय गृह मंत्री ने शनिवार को कथित ‘भ्रष्टाचार और वंशवाद की राजनीति’ के लिए द्रमुक-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन ही तमिलनाडु की संस्कृति में विश्वास करने वाले लोगों की रक्षा कर सकती है। 

थाउजेंड लाइट्स सीट से भाजपा की उम्मीदवार खुशबू सुंदर के समर्थन में यहां आयोजित एक रोड शो में शामिल होने के बाद शाह संवाददाताओं से बात कर रहे थे। वरिष्ठ भाजपा नेता ने जनता से तमिलनाडु के विकास के लिए राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार बनाने की अपील की। अन्नाद्रमुक, भाजपा और पीएमके राज्य में राजग बैनर के तहत चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने यहां मतदाताओं से भारी बहुमत के साथ राजग उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।

किसान नेता के काफिले पर पथराव, 14 अरेस्ट

नरेश राघानी         
यपुर। किसान नेता राकेश टिकैत के काफिले पर शुक्रवार को राजस्थान के अलवर जिले में कुछ लोगों ने पत्थर से हमला कर दिया। घटना में किसी को चोट तो नहीं आई है। लेकिन टिकैत की कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। मामले पुलिस ने एबीवीपी नेता समेत 14 लोगों  को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक बीजेपी का नेता है।
राकेश टिकैट ने ट्वीट कर कहा कि अलवर में काफिले पर हमला सुनियोजित था। भाजपा के सांसद और विधायक अपने गुंडों से सड़क पर हमला कराएंगे तो यूपी में इनके सांसद-विधायकों को सड़क पर नहीं निकलने दिया जाएगा।

चांदमारी में भाजपा गठबंधन की जीत का दावा किया

गुवाहाटी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को असम के पटाचारकुची, बोको और गुवाहाटी के चांदमारी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा गठबंधन की जीत का दावा किया। नड्डा ने कहा, असम में दो चरणों के हुए मतदान के फीडबैक के आधार पर यह स्पष्ट है कि भाजपा-नीत गठबंधन भारी बहुमत से जीतेगा और फिर सरकार बनाएगा।

नड्डा ने कहा, असम में एक ओर विकास एवं असम की संस्कृति के संरक्षण के प्रति समर्पित भाजपा, एजीपी और यूपीपीएल का गठबंधन है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस-एआईयूडीएफ की जोड़ी है जिसका इरादा असम की जनता की सेवा और विकास नहीं, बस किसी भी तरह सत्ता हथियाना है। 

ऐसे में मानसिक दिवालिएपन की शिकार कांग्रेस देश में अवसरवादी राजनीति की पर्याय बन चुकी है। केरल में कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टियों के खिलाफ चुनाव लड़ रही है तो असम और पश्चिम बंगाल में वह कम्युनिस्टों के गले लग रही है। कांग्रेस अब साम्प्रदायिक पार्टी बन गई है। केरल में कांग्रेस ने मुस्लिम लीग के साथ समझौता किया तो बंगाल में उसने फुरफुरा शरीफ के मौलाना के साथ गठबंधन किया है। 

असम में कांग्रेस यहां की पहचान ‘गामोछा’ का अपमान करने वाले बदरुद्दीन अजमल के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। वर्ष 2006 में कांग्रेस नेता तरुण गोगोई ने कहा था- हू इज बदरुद्दीन अजमल और 2021 में उन्हीं तरुण गोगोई का बेटा; बदरुद्दीन अजमल को गले लगाते हुए कहता है - ही इज बदरुद्दीन अजमल। आखिर ये रिश्ता क्या कहलाता है? राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, कुछ नेता पॉलिटिकल टूरिस्ट होते हैं जो चुनाव के समय ही दिखते हैं- ये कभी मंदिर जाते हैं तो कभी चंडी पाठ करते हैं, कभी जनेऊ धारण करते हैं तो कभी अपना गोत्र बताने लगते हैं।

