शनिवार, 12 अक्तूबर 2019

रोजगार-स्वास्थ्य पर फोकस: शिवसेना

आदित्य ठाकरे ने कहा कि हमारा घोषणा पत्र अलग-अलग क्षेत्रों के लिए भी था लेकिन मौजूदा घोषणा पत्र पूरे प्रदेश के लिए है। आरे हमारे मेनिफेस्टो में था। हमने मुंबई और थाने के लिए भी मेनिफेस्टो तैयार किया था। शिवसेना का वादा, कामकाजी महिलाओं के लिए बनेंगे सरकारी हॉस्टल। पार्टी ने कहा, रोजगार-स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर फोकस करेगी शिवसेना।


मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शिवसेना ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। आदित्य ठाकरे की अगुवाई में शनिवार को शिवसेना का घोषणा पत्र जारी किया गया। मेनिफेस्टो में बाला साहेब ठाकरे और उद्धव ठाकरे की तस्वीर है। मेनिफेस्टो में आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों की शिक्षा के लिए महाविद्यालय, हर जिले में एक महिला बचत घर, कामकाजी महिलाओं के लिए सरकारी हॉस्टल, रोजगार और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को दुरुस्त करने का वादा किया गया है।
मेनिफेस्टो लॉन्च करने के दौरान आदित्य ठाकरे ने कहा कि हमारा घोषणा पत्र अलग-अलग क्षेत्रों के लिए भी था लेकिन मौजूदा घोषणा पत्र पूरे प्रदेश के लिए हैै। आरे हमारे मेनिफेस्टो में था। हमने मुंबई और थाने के लिए भी मेनिफेस्टो तैयार किया थाा। अभी भी आरे को वन क्षेत्र बनाने पर हम अड़े हैं। मेनिफेस्टो जारी करने के दौरान शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमें क्षेत्रवादी और धर्मनिरपेक्ष कहा जाता था। दशकों पहले हमारे पास भूमि पुत्र का मुद्दा था। अब कांग्रेस और एनसीपी बेकार हो गए हैं, इसलिए वे भूमि पुत्र का मुद्दा उठा रहे हैं।


इसी बैठक में आदित्य ठाकरे ने कहा कि हमारा वचननामा (घोषणा पत्र) काफी रिसर्च के बाद तैयार किया गया है। अगले पांच साल में अलग अलग योजनाओं जैसे कि बिजली बिल घटाने, 10 रुपये में खाना मुहैया कराने पर कितना खर्च आएगा, इस पर भी घोषणा पत्र में जिक्र किया गया है। ठाकरे ने राम मंदिर के मुद्दे पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया। क्योंकि प्रदेश में चुनाव को देखते हुए आचार संहिता लागू है।


'अल्लाह' लिखी मछली के 5 लाख लगाएं

रिपोर्ट- गुलवेज सिद्दीकी 


यूपी के शामली में एक मछली लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है। इस मछली के पेट पर 'अल्‍लाह' लिखा हुआ है और इसी वजह से यह अद्भुत मछली चर्चा का विषय बन गई है।


मछली पर लिखा है 'अल्लाह', देखने को उमड़ी भीड़


शामली। उत्‍तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना में एक मछली लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है और बड़ी संख्‍या में लोग इसे देखने के लिए पहुंच रहे हैं। आलम यह है कि इस मछली के लिए लोग 5 लाख रुपये देने को भी तैयार हैं। दरअसल, इस मछली के पेट पर 'अल्‍लाह' लिखा हुआ है और इसी वजह से यह अद्भुत मछली चर्चा का विषय बन गई है। कैराना में मछली का पालन करने वाले शबाब अहमद इसे अपने एक्वेरियम में पाल रहे हैं। उन्‍होंने बताया कि करीब 8 महीने पहले वह इस मछली को लेकर आए थे। एक्वेरियम में जैसे-जैसे यह मछली बड़ी हो रही है, उसके पेट पर पीले रंग में 'अल्‍लाह' लिखा नजर आने लगा है। शादाब ने बताया कि जब से यह मछली उनके घर में आई है, तब से उनके परिवार में काफी तरक्‍की हुई है।