आखिर ऐसे नेताओं को चुनाव के समय ही ऐसी बातें क्यों याद आती है? उन्होंने कहा, जो असम के गमोछा का अपमान करे, जो धर्म के आधार पर राजनीति करे, जो अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दे, ऐसे बदरुद्दीन अजमल असम की पहचान कभी नहीं हो सकते। लेकिन, राहुल गांधी-प्रियंका वाड्रा अजमल को असम की पहचान बताते हैं, यह असम की जनता का अपमान है। कांग्रेस नेता असम आते हैं और चाय बागान के बैकग्राउंड के साथ सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करते हैं लेकिन चाय बागान की फोटो कभी ताइवान का निकलता है तो कभी श्रीलंका का। नड्डा ने कहा, सच्चाई यह है कि राहुल-प्रियंका सहित कांग्रेस के तमाम नेताओं को असम के विकास से कोई लेना-देना नहीं है, वे तो बस असम की जनता का वोट हड़पना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, अभी हाल ही में कांग्रेस की एक नेत्री आईं और चाय बागान में जाकर मार्च के महीने में पत्ती तोड़ने की एक्टिंग कर फोटो खिंचाने लगीं जबकि, पत्तियां तोड़ने का समय तो अप्रैल में आता है। अब अप्रैल आ गया है, पत्तियां भी टूटेंगी और जनता भाजपा के पक्ष में मतदान भी करेगी। उन्होंने कहा, यह भाजपा है जिसने कभी भी किसी को विकास के लिए धर्म, जाति या क्षेत्र के नाम पर बंटने नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने सबको साथ लेते हुए सबका विकास किया है और सबका विश्वास भी अर्जित किया है। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा, हम असम को विकसित प्रदेश बनाने के लिए 10 संकल्प लेकर आये हैं। अगले पांच वर्षों में हम असम को बाढ़-मुक्त प्रदेश बनायेंगे। 

आठवीं कक्षा से ऊपर की छात्राओं को मुफ्त साइकिल दी जायेगी। अरुणोदय योजना के तहत असम की 30 लाख बहनों को तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी। हमने असम की अस्मिता को भी बचाया और बोडो क्षेत्र की आकांक्षाओं को भी पूरा करने का प्रयास किया है। भूमिहीन लोगों को जमीन का पट्टा देने का हमने संकल्प लिया है। 
हमारी सरकार दो लाख सरकारी नौकरियों और प्राइवेट सेटर में 08 लाख रोजगार का सृजन करेगी। एक लाख सरकारी नौकरियां तो अप्रैल 2022 से पहले ही उपलब्ध करा दी जायेंगी। बोडो शांति समझौते के तहत यहां 1500 करोड़ रुपये का पैकेज दिए गए। पिछले पांच वर्षों में लगभग 2000 उग्रवादियों ने हथियार डाले हैं और 4000 से अधिक असॉल्ट राइफल सरेंडर हुए हैं। हथियार छोड़ कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो रहे लोगों के पुनर्वास के लिए भी कई कार्यक्रम चलाये गए हैं। नड्डा ने कहा, डॉ. मनमोहन सिंह 10 वर्षों तक प्रधानमंत्री रहे और वे असम का ही प्रतिनिधित्व करते थे, लेकिन वे असम को गैस की रॉयल्टी भी नहीं दिला सके। जबकि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गैस रॉयल्टी के रूप में 8000 करोड़ रुपये देकर असम को उसका अधिकार दिया।

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन

सार्वजनिक सूचनाएं एवं विज्ञापन   

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण

प्राधिकृत प्रकाशन विवरण   
1. अंक-230 (साल-02)
2. रविवार, अप्रैल 04, 2021
3. शक-1984,चैत्र, कृष्ण-पक्ष, तिथि- सप्तमी, विक्रमी सवंत-2078।
4. सूर्योदय प्रातः 06:29, सूर्यास्त 06:46।
5. न्‍यूनतम तापमान -16 डी.सै., अधिकतम-37+ डी.सै.।
6.समाचार-पत्र में प्रकाशित समाचारों से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है। सभी विवादों का न्‍याय क्षेत्र, गाजियाबाद न्यायालय होगा। सभी पद अवैतनिक है।
7.स्वामी, प्रकाशक, संपादक राधेश्याम के द्वारा (डिजीटल सस्‍ंकरण) प्रकाशित। प्रकाशित समाचार, विज्ञापन एवं लेखोंं से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं हैं। पीआरबी एक्ट के अंतर्गत उत्तरदायी।
8.संपादकीय कार्यालय- 263 सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद उ.प्र.-201102।
9.संपर्क एवं व्यावसायिक कार्यालय-डी-60,100 फुटा रोड बलराम नगर, लोनी,गाजियाबाद उ.प्र.-20110
http://www.universalexpress.page/
email:universalexpress.editor@gmail.com
संपर्क सूत्र :- +919350302745                                        (सर्वाधिकार सुरक्षित) 

रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 16.37 लाख के पार हुआ

रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 16.37 लाख के पार हुआ  पंकज कपूर  देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2024 को लेकर यात्रियों में गजब का उत्साह देखा जा...