अनोखी मछली देखने के लिए लोगों की भारी भीड़
शबाब ने बताया कि अब इस मछली की लाखों में बोली लगने लगी है। उन्‍होंने कहा, 'शामली के हाजी राशिद खान ने इस मछली की 5 लाख रुपये कीमत लगाई है। हालांकि मैं अभी और ज्‍यादा कीमत लगाए जाने का इंतजार कर रहा हूं।' शबाब कैराना के मोहल्ला आलकला में रहते हैं और इस अनोखी मछली को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। दूर-दूर से लोग इसे देखने आ रहे हैं।


शबाब अहमद ने इस मछली के साथ एक्‍वेरियम में 10 अन्‍य मछलियों को भी रखा है। इस अनोखी मछली से अन्‍य मछलियां काफी छोटी हैं। उन्‍होंने कहा कि अल्‍लाह लिखी मछली कुदरत का करिश्‍मा है। हम इसे और अच्‍छे रेट मिलने पर ही बेचेंगे।


24 को चित्रकूट उपचुनाव की मतगणना

रायपुर। चित्रकोट विधानसभा उप निर्वाचन के तहत 24 अक्टूबर को मतगणना होगी। सबसे पहले सुबह 8 बजे से डाक मतपत्रों की गिनती होगी। उसके बाद साढ़े आठ बजे से कन्ट्रोल यूनिट मशीन से मतगणना प्रारंभ होगी। मतगणना के लिए महिला कर्मियों को नियुक्त किया गया है। इन कर्मियों को आज जगदलपुर कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में पहले चरण का प्रशिक्षण दिया गया। दूसरे चरण में 23 अक्टूबर को मतगणना स्थल पर रिहर्सल कराया जाएगा।


मतगणना का सम्पूर्ण कार्य महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। आज सम्पन्न प्रशिक्षण में मतगणना कर्मियों को मतगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। मतगणना जगदलपुर के महिला पाॅलीटेक्निक काॅलेज में होगी। मतगणना स्थल पर अधिकृत व्यक्ति के अलावा अन्य कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। मोबाईल फोन भी पूरी तरह प्रतिबंधित होगा। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स श्री जीवन लाल शर्मा ने मतगणना के सभी वैधानिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए 14 टेबल लगाएं जाएंगे। प्रत्येक टेबल में अभ्यर्थियों के अभिकर्ता उपस्थित रह सकते हैं। उन्होंने कन्ट्रोल यूनिट मशीन का डेमो दिखाकर मतगणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मशीन में यह देखना जरूरी है कि उसमें क्लोज बटन दबा हो। यदि किसी कन्ट्रोल यूनिट मशीन में पीठासीन अधिकारी द्वारा क्लोज बटन नहीं दबाया गया है, तो इसकी सूचना तत्काल रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी को दी जाए। प्रशिक्षण में मतगणना कर्मियों कीे विभिन्न शंकाओं का भी समाधान किया गया।


नेपाल सड़क हादसे में 11मौत,108 घायल

काठमांडू। नेपाल में एक यात्री बस शनिवार को अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा राजधानी काठमांडू जाने वाले राजमार्ग पर हुआ। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 108 जख्मी हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, बस में सवार यात्री दशईं त्योहार मनाकर काठमांडू लौट रहे थे।जिला अधिकारी गोमा देवी चेमजोंग ने बताया कि हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 5 लोगों ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। एक घुमावदार मोड़ पर चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया था।


नेपाल में सड़क दुर्घटनाएं आम
नेपाल के राजमार्गों पर दुर्घटना होना आम बात है। राजमार्गों का सही ढंग से रखरखाव नहीं होता। त्योहारों के समय बसों में भीड़ बढ़ने और सड़कें व्यस्त होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। काठमांडू जाने का रास्ता पहाड़ों से होकर गुजरता है। राजमार्ग पर कई घुमावदार मोड़ हैं, इसलिए यह दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील माना जाता है।


करणी सेना ने किया बिग बॉस का विरोध

मुंबई। करणी सेना ने फिल्म 'पद्मावत' और 'मणिकर्णिका' को लेकर खूब बवाल किया था। अब टीवी शो 'बिग बॉस' सीजन 13 का करणी सेना विरोध कर रही है। इसके चलते मुंबई पुलिस ने सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट की सुरक्षा भी बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 20 लोगों को सलमान खान के घर के बाहर प्रोटेस्ट करते हुए गिरफ्तार भी कर लिया गया। अब पुलिस विश्व सनातन संघ के जनरल सेक्रेटरी उपदेश राणा को खोज रही है। पुलिस के मुताबिक उपदेश ही इस प्रोटेस्ट को लीड कर रहा है। बता दें, करणी सेना ने इंफॉर्मेशन एंड ब्रॉडकास्ट मिनिस्टर प्रकाश जावडेकर को अपनी शिकायत लिखित में दी थी। उन्होंने टीवी रिएलिटी शो बिग बॉस 13 के लिए कहा था कि यह शो हिंदू सभ्यता को भंग कर रहा है। रिएलिटी शो पर आरोप लगाया गया है कि यह शो 'लव जेहाद' फैला रहा है। जावडेकर को लिखे पत्र में आरोप लगाया गया है कि ये शो चीप भाषा और वलगैरेटी से भरा हुआ है, जो कि फैमिली शो में फिट नहीं बैठता।


समुंदर किनारे मिली 5 पाकिस्तानी बोट

कच्छ। गुजरात के कच्‍छ में समुद्र किनारे पांच पाकिस्‍तानी बोट को बरामद किया गया है। BSF की पेट्रोलिंग टीम को हरामी नाला बॉर्डर से पांच पाकिस्तानी फिशिंग बोट बरामद करने में सफलता मिली है।बीएसएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाए जा रहे हैं।


 


कांग्रेस से आप ,आप से कांग्रेस

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की पूर्व विधायक अलका लांबा कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। उन्होंने दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको की मौजूदगी में ये सदस्यता ग्रहण की। वे पहले शुक्रवार को ही ये सदस्यता ग्रहण करने वाली थीं लेकिन कुछ कारणों से ये नहीं हो सका। बता दें कि लांबा ने एक माह पहले ही आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया है।


अलका लांबा पहले शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल होने वाली थीं लेकिन कुछ कारणों से वे कांग्रेस में शामिल नहीं हो सकीं. अलका लांबा दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुईं। अलका लांबा ने कांग्रेस पार्टी के अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस की सदस्या ग्रहण की। अलका लांबा ने इस संबंध में एक ट्वीट भी किया है. अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस सदस्य बनने पर गर्व महसूस कर रही हूं।


चांदनी चौक की पूर्व विधायक और आम आदमी पार्टी(AAP) की पूर्व नेता अलका लांबा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है. अलका लांबा ने एक महीने पहले ही AAP से इस्तीफा दे दिया था। अलका ने ट्वीट कर बताया, 'आज कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पहुंच कर दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी श्री पी सी चाको जी, जिला चांदनी चौक अध्यक्ष उस्मान जी, जिला आदर्श नगर अध्यक्ष जिंदल जी व अन्य नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कॉंग्रेस सदस्य बनने पर गर्व मेहसूस कर रही हूं।'



 


विजय हजारे ट्रॉफी में संजू का दोहरा शतक

नई दिल्ली। विजय हजारे ट्रॉफी में संजू सैमसन ने दोहरा शतक जड़कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। केरल और गोवा के बीच खेले जा रहे मैच में संजू ने केरल की ओर से यह पारी खेली। उन्होंने नाबाद 212 रन बनाए, जो विजय हजारे ट्रॉफी के हिस्ट्री का अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर हैं उन्होंने केवी कुशाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। उन्होंने 202 रन बनाए थे, जो इस टूर्नामेंट का अभी तक का सबसे अधिक स्कोर था।


पहली ग्रेजुएट ऑनर्स भारतीय महिला

गूगल ने आज कामिनी राय के 155वें जन्म दिन पर उनका डूडल बनाकर उन्हें याद किया है। इस डूडल से साफ जाहिर हो रहा है कि कामिनी राय ने वैसा काम किया था जिसका हजारों महिलाओं पर असर पड़ा था।


आखिर कौन थीं कामिनी राय और क्या काम किया था उन्होंने, जानते हैं आप?


12 अक्टूबर, 1864 को तत्कालीन बंगाल के बेकरगंज जिले में जन्मी कामिनी राय एक कवियत्री थीं और समाजसेविका थीं। लेकिन ख़ास बात यह है कि ब्रिटिश काल के भारत में वह ग्रेजुएट ऑनर्स की डिग्री हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला थीं। ये हिस्सा अब बांग्लादेश में पड़ता है।


कामिनी राय ने संस्कृत में ऑनर्स के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल किया था। कोलकाता यूनिवर्सिटी के बेथुन कॉलजे से 1886 में ग्रेजुएट होने के बाद उन्हें वहीं पढ़ाने की नौकरी मिल गई थी। लेकिन महिलाओं के अधिकार से लिखी उनकी कविताओं ने उनकी पहचान का दायरा बढ़ाया।


कामिनी राय अमूमन कहा करती थीं, महिलाओं को क्यों अपने घरों में कैद रहना चाहिए।


उन्होंने बंगाली महिलाओं को बंगाली लेगिसलेटिव काउंसिल में पहली बार 1926 में वोट दिलाने की लड़ाई में भी हिस्सा लिया था। राजनीतिक तौर पर वे बेहद सक्रिय थीं। जीवन के अंतिम सालों में कामिनी राय तब के बिहार के हजारीबाग में जिले में रहने आ गई थीं, जहां 1933 में उनका निधन हुआ था।


जिले में औषधियों का क्रय-विक्रय बंद

कोण्डागांव जिले के किसी भी हाट बाजार में औषधियों का क्रय-विक्रय नहीं किया जा सकेगा


कोण्डागांव। कोण्डागांव जिला यू तो अनमोल, प्राकृतिक जड़ी-बुटियों की सम्पदा से परिपूर्ण जिला है। इन्हीं जड़ी-बुटियों की धरोहर को सहेजने एवं उन्हें विलुप्त होने से बचाने लिए जिला प्रशासन द्वारा पहली बार बड़ा कदम उठाया गया है। चूंकि जिले की विलुप्त हो रही जड़ी-बुटियों जैसे भुई भेलवा, जड़ी, चिनहुर जड़ी, अन्नंत मूल, सर्पगंधा, मैदाछाल, सतावरी, पैंग, ज्यौतिषमति फल, कोरियाछाल, रसना, जैसी विभिन्न प्रकार की औषधि पौधो को कथित बिचौलियों एवं व्यापारियों द्वारा खनन करके अथवा मंगाकर खरीदा जा रहा है, फलस्वरुप इन पौधो के अंधाधुंध दोहन से इनका अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।


इसे देखते हुए जिला कलेक्टर नीलकंठ टीकाम द्वारा प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिया गया है। इसके अनुसार दिनांक 10 अक्टूबर 2019 से कोण्डागांव जिले के किसी भी हाट बाजार में उपरोक्त औषधियों का क्रय-विक्रय नहीं किया जा सकेगा। परन्तु जिले के परम्परागत एवं मान्यता प्राप्त प्रशिक्षित वैद्यो द्वारा आमजनो के उपचार करने हेतु वन अधिकार समिति से अनुमति प्राप्त कर भुई भेलवा, जड़ी, चिनहुर जड़ी, अन्नंत मूल, सर्पगंधा, मैदाछाल, सतावरी, पैंग, ज्यौतिषमति फल, कोरियाछाल, रसना का उपयोग किया जा सकेगा। इसके लिए संपूर्ण कोण्डागांव जिले में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 (2) एक पक्षीय प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिया गया है।


जीएसटी कलेक्शन दर में भारी कमी

नई दिल्ली। दो साल पहले जुलाई 2017 को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को लॉन्च किया गया था। ऐसे में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने इसकी सबसे बड़ी समीक्षा शुरू कर दी है। समीक्षा के तहत सरकार फिर से जीएसटी की स्लैब और दरें तय कर सकती है। जीएसटी कलेक्शन बढ़ाने के लिए और लीकेज को रोकने के लिए सरकार ने इसकी समीक्षा शुरू की है। इसके लिए एक बड़ी टीम भी बनायी है।


12 अधिकारियों की कमेटी करेगी समीक्षा का काम : जीएसटी की समीक्षा का काम केंद्र और राज्य सरकारों के 12 अधिकारियों की एक कमेटी को सौंपा गया है। शुक्रवार को राज्य के सचिवों पर जीएसटी को लेकर बातचीत प्रस्तावित है। ऐसी संभावना है कि मीटिंग के दौरान राज्यों से जीएसटी कलेक्शन बढ़ाने के लिए कहा जा सकता है


सरकार कर सकती है कई बदलाव
समीक्षा के लिए जिस पैनल का गठन किया गया है, उसका काम जीएसटी कलेक्शन बढ़ाने और इसमें धोखाधड़ी को रोकने का भी होगा।


सूत्रों के अनुसार, सरकार ऐसे नियम बना सकती है जिससे लोग खुद ही जीएसटी के दायरे में जुड़ना चाहें। इसके अतिरिक्त जीएसटी रिव्यू कमेटी सरकार को कुछ उत्पादों को जीएसटी स्लैब में लाने पर विचार करने को कह सकती है। जब जीएसटी को लागू किया गया था। तो सरकार 12% और 18% वाले स्लैब को मिला कर, एक नया स्लैब बनाने और सबसे अधिक जीएसटी वाले स्लैब में शामिल किये गये वस्तुओं की संख्या में कमी करने की सोच रही थी।


जीएसटी कलेक्शन में आयी है कमी
पिछले कुछ महीनों से जीएसटी कलेक्शन में कमी आयी है। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही में जीएसटी कलेक्शन की ग्रोथ रेट 5% से कम रही है। जबकि इसका लक्ष्य 13 फीसदी से ज्यादा का था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कमी ऑटो सेक्टर में आयी सुस्ती, बाढ़ और स्लोडाउन के चलते हुई हैै। सालाना 14 फीसदी से कम इजाफे की स्थिति में केंद्र सरकार ने राज्यों को भरपाई की बात कही है। मामले में विपक्षी सरकारों ने कहा है कि जीएसटी व्यवस्था में खामियों की वजह से कलेक्शन में कमी आयी है।


जीएसटी की खामियां दूर होंगी : वित्त मंत्री
पुणे : जीएसटी को लेकर के वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि तमाम परेशानियों के बाद भी यह देश का कानून है, जिसका पालन सभी को करना है।


वित्त मंत्री ने कहा कि इसमें खामियां हो सकती हैं, जिनसे लोगों को परेशानी हो रही है और इसको दूर किया जायेगा। ससंद और राज्यों की विधानसभा में पास होकर अब यह देश का एक कानून बन चुका है। वित्त मंत्री ने पुणे में कारोबारियों, सीए और अन्य से बात करते हुए कहा कि मैं खुद पहले दिन से चाहती थी कि यह लोगों के अपेक्षाओं पर पूरी तरह से खरा उतरे।


'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन

'मतदाता जागरूकता' अभियान रैली का आयोजन   मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने निकाला रैली कौशाम्बी। एन डी कान...